गुरुवार, 27 फ़रवरी 2025

आज का राशिफल, कैसा रहेगा आज का दिन, क्या कहता है आपकी राशिफल, जानिए

आज का राशिफल ::27 :: 02 :: 2025 गुरुवार

27 फरवरी 2025 : आज पवित्र फाल्गुन माह के कृष्ण पक्ष की उदया तिथि चतुर्दशी है। वहीं आज गुरुवार का दिन है। आज चतुर्दशी तिथि सुबह 08:84 तक रहेगा उसके बाद अमावस्या तिथि लग जायेगी।आज तिथि के हिसाब से आप गुरुवार का व्रत रख सकते हैं। गुरुवार व्रत बहुत ही पुण्यदायी होता है। इस दिन भगवान विष्णु की पूजा विधि रूप से करें। भगवान विष्णु दया के सागर हैं। आपको अपने पास हृदय से लगा कर रखते हैं। वह विध्नों को समाप्त करते हैं। 
आज चित्रगुप्तवार है। प्राणियों के कर्मों का लेखा जोखा रखने वाले भगवान चित्रगुप्त की आज सम्पूर्ण भक्ति भाव से भगवान चित्रगुप्त की उपासना करें। पूरे विधि विधान से पूजा अर्चना करें। चित्रगुप्त स्तुति एवं चित्रगुप्त चालीसा का पाठ करें। आपकी सभी मनोवांक्षित इच्छाओं की पूर्ति होगी और आपका भगयोदय होगा। 
आज महाशिवरात्रि के बाद प्रथम अमावस्या का महान पावन पर्व है। भगवान कृष्ण की पूजा करें। आज श्री विष्णुसहस्रनाम का पाठ करने का उत्तम फल है। सम्पूर्ण भक्ति भाव से विष्णु उपासना करें। विधिवत पूजन करें। गुरुवार का उपवास रखें।


आज का पंचांग: 27 फरवरी 2025 गुरुवार, विक्रम सम्वत : 2081, शाका : 1946, ऋतु : बसंत, मास : फाल्गुन, पक्ष : कृष्ण पक्ष, तिथि : चतुर्दशी 08:54 AM तक उपरांत अमावस्या, नक्षत्र : धनिष्ठा 03:43 PM तक उपरांत शतभिषा, सूर्योदय : 06: 39 AM, सूर्यास्त : 06: 09 PM, राहुकाल : 02:05 PM से 03:32 PM तक, चन्द्रमा : कुंभ राशि पर संचार करेगा। व्रत/त्यौहार : गुरुवार व्रत, अमावस्या, चित्रगुप्तवार


आज :: 27:: 02 :: 2025 का राशिफल


मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
आज आपको व्यापार-सम्बंधित कार्यों में लाभहोगा। आज का दिन आपके लिए सुखद समाचार ला सकता है। थोड़े प्रयत्न से आपको ज्यादा लाभ होगा। दिन के कामों को सेहत बाधित कर सकती है। विवाद सुलझाने का सही समय है। ऑफिस में संभलकर रहें वरना मुसीबत आएंगी। मुद्दों पर स्पष्टता से समस्याएं सुलझेगी। धैर्य से कार्य करें सफलता मिलेगी। धन का व्यय बढ़ेगा। अपनी दोस्ती सोच समझ कर करें। बुरे लोगो के संगत से बचे यह आपके लिए हानिकारक है। तीर्थ यात्रा के योग बन रहे हैं। भाग्यशाली अंक: 8
भाग्यशाली रंगः नीला


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
आज आपको अपनी रचनात्मकता का प्रयोग करना चाहिए। अगर आप किसी कलात्मक क्षेत्र में शुरुआत करना चाहते हैं तो आज का दिन आपके लिए बहुत ही शुभ रहेगा। यदि आप अपनी कम्पनी में किसी ऊंचे औहदे पर हैं तो आप देखेंगे कि आज आपका दिन आपके लिए विशेष लाभकारी है। हाल ही में आपकी कम्पनी को बहुत बड़ा (टर्न ओवर) व्यवसाय मिला है जिससे कम्पनी प्रबन्धन ने आपको प्रोत्साहन राशि देना निश्चत किया है। यह राशि आपके लिए अतिरिक्त आय है अतः यह सलाह दी जाती है कि इस आय का एक भाग जरूरतमन्दों को अवश्य दान दे दें। इससे आपका व्यवसाय बढ़ेगा एवं इससे आमदनी में भी वृध्दि होगी। भाग्यशाली अंक: 2,भाग्यशाली रंगः गुलाबी


मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
आज आपके जीवन में नया बदलाव हो सकता है। अगर आप कला के क्षेत्र से जुड़े हैं, तो आपको तरक्की के कई नये रास्ते खुले नजर आएंगे। इस राशि के स्टूडेंट्स के लिए आज का दिन फेवरेबल है। आपको किसी समस्या को सुलझाने का तुरंत रास्ता मिल सकता है। आपको अपने सीनियर्स का भी सहयोग प्राप्त हो सकता है। आप अपने सभी कामों में बहुत हद तक सफल हो सकते हैं। जीवनसाथी आपकी भावनाओं का सम्मान करेंगे। आज के दिन कार्यक्षेत्र में आप अपना आपा खो सकते हैं। भाग्यशाली अंक: 4,भाग्यशाली रंगः केसरिया


कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
आज आपके प्रयास सफल रहेंगे। मान-सम्मान मिलेगा। कामकाज, व्यवहार, सौदेबाजी हर चीज में ईमानदारी रखें। पुराने दोस्त और रिश्तेदारों से बातचीत हो सकती है। अस्वस्थता संभव है। आपकी यात्रा सफल रहेगी। पति-पत्नी के संबंधों में मधुरता आएगी। कोई भी फैसला करने से पहले अच्छाईयों और कमियों पर सावधानी से गौर फरमाएँ। पारिवारिक सदस्यों से मतभेद खत्म कर आप अपने उद्देश्यों की पूर्ति आसानी से कर सकते हैं। इच्छाशक्ति की कमी आपको भावनात्मक और मानसिक परेशानियों में फंसा सकती है। उदास और अवसादग्रस्त न हों। खर्चों पर काबू रखने की कोशिश करें और सिर्फ जरूरी चीजें ही खरीदें। भाग्यशाली अंक: 9, भग्यशाली रंग: काला


सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
आज आपको अचानक अपने सामाजिक संबंधों से व्यावसायिक लाभ होगा। आज आप अच्छे दिख रहे हैं, अच्छा महसूस कर रहे हैं कुल मिला कर आज का दिन आपके लिए शुभ है। आपके आकर्षण व कार्य क्षमता से कार्यक्षेत्र में आपको बहुत ही लाभ होगा। आज आप अपने व्यक्तिगत प्रयासों से ही व्यावसायिक सफलता प्राप्त कर सकेंगे। यदि आप शेयर बाजार में रूचि रखते हैं, तब आज का दिन आपके लिये सही फल देने वाला है। लेकिन ये ध्यान रखें कि आप इस दौरान लंबे समय के निवेश को ही अपने विकल्प के रूप में रखें। छोटी अवधि के निवेश ज्यादा विशेष फल नही देंगे। भाग्यशाली अंक: 7, भाग्यशाली रंगः सुनहरा


कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
आज आपका दिन शानदार रहेगा। ऑफिस में काम को पूरा करने में पूरी तरह से आप सक्षम होंगे। इस राशि के लॉ की पढ़ाई कर रहे स्टूडेंट्स के लिए आज का दिन बहुत बढ़िया रहेगा। किसी सीनियर्स वकील के साथ इंटरर्नशिप करने का मौका भी आपको मिलेगा। करियर में आप नए आयाम स्थापित करेंगे। आप जिससे भी मदद की उम्मीद करेंगे, उससे आपको समय पर मदद मिल जायेगी। मध्याहन के बाद मित्रों के साथ भेंट होगी और किसी मनोहर स्थल पर पर्यटन जाने की संभावना भी है। भाग्यशाली अंक: 3, भाग्यशाली रंगः सफ़ेद 



तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
आज का दिन आपके लिए आर्थिक रूप से अच्छा है। पैसे रुपये को लेकर कोई ठोस योजना बनाइए ताकि आज या भविष्य में आने वाले किसी मुश्किल हालात से आप आसानी से उबर सकें। निवेश करने के मामले में समझदारी से काम लीजिए। आज आपको कार्य-सफलता और यश-कीर्ति मिलेंगी। शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। आज आपके संबंधों में निकटता आंएगी। पारिवारिक प्रतिष्ठा बढ़ेगी। मौज-मस्ती के लिए घूमना संतोषजनक रहेगा। अधिक विचार आप के मन को विचलित कर देंगे। भाग्यशाली अंक :3, भाग्यशाली रंगः नीला 


वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
 आज के दिन आप महसूस करेंगे कि आपको जीवन में एक बार मिलने वाला अवसर नौकरी के प्रस्ताव के रूप में मिला है। हो सकता है कि ये प्रस्ताव आपके वर्तमान स्थान से थोड़ा दूर हो और आपको वहां जाकर बसना पड़े। लेकिन अपने भविष्य को सुधारने के लिये इस अवसर को हाथ से मत जानें दें। आज आपको ऐसी सम्पत्ति हाथ लगेगी जिसकी आपने कभी कल्पना भी ना की होगी। आज आप देखेंगे कि जितने रूपये आप घर से लेकर चले थे उससे अधिक आप की जेब में हो सकते हैं। भाग्यशाली अंक: 7,
भाग्यशाली रंगः हरा


धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
 आज आपको अचानक धन लाभ होगा। आपके कई योजनाएँ समय से पूरे हो जायेंगे। आपके परिवार में ख़ुशी का माहौल बना रहेगा। कार्यक्षेत्र में आपको अच्छी-खासी सफलता मिलेगी। अपनी उर्जा से आप बहुत कुछ हासिल कर लेंगे। आपके मन की इच्छा पूरी होगी। आर्थिक मामलों में आपको लाभमिलेगा। भविष्य को बेहतर बनाने के लिए आप नये कदम उठायेंगे। बच्चें आपको गर्व करने की वजह देंगे। संतान की जरूरतों पर ध्यान देना होगा। भाग्यशाली अंक: 9, भाग्यशाली रंगः भुरा


मकर🐊(भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
 आज परिजनों के साथ आनंदपूर्वक समय व्यतीत होगा। वाहन-सुख मिलेगा तथा मान-सम्मान भी मिलेगा। अपने साथी और दोस्तों के साथ कुछ समय व्यतीत करें। आपके सहयोगियों ने ऐसी स्थितियों में बहुत अच्छी तरह से आप का समर्थन किया है और ये समय उन लोगों से प्राप्त हुई मदद की सराहना करने का समय है। कल्पनाओं के पीछे न दौड़ें और यथार्थ वादी बनें। अपने आत्मविश्वास का फायदा उठाएँ। गलत निर्णय लेनें से बचें। आज मानसिक संतुलन बनाये रखें। करियर और प्रोफेशन के लिए समय सामान्य है। भाग्यशाली अंक: 6,भाग्यशाली रंगः गुलाबी 


कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा) 
सामाजिक गतिविधियां आज आपके लिए बहुत सारी खुशियां ले कर आएंगी। आपके जीवन में हाल में जो बदलाव आए हैं उनसे भी आपको बहुत खुशी मिलेगी। अपनी आगे की जीवन यात्रा पर ध्यान केंद्रित करें और सफलता की ओर आगे बढ़ते जाएं। आज का दिन आपकी खुशियों से भरपूर दिन होगा। आप अपने साथी के साथ अकेले में समय बिताकर अपनी बोरियत को दूर करेंगे। उन मूल्यवान पलों को अपनी यादों में समेटने का प्रयास करें, जिन्हें जिंदगी भर याद रख सकें। यदि आपका सपना पर्यटन के क्षेत्र में काम करने का है तब आज का दिन ये सपना साकार हो सकता है। भाग्यशाली अंक: 4, भाग्यशाली रंगः कालो


मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
 आज आपका दिन घूमने-फिरने में बीत सकता है। आप परिवार वालों के साथ मनोरंजन के लिए कहीं ट्रिप पर जाने का प्लान बना सकते हैं। इस राशि के व्यापारी वर्ग को अचानक से कोई बड़ा धन लाभ हो सकता है, जिससे आर्थिक पक्ष पहले की अपेक्षा और मजबूत होगा। आप अपनी दिनचर्या में कुछ बदलाव ला सकते हैं। आपका पूरा ध्यान अपने करियर को आगे बढ़ाने पर रहेगा। किसी जरूरतमंद व्यक्ति की मदद करके आपको काफी अच्छा महसूस होगा। आपके लिये आज अवसरों की कमी नही है, आपको सिर्फ उनका लाभ उठाना है। भाग्यशाली अंक: 2, भाग्यशाली रंगः पीला


 
कृपया ध्यान दें👉 

      यद्यपि शुद्ध राशिफल की पूरी कोशिश रही है फिर भी इन राशिफलों में और आपकी कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर आपके जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।


        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷



बुधवार, 26 फ़रवरी 2025

वित्तीय समावेशन और कौशल विकास में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर गिरिडीह को मिला 3 करोड़ का पुरस्कार

पुरस्कार की राशि का उपयोग जन कल्याणकारी परियोजनाओं को गति देने में किया जाएगा : उपायुक्त 

गिरिडीह(Giridih)। अपने बेहतर कार्यों की बदौलत गिरिडीह जिला ने एक बार फिर पूरे देश में अपना परचम लहराया है। नीति आयोग के मानक में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए गिरिडीह ज़िले को 3 करोड़ रुपये का पुरस्कार मिला है। दिसंबर 2023 में नीति आयोग के आकांक्षी ज़िला कार्यक्रम के तहत वित्तीय समावेशन और कौशल विकास में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था।  



उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने कहा कि गिरिडीह जिला के लिए यह गर्व का विषय है। यह पुरस्कार जिला प्रशासन के मेहनत और प्रयासों तथा आमजनों के सकारात्मक सोच और विकास कार्यों में उनकी सहभागिता का परिणाम है। इस पुरस्कार से गिरिडीह ज़िले को राज्य और देश में नई पहचान मिली है। 


उन्होंने कहा कि पुरस्कार राशि का उपयोग जनकल्याणकारी परियोजनाओं को गति देने और लोगों के जीवन स्तर को बेहतर एवं सुदृढ़ बनाने के लिए किया जायेगा। 


गौरतलब हो कि नीति आयोग आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण, बुनियादी ढांचा, कृषि एवं जल संसाधन, वित्तीय समावेशन एवं कौशल विकास जैसे पांच प्रमुख क्षेत्रों में जिलों की प्रगति की निगरानी करता है।


इन सभी पांच क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलों को प्रोत्साहन स्वरूप नीति आयोग द्वारा अतिरिक्त संसाधन स्वरूप पुरस्कार राशि प्रदान करती हैं, ताकि जिले में विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी रूप से संचालित किया जा सके।

शिवरात्रि पर्व पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का जनसैलाब

गिरिडीह (Giridih)। महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर बुधवार अहले सुबह से ही शिव मंदिरों में आस्था का जन सैलाब उमड़ा दिखा। बच्चे बूढ़े जवान, महिला पुरुष श्रद्धालु मंदिरों में पुजा अर्चना करने लंबी लंबी कतार में खड़े दिखे। इस दौरान हर-हर महादेव, बोल बम, बम बम भोले के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर गूंजता रहा।


जिला मुख्यालय से महज 9 किलोमीटर की दूरी पर स्थित बाबा दुःख हरण नाथ धाम जहां उत्तरवाहिनी उसरी नदी में श्रद्धालु स्नान कर वहां से लौटे समेत अन्य पात्रों में जल भर कर औघड़दानी भगवान शिव का जलाभिषेक करते दिखे। यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा दुःख हरण नाथ का जलाभिषेक कर अपने तथा अपने परिवार के सुख शांति और समृद्धि की कामना भगवान शिव से की। 


वहीं इसके अलावे जिलामुख्यालय स्थित पुलिस लाइन शिव मंदिर, अमरनाथ मन्दिर, बरवाडीह शिव मंदिर, हनुमान गढ़ मन्दिर, बाभनटोली शिव मंदिर, दर्जी मुहल्ला स्थित पुरातन शिवालय, कुटिया गली मन्दिर, जेपी चौक स्थित पंच मन्दिर, मकतपुर पंच मन्दिर, बरगंडा स्थित विश्वनाथ मंदिर के अलावे पचम्बा स्थित नर्मदा धाम, दीवान टोला शिव मंदिर आदि शिवालयों में भी इस अवसर पर श्रद्धालुओं की खासी भीड़ उमड़ी दिखी। 



वहीं संध्यापहर विभिन्न शिव मंदिरों से भगवान भोले नाथ की बारात निकाली गई। जिसमे काफी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो शिव बारात का लुत्फ उठाया। इस दौरान विभिन्न शिव मंदिरों द्वारा भव्य व आकर्षक झांकी भी निकाली गई। जिसे देखने श्रद्धालुओं की भीड़ सड़कों के किनारे एकत्रित दिखी।


ग्रामीण क्षेत्रों में भी रही शिव रात्रि की धूम

शहरी क्षेत्र के अलावे मुफ्फसिल एवं ग्रामीण इलाकों में भी शिवरात्रि पर्व पर शिवालयों में पुजा अर्चना करने वाले शिव भक्तों व श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। इस अवसर पर सिरसिया स्थित कालिका गूंज शिव मंदिर,  कोल्डीहा, भंडारीडीह, अलकापुरी, मोहनपुर, पचंबा, बनियाडीह, कोपा, सेंट्रलपीट, अकदोनीखुर्द, पपरवाटांड, महेशलुंडी, करहरबारी के अलावा सभी शिवालयों में शिव भक्तों का तांता लगा दिखा। सभी शिवालयों को आज काफी आकर्षक रूप से सजाया गया था। 


खूब हुई आलू की जलेबी की बिक्री

महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर बाजारों में भी काफी चहल पहल और रौनक देखने को मिली। महाशिवरात्रि पर्व पर बाजार में फलाहार के रूप में सबसे अधिक पंसदीदा मिठाई आलू की जलेबी की खूब बिक्री हुई। इस अवसर पर शहरी क्षेत्र के विभिन्न होटलों के अलावा चौक-चौराहों पर आलू के जलेबी के अनेकों स्टॉल लगाये गये थे। शिवरात्रि पर्व पर फलाहारी आलू की जलेबी 150 रुपये से 200 रुपये किलो तक बिके। लोग काफी चाव से उसकी खरीददारी करते दिखे।

दिवंगत भाजपा नेता के घर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री बाबुलाल मरांडी, परिवार से मिल जताया शोक

गिरिडीह (Giridih)। पूर्व मुख्यमंत्री बाबुलाल मरांडी ने कहा कि बाबुल गुप्ता जी गिरिडीह भाजपा की रीढ़ थे। उनका निधन भाजपा परिवार के लिये काफी मर्माहत करने वाला अपूरणीय क्षति है। श्री मरांडी बुधवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता सह पूर्व वार्ड पार्षद दिवंगत बाबुल प्रसाद गुप्ता के बरवाडीह स्थित आवास पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मिल उन्हें ढांढस बंधाया। 


इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा के प्रति भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि जनसंघ काल से हमलोग साथ रहे। कई मुद्दों पर हमलोग आपस मे मन्त्रणा करते थे। उनका साथ हमेशा सहयोगात्मक रहा। वे काफी मिलनसार और मृदुभाषी प्रवृति के थे। समाज के हर वर्ग के लोगों के लिये वे प्रेरणाश्रोत थे।


बता दें कि भाजपा के वरिष्ठ नेता सह पूर्व वार्ड पार्षद बाबुल प्रसाद गुप्ता बीते 19 फरवरी की शाम लंबे समय से बीमारी से ग्रसित रहते हुए 80 वर्ष की उम्र में बरवाडीह स्थित अपने निवास स्थान पर अंतिम सांस ली थी। बाबुल गुप्ता जनसंघ काल से ही पार्टी से जुड़े थे। वह गिरिडीह में भाजपा के संस्थापक सदस्यों में से एक थे। गिरिडीह के मारवाड़ी श्मसान घाट में 20 फरवरी को उनका अंतिम संस्कार किया गया, उनके छोटे पुत्र संदीप गुप्ता ने उन्हें मुखाग्नि दी थी।


उनके निधन की खबर सुन बुधवार को प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री बाबुलाल मरांडी उनके बरवाडीह स्थित आवास पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मिल उन्हें सांत्वना दिया। वहीं इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने दिवंगत भाजपा नेता बाबुल गुप्ता के छोटे पुत्र संदीप गुप्ता से मिल उन्हें भी ढांढस बंधाया और हर सम्भव सहयोग का भरोसा दिया। 


इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री बाबुलाल मरांडी के साथ भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक उपाध्याय समेत कई भाजपा नेता मौजूद थे। मरांडी कुछ देर वहां रुक कर दिवंगत नेता के तस्वीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर वहां से अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान किये।



दादी के दाह संस्कार में गये पोते की हुई चेकडैम में डूबने से मौत

गिरिडीह(Giridih)। चचेरी दादी के अंतिम संस्कार में बराकर नदी स्थित श्मसान घाट गये पोते की डूबने से मौत हो गई। घटना बुधवार दोपहर की है। मृतक मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बदडीहा गांव निवासी रिंकू विश्वकर्मा का 16 वर्षीय पुत्र शिवम विश्वकर्मा था।


जानकारी के अनुसार बदडीहा निवासी टिंकू विश्वकर्मा की मां का निधन मंगलवार को हो गया था। बुधवार को उसका अंतिम संस्कार करने गांव के लोग शव लेकर मुफस्सिल और पीरटांड थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित बराकर नदी श्मसान घाट गये थे। अपनी चचेरी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने टिंकू के चचेरे भाई रिकू विश्वकर्मा का एकलौता पुत्र शिवम भी घाट गया था। 


दाह संस्कार होने के बाद घर वापसी पूर्व सभी लोग नदी में स्नान कर रहे थे। कुछ लोग नदी में बने चेक डैम के पास भी स्नान कर रहे थे। शिवम भी चेकडैम के पास स्नान कर रहा था। इसी दौरान नदी के धार से बने गड्ढे में वह जा फंसा। गड्ढा गहरा होने के कारण वह बाहर नहीं निकल पाया वहां मौजूद ग्रामीणों ने उसे बचाने का काफी प्रयास लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। 


घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो के अलावा पीरटांड थाना की पुलिस को घटनास्थल पहुंची। 


घटना के काफी देर बाद काफी मशक्कत से ग्रामीणों ने शिवम को गड्ढे से निकाला और उसे लेकर सदर अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सक ने शिवम को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम का माहौल है। घर वालों का रो रोकर बुरा हाल है।

अपने इकलौते पुत्र शिवम की मौत से दुःखी परिवार के लोगों ने अस्पताल प्रबंधन और पुलिस प्रशासन से काफी आरजू मिन्नत कर बगैर पोस्टमार्टम कराये ही शव लेकर घर चले गये। 

60 फीसदी घरेलू गैस सिलेंडर का होता है ब्लैक मार्केटिंग : रामेश्वर लश्करे

ग्राहक दक्षता कल्याण फाउंडेशन कर रही उपभोक्ताओं को जागरूक : मुसाहिद आदिब
गिरिडीह(Giridih)। ग्राहक दक्षता कल्याण फाउंडेशन के परियोजना प्रमुख रामेश्वर लश्करे ने कहा कि हमारी संस्था जनजागृति अभियान चला घरेलू गैस सिलेंडर के उपभोक्ताओं को जागरूक कर रही है।ताकि घरेलू गैस उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों की जानकारी हो सके और गैस एजेंसी संचालकों की गलत नीतियों के खिलाफ एक सामूहिक आवाज बन सकें।



लश्करे बुधवार को गिरिडीह परिषदन भवन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उनके साथ झारखण्ड प्रदेश प्रमुख मुसाहिद आदिब मौजूद थे। लश्करे ने कहा कि देश के 22 राज्यों में उनकी संस्था संचालित है और उपभोक्ताओं को नुक्कड़ नाटक, बैनर, पोस्टर, होर्डिंग लगा तथा पेंटिंग और हस्ताक्षर अभियान चला जागरूक करने का प्रयास कर रही है। 


उन्होंने कहा कि गैस एजेंसी संचालक व पर्दे के पीछे के दलाल उपभोक्ताओं को उनके वाजिब हक और अधिकारों को देने के बजाय अधिक मुनाफा कमा रही है,और सरकारी राजस्व को भी चुना लगा रही है।


कहा कि निर्धारित मूल्य पर घरेलू सिलेंडर कंज्यूमर के घर तक पहुंचाना है लेकिन सिलेंडर पहुंचाने के बदले 20, 30 रुपये अधिक ली जाती है। जिसका कोई रशीद नहीं मिलता। यधपि एजेंसी को सिलेंडर, कंज्यूमर को वजन कर देना है लेकिन बगैर वजन किये ही सिलेंडर दी जाती है।  इतना ही नहीं घरेलू गैस की धड़ल्ले से ब्लैक मार्केटिंग भी हो रही है। 


लगभग 60 फीसदी घरेलू गैस का व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में कॉमर्सियल सिलेंडर के बदले धड़ल्ले से उपयोग हो रहा है। जिससे सरकार को मिलने वाली राजस्व की भी चोरी हो रही है। लश्करे ने कहा कि घरेलू गैस का जीएसटी 5 प्रतिशत है, जबकि कॉमर्शियल सिलेंडर का जीएसटी 18 प्रतिशत। कॉमर्शियल के स्थान पर घरेलू सिलेंडर देकर 13 प्रतिशत सरकारी राजस्व की धड़ल्ले से चोरी हो रही है।


उन्होंने जिला प्रशासन से इस दिशा में कारगर कदम उठाने और इस पर रोक लगाने की मांग की। ताकि घरेलू सिलेंडर की ब्लैक मार्केटिंग पर अंकुश लगे और सरकारी राजस्व को चुना लगना बन्द हो सके।