गिरिडीह (Giridih)। पूर्व मुख्यमंत्री बाबुलाल मरांडी ने कहा कि बाबुल गुप्ता जी गिरिडीह भाजपा की रीढ़ थे। उनका निधन भाजपा परिवार के लिये काफी मर्माहत करने वाला अपूरणीय क्षति है। श्री मरांडी बुधवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता सह पूर्व वार्ड पार्षद दिवंगत बाबुल प्रसाद गुप्ता के बरवाडीह स्थित आवास पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मिल उन्हें ढांढस बंधाया।
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा के प्रति भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि जनसंघ काल से हमलोग साथ रहे। कई मुद्दों पर हमलोग आपस मे मन्त्रणा करते थे। उनका साथ हमेशा सहयोगात्मक रहा। वे काफी मिलनसार और मृदुभाषी प्रवृति के थे। समाज के हर वर्ग के लोगों के लिये वे प्रेरणाश्रोत थे।
बता दें कि भाजपा के वरिष्ठ नेता सह पूर्व वार्ड पार्षद बाबुल प्रसाद गुप्ता बीते 19 फरवरी की शाम लंबे समय से बीमारी से ग्रसित रहते हुए 80 वर्ष की उम्र में बरवाडीह स्थित अपने निवास स्थान पर अंतिम सांस ली थी। बाबुल गुप्ता जनसंघ काल से ही पार्टी से जुड़े थे। वह गिरिडीह में भाजपा के संस्थापक सदस्यों में से एक थे। गिरिडीह के मारवाड़ी श्मसान घाट में 20 फरवरी को उनका अंतिम संस्कार किया गया, उनके छोटे पुत्र संदीप गुप्ता ने उन्हें मुखाग्नि दी थी।
उनके निधन की खबर सुन बुधवार को प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री बाबुलाल मरांडी उनके बरवाडीह स्थित आवास पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मिल उन्हें सांत्वना दिया। वहीं इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने दिवंगत भाजपा नेता बाबुल गुप्ता के छोटे पुत्र संदीप गुप्ता से मिल उन्हें भी ढांढस बंधाया और हर सम्भव सहयोग का भरोसा दिया।
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री बाबुलाल मरांडी के साथ भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक उपाध्याय समेत कई भाजपा नेता मौजूद थे। मरांडी कुछ देर वहां रुक कर दिवंगत नेता के तस्वीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर वहां से अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान किये।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें