गुरुवार, 18 दिसंबर 2025

टोटो और प्राइवेट गाड़ियों के पार्किंग जोन हेतु सदर एसडीएम ने किया स्थल निरीक्षण

गिरिडीह(Giridih)। शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाने को लेकर सदर एसडीएम श्रीकांत यशवंत बिस्पुते ने गुरुवार को टोटो और प्राइवेट गाड़ियों के पार्किंग जोन हेतु स्थल निरीक्षण किया।


इस दौरान उन्होंने देखा कि झंडा मैदान रोड के आसपास एवं मुख्य सड़क के किनारे दुकान लगा लोगो द्वारा सड़क का अतिक्रमण किया गया था। जिसे उन्होंने तुरंत हंटवा सड़क को अतिक्रमण मुक्त करावाया।


सदर एसडीएम श्रीकांत यशवंत बिस्पुते ने बताया कि ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार लाने एवं टोटो और प्राइवेट गाड़ियों का पार्किंग जोन बनाने हेतु स्थल का निरीक्षण किया गया। कहा की 15 दिनों के अंदर टोटो और प्राइवेट गाड़ियों के लिए पार्किंग जोन बना दिया जायेगा। बताया कि निरीक्षण के क्रम कई सरकारी भवन में अवैध कब्जा था, उसे भी कब्जा मुक्त कराया गय। बताया कि इन भवनों में जेल परिसर संचालित कार्यालयों को शिफ्ट किया जाएगा।


इस निरीक्षण कार्यक्रम में नगर निगम के अर्बन प्लानर मंजूर आलम, नगर प्रबंधक विपिन विमल टोप्पो, यातायात इंस्पेक्टर दुगन टोपनो, शिवम कुमार, रवि वर्मा, निशांत वर्मा, अमित राय, प्रशांत कुमार, राहुल हाड़ी, छोटू रविदास, सहायक पुलिस शुभम कुमार, रामप्रसाद सहित की कई पुलिस जवान शामिल थे।


6 हजार रूपये घुस लेते रंगे हाथ धराये बेंगाबाद के अंचल निरीक्षक एवं उनके सहयोगी

गिरिडीह (Giridih)। गिरिडीह जिले के बेंगाबाद अंचल कार्यालय के अंचल निरीक्षक रिश्वत लेते एसीबी की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके साथ उनके एक सहयोगी को भी गिरफ्तार किया गया है।


बेंगाबाद अंचल कार्यालय में अंचल निरीक्षक के पद पर कार्यरत सुरेन्द्र यादव को धनबाद एसीबी की टीम ने गुरुवार को तहसील कचहरी में छह हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ धर दबोचा। वहीं मौके से एसीबी की टीम ने उनके एक सहयोगी मुकेश कुमार को भी गिरफ्तार किया है।



बताया गया कि जमीन की म्यूटेशन कराने आये व्यक्ति से सीआई ने रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निरिधक ब्यूरो (एसीबी) से की थी। एसीबी की टीम ने गुरूवासर को अपना जाल बिछाया। जिसकी गिरफ्त में सीआई सुरेन्द्र यादव और उनके सहयोगी मुकेश कुमार आ गये। धनबाद एसीबी की टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर सभी कागजी प्रक्रिया पूरी कर अपने साथ धनबाद ले गयी। इस दौरान अंचल कार्यालय में लोगों की भीड़ उमड़ी दिखी। काफी लोग एसीबी की इस कार्रवाई का प्रत्यक्ष गवाह बने। 



वहीं दूसरी ओर बेंगाबाद अंचल कार्यालय में एसीबी की टीम द्वारा छापेमारी कर सीआई और उनके सहयोगी को गिरफ्तार करने की इस कार्रवाई के बाद पूरे जिले में ह्ड़कंप मच गया है।


साइबर पुलिस ने किया दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार

गिरिडीह (Giridih)। गिरिडीह की साइबर पुलिस ने दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार साइबर अपराधियों में रोहित कुमार शर्मा एवं रंजीत कुमार यादव शामिल है। दोनों अपराधी जमुआ थाना क्षेत्र के प्रतापपुर के निवासी हैं। उनके पास से पुलिस ने 02 मोबाइल, 08 सिम एवं 01 मोटरसाइकिल बरामद किया है। उक्त जानकारी साइबर डीएसपी आबिद खॉ ने दी।


उन्होंने बताया कि गिरिडीह एसपी डॉ बिमल कुमार को प्रतिबिम्ब पोर्टल के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि ताराटाड़ जाने वाली मुख्य सड़क स्थित उसरी नदी पुल के पास झाड़ी में कुछ साइबर अपराधियों द्वारा फोन के माध्यम से ठगी किया जा रहा है।


उपरोक्त सूचना के आलोक में साईबर डीएसपी आबिद खॉ के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया। छापेमारी दल में साइबर थाना प्रभारी के पु०नि० रामेश्वर भगत, पु०नि० चन्द्रनाथ उरॉव, पु०नि० दिनेश कुमार, स०अ०नि० गजेंद्र कुमार, हवलदार तेजनरायण प्रसाद एवं आरक्षी धनश्याम पिगुआ व हकिमुद्वीन अंसारी शामिल थे। छापामारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो साइबर अपराधियों रोहित कुमार शर्मा (उम्र 19वर्ष) पिता किशोरी ठाकुर एवं रंजीत कुमार यादव (उम्र करीब 26 वर्ष) पिता हरिहर यादव को गिरफ्तार किया है।



उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि ये फोनपे, गुगल पे पर रेंडम मो० नं० डाल कर UPI से लिंक एकांउट पाने पर उक्त मोबाइल पर कॉल कर उन्हें अपने झासे में लेकर ठगी करते है एवं Lotus Ne नाम के ऑनलाईन गेमिंग रैप के माध्यम से साइबर ठगी के पैसा को खाते में Withdraw करवा लेते है। बताया कि इस बवत साइबर थाना कांड सं0-41/2025 दिनांक-17.12.2025 में दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया है।


आज 18 दिसम्बर ! क्या कहते हैं सितारे..कैसा रहेगा दिन.! जानिए अपना राशिफल और आज का पञ्चाङ्ग

आज का राशिफल :: 18: 12 :: 2025, गुरुवार

18 दिसम्बर 2025 : आज पौष माह, कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि और गुरुवार दिन है। दिसंबर का महीना शांति, उत्सव और आध्यात्मिक उमंग से भरा हुआ माना जाता है। जैसे-जैसे वर्ष अपने अंतिम चरण में प्रवेश करता है, प्रकृति भी ठंडी हवाओं, मधुर धूप और शांत वातावरण के साथ एक नया संतुलन लेकर आती है। यह समय हेमंत ऋतु की स्थिरता और शीत ऋतु की शुरुआत का प्रतीक होता है। धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी दिसंबर अत्यंत विशेष महीना माना जाता है, क्योंकि इस दौरान उत्पन्न एकादशी, मोक्षदा एकादशी, धानुर्मास की शुरुआत, गीता जयंती और क्रिसमस जैसे महत्वपूर्ण पर्व मनाए जाते हैं। इस महीने भगवान विष्णु की आराधना, दान, तप और साधना का विशेष महत्व माना जाता है। साल के अंतिम महीने में लोग नए वर्ष की तैयारियों, आध्यात्मिक साधना और परिवार के साथ समय बिताने पर विशेष ध्यान देते हैं। समृद्धि, शांति और शुभ फल प्राप्त करने के लिए यह महीना बेहद मंगलकारी माना जाता है।

चतुर्दशी तिथि आज रात पार कर 19 दिसम्बर अहले सुबह 04:59 AM, तक जारी रहेगी। इसके बाद अमावस्या तिथि लग जाएगी। आज के दिन अभिजीत मुहूर्त 11:57 AM से 12:38 PM तक है। आज के दिन राहुकाल 01:35 PM से 02:53 PM तक रहेगा। आज गुरूवार दिन है। इस दिन सूर्य देव धनु राशि में रहेंगे। वहीं चंद्रमा वृश्चिक राशि में रहेंगे। आज मासिक शिवरात्रि है। वार के हिसाब से आप गुरूवार का व्रत रख सकते हैं, जो भगवान विष्णु को समर्पित होता है। गुरुवार के दिन दूध में केसर या हल्दी मिलाकर पीने से कुंडली में गुरु की स्थिति मजबूत होती है। जीवन में सकारात्मकता बनी रहती है। इस दिन शिवजी का अभिषेक करने से घर में सुख-समृद्धि आती है। नकारात्मकता दूर करने के लिए घर के मुख्य द्वार पर जल में हल्दी और गंगाजल मिलाकर छिड़काव करना चाहिए। 'ऊं क्लीं बृहस्पतये नम:' मंत्र का 108 बार जाप करने से बृहस्पति देव की कृपा प्राप्त होती है। साथ ही गुरु दोष से राहत मिलती है। भगवान विष्णु की पूजा और विष्णु स्तोत्र या सहस्रनाम का पाठ करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इसके अलावा गाय को चने की दाल और गुड़ खिलाने से भी गुरु मजबूत होता है और जरूरी कार्यों में सफलता मिलती है।

                    जय श्री चित्रगुप्त भगवान

आज गुरुवार के दिन को हिंदू धर्म में अत्यंत ही शुभ और पवित्र दिन माना जाता है। इस दिन की ज्योतिष और धार्मिक दृष्टि से विशेष मान्यता है। बृहस्पति ग्रह का ये दिन गुरु, ज्ञान, धर्म और शुभता का प्रतीक होता है। इस दिन वार के हिसाब से आप गुरूवार का व्रत रख सकते हैं, जो भगवान विष्णु को समर्पित है। धार्मिक मान्यता है कि गुरुवार का दिन जगत के पालनहार भगवान विष्णु का होता है तथा इस दिन व्रत रखने से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आती है। महिलाएं और पुरुष इस दिन व्रत रखते हैं, पीले वस्त्र पहनते हैं, पीले खाद्य पदार्थों का सेवन करते हैं और पीले फूलों से भगवान श्री हरि के अवतारों की पूजा करते हैं। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, जिनकी कुंडली में बृहस्पति ग्रह कमजोर होता है, उनके लिए गुरुवार का व्रत करना, भगवान विष्णु का पूजन करना और केले के पेड़ की आराधना करना सुखदायक हो सकता है। इससे न केवल ग्रह दोष कम होते हैं, बल्कि जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और मानसिक संतुलन भी बना रहता है। गुरुवार का दिन आध्यात्मिक दृष्टि से भी अत्यंत ही लाभकारी होता है। ये आत्म चिंतन, गुरुओं की सेवा और धार्मिक ग्रंथों के अध्ययन के लिए उपयुक्त माना जाता है।आज के दिन को चित्रगुप्तवार भी कहते है। यह दिन ब्रम्हा जी के काया से उत्पन्न भगवान श्री चित्रगुप्त का दिन है। आज के दिन संसार के समस्त प्राणियों के कर्मों का लेखा जोखा रखने वाले भगवान चित्रगुप्त की पूरे विधि विधान से पूजा अर्चना करें। चित्रगुप्त स्तुति एवं चित्रगुप्त चालीसा का पाठ करें। भगवान चित्रगुप्त की पूरे भक्ति भाव से आरती करें। आपके सभी कष्टों का निवारण होगा। घर मे सुख समृद्धि आयेगी। आपके यश और कृति में वृद्धि होगी। दिन शुभ व मंगलमय होगा।



आज का पंचांग: 18 दिसम्बर 2025, दिन: गुरुवार      युगाब्द      : 5127         विक्रम संवत : 2082         शक संवत : 1947         ऋतु:  हेमन्त                      मास     :  पौष                पक्ष  :  कृष्ण पक्ष        सूर्योदय : 07: 08 AM,    सूर्यास्त : 05:28 PM  तिथि : चतुर्दशी 04:59 AM तक उपरांत अमावस्या।  नक्षत्र : अनुराधा 08:06 PM तक उपरांत ज्येष्ठा।        राहुकाल : 01: 35 PM से 02: 53 PM तक              चन्द्रमा :  वृश्चिक राशि पर संचार करेगा                     व्रत/त्यौहार : गुरुवार व्रत, चित्रगुप्तवार, भगवान चित्रगुप्त पूजन दिवस, मास शिवरात्रि



आज :: 18 :: 12 :: 2025  का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ): आज आपको अपनी कीमत का एहसास हो सकता है। किसी भी बात को लेकर जल्दबाजी न करें। ऐसी स्थितियों से बचें जिनसे आपको असहज महसूस हो। अपने जीवनसाथी के साथ निजी समस्याएं शेयर करने से आपका मानसिक बोझ हल्का होगा। जो लोग रोमांटिक रिलेशनशिप में हैं, वे आज अपने पार्टनर के साथ बहुत खुश रहेंगे। आज महिलाओं के लिए हरा रंग बहुत शुभ रहेगा। आज आपका लकी नंबर 4 है। आर्थिक लाभ के लिए आज अपना काम समय पर पूरा करें। रेस्टोरेंट बिजनेस में निवेश करने से आपको फायदा हो सकता है। रिटेल व्यापारियों को सलाह दी जाती है कि वे ग्राहकों के साथ झगड़ों से बचें। आज अपने काम पर ध्यान दें और एक्टिव होकर काम करें।


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो): आज आप खुश रहेंगे। आपको दोस्तों के साथ किसी अच्छे मौके का जश्न मनाने और खूब मस्ती करने का मौका मिलेगा। परिवार के किसी युवा सदस्य का व्यवहार आपको परेशान कर सकता है; स्थिति को समझदारी से संभालें। आप अपने जीवनसाथी के साथ कुछ खास पल बिताएंगे। प्यार में छोटी-छोटी शरारतें आपके रिश्ते को और गहरा करेंगी। आज आपका लकी नंबर 8 है। आज आप आर्थिक मामलों के बारे में ज़्यादा सोच-विचार कर सकते हैं। किसी को पैतृक संपत्ति मिल सकती है। हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में काम करने वालों के लिए दिन फायदेमंद रहेगा। ऑफिस के काम में अपना ध्यान कमजोर न होने दें। जो लोग विदेशी कंपनियों में नौकरी के लिए अप्लाई करना चाहते हैं, उनके लिए दिन शुभ है।


मिथुन👫(का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा): आज अपने माता-पिता से कुछ छिपाने की कोशिश करना सही नहीं होगा। कोई आपके घर आपकी शादी की बात करने आ सकता है। कीमती सामान चोरी होने की संभावना है, इसलिए सावधान रहें। आपके व्यवहार से आपका जीवनसाथी खुश रहेगा। सिंगल लोग एक नई दुनिया में कदम रखने का फैसला कर सकते हैं। आज आपका लकी नंबर 8 है। आज कमाई के लिए अच्छा दिन है। अपने बिजनेस में अभी जो हो रहा है, उस पर ध्यान दें। प्रॉपर्टी के मामलों में दिन अच्छा रहेगा। अपनी प्रोफेशनल लाइफ में आप अपना बेस्ट दे रहे हैं और दिखा रहे हैं कि आप कितने पैशनेट और इंटेलिजेंट हैं। आज डिजाइनर्स के डिजाइन की तारीफ होगी।



कर्क🦀(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो) : आज आपके लिए नए अवसर आएंगे। जो लोग गाड़ी खरीदने की योजना बना रहे हैं, वे जल्द ही ऐसा कर पाएंगे। आज आपको गुस्सा करने से बचना चाहिए। शादीशुदा लोग महसूस करेंगे कि वे अपने रिश्ते में एक अच्छी जगह पर हैं। अकेलेपन को दूर करने के लिए जल्दबाजी में किसी रिश्ते में न पड़ें। आज आपका लकी रंग हल्का नीला है। आज आपका लकी नंबर 3 है। पैसे से जुड़े काम आज प्रभावित हो सकते हैं। आज प्रॉपर्टी के मामले में आपका दिन बहुत अच्छा रहेगा; धैर्य रखें। बिज़नेस में नए क्लाइंट मिल सकते हैं, जिससे प्रॉफ़िट बढ़ाने में मदद मिलेगी। आपके परफॉर्मेंस के आधार पर प्रमोशन की संभावना है, और आपकी सैलरी बढ़ सकती है। कला में रुचि रखने वालों के लिए आज का दिन अच्छा रहेगा।


सिंह🦁(मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे): आज का दिन आपके लिए शुभ रहेगा। परिवार के छोटे सदस्यों से मदद मिलने की संभावना है। अपनी परेशानियाँ सबके साथ शेयर न करें; कोई इसका फ़ायदा उठा सकता है। शादीशुदा लोग अपने शादीशुदा जीवन से संतुष्ट दिखेंगे। प्रेम संबंध अनुकूल रहेंगे। आज आपका लकी नंबर 9 है।आज एक नई बिज़नेस डील फ़ाइनल हो सकती है, जिससे आपको काफ़ी प्रॉफ़िट होगा, जो आपको खुश करेगा। प्रॉपर्टी से जुड़े मामलों को सावधानी से संभालने की ज़रूरत है। ऑफ़िस के माहौल में, अपने सहकर्मियों पर ज़्यादा निर्भर रहने के बजाय अपनी बुद्धि का इस्तेमाल करें।


कन्या👩(टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो): आज किस्मत आपके साथ रहेगी। जिस व्यक्ति को आप खुश करने की कोशिश कर रहे हैं, उसके साथ आपको सब कुछ शेयर करते रहना होगा। शादीशुदा लोगों को एक-दूसरे के प्रति समर्पण और सम्मान बनाए रखना चाहिए। जो लोग रोमांस पसंद करते हैं, वे कहीं घूमने का प्लान बना सकते हैं। अगर आप किसी से प्यार करते हैं, तो आज का दिन आपके रिश्ते में खूबसूरती लाएगा। आज आपका लकी नंबर 2 है। आज आप दूसरों को सलाह देकर पैसे कमा सकते हैं। आप अपने बिज़नेस को किसी दूसरे फ़ील्ड में भी बढ़ा सकते हैं। कामकाजी महिलाओं को छोटा बिज़नेस शुरू करने के लिए अपने परिवार से सपोर्ट मिल सकता है। नौकरीपेशा लोगों को आलोचना से प्रभावित नहीं होना चाहिए; आपकी काबिलियत और कड़ी मेहनत को नकारा नहीं जा सकता।



तुला⚖️(रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते): आज अपना समय फालतू की गतिविधियों में बर्बाद न करें। कपड़ों और गहनों पर ज़्यादा खर्च करने से बचें। जो लोग संयुक्त परिवार में रहते हैं, उन्हें अनजाने में किसी से भी बहस करने से बचना चाहिए। शादीशुदा जोड़े एक-दूसरे को बहुत ही दिलचस्प तरीके से समझेंगे। प्रेम संबंधों में आपके प्रयासों के सकारात्मक परिणाम मिलेंगे। आज आपका भाग्यशाली अंक 6 है। आज लोन और कर्ज़ से दूर रहें। दिन व्यापार में प्रगति के लिए अनुकूल है। अपने काम पर ध्यान केंद्रित रखें। नौकरीपेशा लोगों के लिए ट्रांसफर की मांग करने से बचना सबसे अच्छा होगा। इस राशि के इंजीनियर अगर अपने अनुभव का सही दिशा में इस्तेमाल करेंगे तो उन्हें निश्चित रूप से सफलता मिलेगी।


वृश्चिक🦂(तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू): आज सभी सितारे आपके पक्ष में हैं। आप अपने खाली समय का कुछ हिस्सा दान-पुण्य के कामों में लगा सकते हैं; आपको शांति महसूस होगी। परिवार के छोटे बच्चे आज कुछ मांगें कर सकते हैं, जिन्हें आप पूरा करने की पूरी कोशिश करेंगे। आज आप अपने पार्टनर के प्रति अपने प्यार का इज़हार कविता के ज़रिए कर सकते हैं। शादीशुदा जोड़ों का घरेलू जीवन बहुत खूबसूरत रहेगा। आज आपका भाग्यशाली अंक 5 है। आज मिलने वाले अवसरों को मुनाफे में बदलने की कोशिश करें। लोहा और प्लास्टिक का व्यापार करने वालों को प्रमोशन और विज्ञापन पर ध्यान देना चाहिए। अच्छी खबरें आती रहेंगी, इसलिए वही काम करें जिनके सफल होने का आपको भरोसा हो। आप कार्यस्थल पर अपनी छिपी प्रतिभाओं को सामने ला पाएंगे।


धनु🏹(ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा,भे): ऐसा लगता है कि आज आपको भाग्य का भरपूर साथ मिल रहा है। परिवार के किसी युवा सदस्य को नौकरी मिलने की संभावना है। आज आपको परिवार के किसी सदस्य के लिए कुछ पैसों का इंतज़ाम करना पड़ सकता है। अपने जीवनसाथी के साथ किसी भी तरह के विवाद से बचना आपके लिए शुभ रहेगा। अपने पार्टनर की सभी गलतियों को नज़रअंदाज़ करें। आज आपका भाग्यशाली अंक 6 है। आज आपका बैंक बैलेंस बढ़ेगा। छोटे व्यापारियों को आज कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। आपके करियर से जुड़ा एक सकारात्मक दौर शुरू हो गया है; इसका ज़्यादा से ज़्यादा फायदा उठाने की कोशिश करें। आज आपको अपने काम करने के तरीके की वजह से ऑफिस में बहुत सराहना मिलेगी।



मकर🐊(भो,जा,जी,खी,खू,खा, खो,गा,गी): आज तांबे के बर्तन से सूर्य देव को जल चढ़ाना आपके लिए फायदेमंद रहेगा। यह आपके शौक या जुनून को आगे बढ़ाने का अनुकूल अवसर है; आगे बढ़ने की कोशिश करें। आपके जीवनसाथी का भावनात्मक सहयोग आपकी कार्यक्षमता को नई ऊर्जा देगा। अगर आप किसी नए रिश्ते में हैं, तो आपको उसे समय देना होगा। आज आपका भाग्यशाली रंग हरा है। आज आपका लकी नंबर 4 है। आर्थिक रूप से सुरक्षित रहने के लिए आपको सोच-समझकर खर्च करना चाहिए। जो लोग ऑनलाइन काम शुरू करना चाहते हैं, वे आज कर सकते हैं; दिन अनुकूल है। आपके बिज़नेस में एक बड़े बदलाव की ज़रूरत हो सकती है। प्रमोशन के अवसरों की उम्मीद करें। दोस्तों की मदद से नौकरी की समस्याएँ हल हो जाएँगी।


कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा): आज का दिन आपके भाग्य के लिए अच्छा रहेगा। अनावश्यक खरीदारी से बचें। अपने बड़ों और गुणी लोगों का सम्मान करने में सबसे आगे रहें। अगर आप सिंगल हैं, तो बाहर जाएँ और किसी ऐसे व्यक्ति से जुड़ें जिसकी ओर आप आकर्षित हैं। आपका वैवाहिक जीवन सामान्य रहेगा। आज आपका लकी रंग पीला है। आज आपका लकी नंबर 7 है। आज आपके पास गुप्त रूप से पैसा आ सकता है। बिज़नेस के मामलों में किसी पर भरोसा न करें और सभी फैसले खुद लें। आपको अपने काम के क्षेत्र में उच्च पद हासिल करने का लक्ष्य रखना चाहिए। शिक्षकों को अपने ज्ञान को और अपडेट करने की योजना बनानी चाहिए।


मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची): आज आप अपनी इच्छाओं को व्यक्त करने में स्वतंत्र महसूस करेंगे। आप अपने आस-पास की परिस्थितियों में कुछ बदलाव महसूस करेंगे। आपके प्रेम जीवन में एक रोमांचक नया दौर शुरू होने वाला है। आज शाम आपके वैवाहिक जीवन में रंगीन हो सकती है। आज आपका लकी नंबर 1 है। आज आपको किसी प्रिय मित्र को वित्तीय सहायता देनी पड़ सकती है। अपने वरिष्ठ सदस्यों से सलाह लेने के बाद ही निवेश करें। बिज़नेस में लाभदायक अवसर सामने आएंगे। अपने बिज़नेस में लगन से काम करें। अपनी मौजूदा नौकरी में शानदार प्रदर्शन करके आप पेशेवर ऊंचाइयों पर पहुँच सकते हैं।



कृपया ध्यान दें👉

           यद्यपि शुद्ध राशिफल प्रसारण की पूरी कोशिश की गई है। प्रसारित राशिफलों में कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।

           🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷


बुधवार, 17 दिसंबर 2025

पीरटांड़ में हाथियों ने मचाया उत्पात, दो घरों को क्षतिग्रस्त कर फसल व अनाज किया बर्बाद

गिरिडीह(Giridih)। जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र में हाथियों ने एक बार फिर भारी उत्पात मचाया है। हाथियों के झुंड ने गांव में घुसकर दो घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया, वहीं घरों में रखे अनाज और खेतों में लगी आलू की फसल को पूरी तरह बर्बाद कर दिया।


मंगलवार की रात चार हाथियों का झुंड पालगंज पंचायत के रातडीह गांव में घुस आये। हाथियों ने पहले खेतों में लगे आलू के फसल को रौंदा फिर घरों को निशाना बनाया। इस दौरान हाथियों ने रसिक सोरेन और बड़की देवी के घरों को पूरी तरह ध्वस्त कर घर मे रखे धान को चट कर गए।


घटना की सूचना मिलने पर बुधवार सुबह वन विभाग के कर्मी गांव पहुंचे और क्षति का जायजा लिया। विभाग लोगों ने सभी पीड़ित परिवारों को विभाग की ओर से उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।

चोरों ने हनुमान मंदिर को बनाया निशाना, इनवर्टर-बैटरी और लाउडस्पीकर सेट ले भागे

गिरिडीह (Giridih)।  जिले के तिसरी थाना क्षेत्र के पालमो गांव स्थित हनुमान मंदिर में मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।  रात के समय जब पूरा गांव सो रहा था, तभी चोरों ने सन्नाटे का फायदा उठा  मंदिर का ताला तोड़ अंदर घुस चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने मंदिर के अंदर रखे इनवर्टर, बैटरी, साउंड बॉक्स तथा बाजा मशीन सेट चोरी कर लिया।


बुधवार की सुबह जब मंदिर के पुजारी पूजा-अर्चना करने पहुंचे तो उन्होंने मंदिर का ताला टूटा पाया और अंदर का सारा सामान बिखरा एवं इनवर्टर, बैटरी समेत अन्य उपकरण गायब पाया। उन्होंने गांव वालों को इसकी सूचना दी। मंदिर में चोरी की खबर जंगल मे लगी आग की तरह पूरे गांव में फैल गयी।  देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण हनुमान मंदिर परिसर में एकत्र हो गए।ग्रामीणों ने इसकी सूचना तिसरी थाना को दी। सूचना मिलते ही तिसरी थाना प्रभारी रंजय कुमार सदलबल मंदिर पहुंचे और घटना सारी वस्तु स्थिति से अवगत हुए।


मंदिर के पुजारी गुरुदत्त पांडेय, मुखिया इब्राहिम अंसारी, गौतम सिंह, संतोष यादव, दशरथ यादव, अजय तुरी, नारायण शर्मा, कौशल यादव आदि ग्रामीणों ने थाना को आवेदन देकर जल्द से जल्द घटना का उद्भेदन कर चोरों को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की। 


दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, दो की मौत, एक गंभीर

गिरिडीह (Giridih)। जिले के निमियाघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत इसरी बाजार के समीप मंगलवार रात दो मोटरसाइकिलों की बीच आमने-सामने टक्कर हुई। दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार रंगामाटी निवासी हैदर अली अपनी बाइक से इसरी बाजार की ओर जा रहा था, जबकि गुरुटांड निवासी राहुल महतो इसरी से डुमरी की ओर आ रहा था। इसी दौरान इसरी बाजार के पास दोनों बाइकों में आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतना जबरदस्त था कि दोनों ही बाइक सवार लोग सड़क पर गिर कर गम्भीर रूप से घायल हो गये। 


घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने आनन फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल डुमरी पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान हैदर अली एवं रांगामाटी गांव का दामाद बोकारो जिले के पेंक गांव निवासी किशन ठाकुर ने दम तोड़ दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक राहुल महतो को चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए धनबाद पीएमसीएच रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर निमियाघाट थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची और दोनों मृतकों के शव को अपने कब्जे में लेकर थाने चली गयी और आज सुबह उसे पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया।


समाज कल्याण विभाग द्वारा स्नेहदीप वृद्ध आश्रम के बुजुर्गों के बीच किया गया कंबल वितरण

गिरिडीह Giridih)। बढ़ते ठंड और शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग द्वारा बुधवार को स्नेह  वृद्ध आश्रम में रह रहे वृद्धों के बीच कम्बल वितरण किया।


जिला समाज कल्याण पदाधिकारी विनोद कुमार सिंह की अगुवाई में विभाग के लोगों ने गिरिडीह परिषदन भवन के समीप जिला जनसम्पर्क कार्यालय के सामने   स्थित स्नेहदीप वृद्ध आश्रम पहुंचे और वहां निवास कर  रहे 24 बुजुर्गों के बीच कंबल का वितरण किया।


समाज कल्याण पदाधिकारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि ठंड को देखते हुए विभाग द्वारा बुजुर्गों के बीच कंबल का वितरण किया गया। साथ ही वृद्ध आश्रम में वृद्धों को मिल रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने निरीक्षण कर दौरान वहां की व्यवस्थाओं के प्रति संतुष्टि जाहिर की। 


ट्रक और ट्रेलर में भीषण टक्कर, हादसे में दोनों वाहनों के चालक खलासी समेत तीन घायल

दुर्घटना में ट्रेलर चालक केबिन में फंस गया जिसे काफी मशककत के बाद सुरक्षित निकाला गया


गिरिडीह (Giridih)। बगोदर- बिष्णुगढ़ मेन रोड पर उपरैली बोदरा के पास मंगलवार देर रात एक ट्रक और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतना जबरदस्त था कि दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालक और खलासी समेत तीन लोग घायल हो गए।


टक्कर की आवाज सुन बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुटी गयी। लोगों ने अपनी सूझ बूझ और तत्परता दिखाते हुए वाहनों में लगी आग को समय रहते बुझा लिया। वहीं हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन बाधित हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बगोदर थाना प्रभारी विनय कुमार यादव और बिष्णुगढ़ थाना प्रभारी सपन कुमार महथा सदलबल घटनास्थल पहुंचे।


हादसे में ट्रेलर का ड्राइवर केबिन में फंस गया था, जिसे निकालने के लिए कटर मशीन की मदद ली गई। लगभग दो घण्टे की कड़ी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाल उसे इलाज हेतु बगोदर सीएचसी भेजा गया। वहीं दो अन्य घायलों को इलाज हेतु बिष्णुगढ़ अस्पताल भेजा गया है।



फेक फेसबुक आईडी बना दस हजार रूपये ठगी मामले में साईबर थाना में आवेदन देकर किया कार्रवाई की मांग

गिरिडीह (Giridih)। गिरिडीह के सेंट्रलपीट निवासी अधिवक्ता सह झामुमो जिला सह सचिव दिलीप कुमार रजक ने साइबर थाना में आवेदन देकर बताया है कि साईबर अपराधी ने उनका फोटो लगा दिलीप भाई नामक फेक फेसबुक आईडी बनाकर उनके फेसबुक फ्रेंड से दस हजार रूपये ठग लिया है। आवेदन में उन्होंने यह भी बताया है कि साइबर अपराधी उनके जितने भी फेसबुक फ्रेंड हैं उन सबों को मैसेंजर में मैसेज भेज कर उनसे भी रुपये की मांग कर रहे हैं।


आवेदन में बताया है कि अपराधी द्वारा भेजे जा रहे उनके फेसबुक फ्रेन्डों के मेसेज में यह कहा जा रहा है कि अभी मैं (दिलीप भाई) साऊथ अफ्रीका में हूं, मैं यहां फंस गया हूं, मुझे दस हजार रूपये की जरूरत है, तुरंत भेजो। यह भी कहा जा रहा है कि ये बात किसी को बताना नहीं। कतिपय लोग जो साईबर अपराध से बिल्कुल अंजान हैं वो बिना मुझे फोन किये साईबर अपराधी के चंगुल में फंस कर पैसा भेज दे रहे हैं। रजक ने बताया कि उनके एक मित्र महेश प्रसाद से साईबर अपराधी ने मंगलवार को दस हजार रुपए ठग लिये हैं।दिलीप कुमार रजक ने साईबर थाना की पुलिस से इस मामले में उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग किया है।


 दिलीप रजक ने अपने मित्रों से अनुरोध किया है कि दिलीप भाई नामक इस फेक आईडी से यदि किसी को फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट जाता है तो कृपया एक्सेप्ट नहीं करें। पैसा की मांग करे तो नहीं दें। कहा कि साईबर क्रिमिनल्स लोगों को ठगने के लिए रोज नये नये तरीके अपनाते हैं। वे इतने सातिर होते हैं कि कोई ना कोई उनके चंगुल में फंस ही जाता है। उन्होंने अपने मित्रों समेत आम जनता से साईबर अपराध के प्रति जागरूक रहने और उनकी चिकनी चुपड़ी बातों में आकर उनके में चंगुल में नहीं फंसने का अनुरोध किया है।




जिला परिवहन पदाधिकारी के अगुवाई में मुफ्फसिल थाना के समीप चला वाहन जांच अभियान

गिरिडीह (Giridih)। मुफ्फसिल थाना के समीप आज वाहन जांच अभियान चलाया गया। जिसमें दुपहिया व चार पहिया वाहनों के साथ ऑटो-टोटो चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच, वाहनों के कागजातों की जांच के अलावे दुपहिया वाहन चालकों का हेलमेट एवं चार पहिया वाहन चालकों का सीट बेल्ट की जांच की गई।


इस दौरान कई वाहनों का चालान काटा गया और कई को सख्त आवश्यक हिदायत देकर छोड़ा गया। इस जांच अभियान का नेतृत्व स्वंय जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार कर रहे थे। उनके साथ मोटर यान निरीक्षक समेत मुफ्फसिल थाना के कई पुलिस जवान मौजूद थे।


मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करते हुए वाहन चलाना चाहिये। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दो पहिया और चार पहिया वाहनों के चालकों को बगैर ड्राइविंग लाइसेंस का वाहन नहीं चलाना चाहिये। दुपहिया चालकों को हेलमेट और चार पहिया चालकों को सीट बेल्ट अवश्य लगाना चाहिये। यह उनकी सुरक्षा के लिये है। उन्होंने बताया कि आज नियम उलंघन करने वाले लगभग 45 वाहनों का चालान काटा गया है।