गिरिडीह (Giridih)। जिले के देवरी थाना क्षेत्र के जलखरियोडीह गांव के समीप बोलेरो और बाइक के बीच भीषण टक्कर हो गई। घटना में बाइक सवार एक युवक रोहित कुमार राम उर्फ गोलू की मौके पर मौत हो गयी। वहीं बाइक पर सवार दो अन्य युवक राजा राम व सिंटू कुमार राय बुरी तरह घायल हो गए हैं। घटना सोमवार रात की है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने जमुआ देवघर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार मकडीहा गांव निवासी रोहित राम उर्फ गोलू अपने पल्सर बाइक में पेट्रोल भरवाने अपने दो दोस्त राजा और सिंटू कुमार के साथ बजगुन्दा (जलखरियोडीह) स्थित पेट्रोल पंप जा रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार बोलेरो ने जमुआ देवघर मुख्य मार्ग के जलखरियोडीह के समीप उसकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में रोहित की मौके पर मौत हो गयी। जबकि राजा और सिंटू गम्भीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी परिजनों और गांववालों को मिलते ही सभी घटनास्थल पर पहुंच मुख्य सड़क को जाम कर दिया। वहीं ग्रामीणों ने दोनों घायल युवकों को इलाज हेतु अस्पताल भेजा। मुख्य सड़क के जाम होने और दुर्घटना की सूचना मिलने पर देवरी थाना प्रभारी सोनू कुमार साहू, भेलवाघाटी के थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार व चतरो एसएसबी कैंप के जवान घटनास्थल पर पहुंच आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने बुझाने में जुट गए। लेकिन ग्रामीण सड़क पर डटे रहे और मृतक का शव उठाने भी नहीं दे रहे थे।
काफी मशक्कत के बाद देर रात गये पुलिस ने किसी तरह ग्रामीणों को समझा बुझा जाम हंटवाने में सफलता पायी और शव और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में लेकर थाना चली गयी।
वहीं पुलिस ने सारी प्रक्रिया पूरी कर मंगलवार को मृतक युवक रोहित के शव को पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें