बुधवार, 17 दिसंबर 2025

पीरटांड़ में हाथियों ने मचाया उत्पात, दो घरों को क्षतिग्रस्त कर फसल व अनाज किया बर्बाद

गिरिडीह(Giridih)। जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र में हाथियों ने एक बार फिर भारी उत्पात मचाया है। हाथियों के झुंड ने गांव में घुसकर दो घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया, वहीं घरों में रखे अनाज और खेतों में लगी आलू की फसल को पूरी तरह बर्बाद कर दिया।


मंगलवार की रात चार हाथियों का झुंड पालगंज पंचायत के रातडीह गांव में घुस आये। हाथियों ने पहले खेतों में लगे आलू के फसल को रौंदा फिर घरों को निशाना बनाया। इस दौरान हाथियों ने रसिक सोरेन और बड़की देवी के घरों को पूरी तरह ध्वस्त कर घर मे रखे धान को चट कर गए।


घटना की सूचना मिलने पर बुधवार सुबह वन विभाग के कर्मी गांव पहुंचे और क्षति का जायजा लिया। विभाग लोगों ने सभी पीड़ित परिवारों को विभाग की ओर से उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।

चोरों ने हनुमान मंदिर को बनाया निशाना, इनवर्टर-बैटरी और लाउडस्पीकर सेट ले भागे

गिरिडीह (Giridih)।  जिले के तिसरी थाना क्षेत्र के पालमो गांव स्थित हनुमान मंदिर में मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।  रात के समय जब पूरा गांव सो रहा था, तभी चोरों ने सन्नाटे का फायदा उठा  मंदिर का ताला तोड़ अंदर घुस चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने मंदिर के अंदर रखे इनवर्टर, बैटरी, साउंड बॉक्स तथा बाजा मशीन सेट चोरी कर लिया।


बुधवार की सुबह जब मंदिर के पुजारी पूजा-अर्चना करने पहुंचे तो उन्होंने मंदिर का ताला टूटा पाया और अंदर का सारा सामान बिखरा एवं इनवर्टर, बैटरी समेत अन्य उपकरण गायब पाया। उन्होंने गांव वालों को इसकी सूचना दी। मंदिर में चोरी की खबर जंगल मे लगी आग की तरह पूरे गांव में फैल गयी।  देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण हनुमान मंदिर परिसर में एकत्र हो गए।ग्रामीणों ने इसकी सूचना तिसरी थाना को दी। सूचना मिलते ही तिसरी थाना प्रभारी रंजय कुमार सदलबल मंदिर पहुंचे और घटना सारी वस्तु स्थिति से अवगत हुए।


मंदिर के पुजारी गुरुदत्त पांडेय, मुखिया इब्राहिम अंसारी, गौतम सिंह, संतोष यादव, दशरथ यादव, अजय तुरी, नारायण शर्मा, कौशल यादव आदि ग्रामीणों ने थाना को आवेदन देकर जल्द से जल्द घटना का उद्भेदन कर चोरों को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की। 


दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, दो की मौत, एक गंभीर

गिरिडीह (Giridih)। जिले के निमियाघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत इसरी बाजार के समीप मंगलवार रात दो मोटरसाइकिलों की बीच आमने-सामने टक्कर हुई। दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार रंगामाटी निवासी हैदर अली अपनी बाइक से इसरी बाजार की ओर जा रहा था, जबकि गुरुटांड निवासी राहुल महतो इसरी से डुमरी की ओर आ रहा था। इसी दौरान इसरी बाजार के पास दोनों बाइकों में आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतना जबरदस्त था कि दोनों ही बाइक सवार लोग सड़क पर गिर कर गम्भीर रूप से घायल हो गये। 


घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने आनन फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल डुमरी पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान हैदर अली एवं रांगामाटी गांव का दामाद बोकारो जिले के पेंक गांव निवासी किशन ठाकुर ने दम तोड़ दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक राहुल महतो को चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए धनबाद पीएमसीएच रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर निमियाघाट थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची और दोनों मृतकों के शव को अपने कब्जे में लेकर थाने चली गयी और आज सुबह उसे पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया।


समाज कल्याण विभाग द्वारा स्नेहदीप वृद्ध आश्रम के बुजुर्गों के बीच किया गया कंबल वितरण

गिरिडीह Giridih)। बढ़ते ठंड और शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग द्वारा बुधवार को स्नेह  वृद्ध आश्रम में रह रहे वृद्धों के बीच कम्बल वितरण किया।


जिला समाज कल्याण पदाधिकारी विनोद कुमार सिंह की अगुवाई में विभाग के लोगों ने गिरिडीह परिषदन भवन के समीप जिला जनसम्पर्क कार्यालय के सामने   स्थित स्नेहदीप वृद्ध आश्रम पहुंचे और वहां निवास कर  रहे 24 बुजुर्गों के बीच कंबल का वितरण किया।


समाज कल्याण पदाधिकारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि ठंड को देखते हुए विभाग द्वारा बुजुर्गों के बीच कंबल का वितरण किया गया। साथ ही वृद्ध आश्रम में वृद्धों को मिल रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने निरीक्षण कर दौरान वहां की व्यवस्थाओं के प्रति संतुष्टि जाहिर की। 


ट्रक और ट्रेलर में भीषण टक्कर, हादसे में दोनों वाहनों के चालक खलासी समेत तीन घायल

दुर्घटना में ट्रेलर चालक केबिन में फंस गया जिसे काफी मशककत के बाद सुरक्षित निकाला गया


गिरिडीह (Giridih)। बगोदर- बिष्णुगढ़ मेन रोड पर उपरैली बोदरा के पास मंगलवार देर रात एक ट्रक और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतना जबरदस्त था कि दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालक और खलासी समेत तीन लोग घायल हो गए।


टक्कर की आवाज सुन बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुटी गयी। लोगों ने अपनी सूझ बूझ और तत्परता दिखाते हुए वाहनों में लगी आग को समय रहते बुझा लिया। वहीं हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन बाधित हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बगोदर थाना प्रभारी विनय कुमार यादव और बिष्णुगढ़ थाना प्रभारी सपन कुमार महथा सदलबल घटनास्थल पहुंचे।


हादसे में ट्रेलर का ड्राइवर केबिन में फंस गया था, जिसे निकालने के लिए कटर मशीन की मदद ली गई। लगभग दो घण्टे की कड़ी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाल उसे इलाज हेतु बगोदर सीएचसी भेजा गया। वहीं दो अन्य घायलों को इलाज हेतु बिष्णुगढ़ अस्पताल भेजा गया है।



फेक फेसबुक आईडी बना दस हजार रूपये ठगी मामले में साईबर थाना में आवेदन देकर किया कार्रवाई की मांग

गिरिडीह (Giridih)। गिरिडीह के सेंट्रलपीट निवासी अधिवक्ता सह झामुमो जिला सह सचिव दिलीप कुमार रजक ने साइबर थाना में आवेदन देकर बताया है कि साईबर अपराधी ने उनका फोटो लगा दिलीप भाई नामक फेक फेसबुक आईडी बनाकर उनके फेसबुक फ्रेंड से दस हजार रूपये ठग लिया है। आवेदन में उन्होंने यह भी बताया है कि साइबर अपराधी उनके जितने भी फेसबुक फ्रेंड हैं उन सबों को मैसेंजर में मैसेज भेज कर उनसे भी रुपये की मांग कर रहे हैं।


आवेदन में बताया है कि अपराधी द्वारा भेजे जा रहे उनके फेसबुक फ्रेन्डों के मेसेज में यह कहा जा रहा है कि अभी मैं (दिलीप भाई) साऊथ अफ्रीका में हूं, मैं यहां फंस गया हूं, मुझे दस हजार रूपये की जरूरत है, तुरंत भेजो। यह भी कहा जा रहा है कि ये बात किसी को बताना नहीं। कतिपय लोग जो साईबर अपराध से बिल्कुल अंजान हैं वो बिना मुझे फोन किये साईबर अपराधी के चंगुल में फंस कर पैसा भेज दे रहे हैं। रजक ने बताया कि उनके एक मित्र महेश प्रसाद से साईबर अपराधी ने मंगलवार को दस हजार रुपए ठग लिये हैं।दिलीप कुमार रजक ने साईबर थाना की पुलिस से इस मामले में उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग किया है।


 दिलीप रजक ने अपने मित्रों से अनुरोध किया है कि दिलीप भाई नामक इस फेक आईडी से यदि किसी को फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट जाता है तो कृपया एक्सेप्ट नहीं करें। पैसा की मांग करे तो नहीं दें। कहा कि साईबर क्रिमिनल्स लोगों को ठगने के लिए रोज नये नये तरीके अपनाते हैं। वे इतने सातिर होते हैं कि कोई ना कोई उनके चंगुल में फंस ही जाता है। उन्होंने अपने मित्रों समेत आम जनता से साईबर अपराध के प्रति जागरूक रहने और उनकी चिकनी चुपड़ी बातों में आकर उनके में चंगुल में नहीं फंसने का अनुरोध किया है।




जिला परिवहन पदाधिकारी के अगुवाई में मुफ्फसिल थाना के समीप चला वाहन जांच अभियान

गिरिडीह (Giridih)। मुफ्फसिल थाना के समीप आज वाहन जांच अभियान चलाया गया। जिसमें दुपहिया व चार पहिया वाहनों के साथ ऑटो-टोटो चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच, वाहनों के कागजातों की जांच के अलावे दुपहिया वाहन चालकों का हेलमेट एवं चार पहिया वाहन चालकों का सीट बेल्ट की जांच की गई।


इस दौरान कई वाहनों का चालान काटा गया और कई को सख्त आवश्यक हिदायत देकर छोड़ा गया। इस जांच अभियान का नेतृत्व स्वंय जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार कर रहे थे। उनके साथ मोटर यान निरीक्षक समेत मुफ्फसिल थाना के कई पुलिस जवान मौजूद थे।


मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करते हुए वाहन चलाना चाहिये। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दो पहिया और चार पहिया वाहनों के चालकों को बगैर ड्राइविंग लाइसेंस का वाहन नहीं चलाना चाहिये। दुपहिया चालकों को हेलमेट और चार पहिया चालकों को सीट बेल्ट अवश्य लगाना चाहिये। यह उनकी सुरक्षा के लिये है। उन्होंने बताया कि आज नियम उलंघन करने वाले लगभग 45 वाहनों का चालान काटा गया है।



ESIC एवं EPF के पदाधिकारियों ने की चेम्बर के सदस्यों संग बैठक, विभागीय योजनाओं की दी जानकारी

31 दिसम्बर तक ESIC में एवं 30 अप्रैल 26 तक EPF में कर्मचारियों का निबन्धन कराने का किया अनुरोध

गिरिडीह (Giridih)। कर्मचारी राज्य बीमा निगम के स्थानीय जिला प्रबंधक अमर कुमार सिन्हा एवं कर्मचारी भविष्य निधि कोषांग के एनफोर्समेंट ऑफीसर सुजीत कुमार के साथ गिरिडीह जिला चेंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक स्थानीय मधुबन वेजेस के सभागार में हुई।


बैठक में कर्मचारी राज्य बीमा निगम के जिला प्रबंधक अमर कुमार सिन्हा ने आगामी 31 दिसंबर 2025 तक कर्मचारियों का निबंध करने वाले नियोजन कर्ताओं को क्या-क्या सुविधा विभाग उपलब्ध करा रही है, इसकी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सभी उद्योग व्यवसाय के मालिकों एवं उनके प्रतिनिधियों से विभाग द्वारा प्रदत्त सुविधाओं का लाभ लेने के लिये आगामी 31 दिसंबर के पूर्व कर्मचारी राज्य बीमा निगम के वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करने का अनुरोध किया।


वहीं बैठक के दौरान कर्मचारी भविष्य निधि कोषांग के प्रवर्तन पदाधिकारी सुजीत कुमार ने भविष्य निधि योजना के लाभ से अवगत कराया। उन्होंने जिले के उधमियों से अपने कर्मचारियों का कर्मचारी भविष्य निधि कोषांग में आगामी 30 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने का अनुरोध किया। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री विकसित भारत योजना के तहत सभी उद्यमी और व्यवसाईयों को निबंध कराने का भी निर्देश दिया।


बैठक के दौरान पदाधिकारी द्वय से चेम्बर के सदस्यों ने कई सवाल किये जिसका विस्तार पूर्वक जवाब देकर पदाधिकारियों ने उन्हें सन्तुष्ट किया। बैठक उपरांत चेम्बर के अध्यक्ष निर्मल झुनझुनवाला ने बताया कि आज की बैठक उद्यमी और व्यवसाईयों के लिए बहुत लाभदायक रही और इसका लाभ कर्मचारियों को भी व्यापक रूप से मिलेगा।


बैठक में कोयलांचल चैंबर आफ कमर्स एंड इंडस्ट्रीज के महासचिव गोपाल भदानी, जीडीसीसी अध्यक्ष डॉ सज्जन डोकानिया, महासचिव प्रमोद कुमार, कोषाध्यक्ष विकास खेतान, ध्रुव संथालीया, पंकज राठी, संजय भुदौलिया, मनोज डालमिया, निर्मल सलामपुरिया आदि ने भाग लिया।



आज 17 दिसम्बर ! क्या कहते हैं सितारे..कैसा रहेगा दिन.! जानिए अपना राशिफल और आज का पञ्चाङ्ग

आज का राशिफल :: 17: 12 :: 2025, बुधवार

17 दिसम्बर 2025 : आज पौष माह, कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि और बुधवार दिन है। दिसंबर का महीना शांति, उत्सव और आध्यात्मिक उमंग से भरा हुआ माना जाता है। जैसे-जैसे वर्ष अपने अंतिम चरण में प्रवेश करता है, प्रकृति भी ठंडी हवाओं, मधुर धूप और शांत वातावरण के साथ एक नया संतुलन लेकर आती है। यह समय हेमंत ऋतु की स्थिरता और शीत ऋतु की शुरुआत का प्रतीक होता है। धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी दिसंबर अत्यंत विशेष महीना माना जाता है, क्योंकि इस दौरान उत्पन्न एकादशी, मोक्षदा एकादशी, धानुर्मास की शुरुआत, गीता जयंती और क्रिसमस जैसे महत्वपूर्ण पर्व मनाए जाते हैं। इस महीने भगवान विष्णु की आराधना, दान, तप और साधना का विशेष महत्व माना जाता है। साल के अंतिम महीने में लोग नए वर्ष की तैयारियों, आध्यात्मिक साधना और परिवार के साथ समय बिताने पर विशेष ध्यान देते हैं। समृद्धि, शांति और शुभ फल प्राप्त करने के लिए यह महीना बेहद मंगलकारी माना जाता है।

त्रयोदशी तिथि आज देर रात्रि 02:32AM तक जारी रहेगी। इसके बाद चतुर्दशी तिथि लग जाएगी। यह दिन धार्मिक रूप से शांत, संयम और पूजा-पाठ के लिए उत्तम माना जाता है। पौष मास के चलते इस तिथि का महत्व और भी बढ़ जाता है क्योंकि यह काल देव-पूजन और दान-पुण्य के लिए शुभ माना जाता है। हालाँकि इस दिन कोई प्रमुख त्यौहार नहीं है, लेकिन त्रयोदशी तिथि भगवान शिव की उपासना और नकारात्मक ऊर्जा शमन के लिए शुभ मानी जाती है। आज के दिन अभिजीत मुहूर्त नहीं है। इस दिन राहुकाल 12:17 PM से 01:35 पम तक रहेगा। आज बुधवार के दिन सूर्य देव धनु राशि में रहेंगे। वहीं चंद्रमा तुला राशि से वृश्चिक राशि में गोचर करेंगे। आज बुध प्रदोष व्रत है। वार के हिसाब से आप बुधवार का व्रत रख सकते हैं, जो भगवान गणेश को समर्पित होता है। बुधवार के दिन गणेश मंदिर जाकर गणेशजी को गुड़ का भोग लगाने और 21 दूर्वा चढ़ाने से भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होती है, जिससे घर में धन और अन्न की कमी नहीं होती। इस दिन गाय को हरी घास खिलाने से आर्थिक उन्नति और समस्याओं से मुक्ति मिलती है। बुध दोष से मुक्ति के लिए 'ऊं ऐं ह्रीं क्लीं चामुण्डायै विच्चे' मंत्र का 108 बार जाप और श्री गणेश को सिंदूर अर्पित करना भी लाभकारी है। इसके अलावा, पन्ना धारण करना चाहिए। 'ऊं गं गणपतये नम:' या 'श्री गणेशाय नम:' मंत्र का जाप करना चाहिए। जरूरतमंद को हरी मूंग या हरा कपड़ा दान करना भी बुध ग्रह की कमजोरी को दूर करने में मदद करता है।



आज का पंचांग: 17 दिसम्बर 2025, दिन: बुधवार      युगाब्द      : 5127         विक्रम संवत : 2082         शक संवत : 1947         ऋतु:  हेमन्त                      मास     :  पौष                पक्ष  :  कृष्ण पक्ष        सूर्योदय : 07: 08 AM,    सूर्यास्त : 05:27 PM  तिथि : त्रयोदशी 02:32 AM तक उपरांत चतुर्दशी    नक्षत्र : विशाखा 05:11 PM तक उपरांत अनुराधा।    राहुकाल : 12: 17 PM से 01: 35 PM तक              चन्द्रमा : तुला राशि पर 10:26 AM तक उपरांत वृश्चिक राशि पर संचार करेगा                                      व्रत/त्यौहार : बुधवार व्रत, भगवान गणेश पूजन दिवस, प्रदोष व्रत



आज :: 17 :: 12 :: 2025  का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ): आज भगवान हनुमान की पूजा करने से आपका दिन अच्छा बीतेगा। किसी भी असहमति को स्वस्थ बातचीत से सुलझाया जा सकता है। आपके जीवनसाथी के साथ भावनात्मक बंधन मजबूत होंगे। लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वाले लोग शादी के बारे में सोच सकते हैं। आज आपका भाग्यशाली अंक 5 है। आज आप आर्थिक रूप से बेहतर कर सकते हैं। अपने पैसे के मामले में समझदारी दिखाएं और किसी भी बड़ी चीज़ में निवेश करने से बचें। घर में नवीनीकरण और सजावट में बदलाव की योजनाएँ बनेंगी। कामकाजी पेशेवरों के लिए यह धैर्य और संयम का समय है।


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो): आज भाग्य आपके साथ रहेगा। आप गलतफहमी का शिकार हो सकते हैं, इसलिए सावधान रहें। आपका जीवनसाथी आपके लिए कुछ फायदेमंद सुझाव देगा। आप किसी करीबी दोस्ती को रोमांटिक रिश्ते में बदलने के बारे में सोच सकते हैं। आज भगवान हनुमान को सिंदूर चढ़ाना आपके लिए शुभ रहेगा। आज आपका भाग्यशाली अंक 2 है। आज सकारात्मक रहें और सही तरीके से धन कमाने की कोशिश करें। आज नया व्यवसाय शुरू करने के लिए अच्छा दिन है। आपको अपने काम में अभी भी बहुत कुछ सीखना है। आपको काम पर कोई पुरस्कार मिल सकता है। गायन क्षेत्र से जुड़े लोगों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।


मिथुन👫(का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा): आज आपके मन में नए विचार आएंगे। परिवार में किसी शादी में व्यस्त रहने की उम्मीद है। आज आप दूसरों की बातों को गंभीरता से सुनने की कोशिश करेंगे। आपके जीवन में किसी नए व्यक्ति के आने से आप अपने बारे में सकारात्मक महसूस करेंगे। विवाहित लोगों को कुछ खट्टे-मीठे अनुभव हो सकते हैं। आज आपका भाग्यशाली अंक 4 है। आज आर्थिक रूप से बेहतर रहेगा। आप किसी बिजनेस डील के सिलसिले में किसी से फोन पर बात करेंगे। कामकाजी पेशेवरों को ऑफिस में अनुशासित रहना चाहिए। युवाओं को रोमांटिक रिश्तों में पड़कर अपने करियर से समझौता नहीं करना चाहिए।



कर्क🦀(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो) : इस समय भाग्य और ग्रहों की स्थिति पूरी तरह से आपके पक्ष में है। अजनबियों को कीमती सामान देने से बचें। आपके परिवार में शुभ और धार्मिक समारोह होने की संभावना है। विवाहित जोड़ों के लिए दिन अच्छा है; शाम को एक साथ समय बिताने से खुशी मिलेगी। रोमांटिक रिश्ते में आने से पहले ध्यान से सोचें। आज आपका भाग्यशाली अंक 5 है। अगर आपके वित्त में सब कुछ ठीक चल रहा है, तो उसी रास्ते पर चलते रहें। आज आपको अपने व्यावसायिक मामलों में निर्णय लेते समय सावधान रहने की आवश्यकता होगी। आज आप अपने काम की जगह पर ईमानदारी से काम करेंगे, और आपको इसका फायदा ज़रूर मिलेगा। स्टूडेंट्स अपनी पढ़ाई में बड़ी सफलता हासिल कर सकते हैं।


सिंह🦁(मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे): आज आप अपने अंदर अद्भुत ऊर्जा और आत्मविश्वास महसूस करेंगे। राजनीति से जुड़े लोग अपने काम में एक्टिव रहेंगे। आज आपको दोस्तों से मिलने का मौका मिलेगा। आप अपने जीवनसाथी के साथ अच्छा समय बिताएंगे। आपकी लव लाइफ के मामले में आज का दिन बहुत अच्छा रहेगा। आज आपका लकी नंबर 6 है। आज आप आर्थिक मामलों में दोस्तों से मदद पाकर खुश होंगे। फालतू खर्च कम करने की कोशिश करें। फैक्ट्री और प्रोडक्शन से जुड़े बिज़नेस एक्टिविटीज़ में लापरवाही न करें। आपको एक्स्ट्रा काम में किसी से मदद मिल सकती है। आपकी नौकरी में किसी तरह की पूछताछ हो सकती है; सावधान रहें।


कन्या👩(टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो): आज आप अपनी तरक्की वाली सोच से कई उपलब्धियां हासिल करेंगे। अपनी कोशिशों को कम न होने दें, क्योंकि इस समय की गई मेहनत का सही नतीजा भविष्य में मिलेगा। अपने जीवनसाथी के साथ अपने रिश्ते को मज़बूत बनाने की कोशिश करें। नए लव पार्टनर की आपकी तलाश खत्म होने वाली है। आज आपके लिए पीपल के पेड़ की परिक्रमा करना शुभ है। आज आपका लकी नंबर 3 है।



तुला⚖️(रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते): आज आप अपने भविष्य के बारे में सोचेंगे। कुछ लोग अपने ससुराल में जन्मदिन की पार्टी में शामिल हो सकते हैं। आप किसी साज़िश या षड्यंत्र में फंस सकते हैं, इसलिए सावधान रहें। अपने पार्टनर को खुश करने की कोशिश करें। उनका प्यार पाने के लिए आप किसी चीज़ का सहारा ले सकते हैं। आज आपका लकी नंबर 3 है। आज आप अच्छी वित्तीय योजना बना सकते हैं। ज़मीन से जुड़े कारोबार करने वालों को फ़ायदा होने की संभावना है। कारोबार में सहकर्मियों के साथ बेवजह की अनबन हो सकती है, इसलिए सावधान रहें। आप अपने लक्ष्यों को पाने के लिए ज़्यादा लगन से काम करना शुरू करेंगे।


वृश्चिक🦂(तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू): आज आपको खुद पर ध्यान देना होगा। कुछ नए दोस्त बनने की संभावना है। लोगों को अपने विचार व्यक्त करने से न रोकें। अपने जुनून पर काबू रखें, क्योंकि इससे आपका प्रेम संबंध खतरे में पड़ सकता है। परिवार के किसी सदस्य की शादी तय होने की उम्मीद है। आज आपका लकी नंबर 1 है। आज बड़ों का आशीर्वाद लें; आपकी संपत्ति बढ़ेगी। अपने समय का सदुपयोग करें; आप दोस्तों के साथ एक नया प्रोजेक्ट शुरू कर सकते हैं। अगर आप कारोबार के लिए यात्रा करने की सोच रहे हैं, तो करें; यह एक शुभ दिन है। आज आप अपनी बेहतरीन प्रतिभा दिखाकर अपने क्षेत्र में आगे बढ़ने की कोशिश करेंगे।


धनु🏹(ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा,भे): आज आपका मन नए उत्साह से भरा रहेगा। आपको परिवार के किसी सदस्य की उपलब्धि पर गर्व करने का मौका मिलेगा। आपके बच्चों को घर पर किसी प्रभावशाली व्यक्ति का सहयोग मिलेगा। आज आप अपने जीवनसाथी के साथ ज़्यादा भावुक और रोमांटिक हो सकते हैं। युवा लड़के-लड़कियों के लिए रोमांटिक दिन; रिश्ते और मज़बूत होंगे। आज आपका लकी नंबर 3 है।आपकी आर्थिक स्थिति में अचानक बदलाव के आसार हैं। कारोबार से जुड़े लोगों के लिए आज का दिन बहुत अच्छा रहने की उम्मीद है। नौकरीपेशा लोगों को अपनी कड़ी मेहनत और लगन से प्रमोशन या इंक्रीमेंट मिलने की संभावना है।



मकर🐊(भो,जा,जी,खी,खू,खा, खो,गा,गी): आज आप किसी शुभ कार्यक्रम में हिस्सा ले सकते हैं। स्वास्थ्य सेवा से जुड़े लोगों के लिए दिन अच्छा रहेगा। बच्चों से जुड़े किसी मामले पर आपकी राय अलग हो सकती है। आपका निस्वार्थ स्वभाव आपके जीवनसाथी के साथ आपके रिश्ते को मज़बूत करेगा। आप में से कुछ लोगों को अपने प्रेमी के साथ पूरा दिन बिताने का मौका मिलेगा। आज आपका लकी नंबर 7 है। आज आपको आर्थिक मामलों में भाग्य का साथ मिलेगा। बाहरी स्रोतों के साथ व्यावसायिक बातचीत के सकारात्मक परिणाम मिल सकते हैं। काम से जुड़े मामले उम्मीद के मुताबिक आगे बढ़ेंगे, जिससे करियर से जुड़े समाधान मिलेंगे। कामकाजी महिलाओं को कुछ नई उपलब्धियां मिल सकती हैं।


कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा): आज का दिन सामान्य से बेहतर रहेगा। आपको ऐसे किसी भी व्यक्ति से दूरी बनाए रखनी चाहिए जो आपकी प्राइवेसी में दखल देता है। अगर आप कोई गाड़ी या प्रॉपर्टी खरीदने की सोच रहे हैं, तो आज आपको अपने परिवार वालों की सहमति मिल सकती है। शादीशुदा ज़िंदगी खुशहाल रहेगी। आज आपको एहसास हो सकता है कि किसी के प्रति आपका बढ़ता आकर्षण सिर्फ़ एकतरफ़ा है। आज आपका लकी नंबर 9 है। आज आपकी जमा पूंजी बढ़ेगी। आपके बिज़नेस से जुड़े कोई भी सरकारी मामले जो पेंडिंग हैं, वे सुलझ सकते हैं। नए लोगों से जुड़ते समय सिर्फ़ काम से जुड़ी बातें करें। आप काम पर अपने तय किए गए कामों को पूरा करने की कोशिश करेंगे।


मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची): आज आपकी आकर्षक पर्सनैलिटी दूसरों का ध्यान खींचेगी। आपको उन लोगों से माफ़ी मांगनी चाहिए जिन्हें आपने जानबूझकर या अनजाने में दुख पहुंचाया है। आप किसी गलतफहमी का शिकार हो सकते हैं, इसलिए सावधान रहें। आपका जीवनसाथी आपको कुछ फ़ायदेमंद चीज़ देगा। आपकी गर्लफ्रेंड आपको कोई महंगा तोहफ़ा दे सकती है। आज आपका लकी नंबर 6 है। जिस प्रॉपर्टी में आप योगदान दे रहे थे, वह आपकी हो सकती है। बिज़नेस में कर्मचारियों और स्टाफ की सलाह पर ध्यान दें। कुछ ज़रूरी कामों में सफलता के संकेत हैं। नौकरीपेशा लोगों को अपने काम करने के तरीकों में कुछ बदलाव करने चाहिए।



कृपया ध्यान दें👉

           यद्यपि शुद्ध राशिफल प्रसारण की पूरी कोशिश की गई है। प्रसारित राशिफलों में कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।

           🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷


मंगलवार, 16 दिसंबर 2025

हजारीबाग के विवेकानंद ऑडिटोरियम में गिरिडीह कॉलेज की प्रस्तुति नाटक जेन -जी ने दर्शकों का मनमोहा

हजारीबाग (Jharkhand)। विनोबा भावे विश्वविद्यालय द्वारा युवाओं में कला की भावना विकसित करने के उद्देश्य से 15 से 18 दिसंबर तक हजारीबाग स्थित विवेकानंद ऑडिटोरियम में तीन दिवसीय 29वें युवा महोत्सव 'झूमर' जारी है। जिसमे यूनिवर्सिटी के अधीन संचालित सभी कॉलेजों के साथ गिरिडीह कॉलेज के प्रतिभागी भी उक्त प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं।


प्रतियोगिता में गिरिडीह कॉलेज के प्रतिभागियों ने जेन -जी (Gen-G) नामक नाटक का मंचन कर ऑडिटोरियम में उपस्थित दर्शकों एवं निर्णायकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बर्तमान युवाओं की मनः स्थिति, पारम्परिक रीति रिवाज के प्रति उनकी मानसिकता को प्रदर्शित करती इस नाटक की प्रस्तुति के दौरान सभी पात्रों ने पात्रगत भूमिका का निर्वहन किया। कतिपय रंगमंचीय भूल को यदि नजर अंदाज कर दें तो नाटक में अभिनय करने वाले कलाकारों ने अपनी अभिनय क्षमता से नाटक को जीवंतता प्रदान करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ा।


अमित कुमार लिखित व निर्देशित इस नाटक में सूरज माथुर (पिता) की भूमिका में साहिल सिंह, दिव्या माथुर (मां) की भूमिका में निराली कुमारी, रोहन माथुर (बेटा) की भूमिका में अनुराग सागर, मिस्टर अशोक (पड़ोसी) की भूमिका मे सुमित कुमार गुप्ता, श्रीमती अशोक (पड़ोसी की पत्नी) की भूमिका में सृष्टि सिन्हा के अलावे सहयोगी कलाकार यश कुमार, दिनकर कुमार दास, मिंटू एवं नंदनी ने पात्रगत भूमिका के निर्वहन कर नाटक में अपनी अभिनय क्षमता को प्रदर्शित किया।


उप विकास आयुक्त ने सुनी लोगों की फरियाद, दिया सम्बंधित अधिकारियों को कारवाई का निर्देश

गिरिडीह (Giridih)।  उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी मंगलवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दरबार फरियादियों की फरियाद सुनीं। मौके पर उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को फरियादियों की समस्याओं का त्वरित समाधान और निष्पादन करने का निर्देश दिया।


उपविकास आयुक्त ने कहा कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य प्रशासन में पारदर्शिता और संवेदनशीलता लाना है। साथ ही जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना होता है। जनता दरबार में भूमि विवाद, जाति, आय प्रमाण पत्र, पेंशन, राशन कार्ड, आवास, दाखिल खारिज सहित विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। 


उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन मामलों में तत्काल समाधान संभव है, उनका निपटारा नियमानुसार ढंग से तुरंत किया जाए। मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, परीक्ष्यमान उपसमाहर्ता व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। 


नगर निगम और यातायात पुलिस ने चलाया अतिक्रमण मुक्ति अभियान, ठेले खोमचे व वाहन चालकों को दिया सख्त निर्देश

गिरिडीह (Giridih)। शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से नगर निगम और यातायात पुलिस द्वारा मंगलवार को संयुक्त अतिक्रमण मुक्ति अभियान चलाया गया। नगर प्रबंधक विपिन विमल टोप्पो और यातायात इंस्पेक्टर दुग्गन टोपनो की अगुवाई में यह अभियान शहरी क्षेत्र के नेता जी चौक से अंबेडकर चौक, जेपी चौक, कोर्ट रोड तक चलाया गया।



इस दौरान फोर लेन सड़क के किनारे वाहन खड़ा करने वाले का चलान काटा गया। वहीं कई को हिदायत देकर आगे से वाहन पार्क नहीं करने की नसीहत दी गई। सड़क के किनारे ठेला लगाकर दुकान सजाने वाले दुकानदारों को सख्त निर्देश दिया गया।


नगर प्रबंधक ने बताया कि फोरलेन सड़क निर्माण के बाद सड़क के दोनों और वाहन पार्क करने की शिकायत लगातार प्राप्त हो रही थी। जिससे न केवल आवागमन में  परेशानी बल्कि जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। वही अधिवक्ता संघ द्वारा कोर्ट परिसर के आसपास ठेले खोमचे वालों और आम लोगों द्वारा गाड़ी पार्क करने की सूचना मिली थी। उक्त सूचना के आलोक में वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर इस अभियान चलाया गया।


 वही यातायात की इंस्पपेक्टर ने आम लोगों से सड़क के किनारे वाहन पार्क नहीं करने की अपील की। ताकि लोगों को समस्या उत्पन्न ना हो। मौके पर शिवम कुमार, रवि वर्मा, निशांत वर्मा, अमित राय, प्रशांत कुमार, राहुल हाड़ी, छोटू रविदास सहायक पुलिस शुभम कुमार रामप्रसाद सहित पुलिस जवान मौजूद थे।