बुधवार, 12 फ़रवरी 2025

आज का राशिफल, कैसा रहेगा आज का दिन, क्या कहता है आपकी राशिफल, जानिए

आज का राशिफल ::12 :: 02 :: 2025 बुधवार

12 फरवरी 2025 : आज परम पवित्र माघ माह के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि और दिन बुधवार है। इस तिथि पर आश्लेषा नक्षत्र और सौभाग्य योग का संयोग रहेगा। दिन के शुभ मुहूर्त की बात करें तो आज अभिजीत मुहूर्त नहीं है। राहुकाल 12:41 − 14:05  मिनट तक है। चंद्रमा कर्क राशि में संचरण करेंगे।
आज माघ पूर्णिमा मनाई जाएगी। इस दिन स्नान-दान का विशेष महत्व माना जाता है। इसके अलावा इस दिन सूर्य देव भी अपनी राशि बदल रहे हैं। इस दौरान सूर्य देव कुंभ राशि में प्रवेश करेंगे। इसलिए आज कुंभ संक्रांति का त्योहार भी मनाया जाएगा। वही माघ पूर्णिमा पर गुरु रविदास जयंती भी मनाई जाती है। धार्मिक मान्यता है कि माघी पूर्णिमा के दिन श्रीहरि विष्णु स्वंय ही गंगाजल में निवास करते हैं। इसलिए इस दिन पवित्र नदी में स्नान करना बेहद शुभ माना जाता है। इसके साथ ही इस खास मौके पर सूर्यदेव को जल अर्घ्य देने के बाद दान-पुण्य के कार्य किए जाते हैं। विष्णुजी और मां लक्ष्मी की विधिवत पूजा की जाती है। सत्यनारायण भगवान की कथा सुनी जाती है। पितरों की आत्माशांति के लिए श्राद्ध, तर्पण और पिंडदान भी किया जाता है। माघी पूर्णिमा के दिन विष्णुजी को प्रसन्न करने और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद पाने के लिए कई विशेष उपाय भी किए जाते हैं। मान्यता है कि इन सरल उपायों से साधक के सभी कष्ट दूर होते हैं और जीवन में धन, सुख-संपन्नता बनी रहती है।



आज का पंचांग: 12 फरवरी 2025, बुधवार, 
विक्रम सम्वत : 2081, शाका : 1946, मास : माघ, पक्ष : शुक्ल पक्ष, तिथि : पूर्णिमा तिथि 07:23 PM तक उपरांत प्रतिपदा, ऋतु : शिशिर, नक्षत्र : नक्षत्र आश्लेषा 07:35 PM तक उपरांत मघा,  सूर्योदय : 07:05 AM प्रातः सूर्यास्त : 06: 17 PM सायं, राहुकाल : 12:41 PM से 02:05 PM तक, चन्द्रमा : कर्क राशि पर 07:35 PM तक उपरांत सिंह राशि पर संचार करेगा। 
व्रत-त्यौहार : माघ पूर्णिमा, माघ स्नान समाप्त, पूर्णिमा व्रत, कुंभ संक्रांति, रविदास जयंती



आज :: 12:: 02 :: 2025 का राशिफल


मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
मेष राशि वालों के लिए दिन खर्च भरा रहने वाला है। आपको अपने खर्चों की योजना बनानी होगी। आपकी आय के स्रोत बढ़ेंगे, जिससे आप खुश रहेंगे। अगर आपको आंखों से संबंधित कोई समस्या थी, तो बिल्कुल भी आराम न करें। आप कोई नई प्रॉपर्टी खरीदने की योजना बना सकते हैं। आपकी मेहनत रंग लाएगी, आप कोई नई प्रॉपर्टी खरीदने की योजना बनाएंगे। अगर आप किसी की सुनी-सुनाई बातों पर कोई कदम उठाते हैं, तो बाद में आपको इसका पछतावा होगा।भाग्यशाली अंकः 7, भाग्यशाली रंगः केसरिया


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
वृष राशि वालों के लिए आज का दिन मिला-जुला रहने वाला है। आपको कोई भी फैसला थोड़ा सोच-समझकर लेने की जरूरत है। आपके मन में प्रेम और सहयोग की भावना बनी रहेगी। अपने मन में नकारात्मक विचार बिल्कुल न रखें। मौसम का आपके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है और आप कोई प्रॉपर्टी खरीदने की योजना बना सकते हैं, जिसमें आपको चल-अचल पहलुओं की स्वतंत्र रूप से जांच करनी होगी। भाग्यशाली अंक: 8, भाग्यशाली रंगः सुनहरा


मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
मिथुन राशि वालों के लिए आज का दिन सामान्य रहने वाला है। किसी पर भी आंख मूंदकर भरोसा न करें। अगर आपकी कोई पसंदीदा चीज खो गई थी तो वह मिल सकती है। अगर आपको नसों से जुड़ी कोई समस्या थी तो वह भी ठीक हो सकती है। आप अपने रुके हुए काम समय पर पूरा करने की कोशिश करेंगे। आपके घर कोई मेहमान आ सकता है। भाग्यशाली अंक: 6,भाग्यशाली रंगः सफेद



कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
कर्क राशि वालों को खान-पान पर पूरा ध्यान देना होगा। अपनी दिनचर्या को बेहतर रखने की कोशिश करें और अगर कार्यक्षेत्र में आपसे कोई गलती हो जाए तो उसके लिए तुरंत अपने बॉस से माफी मांग लें। आप किसी काम से यात्रा पर जा सकते हैं। आप मिल बैठकर पारिवारिक विवादों को सुलझाने की कोशिश करेंगे। आपका कोई सपना पूरा होने से मन प्रसन्न रहेगा। भाग्यशाली अंकः 8, भाग्यशाली रंगः नीला


सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
सिंह राशि वालों के लिए आज का दिन तनावपूर्ण रहने वाला है। आपको अपने विरोधियों से सावधान रहने की जरूरत है। किसी से भी अहंकार से बात न करें। कार्यक्षेत्र में आपके विरोधी आपके काम का विरोध कर सकते हैं। संतान के करियर को लेकर आप तनाव में रहेंगे। नौकरी में आपको अच्छी उछाल देखने को मिलेगी। ट्रांसफर के कारण आपको एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाना पड़ सकता है। राजनीति में आपको सावधानी से कदम उठाने चाहिए। भाग्यशाली अंकः 9, भाग्यशाली रंगः हरा


कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
कन्या राशि वालों को अपने व्यवहार में मधुरता बनाए रखनी होगी। आपको किसी से सोच-समझकर बात करनी होगी। आपकी खुशी की कोई सीमा नहीं रहेगी। बच्चे आपकी उम्मीदों पर खरे उतरेंगे। किसी की कही हुई बात आपको बुरी लगेगी। फिर भी आप उनसे कुछ नहीं कहेंगे। जो लोग सिंगल हैं वे अपने पार्टनर को परिवार के लोगों से मिलवा सकते हैं। परिवार में कोई नया मेहमान आ सकता है। भाग्यशाली अंक: 9, भाग्यशाली रंगः काला



तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
तुला राशि वालों को अपने काम सोच समझकर करने की जरूरत है। अगर आपको किसी जरूरतमंद की मदद करने का मौका मिलता है तो आप उसकी मदद जरूर करेंगे। दूसरों के मामले में बेवजह बोलने से आपको बचना होगा। खाली बैठकर समय बर्बाद करने से बचें। बिजनेस करने वाले लोग अपने बिजनेस में कुछ नया प्रयोग कर सकते हैं। जिसका उन्हें आगे चलकर बेहतर फायदा जरूर मिलेगा। आपको अपने किसी विरोधी के बहकावे में आने से बचना होगा।
भाग्यशाली अंक: 4, भाग्यशाली रंगः आसमानी


वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
वृश्चिक राशि वालों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। आपको नई नौकरी मिल सकती है। आपको थोड़ा सोच समझकर फैसला लेना होगा। छात्रों को अपनी पढ़ाई में चल रही समस्याओं के बारे में अपने सीनियर्स से बात करनी होगी। आपको कोई सरप्राइज गिफ्ट मिल सकता है। आप अपने घर की जरूरतों के लिए शॉपिंग पर भी अच्छा खासा पैसा खर्च करेंगे।
भाग्यशाली अंक: 5, भाग्यशाली रंगः हरा
 


धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
धनु राशि वालों को काम के सिलसिले में कहीं बाहर जाना पड़ सकता है। युवाओं के लिए कोई बेहतर रिश्ता आ सकता है। आप परिवार के सदस्यों के साथ कुछ समय बिताएंगे और कुछ पुरानी यादें ताज़ा करेंगे। आज काम के लिए आपको काफी भागदौड़ करनी पड़ेगी। आपके दोस्त भी आपके काम से काफी खुश रहेंगे। आपके अंदर काफी ऊर्जा रहेगी, जिससे आपका काम भी आसानी से पूरा हो जाएगा।
भाग्यशाली अंक: 1, भाग्यशाली रंगः सफेद



मकर🐊(भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
मकर राशि वालों के लिए आज का दिन सामान्य रहने वाला है, जो लोग काम के सिलसिले में इधर-उधर भटक रहे हैं, उन्हें कोई सूचना सुनने को मिल सकती है। आपके किसी मित्र से आपकी अच्छी पटेगी। पारिवारिक मामलों को घर पर ही सुलझाएंगे तो आपके लिए बेहतर रहेगा। व्यापार में आपको काम के लिए कुछ सहकर्मियों की मदद लेनी पड़ सकती है। परिवार में किसी लड़ाई के कारण परेशानियां बढ़ेंगी। किसी बात को लेकर आपका मन परेशान रहेगा।
भाग्यशाली अंक: 6, भाग्यशाली रंगः नीला


कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा) 
कुंभ राशि वालों को किसी भी विपरीत परिस्थिति में धैर्य बनाए रखना होगा। अगर आपके दिमाग में कोई विचार आता है, तो उसे कतई न छोड़ें। काम में आपकी काफी रुचि रहेगी। व्यापार में आप कुछ नई प्रगति करेंगे। अगर कोई परेशानी आपको परेशान कर रही थी तो वह भी काफी हद तक दूर हो सकती है। किसी पुराने मित्र से लंबे समय बाद मिलकर आप खुश होंगे। आपको अपने काम में लापरवाही बरतने से बचना होगा। भाग्यशाली अंक: 5, भाग्यशाली रंगः सुनहरा


मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
मीन राशि के जातकों के कुछ नया करने के प्रयास बेहतर रहेंगे। ऑनलाइन काम करने वाले लोगों को अपनी गुणवत्ता पर पूरा ध्यान देने की जरूरत है। अगर आपको आंखों से जुड़ी कोई समस्या थी तो वह बढ़ सकती है। आपके घर पर कोई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित हो सकता है, जिसमें परिवार के सभी सदस्य व्यस्त रहेंगे। आप अपने पसंदीदा भोजन का आनंद लेंगे। आपको इधर-उधर की बातों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। भाग्यशाली अंकः 1,भाग्यशाली रंगः पीला


 
कृपया ध्यान दें👉 

      यद्यपि शुद्ध राशिफल की पूरी कोशिश रही है फिर भी इन राशिफलों में और आपकी कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर आपके जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।


        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷



मंगलवार, 11 फ़रवरी 2025

अखिल भारतीय तरुण मित्र परिषद का 55वां दिव्यांग शिविर गिरिडीह में हुआ सम्पन्न

गिरिडीह (Giridih)।  दिल्ली की सामाजिक संस्था अखिल भारतीय तरुण मित्र परिषद द्वारा 55वें दिव्यांग शिविर का आयोजन मंगलवार को स्थानीय जैन धर्माशाला में किया गया। इस शिविर में 45 दिव्यांगों को कृत्रिम अंग (हाथ व पैर), 35 पोलियो कैलिपर्स, 15 ऑर्थोशूज (जूते), 21  स्टिक,1 वाॅकर,12 जोड़े बैसाखियां एवं 31 श्रवणहीन बुजुर्गों को श्रवणयंत्र प्रदान करने हेतु चयन कर नाप लिया गया। आगामी 2 मार्च को पुनः एक कैम्प आयोजित कर सभी दिव्यांग जनों एवं लाभुकों को उनकी कृत्रिम अंग समेत अन्य सामग्री प्रदान की जायेगी।


इस शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि श्यामा प्रसाद संरक्षण पदाधिकारी अर्चना कुमारी एवं जिला बाल संरक्षण इकाई के काउंसलर नीलम कुमारी ने संयुक्त  रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। वहीं इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिले के प्रमुख उद्योगपति अशोक जैन पांड्या ने एवं संचालन लोकेश जैन सेठी ने किया।


कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए अशोक जैन पंड्या ने कहा कि तरुण मित्र परिषद ने दिव्यांग कैम्प का आयोजन कर सराहनीय कार्य किया है। इस महान सामाजिक कार्य मे हमे सहयोग का अवसर देकर हमे कृतार्थ किया है।


परिषद के महासचिव अशोक जैन ने अपने सम्बोधन में कहा कि दिल्ली के सुमत प्रसाद व बिमला देवी जैन की स्मृति मे कौशल, राकेश, मुकेश व राजेश जैन परिवार के सहयोग से यह 55वां दिव्यांग कैम्प आयोजित है। इसके लिए उन्होंने जैन परिवार दिल्ली के प्रति आभार प्रकट किया। कहा कि आज के कैम्प में जिनका नाप लिया गया है।आगामी 2 मार्च को पुनः एक कैम्प आयोजित कर उन सबों को उनका कृत्रिम अंग समेत अन्य सामग्री प्रदान की जायेगी।

वहीं उन्होंने कैम्प को सफल बनाने में जैन समाज के अध्यक्ष विजय जैन सेठी, मंत्री अजय जैन सेठी गुड्डु, जैन युवा संगठन, श्री दिगम्बर जैन  पंचायत, महिला समाज के सभी पदाधिकारी, जिला प्रशासन एवं मीडिया के प्रति भी आभार जताया। कार्यक्रम में परिषद के संगठन सचिव राकेश जैन, सहसचिव आलोक जैन, अजीत सेठी, महेश जैन समेत समाज के काफी संख्या पुरुष व महिलाएं उपस्थित थी।

सड़क दुर्घटना में घायल अनुसेवक की रांची ले जाने के क्रम में हुई मौत, शोक में डूबा सरिया

गिरिडीह (Giridih)। सरिया अंचल कार्यालय में अनुसेवक पद पर कार्यरत सच्चिदानंद प्रसाद (45)की मंगलवार को इलाज हेतु रांची ले जाने के क्रम में रास्ते मे मौत हो गई। उनके मौत की खबर सुन सरिया अंचल कार्यालय परिवार काफी मर्माहत है। वहीं अनुसेवक सच्चिदानंद प्रसाद के आकस्मिक निधन पर मंगलवार को सरिया अंचल कार्यालय में एक शोक सभा आयोजित कर अंचल के कर्मियों व पदाधिकारियों ने शोक संवेदना व्यक्त की। लोगों ने 2 मिनट का मौन रखकर ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति हेतु प्राथना किया। 


अंचल अधिकारी संतोष कुमार ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दिवंगत सच्चिदानंद प्रसाद अपने कार्य के प्रति काफी ईमानदार व कर्तव्यनिष्ठ व्यक्ति थे। उन्होंने बीते एक दशक से अधिक समय से अंचल कार्यालय में ईमानदारी पूर्वक सेवा दी। वहीं सरिया के अनुमंडल पदाधिकारी संतोष गुप्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी ललित नारायण तिवारी, विनय कुमार, राजेश सूर्या, तासीन अंसारी, डॉ अनूप कुमार, विशाल कुमार आदि ने भी उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त किया।


शनिवार की रात सड़क दुर्घटना में हुए थे घायल

मूलतः बिहार प्रदेश के गया जिला के रहने वाले सच्चिदानंद प्रसाद बीते लगभग 14 वर्षों से सरिया अंचल कार्यालय में अनुसेवक के पद पर कार्यरत थे। बीते शनिवार की रात लगभग 9:00 बजे वो बगोदर  से अपनी बाइक से सरिया अंचल कार्यालय स्थित अपना आवास आ रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये। आनन-फानन में उन्हें स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर उन्हें बेहतर इलाज हेतु धनबाद रेफर कर दिया था। लेकिन धनबाद में भी उनकी स्थिति में कोई सुधार नहीं होता देख चिकित्सक ने मंगलवार को उन्हें रांची रेफर कर दिया। रांची ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उनकी मौत हो गयी। उन्होंने अपने पीछे पत्नी सुमन कुमारी और दो पुत्र क्रमशः सोनू और मोनू को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।

24 कुंडीय शक्ति संवर्धन गायत्री महायज्ञ पूर्णाहुति एवं भव्य भंडारे के साथ हुआ संपन्न

गिरिडीह (Giridih)। अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा आयोजित 24 कुंडीय शक्ति संवर्धन गायत्री महायज्ञ पूर्णाहुति एवं भव्य भंडारे के साथ संपन्न हुआ। यज्ञ के अंतिम दिन आज लगभग डेढ़ हजार लोगों ने यज्ञ भगवान को आहुतियां दी और सबों के उज्जवल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की मंगलकामना यज्ञ भगवान से की। वहीं यज्ञ के अंतिम दिन आज 5 बच्चों का मुंडन संस्कार एवं 11 बच्चों का विद्यारंभ हुआ। 35 लोगों ने गायत्री महामंत्र की दीक्षा ली। दर्जनाधिक लोगों ने नशा नहीं करने, फैशन परस्ती, क्रोध, आलस्य त्यागने का एवं नियमित सूर्य ध्यान, गायत्री मंत्र जप, लेखन एवं वृक्षारोपण करने का संकल्प लिया। वहीं भंडारे हजारों लोग शामिल हो भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।


वहीं इसके पूर्व सोमवार की शाम गायत्री शक्तिपीठ में दीप महायज्ञ का आयोजन किया गया। जिससे पूरा शक्तिपीठ परिसर दीपक के प्रकाश से जगमगा उठा था। मौके पर शांतिकुंज हरिद्वार से पधारे प्रतिनिधि बालक राम रत्न मूल ने कहा कि बर्तमान दौर में दुनिया में संपत्ति साधन तो आवश्यकता से अधिक बढे हैं लेकिन मनुष्य के अंदर का मानवीय संस्कार यथा दया, करुणा, ईमानदारी, श्रमशीलता, परमार्थ परायणता, सहायता की भावना प्रायः समाप्त हो गई है। 

उन्होंने कहा कि गायत्री शक्तिपीठ मानवता की अस्तित्व रक्षा की अंतिम लड़ाई लड़ रही है। मनुष्य अब भी नहीं सुधरा तो दुनिया तहस-नहस हो जाएगी।  कहा कि वर्तमान समय में  मनुष्य अपनी आय का 60% हिस्सा नशा, युद्ध, मुकदमें बाजी, फैशन परस्ती आदि दुर्गुणों में खर्च कर रहा है। इसे रोक कर हम एक अच्छा जीवन जी सकते हैं। 



कार्यक्रम को सफल बनाने में कामेश्वर सिंह, दर्शन पंडित, बासुकीनाथ  राय, भागीरथ प्रसाद सिंह, नरेश यादव, तुलसी पंडित, अनिरुद्ध राम, महेश गुप्ता, अतुल कुमार, विकास बरबिघैया, रतन राम, उर्मिला बरनवाल, वीणा गुप्ता, पूनम बरनवाल, रंजीता बरनवाल, अर्चना देवी, पार्वती बरनवाल, पुष्पा शक्ति, सुमन गुप्ता, मधु चौरसिया, अमृता बरनवाल, शशि बरनवाल सहित गायत्री परिवार के भाइयों एवं बहनों का भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ।

सुरक्षित इंटरनेट के उपयोग हेतु समाहरणालय सभाकक्ष में हुआ एक दिवसीय कार्यशाला

गिरिडीह (Giridih)।  सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश के आलोक में इंटरनेट के बढ़ते उपयोग एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्धारित थीम "साथ मिलकर एक बेहतर इंटरनेट के लिए" विषय पर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने की। मौके पर  जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, साइबर क्राइम, सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी समेत की अधिकारी पदाधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे। 


कार्यशाला को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 11 फरवरी को Safer Internet Day मनाया जा रहा है। कहा कि इंटरनेट एक शक्तिशाली उपकरण है जिसमें सीखने, कौशल बढ़ाने और नई योग्यताएं और ज्ञान प्राप्त करने के बहुत सारे अवसर हैं। लेकिन इसमें जोखिम भी आते हैं।  कहा कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य दुनिया में सुरक्षित और बेहतर इंटरनेट सेवा प्रदान करना है। प्रत्येक इंटरनेट उपभोक्त अपने डेटा (निजि जानकारी) को उजागर किए बिना भी जिम्मेदारी के साथ इंटरनेट का उपयोग कर सकता है।  लेकिन बच्चों और युवाओं की सुरक्षाके लिए ठोस कदम उठाना जरूरी है। 

मौके पर जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय में इंटरनेट की उपयोगिता काफी बढ़ गया है। इस साल सुरक्षित इंटरनेट दिवस की थीम, 'टुगेदर फॉर ए बेटर इंटरनेट' है। इस थीम का चयन इसलिए किया गया ताकि इससे जुड़े सभी लोग एक साथ आने के लिए प्रोत्साहित हो सके। जिससे वेब को सभी के साथ खासकर बच्चों और युवाओं के लिए के लिए एक सुरक्षित और बेहतर जगह बनाया जा सके।


उन्होंने कहा कि इंटरनेट और सोशल मीडिया के इस दौर में सुरक्षित इंटरनेट दिवस का महत्व काफी बढ़ गया है। इस दिवस पर लोगों को इंटरनेट के सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में जागरूक करने के साथ ही साइबर हमलों का सामना करने के लिए शिक्षित भी किया जाता है। सेफर इंटरनेट दिवस पर कई कार्यक्रमों, माध्यमों द्वारा जागरूकता फैलाने का प्रयास किया जाता है।



 कार्यशाला के दौरान साइबर अपराध क्या है, यह क्यों और कैसे होता है, पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तार से बताया गया। साथ ही इससे बचाव के उपाय भी बताए। बताया गया कि आपके मोबाइल नंबर से साइबर अपराधी किसी दूसरे को फोन कर सकते हैं और आपको पता भी नहीं चलेगा। इसे एआइ तकनीक कहते हैं। कार्यक्रम में मौजूद युवाओं ने भी कार्यशाला के दौरान अपनी अपनी बातें रखी।

बोलेरो और बाइक में भीषण टक्कर, हादसे में एक युवक की मौत, दो गंभीर


गिरिडीह (Giridih)।
जिले के देवरी थाना क्षेत्र के जलखरियोडीह गांव के समीप बोलेरो और बाइक के बीच भीषण टक्कर हो गई। घटना में बाइक सवार एक युवक रोहित कुमार राम उर्फ गोलू की मौके पर मौत हो गयी। वहीं बाइक पर सवार दो अन्य युवक राजा राम व सिंटू कुमार राय बुरी तरह घायल हो गए हैं। घटना सोमवार रात की है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने जमुआ देवघर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। 



जानकारी के अनुसार मकडीहा गांव निवासी रोहित राम उर्फ गोलू अपने पल्सर बाइक में पेट्रोल भरवाने अपने दो दोस्त राजा और सिंटू कुमार के साथ बजगुन्दा (जलखरियोडीह) स्थित पेट्रोल पंप जा रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार बोलेरो ने जमुआ देवघर मुख्य मार्ग के जलखरियोडीह के समीप उसकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में रोहित की मौके पर मौत हो गयी। जबकि राजा और सिंटू गम्भीर रूप से घायल हो गया।


घटना की जानकारी परिजनों और गांववालों को मिलते ही सभी घटनास्थल पर पहुंच मुख्य सड़क को जाम कर दिया। वहीं ग्रामीणों ने दोनों घायल युवकों को इलाज हेतु अस्पताल भेजा। मुख्य सड़क के जाम होने और दुर्घटना की सूचना मिलने पर देवरी थाना प्रभारी सोनू कुमार साहू, भेलवाघाटी के थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार व चतरो एसएसबी कैंप के जवान घटनास्थल पर पहुंच आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने बुझाने में जुट गए। लेकिन ग्रामीण सड़क पर डटे रहे और मृतक का शव उठाने भी नहीं दे रहे थे। 

