शुक्रवार, 5 दिसंबर 2025

दुःखद : सोनतुरपी नहर में डूबने से बुजुर्ग की एवं सड़क हादसे में घायल युवक की हुई मौत

गिरिडीह (Giridih)। जिले के बगोदर थाना क्षेत्र में अलग- अलग दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गयी। थाना क्षेत्र में जहां नहर में डूबने से एक बुजुर्ग की मौत हो गयी वहीं सड़क दुघर्टना में घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गयी है।


शुक्रवार सुबह बगोदर के सोनतुरपी स्थित नहर में डूबने से एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गयी। बुजुर्ग का शव नहर में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गैड़ा पंचायत के बुकना गांव निवासी 65 वर्षीय खुबलाल यादव के रूप में हुई है। वहीं सूचना मिलते ही बगोदर थाना की पुलिस घटनास्थल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु बगोदर ट्रामा सेंटर भेज दिया है।

                    मृतक बुजुर्ग

घटना के सम्बंध में मिली जानकारी के अनुसार खुबलाल यादव रोज सुबह टहलने जाया करते थे। शुक्रवार अहले सुबह भी वह अपने घर से टहलने निकले थे। लेकिन घर वापस नहीं लौटे थे। इसी बीच स्थानीय लोगों ने नहर में एक शव को तैरते देखा तो शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां जुट गए। सूचना मिलते ही जिप सदस्य दुर्गेश कुमार और पूर्व मुखिया संतोष कुमार रजक भी मौके पर पहुंचे।

              घटनास्थल पर जुटी भीड़

दोनों जनप्रतिनिधियों ने घटना से स्थानीय थाने की पुलिस को अवगत कराया। सूचना पाकर पुलिस पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से शव को नहर से बाहर निकलवा उसे अपने कब्जे में ले लिया। मृतक की पहचान होने के बाद घटनास्थल पहुंचे परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था। मृतक बुजुर्ग नहर में कैसे गिरे इसका खुलासा अब तक नहीं हो सका है। हालांकि आशंका जतायी जाती है कि अत्यधिक ठंड के कारण नहर की मेड़ पर सैर कर रहे बुजुर्ग का संतुलन बिगड़ने और उनका पैर फिसलने से वो नहर में डूबे होंगे। जिससे उनकी मौत हो गई। बहरहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।

                दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहन

वहीं दूसरी ओर गुरुवार की रात माहुरी के पास नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क दुर्घटना घटित हुआ। जिसमे एक तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच टक्कर हो गयी। टक्कर इतनी जोरदार था कि बाइक और कार का टायर ब्लास्ट हो गया। घटना में बाइक सवार तीन युवकों में गंभीर रूप से घायल हो गये। जिन्हें आनन फानन में इलाज हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान माहुरी निवासी एक युवक सूरज कुमार की मौत हो गयी। जबकि घायल दो अन्य युवकों को बेहतर इलाज हेतुु डॉक्टरों ने रांची रेफर कर दिया है।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें