गुरुवार, 3 जुलाई 2025

आज 03 जुलाई ...क्या कहते हैं आपके सितारे...कैसा रहेगा आपका दिन...! जानिए अपना राशिफल

आज का राशिफल :: 03: 07 :: 2025, गुरुवार

03 जुलाई 2025 : आज आषाढ़ शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि और गुरुवार दिन है। अष्टमी तिथि आज दोपहर 2 बजकर 7 मिनट तक रहेगी। उसके उपरांत नवमी तिथि लग जायेगी। आज शाम 6 बजकर 36 मिनट तक परिघ योग रहेगा। साथ ही आज दोपहर 1 बजकर 51 मिनट तक हस्त नक्षत्र रहेगा। इसके आलावा आज श्री दुर्गाष्टमी व्रत है। धार्मिक दृष्टि से आज का दिन बेहद खास है। माता दुर्गा की उपासना और व्रत से आज श्रद्धालुओं को विशेष पुण्य लाभ प्राप्त होता है। 

श्री दुर्गाष्टमी व्रत—माता दुर्गा की आराधना के लिए अति शुभ दिन। इस दिन विशेष रूप से दुर्गा अष्टोत्तर शतनाम, दुर्गा सप्तशती या देवी कवच का पाठ किया जाता है। आज मां दुर्गा के अष्ट रूपों का पूजन करें और लाल वस्त्र, लाल फूल व नैवेद्य अर्पित करें। व्रती उपवास रखकर दुर्गा चालीसा या सप्तशती का पाठ कर सकते हैं। दान-पुण्य का भी यह श्रेष्ठ अवसर है। विशेषकर कन्या पूजन या गरीबों को अन्नदान शुभ रहेगा। आज की तिथि के स्वामी काल भैरव को समर्पित होती है।

आज गुरुवार है, हिंदू धर्म में गुरुवार के दिन को अत्यंत ही शुभ और पवित्र दिन माना जाता है। इस दिन की ज्योतिष और धार्मिक दृष्टि से विशेष मान्यता है। बृहस्पति ग्रह का ये दिन गुरु, ज्ञान, धर्म और शुभता का प्रतीक होता है। इस दिन व्रत रखने, पूजा-अर्चना करने तथा भगवान विष्णु और बृहस्पति देव की आराधना से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आती है। धार्मिक मान्यता है कि यह गुरुवार का दिन जगत के पालनहार भगवान विष्णु का होता है तथा इस दिन व्रत रखने से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आती है। महिलाएं और पुरुष इस दिन व्रत रखते हैं, पीले वस्त्र पहनते हैं, पीले खाद्य पदार्थों का सेवन करते हैं और पीले फूलों से भगवान श्री हरि के अवतारों की पूजा करते हैं।

 ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, जिनकी कुंडली में बृहस्पति ग्रह कमजोर होता है, उनके लिए गुरुवार का व्रत करना, भगवान विष्णु का पूजन करना और केले के पेड़ की आराधना करना सुखदायक हो सकता है। इससे न केवल ग्रह दोष कम होते हैं, बल्कि जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और मानसिक संतुलन भी बना रहता है। गुरुवार का दिन आध्यात्मिक दृष्टि से भी अत्यंत ही लाभकारी होता है। ये आत्म चिंतन, गुरुओं की सेवा और धार्मिक ग्रंथों के अध्ययन के लिए उपयुक्त माना जाता है।

आज के दिन को चित्रगुप्तवार भी कहते है। यह दिन ब्रम्हा जी के काया से उत्पन्न भगवान श्री चित्रगुप्त का दिन है। आज के दिन संसार के समस्त प्राणियों के कर्मों का लेखा जोखा रखने वाले भगवान चित्रगुप्त की पूरे विधि विधान से पूजा अर्चना करें। चित्रगुप्त स्तुति एवं चित्रगुप्त चालीसा का पाठ करें। भगवान चित्रगुप्त की पूरे भक्ति भाव से आरती करें। आपके सभी कष्टों का निवारण होगा। घर मे सुख समृद्धि आयेगी। आपके यश और कृति में वृद्धि होगी। दिन शुभ व मंगलमय होगा।



आज का पंचांग: 03 जुलाई 2025, दिन : गुरुवार  युगाब्द      : 5127     विक्रम संवत : 2082       

 शक संवत : 1947     ऋतु :  ग्रीष्म  मास         :  आषाढ़    पक्ष  :  शुक्ल पक्ष         सूर्योदय : 05: 27 AM, सूर्यास्त : 07: 23 PM    तिथि : अष्टमी 02:07 PM तक उपरांत नवमी

नक्षत्र : हस्त 01:51 PM तक उपरांत चित्रा

राहुकाल : 02:11 PM से 03:51 PM  तक

चन्द्रमा : कन्या राशि पर 03:19 AM तक उपरांत तुला राशि पर संचार करेगा                    

व्रत/त्यौहार : गुरुवार व्रत, चित्रगुप्तवार, भगवान चित्रगुप्त पुजन दिवस, मासिक दुर्गाष्टमी व्रत



आज :: 03 :: 07 :: 2025 का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

मेष राशि वाले आज भावनाओं की तीव्रता आपके रिश्तों में गहराई लाएगी। यदि आप किसी के हाल-चाल जानने की सोच रहे हैं तो सहूलियत से पहल करें। उनका समर्थन और खुलापन आपको आश्चर्यचकित कर सकता है। जो पहले आपस में थोड़ी दूरियां थीं, वे मिट सकती हैं।ऑफिस में आपकी स्पष्टता व आत्मविश्वास से सहकर्मी प्रभावित होंगे। यह समय नई जिम्मेदारियां संभालने और छोटे-छोटे निर्णय लेने में उपयुक्त है। नेटवर्किंग पर ध्यान दें। छोटा परिचय आज लंबे समय में फायदेमंद हो सकता है। खर्चों पर नियंत्रण की आवश्यकता है। आज अचानक कोई खरीददारी आपकी योजना बिगाड़ सकती है। निवेश से पहले एक बार फिर सोचें और गैर-जरूरी खर्चों से पल्ला झाड़ें। आज शरीर-दिमाग दोनों तनाव से थोड़े कमज़ोर हो सकते हैं, इसलिए योग या ध्यान की मदद से खुद को संतुलित रखें। शाम को थोड़ी टहलना या स्ट्रेचिंग करना फायदेमंद रहेगा।


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)

वृष राशि के लोगों आपके साथी या प्रिय व्यक्ति से आज संवाद अधिक खुलकर होगा। बातचीत में अपनापन महसूस करेंगे। यदि आप सिंगल हैं तो आज किसी नए मित्र के साथ या सामाजिक कार्यक्रम में बातचीत रोमांचक हो सकती है।आपकी प्रतिबद्धता और मेहनत आज सराहेगी। कुछ सहकर्मियों और उच्च अधिकारियों की सकारात्मक टिप्पणियां मिल सकती हैं। लंबी योजना पर काम कर रहे हैं तो इसे साझा करने का समय है।आर्थिक दृष्टि से दिन बेहतर रहेगा। पुरानी बकाया राशि वापस मिलने की संभावना है। लेकिन दोस्तों या परिवार को उधार देने से पहले भविष्य पर भी नजर रखें। भोजन में ताजगी व पौष्टिकता बनाए रखें। दिन में पानी अधिक लें और रात को जल्दी सोने की कोशिश करें। हल्का योग दिनचर्या में ऊर्जा भर देगा।


मिथुन👫(का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

मिथुन राशि वाले आपके रिश्ते में हल्की-फुल्की चंचलता आज उतार-चढ़ाव लाएगी। अपने शब्दों का चयन सोच-समझकर करें ताकि गलतफहमी न हो। अपने साथी के विचारों को स्वतंत्रता दें। आज आपका दिमाग तेज़ और जिज्ञासु रहेगा। किसी नए प्रोजेक्ट या टास्क में हाथ डालना ठीक रहेगा, लेकिन तुरंत निर्णय लेने से पहले तर्क परख लें। अचानक कोई छोटी राशि की इन्कम हो सकती है। बोन्स या कमीशन का रूप हो सकता है। हालांकि, ज़रूरत से ज़्यादा खर्च करने से बचें। सिरदर्द और आंखों में थकान की शिकायत हो सकती है। स्क्रीन समय घटाएं और 20–20–20 नियम अपनाएं (हर 20 मिनट में 20 सेकंड के लिए 20 फीट दूर देखें)।



कर्क🦀(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो))

कर्क राशि के लोगों आपकी संवेदनशीलता आज रिश्तों में समझदारी लाएगी। किसी पुराने मतभेद पर बात करने का उपयुक्त समय है। सतही बातचीत से बचें। गहन स्तर पर जाने की कोशिश करें। कार्यस्थल पर समर्थन मिल सकता है। यदि आप बदलाव की सोच रहे थे। भागीदारी, प्रमोशन अथवा नई रणनीति। तो यह पहल करें। निवेश योजनाएं आज आपके फायदे में रहेंगी। यदि आपके पास अतिरिक्त फंड हो तो सावधानी से समग्र योजना बनाएं। जल्दबाजी में कोई बड़ा निर्णय न लें। मानसिक रूप से थोड़ी थकान महसूस हो सकती है। आपके विश्राम की भावना मजबूत करनी होगी। गहरी सांस की प्रैक्टिस और सुबह की हलके व्यायाम से राहत मिलेगी।


सिंह🦁(मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

सिंह राशि के लोगों आपका आकर्षण आज चरम पर रहेगा। यदि आप नया रिश्ता शुरू करना चाहते हैं तो थोड़े सेल्फ-कंट्रोल से बातचीत बेहतर दिशा में जाएगी। आज आपके नेतृत्व गुण सामने आएंगे। टीम मीटिंग, प्लेटफॉर्म प्रस्तुतिकरण या परियोजना नेतृत्व में सफल साबित होंगे। दूसरों को प्रेरित करने का मौका मिलेगा। खरीददारी करने का मन हो सकता है, लेकिन इम्पल्सिव शॉपिंग से बचें। कुछ दिनों तक सहेजकर रखना बेहतर रहेगा। ऊर्जा अच्छी रहेगी। आखिरी समय तक काम करने की आदत से बचें। आराम के लिए समय निकालें।


कन्या👩(टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

कन्या राशि के लोगों आज कोई छोटी-सी बात होने पर आप चिंतित महसूस कर सकते हैं, लेकिन साथी का भरोसा व सकारात्मक रवैया आपकी चिंता मिटा देगा।डिटेलिंग और विश्लेषणात्मक कार्यों में आज आप अग्रणी होंगे। अपनी क्षमता पर भरोसा रखें और छोटी बातों को नजरअंदाज ना करें। लेन-देन में सतर्क रहें। यदि कोई आपको आकर्षक ऑफर दे रहा हो तो उसकी वैधता चेक करें। आंतरिक स्वास्थ्य पर ध्यान दें। भोजन बदलें और कुछ स्थानीय, ताजे खाने पर ध्यान दें।



तुला⚖️(रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

तुला राशि के लोगों आपकी सौहार्दपूर्ण प्रवृत्ति आज रिश्तों में मेलजोल बढ़ाएगी। व्यक्तिगत समय बिताने से रिश्ता गहरा होगा। टीम के साथ संवाद बेहतर रहेगा, लेकिन निर्णय लेते समय आप विलंब कर सकते हैं। लॉजिक के साथ सोचें और निर्णय लें। सहयोग से आर्थिक रूप से फायदा हो सकता है। साझेदारी या खर्च में सहयोग से संतुलन रहेगा। तनाव से बचें, संगीत सुनें या मित्रों से बात करें। मन की स्थिति सकारात्मक बनाएगी।


वृश्चिक🦂(तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

वृश्चिक राशि के लोगों आपकी गहराई आज रिश्तों में छाएगी। खुलकर अपनी बात कहने से दूरी दूर होगी। संपर्क बनाए रखना कारगर रहेगा। रहस्यों या कुछ नाज़ुक मामलों में आपकी बुद्धिमत्ता काम आएगी। किसी रहस्य को डिस्क्रिप्शन में न लाएं। वैकल्पिक रास्ते खोजने होंगे। अचानक निवेश के मौके सामने आएंगे। चिन्तनपूर्वक कदम उठाएं। ऊर्जा अच्छी रहेगी, लेकिन रात में खाने में संयम रखें।


धनु🏹(ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा,भे)

धनु राशि के लोगों का यात्रा व संपर्क दोनों चरम पर रहेंगे। साथी के साथ विचार साझा करना लाभकारी होगा। जिनका रुचि यात्रा में है, उनके लिए शुभ दिन रहेगा।  नए संपर्क और योजनाएं बनना तय है। ऑफिस में सकारात्मक वातावरण रहेगा और आपकी बातों का प्रभाव रहेगा। विश्वसनीय सलाह पर निवेश करें। कुछ निवेश बढ़िया परिणाम दे सकते हैं।  व्यायाम और खेल पर दिन अच्छा रहेगा। मनोमस्तिष्क मजबूत होगा।



मकर🐊(भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

मकर राशि के लोगों थोड़ी दूरियां रहेंगी, लेकिन सूझ-बूझ से आप रिश्ते में संतुलन बनाए रखेंगे। सहभागी रवैये से बात बनेगी। काम में निरंतरता व अनुशासन आपको आगे ले जाएंगे। अधूरी बातें छोड़कर योजना पर ध्यान दें। पूर्व नियोजित निवेश का लाभ मिल सकता है। नए खाद्य खरीदते समय पैकिंग व गुणवत्ता पर नजर रखें। पीठ, कमर या जोड़ में सूजन या पीड़ा हो सकती है। हलके स्ट्रेच और डॉक्टर की सलाह जरूरी है।


कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

कुंभ राशि के लोगों आपकी मित्रवत प्रवृत्ति संबंधों में मेलजोल बढ़ाएगी। पुराने दोस्तों से संपर्क बन सकता है। आपकी सोच सकारात्मक और अभिनव होगी। नए विचार साझा होने की संभावना है। अचानक खरीददारी न करें। छोटे निवेश लाभ दे सकते हैं। आध्यात्मिक ध्यान व मेडिटेशन आपके मानसिक स्वास्थ्य के लिए उपयुक्त रहेगा।


मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

मीन राशि के लोगों आपकी संवेदनशीलता आज रिश्तों में सकारात्मकता लाएगी। साथी आपकी भावनाओं को समझेंगे। किसी रचनात्मक या कलात्मक पहल से कार्य प्रभावित हो सकता है। आज आप इन क्षेत्रों पर बेहतर करेंगे। खर्चों में सीमितता का समय है। बजट बनाएं और उनका पालन करें। पानी ज़्यादा पिएं और त्वचा-शरीर के लिए पर्याप्त आराम लें।


कृपया ध्यान दें👉

      यद्यपि शुद्ध राशिफल प्रसारण की पूरी कोशिश की गई है। प्रसारित राशिफलों में कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।

        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷


बुधवार, 2 जुलाई 2025

डोभा में डूबने से एक पांच वर्षीय मासूम की गयी जान, परिजनों का रो रो कर हुआ बुरा हाल

गिरिडीह (Giridih)। जिले के बिरनी प्रखंड अंतर्गत बलिया पंचायत के मदनगुंडी गांव में एक पांच वर्षीय मासूम की डोभा में डूबने से मौत हो गयी। मृतक 5 वर्षीय मासूम आर्यन अंसारी गांव के मुस्तकीम अंसारी का इकलौता पुत्र था।


घटना के सम्बंध में मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को आर्यन अपने दोस्तों के साथ डोभा में नहाने गया था। नहाने के क्रम में उसका पैर फिसल गया। जिसर वह गहरे पानी में समा गया और डूबने लगा। आर्यन को डूबता देख सभी बच्चे डर कर अपने घर भाग आये और अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। खबर सुन सभी बच्चों के परिजन तुरन्त डोभा के समीप पहुंचे और डोभा में डूब कर आर्यन की तलाश करने लगे। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आर्यन को बाहर निकाला। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।


आर्यन की मौत की खबर पूरे गांव में फैल गयी। काफी संख्या में ग्रामीण महिला पुरुष व बच्चे घटना स्थल पर जूट गये। वहीं आर्यन का शव देख उसके परिजनों की दहाड़ से पूरे गांव में मातम पसर गया। बता दें कि आर्यन अपने माता पिता के तीन संतानों में इकलौता पुत्र था।


वहीं घटना की सूचना मिलते हीं भरकट्टा ओपी प्रभारी अमन कुमार सदल-बल गांव पहुंचे और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा दिया। इस दौरान परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।


टाउन थाना में हुई शांति समिति की बैठक, लोगों से की गई सौहार्दपूर्ण वातावरण मुहर्रम मनाने की अपील

गिरिडीह(Giridih)। मुहर्रम पर्व को लेकर बुधवार को नगर थाना में डीएसपी मुख्यालय नीरज कुमार सिंह की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में नगर थाना प्रभारी शैलेश प्रसाद, बीडीओ गणेश रजक, उप नगर आयुक्त अशोक हांसदा, ट्रेफिक इंस्पेक्टर मुख्य रूप से मौजूद थे।


बैठक के दौरान डीएसपी नीरज कुमार सिंह ने कहा कि मुहर्रम को लेकर जिला पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। हर छोटी बड़ी गतिविधियों पर पुलिस और प्रशासन की पैनी नजर है और रहेगी। उन्होंने कहा कि गिरिडीह के अमनपसंद लोग जिस प्रकार से सभी पर्व त्यौहार आपसी भाईचारा के साथ मनाते रहे हैं, उसी प्रकार मुहर्रम का पर्व भी सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएँ। बैठक के दौरान उन्होंने मुहर्रम अखाड़ा समिति को राज्य सरकारी द्वारा जारी दिशा निर्देशों की जानकारी देते हुए अखाड़ा के दौरान निकलने वाली ताजिया व झंडे की ऊंचाई सीमित रखने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने जुलुस के दौरान आग के खेल पर भी रोक रहने और डीजी का प्रयोग पूर्णतया प्रतिबंधित रहने की बाते कही।

उन्होंने शहर वासियों से किसी भी प्रकार के अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील करते हुए कहा कि यदि वैसी कोई भ्रामक खबर, जिससे आपसी सौहार्द का माहौल बिगड़ सकता है तो उसकी तुरन्त सूचना पुलिस प्रशासन को दें। उन्होंने सोशल मीडिया पर वैसी कोई आपत्तिजनक पोस्ट नहीं करने की अपील किया। जिससे माहौल खराब हो। कहा की सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म पर पुलिस टीम विशेष व पैनी नजर रहेगी।


मौके पर थाना प्रभारी शैलेश प्रसाद एवं प्रखण्ड विकास पदाधिकारी गणेश रजक ने भी शहरवासियों से सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की। कहा कि हर त्योहार का अपना अलग महत्व होता है। इसलिये हमें सभी के मान और प्रतिष्ठा का ध्यान रखते हुए आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाना चाहिए। ताकि किसी भी भावना को कोई ठेस नहीं पहुंचे।

बैठक में कई पदाधिकारी, शांति समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न अखाड़ा आयोजन समिति के साथ काफी संख्या में शहर के गणमान्य लोग मौजूद थे।


महिला व बच्चे को बंधक बना साढ़े तीन रुपये मूल्य के जेवरात नगदी और कीमती बर्तन ले भागे अपराधी

गिरिडीह(Giridih)। हथियार का भय दिखा घर की महिला और बच्चे को बंधक बना अपराधियों ने लाखों की लूट की घटना को अंजाम दिया है। मामला गिरिडीह जिले के गांडेय प्रखण्ड क्षेत्र के ताराटांड़ थाना क्षेत्र के केनारी गांव की है।  


अपराधियों ने मंगलवार की देर रात परिवार की महिला व बच्चे को बंधक बना कर घर मे रखे सोना व चांदी के गहने, कांसा व पीतल के कीमती बर्तन के साथ नगदी समेत कुल 3 लाख 50 हजार रुपए की लूट की घटना को अंजाम दिया।


घटना के सम्बन्ध में गृह स्वामी ने बताया कि वह महदेइया गांव स्थित अपनी मौसी के घर पुजा में शामिल होने गए थे।  घर मे उनकी पत्नी व बच्चे थे। इसी दौरान देर रात पांच की संख्या में अपराधी उनके घर के सीढी दरवाजा के कुंडी के जगह दिवाल तोडकर घर में घुस आये और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। वहीं पीड़िता लक्ष्मी कुमारी ने बताया कि पांच की संख्या में अपराधी हरवे हथियार से लैश हो रात्रि लगभग 12:30 बजे घर मे दाखिल हुए और उन्हें तथा उनके पुत्र को अपने कब्जे में लिया। फिर पूरे घर को खँगालने लगे और आलमारी को तोड़ उसमे रखे जेवरात व नगदी तथा एक बड़ा ट्रंक को तोड़ उसमे रखे सभी कांसा व पीतल का सामान निकाल लिया। इस दौरान अपराधियों ने उन्हें तथा उनके पुत्र शोर मचाने पर जान से मारने की भी धमकी दी। पीड़िता ने बताया कि अपराधियों ने सभी सामान लेकर छत के रास्ते से ही वापस भाग गये।


कहा कि घटना के बाद उन्होंने घटना की सूचना तराटांड़ थाना की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही देर रात लगभग 2 बजे पुलिस घटनास्थल पहुंची और पूरी घटनाक्रम से अवगत हो जांच पड़ताल में जुट गई है। इधर, घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।


डुमरी में डायरिया का भीषण प्रकोप, आक्रांत हैं एक ही गांव के 40-50 लोग, तीन गम्भीर

गिरिडीह(Giridih)। जिले के डुमरी प्रखंड में बरसात का मौसम शुरू होते ही डायरिया रोग ने अपना फन फैला लिया है। जिसके आगोश में प्रखण्ड का कुशमाकुरा गाँव पूरी तरह समा गया है। गांव के लगभग 40- 50 की संख्या में ग्रामीण इस रोग की चपेट में हैं। जिनमें 3 की हालत काफी गंभीर बताई गयी है। जिन्हें गिरिडीह सदर में भर्ती कराया गया है।


स्थानीय ग्रामीणों की माने तो पूरे गांव में डायरिया विकराल रूप धारण कर लिया है। एक पूरे मोहल्ले में अचानक डायरिया फैल जाने से गांव में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया है।


ग्रामीणों ने बताया कि जिन तीन लोगों की स्थिति गम्भीर है उन्हें मंगलवार शाम से ही उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हुई। प्राथमिक स्तर पर उनका इलाज कराने के बाद भी उन्हें कोई राहत नहीं मिली। बुधवार सुबह तक उनकी हालात और बिगड़ गयी। आनन-फानन में गंभीर रूप से बीमार तीनों मरीजों को गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहाँ उनका इलाज चल रहा है। 


सीएसपी संचालक से हथियार के बल पर साढ़े तीन लाख की लूट, जांच में जुटी पुलिस

गिरिडीह(Giridih)। जिले के बगोदर थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम अज्ञात अपराधियों ने एक सीएसपी संचालक से साढ़े तीन लाख रुपये लूट लिये। इस दौरान अपराधियों ने सीएसपी संचालक के साथ मारपीट भी किया, जिससे सीएसपी संचालक घायल है। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनय कुमार यादव सदल-बल घटनास्थल पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।


जानकारी के अनुसार धरगुल्ली पंचायत सचिवालय में कार्यरत सीएसपी संचालक संतोष कुमार अटका स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा से रुपये निकाल मंगलवार की शाम बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मुंडरो-धरगुल्ली ग्रामीण सड़क पर दो अज्ञात अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और हथियार के बल पर उनके साथ मारपीट कर उनकी मोबाइल फोन और बाइक की चाभी और रुपयों से भरा बैग छीन लिया। लूट की घटना को अंजाम दे अपराधी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। घटना के बाद उस सड़क से गुजर रहे ग्रामीणों राहगीरों ने जब सीएसपी संचालक को घायलावस्था में देखा तो उन्हें उठाकर उनके घर पहुंचाया।


थाना प्रभारी विनय कुमार यादव घायल सीएसपी संचालक से मुलाकात की। उन्होंने घटना की जानकारी लेने के उपरांत बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। कहा कि सीएसपी संचालक ने इतनी बड़ी राशि लेकर निकलने से पूर्व पुलिस को कोई सूचना नहीं दी थी। जबकि सभी सीएसपी संचालकों को पहले से निर्देशित किया गया है कि अधिक नकदी ले जाते समय पुलिस को सूचित करें ताकि उन्हें सुरक्षा दी जा सके। उन्होंने कहा कि हालांकि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर अपराधियों को गिरफ्तार किया जायेगा।


गिरिडीह के बेंगाबाद में भीषण सड़क हादसा, कार के उड़े परखच्चे, हादसे में तीन की मौत, दो गम्भीर

गिरिडीह (Giridih)। गिरिडीह- देवघर मुख्य पथ पर बेंगाबाद थाना क्षेत्र के दामोदरडीह के समीप मंगलवार की देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। जबकि 2 महिलाएं गम्भीर रूप से घायल हो गयी। मृतकों की पहचान जंगरीडीह निवासी लिलो तुरी, उनके बेटे राजन तुरी और छोटू तुरी के रूप में हुई है।


कैसे हुई घटना

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार नवडीहा ओपी क्षेत्र के जंगरीडीह गांव से एक ही परिवार के तीन युवक और दो महिलाएं स्विफ्ट कार से आषाढ़ी पूजा करने अपने रिश्तेदार के घर बेंगाबाद थाना क्षेत्र के महुआर गांव गये थे। पुजा उपरांत देर रात सभी खाना खाकर कार से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान दामोदरडीह के समीप मधुपुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्विफ्ट कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गये और कार में सवार जंगरीडीह निवासी तीन लोगों लिलो तुरी, उनके बेटे राजन तुरी और छोटू तुरी की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। जबकि घटना में कार में  सवार दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गयी।



सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी पांचों घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने 3 लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल 2 महिलाओं का इलाज चल रहा है।

ट्रक छोड़  फरार हुआ चालक

इधर घटना के बाद ट्रक चालक फिटकोरिया स्थित एक पेट्रोल पंप में ट्रक छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है।

अस्पताल में मची चीख पुकार

हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों परिजनों की भीड़ अस्पताल में उमड़ पड़ी। चीख-पुकार और चित्कार से सदर अस्पताल परिसर का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया था। पुलिस ने तीनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।