गिरिडीह (GIRIDIH)। जिले के तीसरी थाना क्षेत्र में माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मी की प्रताड़ना से तंग आकर एक महिला ने फांसी के फंदे से झूल अपनी जान दे दी है। मृतक तीसरी थाना क्षेत्र के भुराई गांव की सुलेखा देवी है।
बताया जा रहा है कि तीसरी थाना क्षेत्र के भुराई गांव निवासी अमरजीत शर्मा की पत्नी सुलेखा देवी ने अपनी आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी से 50 हजार रुपए लोन लिया था। लोन लेने के बाद कंपनी के कर्मी किस्त की राशि लेने के लिए बार-बार उसके ऊपर दबाव डाल रहे थे।
सोमवार सुबह भी अचानक कंपनी के कर्मी सुलेखा देवी के घर पहुंच कर पैसे मांग करने लगे और उसे तरह-तरह से प्रताड़ित करने लगे। इसी बीच सुलेखा देवी ने इस मामले की जानकारी ग्रामीणों को दी। सुलेखा देवी को यह डर लगने लगा कि कंपनी के कर्मी उसके साथ कुछ गलत कर देंगे। इसके बाद एक ओर जहां कंपनी के कर्मी सुलेखा देवी के घर के नीचे डेरा जमाए हुए थे, वहीं दूसरी ओर सुलेखा देवी ने अपने घर में फांसी के फंदे से झूलकर अपनी जान दे दी।
गौरतलब है कि इन दिनों गिरिडीह जिले में माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों का मनोबल इस कदर बढ़ने लगा है कि कंपनी के लोग ग्रुप में महिलाओं को लोन देने के बाद लोन की किस्त की राशि लेने के लिए महिलाओं पर अलग-अलग तरीके से दबाव डालने लगे हैं। कंपनी के कर्मी फोन पर महिलाओं को धमकी देने के साथ साथ उनके घर पर पहुंचकर भी उन्हें बेइज्जत करते हैं। कंपनी के कर्मियों से प्रताड़ित होकर महिलाएं अब कुछ रुपए के कारण अपनी जान देने लगी है। जिले में अब तक ऐसी कई घटनाएं घटित हो चुकी है। बाबजूद इसके प्रशासन इस पर अंकुश लगाने की दिशा में अब तक कोई खास कदम नहीं उठाया है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें