बुधवार, 8 जनवरी 2025

गिरिडीह जिले के तीन युवाओं का हुआ राष्ट्रीय युवा महोत्सव हेतु चयन

गिरिडीह (Giridih)। गिरिडीह जिले के तीन युवाओं का चयन आगामी 12 जनवरी 2025 को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय युवा महोत्सव कार्यक्रम के लिये हुआ है। इन युवाओं में जिले के राजधनवार प्रखंड के रौनक कुमार मिश्रा व मोहम्मद जुबेर अहमद तथा गिरिडीह सदर प्रखंड के प्रिंस कुमार पांडेय  शामिल है। तीनों युवाओं की इस सफलता के लिये नेहरू युवा केन्द्र के जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा एवं जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बारला ने शुभकामनाएं देते हुए  उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


बता दें कि रौनक कुमार मिश्रा ने जिला खेल कार्यालय एवं नेहरू युवा केंद्र, गिरिडीह के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव के अंतर्गत भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इसके उपरांत उन्होंने प्रमंडलीय और राज्य स्तर पर भी अपनी काबिलियत का प्रदर्शन कर विजेता के रूप में द्वितीय स्थान हासिल किया। अब वे झारखंड से चयनित 60 युवाओं की दल के साथ राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2025 में भाग लेने जा रहे हैं, जो 12 जनवरी 2025 को दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होगा।


मोहम्मद जुबेर अहमद और प्रिंस कुमार पांडे ने भी अपनी प्रतिभा से जिले का नाम रोशन किया है। दोनों ने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग ऑनलाइन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनकी इस सफलता ने उन्हें झारखंड टीम के साथ राष्ट्रीय युवा महोत्सव में शामिल होने का अवसर प्रदान किया है।इन तीनों युवाओं की राष्ट्रीय स्तर पर भागीदारी ने जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा का कार्य किया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें