शुक्रवार, 27 दिसंबर 2024

चोरी की एक बाइक के साथ नगर थाना की पुलिस ने दो बाइक चोर को किया गिरफ्तर

गिरिडीह(GIRIDIH)। जिलामुख्यालय से सटे विभिन्न थाना क्षेत्रों में इनदिनों बाइक चोरी की घटनाओं में अप्रत्याशित वृद्धि हो गयी है। जिससे पुलिस महकमा काफी सचेत हो गयी और बाइक चोरों पर अपनी पैनी निगाह बनाये हुए है।  इसी क्रम में शुक्रवार को नगर थाना की पुलिस ने चोरी की एक बाइक के साथ दो बाइक चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता पायी है।


नगर थाना के एएसआई प्रमोद कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की चोरी की बाइक के साथ दो चोर को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपितों में बिहार के पटना के शास्त्री नगर थाना के फ्रेजर रोड निवासी सुनील कुमार और पूर्णिया जिले के मरंगा थाना के गोवासी निवासी सागर सिन्हा शामिल है।  इस दौरान नगर थाना पुलिस ने दोनों के पास से स्मार्ट फोन भी जब्त किया। दोनों आरोपी फर्जी सीम कार्ड का इस्तेमाल कर बाइक चोरी की घटना को अंजाम दे रहे थे। 


पुलिसिया पूछताछ में गिरफ्तार सागर सिन्हा और सुनील कुमार ने बताया कि उन दोनों का संबंध इंटर स्टेट बाइक चोर गिरोह से है। इसमें कुछ अपराधी गिरिडीह के भी लोग हैं जो अलग अलग जिले से जुड़े हैं। पूछताछ में दोनों खुलासा किया कि दोनों शहर के अलग अलग हिस्से से बाइक चोरी कर बिहार और झारखंड के कई जिलों में बेचा करते हैं। इसके लिए सिर्फ नंबर प्लेट बदला जाता था। पूछताछ में दोनों ने कबूला कि उनका काम सिर्फ रेकी कर बाइक चोरी करना था, बाकी रिसीवर की भूमिका में गिरोह के अन्य सदस्य शामिल है । इस बीच दोनों के निशानदेही पर नगर थाना पुलिस अब भी कई ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

पीरटांड़ प्रखण्ड कार्यालय में लगा रक्तदान शिविर, 65 यूनिट रक्त संग्रह

गिरिडीह (GIRIDIH)।  उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा के निर्देश पर शुक्रवार को पीरटाड़ प्रखंड कार्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 65 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया। शिविर में  प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी समेत प्रखंड के अन्य अधिकारियों व कर्मियों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया।



गिरिडीह ब्लड बैंक में रक्त की कमी को पूरा करने के उद्देश्य से लगाये गए इस शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओ कर्मियों को प्रमाण पत्र देकर उन्हें भविष्य में रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया गया।मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज मरांडी ने सभी रक्तदाताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। इससे कई जिंदगीयों को बचाया जा सकता है। इस पुनीत कार्य में सभी को जुड़कर रक्तदान करने हेतु प्रेरित करना है।


शिविर में ब्लड बैंक के प्रभारी डॉ सोहेल, रेडक्रॉस सोसाइटी के पूर्व वाइस चैयरमेन डॉ तारकनाथ देव सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

केंद्रीय मंत्री ने किया आयुष्मान आरोग्यम अस्पताल, पीएम आवास, फूड प्रोसेसिंग यूनिट व जूट प्रोडक्शन का निरीक्षण

समाहरणालय सभागार में मंत्री बी.एल वर्मा ने की  समीक्षा बैठक, दिए गए दिशा निर्देश

देश के 112 डेल्टा रैंकिंग में गिरिडीह 20वें स्थान और झारखंड राज्य में दूसरे स्थान पर 

गिरिडीह (GIRIDIH)। उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, भारत सरकार के राज्य मंत्री बी.एल वर्मा  शुक्रवार को गिरिडीह पहुंचे। यहां उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। मंत्री ने जमुआ प्रखंड में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं का जायजा लिया। आकांक्षी जिला की श्रेणी में शामिल गिरिडीह के आकांक्षी प्रखंड जमुआ के विकासशील कार्यों का उन्होंने निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आयुष्मान आरोग्यम अस्पताल, पीएम आवास, मनकडीहा फूड प्रोसेसिंग यूनिट, जूट प्रोडक्शन समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मौके पर उन्होंने आयुष्मान आरोग्यम अस्पताल में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं, पेयजल, शौचालय आदि व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और जूट प्रोडक्शन के तहत काम करने वाले कामगारों से बातचीत की। उन्होंने आकांक्षी प्रखंड जमुआ के क्रियान्वित विकास योजनाओं का निरीक्षण कर जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे सक्रिय प्रयासों की सराहना की। 


समीक्षा बैठक में मंत्री ने आकांक्षी जिला के मानकों से संबंधित दिए कई निर्देश

निरीक्षण उपरांत उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, भारत सरकार के राज्य मंत्री बी.एल वर्मा ने समाहरणालय सभागार में आकांक्षी जिला और प्रखंड के मानकों से संबंधित पदाधिकारियों संग समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने जिले में चल रही योजनाओं से संबंधित पीपीटी प्रस्तुत की। डीडीसी ने विभागवार योजनाओं के बारे में जानकारी दी। विकास कार्यों के विभिन्न मानक को जैसे स्वास्थ्य एवं पोषण, कृषि एवं जल संसाधन, वित्तीय समावेशन एवं कौशल विकास आधारभूत संरचनाओं का विकास, ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति, हर घर में शौचालय, पीएम आवास, ई विद्या वाहिनी के माध्यम से शिक्षकों की नियमित उपस्थिति की मॉनिटरिंग, ANC जांच, MTC केंद्रों की जानकारी, SAM/MAM अतिगंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान एवं प्रबंधन हेतु स्क्रीनिंग/आइडेंटीफिकेशन, PM आवास योजना, हरेक पंचायतों में इंटरनेट कनेक्टविटी, आयुष्मान आरोग्यम मंदिर, सभी विद्यालयों में शौचालय, पेयजल की व्यवस्था, हर घर नल से जल की प्रगति की समीक्षा कर विभिन्न मानकों के संबंध में जानकारी ली। आकांक्षी जिला अंतर्गत नीति आयोग के सूचक के लक्ष्य प्राप्ति से संबंधित कार्यों की विस्तृत रूप से चर्चा की गई। 

इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री ने सभी विभागों को  आकांक्षी जिला के मानकों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी विभाग को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करने हेतु निर्देशित किया। कहा कि प्राथमिकता के साथ जिला अंतर्गत स्वास्थ्य, समाज कल्याण, कृषि व शिक्षा के क्षेत्र में विकासशील कार्य किये जाए। जिन पंचायत को इंटरनेट कनेक्टविटी से नहीं जोड़ा गया है उन पंचायतों को जल्द से जल्द इंटरनेट कनेक्टविटी से जोड़ने कस निर्देश दिया। उन्होंने पीएम किसान सम्मान निधि योजना और माइक्रो इरीगेशन आदि के संबंध में उचित  मार्गदर्शन दिया। 


बैठक के दौरान मंत्री बी.एल वर्मा ने विभिन्न विभागों द्वारा किये जा रहे कार्यों के सम्बंध में पीपीटी के माध्यम से विस्तारपूर्वक जानकारी ली। कुपोषण उपचार केन्द्र एवं ब्रेस्ट फीडिंग, एएनसी, आंगनवाड़ी केंद्रों की वर्तमान स्थिति को बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने एम.टी.सी सेंटर में पूर्ण क्षमता में कुपोषित बच्चों का उपचार व देखभाल सुनिश्चित करने, एवं शिक्षा एवं कृषि संकेतकों पर विशेष ध्यान देने के साथ  कौशल विकास कार्यक्रमों को बढ़ावा देने  पर कार्य करने पर बल दिया। 


बैठक में जमुआ विधायक डॉ मंजू, केंद्रीय मंत्री के आप्त सचिव, सिविल सर्जन डॉ एसपी मिश्रा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला कोषागार पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, जिला कौशल विकास पदाधिकारी, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी, NIC, जिला सहकारिता पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, जमुआ, कार्यपालक अभियन्ता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमण्डल संख्या-01 एवं 02, गिरिडीह, बाल संरक्षण पदाधिकारी, कार्यपालक अभियन्ता, ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमण्डल, अंचल अधिकारी, जमुआ, कार्यपालक अभियन्ता, विद्युत आपूर्ति प्रमण्डल उ० एवं द०, LDM, DPO, UID, DPM, JSLPS, परियोजना पदाधिकारी, मनरेगा, जिला समन्वयक, PMAY-G, गिरिडीह, नीति आयोग के एस्पिरेशनल ब्लॉक फेलो, गोपनीय शाखा के अधिकारी, जनसंपर्क विभाग के अधिकारी समेत अन्य उपस्थित थे।

एसडीओ की पत्नी ने की आत्महत्या की कोशिश, पेट्रोल छिड़क खुद को लगायी आग, गम्भीर

हजारीबाग (HAZARIBAGH)। निम्न व मध्यमवर्गीय परिवार में पति पत्नी के बीच झगड़ा होना तो आम बात है। लेकिन उच्च वर्गीय पदों पर बैठे लोगों के घरों में पति पत्नी के बीच झगड़ा होना और झगड़ा इस हद तक बढ़ जाना कि पत्नी द्वारा खुद को आग लगा लेना काफी सोचनीय और विचारणीय है। ऐसे परिवार के लोगों द्वारा घटना के पीछे बताये जाने वाला कारण भी कई संदेह को जन्म देता है। जब तक सही तरीके से घटना की जांच न हो जाये घटना के पीछे का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाता है।


कुछ ऐसा ही मामला झारखण्ड के हजारीबाग जिले में घटित हुई है। हजारीबाग के एसडीओ अशोक कुमार की पत्नी अनिता कुमारी ने आत्महत्या करने की कोशिश की है। घटना गुरुवार सुबह की बतायी जा रही है। आनन फानन में उन्हें पहले स्थानीय एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। लेकिन उनकी गम्भीर स्थिति को देखते हुये उन्हें तत्काल बोकारो जनरल अस्पताल के बर्न यूनिट भेज दिया गया। लेकिन वहां भी चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें राँची रेफर कर दिया है। जानकारी के अनुसार, इस हादसे में अनिता कुमारी 70 फीसदी तक झुलस गयी हैं। 


घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार  सुबह अशोक कुमार और उनकी पत्नी के बीच मॉर्निंग वॉक जाने को लेकर झगड़ा हुआ। झगड़ा इस कदर बढ़ा कि अनिता कुमारी अपना आपा खो दी। और, उन्होंने अपने शरीर पर केरोसिन तेल अथवा पेट्रोल छिड़क ली। इतने में भी उनका गुस्सा शांत नहीं हुआ। बाद में उन्होंने अपने खुद के शरीर मे आग लगा ली। घटना में एसडीओ की पत्नी बुरी तरह से झुलस गयीं। बताया जा रहा है कि पत्नी को बचाने में अशोक कुमार का भी दोनों हाथ जल गया है।

उग्रवादियों ने वार्ड सदस्य की धारदार हथियार से की निर्मम हत्या, आक्रोशित ग्रामीणों ने रोका शव

लातेहार (LATEHAR)।   लातेहार जिले के सदर थाना क्षेत्र के उलगाड़ा गांव के रहने वाले वार्ड सदस्य बाल गोविंद साव की उग्रवादियों ने धारदार हथियार से मार कर बीती रात निर्मम हत्या कर दी। बाल गोविंद साव उलगाड़ा गांव में औरंगा नदी पर बन रहे पुल निर्माण कार्य में मुंशी का काम करते थे। बताया जा रहा है कि यह हत्या लेवी के लिए की गई है।

घटना के बाबत बताया कि पुल निर्माण कार्य के साइडिंग पर बीती रात बाल गोविंद तथा एक अन्य मुंशी रुककर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान लगभग 8 की संख्या में झारखंड संघर्ष जन्म मुक्ति मोर्चा के उग्रवादी पहुंचे और मुंशी बाल गोविंद को पकड़ कर अपने साथ नदी के किनारे ले गए। जहां उग्रवादियों ने बाल गोविंद साव की जमकर पिटाई की। उसके बाद धारदार हथियार से मारकर उसकी हत्या कर दी। 


 घटनास्थल पर उग्रवादियों ने प्रदीप सिंह के नाम से एक पर्चा भी फेंका है और घटना की जिम्मेदारी ली है। पर्चा में साफ-साफ लिखा हुआ है कि ठेकेदार की गलती के कारण मुंशी की हत्या की गई है।

मृतक के बेटे अरविंद साहू ने बताया कि उनके पिता से उग्रवादियों के द्वारा रंगदारी की मांग की जा रही थी। धमकी के बाद घर वालों ने उन्हें मुंशी का काम छोड़ने की बात कही थी। दिसंबर माह के बाद मुंशी का काम छोड़ देते, लेकिन बीती रात उग्रवादियों ने उनकी हत्या कर दी। 


घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस को मृतक के शव को घटना स्थल से उठाने पर रोक लगा दी। ग्रामीणों का कहना था कि मृतक के परिजनों को सरकारी नौकरी के साथ 10 लाख रुपए मुआवजा दिया जाए। इसके बाद ही बॉडी को उठाने दिया जाएगा।

राजकीय सम्मान के साथ शनिवार को होगा दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार


नई दिल्ली (NEW DELHI)।
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार कल शनिवार को राजघाट के पास राजकीय सम्मान के साथ किया जायेगा। मनमोहन सिंह की बेटी अमेरिका में रहती है, उनका लौटने का इंतजार किया जा रहा है। वह आज देर रात एक बजे दिल्ली पहुंचेंगी। कल सुबह उनका शरीर आठ से 10 बजे तक कांग्रेस मुख्यालय में रखा जायेगा।जिसके बाद पूर्व पीएम का अंतिम संस्कार किया जायेगा। 


सीएम हेमन्त सोरेन, बाबूलाल मरांडी, चंपई सोरेन समेत कई ने दी श्रद्धांजलि

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर झारखंड में भी शोक की लहर है. सीएम हेमंत सोरेन, झारखण्ड के प्रथम मुख्यमंत्री सह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी सहित कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।


हेमंत सोरेन ने एक्स पर लिखा कि आज देश ने अपना एक महान लाल खो दिया. देश के पूर्व प्रधानमंत्री और विश्वविख्यात अर्थशास्त्री मनमोहन सिंह जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखदायी है.हेमंत सोरेन ने लिखा कि विकासशील राजनीति और गवर्नेंस के पुरोधा मनमोहन सिंह जी ने निस्वार्थ भाव के साथ देश और देशवासियों की सेवा में अपना पूरा जीवन लगा दिया था. आज मनमोहन सिंह जी हमारे बीच नहीं हैं, मगर उनके आदर्श और विचार हमें हमेशा प्रेरणा देते रहेंगे. मरांग बुरु दिवगंत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवार समेत देशवासियों को दुख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति और साहस दे.

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने लिखा कि महान अर्थशास्त्री, सहज, सरल एवं सौम्य व्यक्तित्व के धनी पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन की दुखद सूचना से मन व्यथित है. देश के आर्थिक सुधारों में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा. ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को यह अपार दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें.

स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने लिखा कि पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन से देश ने एक सच्चा देशभक्त, महान अर्थशास्त्री और सादगी का प्रतीक खो दिया. 1991 के आर्थिक संकट में उनका दूरदर्शी नेतृत्व भारत के लिए वरदान साबित हुआ. उनके सुधारों ने करोड़ों भारतीयों के जीवन को बेहतर बनाया.प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने सूचना क्रांति, मनरेगा, किसानों की कर्जमाफी और शिक्षा के अधिकार जैसे ऐतिहासिक कदम उठाए, जिनका लाभ भारत आज भी उठा रहा है. उनकी ईमानदारी, विनम्रता और राष्ट्रसेवा का हर भारतीय सदैव ऋणी रहेगा. यह युगांतकारी क्षति है. विनम्र श्रद्धांजलि.

ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने लिखा कि पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन की खबर बेहद दुखद है. डॉक्टर साहब ने अपनी सादगी, ईमानदारी और अपार विद्वता से इस देश को नई दिशा दी थी. वो भारत के आर्थिक सुधारों के शिल्पकार और करोड़ों लोगों की उम्मीदों का चेहरा थे, उनका योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकेगा.कांग्रेस नेत्री ने आगे लिखा कि डॉ. सिंह न केवल एक नेता थे, बल्कि एक प्रेरणा थे. एक ऐसा व्यक्तित्व जिसने बिना किसी शोर-शराबे के देश को प्रगति की राह पर आगे बढ़ाया. उनकी गहरी सोच, विनम्रता और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण हमेशा हमें प्रेरित करेगा. आज भारत ने न केवल एक महान नेता, बल्कि एक सच्चा सपूत खो दिया.

परिवहन मंत्री दीपक बिरूवा ने लिखा कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री माननीय मनमोहन सिंह के निधन से देश मर्माहत है. देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में आपका योगदान अतुलनीय है. ईश्वर आपको अपने श्रीचरणों मे स्थान दें. ॐ शांति!!


श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास मंत्री संजय प्रसाद यादव ने लिखा कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन एक युग का अंत हैं. उनकी सादगी, अर्थव्यवस्था पर पकड़ और निस्वार्थ सेवा देश के लिए हमेशा प्रेरणा रहेंगी. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे. मंत्री संजय ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के पोस्ट को भी रिपोस्ट किया है.

जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन ने लिखा कि देश के पूर्व पीएम, महान अर्थशास्त्री अपने कार्य कुशलता से देश को विकसित राष्ट्र निर्माण की ओर अग्रसर करने वाले डॉ मनमोहन सिंह जी की निधन पूरे देश के लिए एक अपूर्णीय क्षति है. ईश्वर दिवगंत आत्मा को शांति प्रदान करें, एवं दुःख के इस घड़ी में शोकाकुल परिवार, आपके चाहने वाले और पूरे देश को दुख सहने की ताकत दे.

पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने पोस्ट किया कि देश के पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन की खबर अत्यंत दुखद है. उनका देश के प्रति समर्पण, दूरदृष्टि सोच और सादगी भरा जीवन हम सभी को सदैव प्रेरित करता रहेगा. देश को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने में उनका योगदान अतुलनीय है. ईश्वर दिवंगत पुण्यआत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिजनों व प्रशंसकों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति दें. भावपूर्ण श्रद्धांजलि.

नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने अलग तरीके पूर्व पीएम डॉ मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने लिखा कि माना कि तेरे दीद के काबिल नहीं हूं मैं, तू मेरा शौक देख मेरा इंतेजार देख. विनम्र श्रद्धांजलि!

भाजपा नेता अमर कुमार बाउरी ने लिखा कि पूर्व पीएम मनमोहन सिंह जी का देहावसान अत्यंत दुखद सूचना है. उन्होंने भारतीय राजनीति में अर्थशास्त्र के जानकार के रूप में एक पृथक पहचान बनाई. उनके सद्कार्य याद किये जायेंगे. परमात्मा से परिवारजनों और समर्थकों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना है. सादर श्रद्धांजलि! ॐ शांति!

झारखंड के पूर्व सीएम और विधायक चंपाई सोरेन ने लिखा कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी के निधन की दुखद खबर से मर्माहत हूं. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें तथा परिजनों एवं समर्थकों को यह दुख सहने की शक्ति दें. भावभीनी श्रद्धांजलि!

ओडिशा के पूर्व राज्यपाल रघुवर दास ने लिखा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह जी के निधन की दुखद सूचना मिली. महाप्रभु जगन्नाथ जी दिवंगत आत्मा को अपने निज धाम में स्थान दें. उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करता हूं. ॐ शांति!


केंद्रीय मंत्री सह कोडरमा सांसद अनपूर्णा देवी ने लिखा कि पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन की खबर से स्तब्ध हूं. भारतीय राजनीति में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा. मैं प्रभु श्री राम से प्रार्थना करती हूं कि दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोक संतप्त परिजनों को यह आघात सहन करने का संबल प्रदान करें. ॐ शांति.इसके अलावा झारखंड कांग्रेस, भाजपा, जेएमएम सहित अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं और आमजन ने पूर्व पीएम डॉ मनमोहन सिंह जी के निधन पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.

पुल का रेलिंग तोड़ अनियंत्रित हाइवा नदी में गिरा, बाल बाल बचे लोग, कोई हताहत नहीं

चतरा(CHATRA)।  चतरा- इटखोरी मुख्य मार्ग पर स्थित बक्शा नदी पुल पर अनियंत्रित हो एक हाइवा पुल का रेलिंग तोड़ते हुए नदी में जा गिरी। इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। वहीं घटना में तीन लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। घटना शुक्रवार अहले सुबह लगभग चार बजे घटित हुई, हादसे में पुल का एक पिलर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है।


घटना के बाद सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से हाइवा से निकाल कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर किया गया। घायलों की पहचान रातू निवासी विकाश उरांव, सोनू धान और अंशु उरांव के रूप में हुई है। 


बता दें कि बक्शा पुल बीते दस वर्षो से निर्माणधीन है  अब तक पुल का निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया है। पहले संवेदक नें रैयतों के मुआवजे के कारण कार्य पूरा नहीं किया। इसके बाद ऑनलाइन टेंडर के माध्यम से पुन: दूसरे संवेदक ने कार्य प्रारंभ किया. लेकिन वहां भी मुआवजे को लेकर काम बंद हो गया। कंपनी ने मुआवजा राशि रैयतों को नहीं दिया। इससे काम बंद करा दिया। इधर, आज के घटना में रेलिंग टूटने से पुल पर आवागमन करने वाले यात्री व वाहनों के लिए खतरा और बढ़ गया है।

महिला की जलती चिता में बुजुर्ग को धकेल कर जिन्दा जलाया

गुमला (GUMLA)। झारखण्ड के गुमला जिले में एक दिल को दहलाने वाली हृदयविदारक घटना घटित हुई है। यहां एक महिला की जलती चिता में गांव के एक बुजुर्ग को धकेल कर उसे जिंदा जला दिया गया है। महिला की अंत्येष्टि में शामिल होने बुजुर्ग भी श्मशान घाट पहुंचा था। बुजुर्ग गांव में तंत्र-मंत्र (ओझा) का काम करता था। बताया जाता है कि आरोपियों से उसका कोई पुराना विवाद था।

 घटना गुमला सदर थाना क्षेत्र के कोराम्बी गांव की है। बुजुर्ग बुधेश्वर उरांव (60) के बेटे का आरोप है कि मृतक महिला के भाई झड़ी उरांव और उसके बेटे ने मारपीट के बाद पिता को जलती चिता में धकेल दिया। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई. जांच के लिए राँची से फॉरेंसिक की टीम को बुलाया गया. वहीं, गुरुवार को आरोपी झड़ी उरांव ने थाना में सरेंडर कर दिया।


मृतक बुधेश्वर उरांव का बेटा झरिया उरांव ने  बताया बुधवार को गांव की ही बुजुर्ग महिला मंगरी उरांव की मौत कुएं में डूबने से हो गई थी। वो नहाने के दौरान फिसलकर कुआं में गिर गई थी। परिजन महिला का शव पोस्टमॉर्टम के बाद गांव ले आए। यहां शाम में उसका अंतिम संस्कार किया गया। झरिया उरांव ने बताया कि इस मौके पर उसके पिता भी श्मशान घाट गए थे। वहां गांव के ही झड़ी उरांव और उसका बेटा करमपाल उरांव मौजूद थे। पिता को देखते ही दोनों उनसे मारपीट करने लगे। कुल्हाड़ी से पिता को मारा तो वहां मौजूद अन्य लोग भाग निकले। इसके बाद झड़ी उरांव और उसका बेटा करमपाल उरांव दोनों ने मिलकर मेरे पिता को जलती चिता में डाल दिया। 


गुमला एसपी शम्भू कुमार सिंह ने इस घटना के सम्बंध में बताया कि महिला की मौत के बाद 10-12 लोग उसका अंतिम संस्कार कर रहे थे। जबकि कुछ लोग मौके पर नशे में खड़े थे। इसी दौरान पूर्व के विवाद को लेकर पहले वृद्ध के ऊपर कुल्हाड़ी से हमला किया गया। फिर उसकी मौत के बाद उसे महिला की जलती चिता में डालकर जला दिया गया। बाप और बेटे ने इस घटना को अंजाम दिया है। इसमें एक आरोपी पिता झड़ी उरांव को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि बेटा फरार है। उसकी तलाश जारी है।

डुमरी विधायक जयराम महतो के खिलाफ रंगदारी मांगने व सरकारी कार्य में बाधा डालने का केस दर्ज

बोकारो (बोकारो)। डुमरी विधायक जयराम महतो पर  बोकारो के चंद्रपुरा थाना में मामला दर्ज हुआ है. इस मामले में जयराम महतो समेत सात नामजद पर मामला दर्ज हुआ है. नामजद लोगों में  जयराम महतो, संदीप महतो, तिलक महतो, नितेश, संजीत कुमार, राहुल पासवान और बिनोद चौहान शामिल हैं। इनके अलावे 40 अज्ञात लोगों पर रंगदारी मांगने, अवैध कब्ज़ा करना, चोरी करने सहित सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप लगा है.



जयराम महतो के समर्थकों ने सीसीएल क्वार्टर पर जबरन कब्जा कर लिया था. बुधवार की रात एक बजे पुलिस जब क्वार्टर को खाली कराने और उसमें बंद प्रशिक्षु कर्मियों को छुड़ाने पहुंची तो विधायक जयराम महतो आधी रात को बेरमो पहुंच गए और वहां पहुंचकर पुलिस वालों से भिड़ गए.डुमरी विधायक जयराम महतो दो बजे रात में सेन्ट्रल कॉलोनी पहुंचे और वहीं पर उपस्थित मजिस्ट्रेट को काफी खड़ी खोटी सुनाई.

सरेशाम चोरों ने घर का ताला तोड़ उड़ाये 16 लाख के गहने व नगदी, इलाके में दहशत

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR)। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित आउटर सर्किल रोड के क्वार्टर नंबर एल 5/24 में बुधवार शाम एक बड़ी चोरी की वारदात ने पूरे इलाके को हिला दिया। घर के मालिक भावेश चंद्र पाल और उनका परिवार शाम को पास के एक परिचित के घर कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इसी दौरान चोरों ने घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के गहने और नकदी चुरा ली।

शाम 6: 30 से 9:30 के बीच हुई चोरी

भावेश और उनका परिवार बुधवार शाम करीब 6.30 बजे घर से निकला और रात 9.30 बजे लौटे। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ है। अंदर घुसते ही घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली हुई थीं। भावेश ने तुरंत बिष्टुपुर थाना पुलिस को सूचना दी। जांच के दौरान पता चला कि चोरों ने अलमारियों को तोड़कर कीमती गहने और नकद चुरा लिए। भावेश के मुताबिक, चोरी में 15 लाख रुपये के गहने और 1.25 लाख रुपये नकद ले जाए गए।


पहुंची पुलिस, खंगाल रही सीसीटीवी

घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना प्रभारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि चोरों ने पूरी योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

इलाके में दहशत

इस चोरी की वारदात से स्थानीय लोग डरे हुए हैं। चोरी के तरीके और बड़े नुकसान ने क्षेत्र में सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने जल्द ही चोरों को पकड़ने का आश्वासन दिया है। इस मामले ने शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर एक बार फिर चर्चा छेड़ दी है। पुलिस ने स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत देने की अपील की है।

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह का 92 साल की उम्र में निधन

नई दिल्ली (NEW DELHI)। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह का 92 साल की उम्र में निधन हो गया। गुरुवार रात अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था। 

मनमोहन सिंह के निधन पर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, सांसद प्रियंका गांधी राहुल गांधी सहित देश के तमाम दिग्गज नेताओं ने दुख व्यक्त किया है। मनमोहन सिंह को देखने के लिए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान पहुंचे। कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेता भी रात में ही अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान पहुंचे। 


इस बीच, कर्नाटक के बेलगावी में चल रही कांग्रेस वर्किंग कमेटी मीटिंग रद्द कर दी गई है। साथ ही 27 दिसंबर को होने वाले सभी प्रोग्राम भी कैंसिल कर दिए गए हैं।


देश के 13वें प्रधानमन्त्री थे डॉ मनमोहन
26 सितंबर 1932 को जन्मे मनमोहन सिंह भारत के 13वें प्रधानमन्त्री थे। साथ ही साथ वे एक अर्थशास्त्री भी थे। लोकसभा चुनाव 2009 में मिली जीत के बाद वे जवाहरलाल नेहरू के बाद भारत के पहले ऐसे प्रधानमन्त्री बने, जिनको पाँच वर्षों का कार्यकाल सफलता पूर्वक पूरा करने के बाद लगातार दूसरी बार प्रधानमंत्री बनने का अवसर मिला था। इन्हें 21 जून 1991 से 16 मई 1996 तक पी वी नरसिंह राव के प्रधानमंत्रित्व काल में वित्त मन्त्री के रूप में किए गए आर्थिक सुधारों के लिए भी श्रेय दिया जाता है।
मनमोहन सिंह को भारत के आर्थिक सुधारों का प्रणेता माना गया है। आम जनमानस में ये साल निश्चित रूप से डॉ॰ सिंह के व्यक्तित्व के इर्द-गिर्द घूमता रहा है। डॉ॰ सिंह के परिवार में उनकी पत्नी श्रीमती गुरशरण कौर और तीन बेटियाँ हैं। 


आयात और निर्यात को बनाया था सरल 
डॉ मनमोहन सिंह ने आर्थिक उदारीकरण को उपचार के रूप में प्रस्तुत किया और भारतीय अर्थव्यवस्था को विश्व बाज़ार के साथ जोड़ दिया। डॉ॰ मनमोहन सिंह ने आयात और निर्यात को भी सरल बनाया। लाइसेंस एवं परमिट गुज़रे ज़माने की चीज़ हो गई। निजी पूंजी को उत्साहित करके रुग्ण एवं घाटे में चलने वाले सार्वजनिक उपक्रमों हेतु अलग से नीतियाँ विकसित कीं। नई अर्थव्यवस्था जब घुटनों पर चल रही थी, तब पी. वी. नरसिम्हा राव को कटु आलोचना का शिकार होना पड़ा। विपक्ष उन्हें नए आर्थिक प्रयोग से सावधान कर रहा था। लेकिन श्री राव ने मनमोहन सिंह पर पूरा यक़ीन रखा। मात्र दो वर्ष बाद ही आलोचकों के मुँह बंद हो गए और उनकी आँखें फैल गईं। उदारीकरण के बेहतरीन परिणाम भारतीय अर्थव्यवस्था में नज़र आने लगे थे और इस प्रकार एक ग़ैर राजनीतिज्ञ व्यक्ति जो अर्थशास्त्र का प्रोफ़ेसर था, का भारतीय राजनीति में प्रवेश हुआ ताकि देश की बिगड़ी अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाया जा सके।

आज का राशिफल, कैसा होगा आज का दिन, क्या कहता है आपकी राशिफल, जानिए

आज का राशिफल ::27 :: 12 :: 2024, शुक्रवार


आज का पंचांग:27 दिसम्बर 2024, शुक्रवार, विक्रमी सम्वत 2081, शाका 1946, , शुक्ल पक्ष, पौष मास की प्रविष्टा 12, उत्तरायण, दक्षिणगोल, शिशिर ऋतु, तिथि द्वादशी, नक्षत्र  विशाखा, सूर्योदय 7:29 प्रातः, सूर्यास्त 5:28 सायं, राहुकाल प्रातः 10:30 से 12:00 तक, कल: सफला एकादशी व्रत


आज :: 27:: 12 :: 2024 का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
जॉब में आपका प्रभाव बढ़ने वाला है। काफी दिनों से नौकरी में चल रही समस्या आज समाप्त हो सकती है। फिल्म निर्माण और अभिनय से जुड़े लोगों को उत्तम अवसर मिल सकते हैं। पूर्व में किये गये निवेश को लेकर चिन्तित हो सकते हैं। किसी परिजन की सेहत को लेकर चिन्ता होगी।


