गिरिडीह (Giridih)। जिले के निमियाघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच 19 पर रंगामाटी पंचायत के गट्टीगढ़ा गांव के समीप शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित हो बुढ़िया नदी पुल के डिवाइडर से जा टकराई। घटना में जहां बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी वहीं वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल जुट गई। लोगों ने आनन फानन में वाहन से घायल चालक को निकाल उसे इलाज हेतु डुमरी रेफरल अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार कर उसे बेहतर इलाज हेतु धनबाद रेफर कर दिया। घायल बोलेरो चालक की पहचान टाटीझरिया (हजारीबाग) निवासी महेंद्र यादव पिता रामचंद्र यादव के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार बोलेरो चालक महेंद्र धनबाद से एक शादी समारोह में शामिल हो वापस टाटीझरिया अकेले ही लौट रहे थे। इसी दौरान झपकी आ जाने से वाहन अनियंत्रित हो पुलिया के डिवाइडर से जा टकराया और दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही निमियाघाट थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में लेकर जांच पड़ताल में जुट गई है। पुलिस ने चालक के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें