सोमवार, 15 अप्रैल 2019

पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में एक जवान शहीद, तीन नक्सली ढेर

गिरिडीह में पुलिस- नक्‍सली मुठभेड़, एक जवान शहीद, तीन नक्‍सली ढेर



गिरिडीह : जिले के देवरी प्रखंड स्थित एक जंगल में नक्सलियों और सीआरपीएफ के बीच सोमवार को मुठभेड़ हुई।  इस मुठभेड़ में सीआरपीएफ का एक जवान शहीद हो गया वहीं सीआरपीएफ ने तीन नक्‍सलि‍यों को ढेर कर दिया है। यह मुठभेड़ देवरी प्रखण्ड अंतर्गत भेलवाघाटी थाना क्षेत्र के धरपहरि गांव के (भथुआपुरा जंगल) में हुई है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बथुआपुरा जंगल में नक्सलियों का एक जत्था की किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की नियत से बैठक कर रहे हैं। इस सूचना के आलोक में  पुलिस और सीआरपीएफ की टीम ने संयुक्त रूप से इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

ज्योंहि नक्सलियों की नजर पुलिस पर पड़ी नक्सलियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग करना शुरू कर दिया। जवाबी कार्रवाई करते हुई पुलिस ने भी फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं। जिसमें सीआरपीएफ का एक जवान शहीद हो गया जबकि तीन नक्सली भी ढेर हो गए।

 मारे गए तीनों नक्सली गिरिडीह जमुई के हार्डकोर माओवादी सिद्धू कोड़ा दस्ते के सदस्य बताये जाते है। जिनकी पहचान की जा रही है। तीनों के शव पुलिस ने बरामद कर लिये गये हैं। मुठभेड़ के बाद जान बचाकर भागे नक्सली घटनास्थल पर ही भारी मात्रा में असलहा विस्फोटक छोड़कर फरार हो गए। जिनमे एक एके-47 राइफल, तीन मैग्जीन और चार पाइप बम पुलिस ने बरामद कर लिया है।

सूचना मिलने के बाद गिरिडीह के एसपी सुरेंद्र कुमार झा, सीआरपीएफ के अनिल भारद्वाज, एसएसपी दीपक कुमार समेत कई पुलिस जवान घटनास्थल पर पहुंच गये हैँ। 

रविवार, 14 अप्रैल 2019

डीएसपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

नाबालिग से अश्लील हरकत करने के आरोप में डीएसपी गिरफ्तार

 
धनबाद: 12 वर्षीय नाबालिक लड़की के साथ अश्लील हरकत करने के आरोप में दुमका डीआईजी ऑफिस में डीएसपी एडमिन के पद पर पदस्थापित सुरेश प्रसाद पासवान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और डीएसपी सुरेश पासवान को आज जेल भेज दिया जाएगा। 

डीएसपी के द्वारा किए गए अश्लील हरकत की शिकायत नाबालिग ने सरायढेला थाने में की थी। लडकी के आवेदन के आधार पर पुलिस ने आरोपी डीएसपी को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है मामला :-

जानकारी के अनुसार नाबालिक लड़की ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार को वह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। सरायढेला थाना मोड़ के पास डीएसपी सुरेश पासवान उसे मिला। उसने छात्रा से हालचाल पूछा और नाबालिग लड़की के साथ अश्लील हरकत करने लगा। जब नाबालिग ने विरोध किया तो सुरेश ने धमकी दी कि इस घटना के संबंध में किसी से कुछ नहीं कहना, वरना बुरे परिणाम भुगतने होंगे।

परिजनों को दी घटना की जानकारी:-

 स्कूल से घर लौटकर नाबालिग घर मे बैठ कर रो रही थी उसकी मां ने जब उससे पूछी तो उसने अपने साथ हुए घटना की जानकारी अपनी मां को बतायी। जिसके बाद नाबालिग लड़की के परिजनों ने शुक्रवार की रात में ही मामले की लिखित शिकायत सरायढेला थाने में की थी।

त्वरित कार्रवाई :-

 शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। आरोपी डीएसपी को थाने बुलाया गया। लेकिन डीएसपी ने बाहर होने के बात कह मामले को टाल गया। शनिवार को डीएसपी को हिरासत में लेकर थाना लाया गया। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।

1984 बैच का दारोगा हैं डीएसपी सुरेश पासवान:-

मिली जानकारी के अनुसार  सुरेश प्रसाद पासवान 1984 बैच का दारोगा है। राज्य अलग होने के बाद कैडर विभाजन में वह झारखंड आया। प्रमोशन पाकर इंस्पेक्टर बना। 25 मई 2015 को सुरेश को प्रमोट कर डीएसपी बनाया गया था। आईआरबी-2 मुसाबनी से इसी साल 28 फरवरी को सुरेश प्रसाद का तबादला दुमका डीआईजी कार्यालय किया गया था। वह परिवार के साथ धनबाद में ही जगजीवन नगर डाक्टर कॉलोनी स्थित बीसीसीएल क्वार्टर में रहता है।

 भेजा गया जेल :-

मामले की पुष्टि करते हुए धनबाद एसएसपी कौशल किशोर ने बताया कि आरोपी डीएसपी को गिरफ्तार कर लिया गया है उसे आज जेल भेज दिया जाएगा।

संविधान पर हमला करने वालों के खिलाफ चोट करें, अभी है माकूल वक्त : माले

भाकपा माले ने दी डॉ भीमराव अंबेडकर की 128 वीं जयंती पर श्रधांजलि

संविधान पर हमला करने वालों के खिलाफ अभी निर्णायक चोट करने का वक्त : माले
 गिरिडीह :भाकपा माले नेताओं ने गिरिडीह अंबेडकर चौक स्थित बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर उनके 128 वीं जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दिया। 

 मौके पर आयोजित सभा को सम्बोधित करते हुए माले के राज्य कमेटी सदस्य राजेश यादव एवं जिप सदस्य मनोवर हसन बंटी ने कहा कि देश के दबे-कुचले तथा हर तबके के लोगों को भारत के संविधान में जो बराबरी का दर्जा हासिल है उसे फासिस्टवादी शक्तियां खत्म कर मनुवाद पर आधारित संविधान थोपने की जो साजिश कर रही है। नेता द्वय ने कहा कि संविधान पर हमला करने वालों के खिलाफ अभी निर्णायक चोट करने का वक्त आ गया है।
कहा कि बाबा साहब ने शिक्षित, संगठित होकर अपने हक-अधिकारों के लिए संघर्ष करने का जो रास्ता अभिवंचित वर्ग के लोगों को दिखाया था, उसके ठीक विपरीत मौजूदा सरकार की नीतियों से वह वर्ग शिक्षा समेत अपने तमाम अधिकारों से वंचित होता जा रहा है।

 कहा कि आम लोगों को उनके सवालों से भटका कर यह सरकार उन्हें गैरजरूरी सवालों पर उलझाने हर रोज साजिशें कर रही हैं जिससे सचेत रहने की जरूरत है।
 इस श्रधांजलि सभा के मौके पर वहां बड़ी तादाद में भाकपा माले से जुड़े लोग मौजूद थे।


शनिवार, 13 अप्रैल 2019

वरिष्ठ महिला अधिवक्ता कंचनमाला का हुआ निधन

गिरिडीह की वरिष्ठ महिला अधिवक्ता कंचनमाला का आकस्मिक निधन

गिरिडीह : जिला अधिवक्ता संघ की पूर्व सचिव सह जिले की वरिष्ठ महिला अधिवक्ता कंचनमाला का आज दोपहर बाद कोलकाता में इलाज के दौरान मौत हो गयी। वह न केवल तेज़ तर्रार और बेबाक महिला अधिवक्ता थी बल्कि सर्वसमाज की चहेती अधिवक्ता भी थी। उनके आकस्मिक निधन से पुरे शहर में शोक की लहर दौड़ गयी है। 

पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक़ वह पिछले कुछ दिनों से बीमार थीं और कोलकाता में उनका इलाज चल रहा था। कोलकाता के एक अस्पताल में उनका गॉल ब्लैडर का ऑपरेशन हुआ था। लेकिन आपरेशन के बाद उन्हें होश नहीं आया और आज दोपहर बाद उन्होंने अस्पताल में ही दम तोड़ दी।

विदित हो कि तेज़ तर्रार और निर्भीक व्यक्तित्व की स्वामिनी कंचन माला गिरिडीह जिला अधिवक्ता संघ को लगातार दो बार सचिव रहीं। उनके कार्यकाल में जिला अधिवक्ता संघ को एक अलग ही पहचान मिली थी।

 गिरिडीह के जाने माने अधिवक्ता रहे स्व विद्या शंकर सहाय की दो पुत्रियों में बड़ी कंचनमाला अपने पिता के ही पदचिन्हों पर चल गिरिडीह में वकालत शुरू की तो उनकी छोटी बहन जया धनबाद अधिवक्ता संघ से जुड़ कर धनबाद बार में प्रेक्टिस कर रही हैं। अधिवक्ता कंचनमाला के पति गिरिडीह के जाने माने मवेशी चिकित्सक हैं वंही उनकी छोटी बहन अधिवक्ता जया के पति भी धनबाद के नामचीन हड्डीरोग विशेषज्ञ चिकित्सकों में शामिल हैं। वह पीएमसीएच धनबाद में पद्स्थापित हैं साथ ही उनका गोविंदपुर में अपना निजी नसिंग होम "जसलोक" संचालित है।

कंचन माला के आकस्मिक निधन से उनके परिजनों के साथ साथ तमाम जानने वाले और अधिवक्तागण शोकाकुल हैं। बताया जाता है कि उनका पार्थिव शारीर देर रात गिरिडीह के शास्त्रीनगर स्थित उनके आवास पर पहुंचेगा।

गुरुवार, 11 अप्रैल 2019

खुलासा : शाहिद ने खुद ही मार ली थी अपनी कनपटी में गोली

वासेपुर घटना का खुलासा : शाहिद ने खुद मारी थी गोली, नहीं हुआ था कोई हमला


धनबाद के वासेपुर नवीनगर निवासी सैय्यद शाहिद पर कोई आपराधिक हमला नही हुआ था। बल्कि उसने खुद ही खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने की कोशिस की थी। इस बात का खुलासा पुलिस जांच के दौरान हुई है। पुलिस ने शाहिद के घर से उक्त रिवाल्वर को भी बरामद कर लिया है, जिससे शाहिद ने खुद को गोली मारी थी।

पुलिस के अनुसार शाहिद के परिवार वालों ने जांच के क्रम में इस बात का भी खुलासा किया कि शाहिद का प्रेम प्रसंग एक युवती से था। आज अहले सुबह चार बजे वह घर से बाहर निकला फिर आचानक गली में गोली चलने की आवाज हुई। जब घर के लोग बाहर निकले तो देखा शाहिद खून से लथपथ पड़ा था। परिवार वालों ने पहले उसके रिवाल्वर को घर में छिपाया और उसे गायलावस्था में सेंट्रल हॉस्पिटल ले गए। जंहा से उसे बेहतर इलाज़ हेतु दुर्गापुर रेफर कर दिया गया।

इस बीच पुलिस ने उक्त युवती से भी सम्पर्क किया जिससे शाहिद का प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती ने बताया कि कल रात शाहिद उससे मिला था। वह मरने की बात कर रहा था। और , आज तड़के उसने खुद को गोली मार लिया। 

बहरहाल पुलिस अब भी मामले की जांच पड़ताल कर रही है। इस बीच शाहिद की हालत अब भी चिंता जनक बनी हुई है। उसके कनपटी में गोली लगी है जिस कारण काफी खून बह गया है।

भोजपुरी एक्ट्रेस का धनबाद के युवक ने किया यौन शोषण

भोजपुरी की एक्ट्रेस को युवक ने पहले प्रेम जाल में फंसाया, फिर किया यौन शोषण, पुलिस जुटी जांच में 




भोजपुरी एल्बम की एक अदाकारा ने धनबाद के गोधर निवासी विक्रम रवानी नामक युवक पर शादी का झांसे दे यौन प्रताड़ना का आरोप लगाया है। इस बावत उक्त अदाकारा ने धनबाद के बैंक मोड़ थाने में उसके विरुद्ध मामला दर्ज़ कराया है। पीड़िता द्वारा लिखित शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गयी है।

पुलिस को दिये आवेदन में पीड़िता ने बताया है कि वह मूलतः सिलीगुडी की निवासी है। डेढ़ वर्ष पूर्व एक भोजपुरी एलबम में काम करने के दौरान उनकी मुलाकात विक्रम रवानी से हुई थी। विक्रम ने पहले उसे प्रेम जाल में फंसाया फिर शादी का झांसा देकर यौन शोषण किया।

अब जब पीडि़ता शादी की बात करती हैं तो आरोपी बिक्रम न केवल टाल मटोल कर रहा है बल्कि पीड़िता के साथ गाली गलौज और अभद्र व्यवहार तक करने पर उतारू हैं। हर तरफ से हार चुकी पीड़िता ने अंत में न्याय के लिए पुलिस का सहारा लिया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्यवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। 

कोडरमा : माले प्रत्याशी राजकुमार ने किया नामांकन

भाकपा माले प्रत्याशी राजकुमार यादव ने किया नामांकन

गिरिडीह: कोडरमा लोकसभा संसदीय सीट के लिए गुरुवार को भाकपा माले प्रत्याशी सह धनवार विधायक राजकुमार यादव ने अपना नामजदगी का पर्चा दाखिल किया। उन्होंने मुख्य निर्वाची पदाधिकारी सह उपायुक्त गिरिडीह राजेश पाठक को अपना नामांकन प्रपत्र सौंपा। इस मौके पर उनके साथ बतौर प्रस्तावक निरसा विधायक अरूप चटर्जी और समर्थक के रूप में पूर्व विधायक बिनोद सिंह, राजेश यादव, राजेश सिन्हा व जयंती चौधरी मौजूद थीं।

इसके पूर्व माले के हजारो कार्यकता गिरिडीह के झंडा मैदान में उपस्थित हुए और एक जुलुस की शक्ल में समाहरणालय पहुंचे। जंहा पूर्व से तैनात दंडाधिकारियों और पुलिस के जवानों ने सभी समर्थकों को समाहरणालय के मुख्य द्वार पर ही रोक दिया। बाद में प्रत्याशी और उनके प्रस्तावक व समर्थक  को दण्डाधिकारी ने अंदर प्रवेश की अनुमति दी।

मुख्य निर्वाची पदाधिकारी सह उपायुक्त गिरिडीह को कोडरमा के माले प्रत्याशी ने अपर समाहर्ता और अनुमण्डल पदाधिकारी की मौजूदगी में अपने नामाकन का प्रपत्र मात्र एक ही सेट में सौंपा। पूरी प्रक्रिया पूर्ण कर  समाहरणालय से निकल कर उनका काफिल एक बार पुनः झंडा मैदान पहुंचा जंहा एक महती जनसभा का आयोजन किया गया। जिसे निरसा में मासस विधायक अरूप चटर्जी, बगोदर के पूर्व माले विधायक बिनोद सिंह व धनवार विधायक सह माले के कोडरमा प्रत्याशी राजकुमार यादव समेत अन्य लोगों ने सम्बोधित किया।

धनबाद के वासेपुर में फिर गूंजा गोलियों की तड़तड़ाहट

धनबाद के वासेपुर में फिर चली गोली, जमीन कारोबारी गम्भीर


धनबाद का वासेपुर एक बार फिर से गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा।  गुरूवार अहले सुबह कतिपय अपराधियों ने जमीन कारोबारी सैय्यद शाहिद हुसैन को गोली मार दी। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गये। आनन फानन में उन्हें इलाज हेतु धनबाद के सेंट्रल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। लेकिन स्थिति को गम्भीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज़ हेतु दुर्गापुर मिशन हॉस्पिटल रेफर कर दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार घटना अहले सुबह 5 बजे की है। अपराधियों ने जमीन कारोबारी शाहिद को घर से आरा मोड़ के पास बुलाया और उन पर ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार कर दी। अहले सुबह हुई इस गोलीबारी से पुरे इलाके में सनसनी फैल गयी है। गोलियों की आवाज सुन लोग अपने घरों से बाहर निकले और घटना स्थल पर पहुंचे। लेकिन तब तक अपराधी घटना स्थल से फरार हो चुके थे। लोगों ने घायल शाहिद को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें दुर्गापुर स्थाई मिशन हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि शाहिद की स्थिति नाजुक बनी हुई है। वहीं इस घटना के बाद पुलिस ने वासेपुर में गश्त बढ़ा दिया है। साथ ही इस गोलीबारी कांड की जांच कर रही है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।

