बुधवार, 29 जुलाई 2020

29 साल बाद इस बार रक्षाबंधन पर बन रहा महासंयोग


29 साल बाद इस बार रक्षाबंधन पर बन रहा महासंयोग 
जानें राखी बांधने का मुहूर्त

रक्षाबंधन का त्योहार सावन माह की पूर्णिमा को मनाया जाता है। इस बार यह त्योहार सावन के आखिरी सोमवार यानी 3 अगस्त को पड़ रहा है। इस बार रक्षाबंधन बहुत खास होने वाला है क्योंकि इस साल रक्षाबंधन पर सर्वार्थ सिद्धि और आयुष्मान  दीर्घायु का शुभ संयोग बन रहा है। ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक रक्षाबंधन पर ऐसा शुभ संयोग 29 साल बाद आया है।

रक्षाबंधन का शुभ मुहूर्त :
राखी बांधने के समय भद्रा नहीं होनी चाहिए। कहते हैं कि रावण की बहन ने उसे भद्रा काल में ही राखी बांध दी थी इसलिए रावण का विनाश हो गया। 3 अगस्त को भद्रा सुबह 9 बजकर 29 मिनट तक है। राखी का त्योहार सुबह 9 बजकर 30 मिनट से शुरू हो जाएगा। दोपहर को 1 बजकर 35 मिनट से लेकर शाम 4 बजकर 35 मिनट तक बहुत ही अच्छा समय है।  इसके बाद शाम को 7 बजकर 30 मिनट से लेकर रात 9.30 के बीच में बहुत अच्छा मुहूर्त है।

रक्षाबंधन के दिन महासंयोग :
रक्षाबंधन के दिन बहुत ही अच्छे ग्रह नक्षत्रों का संयोग बन रहा है। इस दिन सर्वार्थ सिद्धि योग बन रहा है। इस संयोग में सारी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इसके अलावा इस दिन आयुष्मान दीर्घायु योग है यानी भाई-बहन दोनों की आयु लंबी हो जाएगी। इसके साथ ही 3 अगस्त को सावन की पूर्णिमा है। ऐसा संयोग बहुत कम आता है कि सोमवार के दिन पूर्णिमा पड़ जाए।
इसके अलावा 3 अगस्त को चंद्रमा का ही श्रवण नक्षत्र है। मकर राशि का स्वामी शनि और सूर्य आपस मे समसप्तक योग बना रहे हैं। शनि और सूर्य दोनों आयु बढ़ाते हैं। ऐसा संयोग 29 साल बाद आया है।

दूर रह कर कैसे मनाएं रक्षाबंधन :
इस बार कोरोना वायरस की वजह से कई भाई- बहन  रक्षाबंधन के त्योहार पर मिल नहीं पाएंगे। भाई-बहन अलग-अलग भी रहते हुए ये त्योहार मना सकते हैं। बहनें वीडियो कॉल करके भाई को देखते हुए भगवान कृष्ण की तस्वीर सामने रखकर उन्हें भाई मानकर उनके सामने राखी रख दें तो रक्षाबंधन का फल मिल जाएगा।

भाई ऑनलाइन वीडियो कॉल पर ही बहनों को आशीर्वाद दे दें। बहनें भगवान कृष्ण जी के सामने भोजन का भोग लगाकर भाई को दिखा दें। इस योग में सभी 12 राशियों का भला होने वाला है। इस दिन आप जो भी मनोकामना लेकर कृष्ण जी के सामने राखी का त्योहार मनाएंगे वो सभी पूरी होंगी।

सोमवार, 27 जुलाई 2020

सांसद प्रतिनीधि ने किया 100 केवीए के ट्रांसफर्मर का उदघाटन

सांसद प्रतिनीधि ने किया 100 केवीए के ट्रांसफर्मर का उदघाटन
बगोदर/ गिरिडीह :  ,कोडरमा संसदीय क्षेत्र के बगोदर प्रखण्ड सांसद प्रतिनिधि दुर्गेश कुमार ने सोमवार को औंरा पंचायत के टांड में 100 केवीए के ट्रांसफार्मर का विधिवत उद्घाटन किया। 

बता दे कि बगोदर प्रखंड के औरा स्थित टांड  में 63 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा था लेकिन अत्यधिक लौड़ होने के कारण बार बार ट्रांसफार्मर जलने की समस्या उत्पन्न होती रहती थी। जिससे वहाँ के लोग परेशन हो गए। स्थानीय लोगों ने इस समस्या से सांसद प्रतिनिधि दुर्गेश कुमार को अवगत कराया। 

दुर्गेश कुमार ने पहल करते हुए विधुत विभाग के अधिकारीयों से बात कर 100 केवीए का ट्रांसफार्मर दिलवाया। जिसका उद्धाटन सांसद प्रतिनिधि दुर्गेश कुमार ने सोमवार को फीता काटकर व नारियल फोड़कर किया। जिससे ग्रामीणों में ख़ुशी का माहौल देखा गया। मौके पर जितेंद्र कुमार, जितेंद्र साव, विक्की कुमार, नन्दकिशोर महतो, अमित कुमार, नागेश्वर महतो, तपेस्वर महतो आदि उपस्थित थे।

वज्रपात से पाँच मवेशियों की हुई मौत, बाल बाल बचा चरवाहा

वज्रपात से पाँच मवेशियों की हुई मौत, बाल बाल बचा चरवाहा

बगोदर/गिरिडीह :  बगोदर प्रखण्ड के चौधरी बाँध पंचायत अंतर्गत मुन्डरो गाँव में अकाशीय बिजली गिरने से पाँच मवेशी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि इस दौरान चरवाहा बाल बाल बच गया। 
सोमवार को निलकंठ यादव अपने मवेशी को चराने के लिए गाँव के बगल के टांड में ले गया था। सभी मवेशी चर रहे थे तभी अचानक जोरदार बारिश शुरू हो गयी मवेशी और चरवाहा जैसे तैसे खुद को बारिश से बचा रहे थे। इसी बीच आकाश से बिजली धरती पर आ गिरी। जिसकी चपेट में दो गाय, एक बछड़ा और दो बकरी आ गयी। उन पांचों मवेशियो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि चरवाहा जो बगल में ही वर्षा से बच रहा था। वह इस घटना से बाल बाल बच गया।

बैंक ऑफ इंडिया के धनवार ब्रांच को किया गया सींल, बैंक के लिपिक की हुई कोरोना से मौत

बैंक ऑफ इंडिया के धनवार ब्रांच को किया गया सींल, बैंक के लिपिक की हुई कोरोना से मौत
गिरिडीह : जिले के राजधनवार प्रखण्ड स्थित बैंक ऑफ इंडिया के ब्रांच को अगले आदेश तक के लिये सींल कर दिया गया है। वंही बैंक परिसर में दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू किया गया है जो गुरुवार मध्य रात्रि तक लागू रहेगा। खोरीमहुआ अनुमंडल के एसडीएम धीरेंद्र कुमार सिंह ने एक आदेश पत्र जारी कर बैंक ऑफ इंडिया के राजधनवार ब्रांच को सोमवार को सींल कर दिया है।

एसडीएम श्री सिंह ने बताया कि बैंक ऑफ इंडिया राजधनवार ब्रांच के मैनेजर ने यह सूचना दिया कि ब्रांच में कार्यरत एक क्लर्क की कोरोना संक्रमण से मौत हो चुकी है तथा एक अन्य महिला कर्मी संक्रमित है जिसका इलाज रांची के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। ब्रांच के अन्य कर्मियों की रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। यधपि क्लर्क के मृत्यु एक सप्ताह पूर्व ही हो चुकी है। लेकिन उसका रिपोर्ट अब आया है जिसमे उसके कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि की गई है।

एसडीएम द्वारा संक्रमण की रोकथाम के उद्देश्य से बैंक को कंटेंटमेंट जॉन और धनवार बाजार, मायाराम टोला, बुधवाडीह, पांडेयडीह, रोपामहुआ, पचरुखी एवं बरजो को बफर जॉन के रूप में चिन्हित कर संक्रमण के फैलाव को रोकने हेतु एहतियातन बैंक को अगले आदेश तक के लिए सील कर दिया है। कंटेंटमेंट जॉन के रूप में चिन्हित किया गया है।

एसडीएम श्री सिंह के अनुसार सरकार द्वारा निर्गत एसओपी के आलोक में स्थिति सामान्य होने पर अग्रणी बैंक प्रबंधक गिरिडीह के अनुशंसा पर पुनः बैंक खोलने की कार्रवाई की जाएगी।

मिसाईल मैन की पुण्यतिथि व तुलसी जयंती पर किया गया पौधारोपण

मिसाईल मैन की पुण्यतिथि व तुलसी जयंती पर किया गया पौधारोपण
 जमुआ/गिरीडीह  : प्रखंड के पोबी सचिवालय परिसर में सोमवार को पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि व रामचरित मानस के रचयिता गोस्वामी तुलसीदास की जयंती मनाई गई। 

कार्यक्रम का शुभारंभ दोनों के तस्वीर पर माल्यार्पण कर तथा श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। दोनों कालजयी महापुरुषों के नाम पर सचिवालय परिसर में सैकड़ों छायादार व फ़लदार वृक्षों का पौधारोपण किया गया।

मुखिया नकुल कुमार पासवान की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने दोनों महापुरुषों के जीवन पर प्रकाश डाला और उनके बताये मार्ग पर चलने का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम में उपस्थित पंसस प्रतिनिधि मो शाहिद अंसारी, सुरेश दास, पंचायत सचिव सत्यनारायण यादव, पंचायत स्वयंसेवक दिलीप कुमार राम, वार्ड सदस्य मो इफ्तेखार आलम, दिलीप पासवान, कृषक मित्र छोटन कुमार सिंह, समाजसेवी बासुदेव यादव, सहदेव यादव, विवेकानंद प्रसाद धीरज, पवन गोस्वामी, सुरेश विश्वकर्मा, राजा कुमार राम समेत  अन्य के हाथों पौधारोपण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।

तुलसीजयंती पर सस्वर सुंदरकांड का पाठ व रुद्राभिषेक का हुआ एसएसवीएम में आयोजन

तुलसीजयंती पर सस्वर सुंदरकांड का पाठ व रुद्राभिषेक का हुआ आयोजन


गिरिडीह : सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में सोमवार को संत शिरोमणि तुलसीदास जी की जयंती मनाई गई। प्रधानाचार्य संजीव कुमार सिन्हा ने तुलसीदास जी के समक्ष दीप जलाकर एवं पुष्पार्चन कर कार्यक्रम को प्रारंभ किया। इस अवसर पर आचार्य परिवार द्वारा सस्वर सुंदरकांड का पाठ किया गया एवं स्वास्थ्य एवं सुख की मंगल कामना के लिए रुद्राभिषेक किया गया।

प्रधानाचार्य ने कहा कि तुलसीकृत रामचरितमानस सभी हिंदू घरों का धरोहर है। इसका नियमित पाठ करने से सकल दोष एवं दुःख का निवारण होता है। तुलसीदास द्रष्टा, पथ प्रदर्शक, कवि एवं परम संत थे। पत्नी की एक फटकार से प्रेरित होकर उन्होंने संत मार्ग को अपनाया। उनकी 12 रचनाओं में रामचरितमानस सर्वश्रेष्ठ है। उन्होंने राम भक्ति द्वारा न केवल अपना ही जीवन कृतार्थ किया वरन सभी को श्री राम के आदर्शों से बांधने का प्रयास किया। हम रामचरितमानस से प्रेरणा लेकर आदर्श राज्य एवं राष्ट्र की स्थापना कर सकते हैं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में सतीश मिश्रा, अवधेश कुमार पाठक, राजेंद्र लाल बरनवाल,  अजीत मिश्रा, अरविंद त्रिवेदी, मनीष पाठक, बिपिन सहाय, पृथा सिन्हा, सविता पांडे, अनिता मिश्रा, हरिशंकर तिवारी आदि का योगदान सराहनीय रहा ।

सरिया : अनियंत्रित ट्रक ने लिया बाइक सवार को चपेट में, हुई मौत

अनियंत्रित ट्रक ने लिया बाइक सवार को चपेट में, हुई मौत
सरिया/गिरिडीह  : एक अनियंत्रित ट्रक ने एक बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया जिससे बाइक सवार की मौत हो गयी। घटना जिले के सरिया थाना क्षेत्र के नावाडीह स्थित राजदाह धाम चौक की बतायी जाती है।  

रविवार की रात लगभग दस बजे नावाडीह राजदाह मोड़ के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने नीमाटांड़ से सरिया जा रहे  सबलपुर ग्राम निवासी कार्तिक रवानी का 21 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार को पीछे से धक्का मार दिया।  जिससे उसकी मौत हो गयी।

घटना के बाद ट्रक चालक घटना स्थल से फरार होने में सफल रहा। इस बीच सूचना पाकर मौके पर पहुंची सरिया थाना की पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और बाइक को जब्त कर लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर थाना ले गई। वंही घटना की सूचना पर पूर्व विधायक नागेंद्र महतो थाना पहुंचे और घटना पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त किया। वंही थाना परिसर में मृतक के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था। पूर्व विधायक ने उन्हें सांत्वना देते हुये उनका ढाढस बंधाया। 

पूर्व विधायक श्री महतो ने दूरभाष पर सिविल सर्जन डॉ अवधेश कुमार सिन्हा से भी बात किया और शीघ्र पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया। 
सोमवार की सुबह सरिया पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। 

गिरिडीह के जाने माने कांग्रेसी नेता नरेंद्र सिन्हा छोटन का निधन

कांग्रेसी नेता नरेंद्र सिन्हा छोटन का निधन


गिरिडीह : गिरिडीह के जाने माने कांग्रेसी नेता कांग्रेस पार्टी के प्रदेश कार्यकार्यकरिणी समिति के सदस्य  नरेंद्र सिन्हा उर्फ छोटन का सोमवार सुबह रांची के रिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गयी। बताया जाता है कि बीते रात अचानक उनकी तबियत बिगड़ गयी थी। परिवार वालों ने उन्हें रांची के रिम्स में इलाज हेतु भर्ती कराया। जंहा सोमवार के अहले सुबह इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

मूलतः गिरिडीह के बक्सीडीह गांव के रहने वाले नरेंद्र सिन्हा सम्प्रति बरमसिया में अपने परिवार के साथ रहते थे। इनके पिता स्वO नंद किशोर प्रसाद गिरिडीह के नामचीन अधिवक्ता थे। महज 45 वर्षीय तेज तर्रार, हरदिल अजीज, गिरिडीह कायस्थ समाज के एक स्तम्भ के रुप मे समाजहित में काम करने वाले छोटन सिन्हा अपने पीछे मां,पत्नी बच्चे समेत दो बड़े और एक छोटे भाई का रोता बिलखता परिवार छोड़ गए हैं।

उनके निधन की खबर ज्योंहि गिरिडीह पहुंची सभी लोग स्तब्ध रह गए। उनके घर सुबह से ही परिवार और समाज से जुड़े लोगों, नाते रिश्तेदारों, उनके चाहने वालों, हितैषियों व शुभचिंतकों के साथ साथ कांग्रेस पार्टी समेत अन्य राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों का तांता लग गया। सभी गहरी शोक संवेदना प्रकट करते हुये ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना करते दिखे।

इस बीच पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उनका पार्थिव शरीर रांची से गिरिडीह के लिये रवाना हो चुका है। उनके साथ उनके बड़े भाई अधिवक्ता सह कांग्रेस पार्टी के नेता अजय सिन्हा मंटू और उनके पुत्र आयुष सिन्हा भी है। 

रविवार, 26 जुलाई 2020

पुलिस ने अवैध रूप से लायी गयी 16 ऊंट किया जब्त

पुलिस ने अवैध रूप से लायी गयी 16 ऊंट किया जब्त
गिरिडीह : जिले के ताराटांड़ थाना क्षेत्र के मनकडीहा मैदान से पुलिस ने अवैध रूप से लायी गयी 16 ऊंट  रविवार को जब्त किया है। बताया गया कि पुलिस को 24 ऊंट लाये जाने की सूचना मिली थी। जिसके आलोक में ताराटांड़ और अहिल्यापुर थाना की पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर 16 ऊंट जब्त करने में सफल रही। शेष ऊंट की तलाश अभी भी जारी है।
 
ताराटांड़ थाना प्रभारी दिनेश कुमार महली ने बताया कि ऊंट राजस्थान का राजकीय पशु है। उसे बिना अधिकृत कागजातों के राजस्थान से बाहर नहीं लाया जा सकता है। बाबजूद जितनी ऊंट जब्त की गई है उनका कोई कागजात कारोबारियों द्वारा प्रस्तुत नही किया गया है। कहा कि इसकी सूचना वरीय पदाधिकारियों को दे दी गई। आदेश के बाद कारोबारियों के विरुद्ध आगे की कार्रवाई की जाएगी।
   

पिस्टल और गोली के साथ लूटकांड का तीसरा अपराधी गिरफ्तार

पिस्टल और गोली के साथ लूटकांड का तीसरा अपराधी गिरफ्तार
गिरिडीह : बिहार की सीमा पर छह माह पूर्व हुवे लूटकांड में शामिल एक और अपराधी पकड़ा गया है। पकड़ा गया अपराधी बिहार के जमुई जिले का रहने वाला राकू यादव है। राकू को बिहार के नवादा जिले के कौआकोल थाना इलाके से पकड़ा गया है। राकू के पास से एक पिस्टल व गोली भी बरामद किया गया है। गिरफ्तारी के बाद राकू से नवादा पुलिस पूछताछ कर रही है।

विदित हो कि बीते 26-27 जनवरी की रात जिले के थानसिंगडीह क्षेत्र में नोनफोड़वा पुल के पास लूटपाट की घटना घटित हुई थी। नोनफोड़वा पुल के पास स्कार्पियो पर सवार अपराधियों ने राहगीर विमलेश साव समेत अन्य राहगीरों से मारपीट कर 3 बाइक, मोबाइल और पैसे को लूट लिये थे। इस दौरान अपराधियों द्वारा की गयी फायरिंग में विमलेश घायल हो गया था। घटना को लेकर लोकाय-नयनपुर थाना में कांड संख्या 1/20 अंकित किया गया था। अपराधियों की धरपकड़ के लिए एसडीपीओ नवीन कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित किया था। टीम ने घटना के दूसरे दिन ही एक अपराधी रविरंजन को गिरफ्तार कर लिया था। रवि ने पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी दी थी जिसके बाद एक और अपराधी को पकड़ा गया। अब राकू की गिरफ्तारी के बाद इस कांड में यह तीसरी गिरफ्तारी है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक गिरिडीह के लोकाय-नयनपुर थाना प्रभारी सुरेश लिंडा व कांड के अनुसंधानकर्ता सअनि सुनील कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली उक्त लूट कांड में शामिल अपराधी राकू यादव बिहार के कौवाकोल इलाके में देखा गया है। सूचना के आलोक में लोकाय थाना प्रभारी भी नवादा पहुंचे और दोनों राज्यों की पुलिस ने जॉइंट ऑपरेशन चलाकर राकू यादव को गिरफ्तार करने में सफलता पायी।  लोकाय-नयनपुर थाना पुलिस गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुये बताया कि राकू काफी कुख्यात अपराधी है और उसके खिलाफ बिहार में कई मुकदमें दर्ज है। बताया गया की जल्द ही गिरिडीह पुलिस राकू को रिमांड में लेगी।

अतिवीर फैक्ट्री में मजदूर की मौत, 14 लाख 71 हजार मुआवजा देने पर बनी सहमति

अतिवीर फैक्ट्री में मजदूर की मौत, 14 लाख 71 हजार मुआवजा देने पर बनी सहमति


गिरिडीहः मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महतोडीह स्थित अतिवीर फैक्ट्री में बीते रात हुए एक हादसे एक मजदूर की मौत हो गयी। मृतक मजदूर बिहार के रोहतास जिला अंतर्गत नासरीगंज निवासी किशोर चौधरी था। फैक्ट्री प्रबंधन ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों के दे दिया। 

दूसरी ओर घटना की सूचना पाकर भाकपा माले नेता पहुंचे और फैक्ट्री प्रबंधन के समक्ष मुआवजे की मांग रखी। त्रिपक्षीय वार्ता उपरांत फैक्ट्री प्रबंधन ने मृतक के आश्रित को 14 लाख 71 हज़ार 50 रुपये बतौर मुआवजा देने पर सहमति जताया। तत्काल दाह संस्कार हेतु 30 हजार नगद और क्रियाकर्म हेतु समझौता राशि मे से अग्रिम 1लाख 30 हजार रुपये नगद का भुगतान कर दिया गया। मृतक के आश्रितों ने शव को अपने साथ लेकर नासरीगंज चले गये।
घटना के सम्बंध में फैक्ट्री प्रबंधन के प्रतिनिधि मनोज पांडेय ने बताया कि शनिवार की रात में किशोर ड्यूटी कर रहा था। रात में बोकेट जाम होने पर पांच कर्मियों के साथ किशोर बोकेट को साफ करने का काम कर रहा था। इसी दौरान क्रेन का सॉकेट बेरिंग सीधा किशोर के सिर पर आ गिरा। जिससे वह गम्भीर रूप से घायल हो गया। देर रात ही उसे अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

घटना की सूचना मिलते ही देर रात में ही माले नेता सदर अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी लेते हुए मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने को कहा। फैक्ट्री प्रबंधन ने बताया कि मृतक के परिजनों को नियम के अनुसार मुआवजा मिलेगा। रविवार को वार्ता पश्चात बतौर मुआवजा 14 लाख 41 हजार 50 रुपये पर सहमति बनी इसके अलावे दाह संस्कार हेतु 30 हजार अतरिक्त अर्थात कुल 14 लाख 71 हजार 50 रुपये देने की बात पर प्रबंधन ने सहमति जताया।
त्रिपक्षीय वार्ता में माले नेता राजेश यादव, राजेश सिन्हा और मुनव्वर हसन के अलावे सुमेश्वर चौधरी, कामेश्वर चौधरी, बिनोद चौधरी, सुभाष, विशाल, बीरू, श्रवण आदि मुख्य रूप से मौजूद थे। 

टायर दुकान में लगी आग, लाखों की हुई क्षति

टायर दुकान में लगी आग, लाखों की हुई क्षति
सरिया/ गिरिडीह  : सरिया-बगोदर मुख्यमार्ग के सेवाबांध स्थित एक रिसोल टायर दुकान में असामाजिक तत्वों द्वारा अगलगी की घटना को अंजाम दिया गया। जिससे दुकान में लाखों की क्षति होने की बातें कही जा रही है। 

घटना के बाबत भुक्तभोगी मो. अलाउद्दीन ने बताया कि हर दिन की तरह शनिवार की रात्रि 8 बजे वह रोज की तरह दुकान बंद कर अपने बगोदर स्थित घर चला गया था।  रात्रि लगभग 12 बजे सरिया पुलिस ने फोन द्वारा उसे दुकान में आग लगे होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही वह दुकान पर पहुंचा और पुलिस प्रशासन के सहयोग से आग बुझाया। लेकिन जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक दुकान का सब कुछ जलकर नष्ट हो चुका था।

अलाउद्दीन ने बताया कि घटना में लगभग 6 लाख की क्षति हुई है। उंसने घटना के बाबत थाने में एक आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाया है।