मंगलवार, 13 जनवरी 2026

एसपी डॉ बिमल कुमार ने जरूरतमंद बिरहोर परिवारों के बीच बांटें कम्बल

गिरिडीह (Giridih)। जिले के सरिया थाना अंतर्गत अमनारी पंचायत के बिरहोर कॉलोनी में आज पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार द्वारा जरूरतमंद लोगों के बीच ठंढ से बचाव के लिए कंबल एवं अन्य सामग्रियों का वितरण किया गया।


इस दौरान उन्होंने बिरहोर समुदाय के लोगों से भेंट कर उनके समस्याओं से अवगत हुए और उन्हें पुलिस की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक के साथ अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, बगोदर-सरिया एवं संबंधित थाना,ओ०पी० प्रभारी भी उपस्थित थे। 


कार्यक्रम के बाबत एसपी डॉ बिमल कुमार ने बताया कि पुलिस एवं आम जनता के बीच समन्वय को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह कम्बल वितरण किया गया।


एसपी ने बैठक कर दिया पुलिस पदाधिकारियों को कई निर्देश

गिरिडीह (Giridih)। पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार आज सरिया पहुंचे। उन्होंने अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी बगोदर-सरिया के कार्यालय में अनुमंडल क्षेत्र के पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक की।


बैठक के दौरान एसपी ने जहां क्षेत्र की विधि व्यवस्था की समीक्षा की वहीं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिया। इस दौरान एसपी ने थाना प्राभारियों एवं ओपी प्राभारियों को लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने का भी निर्देश दिया।


सोहराय पर्व मनाने मायके से ससुराल आयी विवाहिता की हुई सन्दिग्ध मौत, हत्या का आरोप, पति गिरफ्तार

गिरिडीह (Giridih)। जिले के तिसरी थाना क्षेत्र के पनियाय गांव में एक विवाहिता सूरजमुनी की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई। मृतक के पिता अरूण मरांडी ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही तिसरी थाना एवं लोकाय ओपी पुलिस गांव पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज, मामले में जांच-पड़ताल शुरू की। वहीं पुलिस ने इस मामले में मृतका के पति अशोक मुर्मू को गिरफ्तार कर अपने साथ थाने ले आयी।


मृतका के पिता ने बताया कि सूरजमुनी की शादी 6 माह पूर्व अशोक मुर्मू के साथ हुई थी। शादी के बाद कुछ दिनों तक सब ठीक रहा लेकिन बाद में पति एवं ससुराल के अन्य लोगों द्वारा उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। इसी विवाद के कारण वह मायके आ गयी थी। लेकिन सोयराय पर्व साथ मनाने की बात कह उसका पति उसे अपने साथ कल वापस ले आया था और आज सूरजमुनी की मौत की खबर उन्हें आसपास के लोगों से मिली।


बताया कि खबर मिलते ही वे यहां पहुंचे तो उसका शव उसके घर मे पड़ा मिला। उन्होंने सूरजमुनी की हत्या करने का आरोप उसके ससुराल वालों पर लगाया है। हालांकि ससुराल वालों ने जहर खाने से उसकी मौत होना बता रहे हैं। 



बाल तस्करी का शिकार होने से बचाये गए चार नाबालिग, एक बाल तस्कर गिरफ्तार

गिरिडीह (Giridih)। जस्ट रायट्स फॉर चिल्ड्रेन के सहयोगी संगठन बनवासी विकास आश्रम, आरपीफएफ सरिया तथा आभा की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से चार नाबालिग बच्चों को बाल तस्करी के संभावित खतरे से सुरक्षित बचा लिया गया। सभी बच्चों की उम्र लगभग 3 से 8 वर्ष के बीच है। बच्चों के रेस्क्यू के दौरान टीम ने एक बाल तस्कर को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्कर बिहार प्रदेश के जहानाबाद जिले के काको थाना क्षेत्र अंतर्गत नदीयावां गांव निवासी लालन राठौड़ का पुत्र पिंटू राठौड़ है।



बताया गया कि कोडरमा चाइल्डलाइन द्वारा बनवासी विकास आश्रम के कार्यक्रम समन्वयक उत्तम कुमार को मंगलवार सुबह बाल तस्करी की सुचना मिली। सूचना मिलते ही उत्तम ने हजारीबाग रोड रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को मामले से अवगत कराया।


 RPF की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेन संख्या 12365 के D–5 कोच में कार्रवाई की और चार नाबालिग बच्चों का सुरक्षित रेस्क्यू करते हुए उनके साथ मौजूद एक व्यक्ति को धर दबोचा। पूछताछ के दौरान उस व्यक्ति द्वारा बच्चों के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर मामले को संदिग्ध मानते हुए आगे की कार्रवाई हेतु बाल कल्याण समिति के पास भेजा दिया। इस रेस्कीयू अभियान में उत्तम कुमार, छोटेलाल यादव, भागीरथी देवी की अहम भूमिका रही।



23वीं राष्ट्रीय पैरा पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भाग लेगी झारखंड की पैरालिम्पिक टीम

गिरिडीह (Giridih)। आगामी 16 जनवरी से 18 जनवरी तक रुड़की (उत्तराखंड) में आयोजित होने वाली 23वीं राष्ट्रीय पैरा पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में झारखंड की पैरालिम्पिक टीम भी भाग लेंगी। टीम में गिरिडीह के आकाश सिंह समेत 6 खिलाड़ी हैं। जिनमे गढ़वा के सुमेर कुमार, हजारीबाग के तुकेश्वर कुमार, रामगढ़ के रामसागर कुमार एवं रांची की किरण कुमारी शामिल हैं। इनके साथ टीम के कोच कुमार गौरव एवं सपोर्ट स्टाफ सन्नी कुमार भी रवाना हो रहे हैं।


पैरालिम्पिक कमिटी ऑफ झारखंड के अध्यक्ष जटाशंकर चौधरी एवं सचिव कुमार गौरव ने झारखण्ड टीम के खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि झारखंड के पैरा खिलाड़ी कठिन परिस्थितियों, सीमित संसाधनों और शारीरिक चुनौतियों के बावजूद जिस दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहे हैं, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। कहा कि दिव्यांगता किसी की क्षमता की सीमा नहीं होती, बल्कि इच्छाशक्ति और मेहनत से हर बाधा को पार किया जा सकता है। झारखंड के पैरा खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे, ऐसा पूरा विश्वास है। उन्होंने पैरालिम्पिक कमिटी ऑफ झारखंड की ओर से पूरी टीम को सफल एवं गौरवपूर्ण प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी।


जंगली हाथी की हुई मौत, जांच में जुटी वन विभाग


रामगढ़ (Jharkhand)।
  जिले के गोला वन क्षेत्र के चौपा दारू स्थित जारापाड़ा गांव के समीप एक विशालकाय जंगली हाथी की मौत हो गयी है। जंगली हाथी की मौत की खबर सुन सैकड़ो की संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गये और मामले की सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी।  


सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम गांव पहुंची और हाथी के शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है।  विशालकाय जंगली हाथी की मौत कैसे हुई इसके कारणों का सब तक पता नहीं चल पाया हैं। वन विभाग की टीम पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने की प्रतीक्षा कर रही है।


बता दें कि पिछले एक दशक से जंगली हाथी गोला वन क्षेत्र में विचरण करते हुए आ रहे हैं। पिछले माह रामगढ़ जिला में हाथियों की चपेट में आने से लगभग छह लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं इस दौरान कई हाथियों की भी सन्दिग्ध स्थिति में मौत हो चुकी है। 



गिरिडीह के कार्बन रिसोर्सेज नामक फैक्ट्री में फर्निश ब्लास्ट, एक मजदूर गम्भीर

गिरिडीह (Giridih)।  मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चाइना मोड़ के समीप स्थित संचालित कार्बन रिसोर्सेज नामक फैक्ट्री में आज सुबह फर्निश ब्लास्ट हुआ है। जिससे गैस रिसाव होने लगा। जिसकी चपेट में आने से एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मजदूर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भोरंडीहा निवासी पिंटू तूरी है।


घटना के बाद फैक्ट्री में अफरा तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। आनन फानन में घायल मजदूर को इलाज हेतु  गिरिडीह के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।  


बता दें कि यह फैक्ट्री गिरिडीह के जाने माने उद्योगपति सुरेश जालान की है। फर्निस ब्लास्ट की इस घटना के बाद इलाके में चर्चा है कि फैक्ट्री के भीतर आज अहले सुबह हुए फर्निस ब्लास्ट में और भी कई मजदूर घायल हुए हैं। जिनकी स्थिति अत्यंत चिंताजनक होने के कारण फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा उन सभी घायल मजदूरों को बेहतर इलाज हेतु धनबाद भेज दिया है। 


हालांकि घायल मजदूरों की वास्तविक संख्या का अभी पता नहीं चल पाया है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही फैक्ट्री के बाहर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गयी है। 


आज 13 जनवरी ! क्या कहते हैं सितारे..कैसा रहेगा दिन.! जानिए अपना राशिफल और आज का पञ्चाङ्ग

आज 13:: 01 :: 2026 का पञ्चाङ्ग व राशिफल

13जनवरी 2026 : आज माघ माह के कृष्ण पक्ष दशमी तिथि और मंगलवार दिन है। दशमी तिथि आज दोपहर बाद 03:17 PM तक जारी रहेगी। उसके बाद एकादशी तिथि लग जाएगी। आज के दिन अभिजीत मुहूर्त 12:09 PM से 12:51 PM तक रहेगा। आज राहुकाल 03:07 PM से 04:26 PM तक रहेगा। इस दिन किए गए कर्म जीवन में सकारात्मक परिवर्तन और आध्यात्मिक उन्नति लाते हैं। श्रद्धा, भक्ति और नियमपूर्वक किए गए कर्म जीवन में शांति, सफलता और सकारात्मक ऊर्जा लाते हैं। माघ मास में स्नान और साधना से मन और शरीर शुद्ध होता है। इस मास में किए गए धार्मिक कार्य, दान और व्रत विशेष फलदायी होते हैं।

जनवरी का महीना हिन्दू कैलेंडर के अनुसार विशेष महत्वपूर्ण है। ये महीना धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी विशेष महत्व रखता है, क्योंकि हिंदू कैलेंडर के अनुसार जनवरी महीने में कई बड़े पर्व मनाए जाते हैं। इन पर्व त्यौहार लोगों के लिए नए संकल्प, नई आशाएं और उल्लास लेकर आते हैं। जनवरी महीने के प्रमुख पर्व त्यौहारों में :

लोहड़ी: पंजाब और हरियाणा में लोहड़ी का त्योहार नई फसल के आगमन का प्रतीक है। यह 13 जनवरी, मंगलवार 2026 को मनाया जाएगा। इस अवसर पर लोग रात में आग के चारों ओर तिल, मूंगफली और गुड़ डालकर खुशी और आभार व्यक्त करते हैं।

मकर संक्रांति : यह पर्व 14 जनवरी 2026 बुधवार को मनाई जाएगी। यह सूर्य के मकर राशि में प्रवेश करने के अवसर पर आता है। उत्तर भारत में इसे मकर संक्रांति, पंजाब में माघी, असम में बिहू और दक्षिण भारत में पोंगल के नाम से मनाया जाता है। इस दिन तीर्थ स्नान और दान का विशेष महत्व है।

पोंगल: दक्षिण भारत का मुख्य पर्व पोंगल 14 जनवरी, बुधवार से 17 जनवरी, शनिवार 2026 तक मनाया जाएगा। यह चार दिवसीय उत्सव भगवान सूर्य को समर्पित है और फसल कटाई के महत्व को दर्शाता है।

मौनी अमावस्या: मौनी अमावस्या 18 जनवरी, रविवार 2026 को है। इस दिन गंगा स्नान, दान और तीर्थ यात्रा का विशेष महत्व है। कहा जाता है कि इस दिन किए गए पुण्य कार्य और तर्पण से पितृऋण का निवारण होता है और कई जन्मों के पाप समाप्त होते हैं। भगवान शिव और विष्णु की पूजा भी इस दिन प्रमुख रूप से होती है।


आज मंगलवार का दिन है। इस दिन सूर्य देव धनु राशि में रहेंगे। वहीं चंद्रमा तुला राशि से वृश्चिक राशि में गोचर करेंगे। आज कोई व्रत या त्योहार नहीं है। वार के हिसाब से आप मंगलवार का व्रत रख सकते हैं, जो हनुमान जी को समर्पित होता है। मंगलवार के दिन हनुमान जी की पूजा करने से मंगल ग्रह के नकारात्मक प्रभाव कम होते हैं। हनुमान जी को सिंदूर, चमेली का तेल और लाल फूल चढ़ाएं। इसके अलावा, मंगल ग्रह के मंत्र "ऊं अं अंगारकाय नमः" का जाप करने से भी शुभ परिणाम प्राप्त होते हैं। गुड़, तांबे के बर्तन, लाल वस्त्र आदि दान करने और मूंगे की अंगूठी पहनने से भी मंगल ग्रह के नकारात्मक प्रभाव कम होते हैं। भोजन में मसूर की दाल शामिल करने से भी लाभ मिलता है। इन उपायों को करने से मंगल ग्रह के नकारात्मक प्रभावों को कम किया जा सकता है और शुभ परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।



लोहड़ी : आज का दिन धार्मिक के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से भी विशेष है। आज लोहड़ी का पर्व पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाएगा। यह पर्व अग्नि, फसल और नई शुरुआत का प्रतीक है। लोग अग्नि प्रज्वलित कर उसमें तिल, गुड़, मूंगफली और रेवड़ी अर्पित करते हैं तथा सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। लोहड़ी पर्व विशेष रूप से उत्तर भारत में फसल, अग्नि और पारिवारिक उल्लास से जुड़ा एक प्रमुख त्योहार है। माघ मास में आने वाला यह दिन मौसमी परिवर्तन और सामाजिक परंपराओं का सुंदर संगम माना जाता है।लोहड़ी पारिवारिक एकता, लोक परंपरा और खुशहाली का संदेश देती है। लोहड़ी जैसे लोकपर्व उल्लास, परंपरा और नई ऊर्जा से भर देते हैं। इस दिन श्रद्धा, उत्सव और आपसी मेल-जोल से जीवन में सकारात्मकता और समृद्धि का संचार होता है।



आज का पंचांग: 13 जनवरी 2026,दिन: मंगलवार    युगाब्द      : 5127        विक्रम संवत : 2082          शक संवत : 1947        ऋतु    :  हेमन्त                    मास        :  माघ           पक्ष:  कृष्ण पक्ष              सूर्योदय  : 07: 15 AM, सूर्यास्त : 05:45 PM    तिथि :  दशमी 03:18 PM तक उपरांत एकादशी        नक्षत्र : विशाखा 12:06 AM तक उपरांत अनुराधा।      राहुकाल : 03: 07 PM से 04: 26 PM तक  चन्द्रमा   :  तुला राशि पर 05:21 PM तक उपरांत वृश्चिक राशि पर संचार करेगा                                    व्रत/त्यौहार : मंगलवार व्रत, माघस्नान जारी, हनुमान पूजन दिवस, लोहड़ी (लोहरी)




आज :: 13 :: 01 :: 2026  का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ): कुछ दोस्त या रिश्तेदार आपके घर आ सकते हैं, जिससे माहौल खुशनुमा रहेगा। अपने पड़ोसियों के साथ अच्छे संबंध बनाए रखें। नए रोमांटिक रिश्तों के लिए समय बहुत अच्छा है। अगर आप शादीशुदा हैं, तो आज आपका जीवनसाथी आपसे काफी खुश रहेगा। आज आपका लकी नंबर 6 है। व्यवसाय में आज कोई नई डील फाइनल हो सकती है, जिससे आपको अच्छा मुनाफा होगा और आप खुश होंगे। प्रॉपर्टी से जुड़े मामलों को सावधानी से संभालने की ज़रूरत है। ऑफिस के माहौल में अपनी बुद्धि का इस्तेमाल करें और अपने सहकर्मियों पर ज़्यादा भरोसा न करें।


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो): आज का दिन आपके लिए खुशी और समृद्धि वाला रहेगा। परिवार के सदस्यों की मदद से आपके निजी काम भी काफी हद तक पूरे हो जाएंगे। शादीशुदा लोग आज अपने घरेलू जीवन से नाखुश हो सकते हैं। प्रेम संबंधों में रहने वाले लोग आज खुश रहेंगे। आज आपका लकी नंबर 6 है। आज कड़ी मेहनत में वित्तीय लाभ छिपा है। घर या व्यवसाय में आप जो भी फैसला लेंगे, वह आपके लिए फायदेमंद होगा। ऑफिस में आपके अच्छे प्रदर्शन से पद और प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। कानून के छात्रों को आज किसी अनुभवी वकील से सलाह मिलेगी।


मिथुन👫(का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा): आज का दिन कई मायनों में अच्छा रहेगा। आप अपने दोस्तों पर कुछ पैसे खर्च कर सकते हैं। बाहरी लोगों को अपने निजी जीवन में दखल न देने दें। आज आपको अपने जीवनसाथी से मदद और सहयोग मिल सकता है। आज आपके पार्टनर के प्रति आपका प्यार और गहरा होगा। आज आपका लकी नंबर 8 है। आपकी आय में वृद्धि से आप खुश रहेंगे। आपको पारिवारिक संपत्ति मिलने से फायदा होगा। व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए दिन बहुत अच्छा रहने की उम्मीद है। दुकानदारों को बड़ा ऑर्डर मिल सकता है। काम पर मिल रहे अवसरों और प्रगति से आपका आत्मविश्वास बढ़ेगा।



कर्क🦀(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो) : आज सभी सितारे आपके पक्ष में हैं। भले ही आज सब कुछ आपके पक्ष में हो, फिर भी आपको कुछ कदम उठाने होंगे, अधिक सक्रिय और ऊर्जावान रहना होगा। परिवार के छोटे बच्चे आज कुछ मांगें कर सकते हैं, जिन्हें आप पूरा करने की पूरी कोशिश करेंगे। आज आप कविता के माध्यम से अपने पार्टनर के प्रति अपना प्यार ज़ाहिर कर सकते हैं। जो शादीशुदा जोड़े अलग रह रहे हैं, वे पूरा दिन अपने जीवनसाथी के बारे में सोचते रहेंगे। आज आपका लकी नंबर 4 है। हो सकता है कि आज आपको इसका एहसास भी न हो, लेकिन आपका बैंक बैलेंस काफी बेहतर होगा। आप में से कुछ लोग आज नई प्रॉपर्टी खरीदने की दिशा में कदम उठाने वाले हैं। किसी के साथ पार्टनरशिप करने से पहले, सभी पहलुओं पर ज़रूर विचार करें। महिलाओं को अपने बिज़नेस या नौकरी में खास सफलता मिलेगी।


सिंह🦁(मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे): खुद को एक नए बदलाव के लिए तैयार करें। आपको अपने बच्चों के व्यवहार पर कड़ी नज़र रखनी होगी। आज कोई बहुत मज़ेदार इंसान आपका ध्यान खींचेगा। शादीशुदा ज़िंदगी खुशियों से भरी रहेगी। आज आपका लकी नंबर 9 है।कुछ लोगों को अपनी आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए नई नौकरी शुरू करनी पड़ सकती है। अगर आप बिज़नेस में हैं, तो आज मुनाफ़ा होने की पूरी संभावना है। कंस्ट्रक्शन में काम करने वालों को आज कोई नया प्रोजेक्ट मिल सकता है। ऑफिस में अपनी ज़िम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी और लगन से निभाएं। करियर में बड़ा बदलाव लाने के लिए आपको अपने स्किल्स को बेहतर बनाने की ज़रूरत है।


कन्या👩(टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो): आज का दिन आपके लिए सुखद नतीजे लेकर आएगा। अपनी इनकम को ध्यान में रखते हुए सोच-समझकर पैसे खर्च करें। कुछ दोस्त या रिश्तेदार आपके घर आ सकते हैं, जिससे माहौल खुशनुमा रहेगा। लव लाइफ में आपको अपने पार्टनर का पूरा साथ मिलेगा। अगर आप शादीशुदा हैं, तो आज आपका जीवनसाथी आपसे बहुत खुश रहेगा। आज आपका लकी नंबर 2 है। आज आपको सोच-समझकर पैसे खर्च करने चाहिए। फूड इंडस्ट्री में काम करने वालों का दिन बहुत व्यस्त रहेगा। वर्कप्लेस पर कोई भी फैसला लेने से पहले दो बार सोचें। कोई सहकर्मी आपको कोई अच्छी खबर दे सकता है।



तुला⚖️(रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते): आज का दिन आपके लिए सकारात्मक रहेगा। गलत लोगों से जुड़ने से बचें। पारिवारिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव होंगे, जिसके बारे में आप चिंतित थे। शादीशुदा लोगों के रिश्ते में नई जान आएगी। अपनी लव लाइफ में, अभी के लिए बाकी सब कुछ भूल जाएं और अपने प्यार और रोमांस पर ध्यान दें। आज आपका शुभ रंग नारंगी है। आज आपका शुभ अंक 8 है। आज किसी भी डील या लेन-देन के दौरान तनाव न लें। जो लोग व्यवसाय में नहीं हैं, उन्हें पैतृक व्यवसाय से पैसा मिलने की संभावना है। इस समय सोने में निवेश करना आपके लिए बहुत फायदेमंद साबित होगा। कार्यस्थल पर आज का दिन आपके लिए अच्छा है, और आपको सफलता मिलेगी।


वृश्चिक🦂(तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू): आज का दिन आपके लिए सुनहरे पल लेकर आएगा। आप इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदने की योजना बना सकते हैं। ऐसे लोगों से दूर रहें जो दूसरों को उनके शारीरिक रूप के आधार पर आंकते हैं और उनके बारे में नकारात्मक सोचते हैं। आज का दिन शादीशुदा लोगों के लिए काफी अनुकूल है। प्रेम संबंधों में आपके प्रयासों के सकारात्मक परिणाम मिलेंगे। आज आपका शुभ अंक 1 है। वित्तीय लाभ के मामले में आज का दिन शानदार रहेगा। बिजली से संबंधित व्यवसायों से जुड़े लोगों को मुनाफा हो सकता है। विदेशी व्यवसाय से महत्वपूर्ण सफलता की उम्मीद है। नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को आज किसी प्रियजन की मदद से नौकरी मिल सकती है। ऑफिस में अपने बॉस और वरिष्ठ सहकर्मियों से सोच-समझकर बात करें।


धनु🏹(ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा,भे): आज का दिन आपके लिए खास रहेगा। अपने मन को हल्का रखने के लिए अपनी पसंदीदा गतिविधियाँ करना उचित होगा। आपको सलाह दी जाती है कि हर किसी के घर खाना न खाएं। अपने पार्टनर को आकर्षित करने के लिए दिखावा न करें। आज आपका शुभ अंक 5 है। आजीविका के क्षेत्र में आपके प्रयास रंग लाएंगे, जिससे आपकी वित्तीय स्थिति मजबूत होगी। व्यवसाय में उपलब्धियों को बढ़ावा मिलेगा। अपनी योजनाओं को लागू करने के लिए आपको उपयुक्त संसाधनों और लोगों से समर्थन मिलेगा। आपको जल्द ही अपनी इच्छा के अनुसार करियर में अवसर मिलेंगे।



मकर🐊(भो,जा,जी,खी,खू,खा, खो,गा,गी): आज का दिन आपके लिए आनंदमय रहेगा। आपको कोई अच्छी खबर मिल सकती है। अपनी जीवनशैली में बदलाव करके आप कुछ पुरानी समस्याओं से छुटकारा पा सकते हैं। शादीशुदा जोड़ों को अपने वैवाहिक जीवन में कुछ तनाव का अनुभव हो सकता है। दूर रहने से आप अपने प्रियजन की कमी महसूस करेंगे। आज आपका शुभ अंक 2 है। आप राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं। आय के नए स्रोत खोजने का प्रयास करें। बिजनेस मालिकों को कस्टमर फीडबैक पर ध्यान देना चाहिए। दुकानदारों को बड़ा ऑर्डर मिल सकता है। नौकरीपेशा लोगों को अपना टारगेट पूरा करने के बाद राहत महसूस होगी।


कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा): आज आपके लिए मिले-जुले नतीजे आ सकते हैं। किसी दोस्त का व्यवहार आपकी भावनाओं को ठेस पहुंचा सकता है। परिवार के सभी सदस्य अपनी जिम्मेदारियां अच्छे से निभाएंगे। प्यार करने वाले लोग अपने पार्टनर के व्यवहार से नाखुश दिख सकते हैं। आपको अपने जीवनसाथी से कुछ भी छिपाने से बचना चाहिए। आज आपका लकी नंबर 7 है। आज आपको रुके हुए पैसे मिल सकते हैं। अपने बिजनेस को जैसा चल रहा है वैसा ही चलने दें, लेकिन लापरवाह न बनें। कामकाजी महिलाएं काम को लेकर थोड़ी तनाव में रह सकती हैं। आपमें से जो लोग नौकरी में बदलाव की तलाश में हैं, उन्हें नए मौके मिलने की पूरी संभावना है।


मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची): आज नए लोगों से मिलने की संभावना है। आप किसी मनोरंजन कार्यक्रम में हिस्सा ले सकते हैं। जिस बात से आप सहमत नहीं हैं, उसका साथ न दें। आपका जीवनसाथी पैसे और घर के कामों को लेकर बहस कर सकता है। आपकी लव लाइफ बहुत जल्द बदलने वाली है। आज आपका लकी रंग गुलाबी है। आज आपका लकी नंबर 3 है। आज आर्थिक लाभ की संभावना है, और आपके बिजनेस के प्रतिद्वंद्वी शांत रहेंगे। बिजनेस करने वाली महिलाओं को खासकर अपने बिजनेस पर ध्यान देना चाहिए। आज कार्यक्षेत्र में कुछ रुकावटों के संकेत हैं, इसलिए सावधान रहें। करियर के फैसले लेने में आप हिचकिचाएंगे।



कृपया ध्यान दें👉

           यद्यपि शुद्ध राशिफल प्रसारण की पूरी कोशिश की गई है। प्रसारित राशिफलों में कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।

           🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷


सोमवार, 12 जनवरी 2026

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मचाया कहर, बच्चा गंभीर, दो दुकानों को पहुंचा भारी नुकसान

गिरिडीह (Giridih)। एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो जो धनबाद से गिरिडीह आ रही थी। सोमवार की शाम पचम्बा थाना क्षेत्र में जमकर कहर मचाया। स्कॉर्पियो ने पहले बिशनपुर में एक व्यक्ति को टक्कर मार दिया। घटनास्थल से आम लोगों की पकड़ से बचने के चक्कर वह जब पचम्बा पहुंचा तो पहले उसने एक बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया और उसे घिसटते हुए पचम्बा बाजार स्थित सौरभ मोबाइल दुकान पर स्थित स्कूटी को क्षतिग्रस्त कर दिया वहीं जुगनू कलेक्शन नामक दुकान को काफी नुकसान पहुंचाया।


इस हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन फानन में स्थानीय लोगों ने बच्चे को इलाज हेतु तत्काल गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा। जहां चिकित्सकों ने बच्चे की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसका प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज हेतु धनबाद रेफर कर दिया है। इधर घटनास्थल पर स्थानीय लोगों ने वाहन चालक को अपने कब्जे में कर लिया और घटना की सूचना पचम्बा थाना को दी।


सूचना मिलते ही पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार सदलबल घटनास्थल पहुंचे और खरगडीहा निवास स्कॉर्पियो चालक को अपने कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। 


बताया कि धनबाद से गिरिडीह आ रही स्कॉर्पियो में चालक समेत करीब आठ लोग सवार थे। जो सभी सुरक्षित हैं। उन सभी सवारियों को सुरक्षित दूसरे वाहन से उनके घर भेज दिया गया है। घटना के बाबत दुकानदारों ने बताया कि हादसा इतना भयानक था कि उस वक्त दुकान के बाहर कोई ग्राहक होता तो जान-माल का भारी नुकसान हो सकती थी। 


भीषण सड़क जाम में फंसे एसडीएम, गाडी से नीचे उतर डंडा लेकर हंटाया जाम

गिरिडीह (Giridih)। गिरिडीह-पचंबा फोर लेन सड़क निर्माण कार्य गिरिडीह वासियों के लिये जी का जंजाल बन गया है। पहले ठीकेदार द्वारा महीनों मुख्य सड़क को तोड़ फोड़ कर रख दिया था। जिससे लोग परेशान थे। अब सड़क पर उटपटांग तरीके से बनाये गये डिवाइडर हर दिन इस सड़क पर दुर्घटनाओं को अंजाम दिला रही हैं।


यहां सड़क के बीच बनी डिवाइडर गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकार्ड में दर्ज होने के काबिल है। पूरे भारत वर्ष में ऐसा सड़क डिवाइडर कहीं नहीं मिलेगा। यूनिक सड़क डिवाइडर देखना हो तो एक बार गिरिडीह आना तो बनता है...!!!


वहीं इस सड़क पर इन दिनों लगातार जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। हर दिन इस सड़क पर किसी न किसी इलाके में जाम की समस्या से लोगों को दो-चार होना पड़ता है। इसी कड़ी में सोमवार को भी पचंबा में भीषण जाम लग गया। इस जाम में गिरिडीह के एसडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते का वाहन भी फंस गया। 


तब एसडीएम गाड़ी से नीचे उतरे और हाथ में डंडा लेकर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने में जुट गये। इस दौरान एसडीएम के कड़े तेवर से आम लोगों को रु ब रु होना पड़ा। लगभग आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद एसडीएम ने आवागमन को सुचारू कराने में सफलता पायी। सड़क जाम में फंसे लोगों ने भी एसडीएम के इस कार्यशैली से लिये उन्हें धन्यवाद दिया।


स्वामी विवेकानंद की जयंती पर आयोजित रक्तदान शिविर में 60 यूनिट रक्त हुआ संग्रह

गिरिडीह(Giridih)। स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर जिलामुख्यालय में दो स्थानों पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें कुल 60 यूनिट रक्त संग्रह हुआ।


इस अवसर पर कार्बन रिसोर्सेज नामक फैक्ट्री में लगे ब्लड डोनेशन कैम्प मे फैक्ट्री में कार्यरत युवा वर्करों एवं फैक्ट्री के प्रबंधन कार्य से जुड़े लोगों ने पूरे उत्साह के साथ रक्तदान किया। जिसमे 52 यूनिट रक्त संग्रह हुआ। वहीं इस मौके पर ब्लड बैंक गिरिडीह में रेडक्रास सोसाइटी की ओर से लगे रक्तदान शिवर में 8 यूनिट रक्त संग्रह हुआ।


कार्बन रिसोर्सेज फैक्ट्री में लगे रक्तदान शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा नेता चुन्नू कांत उपस्थित थे। शिविर को सफल बनाने में डॉ कुमार अमर नाथ, देवेन्द्र प्रसाद, राहुल कुमार मिश्रा, अरविंद नाथ घोष, राजीव सिंह, प्रेम कुमार राय, श्याम बनर्जी, देवजीत मुखर्जी, पंकज नुनिया, सुरोजित गुप्ता, विजय गुप्ता का सराहनीय सहयोग रहा।