बुधवार, 10 अप्रैल 2019

अवैध सम्बन्ध में युवक की निर्मम हत्या

अवैध सम्बन्ध में हुई प्लांटकर्मी युवक राजू वर्मा की हत्या



गिरिडीह :मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के राउतगादी में सड़क किनारे एक युवक की लाश मिलने से पुरे इलाके में सनसनी फैल गयी है। मृतक युवक की पहचान प्लांटकर्मी राजू वर्मा के रूप में की गयी।सुचना मिलते ही प्रशिक्षु आईपीएस सह मुफ्फसिल थाना प्रभारी नाथुसिंह मीणा सदल बल घटना स्थल पर पहुंचे और मिट्टी से सने सड़क किनारे पड़े शव को अपनी अभिरक्षा में लेकर पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज मामले की जांच पड़ताल में जुट गये।

जाँच के क्रम में पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक़ मृतक युवक मंगलवार की दोपहर से ही घर से गायब था। उसका एक महिला के साथ अवैध सम्बन्ध था। समझा जाता है कि वही अवैध सम्बन्ध ही उसकी हत्या का कारण बना है। पुलिस ने तत्काल इस मामले में सन्देह के आधार पर दो महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। जिसमे मृतक के एक दोस्त जितेंद्र तूरी और एक अन्य व्यक्ति शामिल है।

पुलिस ने मृतक के भाई मिथिलेश वर्मा की शिकायत पर हत्या सम्बन्धी एक मामला अंकित कर मामले की जांच में जुटी है। इस बीच पुलिस सूत्रों से मिली सुचना के अनुसार पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए सभी चारों हत्या के बावत सारी बाते कबूल ली है।

छह लाख का नकली विदेशी शराब जब्त, एक गिरफ्तार

6 लाख मूल्य के नकली विदेशी शराब जब्त, एक गिरफ्तार



धनबाद : लोकसभा चुनाव के मद्दे नजर धनबाद जिले की पुलिस काफी मुस्तैद हो गयी है। इसी क्रम बरवाअड्डा पुलिस की भी सक्रियता को नकारा नहीं जा सकता। बरवाअड्डा पुलिस ने दो सप्ताह के भीतर लगातार दूसरी बार नक्सल प्रभावित क्षेत्र गोरगा से भारी मात्रा में नकली विदेशी शराब जब्‍त किया है। इस सिलसिले में पुलिस एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया है।

पुलिस द्वारा की गयी छापेमारी में 79 कार्टून नकली विदेशी शराब जब्त की गयी है। जिसकी कीमत लगभग 6 लाख रुपये बताई जा रही है।

बताया जाता है कि एक टाटा 407 वाहन से खाली प्लास्टिक के बोरे से ढक कर इस नकली विदेशी शराब लो दूसरे जिले में भेजी जा रही थी। इसी दौरान पुलिस वँहा पहुंची शराब के साथ साथ उक्त वाहन के चालक को भी दबोच लिया। गिरफ्तार वाहन चालक पुटकी निवासी अफजल खान बताया जाता है।

इस बावत डीएसपी सरिता मुर्मू ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल बरमसिया निवासी अनुज कुमार उर्फ लालु एवम रंजीत कुमार के ऊपर एफआईआर दर्ज किया गया है। ये दोनों कारोबारी पिछले कई सालों से अवैध शराब के कारोबार से जुड़े हुए हैं और इस सिलसिले में पूर्व में भी जेल की हवा भी खा चुके हैं।

चतरा बना हॉट सीट, बागी हुये भाजपा नेता, लड़ेंगे निर्दलीय चुनाव

भाजपा के राजेन्द्र साहू हुये बागी, लड़ेंगे चतरा से निर्दलीय चुनाव 

चतरा: चतरा संसदीय सीट एनडीए और यूपीए दोनों के लिए सिरदर्द बन गया है। इस सीट को लेकर यूपीए में जंहा पहले ही दरार पड़ चुकी है। वंही अब भाजपा में भी नेता बागी हो गए हैं। लातेहार जिले के दिग्गज भाजपा नेता सह लातेहार जिला परिषद उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद साहू अब चतरा संसदीय क्षेत्र से भाजपा के बागी प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ेंगे।

उन्होंने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि वे निर्दलीय नॉमिनेशन करेंगे। दरअसल, राजेंद्र प्रसाद साहू चतरा संसदीय क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ना चाह रहे थे। उनकी मांग थी कि चतरा संसदीय क्षेत्र से किसी स्थानीय व्यक्ति को प्रत्याशी बनाया जाए। परंतु भाजपा के द्वारा निर्वतमान सांसद सुनील सिंह को फिर से अपना प्रत्याशी बनाए जाने के बाद भाजपा में विरोध शुरू हो गया।

इसी बीच जिला परिषद उपाध्यक्ष राजेंद्र साहू ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर निर्णय लिया कि वह भाजपा के बागी उम्मीदवार के रूप में चतरा संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। राजेंद्र साहू के निर्णय के बाद भाजपा में खलबली मच गई है।

बताते चलें कि राजेंद्र साहू भाजपा के व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक भी है और इन्हें मुख्यमंत्री रघुवर दास का करीबी भी माना जाता है। कांग्रेस और राजद दोनों दलों के चुनाव मैदान में उतरने के बाद जहां यूपीए गठबंधन में उपापोह की स्थिति बनी हुई थी। ठीक उसी प्रकार राजेन्द्र साहू के बागी प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद भाजपा की भी परेशानी बढ़ गई है।

सांसद रामटहल चौधरी ने दिया भाजपा से इस्तिफा, निर्दलीय लड़ेंगें चुनाव

सांसद रामटहल चौधरी ने दिया भाजपा से इस्तीफा

**लड़ेंगे निर्दलीय चुनाव

**करेंगे 16 अप्रैल को नामांकन

राँची के सांसद रामटहल चौधरी ने बुधवार को भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तिफा दे दिया। इस आशय से सम्बंधित उन्होंने एक पत्र भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा को प्रेषित किया है। जिसमे उन्होने यह स्पष्ट किया है कि वह जनसंघ काल से भाजपा के एक सच्चे सिपाही बने रह कर उसके हर नीति सिद्धांतों का पालन किया। लेकिन आसन्न चुनाव में उन्हें अधिक उम्र दराज करार देकर टीकट नहीं दिया गया। अतः वह भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तिफा दे रहे हैं।

इस दौरान उन्होंने प्रेस को भी सम्बोधित करते हुए अपने इस्तिफा की जानकारी को सार्वजनिक किया। प्रेस वार्ता के दौरान सांसद श्री चौधरी ने सूबे के मुख्यमंत्री रघुवर दास के ऊपर जमकर भड़ास निकालते हुए उन्हें झारखंड विरोधी बताया। कहा कि वह हमेशा झारखंड हित के मामलों में मुखर रहे जो पार्टी और मुख्यमंत्री दोनों को ही आगवार गुजरा। 
कहा कि उन्हें झारखण्ड हित में मुखर होने के कारण ही पार्टी ने उन्हें दरकिनार किया। 

कहा कि वह पार्टी के संस्थापक सदस्य रहे लेकिन वर्तमान में पार्टी ने उन्हें सम्मान के योग्य नहीं माना इसलिए वह आज से ही पार्टी के प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह निश्चित रूप से आसन्न लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने बताया कि वह अगामी 16 अप्रैल को रांची लोकसभा से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल करेंगे और जनता के बीच अपना दावेदारी पेश करेंगे।