सोमवार, 23 दिसंबर 2024

प्रवासी मजदूर का शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम, परिजनों के करुण विलाप से पसरा मातम

खबर सुन पहुंचे बगोदर विधायक नागेंद्र महतो परिवार से मिल बंधाया ढांढस

गिरिडीह (GIRIDIH)। प्रवासी मजदूर पवन कुमार मंडल का शव गांव पहुंचते हीं परिजनों के करुण विलाप से पूरे गांव में कोहराम मच गया। बता दें कि गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड क्षेत्र के केशोडीह पंचायत के बरांय गांव निवासी प्रवासी मजदूर पवन कुमार मंडल का ओडिसा में एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गया था। मृतक पवन बरांय गांव निवासी हीरालाल मंडल का पुत्र था। वह अपने पीछे पत्नी, एक 3 वर्षीय पुत्री और 16 माह का एक पुत्र को छोड़ गया है। सोमवार अहले सुबह उसका शव उसके पैतृक गांव बरांय पहुंचा। शव के गांव पहुंचते ही गांव में मातम पसर गया।


परिवार जनों से मिली जानकारी के अनुसार पवन मंडल उड़ीसा में एक निजी कंपनी में ड्राइवर के पद पर  कार्यरत था। बीते 17 दिसंबर को पवन को एक हाइवा ने अपनी चपेट में ले लिया था। जिससे वह गम्भीर रूप से घायल हो गया था। घायलावस्था में पवन को इलाज हेतु स्थानीय एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उसकी मौत की खबर सुन परिजनों के समक्ष दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा। सभी कागजी प्रक्रिया पूरी कर उसके शव को सोमवार सुबह गांव लाया गया।

प्रवासी मजदूर पवन का शव गांव पहुंचने की खबर सुन बगोदर विधायक नागेंद्र महतो मृतक के घर पहुंचे और उसका अंतिम दर्शन कर घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त किया। इस दौरान विधायक शोक संतप्त परिवार से मिल उनका ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिया। 

मौके पर विधायक ने कम्पनी के उच्च अधिकारी और श्रम विभाग से फोन से वार्ता कर पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग किया। इस दौरान जिप सदस्य सूरज सुमन, केशोडीह मुखिया केके वर्मा, मनकडीहा मुखिया निरंजन वर्मा, पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि सह भाजपा नेता मनोज सिंह समेत काफी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें