शनिवार, 29 फ़रवरी 2020

समारोह आयोजित कर डीडीओ रामकृष्ण राम को दी गई भावभीनी विदाई

 डीडीओ रामकृष्ण राम को दी गई भावभीनी विदाई
जमुआ : झारखण्ड़ प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ जमुआ ईकाई के तत्वावधान में मध्य विद्यालय जमुआ परिसर में शनिवार को समारोह आयोजित कर डीडीओ रामकृष्ण राम को भावभीनी विदाई दी गई।
 समारोह की अध्यक्षता सेवानिवृत्त शिक्षक  प्रयाग पाण्डेय व मंच संचालन शिक्षक लक्ष्मण यादव ने किया।
 मुख्य अतिथि खोरीमहुआ एसडीएम धीरेंद्र प्रसाद सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि सरकारी सेवा में पदस्थापन, स्थानांतरण व अंत मे  सेवानिवृति एक भाग होता है। सेवाकाल के दौरान बहुत ही विषम परिस्थितियों का सामना कर बेदाग सेवानिवृत्त हो जाना सबसे बड़ी उपलब्धि होती है। जीवन मे जो मुकाम हासिल करते हैं शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका होती हैं। विशिष्ट अतिथि जमुआ थाना प्रभारी संतोष कुमार ने कहा कि शिक्षक राष्ट्रनिर्माता होते हैं  इनका योगदान अनुकरणीय रहेगा।   

रामकृष्ण राम ने भाव विव्हल होकर कहा कि सभी का अपार स्नेह,सान्निध्य व सहयोग के लिए सदैव ऋणी रहूँगा।  श्री राम को विभिन्न प्रकार के पारितोषिक, गुलदस्ता देकर सम्मानित किया गया। विदाई के दौरान सभी की आँखे नम थी। 

अंचल निरीक्षक लोकेश सिंह ,हरला मुखिया महेंद्र कुमार,बीपीओ छोटेलाल साहू, अजित कुमार,सबिता मिश्रा,सत्येन्द्र कुमार चौधरी, किशोरी रविदास ,रीता वर्मा आदि ने विचार ब्यक्त करते हुए कहा कि गुरु का स्थान माता,पिता के बाद सर्वोच्च होता है जिसे ईश्वर ने भी कहा है। 

 उक्त अवसर पर शिक्षक मैनेजर सिंह, योगेश्वर महथा, शिवकुमार देव, बसंती कुमारी, किरण कुमारी,सरिता कुमारी, बिनोद राम गुप्ता, मनोज कुमार,रंजीत वर्मा, उदय शंकर, राजीव कुमार, बदरुद्दीन आलम,मो कौशर, राजेश कुमार, शिवशंकर कुमार, छतरन्नाथ महतो आदि मौजूद थे।

पुराने सीआई की विदाई व नये का हुआ स्वागत

जमुआ अंचल निरीक्षक काली दास की दी गई भावभीनी विदाई
जमुआ :  मॉडल प्रखण्ड भवन सभागार में शनिवार को समारोह आयोजित कर सेवानिवृत्त अंचल निरीक्षक काली दास को गुलदस्ता भेंटकर सम्मानित कर भावभीनी विदाई दी गई।
 वही नये अंचल निरीक्षक लवकेश सिंह का हार्दिक अभिनंदन किया गया। 
अंचलाधिकारी रामबालक कुमार ने कहा कि काली दास जी का कार्यकाल बेहद ही बेदाग रहा। इनकी कमी को नये अंचल निरीक्षक लोकेश सिंह पूर्ति करेंगे यही कामना की जाती हैं। 

 विदाई समारोह में कम्प्यूटर ऑपरेटर प्रवीण कुमार वर्मा, अंचल अमीन, अंचल व प्रखण्ड कर्मिगण, झामुमो प्रखण्ड सचिव रंजीत कुमार, जनप्रतिनिधि ,बुद्धिजीवी, मीडिया बंधु आदि मौजूद थे।

जमुआ के बलगो पंचायत सचिवालय में हुआ सरकार आपके द्वार कार्यक्रम, उमड़ी भीड़

बलगो पंचायत सचिवालय में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ 
जमुआ:  प्रखण्ड के बलगो पंचायत सचिवालय में शनिवार को सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमे मनरेगा, पीएम आवास, वृद्धा, विधवा पेंशन आदि मामले को लेकर अधिकांश आवेदन ग्रामीणों द्वारा अधिकारीयो को सौंपा गया। अधिकारियों द्वारा कुछ का त्वरित निष्पादन कर शेष को प्रखण्ड विकास पदाधिकारी व अंचलाधिकारी को निष्पादन हेतु समर्पित कर दिया गया।

 मनरेगा बीपीओ हीरो महतो, बीपीआरओ बबलू चौधरी, प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी अनिल कुमार गोस्वामी, प्रधानमंत्री आवास प्रखण्ड समन्वयक संतोष कुमार वर्मा, प्रखण्ड सहायक शाहिद अख्तर ,कम्प्यूटर ऑपरेटर दीपक कुमार, वी एल डब्लू नित्यानंद चौधरी, पंचायत सचिव नुनूलाल हेम्ब्रम, कनीय अभियंता कामेश्वर मरांडी ने विभागों के कार्य -योजना व कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी ग्रामीणो को दिया। कहा कि सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के आयोजन से पंचायत स्तर पर ही समस्या का निष्पादन हो रहा है। प्रज्ञा केन्द्र के माध्यम से विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओ की जानकारी व लाभ सुगमतापूर्वक एक ही छत के नीचे मिल रहा है। प्रधानमंत्री किसान समृद्धि योजना के लाभुक किसानों को बीसी के माध्यम से बैंक द्वारा केसीसी के लाभ से पूर्ण आच्छादित करने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। 
कार्यक्रम में मुखिया केशरी देवी, पंचायत समिति सदस्य प्रयाग प्रसाद यादव ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था की अवधारणा सार्थक हो रही हैं। ग्राम रोजगार सेवक अकबर अंसारी, मुखिया प्रतिनिधि रोहित कुमार दास, वार्ड सदस्य सरयू यादव, बिसु राम ,बहादुर दास, गणेश राम ,अब्दुल मुस्तकीम, प्रकाश विश्वकर्मा, कामदेव राम , रौशन रविदास, हुसैनी मियां, लक्ष्मीकांत राम , सेवानिवृत्त शिक्षक रघुनाथ महतो, महावीर महतो, रोहित दास, हेमलाल दास आदि ग्रामीण मौजूद थे।

भारतीय वायु सेना के विशेष विमान से देवघर पहुंचे राष्ट्रपति, किया बाबा बैद्यनाथ की पूजा अर्चना

विशेष विमान से राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद पहुंचे
देवघर , किया बाबा बैद्यनाथ की पूजा अर्चना
देवघर(झारखंड) :  पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शनिवार को देवघर पहुंचे। उनके साथ राज्य की राज्यपाल द्रोपदी मुर्मू भी मौजूद थी।
देवघर के कुंडा एयरपोर्ट भारतीय वायु सेना के हेलीकॉप्टर से महामहिम राष्ट्रपति के पहुंचने पर सुबे के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, प्रमंडलीय आयुक्त, डीआइजी आर के लकड़ा, देवघर उपायुक्त नैंसी सहाय, एसपी नरेंद्र सिंह सहित वरीय अधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। हवाई अड्डे पर ही उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
राष्ट्रपति के देवघर आगमन को लेकर चप्पे चप्पे पर सुरक्षा बल के जवान तैनात थे, शहर की ऊंची इमारतों पर भी सुरक्षा बल के जवान तैनात दिखे। काफी चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। यूं कहें कि सुरक्षा व्यवस्था ऐसी कि परिंदा भी पर नहीं मार सके तो इसमें तनिक अतिशयोक्ति नहीं होगी।
महसमहिम राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आज विश्वप्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचने पर उनका मंत्रोच्चारण और शंख नाद से भव्य स्वागत किया गया।
 उसके बाद राष्ट्रपति बाबा के गर्भगृह पहुंच पूरे विधि विधान के साथ पूजा अर्चना किया। जंहा मन्दिर तीर्थ पुरोहित रमेश परिहस्त ने वैदिक रितिवाज के साथ पूरे विधि विधान से पूजा अर्चना कराई। लगभग आधे घंटे तक महामहिम ने बाबा बैद्यनाथ की पूजा अर्चना किया।
 
इस दौरान झारखंड की राज्यपाल एव झारखंड के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख समेत पुलिस और प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों के अलावे पुरोहित समाज के लोग मोजूद थे।







 

डुमरी में गैस चूल्हा जलाने के क्रम में युवती झुलसी, गम्भीर


गैस चूल्हा जलाने के क्रम में युवती झुलसी, गम्भीर
गिरिडीह: जिले के डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुलगो पंचायत स्थित बरवाटांड़ टोला में गैस चूल्हा जलाने के क्रम में शनिवार एक युवती बुरी तरह झुलस गई। घायल युवती गिरधारी सिंह की 17 वर्षीय पुत्री सोनी कुमारी बतायी जाती है।

 वंही युवती को बचाने के क्रम में उसके भाई अजय सिंह का भी दोनों हाथ झुलस गया। आनन फानन में ग्रामीणों द्वारा 108 एम्बुलेंस के जरिये दोनों घायलों को डुमरी रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी अजय सिन्हा  द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज हेतु धनबाद रेफर कर दिया गया।

घटना के बाबत युवती की मां शनिचरिया देवी ने बताया कि खाना बनाने के लिए जैसे ही उनकी बेटी ने चूल्हा जलाने हेतु माचिस की तिल्ली जलाया उसके कपड़े में आग पकड़ लिया। हल्ला मचाने पर भाई अजय सिंह पहुंचा और बचाने का प्रयास किया। जिसमें उसका भी हाथ झुलस गया। बताया कि गैस का नॉब सम्भवतः खुला रह गया था। जिस कारण यह हादसा हो गया। युवती की स्थिति गंभीर बतायी जाती है।


गुरुवार, 27 फ़रवरी 2020

बलात्कारी को दस वर्ष की सश्रम कारावास की सजा

बलात्कारी को दस वर्ष की सश्रम कारावास की सजा
गिरिडीह : जिला जज छह अजय श्रीवास्तव की अदालत ने गुरुवार को दुष्कर्म मामले में दोषी पाए गए मो.आलम को दस साल सश्रम कारावास की सजा सुनाई। साथ ही 25 हजार रुपये आर्थिक जुर्माना भी लगाया।  जुर्माने की राशि जमा नहीं करने पर छह माह अतिरिक्त कारावास की सजा काटने की बात कही।

  घटना ताराटांड़ थाना क्षेत्र की है। गांव की एक युवती 
कांड की परिवादी सह पीड़िता ने न्यायालय में परिवाद पत्र दायर कर कहा था कि 27 मार्च 2016 को वह घर में अकेली सोई हुई थी। गर्मी के कारण दरवाजा खुला हुआ था। रात 11 बजे मो.आलम घर में घुस गया। जब तक कुछ समझ पाती उसके दुपट्टे से उसका मुह बंद कर दिया व चाकू का भय दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद उसने शादी करने की बात कही और लगातार यौन शोषण करता रहा। इस बीच वह गर्भवती हो गई। आलम ने उसे मधुपुर ले जाकर गर्भपात कराया और गांव के बगीचे में छोड़ गया। 

24 सितंबर 2016 की शाम सात बजे वह अपनी चचेरी बहन के साथ शौच के लिए गई थी तो आलम ने उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने सारी घटना की जानकारी अपने पिता को दी। जब उसके घरवाले आलम के घर इस बात को पूछने गए तो उसके घरवालों ने उनके साथ मारपीट की। घटना को लेकर पीड़िता ताराटांड़ थाना गई। लेकिन थानेदार ने प्राथमिकी दर्ज करने से इंकार कर दिया। तब पीड़िता ने न्यायालय में परिवाद पत्र दायर किया था।

 गुरुवार को सजा के बिदु पर सुनवाई के दौरान बहस करते हुए बचाव पक्ष के अधिवक्ता प्रकाश और दीपक कुमार ने उसे न्यूनतम सजा देने की अपील की। कहा कि उसका कोई आपराधिक इतिहास नहीं रहा है। उसे कम सजा देकर अच्छा नागरिक बनने का मौका दिया जाना चाहिए। पीड़िता के अधिवक्ता दिगंबर मोहन सिन्हा ने उसे कड़ी सजा देने की अपील की। न्यायालय ने दोनों पक्षों की सुनने के बाद सजा सुनाई।




बगोदर के जरमुने पंचायत के मुखिया का वित्तीयशक्ति जब्त, निलम्बित

बगोदर के जरमुने पंचायत के मुखिया का वित्तीयशक्ति जब्त, निलम्बित
                      मुखिया संतोष रजक 

उपमुखिया को दिया गया मुखिया का दायित्व

गिरिडीह : 14वीं वित्त की राशि के दुरुपयोग के मामले में जिले के बगोदर प्रखंड के जरमूने पश्चिमी पंचायत के मुखिया संतोष रजक की वित्तीय शक्ति जब्त कर उन्हें निलंबित कर दिया गया। 

उक्त जानकारी बगोदर के बीडीओ रविन्द्र कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि सोलर लाइट खरीद में मुखिया ने राशि का दुरुपयोग किया है। मुखिया पर लगे आरोप सही पाए जाने के फलस्वरूप उसे इस पद से निलंबित कर दिया गया और मुखिया के कार्यो एवं दायित्वों का प्रभार उप मुखिया शंकर पटेल को दिया गया। 

विदित हो कि झारखंड सरकार ग्रमीण विकास विभाग पंचायती राज्य के आदेश पर उपायुक्त गिरिडीह के पत्रांक 766 दिनांक 2-12-2019 प्रतिवेदित किया गया, जिसमें कहा गया कि मुखिया संतोष रजक के द्वारा जरमूने पश्चिमी पंचायत मे 14 वें वित आयोग से सोलर स्ट्रीट लाइट के क्रय मे वितीय अनियमितता कर सोलर स्ट्रीट लाइट के क्रय में योजनाओं की राशि का दुरुपयोग करने का मामला सामने आया और इस पर उप विकास आयुक्त का मंतव्य भी प्राप्त किया गया। 

राष्ट्रीय कायस्थवृन्द कल करेगा देशरत्न डॉ राजेन्द्र प्रसाद की पुण्यतिथि पर रक्तदान

देशरत्न डॉ राजेन्द्र प्रसाद की पुण्यतिथि पर राष्ट्रीय कायस्थवृन्द कल 28 को करेगा रक्तदान 
गिरिडीह : कायस्थों की अग्रणी संस्था "राष्ट्रीय कायस्थवृन्द" अगामी 28 फरवरी अर्थात कल देशरत्न डॉ राजेन्द्र प्रसाद की पुण्यतिथि पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी रक्तदान शिविर आयोजित करेगा। उक्त निर्णय  राष्ट्रीय कायस्थवृन्द के जिलाध्यक्ष एम के वर्मा की अध्यक्षता में सम्पन्न बैठक में लिया गया।

रक्तदान हर वर्ष की तरह सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में किया जाएगा। जिसमे समाज से जुड़े पुरुष एवं महिलाओं के साथ अन्य समाज के लोग भी शामिल होंगे। जिलाध्यक्ष श्री वर्मा ने कहा कि रक्तदान एक पुनीत कार्य है। जिसमे सबों को बढ़ चढ़ कर सहभागी बनना चाहिये। क्योंकि आपके दिये रक्त किसी की जान बचाने में अपनी अहम भूमिका निभाती है।

वंही बैठक में अगामी 7 मार्च को होली मिलन समारोह आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी होली मिलन समारोह "चित्रांश भवन" में आयोजित किया जायेगा। जिसमे समाज से जुड़े लोग महिला व पुरुष शामिल होंगे। 

बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष त्रिपुरारी प्रसाद बक्सी, राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेश कुमार, प्रदेश प्रभारी शिवेन्द्र कुमार सिन्हा के अलावे जिला सचिव संजीव सिन्हा"सज्जन", उपाध्यक्ष उत्तम लाला व रविंद्र कुमार सिन्हा, कोषाध्यक्ष विशाल गौरव, नवीन कुमार सिन्हा, रंजीत कुमार, कुमार राकेश, महिला समिति की सचिव   सुधा सिन्हा, किरण बाला बक्सी, संगीता सहाय, अरुणा सिन्हा, माधुरी सिन्हा, अर्चित कृत आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

लंगटा बाबा उच्च विद्यालय में कदाचार मुक्त सम्पन्न हुआ इंटर की परीक्षा

लंगटा बाबा उच्च विद्यालय में कदाचार मुक्त लिया गया इंटर की परीक्षा
जमुआ(गिरीडीह)। जमुआ प्रखंड के लंगटा बाबा उच्च विद्यालय मिर्जागंज में गुरुवार को इंटर का परीक्षा कदाचार मुक्त लिया गया।

गुरुवार को विद्यालय में सोसोलॉजी का परीक्षा लिया गया। जिसमें 589 छात्र छात्राओं ने भाग लिया। 
मौके पर स्कूल के केंद्राधीक्षक सह प्रधानाध्यपक मो.ज्याउद्दीन खुद घूम घूम कर कदाचार मुक्त परीक्षा सम्पन्न कराने हेतु मुस्तेद दिखे।

  मौके पर दंडाधिकारी के रूप में कल्याण पदाधिकारी राजेश कुमार, शिक्षक दीपक कुमार दीपक, पंकज कुमार राय,प्रवीण कुमार चौधरी,सोमवर्त झा सहित दर्जनों वीक्षक उपस्थित थे।

झारखंडधाम मंडल के पुनः अध्यक्ष बने दशरथ वर्मा

झारखंडधाम मंडल के पुनः अध्यक्ष बने दशरथ प्रसाद वर्मा
जमुआ(गिरीडीह)।  भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के झारखंड़धाम मंडल के चुनाव को लेकर गुरुवार को एक  बैठक का आयोजन किया गया। 

बैठक में सर्वसम्मति से वर्तमान मंडल अध्यक्ष दशरथ प्रसाद वर्मा को पुनः मण्डल अध्यक्ष चुना गया। वंही वकील विश्वकर्मा व अर्जुन मंडल को महामंत्री चुना गया।

जबकि युवा मोर्चा का अध्यक्ष सुरेन्द्र प्रसाद वर्मा ,महिला मोर्चा का अध्यक्ष बसंती देवी, अत्यन्त पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के अध्यक्ष दिनेश विश्वकर्मा, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष राजकुमार तुरी, अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रामचंद्र कोड़ा को और, किसान मोर्चा का अध्यक्ष शिवचरण महतो को चुना गया।

 बैठक में सभी नवचयनित अध्यक्षों को कार्य का दायित्व बोध कराया गया। वंही सभी नवचयनित अध्यक्षों ने भाजपा को और भी सशक्त व केंद्र सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार प्रसार करने का संकल्प लिया।

मण्डल के चुनाव में सामान्य वर्ग से किन्ही को मुख्य पद नही मिलने की चर्चा क्षेत्र में हो रही हैं। भाजपा की इस चुनावी बैठक में कार्तिक मंडल, ऋषि पाण्डेय समेत भाजपा के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

मनरेगा जेई जावेद अंसारी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत

गांवा के जेई की सन्दिग्ध परिस्थिति में मौत
गिरिडीह : जिले के गांवा ब्लॉक में पदस्थापित मनरेगा जेई की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी।
पचंबा थाना क्षेत्र के भंडारीडीह 28 नंबर में किराए के मकान में रहते थे मृतक जेई जावेद आलम अंसारी।
 सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पंचम्बा थाना की पुलिस शुरू किया जांच पड़ताल ।

पचंबा थाना क्षेत्र के 28 नम्बर भण्डारीडीह में गुरुवार की सुबह मनरेगा जेई का शव कमरे में पड़ा मिला। मामले की खबर मिलते ही काफी संख्या में लोग मृतक जेई के आवास पर पहुंचे और पचंबा थाना पुलिस को मामले की सूचना दी। मृतक जावेद अंसारी गांवा में पदस्थापित थे और वह भण्डारीडीह में किराए के मकान में रहते थे।
 सूचना पर घटना स्थल पर पहुंचे डीएसपी 2 संतोष कुमार मिश्रा ने आसपास के लोगों से पूछ ताछ किया।  डीएसपी को आस पड़ोस के लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक मृतक जेई को बहुत तरह की शारीरिक समस्या बीमारी थी। बहरहाल पुलिस हर पहलू पर नज़र रखते हुए जांच कर रही है। 


मौत की तत्काल कोई कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम के बाद ही इसका खुलासा हो पायेगा।  वैसे पुलिस का कहना है कि यदि परिवार वाले कुछ सूचना देते हैं या फिर किसी प्रकार की जानकारी मिलती है तो पुलिस आगे की कार्रवाई उस दिशा में करेगी।

एटीएम ट्रांजेक्शन फेल होने पर भी देनी होगी फीस एक्सिस बैंक ने किया कई चार्ज में बढ़ोतरी

एटीएम ट्रांजेक्शन फेल होने पर भी देनी होगी फीस
एक्सिस बैंक ने किया कई चार्ज में बढ़ोतरी

न्यूज अपडेट डेस्क  : यदि आप एटीएम से कैश निकालने जाते हैं और बैलेंस की कमी के चलते ट्रांजेक्शन फेल हो जाता है, तब भी आपको 25 रुपये का चार्ज देना होगा। प्राइवेट सेक्टर के एक्सिस बैंक ने 1 अप्रैल, 2020 से यह चार्ज वसूलने का फैसला लिया है। बैंक की ओर से वेबसाइट पर सर्कुलर जारी कर यह जानकारी दी गई है। अब तक बैलेंस न होने के चलते ट्रांजेक्शन फेल होने की स्थिति में कोई चार्ज नहीं लगता था।

एटीएम ट्रांजेक्शन फेल होने के अलावा 4 और चार्ज बैंक ने बढ़ाए हैं। NACH ट्रांजेक्शन फेल होने पर 650 रुपये लिए जाएंगे। अब तक यह फीस 500 रुपये थी। इसके अलावा आउवार्ड चेक क्लियरेंस फेल होता है तो फिर 250, ऑटो डेबिट के फेल होने पर 300 रुपये लिए जाएंगे। यह चार्ज अब तक 250 रुपये था। यही नहीं बैंक ने शाखाओं से लेनदेन को लेकर भी नियम तय किए हैं।

Axis बैंक की ओर से जारी किए गए सर्कुलर के मुताबिक ब्रांच से 15 ट्रांजेक्शन मुफ्त होंगी और उसके बाद प्रति ट्रांजेक्शन 75 रुपये का चार्ज देना होगा। यही नहीं चेकबुक के चार्ज में भी बैंक ने इजाफा कर दिया है। अब तक 20 चेक की एक बुक 60 रुपये में मिलती थी। अब इसके लिए 100 रुपये चुकाने होंगे।