मंगलवार, 14 जनवरी 2025

क्रीड़ा भारती का जिला स्तरीय कब्बड्डी ट्रायल प्रतियोगिता 18 जनवरी को

गिरिडीह (Giridih)।  क्रीड़ा भारती गिरिडीह की एक बैठक मंगलवार को जिलाध्यक्ष राजेन्द्र तर्वे की अध्यक्षता में संघ कार्यालय में हुई। बैठक में आगामी 18 जनवरी को गिरिडीह में जिला स्तरीय कब्बड्डी ट्रायल प्रतियोगिता कराने का निर्णय लिया गया। इस कब्बड्डी ट्रायल प्रतियोगिता में चयनित बालक और बालिका टीम व प्रतिभागी आगामी फरवरी माह में होने वाले राज्य स्तरीय कब्बड्डी प्रतियोगिता में शामिल हो गिरिडीह जिला का प्रतिनिधित्व करेंगे। 




उक्त बातें जिलाध्यक्ष राजेंद्र तरवे ने बताया। कहा कि आगामी 8 और 9 फरवरी को जमशेदपुर में क्रीड़ा भारती द्वारा राज्य स्तरीय कब्बड्डी प्रतियोगिता का आयोजन होना है। जिसमे गिरिडीह के भी प्रतिभागी शामिल होंगे। 


वहीं जिला मंत्री अमित स्वर्णकार ने बताया कि चयन प्रतियोगिता ओपन एज ग्रुप के बालक बालिका के लिए होगा। इसमें चयनित खिलाड़ियों को क्रीड़ा भारती गिरिडीह द्वारा 10 दिवसीय कैंप आयोजित कर प्रशिक्षित किया जायेगा फिर उन्हें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने हेतु भेजा जायेगा। ताकि गिरिडीह के प्रतिभागी राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीत कर गिरिडीह का नाम रौशन कर सके। वहीं अनीता ओझा ने बताया कि जिला कब्बड्डी संघ के महासचिव अनीता सिंह के नेतृत्व में 10 कब्बड्डी एक्सपर्ट लोगों की एक टीम बनाया गया है जो एक बेहतर टीम चुनने में मदद करेंगे। उन्होंने चयन प्रतियोगिता में जिले के सभी विद्यालय, कब्बड्डी कल्ब और कब्बड्डी खिलाड़ियों से शामिल होने की अपील की।


 बैठक में राजवंश सिंह, सुंदर पाण्डेय  सुधीर आनंद, शशिकांत विश्वकर्मा, नुरुल होदा, जिला कब्बड्डी संघ की सचिव अनीता सिंह, लक्ष्मी नारायण सिंह, हर्ष कुमार, चंदन कुमार, सीनियर कब्बड्डी खिलाड़ी, संजय कुमार, विवेक रंजन, शुभम कुमार सिंह, संतोष साहू आदि उपस्थित थे।



गिरिडीह जिला तैलिक साहू सभा ने गुमगी के जरूरतमंदों के बीच किया कंबल वितरण

गिरिडीह (Giridih)। जिला तैलिक साहू सभा के द्वारा तिसरी प्रखंड के सुदूरवर्ती पंचायत गुमगी में 250 जरूरतमदों के बीच कंबल का वितरण किया गया। 


मौके पर जिला अध्यक्ष बालगोविंद साहू ने कहा कि कड़ाके की ठंड को देखते हुए सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए साहू समाज ने कंबल वितरण किया। महासचिव धर्म प्रकाश ने कहा कि विगत 10 वर्षों से ठंड के मौसम में हमारे समाज द्वारा कंबल वितरण किया जाता है। समाज इसके अतिरिक्त कई सामाजिक कार्य करता है। 


प्रदेश उपाध्यक्ष देवेन्द्र गुप्ता ने कहा कि हम अपने समाज को इतना मजबूत और सुदृढ करने का प्रयास कर रहे, जिसका लाभ सभी समाज के लोगों को मिले। नगर अध्यक्ष सत्य प्रकाश साहा ने कहा कि इसके पूर्व पीरटांड़ के खुखरा समेत कई गांवों में भी कंबल वितरण किया गया। 



कार्यक्रम में राम कुमार राउत, दिनेश विश्वकर्मा, बालेश्वर राय, विकास कुमार, अरविंद गुप्ता, मुकेश कुमार, जमुआ प्रखंड अध्यक्ष अशोक कुमार साहू, सुमित रंजन, शंकर साव, नीरज कुमार, अशोक साव, उमेश पंडित, जयनंदन साव, गोपाल साव, कुंदन साव मनोज साव आदि लोग उपस्थित थे।


राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ ने मकर संक्रांति पर लगाया स्वाथ्य जांच शिविर

बस्ती वासियों के बीच बांटे चुड़ा गुड़ व तिलकुट


गिरिडीह( Giridih)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा सेवा सप्ताह के अंतर्गत सदर प्रखंड के पांडेडीह मैग्जिनिया सेवा बस्ती में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।  इस जाच शिविर में डॉ कुलदीप नारायण, डांँ आकांक्षा पोद्दार,  डाँ भैरव कातं झा, डाँ राजेश पोद्दार, पैथोलॉजिस्ट रघुनन्दंन प्रसाद ने अपनी सेवाऐ दी। इस जांच शिविर में गांव के कई महिलाएं पुरुष एवं वृद्धो की स्वास्थ्य जांच कर जरूरतमंदों के बीच दवाओं का भी वितरण किया गया। 


सभी स्वास्थ्य जांच शिविर में प्रांत प्रचारक गोपाल जी मुख्य रूप से उपस्थित थे। उन्होंने चिकित्सको को  श्रीफल दे कर समानित किया। मकर संक्रांति पर्व पर आयोजित इस स्वास्थ्य जांच शिविर उपरांत  बस्ती वासियों के बीच चुड़ा,गुड़ एवं तिलकुट का भी वितरण किया गया।


कार्यक्रम में प्रांत प्रचारक गोपाल जी के अलावे प्रांत सह सेवा प्रमुख मुकेश रंजन, जिला कार्यवाह वीर प्रताप, संजीव कुमार, नलिन्द जी, नगर कर्यवाह मनीष, रंजीत राय, संतोष खत्री, सुजीत भदानी, रंजय सिंह, सिकंदर कुमार, भाजपा नेता दिलीप वर्मा, सौरव कुमार, अमित कुमार, शिव गौरव, संतोष गुप्ता सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।


बिरनी डकैती कांड का पुलिस ने किया उद्भेदन, चार डकैत गिरफ्तार

गिरिडीह(Giridih)। गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र के बिराजपुर में एक कारोबारी सुरेश मोदी के घर लगभग 20 लाख की हुई डकैती कांड का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में चार डकैतों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार डकैतों में मोहम्मद मोहतमीम एवं करण दास उर्फ दास बाबु धनबाद जिले के तोपचांची थाना के मतारी गांव का तथा गुलजार श्यामडीह का निवासी है। वहीं हातिम धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र के श्यामडीह का निवासी है। 
गिरफ्तार चारों अपराधियों के पास से पुलिस ने घटना में प्रयोग किये गये 2 मोटरसाईकिल 5 मोबाईल फोन, 1 चाकु एवं 55 हजार नगदी बरामद किया है। वहीं इस डकैती कांड में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु एसडीपीओ बगोदर सरिया धनंजय राम के नेतृत्व में पुलिस लगातार छापामारी करने में जुटी है। उक्त जानकारी एसपी डॉ बिमल कुमार ने मंगलवार को प्रेसवार्ता कर दी।

क्या है मामला 

बता दें कि बीते 02/03 जनवरी की रात बिरनी थाना क्षेत्र के बिराजपुर स्थित सुरेश मोदी के मकान में डकैती की घटना को अंजाम दिया गया था। इस मामले में सुरेश मोदी के बयान पर बिरनी थाना में अज्ञात 08 व्यक्तियों के विरूद्ध कांड दर्ज किया गया था।


एसपी ने किया था SIT का गठन

उक्त घटना के त्वरित उद्भेदन हेतु एसपी डॉ बिमल कुमार ने एसडीपीओ बगोदर सरिया धन्जय राम के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया। जिसमें पुलिस निरीक्षक सरिया ज्ञानरंजन, थाना प्रभारी बिरनी आकाश भारद्वाज , थाना प्रभारी सरिया आलोक कुमार, थाना प्रभारी बगोदर, ओपी० प्रभारी भरकट्टा प्रकाश रंजन, पुलिस अवर निरिक्षक देवानन्द कुमार,  लालचन्द महतो एवं तकनीकी शाखा के टीम शामिल थे। टीम ने तकनीकि साक्ष्य, गुप्त सूचना एवं वैज्ञानिक व मानवीय साक्ष्य के आधार पर घटना में शामिल अपराधियों के विरूद्ध गिरफ्तारी हेतु धनबाद जिले केवतोपचांची थाना के मतारी फुटबाल मैदान में छापामारी किया और मो० मोहतमीम, गुलजार अंसारी, हातिम एवं करण दास उर्फ दास बाबू को धर दबोचा।

               बरामद बाइक

स्वीकार किया घटना में संलिप्तता

पुछताछ के दौरान उक्त चारों ने उस डकैती कांड में अपनी संलिप्ता स्वीकार किया। पुलिस को दिए बयान में उन्होंने बताया कि 13 व्यक्तियों ने मिलकर घटना को अंजाम दिया था। 

ऐसे दिया था घटना को अंजाम 

बताया कि रात्री करीब 01:00 बजे वादी के घर पर पहुँचे और बाड़ी में रखे बॉस की सिढ़ी का प्रयोग कर लॉन में गये फिर सिढ़ी से निचे उतर घर के सबसे बुजुर्ग व्यक्ति को हथियार का भय दिखाकर घर के अन्य सदस्यों के कमरे का दरवाजा खुलवा घर की महिला एवं बच्चों समेत सभी को हथियार के बल पर डराकर घर के अलमारी में रखे आभूषण एवं पैसा तथा घर में स्थित किराना दुकान के गल्ला में रखे पैसे को लेकर निकल गए।


गिरफ्तार अपराधियों का रहा है अपराधिक इतिहास

 मो० मोहतमीम :- कतरास थाना कांड सं -126 /2021 घारा-414/34 भा०द०वि० एवं 30(i) Coal Mines Act)

मो० गुलजार अंसारीः- निमियॉघाट थाना कांड सं0-77/2018 दिनांक-25.07.2018 धारा-395/412/394 भा०द०वि०  
कतरास थाना कांड सं0-149/2023 दिनांक-16.04.2023 धारा-395 भा०द०वि०, जोडापोखर थाना कांड सं0-193/2023 धारा-379/411/34 भा०द०वि०, 
कतरास थाना कांड सं0-253/2021 दिनांक-28.05.2021 धारा 420/290/34 भा०द०वि० एवं 11 बंगाल जुआ अधिनियम, पुरुलिया (प०बं०) थाना कांड सं0-191/2024 दिनांक 09.05.2024 धारा-395/397/412 भा०द०वि० एवं 25/35 आर्म्स एक्ट)

 मो० हातिमः-  नरेन्द्रपुर (प०बं०) थाना कांड सं0-229/2023 दिनांक-09.03.2023 घारा-3/4 WBG एवं amp PC Act,  सरिया थाना कांड सं0-381/2014 धारा-395 भा०८०वि०)


मकर संक्रांति पर आस्था की डुबकी, 80 लाख श्रद्धालुओं ने किया महाकुंभ का पहला शाही स्नान

प्रयागराज (Mahakumbh)। दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन महाकुंभ का पौष पूर्णिमा के पहले स्नान के साथ आगाज हो गया है. सोमवार 13 जनवरी को सुबह 11 बजे तक ही करीब 80 लाख से ज्यादा श्रद्धालु स्नान कर चुके थे,जबकि शाम 5 बजे तक डेढ़ करोड़ के पार कर गया था. महाकुंभ के लिए 3 हजार स्पेशल ट्रेनें चलाई गयी हैं. कानपुर, वाराणसी से लेकर गोरखपुर तक स्पेशल बसें भी चल रही हैं.

आज मंगलवार को महाकुंभ के पहले शाही स्नान का मुहूर्त सुबह 5 बजकर 27 मिनट से सुबह 6 बजकर 21 मिनट था जो कि ब्रह्म मुहूर्त में बन रहा था, लेकिन इस मुहूर्त में स्नान संभव नहीं था क्योंकि नागा साधुओं से पहले किसी भी गृहस्थ व्यक्ति को स्नान की आज्ञा नहीं है। 


इन 3 मुहूर्तों में भी उठाया जा सकता हैं शाही स्नान का लाभ 



मुहूर्त का नाम व मुहूर्त की अवधि

विजय मुहूर्त : दोपहर 2 वजकर 15 मिनट से दोपहर 2 बजकर 57 मिनट तक
गोधुली मुहूर्त : शाम 5 बजकर 42 मिनट से शाम 6 बजकर 9 मिनट तक
निशिता मुहूर्त : रात 12 बजकर 3 मिनट से रात 12 बजकर 57 मिनट तक



महाकुंभ 2025 में शाही स्नान की तिथियां

इन तिथियों पर विशेष पर्व और त्यौहार पड़ रहे हैं, इसी के कारण इन तिथियों पर शाही स्नान करने का महत्व और भी अधिक लाभकारी माना जा रहा है। इन तिथियों पर पूर्णिमा, अमावस्या, महाशिवरात्रि एवं बसंत पंचमी है।

तिथि पर्व
14 जनवरी 2025   मकर संक्रांति
29 जनवरी 2025   मौनी अमावस्या
3 फरवरी 2025    बसंत पंचमी
12 फरवरी 2025   माघ पूर्णिमा
26 फरवरी 2025   महाशिवरात्रि



शौच के लिये जा रही 50 वर्षीया विधवा से सामूहिक दुष्कर्म, एक आरोपी गिरफ्तार

भागलपुर (Bihar)। बिहार के भागलपुर में शौच के लिए जा रही 50 वर्षीय विधवा महिला के साथ दो युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। दोनों आरोपियों ने नशे में धुत महिला पर बेरहमी से हमला किया। जिससे महिला बुरी तरह लहू लुहान हो गयी। दुष्कर्म की घटना को अंजाम दे दोनों दुष्कर्मी मौके से फरार हो गये। जबकि विधवा महिला काफी देर तक दर्द से तड़पती रही। खून से लथपथ महिला किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। 

घटना कहलगांव अनुमंडल के सनोखर थाना क्षेत्र की है। परिजनों ने तत्काल इसकीं सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना पुलिस को मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पीड़िता का उप-मंडलीय अस्पताल में मेडिकल परीक्षण हेतु भेज दिया। वहीं जांच के लिए एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से नमूने लिए। इस बीच पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वही पुलिस इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। 


विधवा के मुंह में कपड़ा ठूंस किया दुष्कर्म

बताया गया कि पीड़िता बाहर शौच के लिए बाहर जा रही थी। तभी खलिहान के पास बैठे दो ग्रामीणों ने उसे पीछे से पकड़ लिया। दोनों व्यक्तियों ने विधवा के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। इसके बाद उसने अत्याचार किए। महिला का मुंह कपड़े से ठुंसे होने के कारण पूरी तरह सूज गया था। उसके साथ बलात्कार करने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने बलात्कार के एक आरोपी की पहचान नीतीश कुमार पासवान के रूप में की है।


एसडोपीओ ने लिया पीड़िता का बयान

सूचना मिलने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवानंद सिंह मौके पर पहुंचे और पीड़िता से घटना के बारे में पूछताछ की। एसडीपीओ शिवानंद सिंह ने बताया कि दो दुष्कर्मियों के नाम प्रकाश में आये हैं। मामला दर्ज करने के लिए आवेदन दिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।


खुलेआम होती है शराब की बिक्री

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि वंशीपुर बेला महुआ टोला में खुलेआम शराब बनाई और बेची जाती है, शाम होते ही यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है और नशे में धुत होकर आपराधिक वारदातों को अंजाम देते हैं.

मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना में हो रहा खेला, महिलाएं कर रही प्रखण्ड कार्यालय पहुंच झमेला

8 महिलाओं का पैसा जा रहा एक ही महिला के खाते में, पुरुष भी ले रहे योजना का लाभ

रांची (Ranchi)। झारखंड में 'झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना' को लेकर बड़ा खेल हुआ है. मंईयां योजना का निबंधन करने वाले कंप्यूटर ऑपरेटरों ने कई महिलाओं का निबंधन अपने चहेते महिला- पुरुष के बैंक खाते से लिंक कर दिया है.नतीजतन एक ही महिला के बैंक खाते में आठ लाभुकों की राशि पहुंच रही है. वहीं, एक पुरुष के बैंक खाते में छह महिला लाभुकों की राशि पहुंच रही है. 

मामला गढ़वा जिले के खरौंधी प्रखंड का है. उधर, जिन महिलाओं का निबंधन हुआ, वे खाते में राशि नहीं आने पर अपना निबंधन चेक कराने के लिए चक्कर लगा रही हैं.


कूपा पंचायत का खेल है निराला

यहां सत्यनारायण गुप्ता के खाते में छह लाभुक महिलाओं के हिस्से की राशि जा रही है. वहीं सत्येंद्र साह के खाता में एक महिला, मुकेश शाह के खाते में एक महिला, लालती देवी के खाते में आठ महिलाओं और रेशम देवी के खाते में कूपा की ही सुनीता देवी, रानी कुमारी, देवंती देवी, पुनीता देवी, चानी कुमारी एवं सविता देवी की योजना राशि भेजी जा रही है.


बतौर कमीशन देना पड़ता है आधा हिस्सा 

उधर, जिन महिलाओं-पुरुषों के खाते में मंईयां सम्मान योजना की राशि पहुंच रही है, वे कहती हैं कि जितनी राशि उनके खाते में आ रही है, उसका आधा कंप्यूटर ऑपरेटरों को बतौर कमीशन देना पड़ता है. 

महिलाओं ने काटा बवाल

गढ़वा प्रखंड की रंका- बौलिया पंचायत की महिलाओं ने सोमवार को प्रखंड कार्यालय स्थित बीडीओ के कक्ष में जमकर बवाल काटा. आक्रोशित महिलाएं बीडीओ के कार्यालय में घुस गयीं और हंगामा करने लगीं. उनका आरोप था कि रंका-बौलिया पंचायत की मुखिया पतिया देवी और पंचायत सचिव विनोद प्रसाद गुप्ता ने साजिश कर मंईयां सम्मान योजना की लाभुक सूची से कई महिलाओं का नाम हटा दिया है. इससे इस बार उनलोगों के बैंक खाता में मंईयां सम्मान योजना का पैसा नहीं आया है.

दोषियों के खिलाफ होगी कार्रवाई

महिलाओं को समझाने का प्रयास कर रहे प्रखंड कार्यालय के सहायक राजीव दुबे को भी महिलाओं ने खरी खोटी सुनायी. हालात देखकर वहां पुलिस को बुलानी पड़ी. इसके बाद बीडीओ ने कहा कि पूरे मामले की जांच करायी जायेगी और इसमें दोषी लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी.


पूरे प्रखंड में गड़बड़ी की आशंका

आशंका जतायी जा रही है कि इस तरह की गड़बड़ी पूरे प्रखंड में हुई है. इधर, मामला प्रकाश में आने के बाद खरौंधी के बीडीओ रवींद्र कुमार ने कहा है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जायेगी.

चार बच्चों के साथ महिला ने लगायी नहर में छलांग, चारों बच्चों की दर्दनाक मौत

कर्नाटक। विजयपुरा के बेनाला गांव के पास नहर में एक महिला ने अपने चार बच्चों के साथ आत्महत्या करने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के चलते महिला ने यह कदम उठाया। स्थानीय मछुआरों ने महिला को तो बचा लिया, लेकिन दुर्भाग्यवश उसके चारों बच्चे नहर में डूब गए।



इस दुखद घटना में मरने वाले चारों बच्चे जुड़वां लड़के और दो लड़कियां हैं। जिनकी उम्र 13 महीने से 5 साल की थी। चारों बच्चे कोलहरा तालुक के तेलगी गांव के निवासी थे। महिला को मछुआरों ने नहर से सुरक्षित निकाल लिया। स्थानीय लोगों और पुलिस द्वारा राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया था, जिसके बाद दो लड़कियों के शव बरामद कर लिए गए। वहीं दो जुड़वां लड़कों के शवों की तलाश अभी भी जारी है।


मृतक बच्चों के पिता ने बताया कि वे अपनी पत्नी और परिवार के साथ पूर्णिमा के दिन निदागुंडी के एलम्मा के बुदिहाला गांव में दर्शन के लिए गए थे।अलमट्टी में एडाडांडे नहर के पास उनकी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। उन्होंने अपनी पत्नी और बच्चों को नहर के पास रुकने को कहा और खुद पेट्रोल लेने के लिए आगे बढ़ गए। जब वह वापस आए, तो उन्होंने देखा कि उनकी पत्नी ने चारों बच्चों को नहर में फेंक दिया है और खुद भी नहर में कूद गई हैं।


महिला के पति ने बताया कि कल घर में संपत्ति को लेकर झगड़ा हुआ था। जिसके बाद वो तनाव में थी। वहीं, परिवार के सदस्यों का कहना है कि महिला कुछ समय से गंभीर रूप से बीमार थीं।घटना के बाद उन्हें पहले सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए विजयपुरा जिला अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। फिलहाल निदागुंडी पुलिस दमकल विभाग और स्थानीय मछुआरे तलाशी अभियान में जुटे हुए हैं। निदागुंडी पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।





