सोमवार, 16 मार्च 2020

गिरिडीह में भाजपाइयों ने किया मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का फूंका पुतला

गिरिडीह में भाजपाइयों ने किया मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का फूंका पुतला

                पुतला दहन करते भाजपाई

                   

गिरिडीह :  बाबूलाल मरांडी को आदिवासी नेता व नेता प्रतिपक्ष के रूप में मान्यता देने में विधानसभा अध्यक्ष द्वारा विलंब किए जाने को लेकर एतराज जताते हुये जिले के भाजपाइयों ने सोमवार को शहर के जेपी चौक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया।


इसके पूर्व सभी भाजपाई पीडब्ल्यूडी मैदान में एकत्रित हुये और एक जुलूस के रूप में झारखण्ड सरकार के विरुद्ध नारेबाजी करते जेपी चौक पहुंचे। जंहा जिलाध्यक्ष सुनील अग्रवाल की अध्यक्षता व संचालन में सभा की गयी।  जिसमे अपने सम्बोधन में वक्ताओं ने सूबे की सरकार और विधानसभा अध्यक्ष के विरुद्ध जमकर आग उगला और बाबूलाल मरांडी को अविलम्ब नेता प्रतिपक्ष की मान्यता देने का अल्टीमेटम दिया।


मौके पर पूर्व विधायक निर्भय शाहाबादी,  चन्द्रमोहन प्रसाद, लक्ष्मण स्वर्णकार , प्रदेश उपाध्यक्ष प्रणव वर्मा, चुन्नू कांत, रंजन सिन्हा, देवराज, रागिनी लहेरी, विवेश जालान,मीडिया प्रभारी शुकदेव प्रसाद साहू के अलावा मनोहर राम, प्रदीप साहू, श्याम प्रसाद,  आशीष कुमार बोर्डर, सुनीत कुमार सिंह, संजय सिंह, प्रकाश दास, हबलू गुप्ता, दीपक स्वर्णकार, संत कुमार लल्लू, यदुनंदन पाठक, सौरभ सिन्हा, सुभाष सिन्हा,  अरविद बरनवाल, प्रकाश यादव समेत काफी संख्या में भाजपाई मौजूद थे।

घायल बन्दर को बेहतर इलाज हेतु भेजा गया रांची

घायल बन्दर को बेहतर इलाज हेतु भेजा गया रांची
              घायल बन्दर ओर रेफर कागज

गिरिडीह : मानवता अभी भी जिन्दा है। यह मानवता न केवल इंशानों के लिये बल्कि जानवरों के लिये भी समान रूप से काम करती है। इस बात का जीता जागता उदाहरण उस वक्त दिखा जब गिरिडीह के पीडब्लूडी मैदान के पास एक पेड़ से नीचे सड़क पर गिर एक बंदर गम्भीर रूप से जख्मी हो गया। उसके सिर में गम्भीर चोटें आयी और घटना में उसके शरीर का काफी खून बह गया। जिस कारण वह बेशुध हो गया था।

संयोग वश मैदान में खेल रहे लोगों ने उसे तड़पते देखा। आनन फानन में उसे ऑटो पर लाद गिरिडीह के भण्डारीडीह स्थित पशु चिकित्सालय ले गये। जंहा उसका रात भर इलाज चला। घटना रविवार की है।
रातभर चले इलाज से सोमवार सुबह उस बन्दर की चेतना लौटी तो गिरिडीह के पशु चिकित्सक ने उसे बेहतर इलाज हेतु रांची रेफर कर दिया।

बन्दर को रेफर किये जाने के बाद नीलरतन खेतान, प्रकाश मण्डल, चांद रब्बानी, संजय सिंह आदि ने आपसी सहयोग से राशि इकट्ठा कर एम्बुलेंस से घायल बन्दर को रांची भेजा।

रविवार, 15 मार्च 2020

एसडीओ ने किया मास्क एवं हैंड सैनिटाइजर बेचने वाली दुकानों का निरीक्षण

अनुमंडल दंडाधिकारी ने किया मास्क एवं हैंड सैनिटाइजर बेचने वाली दुकानों का औचक निरीक्षण

करेंगे सोमवार को मास्क और हैंड सैनिटाइजर बेचने वालों के साथ बैठक

धनबाद : अनुमंडल दंडाधिकारी राज महेश्वरम तथा डॉक्टर आलोक विश्वकर्मा ने रविवार को मास्क और हैंड सैनिटाइजर की बिक्री करने वाली दुकानों का औचक निरीक्षण किया।

उन्होंने जोड़ा फाटक रोड स्थित पॉपुलर मेडिकल दवाखाना, इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स एसोसिएशन के पास स्थित गोपाल डिस्ट्रीब्यूटर तथा हावड़ा मोटर्स के सामने सिटी प्लाजा स्थित श्री राम एंटरप्राइजेज में औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान दुकानदारों को सख्त निर्देश दिया गया कि कोरोना COVID-19 को देखते हुए मास्क एवं हैंड सैनिटाइजर की कालाबाजारी ना करें एवं ग्राहकों को उचित मूल्य पर दोनों वस्तु प्रदान करें।


अनुमंडल दंडाधिकारी ने बताया कि मास्क तथा हैंड सैनिटाइजर को आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की श्रेणी में रखा गया है। अधिनियम के अंतर्गत किसी भी व्यक्ति, व्यवसायी या संस्था द्वारा 2 प्लाई या 3 प्लाई सर्जिकल मास्क, एन-95 मास्क तथा हैंड सैनिटाइजर की जमाखोरी, कालाबाजारी, बिक्री या वितरण में अनियमितता मिलने पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

साथ ही उन्होंने जनता से अपील की कि अगर आवश्यक न हो तो किसी भी प्रकार के भीड़भाड़ वाले इलाके या पब्लिक गैदरिंग में जमा न हो।

अनुमंडल दंडाधिकारी ने बताया कि सोमवार को मास्क और हैंड सैनिटाइजर बेचने वाले स्टॉकिस्ट एवं दुकानदारों के साथ एक बैठक उनके कार्यालय में दिन के 11 बजे से आहूत की गई है।

सरकारी उपेक्षा और उदासीनता शिकार है पाकुड़िया का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र

11 वर्षों में भी नहीं बन पाया 50 बेड वाला अस्पताल

पाकुड़िया : एक तरफ सरकार जहां मरीजों को हरसंभव बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने को कृत संकल्पित है। वहीं दूसरी ओर सरकारी उपेक्षा और उदासीनता के कारण पाकुड़िया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में परिवार एवं स्वास्थ्य कल्याण विभाग द्वारा निर्माणाधीन 50 बेड वाला मॉडल अस्पताल का निर्माण कार्य विगत 11 वर्षों से अधूरा पड़ा है। 

करीब चार करोड़ 62 लाख की लागत से बनने वाले अस्पताल निर्माण का कार्य पूरा नहीं होने से आधे अधूरे भवन की दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें आ गई है और वह खंडहर में तब्दील होने लगा है बहरहाल सरकार ने जिस उपदेश से इसकी आधारशिला रखी थी हुआ है 11 वर्षों के बाद भी पूरा नहीं हो सका है। इतने वर्षों के दरमियान किसी अधिकारी या जनप्रतिनिधि ने जनहित में इस आधे अधूरे भवन को पूरा करने में अपनी कोई रुचि नहीं दिखाई।

 नतीजतन भवन का निर्माण कार्य आज भी अधूरा पड़ा है। जानकारी के अनुसार इसके निर्माण में अब तक करीब 3 करोड़ से अधिक की राशि खर्च हो चुकी है, लेकिन इसका कोई भी फायदा पाकुड़िया की डेढ़ लाख की आबादी वाले प्रखंड वासियों को नहीं मिल पा रहा है। सामान्य बीमारी होने पर भी प्रखंड के लोगों को पश्चिम बंगाल के सरकारी या निजी अस्पताल पर निर्भर रहना पड़ता है ।

वही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सा सुविधा की पहले से ही घोर कमी के कारण सामान्य बीमारी या घटना दुर्घटना में मरीज को तुरंत बाहर रेफर कर दिया जाता है। झारखंड सरकार के 2008 में तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री भानु प्रताप साही ने वहां मॉडल अस्पताल निर्माण की स्वीकृति दी थी। परंतु वह अब तक पूरा नहीं हो सका है। आदिम जाति जनजाति बाहुल्य सीमावर्ती क्षेत्र इस पिछड़े प्रखंड की पूरी आबादी इस मॉडल अस्पताल के पूरा होने का बेसब्री से इंतजार कर रही है। ताकि उन्हें बीमार होने पर वक्त बेवक्त बंगाल दौड़ने से छुटकारा मिल सके। बरहाल प्रखंड की जनता इस अत्याधुनिक सुविधा पूर्ण मॉडल अस्पताल के चालू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

बेंगाबाद के बड़कीटांड के मुखिया को पितृ शोक

बेंगाबाद के बड़कीटांड के मुखिया को पितृ शोक
बेंगाबाद/गिरिडीह :  बेंगाबाद प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बड़की तांड पंचायत के मुखिया चंद्रावती देवी के पिता की मौत शनिवार देर रात को अपने आवास में हो गई। 

जानकारी के मुताबिक मृतक बड़की टांड़ निवासी शशि भूषण महतो(90) 70 के दशक में अपने क्षेत्र के सरपंच हुआ करते थे। वे विगत कई वर्षों से शुगर की बीमारी से ग्रसित थे । वर्तमान समय में उनकी पुत्री बड़कीताड पंचायत की मुखिया है। वे अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

विधायक ने किया फीता काटकर जिम का उद्घाटन

विधायक ने किया फीता काटकर जिम का उद्घाटन
                  उद्घाटन करते विधायक

गिरिडीह : पैराडाइस फिटनेस जिम का विधिवत उद्घाटन शहरी क्षेत्र के बोड़ो में रविवार को गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने फीता काट कर किया। 

संचालक मो उस्मान ने जिम के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि गिरिडीह का अब तक का सबसे अच्छा और सुंदर जिम है। जिम के अंदर हर वो मशीन मौजूद है जो अक्सर टीवी में लोग देखते थे। कहा कि आज के दिन जो जिम में अपना नामांकन कराएंगे उन्हें एक जिम किट फ्री दिया जाएगा।

उद्घाटन मौके पर मिस्टर झारखण्ड बॉडी बिल्डर के दो बार विजेता रह चुके चरण बावले, जितेंद्र कुमार उर्फ जीतू, रमेश महतो, मो.राबानी, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि महमूद उर्फ चामो, आसिफ, मुख्तार, शहजाद आलम , इमरान, सूफी, गुड्डन हाफिजी, एजाज, टीपू ,मेकल, आरिफ आदि उपस्थित थे।

कोरोना से भयाक्रांत हो 250 से अधिक यात्रियों ने रदद् कराये रेलवे की आरक्षित टिकट

कोरोना से भयाक्रांत हो 250 से अधिक लोगों ने रदद् कराये आरक्षित टिकट
      टिकट काउंटर पर टिकट रद्द कराने वालों की भीड़

गिरिडीह : कोरोना का भय इन दिनों लोगों का सिर चढ़ कर बोल रहा है। इस संक्रमण वाली बीमारी से लोग इस कदर भयाक्रांत हैं कि अपने जरूरी कामों को भी ताख पर रख देने को विवस हो रहे हैं। इस बात का खुलासा गिरिडीह रेलवे स्टेशन स्थित रेलवे आरक्षण काउंटर में लोगों द्वारा आरक्षित टिकटों के कैंसिल कराने की रफ्तार से हुई है। रविवार को गिरिडीह रेलवे स्टेशन से ऐसे कैंसिलिंग टिकट के चौंकैने वाले आंकड़े मिले हैं।

रेलवे सूत्रों की मानें तो बीते एक सप्ताह के दौरान ढाई सौ से अधिक यात्रियों ने अपनी आरक्षित टिकटों को रद्द कराया है। जिसमें बुधवार को 40, गुरुवार को 45, शुक्रवार को 50, शनिवार को 58 और रविवार दोपहर तक 44 आरक्षित टिकटों को रदद किया गया है। 
यात्रियों द्वारा रदद् कराये गये आरक्षित टिकटों में बनारस, दिल्ली, सिकंदराबाद, मुंबई, गुजरात, सूरत, पटना, कोलकाता और चेन्नई समेत अन्य बड़े महानगर की टिकट शामिल हैं।

गिरिडीह रेलवे स्टेशन के आरक्षण कांउटर के संजय कुमार वर्मा ने बताया कि गिरिडीह स्टेशन में बीते सप्ताह कैसिंल कराये गये टिकटों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में  इस प्रकार के आंकड़े नहीं मिले थे। रद्द करायी गयी अधिकांश टिकट 20 से 25 दिन पहले आरक्षित की गयी थीं। जिसकी तिथि भी आरक्षित टिकटों में दर्ज है।

विहिप की बैठक में हुआ नगर इकाई का विस्तार

विहिप की बैठक में हुआ नगर इकाई का विस्तार
गिरिडीह : विश्व हिन्दू परिषद बजरंग दल की नगर इकाई का बैठक बरगन्डा स्थित विश्वनाथ मंदिर परिसर में सम्पन्न हुई। विहिप के जिला सेवा प्रमुख शिवशक्ति शाहा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में नगर इकाई का विस्तार किया गया। 

बैठक में आपसी सामंजस्य स्थापित करते हुये सदस्यों को उनके दायित्व का बोध कराया गया। साथ ही श्री रामजन्म उत्सव, हिन्दू नववर्ष एवं रामनवमी त्यौहार को लेकर विस्तार से चर्चा किया गया। 

बैठक में बजरंग दल जिला मिलन प्रमुख रीतेश पाण्डेय, कुन्दन कैशरी, सुरेश, नवजीवन, रवि राणा, बृजेश चौधरी, विराज राणा, पंकज कन्धवै, रितेश कुमार, सीताराम हिन्दू, अमित कुमार, अमित चन्द्रवंशी, रविन्द्र स्वर्णकार, निरज पंडित, उत्कर्ष पाण्डेय आदि स्वंय सेवक उपस्थित थे।

गुरु द्रोणाचार्य शिक्षक सम्मान से सम्मानित हुये गिरिडीह के कई शिक्षक

गुरु द्रोणाचार्य शिक्षक सम्मान से सम्मानित हुये गिरिडीह के कई शिक्षक
             दीप प्रज्ज्वलित करते अतिथिगण

गिरिडीह : गुरु द्रोणाचार्य शिक्षक सम्मान समारोह 2020 का आयोजन रविवार को सिरसिया स्थित एक भवन में किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि  मेवाड़ विश्विद्यालय के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार गढ़िया और विशिष्ट अतिथि के रूप में सलूजा गोल्ड इंटरनेशनल के निदेशक जोरावर सिंह, सिटी केयर हॉस्पिटल के निदेशक डॉ समीर राज चौधरी उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ आगत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

एचएमटी हंट के सुमन गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान कैरियर कैम्पस के राजेश सिन्हा, आनंदम, सुजीत सिंह, आलोक मिश्रा, सूरज, दीपक श्रीवास्तव, अशोक गुप्ता, प्रीति भास्कर, निशांत भास्कर, रूपेश वेदांता, हरीश चंद्र आदि को ट्रॉफी व प्रशस्ति पत्र देकर  सम्मानित किया गया। 

समारोह को सम्बोधित करते हुये मुख्य अतिथि मेवाड़ विश्विद्यालय के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार गढ़िया ने शिक्षकों को अध्यापक से गुरु बनने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षकों को दिमाग के जगह दिल से पढ़ाने का आग्रह किया। कहा कि एक शिक्षक के लिए जितना बोलना जरूरी है, उतना ही जरूरी है छात्रों का सुनना।

शिक्षकों के सम्मान हेतु आयोजित गुरु द्रोणाचार्य सम्मान समारोह 2020 कार्यक्रम को सफल बनाने  में मौसम ठाकुर, राहुल साहू, रूबी कुमारी, सोनल केसरी ने भूमिका सराहनीय रही।

शादी का झांसा दे किया दुष्कर्म, अब युवक ने शादी से किया इंकार

शादी का झांसा दे युवक ने किया दुष्कर्म, शादी से किया इंकार
        युवती पहुंची थाने, लगायी न्याय की गुहार

बेंगाबाद/गिरिडीह :  थाना क्षेत्र की एक युवती ने एक युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुये पुलिस से न्याय की गुहार लगायी है।  पीड़िता ने इस बाबत बेंगाबाद थाना की पुलिस को एक आवेदन देकर इंशाफ की मांग की है।

पीड़िता युवती का आरोप है दो साल से युवक और उसके बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी दौरान युवक ने शादी का प्रलोभन देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। लेकिन युवती ने जब उससे शादी के लिए कहा तो उसने साफ इंकार कर दिया। पीड़िता ने बताया कि मामले को लेकर पहले स्थानीय स्तर पर सलटाने का प्रयास किया गया। लेकिन युवक और उसके परिवार वाले किसी प्रकार के समझौता नहीं हुये। हारकर वह पुलिस से इंशाफ की लगा रही है। युवती के आरोप के बाद पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गयी है।

बेंगाबाद में बैठक कर जनसवालों से अवगत हुई माले, किया गया कमिटी का गठन

बैठक कर जनसवालों से अवगत हुई माले, गठित की गई कमिटी
गिरिडीह : बेंगाबाद प्रखंड के जुरपनियाँ एवं बांसजोर में रविवार को भाकपा माले की ओर से बैठक कर स्थानीय सवालों का जायजा लिया गया तथा सरकार की नीतियों पर चर्चा की गई। 

बैठक की अध्यक्षता मीरूलाल मरांडी तथा संचालन रामलाल मुर्मू एवं टिपन सिंह ने किया। मौजूद लोगों ने भाकपा माले के साथ जुड़कर अपने विभिन्न सवालों पर संघर्ष शुरू करने का ऐलान किया।

वहीं लोगों को संबोधित करते हुए पार्टी के राज्य कमिटी सदस्य राजेश कुमार यादव ने कहा कि झारखंड की अब तक की सरकारें जन समस्याओं को हल करने में विफल रही हैं। इसी कारण लोगों ने भाजपा को इस राज्य से चलता कर दिया। लेकिन यदि नई सरकार भी जनसमस्याओं के प्रति उदासीन रही तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

श्री यादव ने कहा कि देश स्तर पर भी मोदी-शाह की गलत नीतियों के कारण समस्याएं बढ़ रही हैं। केंद्र सरकार को गरीबों का ख्याल नहीं, बल्कि वे देश के लोगों को आपस में उलझा कर सार्वजनिक संपत्तियों को निजी हाथों में बेचने में लगे हैं। मोदी-शाह की जोड़ी को देश की भलाई से ज्यादा अपनी पार्टी के लिए वोट और राज्यों में सरकार बनाने की चिंता है।

बैठक में उपस्थित लोगों ने माले की नीतियों पर भरोसा व्यक्त करते हुए ग्राम कमिटी गठित की जिसमें मिरुलाल मुर्मू, स्टीफन मरांडी, सोनालाल मरांडी, सुरेश गोस्वामी, केदार मंडल, अशोक मंडल, तालो सोरेन, मनोज मरांडी, डुगन मुर्मू, मोटा मुर्मू, पांडु मुर्मू, जगरनाथ मंडल, छोन्दो मुर्मू, मिथिलेश मंडल, मंझलु किस्कु, टुपलाल मंडल, भीखन गोस्वामी आदि शामिल हुए।

जमुआ में पंचायत स्वयंसेवक संघ की एक समीक्षात्मक बैठक सम्पन्न

स्वयंसेवक के भविष्य के प्रति सरकार को सहानुभूति पूर्वक विचार करने की  आवश्यकता
 जमुआ:  प्रखण्ड मॉडल भवन सभागार में रविवार को पंचायत स्वयंसेवक संघ की एक समीक्षात्मक बैठक हुई। जिसमे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला महामंत्री विकास कुमार साव ने संगठन सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि इतिहास साक्षी है कि कर्तव्यनिष्ठा,आंदोलन से ही मुकाम हासिल किया जाता है।

स्वयंसेवक के भविष्य के प्रति सरकार को सहानुभूति पूर्वक विचार करने की आवश्यकता है। अध्यक्षता करते हुए प्रखण्ड अध्यक्ष मो शाहनवाज आलम ने कहा कि सरकार द्वारा विभिन्न प्रकार के आवंटित कार्यो को स्वयंसेवक द्वारा ईमानदारी पूर्वक पूरा किया जाता रहा है परंतु यथोचित मान सम्मान व मानदेय सरकार द्वारा नही दिये जाने के कारण उपेक्षित महशूस करते हैं। संगठन शक्ति युगे युगे।  संगठन को और भी मूर्त रूप देने व सशक्त करने के उद्देश्य से चर्चोप्रान्त ठोस रणनीति अख्तियार किया गया। 

प्रखण्ड सचिव धनञ्जय कुमार,मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार राम,पंकज कुमार पासवान,वसीम अंसारी, पप्पू मंडल,रूपम श्रीवास्तव,उमेश राणा, रविन्द्र कुमार,महेश कुमार, बबलू कुमार आदि ने विचार ब्यक्त किये। उक्त अवसर पर कामदेव प्रसाद यादव, मो शमीम अख्तर,आरती कुमारी,खुशबू कुमारी,मो बदरुद्दीन अंसारी,सविता कुमारी सहित प्रखण्ड भर के स्वयंसेवक मौजूद थे।