शुक्रवार, 7 नवंबर 2025

राष्ट्रीय गीत "वंदे मातरम्" के 150 वर्ष पूर्ण होने पर समाहरणालय समेत सभी कार्यालयों में हुआ सामूहिक गायन

इसे भी सुनें

गिरिडीह (Giridih)। देशभक्ति की भावना जन जन में जागृत करने और भारत के स्वतंत्रता संग्राम में राष्ट्रीय गीत "वंदे मातरम" की भूमिका का जश्न मनाने के उद्देश्य से आज समाहरणालय सभागार में उपायुक्त रामनिवास यादव की उपस्थिति में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सामूहिक गायन का आयोजन किया गया।


उक्त सामूहिक गायन कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला नजारत उप समाहर्ता समेत सभी कार्यालयों के अधिकारी, प्रधान एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।


मौके पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ पर समस्त जिलेवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मातृभूमि के प्रति समर्पण, त्याग और राष्ट्रीय चेतना को जागृत करने वाला यह अमर गीत युगों-युगों तक हम सभी को प्रेरणा देता रहेगा। कहा कि बड़े ही गर्व की बात है कि आज राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् की 150वीं वर्ष बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है। 


उपायुक्त ने कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि देश की आत्मा, स्वाभिमान और स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य नई पीढ़ी में देशभक्ति और सांस्कृतिक मूल्यों को और मजबूत बनाना है।


इस अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा समाहरणालय, अनुमंडल कार्यालय, प्रखंड कार्यालय समेत सभी कार्यालयों में सामूहिक गायन का आयोजन किया गया और देशभक्ति की भावना और भारत के स्वतंत्रता संग्राम में इसकी भूमिका को याद किया गया। 




कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें