गिरिडीह (Giridih)। जिले के तिसरी थाना क्षेत्र के पालमो गांव स्थित हनुमान मंदिर में मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। रात के समय जब पूरा गांव सो रहा था, तभी चोरों ने सन्नाटे का फायदा उठा मंदिर का ताला तोड़ अंदर घुस चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने मंदिर के अंदर रखे इनवर्टर, बैटरी, साउंड बॉक्स तथा बाजा मशीन सेट चोरी कर लिया।
बुधवार की सुबह जब मंदिर के पुजारी पूजा-अर्चना करने पहुंचे तो उन्होंने मंदिर का ताला टूटा पाया और अंदर का सारा सामान बिखरा एवं इनवर्टर, बैटरी समेत अन्य उपकरण गायब पाया। उन्होंने गांव वालों को इसकी सूचना दी। मंदिर में चोरी की खबर जंगल मे लगी आग की तरह पूरे गांव में फैल गयी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण हनुमान मंदिर परिसर में एकत्र हो गए।ग्रामीणों ने इसकी सूचना तिसरी थाना को दी। सूचना मिलते ही तिसरी थाना प्रभारी रंजय कुमार सदलबल मंदिर पहुंचे और घटना सारी वस्तु स्थिति से अवगत हुए।
मंदिर के पुजारी गुरुदत्त पांडेय, मुखिया इब्राहिम अंसारी, गौतम सिंह, संतोष यादव, दशरथ यादव, अजय तुरी, नारायण शर्मा, कौशल यादव आदि ग्रामीणों ने थाना को आवेदन देकर जल्द से जल्द घटना का उद्भेदन कर चोरों को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें