मूक बघिर वृद्धा के घर चोरी, जांच में जुटी पुलिस
गिरिडीह : जिले के गांडेय प्रखंड के गांडेय बाजार स्थित दुर्गा मंदिर के समीप 88 वर्षीय मूक बधिर महिला गेंदा देवी के घर अपराधियों ने दिन के उजाले में घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया।
अपराधियों ने घर में रखे बक्शे का ताला तोड़कर कुछ नकदी चोरी कर ली। बक्शे को खुला देख भुक्तभोगी गेंदा देवी ने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटे। सूचना पर गांडेय पुलिस भी घटना स्थल पहुंचकर मामले की जांच की।
अपराधियों ने कितना राशि चोरी की है, इसका सही आकलन नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने बताया कि गेंदा देवी घर में अकेली रहती हैं। उसका एक बेटा उसे छोड़कर बाहर रहता है। सरकार की ओर से उसे पेंशन मिलती है। घटना के वक्त वह घर से पचास मीटर दूर एक चापाकल से पानी लाने गई थी। इस दौरान पहले से घात लगाए अपराधी उसके घर में घुसकर बक्शे में रखे रुपये की चोरी कर ली।
अपराधी घटना को अंजाम दे जब भाग रहे थे, ठीक उसी समय भुक्तभोगी महिला पानी लेकर घर पहुंची। उसने कुछ लोगों को घर से भागते देखा। वह भागी-भागी अंदर घुसी। घर में रखे बक्शे को खुला पाया। यह देख वह जोर-जोर से रोने लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटे व प्रशासन को सूचना दी।
ग्रामीणों ने बताया कि उसके घर के बगल कुछ लोग हमेशा जुआ खेलते हैं। लोगों ने आशंका व्यक्त की है कि यह अराजक तत्वों की ही करतूत लग रही है। बहरहाल पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें