आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम, जाम हंटाने पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने किया पथराव
जामताड़ा (JHARKHAND)। जामताड़ा जिले के नाला थाना क्षेत्र के डाबर गांव स्थित जंगल से रविवार को एक 10 साल की बच्ची का शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी। ग्रामीण हत्यारोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार को शव के साथ सड़क पर उतर आए और रोड जाम कर दिया। सूचना पर लोगों को समझाने पहुंची पुलिस पर भी आक्रोशित लोगों ने पथराव कर दिया। जिस कारण पुलिस पीछे हट गई। इस बीच खबर है कि पुलिस ने हत्या के नामजद आरोपी मदन बाउरी (40) को गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ।
घटना के सम्बंध में मिली जानकारी के अनुसार डाबर गांव की एक 10 साल की बच्ची शनिवार सुबह 10 बजे से अपने घर से गायब थी। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल पाया। उसके बाद परिजनों ने मामले की सूचना नाला थाना की पुलिस को दी। इस बीच रविवार को गांव के समीप स्थित जंगल में बच्ची का शव होने की खबर परिजनों व ग्रामीणों को मिली। सूचना पर काफी संख्या में लोग घटनास्थल पहुंचे और शव की स्थिति देख हतप्रभ रह गये। लोगों ने आशंका जताया कि बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की गयी है।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर घटना स्थल पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से चिप्स, कुरकुरे और अन्य सामान जब्त किए हैं। पुलिस ने अंदेशा जताया कि आरोपी ने बच्ची को इन्हीं सामग्रियों का लालच देकर आरोपी जंगल लाया और उसके साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी।
रविवार को बच्ची का शव मिलने के बाद मृतका के परिजनों ने नाला थाना में स्थानीय एक व्यक्ति मदन बाउरी (40) को नामजद आरोपी बनाते हुए उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। इस बीच घटना का कथित आरोपी गांव से फरार हो गया था। लोगों ने उसकी गिरफ्तारी के लिये पुलिस पर दवाब बनाया। लेकिन सोमवार सुबह तक जब आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी तो लोग आक्रोशित हो गए।
आक्रोशित ग्रामीणों ने बच्ची के शव को दुमका-नाला मुख्य मार्ग पर रखकर सड़क जाम कर दिया और आसपास की दुकानें भी बंद करवा दी। सड़क जाम की सूचना पर जब पुलिसकर्मी जाम हटवाने पहुंची तो आक्रोशित ग्रामीणों ने उन पर पथराव किया। जिससे पुलिस को पीछे हटना पड़ा। बाद में पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार किया तब लोगों का गुस्सा शांत हुआ और लोग सड़क जाम हंटाया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें