सोमवार, 20 जनवरी 2025

आज का राशिफल, कैसा रहेगा आज का दिन, क्या कहता है आपकी राशिफल, जानिए

आज का राशिफल ::20 :: 01 :: 2025, सोमवार


20 जनवरी 2025 : ग्रहों की चाल के अनुसार, सोमवार (20 जनवरी 2025) को वृषभ राशि वालों को आज भाग्य का साथ मिल सकता है। आज आपका व्यवहार काफी लाभ देने वाला रह सकता है। मिथुन वाले धन की चिंता से बचें। कहीं से आपको खुशखबरी मिल सकती है। मीन वालों की चिंता दूर होने की संभावना है। 2 राशि वालों को खुशखबरी मिलने की संभावना है। जबकि कुछ राशियों का दिन आज उतार-चढ़ाव भरा बीत सकता है। 



आज का पंचांग:  20 जनवरी 2025, सोमवार, 
विक्रमी सम्वत 2081, शाका 1946, मास : माघ, पक्ष : कृष्ण पक्ष,  ऋतु : शिशिर , तिथि : षष्ठी  09:58 AM तक उपरांत सप्तमी, नक्षत्र : हस्त 08:30 PM तक उपरांत चित्रा, सूर्योदय : 07:14 AM प्रातः सूर्यास्त : 06: 01 PM सायं, राहुकाल : 08:35 AM से 09:55 AM तक, चन्द्रमा: कन्या राशि पर संचार करेगा।




आज :: 20:: 01 :: 2025 का राशिफल



मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
मेष राशि वालों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। आपको अपने व्यापारिक कार्यों पर पूरा ध्यान देना होगा, अन्यथा भारी नुकसान हो सकता है। परिवार के किसी सदस्य से आपको कोई निराशाजनक समाचार सुनने को मिल सकता है। अगर आपने शेयर बाजार में निवेश किया था, तो उससे भी आपको निराशा होगी। ससुराल पक्ष के किसी व्यक्ति से विवाद हो सकता है, इसलिए वाणी की सौम्यता बनाए रखें। मित्र की बातों पर भरोसा करने से बचें। भाग्यशाली रंग: बैंगनी, लकी नंबर: 10



वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
वृष राशि वालों के लिए आज का दिन साझेदारी में कोई काम करने के लिए अच्छा रहने वाला है। किसी दूर के रिश्तेदार से आपको कोई निराशाजनक समाचार सुनने को मिल सकता है। आप अपने मनमौजी स्वभाव के कारण काम में कुछ गलतियां कर सकते हैं और आपको अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की जरूरत है, तभी आपका काम समय पर पूरा होगा। आपके घर पर किसी मेहमान के आने से माहौल खुशनुमा रहेगा। सहकर्मियों से सावधान रहें। भाग्यशाली रंग: पीला, लकी नंबर: 7



मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
मिथुन राशि वालों के लिए आज का दिन सामान्य रहने वाला है। आपको अपने बच्चों से किया वादा पूरा करना होगा, अन्यथा वे आपसे नाराज हो सकते हैं। यदि परिवार में पैतृक संपत्ति को लेकर झगड़ा चल रहा है, तो आपको इसमें अपने पिता से सलाह अवश्य लेनी चाहिए। आपकी आय के स्रोत बढ़ेंगे, जिससे आप प्रसन्न रहेंगे। छात्र छात्रवृत्ति से संबंधित किसी परीक्षा की तैयारी कर सकते हैं। बड़ों का सम्मान करें।
भाग्यशाली रंग: लेमन, लकी नंबर: 1


कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
कर्क राशि वालों के लिए आज का दिन व्यापार के लिहाज से अच्छा रहने वाला है। आपकी कोई बड़ी डील फाइनल हो सकती है। अनावश्यक कामों के लिए आपको काफी भागदौड़ करनी पड़ेगी। बैंकिंग सेक्टर में काम करने वाले लोग किसी अच्छी योजना में पैसा लगा सकते हैं। शेयर बाजार से जुड़े लोगों को थोड़ा सोच- समझकर निवेश करने की जरूरत है। आपको अपने घर के कामों पर पूरा ध्यान देना चाहिए, अन्यथा बेवजह के झगड़े बढ़ सकते हैं। बहसबाजी से बचने का प्रयास करें।भाग्यशाली रंग: नेवी ब्लू, लकी नंबर: 1


सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
स्वास्थ्य के लिहाज से सिंह राशि वालों के लिए आज का दिन कमजोर रहने वाला है। आपको बेवजह के किसी झगड़े में पड़ने से बचना होगा। आपके विरोधी सतर्क रहेंगे, जिससे आपकी टेंशन बढ़ेगी। कोई भी महत्वपूर्ण जानकारी किसी से शेयर न करें, अन्यथा ड्रागड़े बढ़ सकते हैं। कार्यक्षेत्र में आपको अपने सहकर्मियों को अपने मन की कोई बात बताने का मौका मिल सकता है। परिवार या प्रेमी के साथ समय बिताने का प्रयास करें। भाग्यशाली रंग: भूरा, लकी नंबर: 9


कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
कन्या राशि के जातकों को अपने आस- पास रहने वाले विरोधियों से सावधान रहना होगा, क्योंकि वे उनके किसी काम को बिगाड़ने की कोशिश करेंगे। संतान के भविष्य को लेकर कोई भी निवेश आपको सोच-समझकर ही करना चाहिए। अगर आपने प्रॉपर्टी खरीदने के लिए लोन के लिए अप्लाई किया था, तो आपको मिलने की संभावना है। कल अचानक वाहन खराब होने से धन खर्च बढ़ सकता है, इसलिए आपको पूरा ध्यान देना होगा। लक्ष्य पर फोकस रखें।
भाग्यशाली रंग: बैंगनी, लकी नंबर: 6



तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
व्यापार के मामले में तुला राशि वालों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। आपके रुके हुए काम फिर से शुरू हो सकते हैं। आप दोस्तों के साथ घूमने- फिरने का प्लान बनाएंगे। आप अपनी इच्छा के बारे में परिवार के किसी सदस्य से बात कर सकते हैं। अगर आपका कोई काम काफी समय से रुका हुआ था तो वह भी पूरा हो सकता है। आपको आय और व्यय के बीच संतुलन बनाए रखने की जरूरत है।व्यापार को लेकर चिंता से बचें। भाग्यशाली रंग: बैंगनी, लकी नंबर: 6


वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
वृश्चिक राशि वालों के लिए कोई नया काम शुरू करने के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। आप किसी धार्मिक यात्रा पर जाने का प्लान बना सकते हैं। आपकी आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर रहेगी। माता-पिता के आशीर्वाद से आपका कोई रुका हुआ काम पूरा हो जाएगा। आपको अपने किसी काम से लंबी दूरी की यात्रा पर जाना पड़ सकता है। अगर आप अपने किसी दोस्त से काम के सिलसिले में कोई मदद मांगेंगे तो वह भी आपको मिल सकती है। शेयर बाजार में निवेश से पहले एक्सपर्ट से सलाह जरूरी है। भाग्यशाली रंग: नेवी ब्लू, लकी नंबर: 9


धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
धनु राशि वालों के लिए आज का दिन परेशानियों से भरा रहने वाला है। पारिवारिक मामलों को लेकर आप थोडे चिंतित रहेंगे। किसी कारण से आप तनावग्रस्त रहेंगे। घर में कोई पूजा-पाठ का आयोजन होने से आपका मन प्रसन्न रहेगा। परिवार के सदस्यों की सहमति से ही कोई निर्णय लेना आपके लिए बेहतर रहेगा। जीवनसाथी के साथ चल रहे विवाद को लेकर आप चिंतित रहेंगे। कार्य क्षेत्र में आपको अपने सहकर्मियों का पूरा सहयोग मिलेगा। व्यापार में ध्यान दें। भाग्यशाली रंग: पर्पल, लकी नंबर: 8



मकर🐊(भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
मकर राशि वालों के लिए आज का दिन मौज-मस्ती से भरा रहने वाला है। आप अपने शौक और मौज-मस्ती की चीजों पर खूब पैसा खर्च करेंगे, लेकिन आपको भविष्य के लिए भी पैसा निवेश करने की जरूरत है। अपनी बात किसी और को न बताएं। अगर आप कोई जोखिम लेंगे तो आपको उससे नुकसान हो सकता है। अगर जीवनसाथी के साथ कोई झगड़ा चल रहा है तो वह भी काफी हद तक दूर हो जाएगा। खान-पान का ध्यान रखें। भाग्यशाली रंग: गुलाबी, लकी नंबर: 9



कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा) 
कुंभ राशि वालों के लिए आज का दिन सामान्य रहने वाला है। किसी नए काम के सिलसिले में आपको कहीं यात्रा पर जाना पड़ सकता है। परिवार में किसी शुभ और मांगलिक कार्यक्रम के आयोजन के योग बन रहे हैं। आपको अपने कुछ पुराने विवाद निपटाने की जरूरत है। आपका स्वास्थ्य पहले से बेहतर रहेगा। अगर आपको किसी काम को लेकर कोई परेशानी चल रही थी तो वह भी दूर होती नजर आ रही है। बातों को नजरअंदाज करने से बचें। भाग्यशाली रंग: लाल, लकी नंबर: 3



मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
मीन राशि वालों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। अगर आपने किसी को पैसा उधार दिया था तो वह आपको वापस मिल सकता है। आपका जीवनसाथी आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा और आपके काम में आपका पूरा साथ देगा। अगर आप कोई पार्ट टाइम काम करने की योजना बना रहे थे तो उसके लिए भी समय निकालने की कोशिश करेंगे। अगर आपने कोई लोन लिया था तो उसे काफी हद तक चुकाने की कोशिश करेंगे।काम का लोड बिल्कुल भी न लें। भाग्यशाली रंग: पीला, लकी नंबर: 5


 

कृपया ध्यान दें👉 

      यद्यपि शुद्ध राशिफल की पूरी कोशिश रही है फिर भी इन राशिफलों में और आपकी कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर आपके जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।


        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷


रविवार, 19 जनवरी 2025

बगोदर के प्रवासी मजदूर की गुजरात में मौत, परिजनों का रो रो कर बुरा हाल

गिरिडीह (Giridih)। जिले के बगोदर प्रखंड के एक प्रवासी मजदूर की गुजरात के राजकोट मोरबी जिले के माल्या थाना क्षेत्र में मौत हो गयी है। मौत कैसे हुई है इसका पता नहीं चल सका है। हालांकि उसकी मौत की खबर से पूरे गांव में मातम पसर गया है।


जानकारी के अनुसार बगोदर थाना क्षेत्र के अडवारा पंचायत के बरवाडीह जमुआरी निवासी गिरधारी महतो का 19 वर्षीय पुत्र गोपाल कुमार गुजरात में पोकलेन हेल्पर के रूप में काम करता था। कार्य करने के दौरान ही शनिवार को उसकी मौत हो गयी। 



मौत की वास्तविक वजह क्या थी इसका अभी तक परिवार वालों को पता नहीं चल सका है। हालांकि उसकी मौत हो गयी है यह सूचना परिवार वालों को मिली है। उसकी मौत की सूचना मिलते ही मृतक के घर में मातम छा गया। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। इस घटना पर प्रवासी मजदूरों के हित में कार्य करने वाले समाजसेवी सिकन्दर अली ने गहरी संवेदना व्यक्त किया है।

ठंड में जरूरतमंदों के बीच किया कम्बल वितरण

गिरिडीह (Giridih)।  कंपकपाती ठंड को देखते हुए IRPC गिरिडीह द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में सभी समुदाय के जरूरतमंदों के बीच कंबल और गर्म कपड़े वितरित किए, ताकि लोगों को बढ़ती ठंड से राहत मिल सके।


इस कार्य मे संस्था के अध्यक्ष शादाब अहमद, प्रबंधक इमरान आलम, मीडिया प्रभारी गुलाम मुस्तफा, टूफी भाई, हामिद हाशमी, मो. आसिफ, मो. अली, फैजान इकबाल, मो० आजाद, शंकर दास आदि शामिल थे।


IPRC के सदस्यों व कार्यकर्ताओं ने सदर प्रखंड के चेताडीह, जोगीतांड़, मोहनपुर, बिशनपुर, तेलोडीह, नरेंद्रपुर, बरवाडीह,कोलडीहा,पहाड़ीडीह के अलावे महेशमुंडा आदि ग्रामीण क्षेत्रों में रात में ठंड से ठिठुरते लोगों को कम्बल प्रदान किया। 


इस नेक कार्य के लिये लोगों ने संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया और कार्यकर्ताओं को तहे दिल से दुआएं दीं।


ब्रह्म ऋषि समाज की बैठक में भवन निर्माण कार्य मे गति लाने का निर्णय

गिरिडीह (Giridih)। स्थानीय ब्रह्म ऋषि भवन में ब्रह्म ऋषि समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक गौतम कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जहां भवन निर्माण कार्य मे गति लाने पर बल दिया गया। वहीं सभी अंचलों एवं प्रखंड स्तरीय समितियों का चुनाव संपन्न कराने का निर्णय लिया गया। 


वहीं बैठक के दौरान सर्वसम्मति से अंचलों व प्रखण्ड कमिटियों के चुनाव पूर्व समाज की बैठक सभी अंचलों एवं प्रखंडों में करने का निर्णय लिया गया ताकि समाज के गुणात्मक विकास का कार्य किया जा सके और अधिक से अधिक लोगों का जुड़ाव हो सके। वहीं बैठक विभिन्न प्रकार की सामाजिक गतिविधियों एवं भावी कार्य योजना पर भी चर्चा किया गया।


बैठक में गौरी शंकर सिंह, जयप्रकाश सिंह, मैनेजर प्रसाद सिंह, किशोर सिह, अभय कुमार देव, मिथिलेश सिंह, मोहन सिंह, सुरेंद्र नारायण देव, राजेंद्र प्रसाद सिंह आदि उपस्थित थे।

सम्पत्ति बंटवारे को लेकर लड़ती रही बेटियां, नहीं होने दिया माँ का अंतिम संस्कार

चिता पर 9 घण्टे पड़ी रही मां की लाश, श्मशान घाट में ही बेटियों ने किया बखेड़ा
मथुरा (Uttar Pradesh)। एक बुजुर्ग महिला का शव 9 घंटे तक शमसान घाट में चिता पर पड़ा रहा लेकिन उसे मुखाग्नि देने के बजाय महिला की 3 बेटियां संपत्ति के लिए आपस में लड़ती रहीं और अंतिम संस्कार नहीं होने दी। आखिरकार रिश्तेदारों ने स्टांप पेपर मंगाकर तीनों बहनों के बीच संपतति का बंटवारा करवाया, उसके बाद ही चिता को अग्नि लगाई जा सकी। उत्तर प्रदेश की मथुरा की इस घटना को देख श्मशान घाट में मौजूद तमाम लोगों के सिर शर्म से गड गए।


बेटियों के घर रहकर करती थी गुजारा

कहते हैं कि औलाद बुढापे का सहारा होता है। हर मां-बाप उम्मीद करता है कि बुजुर्ग होने पर बच्चे उनकी देखरेख करेंगे और उन्हें सहारा देंगे। लेकिन मथुरा के नगला छीता गांव की रहने वाली पुष्पा देवी की बेटियों की करतूत ने सबों का सिर शर्म से झुका दिया। जानकारी के मुताबिक मूलरूप से मथुरा के नगला छीता गांव की रहने वाली पुष्पा देवी (98) के पति गिर्राज प्रसाद का निधन पहले ही हो चुका था। पुष्पा देवी का कोई बेटा नहीं था। बुढापे में वह अपनी शादीशुदा बेटियों के यहां रहकर बचा जीवन गुजार रही थीं। फिलहाल वे अपनी बेटी मिथलेश पत्नी मुरारी निवासी गली नंबर-5, आनंदपुरी, शहर कोतवाली के यहां रह रहीं थीं।

            मृतका की बेटियां

शनिवार रात बीमारी से हो गई थी मौत

शनिवार रात को बीमारी की वजह से पुष्पा देवी की मौत हो गई। इसके बाद अर्थी तैयार कर रविवार सुबह 10.30 बजे उनके शव को बिरला मंदिर के पास मोक्षधाम ले जाया गया। वहां पर लकड़ी लगाकर चिता तैयार कर ली गई और मुखाग्नि देने के लिए उस पर शव को लिटा दिया गया। तभी मृतका पुष्पा देवी की बड़ी बेटी शशी निवासी सादाबाद, जो कि विधवा हैं, वे अपनी बहन सुनीता के साथ वहां पहुंच गईं।