आज का राशिफल, कैसा होगा आज का दिन, क्या कहता है आपकी राशिफल, जानिए

आज का राशिफल ::14 :: 01 :: 2025, मंगलवार


आज का पंचांग: 14जनवरी 2025 मंगलवार, 
विक्रमी सम्वत 2081, शाका 1946, पौष माघ, कृष्ण पक्ष,  शिशिर ऋतु, तिथि प्रतिपदा, नक्षत्र पुनर्वसु 10:17 AM तक उपरांत पुष्य , सूर्योदय 07:14 AM प्रातः सूर्यास्त 05:57 PM सायं, राहुकाल : 03:16 PM से 04:37 PM तक, चन्द्रमा कर्क राशि पर संचार करेगा
त्यौहार और व्रत: गंगा सागर स्नान,मकर संक्रांति



आज :: 14:: 01 :: 2025 का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
मेष राशि वालों के परिवार में खुशियाँ आएंगी। वे जमीन और मकान खरीद सकते हैं। भौतिक सुख-सुविधाओं में वृद्धि होगी। जीवनसाथी का सहयोग और सानिध्य भरपूर मिलेगा। माता की शारीरिक समस्या के कारण आपको अधिक भागदौड़ करनी पड़ेगी। किसी भी बात पर अनावश्यक बहस में पड़ने से बचना होगा। जल्दबाजी में कोई निर्णय न लें, अन्यथा बाद में पछताना पड़ेगा


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
वृष राशि वालों के मन में ईर्ष्या और द्वेष की भावना रहेगी, जिससे आपका तनाव बढ़ेगा। रक्त संबंध मजबूत होंगे। मन में प्रेम और सहयोग की भावना बनी रहेगी। किसी भी बात पर बेवजह गुस्सा करने से बचना होगा। सामाजिक कार्यों में आप बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। छोटी दूरी की यात्रा पर जाने का मौका मिल सकता है। कोई नया काम शुरू करना आपके लिए अच्छा रहेगा। संतान पक्ष से कोई अच्छी खबर सुनने को मिल सकती है।


मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
मिथुन राशि वालों के आसपास का माहौल खुशनुमा रहेगा। इसके बाद आपको अच्छी खबर सुनने को मिलेगी। आपका रहन-सहन का स्तर भी पहले से बेहतर रहेगा। आप शौक-मौज पर खूब पैसा खर्च करेंगे। पारिवारिक समस्याओं को मिलकर सुलझाने का प्रयास करें। आपके बच्चे आपसे कुछ मांग सकते हैं। बैंकिंग क्षेत्र में काम करने वाले लोग किसी अच्छी योजना में पैसा लगा सकते हैं। कार्यक्षेत्र में आपकी अच्छी सोच से आपको लाभ होगा।


कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
कर्क राशि वालों के रचनात्मक प्रयास बेहतर रहेंगे। आप अपने करीबियों का भरोसा आसानी से जीत पाएंगे। कार्यक्षेत्र में आपसी वाद-विवाद होगा। आप अपने काम में कुछ बदलाव कर सकते हैं। आपको अपने जीवनसाथी की भावनाओं का सम्मान करना होगा। किसी से पैसा उधार लेने से पहले अच्छे से सोच लें, क्योंकि उसे चुकाने में आपको दिक्कत होगी। किसी कानूनी मामले में आपकी जीत होगी। किसी की कही हुई बात आपको बुरी लग सकती है।



सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
सिंह राशि वालों के लिए आज का दिन कानूनी मामलों पर पूरा ध्यान देने का रहेगा। विदेश से व्यापार करने वाले लोग अधिक सक्रिय रहेंगे। आपको किसी बात पर बेवजह गुस्सा नहीं करना चाहिए। परिवार के किसी सदस्य से महत्वपूर्ण सूचना सुनने को मिल सकती है। आपका अपने बॉस से विवाद हो सकता है, इसलिए वाणी की मधुरता बनाए रखें। व्यापार करने वाले लोगों को किसी के साथ साझेदारी नहीं करनी चाहिए।




कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
कन्या राशि वालों के लिए आज का दिन खुशियों भरा रहने वाला है। आपका कोई महत्वपूर्ण लक्ष्य पूरा होगा। परिवार में किसी शुभ कार्य का आयोजन हो सकता है। आपको अपने परिवार के सदस्यों का पूरा सहयोग मिलेगा। कार्यक्षेत्र में आपके सहकर्मी आपके काम में आपका पूरा सहयोग करेंगे। आपको धन के लेन-देन को लेकर कोई योजना बनाने की जरूरत है। लंबे समय के बाद किसी पुराने मित्र से मुलाकात होगी। कोई भी नया काम शुरू करने से पहले आपको अच्छे से सोच-विचार कर लेना चाहिए।



तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
तुला राशि के जातकों को सरकार और सत्ता का पूरा लाभ मिलेगा। लेन-देन पहले से बेहतर रहेगा। आपका आत्मविश्वास भरपूर रहेगा। कार्य क्षेत्र में पदोन्नति मिलने से आप प्रसन्न रहेंगे। आपको वाहन का प्रयोग सावधानी से करना होगा। किसी बात पर बेवजह गुस्सा न करें। किसी विवाद की स्थिति में भी आपको धैर्य बनाए रखने की जरूरत है। अगर किसी काम को लेकर मन में संशय है तो उसे बिल्कुल न करें।


वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
भाग्य की दृष्टि से वृश्चिक राशि के जातकों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। मन में आपसी सहयोग की भावना बनी रहेगी। विभिन्न योजनाओं को गति मिलेगी। उच्च शिक्षा के मार्ग प्रशस्त होंगे। पुण्य कार्यों में वृद्धि होगी। आपको उदारता दिखाते हुए छोटों की गलतियों को माफ करना होगा। उच्च शिक्षा के मार्ग प्रशस्त होंगे। आप व्यापार में कोई बड़ा निवेश कर सकते हैं। आपको किसी लक्ष्य पर टिके रहने की जरूरत है।



धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
धनु राशि वालों को किसी भी वाद-विवाद से दूर रहने की जरूरत है। आपको अपने काम में पूरे नियम बनाए रखने चाहिए और अगर आप परिवार के किसी सदस्य को कोई सलाह देते हैं, तो वह उसका पालन जरूर करेगा। चल रही स्वास्थ्य समस्याओं को नजरअंदाज न करें। किसी से पैसे उधार लेने से बचें और आपको अपने विरोधियों को पहचानने की जरूरत है। कुछ नए संबंधों से आपको लाभ होगा।


मकर🐊(भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
मकर राशि वालों के लिए आज का दिन किसी कानूनी मामले में अच्छा रहने वाला है। आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर रहेगी। अगर परिवार के सदस्यों के बीच कड़वाहट थी, तो वह भी दूर हो जाएगी। दांपत्य जीवन पहले से बेहतर रहेगा, क्योंकि जीवनसाथी आपकी बातों को समझेगा। आप दोस्तों के साथ किसी धार्मिक आयोजन में भाग ले सकते हैं। आपको किसी भी वाद-विवाद से दूर रहने की जरूरत है। अल्पकालिक लाभ के चक्कर में आपको बड़ा नुकसान हो सकता है।


कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा) 
कुंभ राशि वालों के लिए आज का दिन अपने काम पर पूरा ध्यान देने का रहेगा। आपको अपनी दिनचर्या को बेहतर बनाए रखना होगा और राजनीति में काम करने वाले लोगों को विपक्ष से सावधान रहना होगा। कार्य क्षेत्र में अनुशासन के साथ काम करेंगे तो आपके लिए बेहतर रहेगा। किसी को भी पैसा उधार न दें, क्योंकि आपको उसका मिलान करने में परेशानी होगी और अपनी आय-व्यय का हिसाब-किताब रखें, बजट पर पूरा ध्यान दें।



मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
मीन राशि वालों को आज कोई बड़ी उपलब्धि मिल सकती है। आपके कला कौशल में निखार आएगा। आप अपने काम में पूरी मेहनत के साथ आगे बढ़ेंगे। आपको अपने विरोधियों से सावधान रहने की जरूरत है। आपका मनोबल ऊंचा रहेगा। आपको एक साथ कई काम मिल सकते हैं। आपके मन में प्रतिस्पर्धा की भावना बनी रहेगी। छात्रों को किसी प्रतियोगिता में जीत मिलने से खुशी होगी। आप विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करेंगे।


 
कृपया ध्यान दें👉 

      यद्यपि शुद्ध राशिफल की पूरी कोशिश रही है फिर भी इन राशिफलों में और आपकी कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर आपके जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।


        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