रविवार, 1 जून 2025

बराकर नदी में डूबने से किशोर की मौत

गिरिडीह(Giridih)। जिले के सरिया थाना क्षेत्र के राजदाह धाम स्थित बराकर नदी में डूबने से 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गयी। मृतक किशोर की पहचान सरिया थाना क्षेत्र के शेखर मोदी के रूप में हुई है। 



मिली जानकारी के अनुसार रविवार को किशोर अपने रिश्तेदार के साथ राजदह धाम स्थित बराकर नदी में स्नान करने गया था।  नहाने के दौरान वह नदी में डूब गया। काफी मशक्कत के बाद उसे नदी से बाहर निकाला गया। आनन फानन में उसे लेकर परिजन अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक किशोर के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।



सेंट्रल जेल में बंद बंदी ने किया आत्महत्या का प्रयास, जेल प्रशासन की तत्परता से बची जान

गिरिडीह (Giridih)। गिरिडीह सेंट्रल जेल में बंद नाबालिग लड़की को भगाने के आरोपी एक बंदी युवक ने बीती रात जेल के भीतर आत्महत्या का प्रयास किया। हालांकि युवक द्वारा आत्महत्या के प्रयास की भनक लगते ही कारा प्रबंधन मौके पर पहुंच युवक की जान बचा ली। फिलवक्त युवक को गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती है। जहां उसका इलाज चल रहा है।



क्या है मामला : सदर अस्पताल में इलाजरत बंदी युवक गिरिडीह जिले के गावां थाना क्षेत्र के सेरुआ निवासी रामचंद्र मिस्त्री का 20 वर्षीय पुत्र नवीन मिस्त्री है। वह पिछले दिनों एक नाबालिग लड़की को भगा कर हैदराबाद चला गया था। जहां उसने उस नाबालिग लकड़ी से शादी रचा ली। इस बीच लड़की के परिजनों ने गावां थाना में एक शिकायत दर्ज करवायी। शिकायत दर्ज होने के बाद थानेदार अभिषेक कुमार के नेतृत्व में एक टीम दोनों की खोजबीन शुरू की।


तीन दिन पूर्व युवक ने किया था सरेंडर : पुलिस लगातार छापेमारी कर नवीन पर दबाव बनने लगी। नतीजतन तीन दिनों पूर्व नवीन उक्त लड़की के साथ थाना पहुंचा सरेंडर किया। नवीन के सरेंडर करने के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इस बीच शनिवार की रात जेल के भीतर नवीन ने आत्महत्या का प्रयास किया। हालांकि इसकी जानकारी जेल अधीक्षक हिमानी समेत अन्य को मिलते ही पूरा जेल प्रबंधन एक्टिव हुआ और नवीन की जान बचा उसे सदर अस्पताल भिजवाया। जहां नवीन का इलाज चल रहा है।



20 दिवसीय ग्रीष्मकालीन शिविर का हुआ समापन

ग्वालियर (MP)। लक्ष्मीबाई स्मारक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गणेश बाग AB रोड बहोडापुर में 20 दिवसीय ग्रीष्मकालीन शिविर का आज समापन हुआ। शिविर में लगभग 150 छात्राओं ने भाग लिया। छात्राओं ने समापन समारोह के कार्यक्रम में इन 20 दिनों में सीखी विभिन्न विधाओ का सुंदर प्रस्तुतिकरण दिया।



समापन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मध्य भारत शिक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ राजेंद्र बांदिल उपस्थित थे। ।मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में कहा कि छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ सर्वांगीण विकास बहुत आवश्यक है जिससे उनका व्यक्तित्व विकास होता है और वह अपनी प्रस्तुति हर जगह दे सकती है।


कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद गणेश मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष मान सिंह जादौन ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षा छात्राओं के जीवन में अहम भूमिका निभाती है। अतः सभी माता-पिता को अपनी बिटियाओं को संस्कार मय विद्यालय में प्रवेश दिलाना चाहिए। जहां वह अध्ययन कर अपने माता-पिता और गुरुजनों का तथा अपने विद्यालय का नाम रोशन कर सके।


इस कार्यक्रम में मध्य भारत शिक्षा समिति के सदस्य सुधीर शर्मा, लक्ष्मीबाई स्मारक विद्यालय के प्राचार्य शजगदीश श्रीवास, PGB उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य नरेश शर्मा, पार्वती विद्यापीठ के प्राचार्य नरेश त्यागी, सार्वजनिक मध्यमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य अल्पना करकरें एवं विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन रचना सक्सेना ने किया। यह जानकारी आरएसएस की प्रांत मीडिया प्रभारी मध्य भरत प्रांत जया अग्रवाल ने दी।



विश्व साइकिल दिवस पर सरिया में हुआ साइकिल रैली का आयोजन

गिरिडीह (Giridih)। विश्व साइकलिंग दिवस पर सरिया में साइकिल रैली का आयोजन किया गया। सरिया साइकलिंग क्लब एवं गिरिडीह जिला साइकलिंग संगठन के संयुक्त तत्वावधान में तथा साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के मार्गदर्शन में आयोजित यह साइकिल रैली का शुभारम्भ सबलपुर के मुखिया संगीता कुमारी, स्थानीय निवासी विद्या सिन्हा, सामाजिक सुरक्षा सहायक निदेशक नीतीश कुमार निशांत, अशोक सिंह एवं राजकुमार वर्मा आदि ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखा कर किया।



यह साइकिल रैली नावाडीह मोड़ से निकल कर राजदह धाम, नेचर पार्क तक पहुंची। रैली पश्चात राजदह धाम में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए स्थानीय मुखिया संगीता कुमारी ने कहा कि स्वास्थ्य के लिए साइकलिंग करना आवश्यक है। वहीं नीतीश कुमार निशांत ने कहा कि वर्तमान दौर में हमारे जीवन में साइकिल की उपयोगिता काफी बढ़ गयी है। शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने एवं पर्यावरण को प्रदूषण से बचाने के लिए अपने दैनिक जीवन में साइकिल का उपयोग अवश्य करें। 




राजकुमार वर्मा व अशोक सिंह ने कहा कि साइकलिंग क्लब के गठन से खिलाड़ियों को अधिक मौके मिलेंगे और भविष्य में नियमित रूप से प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।


मौके पर सुरेश भारती, राजकुमार वर्मा, अशोक सिंह, रंजीत शर्मा, रामेश्वर शर्मा, संजय कुशवाहा,परमेश्वर वर्मा, विजय वर्मा, मनीष कुमार, सदीक अंसारी, जमाल अंसारी, रविंद्र महतो, धीरेंद्र महतो, मुकेश वर्मा, राजेंद्र कुशवाहा समेत काफी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित थे।



मानवता शर्मशार : 10 साल की मासूम बच्ची संग 60 साल के हैवान ने किया हैवानियत

गिरिडीह (Giridih)। जिले में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला प्रकाश में आया है। घटना जिले के तिसरी थाना क्षेत्र के एक गांव की हैं। जहां मुस्लिम समुदाय के एक 60 वर्षीय वृद्ध पर अपनी ही जाति की 10 साल की नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है।




पीड़िता के पिता ने तिसरी थाना में एक आवेदन देकर गांव के 60 वर्षीय मो० इसरमेल पर उसकी मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। थाने को दिए आवेदन में पीड़िता के पिता ने बताया है कि मो० इसरमेल ने उसकी बेटी को बहला फुसला कर झाड़ी की ओर ले गया। जहां उसका कपड़ा खोल कर उसके साथ जबरन मुंह काला किया।



बताया कि काफी देर तक जब बच्ची घर नहीं आयी तब परिवार के लोग उसकी तलाश में निकले। खोज बीन के दौरान गांव से कुछ दूरी पर स्थित झाड़ी के पास बच्ची अर्धनग्नावस्था में अचेत अवस्था में पड़ी मिली। आनन फानन में परिजन बच्ची को लेकर तिसरी अस्पताल पहुंचे और उसका इलाज कराया। होश में आने के बाद पीड़िता ने उसके साथ हुए हैवानियत की घटना की जानकारी परिवार के लोगों को दी। बताया कि आरोपी ने पीड़िता को धमकी दी थी कि अगर उसने किसी को इसकी जानकारी दी और कुछ भी बताया तो वह उसे जान से मार देगा। पीड़िता काफी डरी सहमी हुई थी।



पीड़िता के पिता के आवेदन पर पुलिस ने नाबालिग से दुष्मर्म सम्बन्धी प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है। वहीं पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ करने में जुटी है। 



जमीन विवाद में बुजुर्ग की कुदाल से मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

गिरिडीह(Giridih)। जमीन विवाद में एक भाई ने अपने 65 वर्षीय बुजुर्ग भाई के सिर में कुदाल से हमला कर व पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक बुजुर्ग कार्तिक रविदास अपने गांव में समाजसेवी के रूप में विख्यात थे। वहीं शोर सुन बीच बचाव करने पहुंचे लक्ष्मण दास, रंजीत दास और राजन दास पर भी दूसरे पक्ष के देवनंदन दास, सुरेश दास, रधिया देवी, अशोक रविदास, रामकिशुन दास, पूरन दास, किशोरी दास और प्रदीप दास ने हरवे-हथियार से हमला किया। जिसमें वो तीनों भी गम्भीर रूप से घायल हो गए हैं। जिनका इलाज जारी है। घटना जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के कारोडीह (लहंगिया) गांव की है।



मिली जानकारी के सनुसार कार्तिक रविदास शनिवार की देर शाम अपने घर वापस लौट रहे थे। वापसी के क्रम मे उनकी मुलाकात अपने चचेरे भाई देवनंदन दास से हुई। उन्होंने उससे विवादित जमीन को क्यों जोता? इसका कारण पूछा। कार्तिक के इतना पूछते ही देवनंदन अपना आपा खो दिया और दोनों के बीच बतकही और गाली गलौच शुरू हो गया। बात इतना बढ़ा की देवनंदन के परिवार के सुरेश दास, रधिया देवी, अशोक रविदास, रामकिशुन दास, पूरन दास, किशोरी दास और प्रदीप दास ने हरवे-हथियार से लैश होकर वहां पहुंच गए। उनके वहां पहुंचते ही देवनंदन ने कुदाल उठा कार्तिक के सिर पर पीछे से वार कर दिया। वार इतना घातक था कि कार्तिक के सिर से खून की धार बह निकला और वह वहीं बेहोश हो गिर गए। उसके बाद भी देवनंदन उन्हें मारता पीटता रहा।



शोर सुन कार्तिक का बचाव करने पहुंचे लक्ष्मण दास, रंजीत दास और राजन दास पर भी देवनंदन और उसके परिवार के लोगों ने जान लेवा हमला कर दिया। जिसमें तीनों गम्भीर रूप से घायल हो गए। वहीं घटना के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने आनन फानन में कार्तिक समेत सभी चारों घायलों को लेकर सामुदायिक स्वस्थ्य केन्द्र जमुआ पहुंचे। लेकिन वहां किसी भी डॉक्टर के उपस्थित नहीं रहने के कारण कार्तिक रविदास ने इलाज के अभाव में तड़प तड़प कर दम तोड़ दिया। कार्तिक की मौत के बाद उनकी पत्नी समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो रो कर बुरा हाल था।



वहीं परिजनों में अस्पताल में जमकर हंगामा शुरू कर दिया। वहीं घटना की सूचना पाकर जमुआ थाना की पुलिस असप्तसल पहुंची और मृतक के शव को अपनी अभिरक्षा में लेकर पोस्टमॉर्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा दिया। वहीं पोता अमर कुमार दास के आवेदन पर जमुआ पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामला जमीन विवाद से जुड़ा है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।


मृतक के बेटे विजय दास का आरोप है कि जमुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किसी डॉक्टर के उपस्थित नहीं रहने के कारण उनके पिता का सही समय पर इलाज नहीं सका। जिस कारण उनकी मौत हो गई। उन्होंने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। इधर इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।



डैम में तैरता मिला अज्ञात युवती का शव, शिनाख्त करने में जुटी पुलिस


गिरिडीह (Giridih)। जिले के तिसरी थाना क्षेत्र के कोदाईबांक डैम में रविवार सुबह एक युवती का शव तैरते मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना पाकर तिसरी थाना की पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंच गई और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से शव को बाहर निकाल अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुटी है।



मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह डैम में नहाने गए एक व्यक्ति ने डैम में एक युवती का शव तैरता देखा। उसने मामले की जानकारी गांव के लोगों को दी। डैम में शव होने की खबर जंगल मे लगी आग की तरह पूरे इलाके में फैल गयी। खबर पाकर काफी संख्या में आस पास के ग्रामीणों की भीड़ वहां जुट गई।



डैम में शव मिलने की जानकारी पाकर स्थानीय कई जनप्रतिनिधि व विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोग भी घटना स्थल पर पहुंचे। जनप्रतिनिधियों ने घटना की सूचना तिसरी पुलिस को दी। खबर पाकर तिसरी पुलिस वहांं पहुंची और आगे की कार्रवाई में जुटी है। मृतक युवती की शिनाख़्त नही हो सकी है। युवती कौन है और कहां की रहने वाली है। पुलिस इसका पता लगाने में जुटी है।



बगोदर पुलिस को मिली सफलता, एक लाख के ब्राउन सुगर के साथ पिता पुत्र गिरफ्तार

गिरिडीह। जिले की बगोदर पुलिस ने एक लाख रुपये मूल्य के ब्राउन शुगर के साथ मादक पदार्थ बिक्रेता पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस दौरान 35.8 ग्राम ब्राउन शुगर और गांजा भरी 19 सिगरेट भी बरामद की है। उक्त जानकारी बगोदर-सरिया के एसडीपीओ धनंजय कुमार राम ने शनिवार को प्रेस काॅन्फ्रेंस कर दी।



उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार को सूचना मिली थी कि बगोदर इलाके में मादक पदार्थ (ब्राउन सुगर) की धड़ल्ले से बिक्री की जा रही है। उक्त सूचना के आलोक में पुलिस अधीक्षक ने बगोदर पुलिस को कार्रवाई का निर्देश दिया। बगोदर थाना प्रभारी विनय कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर छापेमारी की गयी। टीम ने बगोदर-सरिया रोड पर बगोदर चौक के पास एक गुमटी में छापेमारी कर प्लास्टिक में रखी ब्राउन शुगर पाउडर जिसका कुल वजन 35.8 ग्राम था और 19 गांजा भरी सिगरेट भी बरामद किया। पुलिस नर मौके पर दो धंधेबाजों को धर दबोचा। दबोचे गये धंधेबाजों मर सुरेश साव और कौशल कुमार उर्फ छोटू शामिल हैं। दोनों रिश्ते में पिता-पुत्र हैं जो बगोदर के साहू मुहल्ला के रहनेवाले हैं।


एसडीपीओ ने बताया कि सुरेश का दूसरा बेटा पहले ही मादक सामग्री बेचने के आरोप में जेल जा चुका है। उन्होंने बताया कि बगोदर पुलिस पिछले एक साल से इस धंधे से जुड़े लोगों को पकड़ने का प्रयास कर रही थी। अब सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि ब्राउन शुगर कहां से मंगायी जा रही थी, इसकी जांच की जा रही है। छापेमारी में बगोदर-सरिया के इंस्पेक्टर ज्ञानरंजन सिंह, थाना प्रभारी विनय कुमार यादव के अलावा पुअनि अंजन कुमार शामिल थे।



आज 01 जून ...क्या कहते हैं आपके सितारे...कैसा रहेगा आपका दिन...! जानिए अपना राशिफल

आज का राशिफल :: 01: 06 :: 2025, रविवार


01 जून 2025 : आज ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि है और दिन रविवार है। यह दिन हिंदू धर्म में विशेष महत्व रखता है और इसे ग्रहों के स्वामी और धरती पर ऊर्जा और प्रकाश में महान स्रोत भगवान सूर्य को समर्पित माना जाता है। रविवार के दिन सूर्यदेव की उपासना करने से मान-सम्मान, स्वास्थ्य और ऊर्जा में वृद्धि होती है। 

रविवार के दिन सूर्यदेव के साथ-साथ अन्य देवी-देवताओं और नवग्रहों की पूजा करने से शुभ फलों की प्राप्ति होती है। रविवार का व्रत रखने से आत्मसंयम और आंतरिक शुद्धि में वृद्धि होती है। इस दिन दान करने से पुण्य फल मिलता है और सूर्य को अर्घ्य देने से जीवन में सुख-समृद्धि तथा सकारात्मक ऊर्जा का संचार बना रहता हैआज का दिन जीवन में सकारात्मकता लेकर आएगा। रविवार का दिन प्रसिद्धि, पिता, शरीर के कारक और ग्रहों के राजा सूर्य से शुरु होता है। इस दिन सूर्य देव और माता दुर्गा की पूजा का विधान है। आज रविवार को सूर्यदेव को अर्घ्य देना न भूलें। षष्ठी तिथि आज शाम 07:59 तक रहेगी।

स्कंद षष्ठी: स्कंद, भगवान कार्तिकेय का एक नाम है। हर महीने की शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि उन्हें समर्पित है, जिसे स्कंद षष्ठी के रूप में मनाया जाता है। यह व्रत विशेष रूप से संतान प्राप्ति और संतान की सुख-समृद्धि के लिए रखा जाता है। साथ ही, यह व्रत शत्रुओं पर विजय, स्वास्थ्य, और मानसिक शांति प्रदान करने में भी सहायक माना जाता है।




आज का पंचांग: 01 जून 2025, दिन : रविवार

युगाब्द      : 5127,  विक्रम संवत : 2082   

शक संवत : 1947     ऋतु :  ग्रीष्म

मास       : ज्येष्ठ          पक्ष  :  शुक्ल पक्ष

सूर्योदय : 05: 24 AM, सूर्यास्त : 07: 14 PM

तिथि : षष्ठी 07:59 PM तक उपरांत सप्तमी

नक्षत्र :  आश्लेषा 09:36 PM तक उपरांत मघा

राहुकाल : 05:31 PM से 07:15 PM

चन्द्रमा :  चन्द्रमा कर्क राशि पर 09:36 PM तक उपरांत सिंह राशि पर संचार करेगा

व्रत/त्यौहार : रविवार व्रत, स्कंद षष्टी



आज :: 01 :: 06 :: 2025 का राशिफल


मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज का दिन आपके लिए सामान्य रहने वाला है। आपका दिमाग आपके सामने आने वाले हर विचार और विर्णय को लेकर उलझन में रहेगा। किसी भी स्थिति में अपने लोगों से बहस न करें। आप अपना काम जल्दी खत्म करके इन घंटों को अपने प्रिय के साथ बिता सकते हैं। दांपत्य जीवन में आज की शाम रंगीन हो सकती है। आज आपका शुभ अंक 3 है। आज धन में वृद्धि होगी, इस बारे में किसी भी जानकारी को लेकर सतर्क रहें। जिस काम में आपने पैसा लगाया है, उसे पूरा होने में समय लग सकता है। किसी विशेषज्ञ की सलाह से व्यापार में सफलता मिलेगी। आज आप अपने दैनिक काम पूरे करने में सफल रहेंगे। आधिकारिक कामों में पहले किए गए प्रयास शानदार परिणाम देंगे।



वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)

आज भाग्य से ज्यादा कर्म पर भरोसा रखें। जीवन से जुड़ी बई शुरुआत का विचार मब में आएगा। आज आपको सलाह दी जाती है कि बोलने से पहले अच्छे शब्दों का चयन करें, अन्यथा किसी से विवाद हो सकता है। दांपत्य जीवन में खुशियां बनी रहेंगी। प्यार के मामलों में दूसरों पर भरोसा करने से बचें। आज आपका लकी नंबर 6 है। आय के नए स्रोत खोजने का प्रयास करें। शेयर बाजार से जुड़े लोगों को कुछ लाभ मिल सकता है। व्यापारियों को ग्राहकों की प्रतिक्रिया पर ध्यान देना होगा। नौकरीपेशा लोगों को अपने लक्ष्य पूरे होने से राहत महसूस होगी। महत्वपूर्ण पदों पर बैठे लोगों को सभी महत्वपूर्ण निर्णयों पर नियंत्रण रखना पड़ सकता है।



मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। छोटी-छोटी बातों में खुशी तलाशने की कोशिश करें। किसी को जानने में समय और मेहनत लग सकती है। आप किसी धार्मिक आयोजन में भाग ले सकते हैं। प्रेम संबंधों के प्रति खुले रहना आपको अप्रतिरोध्य बनाएगा। वैचाहिक जीवन सामान्य रहेगा। आज आपका लकी नंबर 9 है। स्थिर व्यवसाय के लिए आज का दिन अच्छा है। प्रॉपर्टी के लेन-देन की बातचीत आगे बढ़ सकती है। आज आप अपनी बेहतर प्रतिभा दिखाकर अपने क्षेत्र में आगे बढ़ने का प्रयास करेंगे।



कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज आपके इष्ट देव की कृपा आप पर बनी रहेगी। दोस्तों के साथ पार्टी करने का प्लान बना सकते हैं। आप छोटी-।छोटी बातों पर भी संवेदनशील हो सकते हैं। आप पर उन बातों का आरोप लग सकता है जो आपने की ही नहीं, सावधान रहें। पति-पत्नी के बीच प्रेमपूर्ण संबंध रहेंगे। प्रेम संबंधों में भी नजदीकियां बढ़ेंगी। आज आपका लकी नंबर 2 है। आज भविष्य को ध्यान में रखते हुए छोटी-मोटी पूंजी निवेश कर सकते हैं। कोई बड़ी प्रॉपर्टी खरीदने का सपना जल्द ही पूरा होगा। बिजनेस को लेकर थोड़ी भागदौड रहेगी। नौकरीपेशा लोगों को आज जीवन बदलने वाला अवसर मिलेगा।



सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज शनिदेव की पूजा करें,आपकी मनोकामनाएं पूरी होंगी। किसी पवित्र कार्य की तैयारियां जोरों पर रहने वाली हैं, आप पूरे जोश के साथ लगे रहेंगे। अपनी गलतियों को कजरअंदाज न करें। पारिवारिक और दांपत्य जीवन शुभ और लाभकारी रहेगा। प्रेम जीवन में आपको खुशी मिलेगी। आज आपका लकी नंबर 8 है।आज आपको पैसों के मामले में अच्छी खबर मिल सकती है। अगर आप अपना खुद का बिजनेस करते हैं तो आपको मार्केटिंग पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। किसी भी काम के बारे में गहराई से सोचेंगे तो परिणाम आपके पक्ष में आ सकते हैं। नीकरी के क्षेत्र में आपको तरक्की के उचित अवसर मिल सकते हैं।



कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज आपका मन भगवान की आराधना में अधिक लगेगा। असफलता से टूटने की बजाय आपको इसे चुनौती के रूप में लेना होगा। बच्चे घर के काम में मां की मदद करेंगे, जिससे मां उनसे खुश रहेंगी। आपको अपने लव पार्टनर से मिलने का मौका मिल सकता है। आज आपका शुभ अंक 7 है। आज आर्थिक स्तर पर कुछ महत्वपूर्ण निर्णय लेने के संकेत हैं ,बिजनेस कर रहे लोगों को अच्छा मुनाफा मिलने से खुशी होगी। हॉस्पिटैलिटी के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए दिन फायदेमंद रहेगा। ऑफिस के काम में अपना फोकस कमजोर न पड़ने दें। जो लोग किसी कंपनी में जॉब के लिए अप्लाई करना चाहते हैं उनके लिए दिन शुभ है।




तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज अपने इष्ट देव पर भरोसा रखें और इष्ट देव के मंत्र का जाप करें। घर में नवीनीकरण और सजावट से जुड़े बदलाव करेंगे। आज आप अपने पार्टनर के साथ आगे बढ़ने के बारे में सोचेंगे। शादीशुदा लोगों का गृहस्थ जीवन बहुत अच्छा रहेगा। आज आपका लकी नंबर 5 है। आज आपको अपनी बहन की आर्थिक मदद करनी पड़ सकती है। नया काम और नए बिजनेस डील सामने आ सकते हैं। कोई भी नया काम शुरू करने से पहले अपने जीवनसाथी से सलाह लेना अच्छा रहेगा। जो लोग मैनेजमेंट जॉब से जुड़े हैं, उन्हें अच्छी तरक्की मिलेगी।



वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज आपका दिन चुस्ती-फुर्ती से भरा रहेगा। आज आपको संतान पक्ष से कोई अच्छी खबर सुनने को मिल सकती है। आज आपके जीवनसाथी के साथ रोमांटिक डेट पर जाने की संभावना है। प्रेम संबंधों में नजदीकियां बढ़ेंगी। आज आपका लकी रंग बैंगनी है। आज आपका लकी नंबर 4 है। आज आप पैसों के क्षेत्र में कुछ नई पहल कर सकते हैं। तुला राशि का कोई सहकर्मी आपको बिजनेस से जुड़ी कोई जानकारी देगा। पासपोर्ट से जुड़ा काम करने वालों के लिए दिन बेहतरीन रहेगा। प्रॉपर्टी से जुड़े कामों में लाभ हो सकता है। नौकरी से जुड़े लोगों को अधिकारियों और सहकर्मियों से मधुर संबंध बनाए रखने चाहिए।



धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज का दिन आपके लिए संतुष्टि से भरा रहेगा। दूसरों की बातों पर तुरंत भरोसा न करें। मां अपने बच्चों की पसंदीदा डिश बना सकती हैं। शादीशुदा लोग एक-दूसरे को बेहद दिलचस्प तरीके से समझेंगे। प्रेम संबंधों में आपके प्रयासों को सकारात्मक परिणाम मिलेंगे। आज आपका लकी नंबर 9 है। आज वित्तीय योजना बनानी चाहिए। छोटे कारोबारियों को आज कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। करियर से जुड़ा सकारात्मक समय शुरू हो गया है, इसका अधिकतम लाभ उठाने की कोशिश करें। निजी कंपनियों के कर्मचारियों को आज वेतन वृद्धि मिल सकती है।



मकर🐊(भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। परिवार के सभी सदस्यों की तरक्की देखकर आप एक-दूसरे की खुशी में शामिल होने की कोशिश जरूर करेंगे। आज आपको अपने पार्टनर से गंभीरता से बात करने की जरूरत है। सिंगल राशि के लोगों को दोस्तों के साथ मौज-मस्ती करने में मजा आएगा। आज आपका लकी नंबर 5 है। आज आप दूसरों को सलाह देकर भी धन प्राप्त कर सकते हैं। खाद्य पदार्थों से जुड़े व्यापार में लाभ की स्थिति बनेगी। नौकरीपेशा लोगों को किसी की आलोचना से प्रभावित नहीं होना चाहिए, आपकी योग्यता और मेहनत में कोई कमी नहीं है।



कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज का दिन आपके लिए खास रहने वाला है। आप जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्पर रहेंगे। पारिवारिक मामले पर आपको पकड़ बनाए रखने की जरूरत होगी। किसी से रोमांटिक बातें करते समय सावधान रहें।शादीशुदा लोगों का गृहस्थ जीवन आज बहुत बढ़िया रहेगा। जो लोग किसी से प्रेम करते हैं, उन्हें आज अपने प्यार का इज़हार करने का मौका मिलेगा। आज आपका लकी नंबर 8 है। आज बहुत ज्यादा लालच से दूर रहें। व्यापारियों को बड़े सौदे करते समय सावधानी बरतनी होगी। अगर आप शॉपिंग करने जाते हैं, तो ज्यादा पैसे खर्च करने से बचें। बेरोजगार लोगों को आज आजीवन रोजगार का मौका मिल सकता है।



मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज का दिन आपकी महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने वाला रहेगा। राजनीति से जुड़े लोगों के लिए दिन बेहतर रहने वाला है। अगर आपके परिवार या परिचित में कोई बीमार है, तो फोन पर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ज़रूर लें। जीवनसाथी के मूड का पूरा ख्याल रखना आपके हित में रहेगा। प्रेम के मामले में आपको नए प्रस्ताव मिल सकते है। आज आपका लकी नंबर 2 है। आज आपको रुका हुआ पैसा मिल सकता है। अपना काम-धंधा जैसे चल रहा है वैसे ही चलने दें, लेकिन लापरवाही न करें। कामकाजी महिलाओं को काम को लेकर थोडा तनाव हो सकता है। आपमें से जो लोग नौकरी के मामले मे बदलाव की तलाश में हैं, उन्हें नए अवसर मिलने की संभावना है।




कृपया ध्यान दें👉

      यद्यपि शुद्ध राशिफल प्रसारण की पूरी कोशिश की गई है। प्रसारित राशिफलों में कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।

        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