संपति बंटवारे को लेकर किया बखेड़ा

दोनों बहनों ने संपति के बंटवारे को लेकर बखेड़ा कर दिया। शशी ने कहा कि उनकी मां के नाम पर चार बीघा जमीन थी। उसकी वसीयत मिथलेश ने अपने नाम लिखा ली है, उसके आधार पर वह पूरी संपत्ति को अकेले रखना चाहती है। सुनीता ने कहा कि 4 बीघा में से डेढ बीघा जमीन मिथिलेश बेच चुकी है और अब वह बची जमीन भी बेचने की कोशिश में हैं।


विवाद के कारण चिता पर 9 घंटे तक पड़ा रहा शव

मिथलेश ने अपनी दोनों बहनों की बात का विरोध किया। इसके चलते वहां गहमागहमी हो गई और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया रुक गई। सूचना मिलने पर मौके पर गोविंद नगर और शहर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। उन्होंने तीनों बहनों को समझाने की कोशिश की लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। बहनों के बीच संपति विवाद में 9 घंटे गुजर गए। इसके बाद रिश्तेदारों ने दखल दिया और तीनों बहनों के बीच संपति को लेकर बंटवारा करवाया।

     बंटवारे का कागज लिखते रिश्तेदार

पहले हुआ सम्पत्ति का बंटवारा, फिर हुआ अंतिम संस्कार

बड़ी बहनों की मांग पर मौके पर स्टांप पेपर मंगवाया गया। उसके बाद पूरा समझौता उस पर लिखकर तीनों बहनों के साइन करवाए गए। इंस्पेक्टर रवि त्यागी के अनुसार चार बीघा जमीन में से मिथलेश डेढ़ बीघा जमीन को बेच चुकी है। अब केवल ढाई बीघा जमीन शेष बची है। समझौते में तय हुआ कि एक बीघा जमीन विधवा शशी को दी जाएगी। जबकि बाकी की जमीन में बराबर का बंटवारा सुनीता और मिथलेश के बीच किया जाएगा। समझौते पर साइन होने के बाद मां के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार पूरा हो सका।

झोला छाप डॉक्टर ने बेहोशी की इंजेक्शन लगा किया दुष्कर्म, अब कर रहा ब्लैक मेल

बिजनौर (Uttar Pradesh)। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के डिडौली कोतवाली क्षेत्र में एक गांव की रहने वाली एक युवती ने गांव के ही एक झोलाछाप डॉक्टर पर गम्भीर आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार झोलाछाप डॉक्टर ने उसे बेहोश कर अश्लील फोटो और वीडियो बनाया, फिर उन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। हालांकि यह मामला पांच साल पुराना है, लेकिन पीड़िता ने अब पुलिस में तहरीर दी है और आरोपित के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।


दवा लेने गयी थी डॉक्टर की क्लीनिक

पुलिस को दिये तहरीर में पीड़िता ने बताया कि वह पांच साल पहले गांव में रहने वाले झोलाछाप डॉक्टर रिजवान के क्लीनिक पर दवाई लेने गई थी। रिजवान ने उसे नशे का इंजेक्शन लगाकर बेहोश कर दिया और फिर उसके अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए। उन्हें इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी देकर दुष्कर्म किया और शादी करने का वादा किया। लेकिन बाद में उसने अपना वादा तोड़ दिया।


 पीड़िता की टूटी दो दो शादी

पीड़िता के परिजनों ने उसकी शादी संभल जनपद में कर दी, लेकिन रिजवान ने उसकी ससुराल में कॉल करना शुरू कर दिया। पति को जब इस बात की जानकारी हुई, तो उसने तलाक दे दिया। इसके बाद पीड़िता के परिजनों ने उसकी शादी मुरादाबाद जनपद के गांव में कर दी, लेकिन रिजवान ने फिर से उसकी ससुराल में कॉल करना शुरू कर दिया और पति को प्रेम संबंध के बारे में बता दिया, जिससे उसकी दूसरी शादी भी टूट गई।

अब भी ब्लैकमेल करता है झोलाछाप डॉक्टर 

पुलिस में दी तहरीर पीड़िता ने बताया कि रिजवान अभी भी उसे परेशान कर रहा है और फोटो व वीडियो प्रसारित करने की धमकी देकर दुष्कर्म कर रहा है। अधिक परेशान होकर उसने डिडौली कोतवाली में तहरीर दी है। 


आरोपी जल्द होगा गिरफ्तार, मिलेगी पीड़िता को न्याय

प्रभारी निरीक्षक हरीश वर्धन सिंह ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने आरोपित रिजवान के विरुद्ध दुष्कर्म, अश्लील फोटो और वीडियो बनाने और प्रसारित करने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपित को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।

सिमडेगा, गुमला, खूंटी और चतरा जिला को देश के रेल नेटवर्क से जोड़ने का काम शुरू

रांची (Ranch।  झारखण्ड प्रदेश के सिमडेगा, गुमला, खूंटी और चतरा जिला मुख्यालय को देश के रेल नेटवर्क से जोड़ने का काम शुरू हो गया है।झारखंड रेल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड ने इस संदर्भ में सर्वे का काम पूरा कर लिया है। बता दें कि अभी तक झारखंड का यह चार जिला मुख्यालय रेल सुविधा विहीन है। हालांकि यहां की जनता वर्षों से रेलवे की मांग को लेकर संघर्षरत है।


सिमडेगा जिला मुख्यालय में रेल लाओ अभियान आंदोलन के तहत लगातार 15 वर्षों से संघर्षरत सामाजिक कार्यकर्ता दीपेश निराला ने उक्त जिलों में सर्वे कार्य पूरा होने और राज्य सरकार द्वारा रेलवे बोर्ड को इस संदर्भ में रिपोर्ट भेजे जाने पर सरकार को धन्यवाद दिया है। मांग किया है कि जैसा कि सर्वे में दर्शाया गया है लोहरदगा से गुमला 55 किलोमीटर और गुमला से सिमडेगा 43 किलोमीटर को जोड़ने का सर्वे हुआ है, इसका विस्तार सिमडेगा से करीब 28 किलोमीटर और करते हुए इस रेललाइन को उड़ीसा के राजगांगपुर रेलवे स्टेशन तक करने से यह पूरा रेल सर्किट हावड़ा मुंबई मेन रेललाइन से जुड़ जाएगा। जिससे लोहरदगा का अल्युमिनियम का अयस्क बॉक्साइट, इत्यादि कोरबा छत्तीसगढ़ स्थित देश की सबसे बड़ी अलमुनियम फैक्ट्री नाल्को तक पहुंच पाएगा। जिससे यह आदिवासी बाहुल वन आच्छादित अति पिछड़ा क्षेत्र तीव्र गति से विकास करेगा। खनिज के साथ-साथ यह क्षेत्र वन उत्पाद के लिए भी काफी महत्वपूर्ण है। रेलवे के कारण यहां निर्बाध बिजली और पानी की भी आपूर्ति होगी, जिससे इस क्षेत्र में सैकड़ो प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के साधन पैदा होंगे और कल-कारखानों का जाल बिछेगा। 



खूंटी को हटिया रेलवे स्टेशन से और चतरा को हजारीबाग रेलवे स्टेशन से जोड़ना जनहित में एक बहुत बड़ा कार्य होगा। इससे झारखंड का सभी जिला रेलवे नेटवर्क से जुड़ जाएगा। दीपेश ने सरकार के साथ-साथ रेलवे बोर्ड से मांग की है कि भेजे गए उक्त सर्वे रिपोर्ट को जल्द मंजूरी देते हुए उक्त चारों जिला मुख्यालय को देश के रेलवे नेटवर्क से जुड़वाने का काम कर संवेदक चयन कर उक्त कार्य को यथाशीघ्र जनहित में करवाया जाय। इस परियोजना को लाभ एवं हानि के तराजू में न तौला जाए। खूंटी सहित उक्त चारों जिला मुख्यालय को रेल नेटवर्क से जोड़ने से यह धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी को एक बड़ी श्रद्धांजलि होगी।