गिरिडीह (Giridih)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सह पूर्व वार्ड पार्षद बाबुल गुप्ता पंच तत्व में विलीन हो गये। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार को गिरिडीह के मारवाड़ी श्मसान घाट में किया गया। उनके छोटे पुत्र संदीप गुप्ता ने उन्हें मुखाग्नि दी।
80 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस
बता दें कि बुधवार की शाम लगभग 6: 15 बजे बाबुल गुप्ता ने 80 वर्ष की उम्र में अपने बरवाडीह स्थित निवास स्थान पर अंतिम सांस ली। वे पिछले कुछ वर्षों से बीमार चल रहे थे। बाबुल गुप्ता जनसंघ काल से ही पार्टी से जुड़े हुए थे। वह गिरिडीह में भाजपा के संस्थापक सदस्यों में से एक थे। उनके निधन न केवल भाजपा के लिये बल्कि गिरिडीह वासियों के लिये भी अपूरणीय क्षति है।
वर्ष 1990 में गिरिडीह से लड़े थे चुनाव
ज़ब गिरिडीह में भाजपा का संगठन शैशव काल मे था तब से उन्होंने भाजपा का झंडा उठाया और काफी चर्चित नेता रहे। पार्टी ने वर्ष 1990 में उन्हें गिरिडीह विधानसभा से अपना उम्मीदवार भी बनाया था। लेकिन वह चुनाव हार गये थे। उस वक्त उन्होंने काफी मजबूती से चुनाव लड़ा था। लेकिन वह 13,178 वोट प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रहे थे। उस चनाव कांग्रेस के ज्योतिंद्र ने 24,391 वोट लाकर बाजी मारी थी। जबकि दूसरे स्थान पर तत्कालीन निवर्तमान विधायक ओमिलाल आजाद ने 20, 344 वोट लाकर दूसरे स्थान पर रहे थे।
राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर
बाबुल गुप्ता के निधन की खबर फैलते ही गिरिडीह के राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गयी। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ भाजपा के नेताओं ने उनके घर पहुंच उनका अंतिम दर्शन किया।
पार्टी का झंडा ओढ़ा दी गयी अंतिम विदाई
वहीं गुरुवार को उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे नेताओं में पूर्व मंत्री चन्द्र मोहन प्रसाद, पूर्व विधायक लक्ष्मण स्वर्णकार, भाजपा जिलाध्यक्ष महादेव दुबे, भाजपा के गिरिडीह प्रभारी शशि भूषण भगत, प्रदेश के नेता बबन गुप्ता, निर्वतमान उप महापौर प्रकाश सेठ, हरमिंदर सिंह बग्गा, दिनेश यादव, संजीत सिंह पप्पू, संत कुमार लल्लू, विनय सिंह आदि ने उन्हें पार्टी का झंडा ओढ़ा उन्हें अंतिम विदाई दी। इस दौरान पार्टी नेताओं ने उनके पार्थिव शरीर के समक्ष ही दो मिनट का मौन रख ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना किया।
अंतिम दर्शन करने पहुंचे सूबे के मंत्री सुदिव्य सोनू
भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबुल गुप्ता के निधन की खबर सुन गुरुवार को सूबे के मंत्री सह गिरिडीह विधायक सुदिव्य सोनू उनके आवास पर पहुंचे और पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनके साथ झामुमो नेता प्रणव वर्मा भी मौजूद थे।
अंतिम यात्रा में उमड़ा जन सैलाब
गुरुवार को बाबुल गुप्ता का शव यात्रा बरवाडीह स्थित उनके निवास से मारवाड़ी श्मसान घाट के लिये निकला गया। उनके अंतिम यात्रा में विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों के अलावे काफी संख्या में राजेन्द्रनगर और बरवाडीह वासी के अलावे राष्ट्रीय कायस्थवृन्द और मध्यदेशीय वैश्य समाज से जुड़े लोगों समेत उनके नाते रिश्तेदार हित कुटुंब शामिल हुए। जिनमे राष्ट्रीय कायस्थवृन्द के जिलाध्यक्ष एमके वर्मा, राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेश कुमार, मध्यदेशीय वैश्य समाज के प्रदेश मंत्री रिंकेश कुमार, जितेंद्र गुप्ता, आलोक गुप्ता, पारस गुप्ता, विकास गुप्ता, अधिवक्ता नित्यानंद प्रसाद, भाजपा नेता विभाकर पांडेय, कन्हैया ओझा,भाकपा माले नेता राजेश सिन्हा, विश्वनाथ स्वर्णकार, लालन खटीक, नंद किशोर सिंह उर्फ नंदा, बजरंगी राम आदि शामिल थे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें