रविवार, 1 मार्च 2020

जमुआ में स्वर्ण मोर्चा की अगुवाई में हुई स्वर्ण समाज की बैठक

स्वर्ण समाज की बैठक में लिया गया समाज को एक सूत्र में बंधने का संकल्प
जमुआ : राष्ट्रीय नागरिक सुरक्षा दिवस के अवसर पर रविवार को जमुआ प्रखण्ड के खरगडीहा मिर्जागंज गौशाला परिसर में अखिल भारतीय स्वर्ण मोर्चा के तत्वावधान में सवर्ण समाज की बैठक समाजसेवी सुधीर कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में हुई।

बैठक में जंहा वक्ताओं ने जंहा कतिपय मज़हबी संगठनों द्वारा छद्म रूप से स्वर्ण समाज पर चतुर्दिक प्रहार कर राष्ट्र शक्ति को छिन्न भिन्न करने का कुत्सित प्रयास किया जाने की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण दुर्भाग्यपूर्ण बताया। वंही समाज को एकता के सूत्र में बांधकर चलने का संकल्प लिया। वंही बैठक में अगामी 7 मार्च को झारो नदी के तट पर स्थित विख्यात धार्मिक दर्शनीय स्थल बाबा मुक्तेश्वर धाम परिसर में होने वाले होली मिलन समारोह को सफल बनाने हेतु भी कई निर्णय भी लिया।

मोर्चा के मीडिया प्रभारी योगेश कुमार पाण्डेय के संचालन में हुई इस बैठक मे जिलाध्यक्ष मनीष चौधरी, सुरंजन सिंह, अशोक कुमार राय, नागेश्वर सिंह, जिला सह सचिव विकास मिश्रा, प्रखण्ड अध्यक्ष सुनील कुमार राय, उपाध्यक्ष संजय राय, सचिव पवन कुमार सिंह, प्रवक्ता प्रवेश राय, मारुतिनंदन पाण्डेय, नितेश कुमार राजा, सुमित सिन्हा, रोहित राय, विकास कुमार राय गुड्डू, प्रदीप कुमार राय, संदीप राय, सुजीत सिंह, सिल्लू राय आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

धूमधाम से मनाया गया विधालय का स्थापना दिवस


धूमधाम से सम्पन्न हुआ पीडी स्कूल का प्रथम स्थापना दिवस 
जमुआ : प्रखण्ड के ग्राम पंचायत पोबी प्राचीन पंचमन्दिर समीप स्थित परमेश्वरी देवी पब्लिक स्कूल पोबी के प्रथम स्थापना दिवस वार्षिकोत्सव रविवार को धूमधाम से मनाया गया। 

 मुख्य अतिथि राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं अपराध नियंत्रण ब्यूरो जिला संयुक्त सचिव योगेश कुमार पाण्डेय ने शिक्षा का महत्व का वर्णन करते हुए शिक्षा का अधिकार अधिनियम की विस्तृत जानकारी दिया। कहा कि शिक्षा, संस्कार, संस्कृति व सकारात्मक मानसिकता से ही समाज और राष्ट्र समृद्धि होता है। कार्यक्रम में पिनांकल विद्यालय नीमाडीह के निदेशक प्रतापचन्द, जलसहिया स्मिता सिन्हा, प्रेरक राजेन्द्र राम, मुरलीधर पाण्डेय ,विवेकानंद प्रसाद ने विचार ब्यक्त किये। 

 पीएलवी सुबोध कुमार साव के संचालन में मौके पर आयोजित क्विज, सामान्य ज्ञान व सांस्कृतिक प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी जीवंत प्रदर्शन कर  भावविभोर कर दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा पारितोषिक देकर सम्मानित व उत्साहवर्द्धन किया गया। उक्त अवसर पर विद्यार्थी, अभिभावक, गण्यमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

गिरिडीह में एक व्यवसायी युवक की जघन्य हत्या, जांच में जुटी पुलिस

पंचम्बा के एक युवक की जघन्य हत्या, जांच में जुटी पुलिस
गिरिडीह : गिरिडीह की उपनगरी पचंबा के गढ़ मुहल्ला में रविवार सुबह एक युवक की खून से लथपथ स्थिति में लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी। उसके सिर पर गम्भीर चोट लगी है।  मृतक युवक 25 वर्षीय सौरभ कुमार कंधवे बीज भंडार का मालिक था। घटना के बाद से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।

घटना के सम्बंध में बताया जाता है कि रविवार अहले सुबह मृतक युवक की माँ ने घर के बाहर खून से लथ पथ लाश देखी। उसके बाद कोहराम मच गया। देखते देखते पूरे मोहल्लेवासी वँहा जुट गये। बताया जाता है कि मृतक युवक पबजी गेम का शौकीन था। शनिवार की रात लगभग 12 बजे तक वह अपने मित्रों के साथ पबजी गेम खेल रहा था। इसके बाद वह ऑफलाइन हो गया। थोड़े ही देर के बाद उसका शव घर के बाहर पड़ा मिला। इस बीच घटना से आक्रोशित मुहल्लेवासी हत्यारों को गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। 


घटना की सूचना मिलते ही पचंबा थाना पुलिस के साथ डीएसपी 1 बिनोद रवानी भी घटना स्थल पर  पहुंचे और सारी वस्तुस्थिति का जायजा लिया।


वंही मामले की जानकारी पर गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना पर दुःख जताते हुए पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। 


डीएसपी बिनोद रवानी ने कहा कि युवक के सिर पर चोट है।  इस दिशा में कई दृष्टिकोण को ध्यान में रख कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने लोगों से शीघ्र मामले का उद्भेदन का आश्वासन दें उनका धरना समाप्त कराया। बाद में पुलिस ने शव को अपनी अभिरक्षा में ले पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल भेज दिया।

शनिवार, 29 फ़रवरी 2020

गैंग रेप और अपहरण के आरोपी किशोर को दस वर्ष की सजा


गैंग रेप और अपहरण के आरोपी किशोर को दस वर्ष की सजा
गिरिडीह: जिला जज वन सह चिल्ड्रेन कोर्ट के न्यायाधीश रामबाबू गुप्ता की अदालत ने शनिवार को गैंग रेप और अपहरण के दोषी एक किशोर को दोनों ही मामलों में दस-दस साल की सजा सुनाई। साथ ही पन्द्रह हजार रुपये की जुर्माना भी लगाया है। विद्वान न्यायाधीश ने कहा कि दोनों सजाएं साथ-साथ चलेगी। 

 किशोर के विरुद्ध एक महिला ने आरोप लगाया था कि उसने 27 मई 2016 को रियाज अंसारी के साथ मिलकर उसका अपहरण किया और उसके साथ गैंगरेप किया था। 

घटना धनवार थाना क्षेत्र की है। थाने में दर्ज प्रस्थमिकी मे पीड़िता ने बताया था कि रियाज अंसारी ने उसके पति से अनबन करा उसे बहला फुसलाकर तलाक दिलवा दिया। 27 मई 2016 को रियाज ने किशोर के साथ मिलकर उसका अपहरण कर अपने घर ले गया। वहीं उसके साथ दुष्कर्म किया गया। मामले का मुख्य आरोपी रियाज की सुनवाई अलग से चल रही है।

सरिया में हुई सड़क दुर्घटना में बहनोई की मौत, साली गम्भीर

सड़क दुर्घटना में बहनोई की मौत, साली गम्भीर
गिरिडीह : जिले के सरिया प्रखंड कार्यालय के समीप शनिवार को हुए एक सड़क हादसे में जंहा एक युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी। वंही इस घटना में एक बच्ची गम्भीर रूप से जख्मी हो गयी। 

मृतक सरिया थाना क्षेत्र के चिरूवा गांव निवासी 25 वर्षीय किशोरी ठाकुर बताया जाता है जबकि जख्मी बच्ची मीना कुमारी सरिया के ही लुकैया गांव की रहने वाली है। दोनों रिश्ते में साली बहनोई बताए जाते है।

मिली जानकारी के अनुसार किशोरी अपनी साली मीना को लेकर बाइक से पूजा करने बरकट्ठा के बेड़ोकला जा रहा था। इसी दौरान सेवाबान्ध के पास आगे चल रही एक गाड़ी को ओवरटेक करने के क्रम में  सामने से आ रहे गेहूं लदे ट्रक की चपेट में आ गया।जिससे मौके पर ही उसकी मौत होगई। वंही दूसरी ओर बाइक सवार को बचाने की कोशिश में गेहूं लदा ट्रक भी सड़क किनारे पलट गया। घटना के बाद ट्रक चालक और खलासी ट्रक छोड़ भाग गये। 

 सूचना मिलते ही सरिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जख्मी बच्ची को अस्पताल पहुंचाया। जबकि मृतक के शव को अपनी अभिरक्षा में ले पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया।
और ट्रक को जब्त कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

समारोह आयोजित कर डीडीओ रामकृष्ण राम को दी गई भावभीनी विदाई

 डीडीओ रामकृष्ण राम को दी गई भावभीनी विदाई
जमुआ : झारखण्ड़ प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ जमुआ ईकाई के तत्वावधान में मध्य विद्यालय जमुआ परिसर में शनिवार को समारोह आयोजित कर डीडीओ रामकृष्ण राम को भावभीनी विदाई दी गई।
 समारोह की अध्यक्षता सेवानिवृत्त शिक्षक  प्रयाग पाण्डेय व मंच संचालन शिक्षक लक्ष्मण यादव ने किया।
 मुख्य अतिथि खोरीमहुआ एसडीएम धीरेंद्र प्रसाद सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि सरकारी सेवा में पदस्थापन, स्थानांतरण व अंत मे  सेवानिवृति एक भाग होता है। सेवाकाल के दौरान बहुत ही विषम परिस्थितियों का सामना कर बेदाग सेवानिवृत्त हो जाना सबसे बड़ी उपलब्धि होती है। जीवन मे जो मुकाम हासिल करते हैं शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका होती हैं। विशिष्ट अतिथि जमुआ थाना प्रभारी संतोष कुमार ने कहा कि शिक्षक राष्ट्रनिर्माता होते हैं  इनका योगदान अनुकरणीय रहेगा।   

रामकृष्ण राम ने भाव विव्हल होकर कहा कि सभी का अपार स्नेह,सान्निध्य व सहयोग के लिए सदैव ऋणी रहूँगा।  श्री राम को विभिन्न प्रकार के पारितोषिक, गुलदस्ता देकर सम्मानित किया गया। विदाई के दौरान सभी की आँखे नम थी। 

अंचल निरीक्षक लोकेश सिंह ,हरला मुखिया महेंद्र कुमार,बीपीओ छोटेलाल साहू, अजित कुमार,सबिता मिश्रा,सत्येन्द्र कुमार चौधरी, किशोरी रविदास ,रीता वर्मा आदि ने विचार ब्यक्त करते हुए कहा कि गुरु का स्थान माता,पिता के बाद सर्वोच्च होता है जिसे ईश्वर ने भी कहा है। 

 उक्त अवसर पर शिक्षक मैनेजर सिंह, योगेश्वर महथा, शिवकुमार देव, बसंती कुमारी, किरण कुमारी,सरिता कुमारी, बिनोद राम गुप्ता, मनोज कुमार,रंजीत वर्मा, उदय शंकर, राजीव कुमार, बदरुद्दीन आलम,मो कौशर, राजेश कुमार, शिवशंकर कुमार, छतरन्नाथ महतो आदि मौजूद थे।

पुराने सीआई की विदाई व नये का हुआ स्वागत

जमुआ अंचल निरीक्षक काली दास की दी गई भावभीनी विदाई
जमुआ :  मॉडल प्रखण्ड भवन सभागार में शनिवार को समारोह आयोजित कर सेवानिवृत्त अंचल निरीक्षक काली दास को गुलदस्ता भेंटकर सम्मानित कर भावभीनी विदाई दी गई।
 वही नये अंचल निरीक्षक लवकेश सिंह का हार्दिक अभिनंदन किया गया। 
अंचलाधिकारी रामबालक कुमार ने कहा कि काली दास जी का कार्यकाल बेहद ही बेदाग रहा। इनकी कमी को नये अंचल निरीक्षक लोकेश सिंह पूर्ति करेंगे यही कामना की जाती हैं। 

 विदाई समारोह में कम्प्यूटर ऑपरेटर प्रवीण कुमार वर्मा, अंचल अमीन, अंचल व प्रखण्ड कर्मिगण, झामुमो प्रखण्ड सचिव रंजीत कुमार, जनप्रतिनिधि ,बुद्धिजीवी, मीडिया बंधु आदि मौजूद थे।

जमुआ के बलगो पंचायत सचिवालय में हुआ सरकार आपके द्वार कार्यक्रम, उमड़ी भीड़

बलगो पंचायत सचिवालय में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ 
जमुआ:  प्रखण्ड के बलगो पंचायत सचिवालय में शनिवार को सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमे मनरेगा, पीएम आवास, वृद्धा, विधवा पेंशन आदि मामले को लेकर अधिकांश आवेदन ग्रामीणों द्वारा अधिकारीयो को सौंपा गया। अधिकारियों द्वारा कुछ का त्वरित निष्पादन कर शेष को प्रखण्ड विकास पदाधिकारी व अंचलाधिकारी को निष्पादन हेतु समर्पित कर दिया गया।

 मनरेगा बीपीओ हीरो महतो, बीपीआरओ बबलू चौधरी, प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी अनिल कुमार गोस्वामी, प्रधानमंत्री आवास प्रखण्ड समन्वयक संतोष कुमार वर्मा, प्रखण्ड सहायक शाहिद अख्तर ,कम्प्यूटर ऑपरेटर दीपक कुमार, वी एल डब्लू नित्यानंद चौधरी, पंचायत सचिव नुनूलाल हेम्ब्रम, कनीय अभियंता कामेश्वर मरांडी ने विभागों के कार्य -योजना व कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी ग्रामीणो को दिया। कहा कि सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के आयोजन से पंचायत स्तर पर ही समस्या का निष्पादन हो रहा है। प्रज्ञा केन्द्र के माध्यम से विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओ की जानकारी व लाभ सुगमतापूर्वक एक ही छत के नीचे मिल रहा है। प्रधानमंत्री किसान समृद्धि योजना के लाभुक किसानों को बीसी के माध्यम से बैंक द्वारा केसीसी के लाभ से पूर्ण आच्छादित करने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। 
कार्यक्रम में मुखिया केशरी देवी, पंचायत समिति सदस्य प्रयाग प्रसाद यादव ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था की अवधारणा सार्थक हो रही हैं। ग्राम रोजगार सेवक अकबर अंसारी, मुखिया प्रतिनिधि रोहित कुमार दास, वार्ड सदस्य सरयू यादव, बिसु राम ,बहादुर दास, गणेश राम ,अब्दुल मुस्तकीम, प्रकाश विश्वकर्मा, कामदेव राम , रौशन रविदास, हुसैनी मियां, लक्ष्मीकांत राम , सेवानिवृत्त शिक्षक रघुनाथ महतो, महावीर महतो, रोहित दास, हेमलाल दास आदि ग्रामीण मौजूद थे।

भारतीय वायु सेना के विशेष विमान से देवघर पहुंचे राष्ट्रपति, किया बाबा बैद्यनाथ की पूजा अर्चना

विशेष विमान से राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद पहुंचे
देवघर , किया बाबा बैद्यनाथ की पूजा अर्चना
देवघर(झारखंड) :  पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शनिवार को देवघर पहुंचे। उनके साथ राज्य की राज्यपाल द्रोपदी मुर्मू भी मौजूद थी।
देवघर के कुंडा एयरपोर्ट भारतीय वायु सेना के हेलीकॉप्टर से महामहिम राष्ट्रपति के पहुंचने पर सुबे के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, प्रमंडलीय आयुक्त, डीआइजी आर के लकड़ा, देवघर उपायुक्त नैंसी सहाय, एसपी नरेंद्र सिंह सहित वरीय अधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। हवाई अड्डे पर ही उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
राष्ट्रपति के देवघर आगमन को लेकर चप्पे चप्पे पर सुरक्षा बल के जवान तैनात थे, शहर की ऊंची इमारतों पर भी सुरक्षा बल के जवान तैनात दिखे। काफी चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। यूं कहें कि सुरक्षा व्यवस्था ऐसी कि परिंदा भी पर नहीं मार सके तो इसमें तनिक अतिशयोक्ति नहीं होगी।
महसमहिम राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आज विश्वप्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचने पर उनका मंत्रोच्चारण और शंख नाद से भव्य स्वागत किया गया।
 उसके बाद राष्ट्रपति बाबा के गर्भगृह पहुंच पूरे विधि विधान के साथ पूजा अर्चना किया। जंहा मन्दिर तीर्थ पुरोहित रमेश परिहस्त ने वैदिक रितिवाज के साथ पूरे विधि विधान से पूजा अर्चना कराई। लगभग आधे घंटे तक महामहिम ने बाबा बैद्यनाथ की पूजा अर्चना किया।
 
इस दौरान झारखंड की राज्यपाल एव झारखंड के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख समेत पुलिस और प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों के अलावे पुरोहित समाज के लोग मोजूद थे।







 

डुमरी में गैस चूल्हा जलाने के क्रम में युवती झुलसी, गम्भीर


गैस चूल्हा जलाने के क्रम में युवती झुलसी, गम्भीर
गिरिडीह: जिले के डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुलगो पंचायत स्थित बरवाटांड़ टोला में गैस चूल्हा जलाने के क्रम में शनिवार एक युवती बुरी तरह झुलस गई। घायल युवती गिरधारी सिंह की 17 वर्षीय पुत्री सोनी कुमारी बतायी जाती है।

 वंही युवती को बचाने के क्रम में उसके भाई अजय सिंह का भी दोनों हाथ झुलस गया। आनन फानन में ग्रामीणों द्वारा 108 एम्बुलेंस के जरिये दोनों घायलों को डुमरी रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी अजय सिन्हा  द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज हेतु धनबाद रेफर कर दिया गया।

घटना के बाबत युवती की मां शनिचरिया देवी ने बताया कि खाना बनाने के लिए जैसे ही उनकी बेटी ने चूल्हा जलाने हेतु माचिस की तिल्ली जलाया उसके कपड़े में आग पकड़ लिया। हल्ला मचाने पर भाई अजय सिंह पहुंचा और बचाने का प्रयास किया। जिसमें उसका भी हाथ झुलस गया। बताया कि गैस का नॉब सम्भवतः खुला रह गया था। जिस कारण यह हादसा हो गया। युवती की स्थिति गंभीर बतायी जाती है।


गुरुवार, 27 फ़रवरी 2020

बलात्कारी को दस वर्ष की सश्रम कारावास की सजा

बलात्कारी को दस वर्ष की सश्रम कारावास की सजा
गिरिडीह : जिला जज छह अजय श्रीवास्तव की अदालत ने गुरुवार को दुष्कर्म मामले में दोषी पाए गए मो.आलम को दस साल सश्रम कारावास की सजा सुनाई। साथ ही 25 हजार रुपये आर्थिक जुर्माना भी लगाया।  जुर्माने की राशि जमा नहीं करने पर छह माह अतिरिक्त कारावास की सजा काटने की बात कही।

  घटना ताराटांड़ थाना क्षेत्र की है। गांव की एक युवती 
कांड की परिवादी सह पीड़िता ने न्यायालय में परिवाद पत्र दायर कर कहा था कि 27 मार्च 2016 को वह घर में अकेली सोई हुई थी। गर्मी के कारण दरवाजा खुला हुआ था। रात 11 बजे मो.आलम घर में घुस गया। जब तक कुछ समझ पाती उसके दुपट्टे से उसका मुह बंद कर दिया व चाकू का भय दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद उसने शादी करने की बात कही और लगातार यौन शोषण करता रहा। इस बीच वह गर्भवती हो गई। आलम ने उसे मधुपुर ले जाकर गर्भपात कराया और गांव के बगीचे में छोड़ गया। 

24 सितंबर 2016 की शाम सात बजे वह अपनी चचेरी बहन के साथ शौच के लिए गई थी तो आलम ने उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने सारी घटना की जानकारी अपने पिता को दी। जब उसके घरवाले आलम के घर इस बात को पूछने गए तो उसके घरवालों ने उनके साथ मारपीट की। घटना को लेकर पीड़िता ताराटांड़ थाना गई। लेकिन थानेदार ने प्राथमिकी दर्ज करने से इंकार कर दिया। तब पीड़िता ने न्यायालय में परिवाद पत्र दायर किया था।

 गुरुवार को सजा के बिदु पर सुनवाई के दौरान बहस करते हुए बचाव पक्ष के अधिवक्ता प्रकाश और दीपक कुमार ने उसे न्यूनतम सजा देने की अपील की। कहा कि उसका कोई आपराधिक इतिहास नहीं रहा है। उसे कम सजा देकर अच्छा नागरिक बनने का मौका दिया जाना चाहिए। पीड़िता के अधिवक्ता दिगंबर मोहन सिन्हा ने उसे कड़ी सजा देने की अपील की। न्यायालय ने दोनों पक्षों की सुनने के बाद सजा सुनाई।




बगोदर के जरमुने पंचायत के मुखिया का वित्तीयशक्ति जब्त, निलम्बित

बगोदर के जरमुने पंचायत के मुखिया का वित्तीयशक्ति जब्त, निलम्बित
                      मुखिया संतोष रजक 

उपमुखिया को दिया गया मुखिया का दायित्व

गिरिडीह : 14वीं वित्त की राशि के दुरुपयोग के मामले में जिले के बगोदर प्रखंड के जरमूने पश्चिमी पंचायत के मुखिया संतोष रजक की वित्तीय शक्ति जब्त कर उन्हें निलंबित कर दिया गया। 

उक्त जानकारी बगोदर के बीडीओ रविन्द्र कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि सोलर लाइट खरीद में मुखिया ने राशि का दुरुपयोग किया है। मुखिया पर लगे आरोप सही पाए जाने के फलस्वरूप उसे इस पद से निलंबित कर दिया गया और मुखिया के कार्यो एवं दायित्वों का प्रभार उप मुखिया शंकर पटेल को दिया गया। 

विदित हो कि झारखंड सरकार ग्रमीण विकास विभाग पंचायती राज्य के आदेश पर उपायुक्त गिरिडीह के पत्रांक 766 दिनांक 2-12-2019 प्रतिवेदित किया गया, जिसमें कहा गया कि मुखिया संतोष रजक के द्वारा जरमूने पश्चिमी पंचायत मे 14 वें वित आयोग से सोलर स्ट्रीट लाइट के क्रय मे वितीय अनियमितता कर सोलर स्ट्रीट लाइट के क्रय में योजनाओं की राशि का दुरुपयोग करने का मामला सामने आया और इस पर उप विकास आयुक्त का मंतव्य भी प्राप्त किया गया।