रविवार, 16 फ़रवरी 2020

सरिया के फकीरा पहरी में दो और की हुई मौत


 सरिया के फकीरा पहरी में मृतकों की संख्या बढ़ कर हुई आठ
गिरिडीह : जिले के सरिया प्रखंड के फकीरा पहरी गांव में रविवार अहले सुबह दो और लोगो की मौत हो गयी। जिससे उक्त गांव में अज्ञात कारणों से मरने वालों की संख्या अब बढ़ कर आठ हो गई है।

पिछले चार दिनों से लगातार इस प्रकार के मौत से पूरे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुवा है। ग्रामीण बताते हैं कि संक्रमित व्यक्ति सीने में पहले हल्की दर्द होती है उसके बाद उल्टी और दस्त। फिर यह सिलसिला जारी रहने के पश्चात व्यक्ति की मौत हो जाती है। बताया जाता है कि अब भी इस बीमारी से संक्रमित 3-4 अन्य लोग इलाजरत है।  
रविवार की सुबह बगोदर के पूर्व विधायक नागेन्द्र महतो घटना स्थल फकीरापहरी गाँव पहुंचे। पूर्व विधयक ने उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा से टेलीफोनिक वार्ता कर गांव में डॉक्टरों की टीम मुहैया करवाने को कहा। जिसपर उपायुक्त ने उन्हें आश्वस्त किया कि गांव में चिकित्सकों की टीम उपलब्ध करा दिया जा रहा है। बीमारी से मृत शरीर का पोस्टमार्टम कर हो रही मौत की जानकारी सावर्जनिक किया जायगा।
 वंही घटना स्थल पर सरिया प्रमुख रामपति वर्मा और सरिया पुलिस निरीक्षक अपने दल बल के साथ पहुंचे। इस बीच यह आशंका जाहिर किया गया है कि सम्भवतः जहरीली शराब के सेवन से इस प्रकार की घटना घटित हो रही है। बहरहाल पुलिस द्वारा अवैध ओर जहरीली शराब के विरुद्ध सघन छापामारी अभियान चलाया जा रहा है ।

देवरी में पुनः हुई एक की मौत

देवरी कर गादीकला में नहीं थम रहा है मौत का सिलसिला
एक युवक की फिर हुई मौत

 गिरिडीह:  ज़िले के देवरी प्रखंड के चिकनाडीह पंचायत स्थित गादीकला में नहीं थम रहा मौतों का सिलसिला। रविवार की सुबह फिर एक व्यक्ति की मौत हो गयी।

 इस प्रकार अब तक उक्त गांव में अज्ञात कारणों से मरने वालों की संख्या 6 हो गयी है। 

एक सप्ताह के भीतर छह लोगों की मौत से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

हालांकि अब तक नहीं हो सका है मौत के कारणों का खुलासा। इस घटना से जंहा जिला स्वाथ्य महकमा सकते में है वंही जिला प्रशासन में हड़कंप मचा है।

शनिवार, 15 फ़रवरी 2020

गिरिडीह के सरिया में मौत का कहर

अज्ञात कारणों से तीन दिनों में छः की मौत

गिरीडीह: जिले के सरिया प्रखंड के फकीरा पहरी गांव में मौत का कहर। अज्ञात कारणों से तीन दिनों में 6 लोगों की हुई मौत,दो अन्य की स्थिति नाजुक।
फकीरा पहरी गांव में मचा कोहराम। प्रखंड प्रशासन में भी मचा हड़कंप। जांच पड़ताल में जुटा स्वास्थ्य व प्रशासनिक महकमा।

बिरनी में लगा रोजगार मेला

बिरनी में लगा रोजगार मेला
गिरिडीह : जिले के बिरनी प्रखण्ड मुख्यालय में शनिवार को प्रखंड स्तरीय रोज़गार मेला का आयोजन किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि बगोदर विधायक विनोद कुमार सिंह शामिल हुए। जिन्हें आयोजकों द्वारा गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया गया । 

वंही इस रोजगार मेला कार्यक्रम में पूर्व प्रमुख सीताराम सिंह, पश्चिमी जिला परिसद सदस्या किरण कुमारी, बिरनी प्रमुख सुलोचना देवी, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी संदीप मदेसिया, मुखिया संघ के अध्यक्ष देवनाथ राणा, मनोज सिंह सहित सैंकड़ो के संख्या में युवा मौजूद थे।

11वीं बोर्ड की परीक्षा पांच मार्च से

11वीं बोर्ड परीक्षा की तिथि की घोषणा, परीक्षा पांच मार्च से


झारखण्ड एकेडेमिक काउंसिल ने 11वीं बोर्ड की परीक्षा की तिथि घोषित कर दी है। परीक्षा आगामी पांच मार्च से सात मार्च तक होगी।

परीक्षा प्रक्रिया में किये गए हैं कई बदलाव :
स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग के दिशा-निर्देश के अनुरूप कक्षा 11वीं की परीक्षा प्रक्रिया में काफी बदलाव किया गया है।
11वीं में पांच विषयों की ही परीक्षा ली जायेगी। पांच में चार विषय में पास करने वाले विद्यार्थी 12वीं में प्रमोट किये जायेंगे। प्रत्येक विषय की परीक्षा 40 अंकों की होगी और प्रत्येक विषय में दस अंक का आंतरिक मूल्यांकन होगा। आंतरिक मूल्यांकन संबंधित स्कूल-कॉलेज के स्तर पर किया जायेगा।

प्रवेश पत्र 25 फरवरी से झारखंड एकेडमिक काउंसिल की वेबसाइट  www.jac.jharkhand.gov.in  से डाउनलाेड किया  जा सकेगा।

3.40 लाख परीक्षार्थियों के लिये बनाये गए है 470 केंद्र : इस परीक्षा में राज्य भर से लगभग 3.40 लाख परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को लेकर राज्य भर में 470 केंद्र बनाये गये हैं। परीक्षा उन्हीं केंद्रों पर ली जायेगी, जिन केंद्रों पर इंटरमीडिएट की परीक्षा ली जा रही है। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है। आंतरिक मूल्यांकन के अंकों की प्रविष्टि के लिए सादा अंक पत्र जैक के वेबसाइट से 20 फरवरी से उपलब्ध होगा। परीक्षार्थियों को प्रश्न पढ़ने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जायेगा।

कुल 250 अंकों की होगी परीक्षा : कक्षा 11वीं की बोर्ड परीक्षा 250 अंकों की होगी। परीक्षा दो पालियों में होगी। साइंस में भौतिकी व रसायन व कॉमर्स में एकाउंट व बीएसटी की परीक्षा एक पाली में होगी। दोनों विषय में 40-40 प्रश्न के अलावा दो वैकल्पिक विषयों की परीक्षा एक साथ होगी। झारखंड एकेडमिक काउंसिल द्वारा वैकल्पिक विषयों की लिस्ट भी जारी कर दी गयी है।

 आकांक्षा 40 की परीक्षा मार्च में : रांची.इंजीनियरिंग व मेडिकल के नि:शुल्क कोचिंग के लिए सरकार द्वारा संचालित आकांक्षा 40 में नामांकन के लिए प्रवेश परीक्षा मार्च में होगी। परीक्षा मैट्रिक की परीक्षा समाप्त होने के बाद होगी। झारखंड एकेडमिक काउंसिल द्वारा परीक्षा तिथि की घोषणा इस माह कर दी जायेगी।



बाइक के टक्कर से महिला घायल

बाइक ने मारी टक्कर महिला गम्भीर
गिरिडीह : जमुआ कोडरमा मुख्य मार्ग में शनिवार को हुई एक सड़क दुर्घटना में एक महिला गम्भीर रूप से घायल हो गयी। घटना राजधनवार प्रखण्ड के घोथथम्भा ओ पी अंतर्गत उप प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बलहारा के समीप घटित हुई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटना स्थल पर पहुंच घायल महिला का तत्काल इलाज करवाया। 

घटना के सम्बंध में मिली जानकारी के अनुसार चेरवा गावां निवासी देवंती देवी अपने पति प्रसादी यादव के साथ बैल लेकर सड़क पर पैदल जा रही थी। इसी दौरान सेरुआ गावां निवासी विकास कुमार यादव   अपने मित्र के साथ बाइक पर सवार हो इंटरमीडिएट का परीक्षा देने कोडरमा जा रहा था।  घटना स्थल पर तीखा मोड़ होने के कारण उसका बाइक अनियंत्रित होकर महिला को धक्का मार दिया। जिसमे महिला घायल हो सड़क पर गिर गयी। स्थानीय लोग काफी संख्या में वँहा जुट गये और परीक्षार्थी युवक को रोक लिया।

सूचना मिलते ही घोड़थम्भा ओपी  के एएसआई सत्येन्द्र कुमार सदल बल घटना स्थल पर पहुंच घायल महिला का चिकित्सालय में ईलाज करवाया। वहीं विकास कुमार यादव को 2 बजे से होने वाली परीक्षा देने के लिए कोडरमा भेज दिये। 

उन्होंने कहा कि घायल महिला की स्थिति बिल्कुल ठीक है। इसलिये आरोपी परीक्षार्थी युवक के जीवन से जुड़े होने के कारण परीक्षा देने से उसे वंचित नही किया गया।  प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस प्रशासन के इस मानवीय पहल की काफी सराहना किया।

गिरिडीह: दहेज की बलि चढ़ी फिर एक विवाहिता

दहेज की बलि चढ़ी फिर एक विवाहिता
गिरिडीह : जिले के निमियाघाट थाना क्षेत्र के जोगीडीह में दहेज की बलि चढ़ा दी गयी एक विवाहिता।  मृतका का शव फांसी के फंदे से झिलता मिला है। मृतका के पिता ने ससुराल वालों पर अपनी बेटी को दहेज के खातिर मार देने का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपनी अभिरक्षा में ले पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है और मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।

घटना के बाबत मृतका के पिता युनूस अंसारी ने बताया कि 8 महीने पहले ही उन्होंने अपनी बेटी मुस्कान खातून का निकाह इलियास अंसारी के साथ बड़े ही धूमधाम से किया था। लेकिन शादी के दो महीने बाद से ही ससुराल वाले दहेज में बाइक की मांग करने लगे। उन्होंने बाइक के लिये 20 हजार नगद भी दिया। लेकिन और रुपये की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा उसके साथ मारपीट भी किया जाता रहा।

यूनुस ने बताया कि शुक्रवार को भी बेटी ने फोन पर मारपीट की बातें बतायी थी और वह उसे लेने आने वाले थे।  लेकिन दामाद इलियास ने फोन कर खुद पहुंचा देने की बात उनसे कही। और, आज सुबह उन्हें उनकी बेटी की मौत की खबर मिली। 
मृतका के पिता ने हत्या कर शव को फंदे से झूला देने का आरोप लगाया है। घटना के बाद से ससुराल वाले फरार हैं। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।




झारखण्ड के मंत्रियों और विधायकों को आवंटित हुआ आवास

झारखण्ड के मंत्री और विधायकों को मिला आवास
रांची । झारखण्ड की हेमंत सोरेन सरकार के नवनिर्वाचित मंत्रि‍यों को राजधानी रांची में आवास उपलब्‍ध कराये गये हैं। मंत्रियों के साथ कई विधायकों को भी आवास उपलब्‍ध कराये गये हैं। 
मंत्रियों और विधायकों को उपलब्‍ध कराये गये आवासों की सूची की अधिसूचना जारी की गयी है।

शुक्रवार, 14 फ़रवरी 2020

रेलवे की बैठक में मुख्यमंत्री ने उठाये कई सवाल

रेलवे के महाप्रबंधक के साथ बैठक में मुख्यमंत्री ने उठाये कई सवाल
दुमका-रांची इंटरसिटी और वनांचल एक्सप्रेस ट्रेन में एसी फर्स्ट और एसी टू के कम्पोजिट कोच लगाए रेलवे : मुख्यमंत्री
 रांचीमुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि रेलवे दुमका-रांची ट्रेन और वनांचल एक्सप्रेस में एसी फर्स्ट और एसी टू के कम्पोजिट कोच लगाए। मुख्यमंत्री शुक्रवार को दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक के साथ हुई बैठक में उक्त बातें कही।

 उन्होंने कहा कि झारखंड की ट्रेनों में इस प्रकार की सुविधा दी जाए जिससे हर श्रेणी में यात्रियों को सुविधा हो। रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) सिंगल एंटिटी में अर्थात या केवल रेलवे अथवा केवल राज्य सरकार बनाये। 

कहा कि पुल रेलवे बनाती है और एप्रोच रोड राज्य सरकार द्वारा बनाया जाता है। इससे पुल और एप्रोच रोड का एलाइनमेंट भी बहुत सुगम नहीं रह पाता है और जनता को परेशानी होती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे झारखंड को डंपिंग यार्ड ना बनाए। देश में झारखंड एक ऐसा राज्य है जो रेलवे को संसाधनों से सबसे अधिक लाभ देता है किंतु रेलवे अपनी ओर से ऐसा रेस्पॉन्स नहीं करती है। 

मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने कहा कि झारखंड के लोगों की सुविधा के अनुरूप ट्रेनों की संख्या नहीं है। जो ट्रेन हैं उनमें अधिकांश की गुणवत्ता में बहुत खराब है। एसी कोच वाली ट्रेन में जो एसी लगे होते हैं, कई में उनकी भी क्वालिटी अच्छी नहीं होती है।

बैठक में रेलवे अधिकारी समेत झारखण्ड सरकार कई पदाधिकारी शामिल थे।

मुख्यमंत्री ने किया पर्यटन कैलेंडर का विमोचन

मुख्यमंत्री ने किया पर्यटन विभाग के कैलेंडर का विमोचन
सूबे के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने शुक्रवार को पर्यटन विभाग का वर्ष 2020 का बड़ा कैलेंडर और टेबल कैलेंडर का विमोचन किया।
पर्यटन विभाग के इस कैलेंडर में झारखंड के इको टूरिज्म व कला संस्कृति से जुड़े फोटोग्राफ को प्रमुखता से शामिल किया गया है।

रेशम कृषकों का प्रमंडल स्तरीय कार्यशाला का हुआ आयोजन


बेंगाबाद के अग्र परियोजना केंद्र में कृषकों का प्रमंडलीय कार्यशाला का हुआ आयोजन
उच्च कोटि की रेशम का होता है झारखण्ड प्रदेश में उत्पादन : उपायुक्त

 गिरिडीह:  जिले के बेंगाबाद प्रखंड स्थित अग्र परियोजना केंद्र में रेशम कृषकों का प्रमंडल स्तरीय कार्यशाला का आयोजन शुक्रवार को किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन  हस्तकरघा रेशम एवं हस्तशिल्प के निदेशक एवं उपायुक्त गिरिडीह ने संयुक्त रूप से दीपप्रज्जवलित कर किया ।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने कहा कि रेशम उद्योग से संबंधित प्रमंडल स्तरीय यह कार्यशाला गिरिडीह में होना जिलेवासियों के लिए गौरव का विषय है। रेशम कार्य को उन्नत बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यशाला में प्रदेश के सभी परियोजना के पदाधिकारी एवं वैज्ञानिक यंहा उपस्थित हुए हैं। उन्होंने कहा कि हमारे प्रदेश में उच्च कोटि के रेशम का उत्पादन होता है परिणामतः रेशम उद्योग से जुड़कर लाखो लोग रोजगार प्राप्त कर आत्म निर्भर बने है।
उपायुक्त ने उत्पादन के साथ साथ उसकी प्रोसेसिंग और बाज़ार की आवश्यकताओं पर बल देते हुये कहा कि यदि यही तीनो कड़ी आपस मे मिल जायें तो किसानों को इसका पूरा फायदा प्राप्त हो सकता है। उपायुक्त  ने कार्यशाला में उपस्थित सभी किसानों से विभिन्न क्षेत्रों से आए हैं तकीनिक पदाधिकारियों से तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त करने एवं उत्पादन को कैसे बढ़ाएं इसकी भी जानकारी प्राप्त करने की अपील किया।

वंही सहायक निदेशक उद्योग ने अपने सम्बोधन मे कहा कि यह एक मात्र ऐसा उद्यम है जिससे संपूर्ण 84 प्रतिशत लाभ किसानों को एवं 16 प्रतिशत लाभ अन्य लोगों को जाता है। उन्होंने ग्रामीण इलाकों के लिए रेशम उद्योग काफी लाभदायक एवं फायदेमंद बताते हुये कहा कि रेशम उद्योग से किसानों के आय में दोगुनी वृद्धि होती है। जब धान की खेती की जाती है उसी समय रेशम का उत्पादन भी होता है। किसान मित्र अपनी धान की फसल के साथ साथ सखुआ के पेड़ पर रेशम किट को चढ़ा कर तीन महीने में 20 हजार से 1 लाख तक आय प्राप्त कर सकते हैं। सहायक निदेशक उद्योग ने बताया  कि मधुबन में भी हस्तशिल्प का प्रशिक्षण संचालित है जहां 500 से अधिक महिलाएं स्वरोजगार प्राप्त कर निर्भर बनी है। 

उपायुक्त ने किया स्टालों का भ्रमण

कार्यशाला के दौरान जंहा तकनीकी सत्र में वैज्ञानिकों के द्वारा रेशम पालन एवं उत्पादन की नवीन तकनीक की जानकारी से कृषकों को अवगत कराया गया। वंही रेशम विभाग द्वारा कार्यशाला स्थल पर लगाये गये विभिन्न स्टॉलों का उपायुक्त ने भ्रमण किया तथा रेशम से बनी वस्तुओं का जायजा लिया।

कार्यक्रम में थे उपस्थित

बेंगाबाद प्रखंड में आयोजित प्रमंडल स्तरीय कार्यशाला में निदेशक, हस्तकरघा रेशम एवं हस्तशिल्प, उप निदेशक, उद्योग विभाग, सहायक निदेशक, उद्योग विभाग, सहायक निदेशक, उद्योग विभाग, रांची, सहायक निदेशक, उद्योग विभाग, चाईबासा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, के अलावा तकनीकी पदाधिकारी सहित भारी संख्या में किसान मित्र उपस्थित थें। 

डुमरी में लाखों की लूट

दो सगे भाइयों के घर लाखों की लूट
 गिरिडीह : जिले के डुमरी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने बीते रात दो सगे भाइयों के घर धावा बोलकर हथियार के बल पर घर के लोगों को बंधक बनाकर जेवरात, नगद समेत कीमती कपड़े लेकर फरार हो गए। घटना डुमरी के नक्सल प्रभावित ढिबरा गांव की बतायी जाती है।

 बताया जाता है कि करीब 8 की संख्या में पहुंचे नकाबपोश अपराधियों ने के ढिबरा गांव निवासी  विजय रविदास और नागेश्वर रविदास के घर घुस कर घरवालों को बंधक बना लिया और घर में रखे करीब 2 लाख 60 हजार के जेवरात व एक लाख नगद लेकर फरार हो गये। अपराधियों ने घटना स्थल पर एक देसी कट्टा व बाइक छोड़ गये।  ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कट्टा व बाइक को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच पड़ताल में जुट गयी है। 

बताया जाता है कि विजय रविदास की बेटी की शादी की तारीख पक्की हो गयी है। जिसके लिए गुरुवार को ही उन्होंने जेवरात की खरीददारी किया था। जिसे अपराधियों ने लूट लिया।  इस घटना से पूरा परिवार काफी आहत है। बहरहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।