मंगलवार, 8 जुलाई 2025

कुरैशी मोहल्ला में फिर हुआ तनाव, पुलिस की सजगता से स्थिति हुआ नियंत्रित

गिरिडीह(Giridih)। नगर थाना क्षेत्र के कुरैशी मोहल्ला में मुहर्रम जुलूस के दौरान हुए विवाद के बाद मंगलवार को एक बार फिर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालांकि पुलिस की सजगता के कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हो पाया और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।


बता दें कि मुहर्रम जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। इस विवाद में एक व्यक्ति घायल भी हुआ था। उसी मामले को लेकर एक बार फिर कुरैशी मोहल्ला में दो पक्ष आपस में टकरा गए। नौबत यहां तक आ गई कि दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी भी होने लगी। हालांकि नगर थाना पुलिस को इसकी सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी शैलेष प्रसाद सदल बल मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों के लोगों को खदेड़ भगाया।


वहीं मामले की सूचना मिलते ही डीएसपी 1 नीरज सिंह भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने पूरी मामले की जानकारी ली। मामले के सम्बंध में डीएसपी नीरज सिंह ने कहा कि मुहर्रम के दिन दो मोहल्लों के बीच तनाव पैदा हो गया था। आज पुनः उसी मामले को लेकर तनाव की स्थिति उत्पन्न हुई थी। लेकिन अब स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि मुहल्ले में पुलिस बलों की तैनाती की गई है। और पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है। 


बहरहाल पुलिस मामले की जांच करने में जुटी है। डीएसपी ने आम लोगों से संयमित रहने और जहां जरूरी होने पर पुलिस से मदद लेंने की अपील की है।


विश्वनाथ नर्सिंग होम में इलाजरत मरीज की हुई मौत, लगा अस्पताल प्रबन्धन पर पुनः लापरवाही का आरोप

गिरिडीह (Giridih)। नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया में संचालित विश्वनाथ नर्सिंग होम में इलाजरत 35 वर्षीय धनेश्वर दास नामक मरीज की इलाज के दौरान मौत हो गयी। धनेश्वर दास की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगा अस्पताल में जमकर हंगामा किया।


बता दें कि पूर्व भी इस अस्पताल में ऐसा ही मामला घटित हुआ था। उस वक्त भी अस्पताल प्रबंधन सवालों के घेरे में आया था। बाबजूद इसके अस्पताल प्रबंधन अपनी कार्यशैली में सुधार नहीं ला रही है। इसी बीच यह घटना घटित हुई। मृतक धनेश्वर दास की पत्नी रिंकी देवी ने अस्पताल प्रबधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सही तरीके से इलाज नहीं करने का भी आरोप लगाया है। पति की मौत पर रोती बिलखती रिंकी ने कहा कि उसके दो छोटे छोटे बच्चे है। अब उसका भरन पोषण कैसे होगा?


हालांकि इस मामले में अस्पताल प्रबंधन ने किसी प्रकार की कोई लापरवाही से इनकार किया है। लेकिन सूचना पर पहुंचे माले नेताओं व भीम सेना के दवाब में आकर अस्पताल प्रबंधन ने मृतक की आश्रिता पत्नी को अंतिम संस्कार के लिए बतौर मुआवजा 50 हजार रुपये दिया। उसके बाद परिजन उसके शव को लेकर पैतृक गांव चले गए।


विद्युत विभाग के पदाधिकारियों संग बैठक कर चैंबर ने की स्मार्ट मीटर समेत अन्य बिजली समस्या पर चर्चा

गिरिडीह (Giridih)। जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स केे प्रतिनिधियों ने मंगलवार को विद्युत विभाग के पदाधिकारियों केे साथ बैठक कर स्मार्ट मीटर एवं बिजली आपूर्ति में हो रही बाधाओं  तथा लो वोल्टेज की समस्या पर चर्चा की। कहा कि हाल के वर्षों में भारी खर्च होने के बाद भी बिजली आपूर्ति में बाधा और लो वोल्टेज की समस्या जस की तस बनी हुई है। इसका निराकरण और समाधान शीघ्र अतिशीघ्र किया जाय।



बैठक के दौरान चैम्बर के पदाधिकारियों ने कहा कि उपभोक्ताओं के घरों के बाहर ही मीटर लगाना अनिवार्य नहीं है; मीटर घर के भीतर प्रवेश द्वार के समीपतम स्थान पर लगाया जा सकता है। मीटर लगाने की जिम्मेदारी लेने वाली एजेंसी आगामी 10 वर्षों तक उसकी देखरेख करेगी, और यदि कोई तकनीकी गड़बड़ी होती है तो निःशुल्क बदलने की व्यवस्था भी की जाएगी।

इस दौरान स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं की शंकाओं को देखते हुए चैंबर के पदाधिकारियों ने कहा कि चैम्बर के के दो सदस्यों के घर या प्रतिष्ठान में मौजूदा मीटर के समानांतर स्मार्ट मीटर को स्थापित किया जाय और सात दिनों तक दोनों की रीडिंग ली जाये। उसके बाद चैंबर यह आह्वान करेगा कि आम जनता को स्मार्ट मीटर लगवाना चाहिए या नहीं।



बैठक के दौरान चेंबर के पदाधिकारियों ने बिजली बिलों के वितरण में हो रही देरी पर चिंता जताया और कहा कि इससे राज्य सरकार की 200 यूनिट तक की निःशुल्क बिजली देने की योजना प्रभावित हो सकती है, विशेषकर तब जब कई माहों का बिल एक साथ जारी होता है। वहीं बैठक में चैम्बर के पदाधिकारियों ने प्रत्येक ट्रांसफार्मर पर AB स्विच लगाने की मांग की। ताकि किसी फॉल्ट की स्थिति में केवल संबंधित क्षेत्र की आपूर्ति रोकी जाए।



वहीं विभागीय पदाधिकारियों ने आश्वासन दिया कि अगले माह तक चार-पाँच ट्रांसफार्मरों के समूहों पर यह व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। विभागीय अधिकारियों ने लो वोल्टेज की समस्या के बाबत बताया कि जसीडीह ग्रिड से कम वोल्टेज वाली आपूर्ति आ रही है। जिस कारण यह समस्या है। पदाधिकारियों ने आगामी सप्ताह के भीतर इस समस्या का समाधान कर लेने का आश्वासन चैम्बर के पदाधिकारियों को दिया। मौके पर अधीक्षण अभियंता ने चेंबर से समय-समय पर ऐसे संवाद करते रहने का आग्रह किया ताकि गिरिडीह में विद्युत आपूर्ति की स्थिति को बेहतर बनाया जा सके।


बैठक में बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता, शहरी क्षेत्र के सहायक अभियंता, कनीय अभियंता एवं स्मार्ट मीटर स्थापित करने वाली एजेंसी के प्रतिनिधि अभिषेक कुमार के साथ चेंबर के अध्यक्ष निर्मल झुनझुनवाला, महासचिव प्रमोद कुमार, कोषाध्यक्ष विकास खेतान, कार्यकारिणी सदस्य सजय भूदौलिया, निर्मल कुमार, प्रशांत बगड़िया एवं विकास बसईवाला मुख्य रूप से मौजूद थे।


गिरिडीह की सोनी कुमारी, मुक्ता कुमारी और निमित सिंह बनी योगासना स्पोर्ट की राज्यस्तरीय जज

गिरिडीह (Giridih)। झारखंड योगासना स्पोर्ट संघ द्वारा धनबाद में आयोजित राज्य स्तरीय योगासना स्पोर्ट जजेज ट्रेनिंग प्रोग्राम में गिरिडीह की सोनी कुमारी, मुक्ता कुमारी और निमित सिंह ने सफलता पूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त कर योगासना स्पोर्ट के राज्य स्तरीय लेवल टू की जज बनी।


बता दें कि बीते 5 जुलाई से 7 जुलाई तक धनबाद में सम्पन्न हुए इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में झारखंड के विभिन्न जिलों से 40 प्रतिभागियों ने भाग लिया था। जिसमे गिरिडीह योगासना स्पोर्ट संघ की ओर से सोनी कुमारी, मुक्ता कुमारी और निमित सिंह भी शामिल हुई थी।


जिला योगासना स्पोर्ट संघ के तकनीकी इंचार्ज सह कोषाध्यक्ष अमित स्वर्णकार ने कहा कि सोनी कुमारी, मुक्ता कुमारी और निमित सिंह के योगासना स्पोर्ट के राज्य स्तरीय जज बनने से गिरिडीह जिला योगासना संघ में हर्ष का माहौल है। बताया कि इन तीनों के राज्यस्तरीय जज बनने से अब गिरीडीह के खिलाड़ियों को तकनीकी रूप में मजबूत करने में मदद मिलेगी और जिला स्तरीय प्रतियोगिता कराने के लिए अब बाहर से जज नहीं बुलाना पड़ेगा।


वहीं गिरिडीह जिला योगासना स्पोर्ट संघ से जुड़े इन तीनों के राज्य स्तरीय जज बनने से जिलाअध्यक्ष संतोष शर्मा, मुख्य संरक्षक राजेश जलान, संरक्षक नवीनकांत सिंह, सचिव अनीता ओझा, दयानंद जयसवाल, पुष्पा शक्ति, रोहित श्रीवास्तव, नितेश नंदन, संजीत कुमार, उत्कर्ष गुप्ता, आकाश कुमार स्वर्णकार, रोहित राय ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


राष्ट्रीय अल्पबचत अभिकर्ता संघ ने सौंपा केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी को 6 सूत्री मांगों से सम्बंधित ज्ञापन

गिरिडीह (Giridih)। राष्ट्रीय अल्पबचत अभिकर्ता संघ की गिरिडीह जिला इकाई ने केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री सह कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी को एक ज्ञापन सौंपा। देश के 6 लाख से अधिक राष्ट्रीय बचत अभिकर्ताओं के 6 सूत्री मांगो के समर्थन में केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर संघ की गिरिडीह इकाई ने यह ज्ञापन सौंपा।


इसके पूर्व संघ के सदस्यों ने अध्यक्ष सुधीर आनन्द एवं आराधना देवी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री को पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। उसके बाद उन्हें देश के 6 लाख से अधिक राष्ट्रीय बचत अभिकर्ताओं के 6 सूत्री मांगो से सम्बंधित ज्ञापन सौंपा। इस दौरान मंत्री ने संघ के सदस्यों को उनकी इन मांगों से केंद्रीय वित्त मंत्री को अवगत कराने के साथ साथ उनसे मुलाकात करवाने का भी आश्वासन संघ के पदाधिकारियों को दिया।


मौके पर संघ के सचिव बीरेंद्र कुमार पाठक, बबीता कला, बिंदु देवी, कल्याणी, रविन्द्र चौरसिया, नवीन कुमार, उदयन बनर्जी, उदय गुप्ता, मधुकर कुमार, जसप्रीत सिंह आदि मुख्य रूप से मौजूद थे।  


राष्ट्रव्यापी हड़ताल के मद्देनजर गिरिडीह जिला बीमा कर्मचारी संघ ने किया द्वार प्रदर्शन

गिरिडीह(Giridih)।  केंद्रीय श्रम संगठनों द्वारा 9 जुलाई को आहूत राष्ट्रव्यापी हड़ताल की तैयारी को लेकर गिरिडीह जिला बीमा कर्मचारी संघ ने मंगलवार को एलआईसी कार्यालय के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया। बीमा कर्मचारी संघ हजारीबाग मंडल के गिरिडीह शाखा इकाई द्वारा यह द्वार प्रदर्शन कार्यक्रम मंगलवार को भोजनावकाश के समय किया गया।


संघ के सचिव धर्म प्रकाश ने बताया कि कल बुधवार को देश के तमाम श्रमिक संगठनों द्वारा एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आवाहन किया गया है। जिसमें हमारा संघ भी शामिल है। इस हड़ताल के माध्यम से एलआईसी एक्ट संशोधन बिल, बीमा कानून संशोधन बिल तथा आईआरडीए कानून संशोधन बिल का विरोध किया जाएगा। कहा कि वर्ष 2012 के बाद एलआईसी में उप कर्मचारी और सफाई कर्मियों की बहाली नहीं हुई है जबकि वर्ग 3 और वर्ग 4 के कर्मचारियों की काफी रिक्तियां हैं। देश में बेरोजगारी और महंगाई काफी बढ़ी है। केंद्र सरकार के गलत कृषि नीति के कारण देश में किसानों की आत्महत्या बढ़ी है तथा कृषि उपज घटा है। यह हड़ताल सरकार के जन विरोधी, मजदूर विरोधी किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ है। इसलिए आम जनता और दुकानदारों से भी आग्राह हैं कि कल के हड़ताल को वे भी अपना नैतिक समर्थन दे।


कार्यक्रम में शाखा अध्यक्ष संजय शर्मा मंडलीय संगठन सचिव अनुराग मुर्मू, सहायक सचिव प्रवीण कुमार हंसदा, संयुक्त सचिव विजय कुमार व राजेश कुमार उपाध्याय, कुमकुम वाला वर्मा, उमानाथ झा, विनय कुमार, रोशन कुमार, श्वेता राजेश कुमार, विजय कुमार, प्रभाष कुमार शर्मा, देवनाथ दास, कुलजीत कुमार रवि, श्वेता कुमारी, अंशु कुमारी सिंघानिया, सबा परवीन, नीतीश कुमार गुप्ता, प्रीतम कुमार मेहता, माहेश्वरी वर्मा, गौरव कुमार सिंह, नीरज कुमार सिंह, संजय कुमार शर्मा, प्रदीप कुमार, प्रदीप प्रसाद, पंकज कुमार, विजय मंडल, नागेश्वर लाल आदि कर्मी शामिल थे। 


पति के साथ मुहर्रम मनाने मायके आयी विवाहिता की कुंए में मिली लाश, पति फरार

गिरिडीह (Giridih)। जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र के बैरिया गांव में मंगलवार सुबह एक विवाहिता की कुंए में तैरती लाश मिली है। मृतका की पहचान बैरिया निवासी अकबर अंसारी की 35 वर्षीय बेटी शहनाज खातून  के रूप में हुई है। बताया गया कि विवाहिता शहनाज खातून का निकाह बिहार के जमुई जिला अंतर्गत चकाई थाना क्षेत्र के गगनपुर गांव निवासी मंजूर अंसारी के साथ हुई थी। मंजूर कोलकाता में अपनी पत्नी व बच्चों के साथ रहता था। शनिवार को शहनाज अपने पति मंजूर के साथ मुहर्रम पर्व मनाने कोलकाता से अपनी मायके आई थी। मंगलवार सुबह गांव के ही एक कुएं में शहनाज की लाश मिली। वहीं घटना के बाद से उसका पति मंजूर अंसारी फरार है।



परिजनों ने बताया कि सोमवार देर रात अचानक शहनाज के छोटे बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। बच्चे के रोने की आवाज सुन शहनाज के पिता अकबर अंसारी जागे तो देखा कि शहनाज कमरे में नहीं है। परिवार वाले घबरा गए और इधर-उधर खोजबीन शुरू की। जब काफी देर तक कुछ पता नहीं चला तो हीरोडीह थाना को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और शहनाज की तलाश शुरू की। इसी दौरान कुंए में उसकी लाश मिली। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से शव को कुंए से निकलवा उसे सपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है।


घटना के सम्बंध में मृतका के पिता अकबर अंसारी ने बताया कि उसका दामाद मंजूर अंसारी और उसके ससुराल के लोग लगातार दूसरी शादी में मिलने वाले दहेज के सामान की मांग को लेकर उनकी बेटी को प्रताड़ित करते रहते थे। कहा कि मंजूर अंसारी का किसी महिला के साथ अवैध सम्बन्ध है और वह अपनी सारी कमाई उसी पर खर्च करता है। शहनाज को ठीक से कपड़े तक नहीं देता और मायके से पैसे मंगवाता था।


 पूर्व में कई बार इस दहेज को लेकर काफी विवाद हुआ था, थाना में आवेदन दिया गया था और पंचायत बैठाकर मामला सुलझाया गया था। पंचायत में यह फैसला सुनाया गया था समय के अनुसार दहेज दिया जा चुका है। फिर दूसरे शादी के दहेज की मांग करना गलत है। वहीं थाना ने भी विवाद को सुलझा दिया। उसके बाद उसका पति उसकी विदाई करा उसे अपने साथ ले गया था। लेकिन अब मायके में ही शहनाज की लाश मिली है। पुलिस मामले की जांच करने एवं मृतका के फरार पति मंजूर अंसारी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने में जुट गई है।


आज 08 जुलाई ...क्या कहते हैं आपके सितारे...कैसा रहेगा आपका दिन...! जानिए अपना राशिफल

आज का राशिफल :: 08: 07 :: 2025, मंगलवार

08 जुलाई 2025 : आज आषाढ़ शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि व मंगलवार का दिन है। त्रयोदशी तिथि आज रात 12 बजकर 39 मिनट तक रहेगी। आज रात 10 बजकर 17 मिनट तक शुक्ल योग रहेगा। साथ ही आज देर रात 3 बजकर 15 मिनट तक ज्येष्ठा नक्षत्र रहेगा।  आज का दिन धार्मिक दृष्टि से भी काफी खास रहने वाला है। क्योंकि आज के दिन ही भौम प्रदोष व्रत पड़ रहा है। यह व्रत भगवान शिव को समर्पित होता है और संतान सुख, रोग मुक्ति तथा सुख-समृद्धि की कामना के लिए रखा जाता है। आज मंगलवार का दिन है। आज सूर्य मिथुन में रहेंगे। चंद्र देव वृश्चिक से धनु राशि प्रवेश में करेंगे। आज वार के हिसाब से आप मंगलवार का व्रत रख सकते हैं, जो भगवान हनुमान जी को समर्पित होता है। मंगलवार के दिन भगवान हनुमान को प्रसन्न करने के लिए कई उपाय किए जा सकते हैं। सबसे पहले सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और फिर हनुमान मंदिर में जाकर भगवान हनुमान की पूजा करें। उन्हें लाल सिंदूर और चमेली के फूल चढ़ाएं। इसके अलावा आप हनुमान चालीसा का पाठ भी कर सकते हैं। मंगलवार के दिन हनुमान जी की पूजा करने से शक्ति और साहस में वृद्धि होती है। साथ ही जीवन में सुख-समृद्धि आती है।

पंचांग के अनुसार, आज रात 10 बजकर 17 मिनट तक शुक्ल योग और देर रात 3 बजकर 15 मिनट तक ज्येष्ठा नक्षत्र का प्रभाव रहेगा। यह दोनों ही संयोग पूजा-पाठ, जप-तप और व्रत के लिए विशेष शुभ माने जाते हैं। अभिजीत मुहूर्त, जो किसी भी कार्य की शुरुआत के लिए श्रेष्ठ माना जाता है, आज सुबह 11:58 से दोपहर 12:54 बजे तक रहेगा। इस अवधि में कोई भी नया कार्य शुरू करना फलदायी रहेगा। आज भौम प्रदोष व्रत है और आज से ही जया पार्वती व्रत प्रारंभ हो रहे हैं।

भौम प्रदोष व्रत का महत्व भौम प्रदोष व्रत उस प्रदोष तिथि को कहा जाता है जो मंगलवार को पड़ती है, और यह भगवान शिव के साथ-साथ मंगल ग्रह की शांति के लिए भी अत्यंत फलदायक माना जाता है। इस दिन व्रत रखने से कर्ज, भूमि विवाद, शत्रु बाधा और रक्त से जुड़ी बीमारियों में लाभ मिलता है। शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, दही और लाल पुष्प अर्पित करें और "ॐ नमः शिवाय" मंत्र का जाप करें। संध्या समय दीप जलाकर शिव आरती करें। साथ ही हनुमान जी का स्मरण और मंगल ग्रह के मंत्र "ॐ क्रां क्रीं क्रौं सः भौमाय नमः" का जाप करने से विशेष फल मिलता है।

जया पार्वती व्रत का महत्व जया पार्वती व्रत विशेष रूप से अविवाहित कन्याओं द्वारा उत्तम वर की प्राप्ति के लिए रखा जाता है। यह व्रत आषाढ़ शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी से शुरू होकर पांच दिनों तक मनाया जाता है। मान्यता है कि इस व्रत को माता पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिए किया था। व्रत के दौरान प्रतिदिन मिट्टी से शिव-पार्वती की प्रतिमा बनाकर पूजा की जाती है। सुहाग सामग्री, अक्षत, बेलपत्र और फल अर्पित करके "ॐ नमः शिवाय" और "ॐ गौरीपतये नमः" मंत्र का जाप करें। व्रत की समाप्ति पर कथा सुनकर व्रती को व्रत का समापन कर व्रत की सामग्री किसी ब्राह्मण स्त्री को अर्पण करनी चाहिए।



आज का पंचांग:  08 जुलाई 2025, दिन : मंगलवार  युगाब्द      : 5127     विक्रम संवत : 2082       शक संवत : 1947     ऋतु :  ग्रीष्म  मास         :  आषाढ़    पक्ष  :  शुक्ल पक्ष         सूर्योदय : 05: 30 AM, सूर्यास्त : 07: 23 PM    तिथि : त्रयोदशी 12:39 AM तक उपरांत चतुर्दशी   नक्षत्र : ज्येष्ठा 03:15 AM तक उपरांत मूल   राहुकाल : 03:51 PM से 05:34 PM तक     चन्द्रमा : वृश्चिक राशि पर 03:15 AM तक उपरांत धनु राशि पर संचार करेगा                                        व्रत/त्यौहार : मंगलवार व्रत, भौम प्रदोष व्रत, जया पार्वती व्रत प्रारंभ, प्रदोष व्रत



आज :: 08 :: 07 :: 2025 का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ) : आज का दिन आपके लिए विशेष रूप से फलदायी रहेगा। आप अपने मन की किसी इच्छा के बारे में अपने परिवार से बात कर सकते हैं। झूठ बोलने वालों से सावधान रहें। विवाहित लोगों का गृहस्थ जीवन सुखमय रहेगा। आज आपका लकी रंग पीला है। आज आपका लकी नंबर 4 है। आज आपको पैसों के मामले में कोई अच्छी खबर मिल सकती है। दूसरों की सलाह के बजाय अपनी योजनाओं को प्राथमिकता दें। जमीन-जायदाद से जुड़े काम होंगे। किसी भी काम में जल्दबाजी करने से आपको बचना चाहिए। इस राशि के इंजीनियर्स के लिए आज का दिन फायदेमंद रहेगा।



वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो) : आज का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। कुछ लोग पुराना घर छोड़कर नए घर में शिफ्ट हो सकते हैं। आप दूसरों की जरूरतों और मूड का अंदाजा आसानी से लगा पाएंगे। जो लोग किसी से प्यार करते हैं उन्हें आज अपने प्यार का इजहार करने का मौका मिलेगा। शादीशुदा राशियों के लोगों को अपने रिश्ते में विश्वास की कमी महसूस होगी। आज आपका लकी नंबर 4 है। आज धन का व्यय आपको परेशान कर सकता है। बिजनेस में कर्मचारियों और सहकर्मियों से अच्छे संबंध बनाए रखें। जो लोग खाली बैठे हैं, उन्हें नया काम शुरू करना चाहिए। बैंकिंग सेक्टर से जुड़े लोगों को दस्तावेज संबंधी काम सावधानी से करने की जरूरत होगी।



मिथुन👫(का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा) : आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। किसी बात को लेकर जिद और अहंकार न दिखाएं। आपको अपनी किसी बात को लेकर परिवार के सदस्यों की प्रतिक्रिया पर नजर रखनी होगी। आपके और आपके जीवनसाथी के बीच प्यार बढ़ेगा, एक-दूसरे के प्रति समझ बढ़ेगी, जिससे आपका वैवाहिक जीवन मजबूत होगा। आज आपका लकी नंबर 1 है। आज आपको बिजनेस में लाभ के कई नए अवसर मिलेंगे। प्रॉपर्टी या पिछले निवेश से अच्छा रिटर्न मिलने की उम्मीद है, भरोसा बनाए रखें। बिना सोचे-समझे कोई भी चीज न खरीदें। प्रेरणा और उत्पादकता आज के दिन आपके कामकाजी दिन को बयां करने के लिए एकदम सही शब्द हैं।



कर्क🦀(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)) : आज आपका भाग्य आपका साथ देगा। आप जोश और उत्साह से भरे रहेंगे और अपने आस-पास के लोगों को प्रभावित कर सकते हैं। किसी रिश्तेदार से निमंत्रण मिल सकता है। नवविवाहितों का दाम्पत्य जीवन आज आपकी इच्छा के अनुसार रहेगा। लवमेट आपको कोई अच्छा उपहार देंगे। आज आपका लकी नंबर 8 है। अपने अकाउंट से जुड़ी कोई भी गोपनीय बात बिना वजह लोगों के सामने उजागर करने से बचें। अपने किसी उत्पाद को ऑनलाइन बिक्री के लिए रखना फायदेमंद रहेगा। आपके बिजनेस को नई पहचान मिल सकती है। आज आप अपनी बेहतर प्रतिभा दिखाकर अपने कार्यक्षेत्र में आगे बढ़ने की कोशिश करेंगे। सरकारी नौकरी चाहने वालों को उम्मीद के मुताबिक परिणाम मिल सकता है।



सिंह🦁(मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे) : आज का दिन आपके लिए शुभ और मांगलिक रहने वाला है। अपने निजी जीवन में बाहरी लोगों को दखल न देने दें। मानसिक स्पष्टता के लिए भ्रम और निराशा से बचने की कोशिश करें, यह आपके लिए अच्छा रहेगा। जीवनसाथी से मदद और समर्थन मिल सकता है। प्रेम संबंधों में भी निकटता आएगी। आज आपका लकी नंबर 3 है। आज आप बिजनेस में किसी से पैसे का लेन-देन करेंगे तो सफल रहेंगे। किसी प्रोजेक्ट में निवेश करने के लिए आपको अपनी बचत को खर्च करना पड़ सकता है। करियर से जुड़े मामलों के लिए समय बहुत उपयुक्त है।



कन्या👩(टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो) : आज भाग्य से ज्यादा कर्म पर भरोसा रखें। घर के सभी सदस्यों के साथ समय बिताने का मौका मिलेगा। जीवन से जुड़ी एक नई शुरुआत का विचार मन में आएगा। शादीशुदा लोगों के जीवन में नई खुशियाँ आएंगी। प्यार के मामले में दूसरों पर भरोसा करने से बचें। आज आपका शुभ अंक 7 है। आपमें से कुछ लोगों के धन में वृद्धि के संकेत हैं, आप प्रॉपर्टी खरीद सकते हैं। बिजनेस में आंख मूंदकर भरोसा करना घातक हो सकता है। कला के क्षेत्र में रुचि रखने वालों के लिए आज का दिन अच्छा रहेगा। जीवनसाथी का सहयोग आज आपके काम में कारगर साबित होगा। ऑफिस में आलस्य और लापरवाही बिल्कुल न करें।



तुला⚖️(रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते) : आज का दिन आपके लिए विशेष रूप से फलदायी रहेगा। मोबाइल और ई-मेल के माध्यम से शुभ समाचार मिलने की संभावना है। आप में से कुछ लोगों को परिवार में कुछ रोमांचक करने की आवश्यकता महसूस होगी। झूठ बोलने वालों से सावधान रहें। विवाहित लोगों का गृहस्थ जीवन सुखमय रहेगा। प्रेम जीवन में आज आपको शत्रुओं से मुक्ति मिलेगी। आज आपका लकी रंग लैवेंडर है। आज आपका लकी नंबर 3 है। आज आप अपनी शान-शौकत और शान-शौकत पर कुछ पैसा खर्च कर सकते हैं। जमीन-जायदाद का कोई भी सौदा करते समय आपको पूरी तरह सतर्क रहने की आवश्यकता होगी। कारोबारियों को किसी समझौते से धन लाभ के अवसर मिलेंगे। आप कोई नया काम शुरू करने की योजना बना सकते हैं। आज आपको नौकरी के लिए शुभ समाचार मिल सकता है।



वृश्चिक🦂(तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू) : आज भाग्य से अधिक कर्म पर भरोसा रखें। जीवन से जुड़ी नई शुरुआत का विचार मन में आएगा। ज्यादा भावुक होकर कोई बड़ा फैसला न लें। दांपत्य जीवन में खुशियां आने वाली हैं। प्रेम के मामले में दूसरों पर भरोसा करने से बचें। आज आपका लकी नंबर 4 है। आज आपको अपनी माता से धन और सहयोग मिल सकता है। व्यापारिक गतिविधियां फिर से शुरू होती नजर आ रही हैं, जिससे आर्थिक ग्राफ बढ़ता नजर आ रहा है। कार्यक्षेत्र में आपकी लगन और मेहनत को देखकर मिली सराहना आज का दिन बना सकती है।



धनु🏹(ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा,भे) : आज का दिन काफी अच्छा रहने वाला है। कुछ लोगों को अपनों से धोखा मिल सकता है, सावधान रहें। महिलाओं को आज किचन में काम करते समय थोड़ी सावधानी बरतनी चाहिए। आज आपको भगवान लक्ष्मी नारायण के दर्शन करने चाहिए, आपकी अधूरी इच्छाएं पूरी होंगी। आपके प्रेम जीवन में एक रोमांचक नया दौर आने वाला है। दांपत्य जीवन में आज की शाम रंगीन हो सकती है। आज आपका लकी नंबर 8 है। आज धीरे-धीरे बढ़ती आमदनी आपको आर्थिक स्तर पर मजबूत बना सकती है। व्यापारियों को छुपे हुए शत्रुओं से सावधान रहना चाहिए, वे व्यापार में बाधा उत्पन्न कर सकते हैं। प्रॉपर्टी का काम करने वालों के लिए आज का दिन उतार-चढ़ाव भरा रहने वाला है। आप करियर में बदलाव के बारे में भी सोचना शुरू कर सकते हैं। दूसरे विकल्पों की तलाश शुरू करें।



मकर🐊(भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी) : खेलकूद पसंद करने वालों के लिए आज का दिन अच्छा रहेगा। आपको नकारात्मक विचारों से दूरी बनाकर रखनी चाहिए। महिलाओं को आज अपने जीवनसाथी से कोई सरप्राइज मिल सकता है। अपने पार्टनर को भरोसा दिलाएं कि आप वाकई उनके लिए मौजूद हैं, आप कुछ भी कर सकते हैं। पुरानी दोस्ती प्रेम संबंधों में बदल सकती है। आज आपका शुभ अंक 9 है। आज फाइनेंस से जुड़े काम करते समय बहुत सावधानी बरतें। आज खुदरा व्यापारियों को भी बड़ा मुनाफा होगा। मौजूदा प्रोजेक्ट में आपकी मेहनत की सराहना हो सकती है। छात्रों को अपना करियर चुनने में माता-पिता से मदद मिलेगी।



कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा) : छात्रों के लिए आज का दिन अच्छा रहेगा। स्वभाव से परोपकारी होने के कारण आप दूसरों के लिए अच्छे काम करेंगे। अपने साथी के प्रति अधिक प्रेमपूर्ण और स्नेही बनने का प्रयास करें। प्रेम संबंधों के लिए दिन रोमांचक रहेगा। आज आपका शुभ अंक 2 है। आजीविका के क्षेत्र में चल रहे प्रयास फलीभूत होंगे, जिससे आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। आपको जल्द ही विदेश में नया व्यवसाय खोलने के अवसर प्राप्त होंगे। अतीत में की गई मेहनत से आपको दोगुना लाभ मिल सकता है। आपको करियर में किसी भी नए अवसर के लिए तैयार रहने की आवश्यकता है।



मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची) : आज आपके स्वभाव में कुछ अच्छे बदलाव हो सकते हैं। आप अपने आलस्य और समय की पाबंदी की कमी के कारण खुद को नुकसान भी पहुंचा सकते हैं, सावधान रहें। आपको अपने साथी के साथ अच्छा समय बिताने का मौका मिलेगा। आज आप किसी विपरीत लिंग के व्यक्ति की ओर आकर्षित हो सकते हैं। आज आपका शुभ अंक 6 है। आज आपको कोई अप्रत्याशित आय प्राप्त हो सकती है। अगर आप आज घर या व्यवसाय में कोई निर्णय लेते हैं, तो यह आपके लिए फायदेमंद होगा। व्यवसाय से संबंधित लंबित कार्य फिर से शुरू हो पाएंगे। ऑफिस में अच्छे प्रदर्शन के कारण आपके पद और प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी।



कृपया ध्यान दें👉

      यद्यपि शुद्ध राशिफल प्रसारण की पूरी कोशिश की गई है। प्रसारित राशिफलों में कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।

        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