थाने में तांडव मचाने वाली महिला को पुलिस ने किया पति संग गिरफ्तार
* जांच में जुटी पुलिस
घायल महिला पुलिसकर्मी
गिरिडीह : मुफ्फसिल थाना में गुरुवार को एक महिला ने जमकर हंगामा किया। उसने थाना में महिला पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की और एएसआइ राजेश्वरी कुमारी को दांत से काट कर उन्हें जख्मी कर दिया और थाना में रखे कुर्सी-टेबल तोड़ डाले।
महिला का नाम परीणीति भास्कर है। वह पचंबा थाना के हरिचक से ज़ामीन विबाद का केस सुलझाने अपने पति निशांत भास्कर के साथ कार नंबर जेएच 24बी- 8850 से थाने में आयी। महिला खुद को इंटरनेशनल ह्यूमन राइट संघ की जिलाध्यक्ष बता रही थी। इस दौरान थाना महिला ने प्रभारी को ही आइपीसी का पाठ पढ़ाना शुरू कर दिया और उन्हें देख लेने की धमकी देते हुये थाना प्रभारी के चैम्बर के टेबल में रखे सारे कागजात इधर-उधर बिखेर दिये। इस बीच उक्त स्वंयभू इंटरनेशनल ह्यूमन राइट संघ की जिलाध्यक्ष महिला परिणीति भास्कर को जब एएसआइ राजेश्वरी ने काबू में करने की कोशिश की तो उसने उन्हें दांत से काट लिया। दूसरी एएसआइ हेमा कुमारी जब उसे गिरफ्त में लेने आयी तो महिला ने उन्हें लोहे का रॉड लेकर मारने की कोशिश की।
मुफ्फसिल थाने की पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कार से उतरने के साथ ही वह महिला थाना प्रभारी से मिलने की बात कहकर उनके चैम्बर में घुस गयी और थाना प्रभारी रत्नमोहन ठाकुर से उलझ गयी उन्हें गाली-गलौज करने लगी। करीब 10 मिनट तक थाने में हंगामा चला। जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गये।
पुलिस ने दोनों पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही महिला जिस संगठन से जुड़े होने का दावा कर रही है उसको लेकर भी जानकारी हासिल की जा रही है। परिणीति का कहना है कि जमीन विवाद के निपटारे के लिए वह थाना आयी थी लेकिन उसके साथ सही बर्ताव नही किया गया। इस मामले में सदर एसडीपीओ कुमार गौरव ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।