शनिवार, 30 अगस्त 2025

निजी आवासीय स्कूल से लापता पांच बच्चे सकुशल बरामद, स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

गिरिडीह(Giridih)।  जिले के तिसरी थाना क्षेत्र अंतर्गत पंदना टांड़ में संचालित एक निजी स्कूल (स्वामी विवेकानंद रेजिडेंशियल स्कूल) के हॉस्टल में रहने वाले पांच छात्र कक्षा 6 का शिव शक्ति कुमार, कक्षा 3 का दीपक कुमार, कक्षा 9 के हरेंद्र कुमार और चंदन कुमार, तथा कक्षा 8 का सूरज कुमार शुक्रवार देर रात अचानक लापता हो गए। बच्चों के अचानक गायब हो जाने से स्कूल में हड़कंप मच गया।



घटना की जानकारी मिलते ही बच्चों के अभिभावक और ग्रामीण तुरंत उन बच्चों की खोजबीन शुरू की। शनिवार सुबह करीब 9 बजे तिसरी के लोकाय क्षेत्र से ग्रामीणों ने उन सभी बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया। वे सभी बच्चे लोकाय क्षेत्र में झाड़ियों में छिपे थे। सभी बच्चों के सकुशल बरामद होने के बाद उनके अभिभावक उन्हें सुरक्षित अपने घर ले गये।



स्कूल होस्टल से बच्चों के अचानक गायब हो जाने और उनके लोकाय के झाड़ियों से बरामद होने से स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और रेजिडेंशियल विद्यालयों की निगरानी प्रणाली पर भी सवालिया निशान लगा दिया हैं। वहीं स्कूल प्रबंधन पर कई सवाल उठने लगे हैं। स्कूल प्रबंधन के अनुसार शुक्रवार रात करीब 10 बजे बच्चों की गिनती पूरी थी, पर रात 12 बजे के बाद पांच बच्चे हॉस्टल से निकलकर विद्यालय की बाउंड्री कूदकर भाग निकले। प्रिंसिपल जितेंद्र कुमार राणा ने आशंका जतायी कि बच्चे गणेश पूजा के अवसर पर लगे मेले में शामिल होने के उद्देश्य से भागे होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालय के मुख्य गेट पर बाहर से ताला लगाया गया था और भागने से पहले बच्चों ने परिसर में अंधेरा करने के लिए बल्ब भी निकाल दिए थे।


बहरहाल यह मामला शिक्षा विभाग के लिये भी कई सवाल खड़े कर दिया है। आखिर ऐसे संस्थान को आवासीय संचालन की अनुमति किन नियमों के तहत दी जाती है। जब कि सुरक्षा मामले में इतनी बड़ी चूक हो जाए?



आज 30 अगस्त ...क्या कहते हैं आपके सितारे...कैसा रहेगा आपका दिन...! जानिए अपना राशिफल

आज का राशिफल :: 30: 08 :: 2025, शनिवार

30 अगस्त 2025 : आज भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि और शनिवार दिन है। सप्तमी तिथि आज रात्रि 10:46 बजे तक रहेगी। इसके बाद अष्टमी तिथि प्रारंभ हो जाएगी। आज का दिन पंचांग के अनुसार विशेष रूप से शुभ माना जा रहा है, क्योंकि कई शुभ योगों का संयोग बन रहा है। ऐसे में यदि आप किसी कार्य की शुरुआत, खरीदारी या यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो समय और ग्रहों की स्थिति जानना लाभकारी रहेगा।आज का दिन आनंदादि योगों में शुभ और अमृत योग से युक्त है, जो दोपहर तक प्रभावशाली रहेंगे। इसके अलावा इन्द्र योग, जो विजय और सफलता दिलाने वाला माना जाता है, वह भी दोपहर 3:09 PM तक प्रभावी रहेगा। ऐसे में सुबह से लेकर शाम तक कई कार्यों के लिए यह दिन उपयुक्त रहेगा। आज चंद्रमा सुबह तुला राशि से निकलकर वृश्चिक राशि में प्रवेश करेगा। सूर्य पहले से ही सिंह राशि में स्थित है। ऐसे में सिंह और वृश्चिक राशि के जातकों को विशेष सावधानी से कार्य करने की सलाह दी जाती है। वहीं, तुला और मकर राशि वालों के लिए यह दिन उन्नति और सौभाग्य दिलाने वाला हो सकता है।

आज शनिवार दिन है। आज का दिन धार्मिक दृष्टि से बेहद खास है। इस दिन संतान सप्तमी, ललिता सप्तमी है। संतान प्राप्ति के लिए इस दिन शिव पार्वती की पूजा का विधान है। वहीं नवविवाहित जोड़ों के लिए ललिता सप्तमी का व्रत करना बेहद फलदायी माना जाता है। मान्यता है जो दंपत्ति इस दिन श्रद्धापूर्वक देवी ललिता की पूजा करते हैं, उनका वैवाहिक जीवन सुख, समृद्धि और प्रेम से परिपूर्ण होता है। आज वार के हिसाब से आप शनिवार का व्रत रख सकते हैं, जो शनि देव को समर्पित होता है। शनिवार के दिन भगवान शनि और हनुमान की पूजा करने से जीवन में शनि के अशुभ प्रभावों से मुक्ति मिलती है और सुख-शांति की प्राप्ति होती है। इस दिन भगवान शनि को तेल, काले तिल और काले वस्त्र अर्पित करना शुभ माना जाता है। शनिवार के उपायों में हनुमान चालीसा का पाठ करना, शनि मंत्रों का जाप करना और भगवान शनि की आराधना करना शामिल है। इन उपायों को करने से शनि ग्रह की स्थिति में सुधार होता है और जीवन में सकारात्मक परिणाम प्राप्त होते हैं। शनिवार के दिन विशेष रूप से काले वस्त्र, उड़द की दाल और तेल का दान करना लाभदायक होता है।

भाद्रपद शुक्ल सप्तमी होने के कारण दुर्गा सप्तमी व्रत, नवरात्रि संबंधित विशेष पूजन, और गणेशोत्सव की सप्तमी पूजा विशेष रूप से आज की जाती है। कुछ क्षेत्रों में गणपति विसर्जन का तीसरा दिन भी मनाया जाएगा, जिसके लिए पंचांग में शुभ मुहूर्त पहले ही निर्धारित किए गए हैं।

ललिता सप्तमी - ललिता सप्तमी भाद्रपद महीने के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि को मनाया जाने वाला एक विशेष दिन है, जो भगवान कृष्ण और राधा रानी की अष्टसखियों में से एक ललिता देवी को समर्पित है। ललिता जी राधा रानी की सबसे करीबी और वफादार सखी मानी जाती हैं और उनका प्रेम एवं समर्पण भगवान कृष्ण और राधा के प्रति अत्यधिक जुनून और गरिमा से भरा हुआ था। ललिता देवी का जन्म करेहला गांव में हुआ था और उनके चरण कमलों के निशान उक्कागांव में अभी भी देखे जा सकते हैं। वह हल्के पीले रंग की और मोर जैसे वस्त्र पहनने वाली मानी जाती हैं। ललिता देवी की भक्ति और सेवा भावना को विशेष रूप से मनाया जाता है और उनकी पूजा की जाती है।



आज का पंचांग: 30अगस्त 2025, दिन: शनिवार      युगाब्द      : 5127     विक्रम संवत : 2082          शक संवत : 1947      ऋतु :  वर्षा      मास        :  भाद्रपद     पक्ष  :  शुक्ल पक्ष           सूर्योदय : 05: 58 AM, सूर्यास्त : 06: 45 PM      तिथि : सप्तमी 10:46 PM तक उपरांत अष्टमी          नक्षत्र :विशाखा 02:37 PM तक उपरांत अनुराधा        राहुकाल :09:10 AM से 10: 46 AM तक              चन्द्रमा : तुला राशि पर 07:53 AM तक उपरांत वृश्चिक राशि पर संचार करेगा                                     व्रत/त्यौहार : शनिवार व्रत, ललिता सप्तमी, संतान सप्तमी



आज :: 30 :: 08 :: 2025 का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ): दिन पराक्रम में वृद्धि का दिन रहेगा। नवविवाहित लोग रोमांटिक समय बिताने वाले हैं। अविवाहित लोग विवाह के लिए ऑनलाइन माध्यम अपना सकते हैं। प्रेम संबंधों को लेकर सोच-समझकर फ़ैसला लें। घरेलू मामलों में अचानक बढ़ी ज़िम्मेदारियों का बोझ उठाने में कोई आपकी मदद कर सकता है। आर्थिक रूप से आप बेहतर होते जा रहे हैं। मीडिया, कला, कंप्यूटर से जुड़े व्यवसाय में लाभदायक स्थितियाँ बन रही हैं। आपकी कोई महत्वपूर्ण बात किसी कर्मचारी द्वारा लीक हो सकती है। जो काम आपको अब तक आसान लग रहा था, उसमें कुछ रुकावट आ सकती है।


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो): आज यश और प्रतिष्ठा में वृद्धि होने की संभावना है। आपको अपनी क्षमताओं को प्रदर्शित करने के अवसर मिलेंगे। आप किसी शुभ कार्य में उपस्थित हो सकते हैं। आज आपको लगेगा कि आपका साथी आपको समझ नहीं पा रहा है। प्रेम संबंधों में समय बर्बाद करने के बजाय, अपने परिवार और व्यवसाय पर ध्यान दें। आज आपका शुभ अंक 6 है। दिन के अंत में आपको कुछ अतिरिक्त आय की उम्मीद करनी चाहिए। आप अचल संपत्ति खरीदने की योजना बना सकते हैं।


मिथुन👫(का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा): आज आपको अपने लिए समय निकालना होगा। वर्तमान परिस्थितियों में आपको कुशल नेतृत्व और सटीक कदमों की आवश्यकता है। आपका रोमांटिक अंदाज़ आपके वैवाहिक जीवन को प्रेम से भर देगा। आपके प्रेम साथी के साथ रिश्ते और भी मधुर हो सकते हैं। आज आपका शुभ अंक 3 है। आज धन का व्यय सोच-समझकर करें। व्यापार में लाभ के कई नए अवसर मिलेंगे। संपत्ति या पिछले निवेशों से अच्छा लाभ मिलने की उम्मीद है, विश्वास बनाए रखें। आप किसी काम को नए तरीके से करने की कोशिश कर सकते हैं।



कर्क🦀(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो): आज कोई भी काम भाग्य पर न छोड़ें। ज़रूरत से ज़्यादा संवेदनशील होना आपको परेशान कर सकता है। किसी बात को लेकर आप दुखी हो सकते हैं। आपका प्यार भरा व्यवहार आपके साथी का दिल जीतने के लिए काफ़ी है। प्रेम जीवन में मधुरता बनी रहेगी। आज आपका शुभ अंक 5 है। आज आपके सितारे बुलंद हैं, धन लाभ के संकेत हैं। आपको अपनी माता से धन और सहयोग मिल सकता है। व्यापार में लाभ होगा, लेकिन आपको सतर्क रहने की आवश्यकता है। युवा अपने करियर को लेकर सतर्क रहेंगे। नौकरीपेशा लोगों को किसी प्रोजेक्ट में टीम से विश्वासघात का डर है।


सिंह🦁(मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे): आज का दिन आपके लिए शुभ समाचार लेकर आएगा। अगर आप स्थान परिवर्तन की योजना बना रहे हैं, तो उससे संबंधित कार्य शुरू करने के लिए आज का दिन सबसे अच्छा है। प्रेम जीवन की बात करें तो सब ठीक है। अगर आप अविवाहित हैं, तो लोगों से मिलकर अच्छा समय बिता सकते हैं। आज आपका शुभ अंक 9 है। आज आपको किसी अनुभवी व्यक्ति की मदद से धन लाभ हो सकता है। किसी नई संपत्ति की जानकारी गुप्त रखनी होगी, अन्यथा वह किसी और के हाथ लग सकती है। व्यापार से जुड़ी चल रही समस्याएँ और परेशानियाँ कुछ कम होंगी। नौकरी के सभी मामलों में आपको शांत मन से सोचना चाहिए।


कन्या👩(टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो): सबके साथ अच्छा व्यवहार करना होगा। आपके निजी काम काफी हद तक पूरे होंगे। आप दोस्तों के साथ बाहर जाकर कुछ खुशी के पल बिता सकते हैं। आज आप अपने घरेलू जीवन में पूरे दिन रोमांटिक मूड में रह सकते हैं। प्रेमियों को मिलने का मौका मिलेगा। आज आपका शुभ अंक 3 है। पारिवारिक मामलों में आपको अपनी पकड़ बनाए रखनी होगी। आज बुद्धि और उत्साह का मेल आपको आगे ले जाएगा। अगर आप साझेदारी में काम कर रहे हैं, तो लेन-देन में उदारता बरतें। खुदरा व्यापारियों को उधार देने से बचना चाहिए। आपके कुछ सहकर्मी ईर्ष्या के लक्षण दिखा सकते हैं।



तुला⚖️(रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते): आज आप कई तरह की गतिविधियों में व्यस्त रहेंगे। आज आप घर के लिए कुछ नया भी खरीद सकते हैं। समाज और करीबी रिश्तेदारों में आपकी उपलब्धियों की सराहना होगी। महिलाओं को अपनी भावनाओं पर नियंत्रण रखना चाहिए, वरना लोग फायदा उठा सकते हैं। प्रेमियों के लिए आज का दिन रोमांस के लिए आदर्श है। आज आपका शुभ अंक 9 है। आज कोई आपका उधार दिया हुआ पैसा ब्याज सहित वापस कर सकता है। किसी नए व्यवसाय में पैसा लगाने के योग हैं। बॉस द्वारा दी गई ज़िम्मेदारियों के प्रति अतिरिक्त गंभीरता दिखाएँ। आज आपको ऑफिस में सामान्य दिनों की तुलना में ज़्यादा समय बिताना पड़ सकता है।


वृश्चिक🦂(तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू): आज आपके जीवन में नए बदलाव आएंगे। किसी और के मामले में उसके पक्ष में फ़ैसले लेने से बचें। किसी भी समस्या को लेकर परेशान होने की बजाय अपनों से सलाह लें। प्रेम-प्रसंग के मामलों में गुस्सा करना आपके लिए अच्छी बात नहीं है। दांपत्य जीवन के लिए आज का दिन अच्छा रहेगा और आपके जीवनसाथी को कोई लाभ मिलेगा। आज आपका शुभ अंक 7 है। आज आपको पैसों के मामले में अच्छी खबर मिल सकती है। अगर आप अपना खुद का व्यवसाय करते हैं, तो आपको मार्केटिंग पर ज़्यादा ध्यान देने की ज़रूरत है। आपको अपने काम का मनचाहा लाभ मिलेगा। नौकरी के क्षेत्र में आपको तरक्की के उचित अवसर मिल सकते हैं।


धनु🏹(ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा,भे): आज सुबह लक्ष्मी जी की आरती करें, आपकी सभी समस्याओं का समाधान होगा। प्रोफ़ेसरों के लिए दिन बेहतरीन रहने वाला है। कुछ लोगों को पुरानी बातें भूलकर आगे बढ़ने की सलाह दी जाती है। आप अपने पूर्व प्रेमी से मिल सकते हैं। जीवनसाथी के साथ प्यार भरी बातें होंगी। आज आपका शुभ अंक 2 है। आमदनी में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। आप कोई इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीद सकते हैं। कार्यक्षेत्र में आपने जो भी हासिल किया है, उससे आप संतुष्ट रहेंगे। मीडिया, कला, कंप्यूटर से जुड़े व्यवसाय में लाभदायक स्थितियाँ बन रही हैं।



मकर🐊(भो,जा,जी,खी,खू,खा, खो,गा,गी): आज का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। घर पर शांति से समय बिताने के लिए छोटे बच्चों को समय दें। आप अपना समय किसी पुराने शौक को समर्पित कर सकते हैं। घर में चल रही विवाह संबंधी समस्या जल्द ही सुलझ जाएगी। आपका जीवनसाथी आज आपको पूरा स्पेस देगा। अगर आप किसी से प्रेम करते हैं, तो आज आपको अपने दिल की बात कहने का अच्छा मौका मिलेगा। आज आपका शुभ रंग सफ़ेद है। आज आपका शुभ अंक 1 है। आज आर्थिक स्थिति में कुछ बड़े बदलाव होने की संभावना है। व्यापार में अनुभव महत्वपूर्ण है, गलतियाँ दोहराने से बचें। किसी खास मामले को लेकर आपकी सोच बदल सकती है। सोशल मीडिया से जुड़े लोगों के फॉलोअर्स में अच्छी बढ़ोतरी हो सकती है। कला जगत से जुड़े लोगों के लिए दिन अच्छा है, कहीं से बड़े ऑफर मिल सकते हैं।


कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा): आज का दिन आपके लिए निश्चित रूप से फलदायी रहेगा। किसी काम में सफलता मिलने पर अहंकार और घमंड आप पर हावी हो सकता है, सावधान रहें। आज आपका जीवनसाथी आपको डिनर पर ले जा सकता है। प्रेम जीवन बिता रहे लोग अपने प्रिय के व्यवहार से थोड़े निराश रहेंगे। आज आपका शुभ अंक 4 है। आर्थिक रूप से आज आप कुछ उतार-चढ़ाव से गुज़रेंगे, लेकिन जल्द ही ढेर सारा पैसा कमाने का मौका मिलने वाला है। महिलाएं आज अपने व्यवसाय में विशेष रूप से सफल रहेंगी। नौकरीपेशा लोगों के अधिकारों में वृद्धि होगी और कामकाज को लेकर ज़िम्मेदारी भी बढ़ेगी।


मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची): आज का दिन आपके लिए बहुत अच्छा रहने वाला है। घर से जुड़ी किसी अच्छी खबर के लिए तैयार रहें। पति-पत्नी दोनों परिवार की देखभाल से जुड़ी योजनाओं पर चर्चा करेंगे। प्रेम जीवन जीने वालों को अच्छे परिणाम मिलेंगे और उनके रिश्ते में प्रेम बढ़ेगा। आज आपका शुभ अंक 7 है। व्यापार की बात करें तो व्यापारियों को नेटवर्क बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए। धन कमाने के नए विचार आएंगे, जिन पर आप विचार भी करेंगे। घरेलू खरीदारी में सुविधा से ज़्यादा खर्च न करें। सरकारी विभागों में कार्यरत लोगों को गुप्त कार्यों में गंभीरता बरतनी होगी।



कृपया ध्यान दें👉

      यद्यपि शुद्ध राशिफल प्रसारण की पूरी कोशिश की गई है। प्रसारित राशिफलों में कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।


        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷


शुक्रवार, 29 अगस्त 2025

बिहार की तर्ज पर झारखंड में भी सवर्ण आयोग के गठन की मांग को लेकर सवर्ण महासंघ ने सौंपा राज्यपाल को ज्ञापन

रांची (Jharkhand)। सवर्ण महासंघ फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष धनुर्धर त्रिपाठी के नेतृत्व में महासंघ का एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को राज भवन पहुंच राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की। इस दौरान महासंघ के सदस्यों ने बिहार की तर्ज पर झारखंड में भी सवर्ण आयोग का गठन करने की मांग की। मौके पर राज्यपाल ने सवर्ण महासंघ फाउंडेशन के प्रतिनिधि मंडल को सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया। 


 त्रिपाठी ने कहा कि आज सवर्ण समाज राजनैतिक एवं संस्थागत रूप से अपनी सुरक्षा और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने बताया कि राजनीतिक और सामाजिक रूप से देश में यहां की जनसंख्या को पांच वर्गों में बांटा गया है, जिसमें एससी, एसटी, ओबीसी, माइनॉरिटी एवं सवर्ण हैं। सवर्ण समाज को छोड़कर अन्य चार वर्गों को प्रत्यक्ष राजनैतिक पार्टीगत हिस्सेदारी मंच मोर्चा और संस्थागत रूप से आयोग का सुरक्षा कवच उनके हितों की रक्षा के लिए प्राप्त है। 


ऐसे में सवर्ण समाज का उत्थान और सांस्कृतिक पहचान इस देश में अक्षुण्ण रहे, इसके लिए जरूरी है कि अन्य वर्गों की तरह ही सवर्ण समाज को भी हर पार्टियों में मंच मोर्चा के रूप में प्रत्यक्ष भागीदारी सुनिश्चित हो और साथ ही संवैधानिक रूप से सवर्ण आयोग का सुरक्षा कवच भी प्राप्त हो। त्रिपाठी ने कहा कि एक लोकतांत्रिक देश में साजिशन सवर्ण समाज को सारी व्यवस्थाओं से अलग-थलग करने के लिए ये कुचक्र रचा गया जिससे उसे देश के अंदर ही दोयम दर्जे के नागरिक की हैसियत वाली स्थिति में धकेल दिया गया है।

कबीर ज्ञान मंदिर ट्रस्ट द्वारा मां ज्ञान कौशलम की बहनों के बीच किया गया नए वस्त्रों का वितरण

