गुरुवार, 11 अप्रैल 2019

भोजपुरी एक्ट्रेस का धनबाद के युवक ने किया यौन शोषण

भोजपुरी की एक्ट्रेस को युवक ने पहले प्रेम जाल में फंसाया, फिर किया यौन शोषण, पुलिस जुटी जांच में 




भोजपुरी एल्बम की एक अदाकारा ने धनबाद के गोधर निवासी विक्रम रवानी नामक युवक पर शादी का झांसे दे यौन प्रताड़ना का आरोप लगाया है। इस बावत उक्त अदाकारा ने धनबाद के बैंक मोड़ थाने में उसके विरुद्ध मामला दर्ज़ कराया है। पीड़िता द्वारा लिखित शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गयी है।

पुलिस को दिये आवेदन में पीड़िता ने बताया है कि वह मूलतः सिलीगुडी की निवासी है। डेढ़ वर्ष पूर्व एक भोजपुरी एलबम में काम करने के दौरान उनकी मुलाकात विक्रम रवानी से हुई थी। विक्रम ने पहले उसे प्रेम जाल में फंसाया फिर शादी का झांसा देकर यौन शोषण किया।

अब जब पीडि़ता शादी की बात करती हैं तो आरोपी बिक्रम न केवल टाल मटोल कर रहा है बल्कि पीड़िता के साथ गाली गलौज और अभद्र व्यवहार तक करने पर उतारू हैं। हर तरफ से हार चुकी पीड़िता ने अंत में न्याय के लिए पुलिस का सहारा लिया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्यवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। 

कोडरमा : माले प्रत्याशी राजकुमार ने किया नामांकन

भाकपा माले प्रत्याशी राजकुमार यादव ने किया नामांकन

गिरिडीह: कोडरमा लोकसभा संसदीय सीट के लिए गुरुवार को भाकपा माले प्रत्याशी सह धनवार विधायक राजकुमार यादव ने अपना नामजदगी का पर्चा दाखिल किया। उन्होंने मुख्य निर्वाची पदाधिकारी सह उपायुक्त गिरिडीह राजेश पाठक को अपना नामांकन प्रपत्र सौंपा। इस मौके पर उनके साथ बतौर प्रस्तावक निरसा विधायक अरूप चटर्जी और समर्थक के रूप में पूर्व विधायक बिनोद सिंह, राजेश यादव, राजेश सिन्हा व जयंती चौधरी मौजूद थीं।

इसके पूर्व माले के हजारो कार्यकता गिरिडीह के झंडा मैदान में उपस्थित हुए और एक जुलुस की शक्ल में समाहरणालय पहुंचे। जंहा पूर्व से तैनात दंडाधिकारियों और पुलिस के जवानों ने सभी समर्थकों को समाहरणालय के मुख्य द्वार पर ही रोक दिया। बाद में प्रत्याशी और उनके प्रस्तावक व समर्थक  को दण्डाधिकारी ने अंदर प्रवेश की अनुमति दी।

मुख्य निर्वाची पदाधिकारी सह उपायुक्त गिरिडीह को कोडरमा के माले प्रत्याशी ने अपर समाहर्ता और अनुमण्डल पदाधिकारी की मौजूदगी में अपने नामाकन का प्रपत्र मात्र एक ही सेट में सौंपा। पूरी प्रक्रिया पूर्ण कर  समाहरणालय से निकल कर उनका काफिल एक बार पुनः झंडा मैदान पहुंचा जंहा एक महती जनसभा का आयोजन किया गया। जिसे निरसा में मासस विधायक अरूप चटर्जी, बगोदर के पूर्व माले विधायक बिनोद सिंह व धनवार विधायक सह माले के कोडरमा प्रत्याशी राजकुमार यादव समेत अन्य लोगों ने सम्बोधित किया।

धनबाद के वासेपुर में फिर गूंजा गोलियों की तड़तड़ाहट

धनबाद के वासेपुर में फिर चली गोली, जमीन कारोबारी गम्भीर


धनबाद का वासेपुर एक बार फिर से गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा।  गुरूवार अहले सुबह कतिपय अपराधियों ने जमीन कारोबारी सैय्यद शाहिद हुसैन को गोली मार दी। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गये। आनन फानन में उन्हें इलाज हेतु धनबाद के सेंट्रल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। लेकिन स्थिति को गम्भीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज़ हेतु दुर्गापुर मिशन हॉस्पिटल रेफर कर दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार घटना अहले सुबह 5 बजे की है। अपराधियों ने जमीन कारोबारी शाहिद को घर से आरा मोड़ के पास बुलाया और उन पर ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार कर दी। अहले सुबह हुई इस गोलीबारी से पुरे इलाके में सनसनी फैल गयी है। गोलियों की आवाज सुन लोग अपने घरों से बाहर निकले और घटना स्थल पर पहुंचे। लेकिन तब तक अपराधी घटना स्थल से फरार हो चुके थे। लोगों ने घायल शाहिद को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें दुर्गापुर स्थाई मिशन हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि शाहिद की स्थिति नाजुक बनी हुई है। वहीं इस घटना के बाद पुलिस ने वासेपुर में गश्त बढ़ा दिया है। साथ ही इस गोलीबारी कांड की जांच कर रही है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।

बुधवार, 10 अप्रैल 2019

अवैध सम्बन्ध में युवक की निर्मम हत्या

अवैध सम्बन्ध में हुई प्लांटकर्मी युवक राजू वर्मा की हत्या



गिरिडीह :मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के राउतगादी में सड़क किनारे एक युवक की लाश मिलने से पुरे इलाके में सनसनी फैल गयी है। मृतक युवक की पहचान प्लांटकर्मी राजू वर्मा के रूप में की गयी।सुचना मिलते ही प्रशिक्षु आईपीएस सह मुफ्फसिल थाना प्रभारी नाथुसिंह मीणा सदल बल घटना स्थल पर पहुंचे और मिट्टी से सने सड़क किनारे पड़े शव को अपनी अभिरक्षा में लेकर पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज मामले की जांच पड़ताल में जुट गये।

जाँच के क्रम में पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक़ मृतक युवक मंगलवार की दोपहर से ही घर से गायब था। उसका एक महिला के साथ अवैध सम्बन्ध था। समझा जाता है कि वही अवैध सम्बन्ध ही उसकी हत्या का कारण बना है। पुलिस ने तत्काल इस मामले में सन्देह के आधार पर दो महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। जिसमे मृतक के एक दोस्त जितेंद्र तूरी और एक अन्य व्यक्ति शामिल है।

पुलिस ने मृतक के भाई मिथिलेश वर्मा की शिकायत पर हत्या सम्बन्धी एक मामला अंकित कर मामले की जांच में जुटी है। इस बीच पुलिस सूत्रों से मिली सुचना के अनुसार पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए सभी चारों हत्या के बावत सारी बाते कबूल ली है।

छह लाख का नकली विदेशी शराब जब्त, एक गिरफ्तार

6 लाख मूल्य के नकली विदेशी शराब जब्त, एक गिरफ्तार



धनबाद : लोकसभा चुनाव के मद्दे नजर धनबाद जिले की पुलिस काफी मुस्तैद हो गयी है। इसी क्रम बरवाअड्डा पुलिस की भी सक्रियता को नकारा नहीं जा सकता। बरवाअड्डा पुलिस ने दो सप्ताह के भीतर लगातार दूसरी बार नक्सल प्रभावित क्षेत्र गोरगा से भारी मात्रा में नकली विदेशी शराब जब्‍त किया है। इस सिलसिले में पुलिस एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया है।

पुलिस द्वारा की गयी छापेमारी में 79 कार्टून नकली विदेशी शराब जब्त की गयी है। जिसकी कीमत लगभग 6 लाख रुपये बताई जा रही है।

बताया जाता है कि एक टाटा 407 वाहन से खाली प्लास्टिक के बोरे से ढक कर इस नकली विदेशी शराब लो दूसरे जिले में भेजी जा रही थी। इसी दौरान पुलिस वँहा पहुंची शराब के साथ साथ उक्त वाहन के चालक को भी दबोच लिया। गिरफ्तार वाहन चालक पुटकी निवासी अफजल खान बताया जाता है।

इस बावत डीएसपी सरिता मुर्मू ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल बरमसिया निवासी अनुज कुमार उर्फ लालु एवम रंजीत कुमार के ऊपर एफआईआर दर्ज किया गया है। ये दोनों कारोबारी पिछले कई सालों से अवैध शराब के कारोबार से जुड़े हुए हैं और इस सिलसिले में पूर्व में भी जेल की हवा भी खा चुके हैं।

चतरा बना हॉट सीट, बागी हुये भाजपा नेता, लड़ेंगे निर्दलीय चुनाव

भाजपा के राजेन्द्र साहू हुये बागी, लड़ेंगे चतरा से निर्दलीय चुनाव 

चतरा: चतरा संसदीय सीट एनडीए और यूपीए दोनों के लिए सिरदर्द बन गया है। इस सीट को लेकर यूपीए में जंहा पहले ही दरार पड़ चुकी है। वंही अब भाजपा में भी नेता बागी हो गए हैं। लातेहार जिले के दिग्गज भाजपा नेता सह लातेहार जिला परिषद उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद साहू अब चतरा संसदीय क्षेत्र से भाजपा के बागी प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ेंगे।

उन्होंने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि वे निर्दलीय नॉमिनेशन करेंगे। दरअसल, राजेंद्र प्रसाद साहू चतरा संसदीय क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ना चाह रहे थे। उनकी मांग थी कि चतरा संसदीय क्षेत्र से किसी स्थानीय व्यक्ति को प्रत्याशी बनाया जाए। परंतु भाजपा के द्वारा निर्वतमान सांसद सुनील सिंह को फिर से अपना प्रत्याशी बनाए जाने के बाद भाजपा में विरोध शुरू हो गया।

इसी बीच जिला परिषद उपाध्यक्ष राजेंद्र साहू ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर निर्णय लिया कि वह भाजपा के बागी उम्मीदवार के रूप में चतरा संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। राजेंद्र साहू के निर्णय के बाद भाजपा में खलबली मच गई है।

बताते चलें कि राजेंद्र साहू भाजपा के व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक भी है और इन्हें मुख्यमंत्री रघुवर दास का करीबी भी माना जाता है। कांग्रेस और राजद दोनों दलों के चुनाव मैदान में उतरने के बाद जहां यूपीए गठबंधन में उपापोह की स्थिति बनी हुई थी। ठीक उसी प्रकार राजेन्द्र साहू के बागी प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद भाजपा की भी परेशानी बढ़ गई है।

सांसद रामटहल चौधरी ने दिया भाजपा से इस्तिफा, निर्दलीय लड़ेंगें चुनाव

सांसद रामटहल चौधरी ने दिया भाजपा से इस्तीफा

**लड़ेंगे निर्दलीय चुनाव

**करेंगे 16 अप्रैल को नामांकन

राँची के सांसद रामटहल चौधरी ने बुधवार को भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तिफा दे दिया। इस आशय से सम्बंधित उन्होंने एक पत्र भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा को प्रेषित किया है। जिसमे उन्होने यह स्पष्ट किया है कि वह जनसंघ काल से भाजपा के एक सच्चे सिपाही बने रह कर उसके हर नीति सिद्धांतों का पालन किया। लेकिन आसन्न चुनाव में उन्हें अधिक उम्र दराज करार देकर टीकट नहीं दिया गया। अतः वह भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तिफा दे रहे हैं।

इस दौरान उन्होंने प्रेस को भी सम्बोधित करते हुए अपने इस्तिफा की जानकारी को सार्वजनिक किया। प्रेस वार्ता के दौरान सांसद श्री चौधरी ने सूबे के मुख्यमंत्री रघुवर दास के ऊपर जमकर भड़ास निकालते हुए उन्हें झारखंड विरोधी बताया। कहा कि वह हमेशा झारखंड हित के मामलों में मुखर रहे जो पार्टी और मुख्यमंत्री दोनों को ही आगवार गुजरा। 
कहा कि उन्हें झारखण्ड हित में मुखर होने के कारण ही पार्टी ने उन्हें दरकिनार किया। 

कहा कि वह पार्टी के संस्थापक सदस्य रहे लेकिन वर्तमान में पार्टी ने उन्हें सम्मान के योग्य नहीं माना इसलिए वह आज से ही पार्टी के प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह निश्चित रूप से आसन्न लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने बताया कि वह अगामी 16 अप्रैल को रांची लोकसभा से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल करेंगे और जनता के बीच अपना दावेदारी पेश करेंगे।

सुप्रीम कोर्ट ने की लालू यादव की जमानत याचिका खारिज

लालू को नहीं मिली जमानत, सुप्रीम कोर्ट ने की जमानत याचिका खारिज 


सुप्रीम ,कोर्ट ने चारा घोटाले में रांची की जेल में सजा काट रहे लालू प्रसाद यादव की जमानत याचिका को खारिज कर दिया है। अब लालू यादव को लोकसभा चुनाव के दौरान जेल में ही रहना होगा। लालू ने स्वास्थ्य के आधार पर बेल की मांग की थी, फिलहाल रांची के रिम्स में उनका इलाज चल रहा है।

मंगलवार को इस मामले पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था। चारा घोटाला मामले में दोषी करार दिए गए राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की जमानत अर्जी का सीबीआई ने विरोध करते हुए कहा था कि उन्होंने सीएम रहते हुए अपने पद का काफी ज्यादा दुरुपयोग किया था।

उन्होंने इस मौके पर जमानत की मांग इसलिए की है ताकि अपने पॉलिटिकल गतिविधियों को आगे बढ़ाएं। सुप्रीम कोर्ट में लालू यादव की ओर से झारखंड हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती दी गई थी। हाई कोर्ट से जमानत अर्जी खारिज होने के बाद सुप्रीम कोर्ट में गुहार लगाई गई थी।

1980 के दशक के बाद बिहार के लोगों के लिए यह पहला चुनाव है जो बिना लालू प्रसाद यादव की मौजूदगी में लड़ा जा रहा है। राष्ट्रीय जनता दल की कमान उनके हाथ में है, लेकिन दोनों बेटों में ही आपस में ही नहीं बन रही है। उनके बड़े बेटे तेज प्रताप ने राजद के खिलाफ ही मोर्चा खोल दिया है और लालू राबड़ी मोर्चा बनाकर दो जगहों से उम्मीदवार उतारने की बात कर रहे हैं।

मंगलवार, 9 अप्रैल 2019

विक्षिप्त महिला की गला रेतकर हत्या

50 वर्षीय महिला की गला रेतकर कर हत्या, मामले के छानबीन में जुटी पुलिस

कांके में बंद बिजली बोर्ड के पुराना पावर हाउस में मिली महिला की लाश

राँची: कांके थाना क्षेत्र के बंद पड़े बिजली बोर्ड के पुराना पावर हाउस के अंदर 50 वर्षीय महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। महिला की पहचान सुकुरहुट्टू की रहने वाली जीतन के रूप में  की गई है। महिला का शव देखने से आशंका जताई जा रही कि हत्या करने से पहले उसके साथ गलत किया गया। उसके बाद उसकी गला रेत कर हत्या कर दी गई। हालांकि इसकी अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन में जुट गई है।

 इधर उधर घूमते रहती थी महिला:-

मिली जानकारी के अनुसार सुकुरहुट्टू की रहने वाली मृतिका जीतन नाम की महिला अक्सर इधर उधर घूमते रहती थी बताया जा रहा है कि उसकी दिमागी हालत थोड़ा ठीक नहीं था। बुधवार को दोपहर स्थानीय लोगों ने बंद पड़े बिजली बोर्ड के पुराना पावर हाउस में महिला का शव देखा महिला का गला धारदार हथियार से काटा हुआ था। जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर छानबीन में जुट गई है।

 दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका:-

कांके थाना क्षेत्र के बंद पड़े बिजली बोर्ड के पुराना पावर हाउस के अंदर सुकुरहुट्टू की रहने वाली 50 वर्षीय महिला जीतन का शव को देखने के बाद ऐसी आशंका जताई जा रही है कि उसके साथ पहले आरोपियों ने दुष्कर्म की घटना का अंजाम दिया फिर धारदार हथियार से गला रेत कर उसकी हत्या कर दी गई। दुष्कर्म के मामले में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी मुख्य बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन में जुट गई है।

नहाय खाय के साथ चैती छठ पूजा शुरू

नहाय खाय के साथ चार दिवसीय लोकास्था का महापर्व चैती छठ पूजा शुरू


गिरिडीह: लोकआस्था का महापर्व चैती छठ पूजा का चार दिवसीय आयोजन आज नहाय खाय के साथ शुरू हुआ।
इस मौके पर मंगलवार को सुबह छठव्रतियों द्वारा पुरे विधिविधान के साथ पुरे घरों की साफ़ सफाई कर भोजन बनाया और भगवान सूर्य और माताछठी की उपासना कर उसे प्रसाद स्वरूप ग्रहण किया। इस मौके कई छठव्रतियों के घर कद्दू की सब्जी और अरवा चावल का भात के अलावे चने की दाल बनाया गया। तो कई छठव्रतियों के घरों में विभिन्न प्रकार के भोजन पकाये गये। जिसमे पूड़ी सब्जी आदि भी शामिल थे।

यह प्रसाद छठव्रती के ग्रहण करने के उपरान्त घर के सभी सदस्यों के अलावे आस-पड़ोस के लोगों ने भी उक्त भोजन को प्रसाद स्वरूप ग्रहण किया।

पर्व के दूसरे दिन यानि बुधवार को खरना का आयोजन होगा। जिसमे छठव्रती दिन भर का उपवास रख कर संध्या पहर मिष्टान भोजन जिसमे दूध और चीनी मिश्रित खीर और गुड़ का खीर आदि बनाकर पहले माँ छठी को भोग लगाएंगी और फिर स्वयं प्रसाद ग्रहण करेंगी। फिर यह प्रसाद सभी हित कुटुम्बों और आत्मीयजनों के बीच वितरित किया जायेगा।

वंही पर्व के तीसरे दिन यानि गुरुवार को अस्ताचल गामी सूर्य को अर्ध्य दिया जाएगा। जिसमे छठव्रती दिन और रात का अखण्ड और निर्जला उपवास करेंगी और शाम के वक्त डूबते सूर्य को अर्ध्य दिया जाएगा। जबकि पर्व के चौथे और अंतिम दिन अहले सुबह उगते सूर्य को अर्ध्य अर्पित कर छठव्रती इस पर्व का पारण करेंगी।

इस पर्व के मौके पर अर्ध्य अर्पण हेतु छठ घाटों , नदियों, तालाबों की साफ़ सफाई का काम नगर निगम प्रशासन की ओर से युद्ध स्तर पर किया जा रहा है ताकि छठव्रतियों की किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो। इस त्यौहार का मुख्य आकर्षण का केंद्र गिरिडीह का अरगाघाट छठ घाट होगा। जंहा काफी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर अस्ताचलगामी और उदयमान सूर्य को अर्ध्य अर्पित करेंगे।

पलामू : कुल 23 प्रत्याशियों ने किया नामांकन

पलामू लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए अंतिम दिन 14 प्रत्याशियों ने किया नामांकन



     लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर 13 पलामू (अ0जा0) लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने के अंतिम दिन 9 अप्रैल 2019 को 14 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया।

  अंतिम दिन नामांकन पत्र दाखिल करने वालों में अंजना भुईयां (बसपा), जोरावर राम (निर्दलीय), अमरिंद्र पासवान (भारतीय लोक सेवा दल), मदन राम (निर्दलीय), योगेन्द्र प्रसाद (पीपीआई), बबन भुईंया (जयप्रकाश जनता दल), बालकृष्ण पासवान (अंबेदकर नेशनल कॉग्रेस), श्रवण कुमार रवि (निर्दलीय), विजय कुमार (निर्दलीय), प्रयाग राम (पीएसएस), रामजी पासवान (निर्दलीय), हीराराम तुफानी (निर्दलीय), चंद्रमा कुमारी (निर्दलीय), उदय कुमार पासवान (जनसंघर्ष विराट पार्टी) शामिल हैं।


गौरतलब है कि बीते 2 अप्रैल को अधिसूचना जारी होने के बाद से पलामू लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए नामांकन पत्र दाखिल किये जाने की प्रक्रिया शुरू हुई थी। और आज अंतिम दिन तक जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त डॉ0 शांतनु कुमार अग्रहरि के समक्ष कुल 23 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया।

इसके पूर्व 5 अप्रैल को दो और 6 अप्रैल को सात प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किये थे। जिनमे विजय राम (निर्दलीय) और सत्येंद्र कुमार पासवान (भारतीय समानता समाज पार्टी) ने 5 अप्रैल को नामांकन पत्र दाखिल किया था। जबकि दिनेश राम (निर्दलीय), घुरन राम (राजद), सुषमा मेहता (भाकपा), विष्णु दयाल राम (भाजपा), श्याम नारायण भुईंया (निर्दलीय), बृजमोहन पासवान (निर्दलीय) और उमेश कुमार पासवान (वोटर पार्टी इंटरनेशनल) ने
6 अप्रैल को नामांकन किया था।

विदित हो कि कल 10 अप्रैल को स्क्रूटनी ( नामांकन पत्रों की जांच) 12 अप्रैल को प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकेंगे। 29 अप्रैल को मतदान होना है और मतगणना 23 मई को होगी। 

सुरेश वाडेकर की आवाज में नितिन चन्द्रा की म्यूजिक वीडियो रिलीज

 सुरेश वाडेकर की आवाज से सजी नितिन चंद्रा की नई भोजपुरी म्यूज़िक वीडियो रिलीज


नितिन चंद्रा का नया भोजपुरी म्यूज़िक वीडियो यूट्यू पर रिलीज़ हो चूका है। जिसमें गाने का बोल है  'सन सन बहे बयार बसंती'।              अमरेंद्र राय के लिखे गीत को सुरेश वाडेकर ने स्वर दिया है और उसे मधुर संगीत से सजाया है आशुतोष सिंह ने।            म्यूज़िक वीडियो के निर्माता नीतू एन. चंद्रा, राहुल एस. यादव और नितिन नीरा चंद्रा तथा निर्देशक नितिन नीरा चंद्रा है।             इस म्यूज़िक वीडियो के कलाकार प्रतीक्षा रायऔर दीपक सिंह हैं। जिसे चम्पारण टॉकीज़ के  यूट्यूब चॅनेल 'बेजोड़' से रिलीज़ किया गया है। 


नितिन चंद्रा अपने प्रारम्भिक समय से ही भोजपुरी, मैथिलि, मगही इत्यादि भाषाओँ में कुछ बेहतर 
करने की हर संभव कोशिश कर रहे हैं। और इसका परिणाम भी अच्छा मिल रहा है। 
            वैसे तो ये आज किसी पहचान के मोहताज  नहीं हैं। लेकिन फिर भी आपको  बता दूँ की नितिन चंद्रा बिहार के एकमात्र निर्देशक हैं जिनकी भोजपुरी  फ़िल्म 'देसवा' का चयन इंटरनेशनल फ़िल्म फेस्टिवल ऑफ़ इंडिया - गोवा में हुआ था।  ये एकमात्र निर्देशक हैं जिनके द्वारा बनायीं गयी मैथिलि फ़िल्म 'मिथिला मखान' को तत्कालीन  राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित  किया था।


भोजपुरी में जहाँ एक ओर अश्लीलता की भरमार है वंही दूसरी ओर नितिन चंद्रा द्वारा साफ़-सुथरा वीडियो तथा फिल्मे बनाकर उलटी दिशा में गंगा  बहाने की कोशिश करना प्रशंसनीय है।           ये बिहार की भाषाओं में अच्छी गुणवत्ता की म्यूज़िक वीडियो, शॉर्ट फ़िल्म तथा फीचर फ़िल्म बनाने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहते हैं।               उसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए इन्होने भोजपुरी में एक नया म्यूज़िक वीडियो बनाया है।आप सब इस गाने को ज़रूर सुनिए क्योंकि इस प्रकार का गीत-संगीत सुनना एक अलग अनुभव है और भोजपुरी में ऐसे गाने विरले ही मिलते हैं|