गुरुवार, 19 मार्च 2020

जिला जज के तुगलकी फरमान से क्षुब्ध अधिवक्ता बैठे धरने पर

जिला जज के तुगलकी फरमान से क्षुब्ध अधिवक्ता बैठे धरने पर

           कोर्ट गेट पर धरना पर बैठे अधिवक्तागण
          

गिरिडीह :  जिला अधिवक्ता संघ के अधिवक्तागण गुरुवार को जिला जज के तुगलकी फरमान से क्षुब्ध हो आंदोलित हो गये और व्यवहार न्यायालय के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठे गये।

जिला जज ने व्यवहार न्यायायल परिसर के अंदर अधिवक्ताओं को गाड़ी नहीं रखने का एक फरमान  जारी किया। जिसे जिला अधिवक्ता संघ के अधिवक्ताओं ने अमर्यादित फरमान करार देते हुये इसके विरुद्ध संघ के महासचिव चुन्नुकान्त के नेतृत्व में न्यायालय के मुख्य द्वार पर धरना पर बैठ गये।

अधिवक्ताओं का कहना था कि वह वर्षों से न्यायालय परिसर में अपनी दुपहिया चारपहिया वाहन खड़ा कर न्यायालय सम्बन्धी कार्यों का निष्पादन करते आ रहे हैं। कभी उन्हें इसके लिये मना नहीं किया गया है। लेकिन बर्तमान जिला जज ने यह फरमान जारी किया जो सर्वथा न्यायोचित नहीं है। कहा कि क्या अधिवक्तागण अपने वाहनों को सड़कों पर लावारिश हालात में छोड़ न्यायालीय कार्य करेंगे।

बाद में जिला जज ने अधिवक्ताओं को अपने कार्यकाल कक्ष में बुला उनसे वार्ता कर उन्हें धरना समाप्त करने को कहा।
वार्ता पश्चात अधिवक्ता संघ के महासचिव चुन्नुकांत ने बताया कि जिला जज ने कहा है कि कोरोना महामारी को ध्यान में रखते हुये सुप्रीम कोर्ट का गाइड लाइन आया है। उसी के आलोक में वाहन केम्पस से बाहर रखने को कहा गया है। महासचिव ने कहा कि अभी अधिवक्तागण सुप्रीम कोर्ट के गाइड लाइन को फॉलो करेंगे। बाद में आपसी अंतर्विरोध को सुलझाया जायेगा।

धरना में शिवेन्द्र कुमार सिन्हा, संजीव रंजन सिन्हा, मनीष वर्मा, विनय बक्सी, कला सहाय, समेत काफी संख्या में अधिवक्तागण शामिल थे।

भाकपा माले की टीम सदर अंचल कार्यालय पहुंच लिया लोगों की परेशानियों का लिया जायजा

भाकपा माले की टीम सदर अंचल कार्यालय पहुंच लिया लोगों की परेशानियों का लिया जायजा

   दिया अंचलाधिकारी को कार्यसंस्कृति में बदलाव लाने का अल्टीमेटम


गिरिडीह : भाकपा माले की राज्य कमिटी सदस्य राजेश कुमार यादव एवं  गिरिडीह विधानसभा के प्रभारी राजेश सिन्हा के नेतृत्व में गुरुवार को माले की एक टीम सदर अंचल कार्यालय पहुंची और वँहा लोगों को हो रही परेशानियों का जायजा लिया।

इस दौरान अंचलाधिकारी किसी सरकारी कार्य से अपने कार्यालय में उपस्थित नहीं थे। हालांकि इस दौरान अपने कार्यों को लेकर अंचल कार्यालय का चक्कर काटने वाले कई लोगों से माले की टीम ने मुलाकात की।

गिरिडीह शहर के गगन मुखर्जी रोड निवासी एक 'सीनियर सिटीजन' शुभाशीष चौधरी विगत कई दिनों से  लगातार अंचल अधिकारी से मिलने आ रहे हैं। उन्होंने अंचल द्वारा लगाए गए कैंप में आवेदन संख्या 148 के तहत रसीद ऑनलाइन कराने का आवेदन दिया है, लेकिन अभी तक उसका निष्पादन नहीं हुआ है। इसी तरह की बात आवेदन संख्या 147 के आवेदक मनोज यादव ने भी बतायी। वहीं, सिरसिया निवासी अनिल कुमार सिन्हा की परेशानी यह है की ऑनलाइन में उनकी जमीन के प्लॉट का नंबर 110 के जगह पर 10 कर दिया गया है जिसे सुधारने के लिए उन्होंने 9 जनवरी 2020 को ही आवेदन दिया है, लेकिन आज तक वे काम नहीं होने के कारण लगातार अंचल कार्यालय की दौड़ लगा रहे हैं।

विभिन्न समस्याओं को लेकर परेशान ऐसे ही आधा दर्जन से भी अधिक लोगों से माले की टीम ने बात करने के उपरांत कहा कि शासन के साथ झारखंड में कार्य संस्कृति भी बदलनी चाहिए,  जो अभी तक दिखाई नहीं दे रहा। लोग छोटे-मोटे कार्यों के लिए भी सरकारी दफ्तरों में परेशान हो रहे हैं।

माले की टीम ने अंचल अधिकारी से उपरोक्त सारे मामलों को तुरंत  निष्पादित करने की मांग की और कहा कि यदि यही हाल रहा तो उनकी पार्टी चुप नहीं बैठेगी। मौके पर शुभाशीष चौधरी, अनिल कुमार सिन्हा, मनोज यादव समेत अन्य पीड़ित गण मौजूद थे।

कांग्रेसी नेता के प्रयास से सीडीपीओ ने दिया दिव्यांग निजामुद्दीन को व्हील चेयर

सीडीपीओ ने दिया दिव्यांग निजामुद्दीन को व्हील चेयर


गिरिडीह :  बाल विकास परियोजना पदाधिकारी गिरिडीह (सीडीपीओ) ने मुफ्फसिल इलाके के महेशलुन्डी अंतर्गत बालोडीगां निवासी दिव्यांग मो० निजामुद्दीन अंसारी को गुरुवार को व्हीलचेयर प्रदान किया गया।

 निजामुद्दीन बीते बारह वर्षों से जमीन पर पैर नहीं रख पायें है,और अपने कार्य के लिये दूसरों पर आश्रित रहते हैं। इस बात की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस ओबोसी सेल के प्रदेश उपाध्यक्ष बलराम यादव और असंगठित कांग्रेस के जिला चेयरमेन अशोक विश्वकर्मा ने अथक प्रयास कर उन्हें व्हील चेयर दिलवाने में सहायक साबित हुए।

व्हील चेयर मिलने निजामुद्दीन के चेहरे पर खुशी की लहर दिखी। उन्होंने कहा कि अब इसके सहारे वह अपना सब काम स्वंय कर सकेंगे। उन्हें दूसरों पर आश्रित नहीं रहना पड़ेगा।

मौके पर कांग्रेस नेता बलराम यादव ने कहा कि इंसानियत से बढ़कर कोई मजहब नहीं होता। हमारी एक छोटी सी कोशिश से अगर किसी गरीब दिव्यांग के चेहरे पर खुशी आ जाये इससे बड़ी बात और कुछ नहीं हो सकता। इस तरह का कार्य कर मुझे बहुत ही अच्छा एवं मन को शांति मिली है।
मौके पर निजामुद्दीन की माता, और भाई के अलावे मो० शमशेर,मो० चांद रसीद, मो इम्तियाज,मो० नासिर आदि उपस्थित थे।

उपायुक्त ने किया मधुबन क्षेत्र में होटलों, धर्मशालाओ, लॉजों की जांच हेतु छ: सदस्यीय टीम का गठन

उपायुक्त ने किया मधुबन क्षेत्र में होटलों, धर्मशालाओ, लॉजों की जांच हेतु छ: सदस्यीय टीम का गठन

               उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा    


गिरिडीह : जिले के पीरटांड़ प्रखंड के मधुबन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर होटल, धर्मशाला, लॉज, स्थापित है। यह इलाका जैनियों का विश्व प्रसिद्ध तीर्थ क्षेत्र होने के कारण यंहा देश के अन्य हिस्सों से बहुतायात संख्या में पर्यटक आते हैं एवं उन होटलों, धर्मशालाओं, लॉजो इत्यादि में ठहरते हैं। जहां पर आरामदायक और आनंद पूर्ण सेवाओं का उपभोग करते हैं। 

लेकिन मधुबन क्षेत्र में धर्मार्थ चैरिटेबल कार्य की आड़ में लग्जरियस होटल भी कार्यरत हैं। जिससे राजस्व की क्षति हो रही है। 

उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने मधुबन क्षेत्र में धर्मार्थ चैरिटेबल कार्य की आड़ में संचालित लग्जरियस होटल की गहन छानबीन का निर्देश दिया है। ताकि सरकार की राजस्व में वृद्धि किया जा सकें। उपायुक्त श्री सिन्हा ने उन होटलों, धर्मशालाओं एवं लॉजो की जांच हेतु एक छ: सदस्यीय टीम का गठन किया है। टीम में राज्य-कर उपायुक्त गिरिडीह, अनुमंडल पदाधिकारी डुमरी, कार्यपालक अभियंता भवन निर्माण विभाग, कार्यपालक अभियंता विद्युत प्रमंडल, श्रम अधीक्षक के अलावे अंचलाधिकारी, पीरटांड़ को शामिल किया है।

उपायुक्त ने उपरोक्त गठित टीम में शामिल पदाधिकारियों को यह निर्देश दिया है कि आपस में समन्वय स्थापित कर उक्त स्थलों पर स्थापित होटलों, धर्मशालाओंं एवं लॉजो आदि स्थानों में जाकर उसके विपत्र, विद्युत कनेक्शन, रूम टेरिफ एवं वार्षिक टर्न ओवर रजिस्टर आदि से संबंधित हर एक पहलू की जांच सुनिश्चित करेंगे और निबंधन योग्य व्यवसायियों का वाणिज्य कर/ आयकर, विद्युत आदि विभागों से सम्बंधित नियमानुसार निबंधन प्राप्त करेंगे। एवं जांचोंपरांत इसकी रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय में एक सप्ताह के अंदर समर्पित करेंगे।

बुधवार, 18 मार्च 2020

विहिप की बैठक में वर्ष प्रतिपदा और राम जन्मोत्सव पर चर्चा

विहिप की बैठक में वर्ष प्रतिपदा और राम जन्मोत्सव पर चर्चा
गिरिडीह : विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल की नगर व जिला इकाई की संयुक्त बैठक बुधवार को सम्पन्न हुई।
जिसकी अध्यछता जिला सेवा प्रमुख शिवशक्ति साह ने किया।
 
बैठक में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी राम जन्मोत्सव भव्य रूप से मनाने पर चर्चा किया गया। इस मौके पर अगामी 27 मार्च को रथ यात्रा निकाला जाएगा। यह रथ यात्रा बड़ा चौक से निकल कर कचहरी रोड स्थित महावीर मंदिर में समापन किया जाएगा। पूरे गिरिडीह जिले में 15 से 30 मार्च के बीच 250- 300 मंदिरों में राम जन्मोत्सव मनाया जाएगा।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि चैत शुक्ल प्रतिपदा;हिन्दू नववर्ष के मौके पर 25 मार्च विहिप स्वंय सेवक सुबह 8 बजे बड़ा चौक एवं कचहरी रोड पर लोगो को तिलक लगा कर हिन्दू नव वर्ष की शुभकामनाएँ देंगे।

बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं में रितेश पांडेय, उत्कर्ष पाण्डेय, ज्योति शर्मा, शुभम बर्णवाल, राजेश राम, कुंदन  केशरी, सुरेश रजक, रोहित मुखर्जी, अमित कुमार, ब्रिजेश चौधरी, रवि राणा, दिवाकर, कन्हैया पांडेयआदि उपस्थित थे।

व्ह्यटी बाजार पुराना अखाड़ा कमेटी के अध्यक्ष बने नंदकिशोर और उज्जवल सचिव

व्ह्यटी बाजार पुराना अखाड़ा कमेटी के अध्यक्ष बने नंदकिशोर और उज्जवल सचिव

              बैठक में उपस्थित लोग
           

गिरिडीह : हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी रामनवमी का त्यौहार धूमधाम से मनाने हेतु व्ह्यटी बाजार पुराना अखाड़ा की एक बैठक संम्पन्न हुई। बैठक में जंहा परम्परागत तरीके से रामनवमी उत्सव मनाने का निर्णय लिया गया वंही अखाड़ा कमिटी का पुनर्गठन भी किया गया।

बैठक में सर्वसम्मति से नयी के अध्य्क्ष नंदकिशोर गुप्ता  बनाये गये वंही उज्ज्वल गुप्ता को सचिव, राजेंद्र गुप्ता को उस्ताद के रूप में चुना गया। जबकि लाइसेंसी के रूप में भुनेश्वर प्रसाद साव का चयन किया गया।

बैठक में मानिकचंद गुप्ता, सत्यप्रकाश साहा, दीपक साव, नीरज साव, उज्ज्वल साव, अभिषेक साव, मोनू, आकाश गुप्ता, शिवम गुप्ता, श्याम जायसवाल, विक्की साव, प्रदीप साव समेत कई लोग उपस्थित थे।

डुमरी में नकली पुदीन हरा फैक्ट्री का पर्दाफाश, मामले में एक गिरफ्तार

डुमरी में नकली पुदीन हरा फैक्ट्री का पर्दाफाश,  मामले में एक गिरफ्तार

                 छापेमारी में बरामद सामग्री
           

गिरिडीह :  जिले की डुमरी पुलिस ने डाबर कंपनी के नाम पर नकली पुदीन हरा नामक दवा बनाने वाली एक अवैध फैक्ट्री का पर्दाफाश किया। राष्ट्रीय राजमार्ग 2 स्थित बाईपास रोड के पास हेठटोला में एक झोपड़ी नुमा घर में पुलिस ने मंगलवार को छापेमारी कर नकली पुदीन हरा की शीशी, ढक्कन, रैपर और रसायन आदि जब्त किया। वंही इस मामले में पुलिस ने भागीरथ महतो नामक एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया।

घटना के सम्बंध में डुमरी पुलिस ने बताया कि दिल्ली से डाबर कंपनी के अधिकारी रंजीत कुमार सिंह डुमरी पहुंच इस अवैध गौरखधंधे की जानकारी दी। उन्होंने डुमरी थाना में आवेदन देकर एक मामला भी दर्ज कराया। पुलिस को दिए आवेदन में इस बात का उल्लेख किया कि दिल्ली स्थित डाबर कंपनी को इस बात की सूचना मिली थी कि डुमरी थाना क्षेत्र के हेठ टोला निवासी भागीरथ महतो पुदीन हरा बनाने का काम करता है, जिस पर डाबर का रैपर लगाता है।

जिसके आलोक में डुमरी के थाना प्रभारी उदय कुमार राय ने त्वरित कार्रवाई करते हुये सदलबल डुमरी पंचायत के हेठटोला में उक्त छापेमारी किया और मामले के आरोपी भागीरथ महतो को गिरफ्तार कर लिया गया है। छापेमारी में एसआइ राजू मुंडा, टी करकेट्टा आदि शामिल थे।

कोरोना से बचाव के लिये गायत्री शक्तिपीठ में हुआ गायत्री महायज्ञ

कोरोना से बचाव के लिये गायत्री शक्तिपीठ में हुआ गायत्री महायज्ञ

       शामिल हुये काफी श्रद्धालु


         गिरिडीह : कोरोना वायरस से बचाव के लिए गायत्री शक्ति पीठ गिरिडीह में विशेष गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया। लोगों से कोरोना वायरस से नहीं डरने की अपील की गई।