गिरिडीह (Giridih)। श्री कबीर ज्ञान मंदिर ट्रस्ट द्वारा सदगुरु मां के जन्मोत्सव के अवसर पर शुक्रवार को "मां ज्ञान कौशलम" की बहनों के बीच दो–दो सेट नए वस्त्रों का वितरण किया गया। सभी बहने वस्त्र पाकर काफी प्रसन्न हुई।


बता दें कि श्री कबीर ज्ञान मंदिर ट्रस्ट द्वारा "मां ज्ञान कौशलम" का संचालन किया जा रहा है जिसमें हजारों बहनों द्वारा निशुल्क ब्यूटीशियन, कंप्यूटर कोर्स, सिलाई कोर्स, इंग्लिश स्पीकिंग कोर्स का प्रशिक्षण प्राप्त किया जा रहा है। मौके पर मां ज्ञान ने कहा कि* "मां ज्ञान कौशलम" के संचालन से बहनों को प्रशिक्षण प्रदान कराया जा रहा है, जिससे बहनें स्वावलंबी होकर आत्मनिर्भर होंगी। ट्रस्ट परिवार "खुशियां बांटो" के संकल्प के तहत अलग-अलग सेवा प्रकल्प में संलग्न है। मानवता की सेवा ही ईश्वर की सच्ची सेवा है।


इस वस्त्र वितरण कार्यक्रम में साध्वी गीता भारती, साध्वी योग भारती, नर्मदा बहन, कैलाश बहन, मीनू बहन, सोनी बहन, साल्वी बहन, संगीता बहन, श्रीराम विश्वकर्मा, बाबूलाल मौर्य, दीपक भाई, चंद्रभूषण भाई एवं ट्रस्ट के अन्य कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा। 



बगोदर पुलिस ने अवैध मिनी शराब फैक्ट्री का किया उद्भेदन, संचालक समेत तीन शराब तस्कर गिरफ्तार

भारी मात्रा में शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री, खाली बोतलें, रेपर, ढक्कन, स्प्रीट समेत एक कार जप्त


गिरिडीह(Giridih)। गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के अटका कुबरीटांड गांव में अवैध अंग्रेजी शराब बनाने वाली एक मिनी फैक्ट्री का पुलिस ने उद्भेदन किया है। इस दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री, खाली बोतलें, रेपर, ढक्कन, स्प्रीट समेत अन्य सामान जब्त किया है। वहीं मौके से फैक्ट्री के संचालक समेत तीन शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। उक्त जानकारी एसडीपीओ बगोदर सरिया धनंजय राम ने दी।


उन्होंने बताया कि कुबरीटांड गांव में अंग्रेजी शराब की मिनी फैक्ट्री संचालन की गुप्त सूचना मिली थी। उक्त सूचना के आलोक में गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार ने विशेष छापामारी दल का गठन किया था। गठित छापेमारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त मिनी फैक्ट्री में छापेमारी की।


छापामारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री, 150 लीटर स्प्रीट, 1000 शराब की खाली बोतलें, बोतलों के लिये लोगो वाला ढक्कन, अलग अलग ब्रांड के अंग्रेजी शराब का लोगो वाला रैपर समेत अन्य सामान जब्त किया। साथ ही पुलिस ने मौके से अवैध शराब की बिक्री में प्रयुक्त एक कार MH 04 ET 7881 को भी पुलिस ने सीज कर लिया।


एसडीपीओ ने बताया कि इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं इस तरह की अवैध गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी।



राष्ट्रीय खेल दिवस के पर क्रीड़ा भारती द्वारा मिनी मैराथन का हुआ आयोजन

गिरिडीह (Giridih)। राष्ट्रीय खेल दिवस पर क्रीड़ा भारती द्वारा हर वर्ष खेल महोत्सव का आयोजन किया जाता है, इसी कड़ी में इस वर्ष खेल दिवस पर मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। यह मैराथन बड़ा चौक से गिरिडीह स्टेडियम तक किया गया। जिसमें सौ से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। जिनमें प्रथम द्वितीय से पांचवे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को मेडल और सर्टिफिकेट दे कर सम्मानित किया गया।


यह मैराथन दो वर्गों बालिका और बालक वर्ग में विभक्त था। जिनमे बालिका वर्ग में गीता कुमारी प्रथम, अनीषा कुमारी द्वितीय, बलिया कुमारी तृतीय, पायल कुमारी चतुर्थ और कुमारी कुमकुम ने पांचवां स्थान प्राप्त किया।वहीं बालक वर्ग में नितेश कुमार प्रथम, बंटी कुमार द्वितीय, मनीष कुमार तृतीय, ऋषि कुमार चतुर्थ एवं परमेश्वर कुमार पांचवा स्थान प्राप्त किया। जिन्हें क्रीड़ा भारती द्वारा मेडल और सर्टिफिकेट दे कर सम्मानित किया गया।



मौके पर जिला मंत्री अमित स्वर्णकार ने बताया कि आगामी तीन सितम्बर को सर्कस मैदान में जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता दो वर्गों बालक और बालिका वर्ग में विभक्त होगी। बताया कि उक्त जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में जितने वाले टीम को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खेलने का अवसर मिलेगा। उन्होंने सभी कबड्डी खिलाड़ियों से उक्त प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।



आज के मैराथन कार्यक्रम को सफल बनाने में क्रीड़ा भारती के राजेंद्र तर्वे, अमित स्वर्णकार, सुधीर आनंद, अनीता ओझा, विवेक रंजन, संजय यादव, अभिषेक मिश्रा आदि का सराहनीय सहयोग रहा।




पुलिस ने किया सरिया चोरी कांड का उद्भेदन, दो चोर गिरफ्तार, 35 हजार नगदी व दो मोबाइल जप्त

गिरिडीह(Giridih)। जिले के सरिया थाना क्षेत्र में हुई चोरी कांड का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने दो अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया हैं। वहीं 35 हजार नगदी व घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन जप्त किया है।


बता दें कि सरिया थाना क्षेत्र के पेठियाटाँड निवासी कैलाश मंडल पिता स्व0 चन्द्रशेखर मंडल के घर में घुस कर बीते 21 अगस्त की रात्रि में अज्ञात चोरों ने नगदी, जेवरात, कपडा समेत कीमती सामानों की चोरी कर ली थी। इस संदर्भ में वादी कैलाश मंडल 22 अगस्त सरिया थाना में आवेदन दिया था। जिसमे ढाई लाख रुपये नगदी (2,50,000/- रुपया नगद) एवं एक सोने का मंगलसुत्र एवं एक सोने का अंगुठी, कपडा से भरा बैग एवं सुटकेश चोरी करने की बात बतायी थी। जिसके आधार का पुलिस ने सरिया थाना कांड संख्या- 150/2025, दिनांक- 22/08/2025, धारा- 331(8)/305(a) बीएनएस दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू की गई थी। पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार ने इस कांड को संज्ञान में लेते हुए कांड के उद्बेदन हेतु अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बगोदर सरिया धनंजय राम के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया था।


टीम ने तकनिकी अनुसंधान के क्रम में दिनांक 28अगस्त छापामारी कर घटना में शामिल अप्राथमिकी अभियुक्त नागेश्वर मंडल उर्फ नागो मंडल पिता स्व0 शिवदयाल मंडल साकिन नगर केशवारी थाना सरिया जिला गिरिडीह एवं प्रदीप पासवान पिता स्व0 लटरु पासवान साकिन- बालागोजी, थाना चकाई जिला जमुई ( बिहार ) को गिरफ्तार किया। वहीं पुलिस ने इन दोनो के निशानदेही पर कांड में चोरी गये नगदी में 35000/- नगद एवं घटना में प्रयुक्त दो मोबाईल फोन जप्त किया है।


पकडाये दोनों अपराधियों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए सपने बयान में 1. सुदेश पासवान उर्फ बाबु पासवान पिता लखनलाल पासवान, सा0 शिवसागर, थाना डोमचाँच, जिला कोडरमा 2. मदन पंडित उर्फ चिन्तामणि पंडित पिता गोपी पंडित सा0 बरवाडीह (केशवारी) 3. बालमुकुन्द मंडल उर्फ बाली, पिता स्व0 रामलाल मंडल, सा0 अच्छुईयाटाँड़ , दोनों थाना सरिया ,जिला गिरीडीह  4. बिनोद पासवान पिता महेन्द्र पासवान सा0 मानाकोला (नावाडीह), थाना चकाई, 5. मुरारी पासवान पिता स्व0 मिसरी पासवान, सा0 जीमतपुर, सीलपहाडी, पो0 नावाडीह, थाना चन्द्रमण्डी, दोनों जिला जमुई (बिहार) के भी संलिप्त होने की बात बताया है। पुलिस द्वारा घटना में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।