शुक्रवार, 6 जनवरी 2023

लंगटा बाबा समाधि पर्व पर खरगडीहा में उमड़ा जनसैलाब, लाखो लोगो ने की चादरपोशी


गिरिडीह : पौष पूर्णिमा लंगटा बाबा समाधि पर्व के अवसर पर जिले के खरगडीहा स्थित लंगटा बाबा के समाधि पर शुक्रवार को भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह चार बजे से ही समाधि स्थल पर चादर चढ़ाने का सिलसिला शुरू हुआ, वह देर रात तक जारी रहा। 
भीड़ इतनी थी कि चादरपोशी के लिए भक्तों की लंबी कतार लग गयी। घंटों कतार में खड़े रहकर लोगों ने लंगेश्वरी बाबा के समक्ष शीश झुकाया और मन्नतें मांगीं। सुबह आठ बजे के बाद बाबा के भक्तों की संख्या इतनी बढ़ गयी कि करीब दो किमी तक लंबी कतार लग गयी। जिस कारण जमुआ-देवघर मुख्य मार्ग पूरी तरह जाम हो गया।

वहीं मंदिर परिसर एवं मेले में पहुंची भारी भीड़ पर नियंत्रण करने हेतु प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। थाना प्रभारी पप्पू कुमार के नेतृत्व में पुलिस के जवान विधि-व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहे। 

पॉकेटमारों की रही चांदी : पौष पूर्णिमा के अवसर पर लंगटा बाबा के समाधि पर्व पर उनके समाधि स्थल पर पूजा-अर्चना को पहुंचे कई भक्तों की जेबें कटी वहीं दर्जनाधिक लोगों के पर्स उड़ा लिए गये। दर्जनभर मोबाइल भी भीड़ के कारण गुम हो गया। हालांकि प्रशासनिक महकमा द्वारा मेले की निगरानी हेतु मेला स्थल के विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगा रखे थे। बावजूद इसके पॉकेटमारों ने हाथ साफ कर लिया। 

मजहबी आस्था का केंद्र खरगडीहा : मजहबी आस्था का केन्द्र है खरगडीहा। पौष पूर्णिमा के मौके पर विख्यात लंगटा बाबा के यहां स्थित समाधि स्थल पर चादरपोशी करने के लिए उमड़े हजारों हिन्दू-मुस्लिम धर्मावलंबियों के हुजूम से यह बात स्वत: सिद्ध होती है। झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा अलग-अलग प्रदेशों से भी बाबा के भक्तों ने हाजिरी देते हुए समाधि पर चादरपोशी की और मन्नतें मांगीं। यहाँ पधारे हरेक भक्तों द्वारा बाबा की महत्ता का गुणगान करते सुना गया। दया की प्रतिभूर्ति थे लंगटा बाबा। यही वजह है कि बाबा के अनन्य भक्त मिर्जागंज निवासी मोहन साव के सौजन्य से यहां के मेले में अलग-अलग जगहों पर टी-स्टाल की व्यवस्था की गयी।
 

जलीय सूर्यमंदिर में उमड़ी भीड़ : पौष पूर्णिमा के मौके पर शुक्रवार को मिर्जागंज स्थित जलीय सूर्य मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह से शाम तक लगी रही। भक्तों ने बारी-बारी से मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना कर भगवान भास्कर से निरोग होने की मन्नतें मांगीं। खरगडीहा स्थित लंगटा बाबा की समाधि पर चादरपोशी करने वाले श्रद्धालुओं ने यहां आकर भगवान भास्कर के समक्ष भी माथा टेका। यहां भी दिनभर मेले जैसा माहौल रहा। समाधि स्थल और मंदिर में दर्जनों की संख्या में पधारे साधु, संत एवं साधकों से धार्मिक आस्था का माहौल जीवंत हो उठा।

लंगटा बाबा के समाधि पर परम्परानुसार जमुआ थाना के थानेदार की पहली चादरपोशी


गिरिडीह: जमुआ के खरगडीहा में लंगेश्वरी बाबा (लंगटा बाबा) समाधि स्थल पर माथा टेकने और चादरपोशी करने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी है। शुक्रवार की अहले सुबह परम्परानुसार लंगटा बाबा के समाधि पर पहली चादरपोशी जमुआ थाना प्रभारी पप्पू कुमार ने की। इसके बाद चादरपोशी करने वाले भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया।
बाबा के समाधि स्थल पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं ने माथा टेका और मन्नतें मांगी। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा का पुख्ता व्यवस्था की गई थी। खोरीमहुआ एसडीएम धीरेंद्र कुमार सिंह और एसडीपीओ मुकेश कुमार महतो की देखरेख में पदाधिकारियों और पुलिस बलों की तैनाती की गई। 

खरगडीहा स्थित थाना में बाबा ने बनाया था आशियाना : 
बताया जाता है अंग्रेजी हुकूमत के समय साधु-संतों के साथ देवघर जा रहे लंगेश्वरी बाबा खरगडीहा स्थित उस वक्त के थाना परिसर में रुके थे। इसी थाना परिसर को उन्होंने अपना आशियाना बनाया था। तत्कालीन थानेदार वहाबुद्दीन ने लंगेश्वरी
बाबा को थाना छोड़कर जाने को कहा था, जिसपर बाबा ने यह कहा था कि तू ही चला जायेगा। कहा जाता है कि इस कथन के बाद खरगडीहा से उठकर थाना जमुआ आ गया। इसी थाना परिसर में पौष पूर्णिमा के दिन साल 1910 को बाबा ब्रह्मलीन हो गए थे और यहां बाबा की समाधि बनाई गई थी।

बाबा में थे चमत्कारी गुण:
बताया जाता है कि बाबा के अंदर चमत्कारी गुण थे। मनुष्य के अलावा पशुओं और पक्षियों से उन्हें काफी प्रेम था। उनके पास आनेवाले लोग दुखों से मुक्त हो जाते थे। रोगों को भी हरने की शक्ति उनके अंदर थी। यही वजह है कि यहां पर प्रतिदिन हिन्दू मुस्लिम, सिख, ईसाई भी पहुंचते हैं और माथा टेकते हैं। 
देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचते है भक्त : 
पौष पूर्णिमा के दिन यहां पर भक्तों का जन सैलाब उमड़ पड़ता है। देश के विभिन्न राज्यों से भक्त यहां पहुंचते हैं। इस बार भी काफी भीड़ उमड़ी है। भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी मुस्तैद हैं। पौष पूर्णिमा के अवसर पर हर साल की तरह इस साल भी लंगटा बाबा समाधिस्थल पर चादरपोशी करने वाले श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा।

चादरपोशी कर अमन चैन की मांगी मन्नतें :
शुक्रवार को रांची के डीआईजी दीपक कुमार सिन्हा, खोरीमहुआ एसडीएम धीरेन्द्र कुमार सिंह,एसडीपीओ मुकेश महतो, जमुआ थाना प्रभारी पप्पू कुमार, सीओ द्वारिका बैठा, प्रमुख मिष्ठु देवी सहित दर्जनों जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी सहित कई वीआईपी खरगडीहा पहुँच कर चादरपोशी कर अमन चैन की मन्नतें मांगें। 
निरन्तर भक्तों की ओर से चादर चढ़ाने का सिलसिला जारी रहा। लोग कतारबद्ध होकर पूजा अर्चना करते देखे गये।जानकारी के मुताबिक कोरोना के चलते पिछले कई वर्षों से मेले में भीड़ नही लगने दिया जाता था, लेकिन इस बार बड़ी संख्या में सर्द्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा,भीड़ को नियंत्रण करने में स्थानीय पदाधिकारियों को काफी मशक्कत करना पड़ा।
मेले में मुश्तेद दिखे पुलिस व प्रशासनिक पदाधिकारी :
खोरीमहुआ एसडीओ धीरेन्द्र कुमार सिंह एवं एसडीपीओ मुकेश कुमार महतो ने कहा कि पूरे मेले परिसर में सुरक्षा व्यवस्था का पुख्ता इंतज़ाम किया गया है। श्रद्धालुओं को चादर पोशी में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो इसके लिए काफी संख्या में महीला और पुरुष पुलिस बल को लगाया गया है । खोरीमहुआ एसडीएम धीरेन्द्र कुमार सिंह  ने कहा कि मेला परिसर सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में है।वहीँ मेला परिसर में एक कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहाँ से मेला परिसर पर प्रशासन का पोनी नज़र है। मेले में पॉकेटमारों एवं मनचलों पर पुलिस की कड़ी नजर थी।

माता शाकम्भरी के नौंवा वार्षिक महोत्सव पर श्रद्धालुओं ने किया पूजा अर्चना


गिरिडीह :  शाक भवानी माता शाकम्भरी का नौंवा वार्षिक महोत्सव शुक्रवार को स्थानीय श्याम मंदिर परिसर में धूमधाम से मनाया गया। शाकम्भरी सेवा समिति द्वारा आयोजित इस वार्षिक महोत्सव में माता शाकम्भरी का भव्य दरबार सजाया गया और मंगलपाठ का आयोजन किया गया। जिसमें सुहाग का लाल जोड़ा धारण कर 251 महिलाएं में शामिल हुई। 

पौराणिक कथाओं के अनुसार मां दुर्गे के नौ अवतारों में से एक माता शाकम्भरी ने समस्त मानव जाति को अकाल से बचाई थी। इनके वार्षिक महोत्सव के अवसर पर माता चुनड़ी उत्सव के साथ मेंहदी उत्सव का भी आयोजन किया गया। जिसमें श्रद्धालु सपरिवार सम्मिलित होकर माता शाकम्भरी से सुख-समृद्धि  का आशाीर्वाद मांगा। 
 वार्षिक महोत्सव में गायक कलाकार आकाश परिचय की गायक मंडली द्वारा कई भजन पेश किये गए। जिसपर श्रद्धालु भक्तजन झूमते नजर आएं। 
 इस वार्षिक आयोजन को सफल बनाने में अमित छापरिया, विनोद खंडेलवाल, सुधीर गोयल, दीपक चिरानिया, आरती छापरिया, सोनी गोयल, पूनम चिरानियां आदि की भूमिका सराहनीय रही।

7 जनवरी से न्यायिक कार्यों से खुद को दूर रखेंगे गिरिडीह के अधिवक्ता


गिरिडीह : कोर्ट फीस बढ़ोतरी वापस लेने, अधिवक्ता सुरक्षा कानून लागू करने समेत अन्य मांगों को लेकर राज्य भर के अधिकताओं के साथ गिरिडीह जिले के भी अधिवक्ता गण 7 जनवरी से न्यायिक सम्बंधित कार्य से खुद को दूर रखेंगे।

मीडिया से बात करते हुए जिला अधिवक्ता संघ के महासचिव चुन्नू कांत ने कहा कि सरकार ने राज्य में अप्रत्याशित रूप से कोर्ट फीस में वृद्धि कर दी है, यह एक तरह से गरीब और कमजोर पक्ष कारों पर अतिरिक्त बोझ है। ऐसे में गरीब लोग न्याय नहीं पा सकेंगे। इसीलिए राज्य विधिक परिषद के फैसले के विरोध में जिले के अधिवक्ताओं ने अपने आप को न्याय कार्य से अलग रखेंगे।

        अधिवक्ता चंदन कुमार सिन्हा

वहीं जिलाधिवक्ता संघ के पदाधिकारी अधिवक्ता चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि अधिवक्ताओं के स्ट्राइक को देखते हुए सूबे के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने 7 जनवरी को प्रदेश के सभी 24 जिलों के अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों और एडवोकेट जनरल के साथ एक बैठक रखा है। जिसमे अधिवक्ताओं के सभी मांगों से सम्बंधित मुद्दों पर चर्चा होगी।

भारत जोड़ो यात्रा के समर्थन में एनएसयूआई द्वारा चलाया गया हस्ताक्षर अभियान


गिरिडीह : भारत जोड़ो यात्रा के समर्थन में एनएसयूआई द्वारा शुक्रवार को हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। 

वहीं इस दौरान एनएसयूआई के कार्यकारी जिलाध्यक्ष अभय कुमार और छात्र नेता ऋषभ कुमार के नेतृत्व में आदर्श कॉलेज के छात्रों के साथ बैठक कर यात्रा के विषय में जानकारी दी गई। 
बैठक में कॉलेज के छात्र छात्राओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। जिसमे मंटू, रोशन, सागर, अभिषेक, आशीष, रोहित, छोटन, अमर, आलोक आदि छात्र उपस्थित थे।

कड़कड़ाती ठंड में रोटरी ग्रेटर ने 100 जरूरतमंदों को बांटे कंबल


गिरिडीह : रोटरी क्लब ऑफ़ गिरिडीह ग्रेटर द्वारा शुक्रवार को दिघरिया खुर्द और बघरा गाँव में लगभग 100 जरूरतमंदों के बीच कम्बल का वितरण किया गया। वहीं कंबल पाकर सभी असहाय, गरीब और जरूरतमंद लोग काफी खुश दिखे।

रोटरी ग्रेटर के युवा अध्यक्ष विकाश सिन्हा ने बताया की हर वर्ष के भांति इस वर्ष भी जरुरतमँदो के बीच 500 कंबल वितरण का लक्ष्य रखा गया है जो 14 जनवरी तक चलता रहेगा। इस अवसर पर रोटरी ग्रेटर के सचिव ब्रह्मदेव प्रसाद, अध्यक्ष इलेक्ट दीपक सोंथालिया समेत कई अन्य सदस्य उपस्थित थे।

गुरुवार, 5 जनवरी 2023

कांग्रेसी नेता सह मोबाइल कारोबारी अजय कंधवे का हुआ निधन




गिरिडीह : गिरिडीह के जाने माने कांग्रेस नेता सह मोबाइल कारोबारी अजय कांधवे की गुरुवार अहले सुबह निधन हो गया। 50 वर्षीय अजय कंधवे का शहर के पुराना टेलीफोन एक्सचेंज के समीप टारको मोबाइल दुकान संचालित था। इसलिए वो अजय टारको के नाम से प्रसिद्ध थे।

जानकारी के अनुसार गुरुवार अहले सुबह बैचेनी महसूस हुईं। परिवार के लोगो ने आनन फानन में उन्हें इलाज हेतु ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उनका निधन हो गया।

उनके निधन पर सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू, पूर्व विधायक निर्भय शाहाबादी, लक्ष्मण स्वर्णकार, अधिवक्ता संघ के सचिव चुन्नूकांत, दवा कारोबारी सुजीत कपिश्वे के अलावे झामुमो, कांग्रेस, भाजपा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और समाजसेवी उनके आवास पर पहुंचे और गहरी शोक संवेदना व्यक्त किया।

गिरिडीह में मनाया गया पतंजलि योगपीठ का 28 वां स्थापना दिवस


गिरिडीह : पतंजलि योगपीठ का 28 वां स्थापना दिवस गुरुवार को गिरिडीह के बराकर नदी किनारे शिव मंदिर प्रांगण में बड़ी ही धूमधाम से मनाया गया।  इस दौरान युवा भारत के नेतृत्व में भारत स्वभिमान न्यास के लोगों ने वहां पूजन, भजन, सामूहिक योग, प्राणायाम, ध्यान व स्वदेशी संकल्प के साथ-साथ वनभोज का भी आनंद लिया।  

कार्यक्रम में पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी परमेंद्र कुमार, युवा प्रभारी रणधीर कुमार गुप्ता, सोशल मीडिया जिला प्रभारी पुष्पा शक्ति, योग शिक्षक प्रकाश राज समेत काफी संख्या योग साधक सम्मिलित हुए। युवा प्रभारी ने बताया कि पतंजलि द्वारा निष्काम सेवा के 28 वर्ष पूर्ण होने पर हम सभी काफी खुश है। ये पूरे भारत वर्ष के लिए गौरव की बात है।

कार्यक्रम में गोविंद यादव, सुधांशु प्रसाद, लक्ष्मी नारायण सिंह, संजीव कुमार पंडित, शशि पंडित,काघो मण्डल, मधुसूदन मण्डल, रामप्रसाद मंडल, प्रभाकर कुशवाहा, शंकर सुमन, प्रणव पटेल, ऋतिक गुप्ता,अनिता देवी, पूनम देवी, फूल देवी, राज नन्दनी, परमेंद्र कुमार, शशि प्रजापति, शादी पंडित, नितेश कुमार, सुहंगी कुमारी आदि लोग शामिल थे।

जवाहर नवोदय विद्यालय गांडेय में कक्षा 6 में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू

◆ प्रवेश परीक्षा 29 अप्रैल को सुबह 11.30 बजे से 


गिरिडीह : जवाहर नवोदय विद्यालय ने सत्र 2023-24 के कक्षा 06 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिया है। जिन छात्रों को जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा 2023 में शामिल होना है। वे या उनके माता-पिता आधिकारिक वेबसाइट navodaya.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि आगामी 31 जनवरी, 2023 तक निर्धारित है। जबकि प्रवेश परीक्षा की तिथि 29 अप्रैल, 2023 को सुबह 11.30 बजे से निर्धारित है।

उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने इस बावत शिक्षा विभाग के अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिया है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को उक्त प्रवेश परीक्षा हेतु जिले के दूरस्थ इलाकों के इच्छुक, योग्य और मेधावी छात्रों को ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा के बारे में जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।  

बता दें कि जवाहर नवोदय विद्यालय गांडेय एक आवासीय विद्यालय है। जिसमे प्रत्येक वर्ष 80 विद्यार्थियों का चयन किया जाता है। जिसमे एक तिहाई संख्या बालिकाओं की होती है और 75 प्रतिशत विद्यार्थी ग्रामीण क्षेत्र से होते हैं। जवाहर नवोदय विद्यालय, गांडेय गिरिडीह में प्रवेश हेतु आवेदक सत्र 2022-23 में पांचवी कक्षा में अध्ययनरत होना चाहिए तथा गिरिडीह जिले का ही निवासी होना चाहिए। आवेदक की उम्र तिथि 1/05/2011 और 30/04/2011 के बीच होनी चाहिए। आवेदन सिर्फ ऑनलाइन माध्यम से होगा जिसकी अंतिम तिथि 31/01/2023 है तथा परीक्षा की तिथि 29/04/2023 है। आवेदन के लिए आधार संख्या आवश्यक है किन्तु आधार संख्या ना होने पर माता- पिता / अभिभावक का सक्षम पदाधिकारी द्वारा जारी आवासीय प्रमाण पत्र अपलोड करना अनिवार्य होगा। आवेदक अपने निकटतम प्रज्ञा केंद्र/ नवोदय विद्यालय, गांडेय  के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

भाकपा माले ने की निर्दोष फंसे लोगों को केस से बरी करने की मांग

गिरिडीह : भाकपा माले नेता सह अखिल भारतीय किसान महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव ने गुरुवार को कोवाड़ में आयोजित स्थानीय लोगों की एक मीटिंग को संबोधित करते हुए कहा कि कोवाड़ के दो निर्दोष व्यक्तियों को पिछले दिनों कोयला तस्करी जैसे संगीन मामले में फंसा दिया गया है, जो सरासर अन्याय है। हम पुलिस के आला अधिकारियों से इस मामले की निष्पक्ष जांच कर निर्दोष फंसे लोगों को बरी करने की मांग करते हैं। 

कोवाड़ लोकल कमिटी के सचिव मनोज कुमार यादव की अगुवाई तथा संजय चौधरी एवं झारखंडी मंडल के संचालन में आयोजित इस बैठक में श्री यादव ने कहा कि, कोयला आम जनता की जरूरत तथा इस इलाके के गरीबों के लिए रोजगार का सीधा एक जरिया है। इसलिए सरकार तथा प्रशासन को कोयला पर रोक लगाने से पूर्व आम जनता की जरूरत के लिए कोयला बिक्री का केंद्र खोलना चाहिए।  

श्री यादव ने कहा कि यदि निष्पक्ष जांच कर निर्दोष लोगों को बरी नहीं किया गया तो स्थानीय लोग सड़कों पर उतरने को बाध्य होंगे। बैठक के दौरान उन्होंने आगामी 16 जनवरी महेंद्र सिंह शहादत दिवस तथा उसकी तैयारी के लिए 10 जनवरी को खंडोली में आहूत माले के कार्यकर्ता मीटिंग को भी सफल करने के अपील की।

 जबकि मुख्य रूप से संतोष राय, संजय यादव, पंकज वर्मा, दीपक प्रसाद कुशवाहा, रोहित कुमार वर्मा, मुकेश कुमार वर्मा, मनोज कुमार वर्मा, किशोर प्रसाद वर्मा, अनुज कुमार वर्मा, पवन वर्मा, रामदेव वर्मा, सुरेश कोड़ा, अर्जुन बर्मा, मुकेश वर्मा, महानंद कोड़ा, रामेश्वर प्रसाद यादव, राजू वर्मा, अशोक वर्मा, महेंद्र यादव, राजकुमार वर्मा, विशेश्वर प्रसाद वर्मा, मनोज कोड़ा, अजय वर्मा सहित अन्य मौजूद थे।

पारसनाथ को पर्यटक स्थल घोषित करने के विरोध में जैन समाज ने निकाला मौन जुलूस

गिरीडीह : जिले के मधुबन स्थित सम्मेद शिखरजी पारसनाथ पर्वत को पर्यटक स्थल घोषित किये जाने के विरोध में गुरुवार को जैन समाज के लोगों ने शहर में विशाल मौन जुलूस निकाला। यह मौन जुलूस शहर के गांधी चौक स्थित दिगंबर जैन मंदिर से निकल कर अग्रसेन चौक (बड़ा चौक), मौलाना आजाद चौक, काली बाड़ी चौक, जेपी चौक, अम्बेडकर चौक से गुजर कर स्थानीय झंडा मैदान पहुंचा। जहां जुलूस का समापन हुआ।

मौके पर दिगंबर जैन पंचायत के अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार को जैनियों का विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल पारसनाथ को पर्यटक स्थल घोषित करने वाली अधिसूचना को वापस लेना चाहिए और अविलंब शिखर जी को तीर्थस्थल घोषित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यटक स्थल बनने से यह तीर्थस्थल मौज मस्ती की जगह बन जायेगी। इसके बाद सकल जैन समाज के लोग वाहनों पर सवार होकर प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम अपनी मांगो से सम्बंधित ज्ञापन सौंपने पपरवाटांड़ स्थित उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। जहां जिला दंडधिकारी धीरेंद्र प्रसाद को समाज के लोगों ने ज्ञापन सौंपा। मौके पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी धिरेंद प्रसाद ने जैन समाज के लोगों को आश्वस्त किया कि वह इस ज्ञापन को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को भेजने का कार्य करेंगे। 
इस मौन जुलूस में गिरिडीह, कोडरमा, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़, रांची समेत विभिन्न जिलों से पहुंचे सैकड़ों की संख्या में जैन समाज की महिला, पुरुष व बच्चे शामिल हुए। इस दौरान जैन समाज के लोग अपने अपने हाथों में सम्मेद शिखर पारसनाथ को तीर्थस्थल घोषित करो, नहीं कभी पर्यटन बनेगा तीर्थ तीर्थ ही बना रहेगा सरीखे स्लोगन लिखे तख्ती लेकर पूरे शहर का भ्रमण किया। 
इस जुलूस में जैन समाज के मंत्री नोकेश जैन, अशोक पांडिया, रमेश जैन, विजय जैन, महेश जैन, अजय जैन ,राजन जैन, राकेश मोदी, अमरजीत सिंह सलूजा, डॉक्टर गुणवंत सिंह मोंगिया, मुकेश शाह राजकुमार राज मनोज शंघाई अरुण जालान, दिनेश जालान, दिनेश खेतान , बंटी जलान,रोहित जालान, हेमलता जैन ,मंजू जैन, सरोज जैन के अलावे आरएसएस, विहिप, बजरंग दल, गिरिडीह चैम्बर ऑफ कॉमर्स, मारवाड़ी समाज, सिख समाज, बरनवाल समाज व अन्य संगठनों के कार्यकर्ता व पदाधिकारी भी शामिल थे।
दूसरी ओर सम्मेद शिखरजी को पर्यटक स्थल घोषित किये जाने के विरोध में जैन समाज द्वारा निकाले गये मौन जुलूस को लेकर जिला पुलिस महकमा और जिला प्रशासन काफी मुस्तेद रहा। प्रशासनिक महकमा द्वारा जंहा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गए थे। वहीं ड्रोन कैमरे से जुलूस की निगरानी की जा रही थी।
 डीएसपी संजय राणा, एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह, मुफस्सिल नगर थाना प्रभारी विनय कुमार राम समेत काफी संख्या में पुलिस प्रशासन के लोग मौजूद थे।

शनिवार, 29 जनवरी 2022

तिसरी के भोगताडीह गांव में देर रात जीओ टावर के ओडीसी बॉक्स में लगाई आग



◆जियो टावर जलाये जाने से तिसरी प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में दहशत


गिरिडीह : बिहार झारखंड सीमावर्ती क्षेत्र तिसरी प्रखंड अंतर्गत खटपोक पंचायत के भोगताडीह गांव स्थित मन्नू यादव की जमीन पर लगे जियो टावर के ओडिसी बॉक्स में लगे लाखो रुपए मूल्य की मशीन को शुक्रवार की रात्रि जला दिया गया है। टावर जलाये जाने की सूचना से तिसरी प्रखंड के विभिन्न क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

सूचना पाकर शनिवार को तिसरी पुलिस इंस्पेटर परमेश्वर लेयांगी, थाना प्रभारी पिकु प्रसाद, सब इंस्पेक्टर अमित कश्यप और जियो टावर के टेकनीशियन घटना स्थल पहुंच कर घटना की विस्तृत जानकारी लिया। घटना नक्सली से जुड़ा है या अपराधिक शरारती तत्वों द्वारा इस घटना को अंजाम दिया है इसकी जांच कर घटना की सच्चाई तक पहुंचने में पुलिस जुटी है। हालांकि स्थानीय ग्रामीण इस घटना को नक्सलियों द्वारा अंजाम दिया गया बता रहे हैं।

जियो टावर के टेकनिसीयन आशुतोष आनंद ने बताया कि जले हुए ओडीसी बॉक्स के समीप डीजल की गंध आ रही है। कहा कि टावर के ओडीसी बॉक्स के जलने से उसमे लगे दो बैटरी सौ एएच एक एसएमपीएस 16 किलो वार्ड, एक मीटर बॉक्स,एक ट्रांसमिशन इकुपमेंट सिस्को सीडीयू आरआरएएच इत्यादि लगभग 5 लाख मूल्य की सामग्री जल कर खाक हो गई है।
पुलिस इंस्पेक्टर परमेश्वर लेयांगी ने बताया जले हुए सामग्री को देखने से यह किसी शरारती तत्व द्वारा घटना को अंजाम दिया गया प्रतीत होता है। हालांकि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। वहीं धनवार विधायक प्रतिनिधि राजेश कुमार ने कहा कि टावर जलाने का काम नक्सलियों का हो सकता है। क्योंकि टावर से किसी अन्य ग्रामीणों को कोई लेना देना नही रहता है।