यज्ञशाला में 80 प्रकार की जड़ी-बूटियों, घी एवं गुड़ से आहुति प्रदान की गई। उपस्थित लोगों से कहा गया कि कोरोना से डरने की जरूरत नहीं है। आयोजक अखिल विश्व गायत्री परिवार गिरिडीह के सदस्यों ने बताया कि घर-घर में गायत्री महायज्ञ एवं गायत्री साधना करने का निवेदन किया जा रहा है। 

दावा किया कि गायत्री की साधना एवं यज्ञ की ऊर्जा से कोरोना, प्लेग, डेंगू, मलेरिया जैसी कई बीमारियों का प्रसार धीमा होता है। जिनके घरों में यज्ञ की व्यवस्था नहीं है उन्हें गायत्री शक्तिपीठ गिरिडीह में प्रतिदिन सुबह 8-10 बजे तक चलने वाले गायत्री महायज्ञ में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया। घर-घर में गायत्री महायज्ञ कराने के लिए गायत्री शक्तिपीठ से संपर्क करने की अपील की गई।

कहा कि भारतीय ऋषियों के इस महाविज्ञान का लाभ हर व्यक्ति प्राप्त कर सकता है। एक साल से अखिल विश्व गायत्री परिवार घर-घर में गायत्री हवन यज्ञ एवं गायत्री महामंत्र की साधना निश्शुल्क करा रहा है। मौके पर कामेश्वर सिंह, हरेंद्र प्रसाद चौधरी, अनिल चौहान, जय प्रकाश राम, भागीरथ प्रसाद सिंह, सहदेव प्रसाद कुशवाहा, प्रकाश मंडल, जितेंद्र शर्मा, पूनम बरनवाल, दयानंद प्रसाद, उर्मिला देवी, प्रियंवदा चौधरी, निर्मला देवी आदि उपस्थित थे।

कोरोना के दहशत से जैन तीर्थक्षेत्र मधुबन हुआ वीरान

कोरोना के दहशत से जैन तीर्थक्षेत्र मधुबन हुआ वीरान
                     मधुबन की वीरान सड़कें

गिरिडीह : जैनियों का विश्व प्रसिद्ध जैन तीर्थ स्थल मधुबन में कोरोना वायरस का दहशत स्पष्ट देखा जा रहा है। दहशत के कारण जंहा मधुबन की सड़कों पर सन्नाटा पसर गया है। देश और विदेश के कोने कोने से यहां आने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या काफी नगण्य हो गयी है। जिससे यंहा के डोली मजदूरों एवं ऑटो चालकों के समक्ष रोजगार का संकट आ गया है।

विदित हो कि यंहा आने वाले तीर्थयात्री जमकर खरीदारी भी करते हैं।  लेकिन यात्रियों के नहीं आने से यहां के दुकानदारों में भी मायूसी है। मधुबन के धर्मशालाएं भी खाली पड़ी है।

 गौरतलब है कि इस तीर्थ नगरी में बड़ी संख्या में महाराष्ट्र, कर्नाटक एवं दिल्ली से लोग आते हैं, जहां कोरोना वायरस का कहर सबसे अधिक है। उन प्रदेशों से यंहा आने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या कम हो गयी है। फिलहाल यहां झारखंड, बिहार के अलावा मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश से ही यात्री आ रहे हैं। हालांकि उनकी संख्या में काफी कम है। जिस कारण तीर्थयात्रियों के बदौलत जीवन यापन करने वालों के समक्ष काफी विकट समस्या उतपन्न हो गयी है। दूसरी ओर इस विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल में चिकित्सीय जांच का कोई उचित प्रबंध नहीं है। यहां के लोगों का कहना है कि यात्रियों की चिकित्सीय जांच जरूरी है। ताकि जो यात्री अभी यंहा आ रहे हैं उनका चिकित्सीय जांच हो सके।

पम्पलेट बांट लोगों को किया कोरोना के प्रति जागरूक

पम्पलेट बांट लोगों को किया कोरोना के प्रति जागरूक
गिरिडीह : मारवाडी युवा मंच की प्रेरणा शाखा के द्वारा बुधवार को गिरिडीह शहरी क्षेत्र के गांधी चौक में कोरोना वाइरस को लेकर लोगो को जागरूक किया। 
इस दौरान प्रेरणा शाखा की सदस्यों ने लोगो के बीच पम्पलेट का वितरण किया और कोरोना वाइरस के बारे में जानकारी दी। साथ ही उसके लक्षण और बचाव से जुड़ी बातें भी बतायी। 

वंही प्रेरणा के सदस्यों ने आम जनता के बीच मास्क और साबुन का भी वितरण किया। इस कार्यक्रम में प्रेरणा शाखा से जुड़े सदस्य काफी संख्या में मौजूद थे।

मुम्बई से लौटा व्यक्ति था बीमार, लोगों ने बताया कोरोना संदिग्ध, गांव पहुंचा चिकित्सा टीम

मुम्बई से लौटा व्यक्ति था बीमार, लोगों ने बताया कोरोना संदिग्ध
*युवक ने खुद को कमरे में बंद कर, किया इलाज से इनकार, ग्रामीणों में दहशत

 
गिरिडीह : जिले के बिरनी प्रखंड के ग्राम पंचायत पेशम के पंडवाडीह गांव निवासी स्वर्गीय अकलू मंडल का पुत्र चंद्रिका मंडल मुंबई से बुधवार की सुबह अपने गांव आया जो सर्दी, खांसी और बुखार से ग्रसित हैं। स्थानीय लोगों ने उसे कोरोना का संदिग्ध करार दे इलाज कराने को बोला तो उसने स्वंय को घर के एक कमरे में बंद कर लिया और इलाज कराने से इनकार किया।

ग्रामवासी के साथ परिवार वाले भी इससे काफी दहशत में आ गये और उन्होंने इसकी सूचना न केवल प्रखंड के बीडीओ को बल्कि प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी को भी सूचना दिया। ग्रामीणों की सूचना पर प्रखंड का प्रशासनिक महकमा काफी सक्रिय हो गया। 

बीडीओ के निर्देश पर प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अशोक कुमार यादव एक चिकित्सा टीम के साथ पंडवाडीह गांव पहुंच उक्त व्यक्ति की गहन परीक्षण किया। उन्होंने बताया कि चन्द्रिका मण्डल में कोरेना का कोई लक्षण नहीं मिला है। वह साधारण सर्दी, खाँसी और बुखार से ग्रसित है जो मौसमी है। जिसकी दवा दी गई है। वह जल्द स्वस्थ्य हो जायेगा।

चिकित्सा टीम के गांव पहुंच चन्द्रिका की जॉच कर उसमें कोरोना के लक्षण से इनकार करने के बाद ग्रामवासी के मुरझाए चेहरे पर सुकून देखने को मिली। ग्रामीण प्रखंड प्रशासन और स्वास्थ्य महकमा की ततपरता के लिए उन्हें साधुवाद दिया। कहा कि प्रखंड प्रशासन कोरोना जैसे महामारी के प्रति काफी सजग है। 

तिलैया से तगादा कर लौट रहे मिर्च कारोबारी से जगजगो जंगल मे हुई पांच लाख की लूट

गिरिडीह:  जगजगो जंगल मे बस रोक हथियारबंद अपराधियों ने पांच लाख लूटा
   *तिलैया से तगादा कर लौट रहे थे मिर्च कारोबारी

गिरिडीह : कोडरमा-गिरिडीह भाया द्वारपहरी मुख्य मार्ग पर जगजगो जंगल के समीप अपराधियों ने शिवशंकर डीलक्स नामक एक यात्री बस में सवार एक व्यक्ति के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया। अन्य यात्रियों को किसी प्रकार परेशान नहीं किया। हालांकि यात्रियों में दहशत फैलाने के उद्देश्य से चलाये गये एक चक्र गोली की आवाज से बस पर सवार एक महिला बेहोश हो गयी।  घटना मंगलवार देर शाम स्थल मुफ्फसिल थाना क्षेत्र की है।

घटना के सम्बंध में प्रत्यक्षदर्शी सरफराज नामक यात्री ने बताया है कि कोडरमा से गिरिडीह आ रही शिवशंकर डीलक्स नामक बस जब मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के जगजगो जंगल के समीप पहुंची। एक व्यक्ति ने बस को हाथ देकर रुकवाया। वह शराब के नशे में धुत था। जब बस रुकी तो बस पर सवार हो उसने कहा कि उसके दो साथी और आ रहे हैं। कुछ ही देर बाद उसके एक और साथी बस पर सवार हो गया जबकि तीसरा साथी बस के नीचे ही खिड़की के पास खड़ा रहा। तीनो अपराधी अपने चेहरे को ढंक रखा था।

ब्राउन कलर का बैग ढूंढ रहे थे अपराधी : 

दूसरे अपराधी के बस पर सवार होते ही दोनों ने हाथ मे तमंचा निकाल लिया यात्रियों से ब्राउन कलर का बैग किसके पास है कि मांग करने लगा। जबकि तीसरा अपराधी बस के नीचे ठीक उसी सीट की खिड़की के पास खड़ा था जिसे लूटना उन अपराधियों की मंजिल थी। वह बाहर से उस खिड़की के सीसा ठोंक रहा था। बस पर सवार अपराधी पहले उस व्यक्ति के बगल वाले यात्री के पास गया लेकिन उसके पास काला बैग था। जिसे लेकर पटक दिया। उसके ठीक बगल बैठे यात्री इस दौरान कुछ नहीं बोल रहा था। अपराधियों ने बस के भीतर एक गोली फायर कर दिया। जो उस यात्री के कनपटी के बगल से निकल बस का सीसा तोड़ बाहर निकल गया। अपराधियो ने उसके पास से ब्राउन कलर का बैग झपट कर बस से उतर अंधेरे में गम हो गये।यात्री ने बताया कि फायरिंग की आवाज से बस पर सवार एक महिला बेहोश हो गयी। वहीं जिस यात्री के साथ लूट हुई वह भी दहशत के कारण कुछ बोल पाने की स्थिति में नहीं था।

हुई पांच लाख की लूट , भुक्तभोगी मिर्ची का है थोक व्यापारी : 

बस में जिस व्यक्ति के साथ अपराधियों ने लूट की घटना को अंजाम दिया वह नगर थाना क्षेत्र के आईसीआर रोड निवासी अमित गुप्ता है। जो मिर्ची का थोक व्यापारी है। मंगलवार को वह तिलैया के व्यापारियों से पांच लाख रुपये तकादा वसूल कर शिवशंकर डीलक्स बस से गिरिडीह लौट रहा था और जगजगो जंगल मे उसकी रुपयों से भरी ब्राउन कलर की बैग को अपराधियों ने लूट लिया। सम्भवना जताया जा रहा है कि अपराधियों को पहले से यह पता था कि अमित ब्राउन कलर का बैग में रुपये भर कर ला रहा है। तभी अपराधियों ने बस पर सवार होते ही उसी बैग को ढूंढ रहे थे। अपराधियों की मंशा सिर्फ उसे लूटने की थी, मारने की नहीं। तभी अपराधी उसके सीट के करीब पहुंच कर उस पर गोली फायर किया लेकिन गोली उसकी कनपट्टी के ठीक बगल से निकल बस का सीसा फोड़ती बाहर निकल गयी।

पहुंची पुलिस :

घटना की सूचना मिलने के बाद मुफ्फसिल थाना की पुलिस सदलबल घटना स्थल पर पहुंची और सारी वस्तु स्थिति से अवगत हुई। वंही सूचना पाकर डीएसपी बिनोद रवानी भी घटना स्थल पर पहुंचे और सारी जानकारी प्राप्त कर अपराधियों की धड़ पकड़ हेतु छापेमारी शुरू कराया। लेकिन तब तक अपराधी रुपयों से भरी बैग लेकर अंधेरे में गुम हो चुके थे। बाद में बस पर सवार यात्रियों को सकुशल गिरिडीह बस पड़ाव लाया गया।