गिरिडीह (Giridih)। उपायुक्त रामनिवास यादव ने आज अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में साप्ताहिक जनता दरबार लगा फरियादियों की शिकायतों को सुना और उसके त्वरित निष्पादन हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
इस साप्ताहिक जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों में फरियादी अपनी फरियाद लेकर उपायुक्त से मुलाकात किया। उपायुक्त ने उनकी समस्याएं सुनी और फरियादियों द्वारा प्राप्त आवेदनों को संबंधित अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए यथोचित कार्रवाई का निर्देश दिया।
जनता दरबार मे आधार कार्ड, राशन कार्ड, वोटर आईडी कार्ड समेत कई मामलों का ऑन द स्पॉट भी निष्पादन किया गया। वहीं मौके पर फरियादियों ने जमीन विवाद, दाखिल खारिज, भूमि रजिस्ट्री, लगान रसीद, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, पेंशन, स्पॉन्सरशिप योजना, राशन, शिक्षा एवं अन्य समस्याओं से संबंधित आवेदन दिए। उपायुक्त ने भूमि विवाद से संबंधित शिकायतों पर अंचलाधिकारियों को तत्काल समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिया और पारदर्शी तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
आज के जनता दरबार में दो थर्ड जेंडर फरियादी पहुंचे और उपायुक्त से मिलकर अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। उपायुक्त ने दोनों थर्ड जेंडर की समस्याओं को संज्ञान लिया और त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों थर्ड जेंडर का आधार कार्ड, राशन कार्ड, वोटर आईडी कार्ड बनाने का निर्देश संबंधित अधिकारी को दिया। मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी-सह-प्रभारी पदाधिकारी, जन शिकायत समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें