बेगूसराय (BAGUSARAI)। बिहार के बेगूसराय में एक बार फिर दहेज के लिए ससुराल वालों ने एक महिला की गला दबाकर बेरहमी पूर्वक हत्या कर दी है। इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। महिला की हत्या के बाद उसके ससुराल के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो गए हैं। घटना डंडारी थाना क्षेत्र के राजोपुर कटरमाला गांव की है। मृतक महिला राजोपुर कटरमाला गांव के निवासी फुलेश्वर साहनी की पत्नी सुलेखा देवी है।
मृतका के मायके वालों ने बताया कि सुलेखा की शादी पांच साल पहले फुलेश्वर साहनी के साथ हिन्दू रीति रिवाज से काफी धूमधाम से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट करते थे। बताया कि इस मुद्दे पर कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन इसके बाद भी ससुराल वालों द्वारा सुलेखा देवी को लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा। वहीं जब सुलेखा की छोटी बहन की शादी उसके देवर से प्रेम प्रसंग में हुआ उसके बाद तो ससुराल वालों द्वारा सुलेखा के साथ टॉर्चर का सिलसिला बहुत ज्यादा बढ़ गया।
बताया गया कि बीती रात भी ससुराल वालों ने सुलेखा के साथ मारपीट की और बाद में गले में फंदा लगाकर हत्या कर दिया। वहीं सुलेखा की हत्या करने के बाद ससुराल के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो गये। बताया कि सुबह पड़ोसी से सूचना पाकर जब हमलोग यहां पहुंचे तो सुलेखा का शव फंदे से लटका पाया और घर के सारे लोग गायब थे।
मृतक महिला के मायके वालों ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से घटना की सूचना डंडारी थाना की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डंडारी थाने की पुलिस सदल बल गांव पहुंचकर स्थानीय ग्रामीणों व मृतका के मायके वाले के सहयोग से शव को फंदे से उतरवा उसे अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई करने में जुट गई है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें