मंगलवार, 9 जून 2020

रागिनी लहेरी बनी वैश्य एकता महासभा महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष

रागिनी लहेरी बनी वैश्य एकता महासभा महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष  
गिरिडीह : गिरिडीह की भाजपा नेत्री सह समाजसेवी रागिनी लहेरी अखिल भारतीय वैश्य एकता महासभा (महिला प्रकोष्ठ) की झारखंड प्रदेश का अध्यक्ष बनायी गयी है। 

 महासभा के प्रदेश अधयक्ष ने समिति का विस्तार करते हुए सक्रिय एवं चर्चित समाज सेविका सह प्रदेश भाजपा नेत्री रागिनी लहेरी साहा को अखिल भारतीय वैश्य एकता महासभा महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। उन्हें शीघ्र की समिति का विस्तार करने को भी निर्देशित किया गया है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नवनीत गुप्ता महामंत्री अमित गुप्ता महिला राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मधु गुप्ता आदि ने रागिनी लहेरी को प्रदेश अध्यक्ष बनने पर बधाई और शुभकामनाएं दिया है। बधाई देते हुए सभी ने कहा कि इनके जुड़ने से अखिल राष्ट्रीय सर्व एकता महासभा वैश्य समाज को एक नई दिशा मिलेगी।

तीन बच्चों को जिंदा जला महिला ने खुद को किया आग के हवाले

तीन बच्चों को जिंदा जला महिला ने खुद को किया आग के हवाले

घटना में दो पुत्र और एक पुत्री समेत महिला की हुई मौत


गिरिडीह :  जिले के धनवार प्रखंड के पूरेख कला खुर्द गांव में मंगलवार की सुबह एक महिला ने अपने तीन बच्चे को जिंदा जला कर खुद को भी आग के हवाले कर दी। घटना में तीनों बच्चे की जंहा मौत हो गयी वंही महिला की स्थिति दिनभर काफी चिंता जनक बनी हुई थी। लेकिन दोपहर बाद उसकी भी मौत हो गयी। घटना जिले के परसन ओपी थाना क्षेत्र की है। 


इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है। सूचना मिलते ही परसन ओपी पुलिस घटना स्थल पर पहुंच मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।


घटना के सम्बंध में बताया जाता है कि पूरेख कला खुर्द गांव निवासी रविन्द्र यादव की पत्नी सोनिया देवी मंगलवार की सुबह लगभग 8 बजे अपने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद उसने अपने पांच साल की बेटी सुमन कुमारी एवं डेढ़ साल के बेटे को एक बक्से में बंद कर दिया। दोनों मासूम अभी कुछ समझ पाते कि इससे पहले सोनिया ने किरासन तेल छिड़ककर बक्से में आग लगा दी। 

जिससे दोनों बच्चों की मौत बक्से के भीतर ही जलने के कारण तड़प तड़प कर हो गयी। बाद में महिला ने अपने आठ साल के बेटे के संग खुद को रजाई से ढक लिया और आग लगा ली। जिसमे महिला और बच्चा दोनों बुरी तरह झुलस गये। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से जख्मी मां-बेटे को राजधनवार सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया। 

जहां जांच के क्रम में चिकित्सक ने महिला के आठ वर्षीय पुत्र को भी मृत घोषित कर दिया। वहीं महिला की स्थिति काफी गंभीर और चिंताजनक बनी हुई थी। लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गयी।

सोनिया ने इस नृसंश हत्याकांड की घटना को क्यों अंजाम दिया है इसका खुलासा अब तक नही हो सका है। पुलिस सोनिया के पति रविंद्र यादव से भी पूछताछ करने में जुटी है।  बहरहाल क्षेत्र में घरेलू विवाद की कारण घटना घटित होने की बातें कही जा रही है। हालांकि पुलिस हर बिंदु पर अपनी नजर जमाये हुए है। इस बीच महिला के मायके वालों ने मृतका के पति सास ससुर समेत अन्य ससुराल वालों के विरुद्ध हत्या का आरोप लगाते हुये मामला दर्ज कराया है।

जमीन विवाद में खूनी संघर्ष के दौरान चली तीर, एक व्यक्ति गम्भीर

जमीन विवाद में खूनी संघर्ष के दौरान चली तीर, एक व्यक्ति गम्भीर


गिरिडीह :  जिले के बेंगाबाद प्रखंड के करमाटांड़ गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई खूनी संघर्ष की घटना में प्रकाश यादव नामक व्यक्ति को तीर लगी। जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया। आनन फानन में परिजनों ने उसे घायलावस्था में गिरिडीह  सदर अस्पताल में इलाज हेतु भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज हेतु धनबाद रेफर कर दिया।

बताया गया कि गांव के प्रकाश यादव और दिगंबर यादव के बीच जमीन संबंधी मामलों को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है।  दोनों पक्षों में चली आ रही विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। तू तू मैं मैं से शरू हुई झगड़ा पहले मारपीट में तब्दील हो गया और देखते ही देखते दोनों ओर से हथियार निकल गये और चलने लगी। इसी क्रम में दूसरे पक्ष की ओर से चली एक तीर प्रकाश यादव के पेट में घुस गई जिससे वह घायल हो गया और उसकी स्थिति काफी नाजुक हो गयी। उसकी गम्भीर स्थिति को देखते हुए उसे धनबाद रेफर कर दिया गया है।

प्रवासी मजदूरों को अब सताने लगी है रोजगार की चिंता

प्रवासी मजदूरों को अब सताने लगी है रोजगार की चिंता
**रोजगार नही मिलने से हो रही जीवन यापन की समस्या

गिरिडीह/ बगोदर :  लॉकडाउन में देश के विविध भागों में फंसे प्रवासी मजदूरों की बड़े स्तर पर गिरिडीह में वापसी हुई है। लेकिन उन्हें रोजगार न मिलने से जीवन निर्वाह करने में भारी परेशानी हो रही है। मजदूरों ने सरकार से रोजगार मुहैया कराने की मांग की है।

 लॉकडाउन के दौरान महानगरों से बगोदर व आसपास के प्रवासी मजदूर काफी तादाद में घर वापसी किये है। लेकिन अब उन्हें अब परिवार चलाने की चिंता सता रही है। मजदूरों का कहना है कि लॉकडाउन के कारण उनकी आर्थिक स्थिति खराब हो चुकी है। स्थानीय स्तर पर काम नहीं मिलने से परेशानी और भी बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा है कि ऐसे में अगर उन्हें मुंबई जाने की इजाजत मिल जाए तो वे जाने से परहेज भी नहीं करेंगे।

 बगोदर प्रखंड के खरखरो निवासी प्रवासी मजदूरों मो. वसीम, मो. तसलीम, मो. इमरान आदि ने कहा  कि लॉकडाउन में दो महीने मुंबई में फंसे थे। उस दौरान  घर वापसी की चिंता सता रही थी और जब किसी तरह घर वापसी हुई तो अब रोजगार की चिंता सताने लगी है। कहा कि उनके समक्ष अब क्या करें और क्या नहीं करें कि स्थिति बनी हुई है। कहा कि एक तरफ स्थानीय स्तर पर रोजगार नहीं मिल रहा है, तो दूसरी तरफ कोरोना महामारी के कारण रोजगार भी छूट गए हैं। मुंबई में कोरोना संक्रमण भी बढ़ रहा है ऐसे में मुंबई जाना भी खतरे से खाली नहीं है। हालांकि मजदूरों ने यह भी कहा है कि यदि मुंबई जाने की इजाजत मिले तो वे वहां जाने से भी परहेज नहीं करेंगे। 

मामले में बगोदर के बीडीओ रवींद्र कुमार का कहना है कि प्रवासी मजदूरों सहित स्थानीय मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार गंभीर है।  प्रखंड अंतर्गत  22 पंचायतों में मनरेगा के तहत छोटे बड़े विकास के कार्य किए जा रहे हैं। ताकि मजदूरों को अपने गृह जिले में ही रोजगार उपलब्ध हो सके। उन्होंने बताया कि प्रवासी मजदूरों का जॉब कार्ड भी बनाया गया है ताकि उन्हें कोई परेशानी न हो। और उनके जीविकोपार्जन हेतु उन्हें रोजगार मिल सके।

बंद पत्थर खदान के पानी में तैरता मिला एक युवक का शव

बंद पत्थर खदान के पानी में तैरता मिला एक युवक का शव
गिरिडीह  :  जिले के डुमरी प्रखंड के नगरी में बंद पड़े एक पत्थर खदान में एक युवक का शव तैरता मिला। जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी है। घटना निमियांघाट थाना क्षेत्र की है। घटना की सूचना मिलते ही निमियाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को खदान से निकाल उसे अपनी अभिरक्षा में लेकर पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। इस बीच पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।

मृतक युवक की पहचान प्रखंड क्षेत्र के रतिडीह ग्राम निवासी लक्ष्मण साहू के रूप में की गई है। परिजनों ने बताया कि युवक सोमवार की शाम ही शोच जाने की बात कहकर अपने घर से निकला था। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। लेकिन उसका कंही पता नही चल पाया। मंगलवार की सुबह उसका शव बंद पत्थर खदान के पानी में तैरता हुआ देखा गया। युवक ने आत्महत्या किया है या उसकी हत्या हुई है। इस बात पर संशय बनी हुई है। बहरहाल पुलिस सभी बिन्दुओं पर गहनता से जांच पड़ताल करने में जुटी है।

गिरिडीह में फिर हुई दो कोरोना मरीजों की पुष्टि

गिरिडीह में फिर हुई दो कोरोना मरीजों की पुष्टि


*मरीजों में एक बनियाडीह का तो दूसरा पीरटांड़ का

*बनियाडीह का प्रेमनगर किया गया सील, सम्पूर्ण इलाके को किया गया सेनिटाइज्ड


गिरिडीह :  मंगलवार को गिरिडीह में दो और नए कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई है। पॉजिटिव मरीजों में एक बनियाडीह इलाके के प्रेमनगर का है जबकि दूसरा मरीज पीरटांड प्रखंड का है। आज पुनः एक कोरोना पोजेटिव मरीज के मिलने से बनियाडीह में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 2 हो गई है। जिससे पूरे इलाके में दहशत वयाप्त हो गया है।

पॉजिटिव मरीज को बदडीहा स्थित आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। मौके पर पहुंचे सीओ रविन्द्र कुमार सिन्हा ने बताया कि पॉजिटिव मरीज दिल्ली से लौटा था। वहीं युवक के सम्पर्क में आए लोगों की पहचान कर उनके सैंपल लिए जा रहे हैं। बताया कि बनियाडीह को कंटेंटमेंट ज़ोन और बफर ज़ोन बनाकर पूरे इलाके में धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लगा दी गयी है। साथ ही पूरे बनियाडीह इलाके को सेनेटाइज किया जा रहा है।
वंही पीरटांड के एक युवक की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। बताया गया कि मुंबई में उसकी टेस्टिंग हुई थी। वह मुंबई से सोमवार की देर रात ही जमशेदपुर स्टेशन में उतरा था। जिसके बाद वह पीरटांड के लिए आ रहा था लेकिन युवक की रिपोर्ट की जानकारी मिलते ही उससे सम्पर्क कर पीरटांड पहुंचने से पहले उसे आइसोलेशन वार्ड में इलाज के लिए शिफ्ट करा दिया गया।

रोटरी ग्रेटर ने किया वेज विरियानी और पानी का वितरण

रोटरी ग्रेटर ने किया वेज विरियानी और पानी का वितरण
गिरिडीह : रोटरी गिरिडीह ग्रेटर द्वारा मंगलवार को स्थानीय जेपी चौक पर नगर निगम के सफाई कर्मचारियों एवम रिक्शा चालकों  के बीच वेज बिरयानी एवम पानी का बोतल वितरण किया गया।

रोटरी क्लब द्वारा लगातार 20 वें दिन यह वितरण कार्यक्रम किया गया।
 मौके पर रोटरी ग्रेटर के बिकाश सिन्हा, विकाश शर्मा, मनीष गुप्ता, शंकर अग्रवाल, बिकाश शाव आदि लोग उपस्थित थे।

झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ ने दी धरती आबा को श्रद्धांजलि

झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ ने दी धरती आबा को श्रद्धांजलि
गिरिडीह : झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ की गिरिडीह जिला इकाई ने धरती आबा भगवान बिरसा की पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दिया।  मौके पर भगवान बिरसा के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।

  संघ के पदाधिकारियों ने इस दौरान भगवान बिरसा के कार्यों और उसकी महत्ता पर प्रकाश डाला। शिक्षक श्यामदेव राय, प्रधानाध्यापक केशव प्रसाद ने जंहा भगवान बिरसा के अंग्रेजों के खिलाफ छेड़े गए उलगुलान पर प्रकाश डाला।  वंही प्रधानाध्यापक देवेंद्र प्रसाद सिंह ने कहां कि जिस प्रकार आज दुनिया कोरोना जैसे आपदा से पीड़ित है उसी प्रकार गुलामी के दौरान बिरसा मुंडा ने अपने अदम्य साहस और पराक्रम के बदौलत गुलामी रूपी आपदा और मुसीबत को हटाने में जान लगाकर मेहनत और परिश्रम किया था। संघ के वक्ताओं ने कहा कि आज हम शिक्षकों को  उनके आदर्श से प्रेरणा लेने की जरूरत है। हमें एक सभ्य और शिक्षित समाज का निर्माण करना है। मौके पर सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक सुशील कुमार ने भी अपने विचार रखे और भगवान बिरसा के आदर्श के बारे में बताया।

इस दौरान शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं के बारे में भी संक्षेप में चर्चा की गई और उनके हित में संघ सदैव तत्पर रहेगा यह निश्चय किया गया। मौके पर शिक्षिका सोनम कुमारी, सत्यनारायण प्रसाद, श्यामदेव राय, खूब लाल पंडित, मुन्ना कुशवाहा, दीपक राय, चंद्रमणि प्रसाद, महेंद्र प्रसाद दांगी, जितेंद्र मिश्रा, मनोज कुमार,  मोहम्मद अख्तर अंसारी समेत अन्य शिक्षक मौजूद थे।

सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करना पड़ा भारी, गिरफ्तार

सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करना पड़ा भारी
        पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा जेल

बगोदर/ गिरिडीह   :  बगोदर थाना क्षेत्र के मंढला से एक व्यक्ति को सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करना भारी पड़ गया। पुलिस के द्वारा उक्त व्यक्ति पर करवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

  बगोदर थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह ने बताया की विश्वनाथ महतो ने अपने फेसबुक अकाउंट पर  आपतिजनक पोस्ट कर बगोदर विधायक विनोद कुमार सिंह के छवि को खराब के साथ सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया गया था। जिसके विरुद्ध बगोदर थाना में बेको निवासी मनोज कुमार यादव ने लिखित आवेदन देकर कानुनी करवाई की मांग की थी। 

जिसके आलोक में बगोदर पुलिस ने बगोदर थाना में एक मामला दर्ज कर त्वरित करवाई करते हुए इस मामले की प्रारंभिक जांच के बाद विश्वनाथ महतो मंढाला निवासी को गिरफ्तार कर जेल भेजा दिया।

सोमवार, 8 जून 2020

गिरिडीह में मिले 11 नये कोरोना पोजेटिव मरीज लोगो मे हड़कम्प

गिरिडीह में मिले 11 नये कोरोना पोजेटिव मरीज लोगो मे हड़कम्प


प्रशासन ने किया पुरा इलाका सील


गिरिडीह में 11 नये केस मिलने से संक्रमितों की संख्या हुई 33 


गिरिडीह : गिरिडीह में एक साथ 11 नये कोरोना संक्रमण के मामले सामने आने से पूरे शहर में हड़कम्प मच गया है। नये संक्रमितों के कारण अब शहर भी अछूता नहीं रहा। शहरी क्षेत्र से महज एक किमी की दूरी पर अवस्थित झरियागादी गांव में में एक युवक पॉजिटिव पाया गया है। जिला प्रशासन ने पूरे इलाके को सील कर वँहा 144 लागू कर दिया है। किसी को भी अपने घरों से नहीं निकलने की स्पष्ट हिदायत दी गयी है।

रविवार देर रात पहुंची रिपोर्ट के अनुसार गिरिडीह में  11 नये संक्रमित मरीज मिले हैं। जिनमे सदर प्रखंड के चार मरीज शामिल है। इनमे शहरी क्षेत्र के झरियागादी में एक प्रवासी मजदूर, बनियाडीह में एक और सदर प्रखंड के बदडीहा के गपैयदास टोला से दो मरीज के अलावे बेंगाबाद से दो, डुमरी से दो और गांवा मस्जिद के पीछे मोहल्ले से एक संक्रमित शामिल है।  इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 33 हो गयी है। जिनमें से 20 लोग ठीक हो चुके हैं। जबकि जमुआ के गोरो गांव के एक संक्रमित की मौत रांची में हो गई। वहीं बगोदर के संक्रमित का इलाज का रांची में किया जा रहा है। 

जिले में फिलहाल 12 एक्टिव केस हैं। इन नये मरीजों में बेंगाबाद के चौथे संक्रमित मरीज का अब तक कोई अता-पता नहीं है। स्वास्थ विभाग द्वारा उस चौथे मरीज के मोबाइल में लगातार संपर्क किया जा रहा है। लेकिन उसका मोबाइल स्वीच ऑफ आ रहा है। स्वास्थ विभाग के अनुसार, सभी प्रवासी मजदूर मुंबई, गुजरात और बैंगलौर के कोरोना हॉटस्पॉट इलाके से लौटे थे। इसमें अधिकांश संक्रमित प्रवासी बीते 17 मई से लेकर 25 मई के बीच लौटे थे। इनके सैंपल भी लौटने की तिथि के दो-तीन दिनों के अतंराल में लिये गये थे।

सोमवार को सभी संक्रमितों मरीजों को बदडीहा स्थित एएनएम हॉस्टल स्थित आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट किया गया। उनकी कांटेक्ट हिस्ट्री को खंगाला जा रहा है।  स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सभी कोरोना संक्रमित सरकारी क्वांरेंटीन सेंटर में 7 से 10 दिन रहने के बाद अपने-अपने घर चले गए थे। बताया गया कि गांवा के कोरोना संक्रमित प्रवासी मजदूर 25 वर्षीय यह युवक बीतें 28 मई को बैंगलौर से लौटा था। इसके बाद वह एक दिन सरकारी क्वारेंटीन सेंटर में रहने के बाद घर चला गया था। इस दौरान संक्रमित बाजार आता-जाता रहा था। 

गिरिडीह में फिर चला अतिक्रमण मुक्ति अभियान, खदेड़े गये फुटपाथी दुकानदार

गिरिडीह में फिर चला अतिक्रमण मुक्ति अभियान, खदेड़े गये फुटपाथी दुकानदार
गिरिडीह :   निगम क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करने का अभियान सोमवार को दोबारा चलाया गया। एसडीएम प्रेरणा दीक्षित के नेत्तृव में नगर थाना पुलिस और नगर निगम कर्मी फुटपॉथ दुकानदारों को जेपी चौक समेत कई इलाकों के फल और सब्जी दुकानदारों को सड़क किनारे से खदेड़ कर हटाया ।
वंही अभियान शुरू होते ही खोमचे और सब्जी दुकानदार इधर-उधर भागने लगे।

इस दौरान बाजार में काफी भीड़ देखने को मिली। लॉकडाउन और कोरोना से बेखौफ हो खरीदारी करते नजर आये। जबकि कोरोना के संक्रमण से अब शहर भी अछूता नहीं रहा है।

बहरहाल मुख्य बाजार सहित शहर के कई हिस्सों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चला। छोटी सड़कों और गलियों से भी अतिक्रमण हटाया गया।  इस बीच शहर में जहां-तहां बेतरतीब खड़े वाहनों को भी हटाया गया। एसडीएम ने फटकार लगाते हुए वाहनों को पार्किंग जोन में खड़ा करने की हिदायत दी।

प्रवासी मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है : बीडीओ

प्रवासी मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है : बीडीओ
* जेसीबी मशीन चलाने वाले मालिकों पर होगा एफआईआर दर्ज 

 गिरिडीह/जमुआ :   जमुआ प्रखंड में प्रवासी मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है, अभी तक जमुआ प्रखंड में 14,189 प्रवासी मजदूरों का आगमन हुआ है। जितने भी प्रवासी मजदूरों का आगमन हुआ है उन्हें पंचायत एवं गांव स्तर पर मनरेगा के तहत रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा । उक्त बातें सोमवार को जमुआ स्थित  प्रखंड सभागार में पत्रकारों से बातचीत के दौरान जमुआ के प्रखंड विकास पदाधिकारी विनोद कुमार कर्मकार ने कही। 

 उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य को छोड़कर अन्य कामों में जेसीबी मशीन चलाने वाले जेसीबी मालिकों पर एफ आई आर दर्ज किया जाएगा। कहा कि बिरसा आम्रपाली योजना के तहत सरकार का निर्देश है कि इस प्रखंड में 200 एकड़ पर बागवानी का कार्य किया जाए। बहरहाल 55 एकड़ में कार्य शुरू किया गया है।  जिसमें एनजीओ और जेसीपीएल का सहयोग लिया जा रहा है। पर्यावरण के तहत आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है। कहा कि जल संरक्षण को सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके तहत गांव देहात में पुरानी नालियों की सफाई करना और डोभा का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस प्रखंड के पंचायत सचिव को निर्देश दिया गया है कि हर पंचायत में  250  से अधिक मजदूरों को काम दिया जाए। उन्होंने पंचायत के मुखिया को निर्देश दिया है कि भूख से किसी की मौत ना हो इस पर विशेष ध्यान रखा जाए । उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा को लेकर विशेष निगरानी रखी जा रही है ,इस कार्य में शिक्षक और सेविका  को लगाया गया है । विगत 2 माह से कम शिकायत मिल रही है क्योंकि  निगरानी के बीच जन वितरण प्रणाली की दुकानों से राशन का वितरण कराया जा रहा है । उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा के तहत सशक्त परिवारों का राशन कार्ड खाद्य सुरक्षा से हटाया जा रहा है, इस कार्य में शिक्षकों को लगाया गया है । कहा कि जो लोग संपन्न है वह स्वेक्षा से अपना कार्ड वापस कर दे । उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है ,कि जो लोग जरूरतमंद है, उन्हें राशन उपलब्ध हो । वैसे लोग ऑनलाइन आवेदन दे, उन्हें राशन उपलब्ध कराया जाएगा।