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
नये कारोबार में निवेश कर सकते हैं। सन्तान के विवाह की चिन्ता दूर होगी। प्रणय जीवन में नवीनता का संचार होगा। कई समस्याओं का एक साथ समाधान निकाल सकते हैं। पड़ोसियों और मित्रों का भरपूर सहयोग आपको मिलेगा।



मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
कार्यक्षेत्र की आगामी योजनाओं के लिये विशेषज्ञ लोगों से विमर्श करेंगे। धन से जुड़ी पुरानी समस्या का समाधान होगा। एक के बाद एक सभी कार्य बनते ही चले जायेंगे। आप केवल अपने मन को शान्त रखने का प्रयास करें। नवविवाहित जातक किसी पारिवारिक पूजन कार्यक्रम में भाग ले सकते हैं।




कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
आप कोई ऐसा निर्णय ले सकते हैं जिसको लोग शायद अभी व्यवहारिक न मान रहे हों। आपसी बातचीत के माध्यम से विवादों को निपटाने में सफलता मिलेगी। असन्तुलित खानपान के कारण अपच की शिकायत होगी। वैवाहिक जीवन की परेशानियों का निवारण होगा। शत्रुओं को लेकर मन में डर हो सकता है।




सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
योजनाओं का सफल क्रियान्वयन करने से आपको कारोबार में भविष्य में भी अच्छा लाभ होगा। आज सुबह से ही आपका मूड काफी सकारात्मक रहेगा। प्रशासन से जुड़े लोगों पर जिम्मेदारियों का दबाव बढ़ेगा। अपने धन का सदुपयोग करें और बिना सोचे-विचारे उसे खर्च न करें।



कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
परिवार और ऑफिस दोनों ही जगह आप संयम का परिचय देंगे। बड़े बुद्दिमान लोगों की संगति प्राप्त होगी। गुप्त शत्रुओं का भेद आपके सामने खुल सकता है। आपकी सेवाभावना लोगों के लिये प्रेरणा बनेगी। यदि आपको भीड़ में जाना आवश्यक है तो पूरी सावधानी बरतें।



तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
मांगलिक कार्यक्रमों की तैयारी कर सकते हैं। कमीशन से जुड़े व्यापार में लाभांश बढ़ेगा। सन्तान के प्रति आपका प्रेम भाव बढ़ेगा। जीवनसाथी की भावनाओं का ध्यान अवश्य रखें। पिता का साथ और मार्गदर्शन का लाभ आपको व्यापार सम्भालने में मिलेगा।



वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
प्रतिद्वन्द्वियों से आपको सावधान रहना चाहिये। कुछ नजदीकी लोग आपके साथ विश्वासघात कर सकते हैं। यदि घर से बाहर जा भी रहे हैं तो अतिरिक्त धन लेकर चलें। जिद्दी रवैया अपनाने से बचें। छोटे बच्चों की सेहत का ध्यान रखें।


धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
अधिकारी आपके काम को देखकर काफी खुश रहेंगे। आज आप व्यस्त तो रहेंगे लेकिन परिवार के साथ आनन्द के क्षण भी बितायेंगे। तार्किक विषयों पर अपनी बेबाक राय देंगे। आपकी सेहत पहले से बहुत ही अच्छी रहेगी। आपके मन में तरह-तरह के विचार आयेंगे।



मकर🐊(भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
पर्यटन से जुड़े कारोबार में घाटा हो सकता है। ज्यादा भावुक होने से बचें। अपनी कमजोरियाँ किसी से साझा न करें। शाम तक कोई गुमी चीज वापस मिल सकती है। कार्यक्षेत्र में आपको सोच-समझकर खर्चें करने चाहिये। लोग आपकी झूठी-प्रशंसा भी करेंगे।



कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)
आज का दिन आपके लिये काफी शुभ रहने वाला है। काम को पूरा करने का जुनून रहेगा। कानूनी मामलों में विजय प्राप्त करने के योग बन रहे हैं। शुभ और धार्मिक कार्यों में भाग लेंगे। धन के मामले में आत्मविश्वास से युक्त रहेंगे। आर्थिक प्रगति होने की प्रबल सम्भावना है।



मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
आज कोई जरूरी काम टल सकता है। किसी पर भी आपको पूरा भरोसा नहीं करना चाहिये। घरेलू खर्च मानसिक तनाव और कलह का कारण बन सकते हैं। अपनी परेशानियों को माता-पिता से शेयर कर सकते हैं। आँखों में जलन और सिरदर्द जैसी समस्या बढ़ सकती है।


कृपया ध्यान दें👉 

      यद्यपि शुद्ध राशिफल की पूरी कोशिश रही है फिर भी इन राशिफलों में और आपकी कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर आपके जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।

        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