 
काफी मशक्कत के बाद देर रात गये पुलिस ने किसी तरह ग्रामीणों को समझा बुझा जाम हंटवाने में सफलता पायी और शव और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में लेकर थाना चली गयी। 
वहीं पुलिस ने सारी प्रक्रिया पूरी कर मंगलवार को मृतक युवक रोहित के शव को पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

जब मृत बेटी ने फोन पर पिता को कहा-"पापा मैं अभी जिंदा हूँ ! घर मे पसरा मातम खुशियों में बदला

पुर्णिया (Bihar)। एक पिता अपनी बेटी के श्राद्ध कर्म की तैयारी कर रहा था। पूरा परिवार गम में डूबा था। एक महीने पहले उनकी बेटी लापता हो गई थी। बाद में नहर से एक लाश मिली, पिता और घरवालों ने कपड़े देख कर पुलिस को बताया कि ये उनकी ही बेटी है। इसके बाद इलाके के लोग भी गमजदा हो गए। इसी बीच मृत बेटी ने पिता के मोबाइल पर फोन कर कहा कि -पापा मैं अभी जिंदा हूँ!


मामला पूर्णिया जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र का है। यहां की रहने वाली अंशु कुमारी एक महीने पहले अचानक रहस्यमय तरीके से गायब हो गई। कुछ दिन पहले नहर से एक लड़की की लाश मिली। शव की पहचान परिजनों ने अपनी लापता बेटी के रूप में किया। लेकिन अचानक उस मरी हुई बेटी ने पिता के मोबाइल पर फोन किया और कहा 'पापा, हम अभी जिंदा हैं, मरे नहीं हैं।' 

रहस्यमय तरीके से गायब हुई थी अंशु

अंशु कुमारी करीब एक महीने पहले लापता हो गयी थी। परिवार ने उसकी काफी तलाश की लेकिन लड़की का पता नहीं चल सका। पिछले हफ्ते, पुलिस ने एक स्थानीय नहर से एक लड़की का शव बरामद किया था। इसके बाद अंशु के परिवार ने कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान अंशु के रूप में की थी। हालांकि उसका चेहरा पानी में डूबने के चलते इतना फूला गया था कि उसे पहचानना नामुमकिन जैसा ही था। पिता इतने सदमे में थे कि उन्होंने दाह संस्कार की रस्मों से अपने पैर खींच लिए थे। अंत में उसके दादा को श्राद्ध पूरा करने के लिए कहा गया।


प्रेमी के साथ भागी थी अंशु

इसी बीच अंशु ने अपने पिता बिनोद मंडल के मोबाइल फोन पर वीडियो कॉल किया। उसने बताया कि 'पापा मैं अभी जिंदा हूं।' इसके बाद श्राद्ध की तैयारी कर रहे परिवार में नई जान आ गई। घर में मातम की जगह फिर से खुशियों ने ले ली। इसके बाद साहस जुटाते हुए अंशु ने अपने पिता को आगे बताया कि वास्तव में वो अपने प्रेमी से शादी करने के लिए उसके साथ भाग गई थी। फिलहाल वो पूर्णिया के ही बनमनखी ब्लॉक के जानकीनगर इलाके में अपने ससुराल में रह रही है। 

अकबरपुर के SHO ने किया अंशु को फोन

अकबरपुर के SHO सूरज प्रसाद ने बताया कि 'जब मुझे घटना के बारे में पता चला, तो मैंने सच्चाई जानने के लिए लड़की के मोबाइल फोन पर वीडियो कॉल किया। उसने मुझे बताया कि वह अपने ससुराल वालों के साथ ठीक से है।' अब सवाल ये कि आखिर वो लड़की कौन थी, जिसकी लाश नहर से मिली थी। अंतिम संस्कार की गई लड़की के संबंध में SHO ने कहा कि 'उसकी पहचान अब साफ हो चुकी है। ये प्रेम प्रसंग में ही ऑनर कीलिंग (हत्या) का मामला है। लड़की के घरवालों के घर छापा मारा गया था। लेकिन वो फरार हो चुके थे।'

मैट्रिक और इंटर की परीक्षाएं शुरू, 7 लाख से ज्यादा परीक्षार्थी दे रहे परीक्षा

Ranchi/Giridih। झारखंड में आज से मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं शुरू हो गयी है। मैट्रिक परीक्षा पहली पाली में सुबह 9:45 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगी। इसके बाद इंटर की परीक्षा दूसरी पाली में 2 बजे से शाम 5:20 बजे तक होगी। राज्य में मैट्रिक के लिए 1305 और इंटर के लिए 795 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं। जिसमें कुल 7,83,711 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। इस साल मैट्रिक और इंटर दोनों परीक्षाओं में परीक्षार्थियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।


गिरिडीह में 66 केंद्रों में इंटर और 95 केंद्रों में मैट्रिक की हो रही परीक्षा 

जिला शिक्षा पदाधिकारी वसीम अहमद ने बताया कि गिरिडीह जिले के 66 परीक्षा केंद्रों में 28410 परीक्षार्थी इंटरमीडिएट की परीक्षा देंगे, जबकि 95 परीक्षा केंद्रों में 40,366 परीक्षार्थी मैट्रिक की परीक्षा में शामिल होंगे। श्री अहमद ने कहा कि मैट्रिक और इंटर बोर्ड की परीक्षा 11 फरवरी से तीन मार्च तक चलेगी। मैट्रिक की परीक्षा प्रथम पाली (9:45 बजे पूर्वाह्न से 01:00 बजे अपराह्न तक) तथा 12वीं की परीक्षा द्वितीय पाली (02:00 बजे 05:15 बजे तक) में होगी।


स्टैटिक दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति

परीक्षा के सफल संचालन को लेकर स्टैटिक दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है। सभी परीक्षा केंद्रों में विधि व्यवस्था के बेहतर संधारण को लेकर दंडाधिकारी के साथ-साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।  बताया कि जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग कदाचारमुक्त परीक्षा संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में परीक्षा हो रही है। केंद्राधीक्षक के पास फोन रहेगा। इसके अलावा कोई और फोन का उपयोग नहीं करेंगे।



परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए सुविधा

परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थियों के लिए पानी, बिजली, पर्याप्त रोशनी, स्वच्छ शौचालय, सीसीटीवी सहित अन्य सुविधाएं सुनिश्चित किया गया है।  परीक्षा अवधि में सीसीटीवी से निगरानी रखी जा रही है। परीक्षा केंद्रों में स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारी तैनात हैं।

मंत्री इरफान अंसारी ने सुप्रीम कोर्ट से याचिका ली वापस

रांची(Ranchi)। राज्य सरकार के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सुप्रीम कोर्ट से अपनी याचिका वापस ले ली है। सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस बीवी नागरत्ना और जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा की बेंच में इरफान अंसारी की याचिका पर सुनवाई हुई। इस दौरान उनकी ओर से उपस्थित अधिवक्ता ने याचिका वापस लेने का आग्रह किया, जिसे कोर्ट ने स्वीकार करते हुए याचिका वापस लेने की अनुमति दे दी।

क्या है मामला: 

बता दें कि वर्ष 2018 में छेड़छाड़ की शिकार एक बच्ची की तस्वीर वायरल करने के मामले में इरफान अंसारी पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है। इरफान पर आरोप है कि वर्ष 2018 में एक चार साल की बच्ची के साथ छेड़खानी की घटना हुई थी। बच्ची का समुचित इलाज सुनिश्चित कराने को लेकर विधायक इरफान अंसारी बच्ची से मिलने अस्पताल पहुंचे थे। इसी दौरान पीड़ित बच्ची की एक फोटो खींची गई थी, वह फोटो वायरल हुई थी। आरोप है कि इरफान अंसारी के मोबाइल से बच्ची की फोटो वायरल हुई थी। संबंधित फोटो से बच्ची की पहचान उजागर हो रही थी, जिसके बाद कोर्ट ने मामले में संज्ञान लिया था। 


हाईकोर्ट ने याचिका की थी खारिज:

निचली अदालत ने इस मामले में संज्ञान लिया है और एमपी-एमएलए कोर्ट में उनके खिलाफ ट्रायल चल रहा है। इरफान अंसारी ने मामला रद्द करने के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट ने सितंबर 2024 में इरफान अंसारी की याचिका खारिज कर दी थी। इसके खिलाफ वह सुप्रीम कोर्ट गए थे।