शुक्रवार, 24 अप्रैल 2020

गुरु कृपा सेवा समिति ने सोनबाद में 110 गरीब परिवारों के बीच किया अनाज वितरण

गुरु कृपा सेवा समिति ने सोनबाद में 110 गरीब परिवारों के बीच किया अनाज वितरण
माले नेता ने की थी पहल, सहयोग के लिए दिया धन्यवाद

'गिरिडीह : गुरु कृपा सेवा समिति गिरिडीह के सौजन्य से समिति के अध्यक्ष कुशल सलूजा, सचिव प्रिंस सलूजा की अगुवाई तथा माले नेता सह पूर्व जिप सदस्य राजेश कु0 यादव एवं राजेश सिन्हा की मौजूदगी में आज सोनबाद तुरी टोला में 110 गरीब जरूरतमंद परिवारों के बीच आटा के पैकेटों का वितरण किया गया।

इस बाबत माले नेता श्री यादव ने बताया कि सोनबाद जैसे गांव में बहुत से गरीब तबके के लोग हैं जो रोज कमाने-खाने वाले हैं। लेकिन लॉकडाउन में उनका काम बंद हो जाने से उनकी स्थिति विकट हो गई है। इसलिए उन्होंने 'गुरु कृपा सेवा समिति' से सहयोग हेतु आग्रह किया था जिसे उन्होंने स्वीकार करते हुए उपरोक्त खाद्य सामग्री के रूप में आटे के पैकेटों को सोनबाद पहुंचाने का काम किया। समिति के अन्य साथियों के सौजन्य से आज 110 गरीब परिवारों को चिन्हित कर उनके बीच आटे के पैकेटों का वितरण कर दिया गया।

इस अवसर पर गुरु कृपा सेवा समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि वे सामाजिक सेवा की भावना से इस तरह के कार्यों में हमेशा बढ़-चढ़कर भाग लेते रहे हैं। सोनबाद के इन गरीब तबके के लोगों को वास्तव में सहयोग की जरूरत थी, इसलिए उन्होंने इंसानी फर्ज निभाने का काम किया है। वहीं, सहयोग देने के लिए  माले नेता राजेश कु0 यादव एवं राजेश सिन्हा ने समिति के सभी पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं का विशेष रूप से धन्यवाद  किया।

मौके पर अन्य लोगों के अलावा 'गुरु कृपा सेवा समिति' के गुरजीत सिंह मारवा, रॉबी सिंह चावला, ऋषि चावला, सन्नी शर्मा तथा स्थानीय दिनेश राय, अशोक कु0 तुरी, महेश कुमार, दुखी तुरी, बबलू तुरी समेत अन्य मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें