डुमरी में अनियंत्रित हो यात्रियों से भरी बस पलटी, दर्जनाधिक यात्री घायल
गिरिडीह : जिले के डुमरी प्रखंड अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 2 पर कुलगो गांव के समीप शुक्रवार की अहले सुबह करीब चार बजे कोलकाता से बिहार के पीरो जा रही महाबली बस अनियंत्रित होकर पलट गयी। इससे बस पर सवार लगभग एक दर्जन यात्री घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को उनके परिजन तुरंत एंबुलेंस से औरंगाबाद ले गए। चालक के शराब पीकर बस चलाने की बात यात्री कर रहे हैं। घटना के बाद चालाक फरार हो गया।
इन्होंने घायलों को बस से निकला :-
जैसे ही बस पलटी यात्रियों की चीख से पूरा इलाका गूंज उठा। आसपास के लोग तुरंत दौड़कर मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीण शेखर सिंह, राजकुमार ठाकुर, सुखलाल ठाकुर, शंभू सिंह, दिलीप प्रजापति आदि ने जख्मी यात्रियों को बस से बाहर निकाला।
घायलों में शामिल :-
घायलों में नजमा खातुन औरंगाबाद, नसीम खान औरंगाबाद, मोहम्द सद्दाम खान विक्रमगंज, बीआर मिश्रा भोजपुर, खलासी विकास कुमार सिह औरंगाबाद के अलावा मोहम्मद अजीम खान, उनकी पत्नी जहांआरा, भाई नदीम खान, उनकी पत्नी रूबी परवीन शामिल हैं।
बस में यात्रा कर रहे डॉक्टर सद्दाम बने भगवान, किया घायलों का उपचार :-
संयोग से उसी बस पर औरंगाबाद के एक डॉक्टर सद्दाम खान भी यात्रा कर रहे थे। उन्हें चोट नहीं लगी थी। घायलों के लिए वे भगवान बनकर आए थे। उन्होंने एक-एक घायलों का इलाज किया। बगल में एक दवा दुकान थी, उसे खुलवाकर घायलों को दवा दी गई।
डॉ सद्दाम ने बताया कि वे धनबाद के मैथन में औरंगाबाद जाने के लिए इस बस पर सवार हुए थे। धनबाद जिले में ही जीटी रोड पर एक होटल के निकट चाय पीने के लिए चालक ने बस रोकी थी। चालक चाय के बहाने शराब पीकर लौटा था। नशे में होने के बस पर वह नियंत्रण नहीं बना सका।
यात्रियों ने किया था विरोध :-
बिहार का रहने वाले जख्मी जमाल नासीर ने बताया कि कोलकाता मटियाबुरुज बस पड़ाव से लगभग 8:00 बजे रात्रि में यह बस बिहार के लिए रवाना हुई। बस के रवाना होने के बाद अपने सीटों पर रात्रि होने के कारण कुछ यात्री आराम फरमा रहे थे तो कुछ यात्री मोबाइल पर फिल्म देख रहे थे। बस अपने गंतव्य की ओर सरकती जा रही थी। उसी दौरान धनबाद जिले के चिरकुंडा के पास एक होटल में बस रुकी कुछ यात्री बस से उतरे चाय पी और लघुशंका आदि से निवृत हो बस पर बैठ गये। उसी दौरान गया के आमस निवासी चालक संजू सिंह शराब पीने के बाद काफी तेज गति से बस चलाना शुरू कर दिया। कुछ यात्रियों ने गति को लेकर विरोध भी जताया था। लेकिन वह अपने धुन में गाड़ी चलता रहा और यह घटना घटित हुई।
पहुंची पुलिस , बस को लिया कब्जे में :-
सूचना पाकर डुमरी थाना की पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया। पुलिस ने सभी यात्रियों को सुरक्षित गंतव्य के लिए रवाना किया। बाद में डुमरी पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को अपने सुरक्षा में ले लिया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें