गिरिडीह (Giridih), 19 जून 2026। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गड़हाटाँड़ के समीप ट्रेन से कटकर आज एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के शिव मुहल्ला निवासी राजेन्द्र प्रसाद के पुत्र देवाशीष कुमार के रूप में हुई। सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाने की पुलिस घटना स्थल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल ले गयी। इस बीच पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंचे और देवाशीष का शव देख दहाड़े मार के रोने लगे।
परिजनों ने बताया कि 4 माह पूर्व बीते फरवरी माह में देवाशीष की शादी बेंगाबाद थाना क्षेत्र के चपुआडीह निवासी मनोज कुमार राम की पुत्री मौली कुमारी से हुई थी। वह बक्सीडीह में दुकान चलाता था। रोज की तरह वह आज भी अपने बाइक से दुकान खोलने घर से निकला था। अचानक पुलिस द्वारा मिली सूचना पर अस्पताल पहुंचे तो यहां उसकी लाश देखने को मिला। परिजनों ने इस घटना के पीछे के कारणों से अनभिज्ञता जाहिर किया है।
हालांकि मृतक के भाई विकास कुमार ने बताया कि देवाशीष और उनका परिवार न केवल अलग अलग रहता है बल्कि उनका कारोबार भी अलग है। इसलिये हमेशा उनकी मुलाकात नहीं हो पाती थी। लेकिन लोगों से उन्हें लगातार सूचना मिल रही थी कि देवाशीष और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर अक्सर विवाद होते रहता था। उसने आशंका जताया कि उसी विवाद के कारण देवाशीष ने इतना बड़ा कदम उठाया होगा। बहरहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट आगे की कार्रवाई पूरी कर रही है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें