बुधवार, 5 अगस्त 2020

राममंदिर भूमि पूजन को लेकर गिरिडीह में भी उत्साहित दिखे लोग, हुआ भव्य आरती का आयोजन

राममंदिर भूमि पूजन को लेकर गिरिडीह में भी उत्साहित दिखे लोग
हुआ भव्य पूजन, आरती व प्रसाद वितरण का आयोजन

दीपोत्सव से जगमगा उठा मन्दिर परिसर व घर आंगन, जम कर की गई आतिशबाजी
गिरिडीह : अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण को लेकर प्रधानमंत्री के हाथों भूमि पूजन किया गया। इसको लेकर पूरे देश में आज उत्साह है। जगह जगह कार्यक्रम कर कहीं वृक्षारोपण तो कहीं पूजा पाठ का अनुष्ठान किया जा रहा है। गिरिडीह में भी भूमि पूजन को लेकर लोगों में खुशी व्याप्त है। वहीं हिंदू संगठनों की तरफ से कार्यक्रम कर इस दिवस की खुशियां मनाई जा रही है। 

इस कड़ी में विश्व हिन्दू परिषद गिरिडीह जिला इकाई द्वारा अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर के भूमि पूजनोत्सव के उपरांत गिरिडीह जिले के विभिन्न मंदिरों में पूजनोत्सव का कार्यक्रम आयोजित किया।  इस दौरान शहर की हृदय स्थली बड़ा चौक स्थित हनुमान मंदिर में भजन कीर्तन,दीप प्रज्वलन ,भव्य आरती और लड्डू का भोग लगाकर प्रसाद वितरण का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। 

मौके पर संगठन के जिलाध्यक्ष अश्विनी भदानी ने कहा कि विगत 5 सौ वर्षों से राम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण को लेकर सनातन समाज निरंतर संघर्ष कर रहा था। लेकिन लम्बे इंतजार के बाद आज मंदिर निर्माण का कार्य प्रारंभ हो रहा है। जिससे सम्पूर्ण समाज में हर्षोल्लास है। श्री भदानी समेत अन्य ने सभी से अपने अपने घरों में आज शाम को दीपक प्रज्ज्वलित कर खुशी जाहिर करने का निवेदन किया है। 

कार्यक्रम में मुख्य रूप से हजारीबाग विभाग के धर्म प्रसार प्रमुख अनुप यादव जी, हजारीबाग विभाग के समरसता प्रमुख अश्वनी भदानी जी, जिला कोषाध्यक्ष रोहित नारायण सिंह, जिला उपाध्यक्ष विजय मल पांडेय, जिला मंत्री राकेश आर्य, गुड्डू यादव, बहादुर ताती, आशीष कुमार, राहुल कुमार, डब्लू यादव, दीपक यादव, राहुल गुप्ता, मनोज कुमार आदि उपस्थित थे ।

वहीं बनियाडीह स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में भी इस दिवस पर पूजा पाठ का आयोजन किया गया। मौके पर यहां भी सभी ने जय श्री राम के नारे लगाएं और आज के इस दिन को बेहद ही खास बताया। इसी तरह जिले भर के विभिन्न मंदिरों में भी पूजा पाठ किया गया। वहीं विभिन्न मंदिरों में भगवा ध्वज लगाकर आकर्षक रूप से साज सज्जा की गयी है।

इस दौरान जिलेभर में शांति व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त बनाये रखने की दिशा मर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तेद रही। संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी व पुलिस जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है। वहीं वरीय पदाधिकारी स्वयं घूम घूम कर मोनिटरिंग करते देखे गये।

धार्मिक स्मृतियों में प्रकाशपुंज की तरह आलोकित है श्रीराम के जन्मस्थली अयोध्या : ऋषिकेश मिश्रा

धार्मिक स्मृतियों में प्रकाशपुंज की तरह आलोकित है श्रीराम के जन्मस्थली अयोध्या : ऋषिकेश मिश्रा
गिरिडीह : युवा इंटक के प्रदेश अध्यक्ष सह  प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रदेश प्रतिनिधि ऋषिकेश मिश्रा  ने कहा कि हजारों वर्षों से हमारी सांस्कृतिक और धार्मिक स्मृतियों में प्रकाशपुंज की तरह आलोकित है भगवान श्री राम के जन्मस्थली अयोध्या। 

उन्होंने राम जन्मभूमि पर राममंदिर निर्माण के भूमि पूजन पर लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुये कहा कि आज हमारे देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी का किया गया संघर्ष सफल हुआ एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय नरसिम्हा राव का विचार भी सफल हुआ।

उन्होंने कहा कि राम सबरी के हैं, सुग्रीव के भी। राम बाल्मीकि के हैं और भास के भी। राम कबीर के हैं, तुलसीदास के हैं, रैदास के हैं। सबके दाता राम हैं।

इंटक नेता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा राम मंदिर के पक्ष में रही हैं वर्ष 1985 में दूरदर्शन ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी के कहने पर रामानंद सागर के रामायण का प्रसारण किया था।  आज करोड़ों देशवासियों का सपना संपन्न हुआ इसके के लिए भारत के सभी नागरिकों  को अभिनंदन एवं धन्यवाद |
 

 

शौच गये युवक की नदी में डूबने से हुई मौत

शौच गये युवक की नदी में डूबने से हुई मौत
गिरिडीह : सदर प्रखंड के सिहोडीह स्थित उसरी नदी में डूब कर बुधवार को एक युवक की मौत हो गई। मृतक 26 वर्षीय युवक विक्की यादव सिहोडीह निवासी भुनेश्वर यादव का पुत्र था। जो मिर्गी रोग से ग्रसित था।

घटना के बाबत बताया जाता है कि बुधवार की सुबह विक्की यादव शौच के लिए नदी गया था। इसी दौरान वह नदी में गिर गया। आनन फानन में लोगों ने उसे नदी निकाला और इलाज हेतु सदर अस्पताल ले गये। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। आशंका जताया जाता है कि नदी पर पहुंचते ही उसे मिर्गी का दौरा पड़ा होगा और वह नदी में गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक शादीशुदा था और उसका 3 महीने का एक बेटा भी है।

घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।सूचना पाकर स्थानीय उप मुखिया समेत कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों का ढांढ़स बंधाया।

झारखंड मजदूर संघ के प्रखंड अध्यक्ष बने प्रदीप सिन्हा

झारखंड मजदूर संघ के प्रखंड अध्यक्ष बने प्रदीप सिन्हा
जमुआ/ गिरिडीह  : जमुआ प्रखंड के चिरुड़ीह में झारखंड मजदूर संघ की एक बैठक हुई। बैठक मे मजदूर संघ के प्रखंड स्तरीय कमिटी के गठन किया गया। जिसमें सर्वसम्मति से नईटाड़ पंचायत के बदडीहा निवासी प्रदीप कुमार सिन्हा को प्रखंड अध्यक्ष बनाया गया वहीं सुनील निराला को प्रखंड महासचिव नियुक्त किया गया।


गिरिडीह जिला अध्यक्ष शुभम भानु जिला उपाध्यक्ष सुमित राज मौर्या के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में प्रखण्ड कमिटी के गठन से मजदूरों के बीच खुशी का माहौल है। 

मौके पर नवचयनित प्रखंड अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिन्हा ने कहा कि हम मजदूरों की आवाज बनेंगे और मजदूर भाई या उनके परिवार पर किसी तरह की उत्पीड़न होता है तो हम मिलकर उनको मदद करेंगे और न्याय दिलाने के लिए सड़क से सदन तक आंदोलन करेंगे। अभी लॉक डाउन की स्थिति में प्रवासी मजदूर भाई घर पर आकर बैठ गए हैं, बेरोजगार हो गए हैं उन्हें घर परिवार चलाने के लिए रोजगार की जरूरत है। हम सभी राज्य सरकार से मांग करते हैं कि प्रवासी मजदूर भाइयों को जल्द से जल्द रोजगार मुहैया कराया जाए।  

श्री सिन्हा ने कहा कि संगठन ने हमे जो जवाबदेही सौंपी है उस पर मैं खरा उतरने का प्रयास करूंगा। कहा कि मजदूरों के हक हुक़ूक़ के लिए एवं उन्हें अपना अधिकार दिलाने हेतु रात दिन मेहनत करूँगा।कहा कि बहुत जल्द यह संघठन का विस्तार करते हुवे पंचायतों में पंचायत अध्यक्ष सचिव आदि का गठन किया जाएगा। श्री सिन्हा ने कहा कि जब पंचायत लेबल पर संघठन तैयार हो जाएगा तब वार्ड स्तर का चुनाव कर ज्यादा से ज्यादा मजदूरों को जोड़ कर विशाल संघठन बनाया जाएगा। कहा कि अब तक लोग मजदूरों का शोषण करते आया है अल्प मजदूरी में काम करवा कर मजदूरी के लिए दौड़ाया जाता है।कहा कि इस बैनर के तले प्रखंड के मजदूरों की हक की लड़ाई लड़ी जाएगी। श्री सिन्हा को अध्यक्ष बनने पर प्रखंड के मजदूरों में हर्ष है वहीं दर्जनों मजदूरों ने उन्हें मुबारकबाद दिए।


कार की चपेट में आकर बच्चे की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम

कार की चपेट में आकर बच्चे की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
गिरिडीह : जिले के देवरी, धनवार और हीरोडीह थाना क्षेत्र के तीन मुहाने पर स्थित जमखोखरो मोड़ के समीप बुधवार को एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार की चपेट में आने से एक 12 वर्षीय बच्चे अनूप राय की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। मृतक धनवार थाना क्षेत्र के भुतहा गांव निवासी रामचन्द्र राय पुत्र  था। जो अपने फुआ के घर देवरी स्थित जमखोखरो आया था। 

बताया जाता है कि बुधवार की सुबह 11 बजे अनूप अपने दोस्तों के साथ सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान जमुआ की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने जमुआ खोरीमहुआ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और शव को बीच सड़क पर रख मुआवजा की मांग करने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही देवरी थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा, हिरोडीह थाना प्रभारी राधेश्याम पांडेय, धनवार थाना से महिला पुलिस कर्मी प्रियंका कुमारी, जमुआ थाना पुलिस सदलबल मौके पर पहुंची और जामकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया। मगर लोग मुआवजा की मांग पर अड़े रहे। बाद में खोरीमहुआ एसडीएम धीरेंद्र कुमार सिंह, देवरी बीडीओ सुधीर कुमार मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा का आश्वासन दिया। एसडीएम के आश्वासन के बाद लोगों ने सड़क से जाम हटा लिया। 
बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। बच्चे की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

शानडीह में इंटरमीडिएट कॉलेज का भवन बनने से होगी काफी सहूलियत : कमलनयन सिंह

शानडीह में इंटरमीडिएट कॉलेज का भवन बनने से होगी काफी सहूलियत :  कमलनयन सिंह

जमुआ/गिरिडीह :  लंगटा बाबा महाविद्यालय मिर्जागंज के प्राचार्य प्रो कमलनयन सिंह ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर कहा कि मानव संसाधन विकास विभाग एवं विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के संवैधानिक निर्देशानुसार जहाँ-जहाँ स्नातक के साथ इंटर की कक्षाएं चल रही है। वहाँ स्नातक से इंटरमीडिएट को अलग करने का प्रावधान है। ताकि स्नातक एवं इंटरमीडिएट दोनों एक दूसरे से अलग हो जाएं।  इससे भविष्य में दोनों को पठन-पाठन में सहायता मिलेगी। छात्र-छात्राएं निर्मिक होकर विद्या अध्ययन कर सकेंगे। 

इसी परिपेक्ष में लंगटा बाबा कॉलेज में भी इंटरमीडिएट को स्नातक से अलग करने की वैधानिक आवश्यकता महसूस हुई जिसके लिए स्वर्गीय यशोदा देवी द्वारा 1.68 एकड़ वासुदेव राय द्वारा 0. 40 एकड़ कुल 2 एकड़ 08 डिसमिल जमीन शानडीह में वर्ष1983 में उपलब्ध करायी गई थी। माननीय विधायक जमुआ केदार हाजरा कॉलेज के शासी निकाय के अध्यक्ष हैं ।

उनके पहल एवं निर्देशन में उक्त भूखंड पर चहारदीवारी एवं कमरों का निर्माण कॉलेजों के विकास कोष से कराया जायेगा। विधायक द्वारा बीते 3 जुलाई को इस निमित्त शिलान्यास किया गया है। 

 प्राचार्य प्रो  कमलनयन सिंह ने बताया कि इंटरमीडिएट का चहारदीवारी एवं भवन निर्माण होने पर वह शानडीह चला जाएगा। तब लंगटा बाबा कॉलेज के स्नातक में व्यवसायिक शिक्षा का भी पठन-पाठन कराया जाएगा । जिसमें स्थानीय युवक-युवतियों को रोजगार परत शिक्षा मुहैया करायी जायेगी ।

इस अवसर पर राघव पाण्डेय , डोमी  सिंह , सुरंजन सिंह, रामचंद्र साव, संजय हाज़रा,योगेश कुमार पाण्डेय, बासुदेव यादव,जगन्नाथडीह मुखिया प्रमीला वर्मा आदि ने हर्ष प्रकट किया।

अफगानिस्तान से दो मजदुरों की रिहाई की खबर से अपहृत मजदुरो के परिजनों जगी हैं उमीद

अफगानिस्तान से दो मजदुरों की रिहाई की खबर से अपहृत मजदुरो के परिजनों जगी हैं उमीद
बगोदर/ गिरिडीह  :  बगोदर प्रखंड क्षेत्र के तीन प्रवासी मजदूर जिन्हें अफगानिस्तान के बालगान प्रांत से अज्ञात बन्दूकधारी तालिबानियों ने अपहरण कर लिया था। जिनमे एक मजदुर तालिबानियों के चंगुल से पहले ही रिहाई हो चुका हैं। अपहृत रहे दो अन्य भारतीय मजदूरों की भी रिहाई की सूचना मिलने से दोनों मजदूरों के परिजनों की उम्मीदें जगी हैं।  
              अपहृत मजदूूूर हुुुलास व प्रसादी


पुर्व विधायक नागेन्द्र महतो ने कहा कि न्यूज चैनल के माध्यम से पता चला की अफगानिस्तान से भारत के दो मजदुरो की रिहाई हुई हैं। मैंने भारत के तत्कालिन विदेश मंत्री को पत्र लिखकर उन मजदुरों की सकुशल रिहाई की मांग किया था। 

 अफगानिस्तान से अपहृत हुए दो मजदूरों की रिहाई होने से बगोदर के माहुरी के रहने वाले हुलास महतो और घाघरा के रहने वाले प्रसादी महतो के परिजनों में आश जगी हैं।
बता दें कि 6 मई 2018 को अफगानिस्तान के बालगान प्रांत से अज्ञात तालिबानियों के द्वारा 7 भारतीय प्रवासी मजदूरों को अपहरण कर लिया गया था।  जिनमे बगोदर के तीन मजदूर जिसमें हुलास महतो, प्रसादी महतो और प्रकाश महतो शामिल है। इसमें प्रकाश महतो की एक साल पूर्व रिहाई हो चुकी है। हालांकि वह अब तक गांव नहीं आया है। इधर हुलास महतो और प्रसादी महतो की रिहाई नहीं होने से दोनों के परिजन काफी चिंतित थे। दो मजदूरों की रिहाई  की खबर ने दोनों परिवारों की उम्मीद जगी हैं। परिजनों ने रिहाई होने वाले मजदूरों का नाम सार्वजनिक करने की मांग सरकार से की है।

राम भक्तों ने की मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की पूजा-अर्चना

राम भक्तों ने की मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की पूजा-अर्चना 
बगोदर/ गिरिडीह :-अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण को लेकर प्रधानमंत्री के हाथों भूमि पूजन किया गया ।इसको लेकर बुधवार को पूरे देश में लोग उत्साह मना रहे हैं। इसी कड़ी में बगोदर प्रखंड के बगोदर समेत बेको हेसला आदि जगहों के धार्मिक स्थलों में राम भक्तों ने पुजा अर्चना के साथ भजन कीर्तन किया और वृक्षारोपण भी किया गया। 

 बगोदर स्थित श्री श्री दुर्गा शक्ति मंदिर प्रांगण मे बुधवार को विहिप भाजपा व रामभक्तों ने पुरूषोत्तम राम की पूजा अर्चना की। इस दौरान  6 दिसम्बर 1992 को रामसेवक के रूप मे अयोध्या गये रामभक्त कुलदीप साव, संजय चौरसिया,धीरेंद्र कुमार आदि को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया।

 वहीं विहिप के द्वारा 51 किलो लड्डू बांटा गया व जमकर आतिशबाजी की गई । मौके पर विहिप के धीरेंद्र कुमार, विवेक भगत, भाजपा के वरिष्ठ नेता कुलदीप साव, भाजयुमो के जिला अध्यक्ष आशीष कुमार बोर्डर, रुपेश गुप्ता, अभय भगत, अशोक चौरसिया समेत दर्जनों लोग शामिल थे।

माँ का दूध शिशुओं के लिये अमृत समान : सुधा सिन्हा


माँ का दूध शिशुओं के लिये अमृत समान : सुधा सिन्हा


इनरव्हील क्लब ने किया स्तनपान जागरूकता कार्यक्रम 

गिरिडीह : इनरव्हील क्लब के तत्वावधान में बुधवार को जिलामुख्यालय में स्तनपान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान गर्भवती माताओं व धातृयों को स्तनपान से होने वाले फायदों से सम्बन्धित विस्तृत जानकारी दी गयी। 

क्लब की अध्यक्ष सुधा सिन्हा ने कहा कि शिशुओं को स्तनपान कराने से केवल शिशुओं का समुचित विकास होता है बल्कि माँ का भी स्वास्थ्य सुरक्षित रहता है। कहा कि माँ का दूध शिशुओं के अमृत तुल्य होता है। माँ के दूध में रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रचुर मात्रा में पाया जाता है। जो शिशु के विकास के लिये काफी लाभदायक होता है। श्रीमती सिन्हा ने बताया कि शिशु के जन्म के बाद प्रसूता के स्तनों से एक पीला गाढ़ा पदार्थ निकलता है जिसे अज्ञानतावश लोग यूँ ही बर्बाद कर देते हैं। जबकि प्रसूता के स्तन से निकलने वाला वह पीला पदार्ध कोलोस्ट्रम नामक वह पदार्थ शिशु के स्वास्थ्य के लिये काफी लाभकारी होता है। उस तरल पीला पदार्थ में उच्च कोटि का प्रोटीन, कम चीनी और लाभकारी योगिकों भरा होता है। जो बैक्टीरिया रोधी एवं अन्य वायरस के संक्रमण से शिशु को बचाये रखने में काफी मददगार होता है।

मौके पर क्लब की पूर्व अध्यक्ष रश्मि गुप्ता ने कहा कि स्तनपान से न केवल शिशु को बल्कि प्रसूता माँ को भी काफी फायदे होते है। उनका स्वास्थ्य ठीक रहता है। महिला का शरीर अनावश्यक रूप से नही बढ़ता और जब तक महिला शिशु को स्तनपान कराती है वह अनचाहे गर्भधारण से भी मुक्त रहती है।

मौके पर सचिव रेखा तर्वे ने कहा कि इनरव्हील क्लब लगातार स्तनपान सप्ताह कार्यक्रम के दौरान इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम शहर की प्रतिष्ठित महिला चिकित्सकों के क्लिनिक में जाकर करती आ रही है। लेकिन इस बार कोरोना संक्रमण को देखते हुये मीडिया सेमिनार कर यह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित की।
इस अवसर पर विभिन्न समाचार पत्रों के प्रतिनिधि व अन्य लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर उपस्थित थे।

शुक्रवार, 31 जुलाई 2020

बेंगाबाद थाना को किया गया सील, 7 पुलिस कर्मी मिले कोरोना पॉजिटिव

बेंगाबाद थाना को किया गया सील, 7 पुलिस कर्मी मिले कोरोना पॉजिटिव
गिरिडीह : जिले के बेंगाबाद प्रखण्ड में एक साथ 13 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने से हड़कंप मच गया है। संक्रमित मरीजों में बेंगाबाद थाना में पदस्थापित 7 पुलिस कर्मियों समेत 13 लोग शामिल हैं। थाने में पदस्थापित पुलिस कर्मियों के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद थाने को सींल कर दिया गया है।

विदित हो कि थाना क्षेत्र के भलकुद्दर गांव के एक अभियुक्त को बीते दिनों बेंगाबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया था। जिसे जेल भेजने के क्रम में उसकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आयी थी। उसके बाद थाना के कर्मियों में हड़कम्प मच गया था। बाद में सभी पुलिस कर्मियों के स्वाब जांच हेतु लिया गया था। इस दौरान उन सभी पुलिस कर्मियों जो उस अभियुक्त को गिरफ्तार करने गए थे सभी को होम कोरेण्टाइन कर दिया गया था। बुधवार की देर रात आयी जांच रिपोर्ट में 7 पुलिस कर्मी सहित 13 लोग पॉजेटिव आये। 6 पॉजिटिव मरीज बेंगाबाद बाजार के हैं। जिसके बाद बेंगाबाद थाना को सींल कर दिया गया है।  
सभी पोजेटिव मिले पुलिस कर्मियों समेत अन्य को आइसोलेट कर दिया गया है और पूरे थाने को सेनिटाइज्ड किया गया है।

बकरीद त्यौहार के मद्दे नजर बगोदर पुलिस ने किया फ्लैग मार्च

बकरीद त्यौहार के ले बगोदर पुलिस ने किया फ्लैग मार्च 
बगोदर/ गिरिडीह  : बगोदर पुलिस ने शुक्रवार को बकरीद त्योहार शांतिपूर्ण मनाने को लेकर बगोदर बाजार में फ्लैग मार्च किया। जिसका नेतृत्व बगोदर थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह कर रहे थे। 

फ्लैग मार्च की बगोदर थाना से निकलकर बगोदर बाजार के विभिन्न मार्गो में भ्रमण किया गया और बकरीद का त्यौहार शांतिपूर्ण मनाने की अपील की गई। फ्लैग मार्च में थाना प्रभारी के अलावे कई पुलिसकर्मी  शामिल थे ।

गावां प्रखंड में रिकार्ड 54 कोरोना संक्रमित मरीज मिलने से क्षेत्रवासियों में हड़कम्प

गावां प्रखंड में रिकार्ड 54 कोरोना संक्रमित मरीज मिलने से क्षेत्रवासियों में हड़कम्प 
 गिरिडीह : जिले के गावां प्रखंड में एक ही दिन रिकार्ड 54 लोगों के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि से पूरे इलाके में हड़कम्प मच गया है। स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल वयाप्त हो गया है। संक्रमित मरीजों में 17 मरीज मालडा के हैं।

सभी संक्रमित मरीज प्रखण्ड क्षेत्र के गावां, मालडा, बिरने, नगवां, गदर गांव के रहने वाले हैं।  बीते 20 व 25 जुलाई को इन सबों का सैम्पल लिया गया था। जिसकी रिपोर्ट 30 जुलाई की रात को आया है। रिपोर्ट के मुताबिक बरमसिया पिकेट के 4 जवान के अलावे मालडा स्थित इलाहाबाद बैंक शाखा का 1 सुरक्षाकर्मी संक्रमित पाये गये हैं।  गावां अस्पताल के लैब टेक्नीशियन, लेखा प्रबन्धक, सफाई कर्मी समेत 4 कर्मी, प्रधानमंत्रीआवास कार्यक्रम के प्रखण्ड कॉर्डिनेटर, 1 कंप्यूटर ऑपरेटर, 1 रोजगार सेवक समेत 6 ब्लॉक स्टाफ भी संक्रमितों की सूची में शामिल हैं।

खोरीमहुआ अनुमण्डल के एसडीएम धीरेन्द्र कुमार सिंह एवं धनवार बीडीओ राम गोपाल पांडेय संक्रमित मरीजों की पुष्टि होने के बाद मालडा पहुंच स्थिति का जायजा लिया। प्रशासनिक पदाधिकारियों द्वारा सभी संक्रमित मरोजों को एम्बुलेंस पर बैठा कर आइसोलेशन सेंटर भेजा गया। इस बीच संक्रमित मरीजों के इलाके को कंटेनमेंट जोन घोषित कर उसे सील कर दिया गया है। 

 एसडीएम धीरेन्द्र कुमार सिंह ने लोगों से सतर्क रहने, सेनेटाइजर एवं मास्क का उपयोग करने के साथ ही सामाजिक दूरी का पालन करने की अपील किया। 
 कहा कि मालडा में पहले दो संक्रमित मरीज मिले थे अब 17 संक्रमित मरीज मिले है। अगर लोग अब भी सतर्क नहीं हुए और सामाजिक दूरी अनुपालन नहीं किए तब परिस्थिति और भी ज्यादा गंभीर और बेकाबू हो सकती है।