गुरुवार, 19 दिसंबर 2024

ऑल इंडिया ओपन कराटे चैंपियनशिप में झारखंड के चार खिलाड़ी करेंगे राज्य का प्रतिनिधित्व

रांची।  20 दिसम्बर से 23 दिसंबर तक उत्तर प्रदेश के वाराणसी में होने वाली ऑल इंडिया ओपन कराटे चैंपियनशिप में झारखंड के चार कराटे खिलाड़ी राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। खिलाड़ियों में तीन लड़के और एक लड़की शामिल हैं। जो सिकोकई कराटे इंटरनेशनल उत्तर प्रदेश के तत्वाधान में आयोजित इस चैंपियनशिप में अपने-अपने आयु वर्ग और वजन वर्ग में काता एवं कुमिते स्पर्धा में भाग लेंगे।


प्रतियोगिता में झारखंड की ओर से भाग लेने वाले खिलाड़ियों में मिस्टी कुमारी (11 वर्ष) काता और 40 किलो वर्ग के कुमिते में, अदित राज (9 वर्ष) काता और 40 किलो वर्ग के कुमिते में, राकेश तिर्की पुरुष वर्ग में काता और 55 किलो वर्ग के कुमिते में, तथा अभिजीत बैनर्जी 50 किलो वर्ग के कुमिते में शामिल होंगे।


इंटरनेशनल मार्शल आर्ट अकादमी (इमा) के अध्यक्ष संसाइ अनिल किस्पोट्टा टीम कोच की भूमिका निभाएंगे। उन्होंने बताया कि सभी खिलाड़ी पूरी तरह से तैयार हैं और प्रतियोगिता में झारखंड के लिए पदक जीत सभी खिलाड़ी राज्य का नाम रोशन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
बताया कि प्रतियोगिता में कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन के ट्राइबल और माइनॉरिटी कमीशन के चेयरमैन एवं ईस्ट इंडिया कराटे एसोसिएशन के संयुक्त सचिव शिहान सुनील किस्पोट्टा भी इस आधिकारिक तौर पर शामिल होंगे। 

बेटी ने अपनी मां को मौत के घाट उतारा, कई दिनों से थी लापता मृतका

मुजफ्फरपुर। जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र के कन्हौली राजपूत टोला में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 75 वर्षीय कृष्णा देवी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। मृतका कृष्णा देवी कई दिनों से लापता थीं। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट मिठनपुरा थाने में दर्ज कराई थी। आज सुबह उनका शव घर से ही बरामद हुआ।

परिजनों का आरोप है कि उनकी हत्या उनकी ही बेटी ने की है। मृतका के पोते ने आरोप लगाया है कि उसकी फूआ (मृतका की बेटी) ने अपनी मां की संपत्ति पर कब्जा जमाने के लिए कई बार उन्हें धमकाया था। उसने अदालत में संपत्ति बंटवारे का मुकदमा भी दायर किया था। पोते का मानना है कि उसकी फूआ ने ही उसकी दादी की हत्या की है।

घटना की सूचना मिलते ही मिठनपुरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। टाउन डीएसपी सीमा देवी भी घटनास्थल का मुआयना करने पहुंची हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

ठंड का कहर : मंडप में बेहोश हुआ दूल्हा तो दुल्हन ने ठुकरा दी शादी

दूल्हा-दुल्हन का टूटा रिश्ता,बगैर दुल्हन लिए दूल्हे को लौटना पड़ा वापस
 

इस वर्ष ठंड का कहर पूरे सुमार पर है. दिन पर दिन बढ़ती जा रही है.  ठंड का कहर इस हद तक बढ़ गया है कि आम जन जीवन खासा प्रभावित हो गया है. वहीं इस ठंड का कहर ने एक युवक पर ही कहर ढा दिया. युवक को ठंड में शादी करने का खामियाजा तक भुगतना पड़ा. शादी से पहले ही दूल्हा-दुल्हन का रिश्ता टूट गया,और बगैर दुल्हन लिए ही दूल्हे को वापस लौटना पड़ा.


क्या है मामला

यह मामला झारखण्ड के देवघर जिले कर मोहनपुर थाना क्षेत्र के घोरमारा की है. जहां शादी के दौरान दूल्हा बेहोश हो गया. जिसके बाद दुल्हन ने शादी से इनकार कर दी. दूल्हा घोरमारा का और दुल्हन भागलपुर की रहने वाली थी. देवघर प्रखंड के घोरमारा मंडल स्थित सुखाड़ी मंडल बगीचा में एक शादी का आयोजन किया गया. दूल्हा अनुज कुमार घोरमारा का रहने वाला था और दुल्हन भागलपुर की रहने वाली थी। हंसी-खुशी और गाजे-बाजे के साथ दूल्हा सुखारी मंडल बगीचा पहुंचा। वधू पक्ष ने बरातियों का स्वागत किया। वहीं इस गार्डन में खुले आसमान के नीचे वरमाला मंच बनाया गया था. जहां धूमधाम से दूल्हा-दुल्हन की शादी की रश्म अदा की जा रही थी.

खुले आसमान के नीचे बने मंडप में दूल्हा हुआ बेहोश 

सुखारी मंडल उद्यान में मंडप भी खुले आसमान के नीचे बनाया गया था. दूल्हा-दुल्हन की वरमाला के बाद अब बारी थी एक और रस्म की। इस रस्म में दोनों परिवार बैठे थे. तभी अचानक दूल्हा कांपते हुए बेहोश हो गया। आनन-फानन में दूल्हे को कमरे में ले जाया गया और गांव के एक डॉक्टर को बुलाया गया. डॉक्टर ने सर्दी से बचाव के लिए एक इंजेक्शन दिया। करीब डेढ़ घंटे बाद दूल्हे को होश आया। डॉक्टर का मानना   है कि दूल्हा सुबह से खाली पेट था और ठंड के कारण बेहोश हो गया.

दुल्हन ने कर दी शादी से इनकार 

इंजेक्शन लगने के करीब डेढ़ घंटे बाद जब दूल्हे को होश आया तो दूल्हा फिर से रस्म शुरू करने के लिए मंडप पर बैठ गया. फिर दुल्हन ने शादी से साफ इनकार कर दिया. दुल्हन का मानना   था कि दूल्हे को कोई बीमारी हो सकती है. जिसके कारण ये शादी नहीं हो सकती. दोनों पक्ष के लोगों ने दुल्हन को काफी समझाया, लेकिन दुल्हन शादी न करने की जिद पर अड़ी रही.

पहुंची पुलिस, लेकिन नहीं मानी दुल्हन

दुल्हन के शादी से इनकार करने के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया. सुबह करीब पांच बजे तक विवाद चलता रहा। विवाद की जानकारी जैसे ही मोहनपुर थाना प्रभारी प्रियरंजन को हुई. वे सदलबल सुखारी मंडल उद्यान पहुंचे. जहां मोहनपुर थाना प्रभारी प्रियरंजन ने दोनों पक्षों को समझाया लेकिन दुल्हन शादी नहीं करने पर अड़ी रही. अंतत: दूल्हा बिना दुल्हन के घोरमारा लौट गया और दुल्हन अपने घर भागलपुर लौट गयी.

आज का राशिफल, कैसा होगा आज का दिन, क्या कहता है आपकी राशिफल, जानिए

आज का राशिफल :: 19 :: 12 :: 2024, गुरुवार

आज का पंचांग:: 19 दिसम्बर 2024, गुरुवार, विक्रमी सम्वत 2081, शाका 1946, पौष मास, कृष्ण पक्ष, पौष मास की प्रविष्टा 5, दक्षिणायन, दक्षिणगोल, हेमन्त ऋतु, तिथि चतुर्थी सुबह 10:03 तक तदनन्तर पंचमी, नक्षत्र आश्लेषा, सूर्योदय 7:26am, सूर्यास्त 5:25pm, राहुकाल दोपहर 1:30 से 3:00 तक कल: गण्डमूल विचार


आज :: 19 :: 12 :: 2024 का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
वैवाहिक सम्बन्धों में अविश्वास की भावना न आने दें। विद्यार्थियों को शिक्षकों का अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पा रहा है। लेकिन फिर भी आपको पढ़ाई पर काफी ध्यान देना चाहिये। माता के स्वास्थ्य की चिन्ता रहेगी। लवमेट के साथ घूमने के लिये जा सकते हैं।


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
किसी महत्वपूर्ण बैठक के लिये आपको निमन्त्रण मिल सकता है। रियल एस्टेट से जुड़े लोगों को आज बहुत ही अच्छे प्रपोज़ल प्राप्त हो सकते हैं। अपनी प्रतिभा का जबरदस्त उपयोग कर पायेंगे। छोटे भाई बहनों को लेकर थोड़ी चिन्ता हो सकती है। प्रेमीजन के साथ एकान्त में समय बितायेंगे।


मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
किसी महत्वपूर्ण कार्य को लेकर थोड़ी परेशानी होगी। आज धन उधार न दें वरना वापस मिलने में कठिनाई हो सकती है। अपरिचितों पर विश्वास करने से बचना चाहिये। दूसरों के झगड़ों में पड़ने से बचें। बाहर का भारी और तला भुना भोजन करने से आपको बचना चाहिये।


कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
नया रोजगार शुरू करने के लिये दिन बहुत ही अच्छा है। आपकी दिनचर्या व्यवस्थित रहेगी। आपका मन काफी प्रसन्न रहेगा। घर के नवीनीकरण की योजना बना सकते हैं। नयी सम्पत्ति खरीदने के योग बन रहे हैं। नकदी की समस्या हल हो सकती है।


सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
विवाहेतर सम्बन्धों को लेकर आकर्षित हो सकते हैं। जोड़ों और घुटनों में दर्द की समस्या हो सकती है। रुका हुआ धन आपको वापस नहीं मिलेगा। अत्यधिक वाचालता और क्रोध के कारण आपके सम्बन्ध प्रभावित होंगे। इंश्योरेंस में आप धन का निवेश कर सकते हैं। यात्रा के दौरान परेशानी महसूस होगी।


कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
आज का दिन आपके लिये शुभ फलप्रदायक होने वाला है। प्रतिद्वन्द्वी आपके सामने परास्त होंगे। घर परिवार की किसी समस्या का समाधान मिलेगा। राजनीति से जुड़े लोग अपनी कूटनीतिक क्षमता का प्रयोग करते हुये कोई बड़ा काम कर सकते हैं। दाम्पत्य सम्बन्धों में प्रेम बढ़ेगा।


तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
आज कारोबारी उद्देश्य से यात्रा करनी पड़ सकती है। उच्च पद पर आसीन लोगों को महत्वपूर्ण पेपर्स को सम्भालकर रखना चाहिये। आप अपने तौर-तरीकों पर बदलाव ला सकते हैं। अति आत्मविश्वास में आकर काम करने से बचें। बुद्धिमान मित्रों से सलाह लेकर काम करना हितकर होगा।


वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
दूसरों के मामलों में अनावश्यक राय न दें। कुछ बारीक गलतियाँ कर सकते हैं जिसके कारण आपको बड़ा नुकसान झेलना पड़ सकता है। बोलचाल के दौरान सही भाषा का प्रयोग करें। पर्यटन के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिये दिन बहुत ही अच्छा है।


धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
सोशल मीडिया के माध्यम से आपको नये मित्र मिल सकते हैं। आपके प्रतिद्वन्द्वी भी आपका सम्मान करेंगे। परिवार के साथ शॉपिंग के लिये जा सकते हैं। आपको कारोबार में नये तरीकों को प्रयोग करना पड़ सकता है। किन्तु किसी पर भी ज्यादा विश्वास न करें।


मकर🐊 (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो,गा,गी)
फिल्म प्रोफेशन से जुड़े लोगों को बड़ी उपलब्धि मिल सकती है। आपको पुराने अनुभवों का लाभ मिलेगा। आपके व्यवहार में कुछ सकारात्मक परिवर्तन होंगे जिससे आपके परिजन काफी प्रसन्न होंगे। पिता के स्वास्थ्य का ध्यान रखें। वैवाहिक जीवन काफी सुखद रहेगा।


कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)
अधिकारी वर्ग से ज्यादा बहस न करें। मेडिकल विद्यार्थियों के लिये दिन बहुत ही अच्छा है। अपने लक्ष्य को लेकर काफी सजग रहेंगे। कार्यक्षेत्र में कुछ राजनीति का सामना करना पड़ेगा। अनावश्यक बातों को लेकर तनाव में हो सकते हैं।


मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
आपके सामने अचानक परेशानियाँ खड़ी हो सकती हैं। वाहन में कुछ खराबी आ सकती है। गूढ़ विद्याओं को सीखने के प्रति इच्छा जागृत होगी। एलर्जी और सर्दी को लेकर परेशानी होगी। आय को लेकर थोड़े चिन्तित हो सकते हैं।


कृपया ध्यान दें👉 

      यद्यपि शुद्ध राशिफल की पूरी कोशिश रही है फिर भी इन राशिफलों में और आपकी कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर आपके जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।

        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷

बुधवार, 18 दिसंबर 2024

नाबालिग से दुष्कर्म का एक आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

गिरिडीह। नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी युवक को पुलिस ने बुधवार को जेल भेज दिया है। पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी युवक सिकंदर सिंह को जिले के बिरनी थाना क्षेत्र स्थित उसके घर से दबोच उसे जेल भेजा है। वहीं पुलिस इस दुष्कर्म कांड के अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।


बता दें जिले के बिरनी थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम स्कूल से लौट रही एक 15 वर्षीय नाबालिग को चानो निवासी सिकंद सिंह तथा उसके दो दोस्तों ने घात लगाकर अगवा किया। फिर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। देर होने पर खोज में निकले परिजनों ने पीड़िता को सड़क किनारे बेहोशी की अवस्था मे पड़ा पाया। आनन फानन में परिजन उसे अस्पताल पहुंचा। जहां इलाज के बाद नाबालिग ने अपने साथ हुई सारी घटना के बारे में परिजनों को बताया। 


पीड़िता ने मंगलवार को थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई। दुष्कर्म की इस घटना की जानकारी मिलने के बाद बिरनी थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज ने छापामारी कर एक आरोपी सिकन्दर सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जबकि इस कांड के अन्य दो आरोपियों को तलाश करने में पुलिस जुटी है।

बिजली विभाग के जेई को 8 हजार घूस लेते एसीबी की टीम ने किया गिरफ्तार

गिरिडीह। जिले के राजधनवार में बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर दुर्गेश नंदन सहाय को 8 हजार रुपये घूस लेते एसीबी की टीम ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर दुर्गेश नंदन सहाय को टीम अपने साथ धनबाद ले गयी है।


जानकारी के अनुसार बिजली बिल माफ करने के नाम पर जेई सहाय ने लाभुक से घूस की मांग की थी और बुधवार को लाभुक से आठ हजार रूपये घूस की रकम लिया था। लेकिन जैसे गई जेई ने घुस की रकम लाभुक से लिया मौके पर पहुंच एसीबी की टीम ने उन्हें रंगे हाथ दबोच लिया। 

बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर दुर्गेश नंदन सहाय को घुस लेते गिरफ्तार करने के बाद एसीबी की टीम ने धनवार थाना में आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की और उसके बाद उन्हें अपने साथ धनबाद ले गई है।

उपायुक्त को आवेदन देकर किया डुमरी में संचालित क्रेशर बन्द करने की मांग

आवेदन में बताया कि क्रशर से उड़ने वाली डस्ट से पड़ रहा स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर


गिरिडीह। झारखंड एकता किसान मजदूर यूनियन के अध्यक्ष गंगाधर महतो के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने गिरिडीह डीसी को आवेदन देकर इसकी शिकायत की है। उन्होंने डीसी से अवैध क्रशर संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। 

डीसी को दिए आवेदन में बताया गया है कि डुमरी प्रखंड में संचालित क्रशरों से उड़ने वाली डस्ट से आसपास के लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। खेती योग्य भूमि भी प्रभावित हो रही है।  आवेदन में डुमरी प्रखंड के शंकरडीह, ठाकुरचक, कोरियाडीह, चपरखो व आसपास के क्षेत्रों में अंधाधुंध अवैध क्रशर चलने की बातें कही गयी है। इन क्रशरों से उड़ने वाली कंकड़ युक्त डस्ट से कृषि योग्य भूमि बर्बाद हो रही है। 

बताया है कि पत्थर खनन क्षेत्र गांव से बिलकुल सटा हुआ है। समीप के कोरियाडीह में एक विद्यालय भी है। पत्थर खदान में ब्लास्टिंग से ग्रामीणों के घरों में दरारे पड़ रही हैं। आसपास के कुओं, चापाकल व नदी का जल स्तर तेजी से नीचे जा रहा है। ब्लास्टिंग से उड़ाने वाली धूल व बारूद से वायु प्रदूषण का खतरा है। उन्होंने डीसी से इन अवैध क्रशरों को बंद कराकर लोगों का स्वास्थ्य व कृषि योग्य जमीन बचाने की मांग की है। कहा है कि यदि प्रशासन ने इस दिशा में कार्रवाई नहीं की, तो यूनियन आंदोलन करने को बाध्य होगी।

शिविर लगा किया गया आदिम जनजाति बिरहोर समुदाय का स्वास्थ्य जाँच

गिरिडीह। बनवासी विकास आश्रम के तत्वावधान में तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बगोदर द्वारा बुधवार को स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित कर बिरहोर समुदाय के लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। शिविर में अमनारी बिरहोर टंडा के 42 लोगों की नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया  गया और उन्हें उचित परामर्श दिया गया।

शिविर में डॉक्टर चांदनी पाठक, एएनएम विभाग कुमारी, सीएचओ सिकन्दर प्रसाद, एमएसडब्लयु प्रदीप कुमार व रंजीत कुमार एवं  लैब टेक्नीशियन संतोष कुमार ने सबों का स्वास्थ्य जांच किया।


शिविर को सफल बनाने में कार्यक्रम समन्वयक उत्तम कुमार, सामुदायिक कार्यकर्ता कृष्णा हेम्ब्रम, रवि पासवान, उदय सोनी,भागीरथी देवी एवं सेविका जयन्ती देवी की भूमिका सराहनीय रही।

34वीं पुण्यतिथि पर झामुमो नेताओं ने दी स्व बिनोद बिहारी महतो को श्रद्धांजलि

गिरिडीह। झामुमो जिला कार्यालय में विनोद बिहारी महतो जी की 34वी पुण्यतिथि मनाई गई। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संजय सिंह एव संचालन अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष मो॰ चाँद रशीद ने की। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में जमुआ के पूर्व विधायक केदार हाज़रा जी उपस्थित रहे।


कार्यक्रम का शुभारम्भ स्व बिनोद बिहारी महतो के तस्वीर में पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दे कर की गई। मौके पर विधायक हाज़रा ने स्व महतो के निवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बिनोद दा एक वकील और राजनीतिज्ञ थे। उन्होंने 1972 में झारखंड मुक्ति मोर्चा की स्थापना की और झारखंड के अलग राज्य की स्थापना के लिए आंदोलन के नेता थे।

 वे 1980, 1985 और 1990 में बिहार विधानसभा के सदस्य थे। उन्होंने हमेशा शिक्षा पर जोर दिया। उन्होंने "पढ़ो और लड़ो" का नारा दिया। उन्होंने कई स्कूल और कॉलेज स्थापित करने में मदद के लिए धन भी दान किया।

 
मौके पर जिला अध्यक्ष संजय सिंह, चांद रशीद  शाहनवाज अंसारी, इरशाद अहमद वारिस, राकेश सिंह, कृष्ण मुरारी शर्मा, राकेश रंजन, अभय सिंह सुशांत सिन्हा, टूना सिंह समेत काफी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे।

नगर भवन में आयोजित हुआ जन शिकायत समाधान कार्यक्रम, किया गया ऑन द स्पॉट समस्याओं का समाधान

गिरिडीह। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर गिरिडीह पुलिस के द्वारा बुधवार को नगर भवन में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तरी छोटानागपुर हजारीबाग क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक सुनील भास्कर, एसपी डॉ विमल, एलआरडीसी, एसडीपीओ जितवाहन उरांव, डीएसपी हेडक्वाटर नीरज कुमार आदि ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। 


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआईजी सुनील भास्कर ने कहा कि पुलिस महानिदेशक और पुलिस महानिरीक्षक झारखंड के निर्देशानुसार राज्य के सभी जिलों में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का आयोजन आज किया गया है। गिरिडीह जिले के भी सभी अनुमंडल क्षेत्र में यह कार्यक्रम आयोजित है।  उन्होंने कहा कि यह जन शिकायत समाधान कार्यक्रम गुड गर्वनेंस की दिशा में एक बेहतर प्रयास है। ताकि पुलिस हर लोगो की समस्याओं का ऑन द स्पॉट समाधान कर सके। 

वहीं एसपी डॉक्टर विमल कुमार ने कहा कि पिछले साल की तुलना में इस वर्ष जन शिकायत की संख्या कम हुई है। उन्होंने कहा कि अभी तक 108 मामले सामने आये है जिसका निष्पादन किया जा रहा है। अधिकांश मामले घरेलु और जमीन विवाद से जुड़े है। सभी के निष्पादन हेतु निर्देश दिया गया है। जो मामला पुलिस से जुडा है उसके लिए संबधित पदाधिकारी को निर्देशित किया गया है जबकि अन्य मामले के लिए जिला प्रशासन को अवगत कराया गया है। एसपी डॉक्टर विमल ने कहा कि साइबर अपराध जिले में तेजी से बढ़ रहा है। इसे रोकने के लिए साइबर पुलिस गंभीर है। कहा कि लोगों को भी इसके लिए जागरूक होने की जरूरत है।


इस दौरान नगर व मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अलावे महिला थाना से जुड़े कई मामलों का निष्पादन किया गया। मौके पर डीआईजी ने पारिवारिक विवाद से जुड़े मामलों को महिला थाना में निपटाने का निर्देश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान नगर व मुफ्फसिल थाना में जमीन विवाद से जुड़ा विवाद सबसे अधिक सामने आया। जिसे देखते हुए उन्होंने अंचल अधिकारी के साथ बैठ कर मामले का समाधान कराने का निर्देश दिया। इस क्रम में एक वृद्ध महिला ने वृद्धा पेंशन से जुड़े मामले का रखा। जिसके बाद अधिकारियों ने उसे प्रखंड कार्यालय भेजने का निर्देश दिया।


कार्यक्रम में डीएसपी कौसर अली, सदर और बेंगाबाद अंचल अधिकारी के साथ नगर थाना प्रभारी शैलेश प्रसाद, मुफ्फसिल थाना श्याम किशोर महतो, इंस्पेक्टर मंटू कुमार, ममता कुमारी समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद थे।

अखिल आरतीय संस्था तरुण मित्र परिषद का 55वां दिव्यांग कैम्प का आयोजन 11 फरवरी को

गिरिडीह। अखिल आरतीय संस्था तरुण मित्र परिषद, दिल्ली द्वारा 55 वां विराट दिव्ययांग कैम्प आगामी 11 फरवरी 2025 को जैन धर्मशाला, बड़ा चौक, गिरिडीह (झारखंड) मे आयोजित किया जाएगा। उक्त जानकारी अखिल आरतीय संस्था तरुण मित्र परिषद के महासचिव अशोक जैन ने दी।


उन्होंने बताया कि राकेश, मुकेश व राजेश जैन परिवार के सहयोग से आयोजित है। इस कैम्प मे दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग यथा- हाथ व पैर, पोलियो कैलिपर्स, ऑर्थोशूज आदि के अलावे श्रवणहीन बुजुर्गों को श्रवणयंत्र उपलब्ध कराने हेतु उनका चयन किया जायेगा। 
               फाइल फोटो
श्री जैन ने बताया कि सभी चयनित लाभार्थियों का कैम्प के दौरान नाप लिया जाएगा एवं दिल्ली स्थित कार्यशाला मे उनके नाप के मुताबिक कृत्रिम अंग बनाकर आगामी 2 मार्च को पुनः एक कैम्प आयोजित कर उन्हें प्रदान किया जाएगा।


बता दें कि तरुण मित्र परिषद द्वारा हर वर्ष इस प्रकार का कैम्प लगा लोगों को कृत्रिम अंग समेत अन्य प्रकार की सामग्री मुहैय्या कराया जाता है। उसी कड़ी में इस वर्ष भी यह कैम्प लगाया जा रहा है।