बुधवार, 26 फ़रवरी 2025

वित्तीय समावेशन और कौशल विकास में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर गिरिडीह को मिला 3 करोड़ का पुरस्कार

पुरस्कार की राशि का उपयोग जन कल्याणकारी परियोजनाओं को गति देने में किया जाएगा : उपायुक्त 

गिरिडीह(Giridih)। अपने बेहतर कार्यों की बदौलत गिरिडीह जिला ने एक बार फिर पूरे देश में अपना परचम लहराया है। नीति आयोग के मानक में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए गिरिडीह ज़िले को 3 करोड़ रुपये का पुरस्कार मिला है। दिसंबर 2023 में नीति आयोग के आकांक्षी ज़िला कार्यक्रम के तहत वित्तीय समावेशन और कौशल विकास में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था।  



उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने कहा कि गिरिडीह जिला के लिए यह गर्व का विषय है। यह पुरस्कार जिला प्रशासन के मेहनत और प्रयासों तथा आमजनों के सकारात्मक सोच और विकास कार्यों में उनकी सहभागिता का परिणाम है। इस पुरस्कार से गिरिडीह ज़िले को राज्य और देश में नई पहचान मिली है। 


उन्होंने कहा कि पुरस्कार राशि का उपयोग जनकल्याणकारी परियोजनाओं को गति देने और लोगों के जीवन स्तर को बेहतर एवं सुदृढ़ बनाने के लिए किया जायेगा। 


गौरतलब हो कि नीति आयोग आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण, बुनियादी ढांचा, कृषि एवं जल संसाधन, वित्तीय समावेशन एवं कौशल विकास जैसे पांच प्रमुख क्षेत्रों में जिलों की प्रगति की निगरानी करता है।


इन सभी पांच क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलों को प्रोत्साहन स्वरूप नीति आयोग द्वारा अतिरिक्त संसाधन स्वरूप पुरस्कार राशि प्रदान करती हैं, ताकि जिले में विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी रूप से संचालित किया जा सके।

शिवरात्रि पर्व पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का जनसैलाब

गिरिडीह (Giridih)। महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर बुधवार अहले सुबह से ही शिव मंदिरों में आस्था का जन सैलाब उमड़ा दिखा। बच्चे बूढ़े जवान, महिला पुरुष श्रद्धालु मंदिरों में पुजा अर्चना करने लंबी लंबी कतार में खड़े दिखे। इस दौरान हर-हर महादेव, बोल बम, बम बम भोले के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर गूंजता रहा।


जिला मुख्यालय से महज 9 किलोमीटर की दूरी पर स्थित बाबा दुःख हरण नाथ धाम जहां उत्तरवाहिनी उसरी नदी में श्रद्धालु स्नान कर वहां से लौटे समेत अन्य पात्रों में जल भर कर औघड़दानी भगवान शिव का जलाभिषेक करते दिखे। यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा दुःख हरण नाथ का जलाभिषेक कर अपने तथा अपने परिवार के सुख शांति और समृद्धि की कामना भगवान शिव से की। 


वहीं इसके अलावे जिलामुख्यालय स्थित पुलिस लाइन शिव मंदिर, अमरनाथ मन्दिर, बरवाडीह शिव मंदिर, हनुमान गढ़ मन्दिर, बाभनटोली शिव मंदिर, दर्जी मुहल्ला स्थित पुरातन शिवालय, कुटिया गली मन्दिर, जेपी चौक स्थित पंच मन्दिर, मकतपुर पंच मन्दिर, बरगंडा स्थित विश्वनाथ मंदिर के अलावे पचम्बा स्थित नर्मदा धाम, दीवान टोला शिव मंदिर आदि शिवालयों में भी इस अवसर पर श्रद्धालुओं की खासी भीड़ उमड़ी दिखी। 



वहीं संध्यापहर विभिन्न शिव मंदिरों से भगवान भोले नाथ की बारात निकाली गई। जिसमे काफी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो शिव बारात का लुत्फ उठाया। इस दौरान विभिन्न शिव मंदिरों द्वारा भव्य व आकर्षक झांकी भी निकाली गई। जिसे देखने श्रद्धालुओं की भीड़ सड़कों के किनारे एकत्रित दिखी।


ग्रामीण क्षेत्रों में भी रही शिव रात्रि की धूम

शहरी क्षेत्र के अलावे मुफ्फसिल एवं ग्रामीण इलाकों में भी शिवरात्रि पर्व पर शिवालयों में पुजा अर्चना करने वाले शिव भक्तों व श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। इस अवसर पर सिरसिया स्थित कालिका गूंज शिव मंदिर,  कोल्डीहा, भंडारीडीह, अलकापुरी, मोहनपुर, पचंबा, बनियाडीह, कोपा, सेंट्रलपीट, अकदोनीखुर्द, पपरवाटांड, महेशलुंडी, करहरबारी के अलावा सभी शिवालयों में शिव भक्तों का तांता लगा दिखा। सभी शिवालयों को आज काफी आकर्षक रूप से सजाया गया था। 


खूब हुई आलू की जलेबी की बिक्री

महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर बाजारों में भी काफी चहल पहल और रौनक देखने को मिली। महाशिवरात्रि पर्व पर बाजार में फलाहार के रूप में सबसे अधिक पंसदीदा मिठाई आलू की जलेबी की खूब बिक्री हुई। इस अवसर पर शहरी क्षेत्र के विभिन्न होटलों के अलावा चौक-चौराहों पर आलू के जलेबी के अनेकों स्टॉल लगाये गये थे। शिवरात्रि पर्व पर फलाहारी आलू की जलेबी 150 रुपये से 200 रुपये किलो तक बिके। लोग काफी चाव से उसकी खरीददारी करते दिखे।

दिवंगत भाजपा नेता के घर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री बाबुलाल मरांडी, परिवार से मिल जताया शोक

गिरिडीह (Giridih)। पूर्व मुख्यमंत्री बाबुलाल मरांडी ने कहा कि बाबुल गुप्ता जी गिरिडीह भाजपा की रीढ़ थे। उनका निधन भाजपा परिवार के लिये काफी मर्माहत करने वाला अपूरणीय क्षति है। श्री मरांडी बुधवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता सह पूर्व वार्ड पार्षद दिवंगत बाबुल प्रसाद गुप्ता के बरवाडीह स्थित आवास पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मिल उन्हें ढांढस बंधाया। 


इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा के प्रति भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि जनसंघ काल से हमलोग साथ रहे। कई मुद्दों पर हमलोग आपस मे मन्त्रणा करते थे। उनका साथ हमेशा सहयोगात्मक रहा। वे काफी मिलनसार और मृदुभाषी प्रवृति के थे। समाज के हर वर्ग के लोगों के लिये वे प्रेरणाश्रोत थे।


बता दें कि भाजपा के वरिष्ठ नेता सह पूर्व वार्ड पार्षद बाबुल प्रसाद गुप्ता बीते 19 फरवरी की शाम लंबे समय से बीमारी से ग्रसित रहते हुए 80 वर्ष की उम्र में बरवाडीह स्थित अपने निवास स्थान पर अंतिम सांस ली थी। बाबुल गुप्ता जनसंघ काल से ही पार्टी से जुड़े थे। वह गिरिडीह में भाजपा के संस्थापक सदस्यों में से एक थे। गिरिडीह के मारवाड़ी श्मसान घाट में 20 फरवरी को उनका अंतिम संस्कार किया गया, उनके छोटे पुत्र संदीप गुप्ता ने उन्हें मुखाग्नि दी थी।


उनके निधन की खबर सुन बुधवार को प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री बाबुलाल मरांडी उनके बरवाडीह स्थित आवास पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मिल उन्हें सांत्वना दिया। वहीं इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने दिवंगत भाजपा नेता बाबुल गुप्ता के छोटे पुत्र संदीप गुप्ता से मिल उन्हें भी ढांढस बंधाया और हर सम्भव सहयोग का भरोसा दिया। 


इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री बाबुलाल मरांडी के साथ भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक उपाध्याय समेत कई भाजपा नेता मौजूद थे। मरांडी कुछ देर वहां रुक कर दिवंगत नेता के तस्वीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर वहां से अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान किये।



दादी के दाह संस्कार में गये पोते की हुई चेकडैम में डूबने से मौत

गिरिडीह(Giridih)। चचेरी दादी के अंतिम संस्कार में बराकर नदी स्थित श्मसान घाट गये पोते की डूबने से मौत हो गई। घटना बुधवार दोपहर की है। मृतक मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बदडीहा गांव निवासी रिंकू विश्वकर्मा का 16 वर्षीय पुत्र शिवम विश्वकर्मा था।


जानकारी के अनुसार बदडीहा निवासी टिंकू विश्वकर्मा की मां का निधन मंगलवार को हो गया था। बुधवार को उसका अंतिम संस्कार करने गांव के लोग शव लेकर मुफस्सिल और पीरटांड थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित बराकर नदी श्मसान घाट गये थे। अपनी चचेरी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने टिंकू के चचेरे भाई रिकू विश्वकर्मा का एकलौता पुत्र शिवम भी घाट गया था। 


दाह संस्कार होने के बाद घर वापसी पूर्व सभी लोग नदी में स्नान कर रहे थे। कुछ लोग नदी में बने चेक डैम के पास भी स्नान कर रहे थे। शिवम भी चेकडैम के पास स्नान कर रहा था। इसी दौरान नदी के धार से बने गड्ढे में वह जा फंसा। गड्ढा गहरा होने के कारण वह बाहर नहीं निकल पाया वहां मौजूद ग्रामीणों ने उसे बचाने का काफी प्रयास लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। 


घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो के अलावा पीरटांड थाना की पुलिस को घटनास्थल पहुंची। 


घटना के काफी देर बाद काफी मशक्कत से ग्रामीणों ने शिवम को गड्ढे से निकाला और उसे लेकर सदर अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सक ने शिवम को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम का माहौल है। घर वालों का रो रोकर बुरा हाल है।

अपने इकलौते पुत्र शिवम की मौत से दुःखी परिवार के लोगों ने अस्पताल प्रबंधन और पुलिस प्रशासन से काफी आरजू मिन्नत कर बगैर पोस्टमार्टम कराये ही शव लेकर घर चले गये। 

60 फीसदी घरेलू गैस सिलेंडर का होता है ब्लैक मार्केटिंग : रामेश्वर लश्करे

ग्राहक दक्षता कल्याण फाउंडेशन कर रही उपभोक्ताओं को जागरूक : मुसाहिद आदिब
गिरिडीह(Giridih)। ग्राहक दक्षता कल्याण फाउंडेशन के परियोजना प्रमुख रामेश्वर लश्करे ने कहा कि हमारी संस्था जनजागृति अभियान चला घरेलू गैस सिलेंडर के उपभोक्ताओं को जागरूक कर रही है।ताकि घरेलू गैस उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों की जानकारी हो सके और गैस एजेंसी संचालकों की गलत नीतियों के खिलाफ एक सामूहिक आवाज बन सकें।



लश्करे बुधवार को गिरिडीह परिषदन भवन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उनके साथ झारखण्ड प्रदेश प्रमुख मुसाहिद आदिब मौजूद थे। लश्करे ने कहा कि देश के 22 राज्यों में उनकी संस्था संचालित है और उपभोक्ताओं को नुक्कड़ नाटक, बैनर, पोस्टर, होर्डिंग लगा तथा पेंटिंग और हस्ताक्षर अभियान चला जागरूक करने का प्रयास कर रही है। 


उन्होंने कहा कि गैस एजेंसी संचालक व पर्दे के पीछे के दलाल उपभोक्ताओं को उनके वाजिब हक और अधिकारों को देने के बजाय अधिक मुनाफा कमा रही है,और सरकारी राजस्व को भी चुना लगा रही है।


कहा कि निर्धारित मूल्य पर घरेलू सिलेंडर कंज्यूमर के घर तक पहुंचाना है लेकिन सिलेंडर पहुंचाने के बदले 20, 30 रुपये अधिक ली जाती है। जिसका कोई रशीद नहीं मिलता। यधपि एजेंसी को सिलेंडर, कंज्यूमर को वजन कर देना है लेकिन बगैर वजन किये ही सिलेंडर दी जाती है।  इतना ही नहीं घरेलू गैस की धड़ल्ले से ब्लैक मार्केटिंग भी हो रही है। 


लगभग 60 फीसदी घरेलू गैस का व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में कॉमर्सियल सिलेंडर के बदले धड़ल्ले से उपयोग हो रहा है। जिससे सरकार को मिलने वाली राजस्व की भी चोरी हो रही है। लश्करे ने कहा कि घरेलू गैस का जीएसटी 5 प्रतिशत है, जबकि कॉमर्शियल सिलेंडर का जीएसटी 18 प्रतिशत। कॉमर्शियल के स्थान पर घरेलू सिलेंडर देकर 13 प्रतिशत सरकारी राजस्व की धड़ल्ले से चोरी हो रही है।


उन्होंने जिला प्रशासन से इस दिशा में कारगर कदम उठाने और इस पर रोक लगाने की मांग की। ताकि घरेलू सिलेंडर की ब्लैक मार्केटिंग पर अंकुश लगे और सरकारी राजस्व को चुना लगना बन्द हो सके।

आज का राशिफल, कैसा रहेगा आज का दिन, क्या कहता है आपकी राशिफल, जानिए

आज का राशिफल ::26 :: 02 :: 2025 बुधवार

26 फरवरी 2025 : आज पवित्र फाल्गुन माह के कृष्ण पक्ष की उदया तिथि त्रयोदशी और बुधवार का दिन है। त्रयोदशी तिथि बुधवार दोपहर पहले 11 बजकर 9 मिनट तक रहेगी, उसके बाद चतुर्दशी तिथि लग जाएगी। आज महाशिवरात्रि है, इसलिए महादेव और मां पार्वती की विधिवत व्रत पूजा करें। इस दिन भगवान गणेश की पूजा विधि रूप से करें।  पंचांग के अनुसार सूर्य कुंभ राशि में रहेगा। वहीं चंद्रमा 27 फरवरी सुबह 04:37 तक मकर राशि पर उपरांत कुंभ राशि पर संचार करेगा। आज तिथि के हिसाब से आप बुधवार का व्रत रख सकते हैं। वहीं आज महाशिवरात्रि का व्रत भी रखा जाएगा। जो सभी व्रतों में सौभाग्यशाली माना जाता है।



आज का पंचांग: 26 फरवरी 2025, बुधवार, विक्रम सम्वत : 2081, शाका : 1946, ऋतु : बसंत, मास : फाल्गुन, पक्ष : कृष्ण पक्ष, तिथि : त्रयोदशी 11:09 AM तक उपरांत चतुर्दशी, नक्षत्र : श्रवण 05:23 PM तक उपरांत धनिष्ठा, सूर्योदय : 06: 40 AM, सूर्यास्त : 06: 09 PM, राहुकाल : 12:39 PM से 02:05 PM तक, चन्द्रमा : मकर राशि पर 04:37 AM तक उपरांत कुंभ राशि पर संचार करेगा। व्रत/त्यौहार : बुधवार व्रत, मास शिवरात्रि, महाशिवरात्रि व्रत


आज :: 26:: 02 :: 2025 का राशिफल


मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
मेष राशि के जातकों को आज नई नौकरी मिल सकती है। सामाजिक क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को किसी अच्छे काम में आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। किसी से बहस होने से मन परेशान रहेगा। सरकारी नौकरी की तैयारी में लोगों को अपनी मेहनत जारी रखनी होगी। जो लोग आईटी सेक्टर से जुड़े हैं उन्हें अपने काम पर पूरा फोकस करना होगा। आपके दोस्तों की संख्या में बढ़ोतरी होगी। भाग्यशाली रंग : हल्का नीला, भाग्यशाली अंक : 5


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
रोजगार की तलाश में इधर-उधर भटक रहे वृष राशि के जातकों को कोई अच्छी खबर सुनने को मिल सकती है। दूसरों के मामलों में ज्यादा न बोलें। आपको आत्मनिर्भर बनना होगा और अपने काम पर भरोसा रखना होगा, जिससे आपको पूरा सहयोग मिलेगा। आपको अपना काम समय पर पूरा करने की जरूरत है। कल का दिन आपके लिए मजेदार रहने वाला है। भाग्यशाली रंग: हल्का बैंगनी, भाग्यशाली अंक : 3


मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
मिथुन राशि के जातकों को थोड़ी जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा। ऑनलाइन शॉपिंग करने से आपको नुकसान हो सकता है। आप अपने बिजनेस को लेकर किसी से पार्टनरशिप कर सकते हैं। परिवार के किसी सदस्य से आपको कुछ निराशाजनक समाचार मिल सकता है। अगर आपकी कोई वस्तु खो गई थी तो वह आपको मिल सकती है। भाग्यशाली रंग : गहरा लाल, भाग्यशाली नम्बर : 1


कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
कर्क राशि के जातकों को कोई नया पद मिल सकता है। आपको महिला मित्रों से सावधान रहना होगा। यात्रा पर जाते समय आपको थोड़ा सावधान रहना होगा। आपको किसी काम के लिए परिवार के किसी सदस्य की मदद लेनी पड़ सकती है। आपका कोई कानूनी मामला आपके लिए परेशानी खड़ी कर सकता है। राजनीति में काम करने वाले लोगों को विरोधियों की चालों को समझना होगा। भाग्यशाली रंगः भुरा, भाग्यशाली अंक:  6


सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
सिंह राशि के जातकों को महाशिवरात्रि के दिन अपने करियर में अच्छी उछाल देखने को मिलेगी। आप अपने जीवनसाथी से अपने मन में चल रही परेशानियों के बारे में बात कर सकते हैं। आपको अपना खाली समय इधर-उधर बैठकर बर्बाद करने की जरूरत नहीं है। आपकी आर्थिक स्थिति बेहतर रहेगी। आपके मित्र आपके लिए कोई अच्छी निवेश योजना ला सकते हैं। आपके जीवन में कोई बड़ा बदलाव आ सकता है। पिता के स्वास्थ्य में चल रही परेशानियों को लेकर आपको किसी अच्छे डॉक्टर से सलाह लेनी होगी।भाग्यशाली रंग : हरा, भाग्यशाली नम्बर: 7


कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
कन्या राशि वालों को कल पूरी ईमानदारी से काम करना होगा। आपके काम को बढ़ावा मिलेगा। सहकर्मी आपका पूरा साथ देंगे। आपके जीवनसाथी को कार्य क्षेत्र में पदोन्नति मिलने से उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहेगा। आप किसी यात्रा पर जा सकते हैं। आपके घर पर किसी पूजा-पाठ का आयोजन हो सकता है। खोया हुआ पैसा मिलने से आप बेहद खुश रहेंगे। अगर आपके बच्चे ने सरकारी नौकरी से संबंधित परीक्षा दी थी, तो उसका परिणाम आ सकता है। भाग्यशाली रंग: भुरा,भाग्यशाली अंक- 8



तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
तुला राशि वालों के लिए आज का दिन मिलाजुला रहने वाला है। आपकी निर्णय लेने की क्षमता बेहतर रहेगी। आपको किसी दिखावे में पड़ने से बचना होगा। परिवार के किसी सदस्य के विवाह में आ रही बाधा आपके किसी मित्र की मदद से दूर हो सकती है। आपके मन में कोई नया काम करने की इच्छा जागृत हो सकती है। आपको अपने पैसों को लेकर कोई योजना बनाने की जरूरत है। आपके घर पर कोई मेहमान आ सकता है। भग्यशाली रंग: सफेद, भाग्यशाली अंक- 2


वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
 वृश्चिक राशि वालों के लिए आज का दिन चिंता भरा रहने वाला है। कोई भी जोखिम लेने से बचें। आप अपने घर के कामों पर पूरा ध्यान देंगे। अगर आपको किसी बात को लेकर संदेह है तो उस काम में बिल्कुल भी आगे न बढ़ें और अजनबियों से आपको सतर्क रहना चाहिए। आपको लोगों की भावनाओं का सम्मान करना होगा। कार्यक्षेत्र में खुद को साबित करने का मौका मिलेगा। काम को लेकर आप घर के बड़ों से सलाह ले सकते हैं। भग्यशाली रंग: नीला, भाग्यशाली अंक: 6


धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
 धनु राशि के नौकरीपेशा जातकों के लिए आज महाशिवरात्रि का दिन अच्छा रहने वाला है। किसी भी विपरीत परिस्थिति में आपको धैर्य बनाए रखने की जरूरत है। किसी की सुनी-सुनाई बातों पर भरोसा न करें। माता-पिता के आशीर्वाद से आपके रुके हुए काम पूरे होंगे। स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं आपको परेशान कर सकती हैं। अपने काम को कल पर टालने से बचें। किसी को उधार देने से बचें। जीवनसाथी का सहयोग और सानिध्य भरपूर मिलेगा।भग्यशाली रंग: लाल, भाग्यशाली अंक: 4



मकर🐊(भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
 मकर राशि के जातकों के लिए आज का दिन कुछ खास करने वाला रहेगा। किसी वाद-विवाद के कारण आप परेशान रहेंगे। छात्रों को कुछ नया सीखने को मिलेगा। आप अपने पसंदीदा भोजन का आनंद लेंगे। मार्केटिंग से जुड़े लोगों का सम्मान बढ़ेगा। आपको अपने जीवनसाथी की भावनाओं का सम्मान करना होगा। आपके मन में प्रतिस्पर्धा की भावना बनी रहेगी। आपको कोई पुरस्कार मिलने की संभावना है। भग्यशाली रंग: नारंगी, भाग्यशाली अंक :1


कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा) 
कुंभ राशि के जातकों के लिए आज का दिन मिला-जुला रहने वाला है। आपको जल्दबाजी में कोई भी काम करने से बचना होगा। विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत के बाद ही सफलता मिल रही है, इसलिए उन्हें योजना बनाकर आगे बढ़ने की जरूरत है। किसी भी समस्या को कम न आंकें। आपके द्वारा लिए गए किसी भी निर्णय पर आपको पछतावा होगा। व्यापार कर रहे लोगों को अपने ऑर्डर जल्दी डिलीवर करने होंगे, अन्यथा कोई नई समस्या खड़ी हो सकती है।भग्यशाली रंग: लाल,भाग्यशाली अंक: 9


मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
 मीन राशि के जातकों को आज अपने व्यापार पर थोड़ा ध्यान देने की जरूरत है, उन्हें आय के साथ-साथ अपने खचों को बढ़ाने पर भी ध्यान देना होगा। कार्यक्षेत्र में आप खुद को साबित करने की कोशिश कर सकते हैं। आपकी कार्य क्षमता में वृद्धि होगी और कुछ मौसमी बीमारियाँ आपको अपनी गिरफ्त में ले सकती हैं। पारिवारिक रिश्तों में एकता बनी रहेगी। जीवनसाथी के साथ चल रहे किसी विवाद को आपको सुलझाने की जरूरत है। महाशिवरात्रि पर भोलेनाथ की पूजा करना लाभकारी रहेगा। भग्यशाली रंग: पीला,भाग्यशाली अंक :5


 
कृपया ध्यान दें👉 

      यद्यपि शुद्ध राशिफल की पूरी कोशिश रही है फिर भी इन राशिफलों में और आपकी कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर आपके जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।



        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