शनिवार, 23 अगस्त 2025

देशी पिस्तौल के साथ जमुआ पुलिस ने किया एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार, भेजा जेल

गिरिडीह (Giridih)। जमुआ थाना पुलिस ने देशी पिस्टल के साथ एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता पायी है। गिरफ्तार अपराधी पचंबा थाना क्षेत्र निवासी मनिचन्द्र साव का पुत्र सुरज साव है। उक्त जानकारी शनिवार को प्रेसवार्ता कर खोरीमहुआ एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने दी।


एसडीपीओ ने बताया कि गिरिडीह एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पचम्बा थाना क्षेत्र में घटना को अंजाम देकर एक अपराधकर्मी जमुआ थाना क्षेत्र के पथराटाड़ निवासी लल्लु साव उर्फ राजीव कुमार के घर पर छिपा हुआ है और वह जमुआ थाना क्षेत्र में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में है।


उक्त सूचना के बाद उनके नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी दल द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम पथराटांड़ स्थित लल्लु साव उर्फ राजीव कुमार के घर छापामारी किया गया। छापामारी के दौरान अपराधकर्मी सुरज साव को दबोच लिया गया। वहीं लल्लु साव पिता प्रदीप साव भागने में सफल रहा।



बताया कि इस दौरान घर के एक कमरा में लगे चौकी पर बिस्तर के नीचे से एक देशी पिस्टल बरामद हुआ, जिसे जप्त किया गया एवं पकड़ाये सुरज साव को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध जमुआ थाना में कांड सं0-191/2025 दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बताया कि अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर छापामारी की जा रही है।



मध्यदैशीय वैश्य महासभा ने मनाई कुलगुरु गणिनाथ गोविन्द की 55वीं जयंती

प्रदेश पदाधिकारियों ने सामाजिक एकजूटता पर दिया बल, कहा एकजुटता से ही समाज का उत्थान संभव

गिरिडीह (Giridih)। मध्यदैशी वैश्य महासभा के तत्वाधान श्री गणिनाथ गोविन्द सेवा संस्थान द्वारा शनिवार को कुलगुरु श्री गणिनाथ गोविन्द जी महाराज की 55वीं जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई।


शहर के कुटिया रोड स्थित गोयनका धर्मशाला में आयोजित जयंती समारोह की शुरुआत कुलगुरु गणिनाथ गोविन्द जी की आलोक गुप्ता व उनकी धर्मपत्नी के द्वारा भव्य रूप से पूजा अर्चना कर की गई। पूजा में समाज के सैंकड़ों लोग शामिल हुए। पूजा पश्चात देवघर से आए महासभा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश साह व मधुपुर से आए महामंत्री उत्तम गुप्ता के द्वारा संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर किया गया। ध्वजारोहण के बाद भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।



इस दौरान संस्थान की ओर से से प्रदेश अध्यक्ष सुरेश साह, महामंत्री उत्तम गुप्ता, काशीनाथ साह, अर्जुन प्रसाद गुप्ता, प्रदेश सचिव रिंकेश कुमार, युवा मंच के प्रदेश कोषाध्यक्ष चंदन गुप्ता, महिला समिति की राष्टीय कार्यकारिणी सदस्य मनिषा नारायण साह, महिला मंच की प्रदेश अध्यक्षा प्रिति गुप्ता को पुष्प गुच्छ व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।


वहीं समाज के पूर्व पदाधिकारियों व वरिष्ठ लोगों में शामिल राजेन्द्र गुप्ता, प्रताप गुप्ता, अशोक गुप्ता, संजय गुप्ता, मनोज गुप्ता सहित अन्य को माला पहनाकर सम्मानित किया गया। इस क्रम में महासभा के अध्यक्ष सुजीत गुप्ता, सचिव विशाल गुप्ता, कोषाध्यक्ष जयदेव गुप्ता, उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, सुमिलत गुप्ता, सहसचिव राकेश गुप्ता, सहकोषाध्यक्ष रवि गुप्ता, मीडिया प्रभारी निशांत गुप्ता, सुमित गुप्ता, राजकिशोर गुप्ता, सोनल गुप्ता, रिशु गुप्ता के अलावे महिला जिलाध्यक्षा सपना गुप्ता सहित अन्य सदस्यों को प्रदेश अध्यक्ष और महामंत्री ने पुष्प माला पहनाकर सम्मानित किया।  



कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सुरेश साह सहित अन्य अतिथियों ने समाज की एकजूटता पर बल देते हुए कहा कि समाज के सभी लोगों के एकजूट होने से न सिर्फ समाज में व्याप्त कुरितियों को दूर किया जा सकता है। बल्कि समाज का सही ढंग से उत्थान भी होता है। इस दौरान उन्होंने महिलाओं व युवाओं से समाज के उत्थान में बढ़ चढ़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का अहवान किया। खासकर उन्होंने महिलाओें को आगे आकर पुरूषो के साथ कंधा से कंधा मिलाकर समाज में व्याप्त सामाजिक कुरितियों को दूर करने का अहवान किया। उन्होंने समाज के पदाधिकारियों को सामाजिक कार्यों में भी बढ़ चढ़कर भाग लेने का अहवान किया।

इस मौके पर स्थानीय भजन मंडली के द्वारा एक से बढ़कर एक भजनों की अमृतवर्षा की गई। घंटो लोग बाबा के भजनों पर गोते लगाते रहे। कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन महासंघ के प्रदेश मंत्री रिंकेश कुमार कर रहे थे। वहीं धन्यवाद ज्ञापन जिलाध्यक्ष सुजीत गुप्ता ने किया।



तिसरी पेट्रोल पंप के समीप एक घर में सिलेंडर में लगी आग, बड़ा हादसा टला

गिरिडीह (Giridih)। जिले के तिसरी थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप के समीप स्थित एक घर में शनिवार को अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। गैस सिलेंडर में आग लग जाने से घर मे अफरा-तफरी मच गई।


हालांकि कोई अनहोनी घटित हो इसके पूर्व ही घर के लोगों ने सूझ बूझ का परिचय देते हुए आग का गोला बने गैस सिलेंडर को घर बाहर निकाल दिया।


घर के लोगों और स्थानीय लोगों की सूझबूझ से इलाके में एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि घटना के दौरान लोगों में दहशत का माहौल देखने को मिला।



नगर विकास मंत्री सुदिव्य सोनू ने रखी दो करोड़ की विकास योजनाओं की आधारशिला

नई पेयजलापूर्ति योजना को धरातल पर उतारने का चल रहा विचार : मंत्री

गिरिडीह (Giridih)।  नगर निगम क्षेत्र में दो करोड़ की 14 विकास योजनाओं का नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार ने शनिवार को विधिवत शिलान्यास किया। इस दौरान शहर के स्टेशन रोड स्थित बाबू वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर मंत्री ने माल्यार्पण करने के बाद विकास योजनाओं की आधार शीला रखी।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि शहरी परिवहन और नागरिक सुविधा मद की राशि से जरूरत के आधार पर 14 योजनाओं का निर्माण कराया जा रहा है। ताकि आने वाले दुर्गा पूजा में गिरिडीह शहरवासियों को परेशानी नहीं उठाना पड़े।


मंत्री ने पुराने शहरी पेयजलापूर्ति योजनाओं को बढ़ती जनसंख्या के लिए नाकाफी बताया। कहा कि अब एक नई जलापूर्ति योजना की जरूरत महसूस होने लगी है। जल्द ही गिरिडीह शहरी क्षेत्र को नई पेयजलापूर्ति योजना की सौगात देने के उद्देश्य से डीपीआर तैयार करने पर विचार चल रहा है।


मौक़े पर उपनगर आयुक्त प्रशांत कुमार लायक, झामुमो नेता पंकज ताह, अजीत कुमार पप्पू, शहनवाज अंसारी, राकेश रंजन, रॉकी सिंह समेत कई झामुमो के कार्यकर्त्ता व आमजन मौजूद थे।




झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष बनाये गये रिटायर्ड जज नवनीत कुमार

रांची (Jharkhand) ।  राज्य सरकार ने झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग में अध्यक्ष की नियुक्ति कर दी है। सरकार ने झारखंड हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज नवनीत कुमार को झारखंड राज्य विद्युत नियमाक आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया है।  ऊर्जा विभाग ने इस बाबत आदेश जारी कर दिया है। 


जारी आदेश में कहा गया है कि नवनियुक्त अध्यक्ष अपने पद ग्रहण करने की तिथि से 5 वर्ष के लिए या 65 वर्ष की अधिकतम उम्र, जो पहले हो, तक की अवधि के लिए पद धारण करेंगे। 

सेवाशर्त्त एवं पदावधि विद्युत अधिनियम, 2003 के प्रावधानों के तहत अनुमान्य होंगी। गौरतलब है कि झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग में अध्यक्ष का पद पिछले कई वर्षों से रिक्त था।

अखण्ड सौभाग्य का व्रत हरितालिका तीज 26 अगस्त को, जानिये शुभ मुहूर्त व पुजा विधान

NEWS UPDATE JHARKHAND न्यूज डेस्क : सनातन परंपरा में हरतालिका तीज के व्रत का बहुत ज्यादा महत्व माना गया है। इस व्रत को शादीशुदा औरतें पति की लंबी आयु और कुंवारी कन्याएं मनचाहा जीवनसाथी पाने के लिए करती हैं। यह व्रत हर साल भाद्रपद मास के शुक्लपक्ष की तृतीया तिथि पर रखा जाता है। हरतालिका तीज व्रत भगवान शिव और माता गौरी की पूजा के लिए समर्पित है। मान्यता है कि इस व्रत को विधि-विधान से करने पर पूरे साल वैवाहिक सुख बना रहता है और जीवनसाथी को दीर्घायु प्राप्त होती है। इस व्रत को माता पार्वती ने भगवान शिव को पाने के लिए रखा था।


उदया तिथि के अनुसार, हरतालिका तीज का व्रत 26 अगस्त को रखा जाएगा। इस साल तीज पर चार विशिष्ट योग भी बन रहे हैं। सर्वार्थ सिद्धि, शोभन, गजकेसरी और पंचमहापुरुष योग बनने से तीज व्रत का महात्म्य और भी बढ़ गया है। इन चारों ही योगों के फल अत्यंत शुभ और लाभप्रद हैं। गजकेसरी योग का महत्व विशेष रूप से माना गया है। इस प्रकार की ग्रहीय स्थिति लंबे अंतराल पर बनती है।

तृतीया तिथि प्रारंभ : 25 अगस्त की दोपहर 12:34 बजे से

तृतीया तिथि समाप्त : 26 अगस्त की दोपहर 1:54 बजे तक।



अखंड सौभाग्य का वरदान

सुहागिन महिलाओं की हरतालिका तीज में गहरी आस्था है। महिलाएं अपने पति की दीर्घायु के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। मान्यता है कि इस व्रत को करने से सुहागिन स्त्रियों को शिव-पार्वती अखंड सौभाग्य का वरदान देते हैं, वहीं कुंवारी लड़कियों को मनचाहे वर की प्राप्ति होती है।


हरितालिका तीज का पूजन समय

जिन परिवारों में तृतीया तिथि के अंतर्गत ही तीज पूजन का विधान है उन्हें 26 अगस्त को दोपहर 1:54 बजे से पहले पूजा करनी होगी।

  दूसरी मान्यता यह भी है कि उदय काल में मिलने वाली तिथि यदि मध्याह्न बाद बदल जाती है तो भी सूर्यास्त तक उस तिथि का मान किया जाता है। सूर्यास्त से पूर्व पूजन कर लेना श्रेयष्कर होगा।


हरितालिका तीज पूजा मुहूर्त

प्रात:काल 05 बजकर 56 मिनट से लेकर 08 बजकर 31 मिनट तक


पूजा विधि

●हरतालिका तीज पर रेत, मिट्टी, गोबर, शहद आदि से बनाए गये शिव-पार्वती के पार्थिव प्रतिमा की पूजा का विधान है।

●शिव पार्वती की विधि-विधान से पूजा करने के बाद इस व्रत का गुणगान करने वाली हरतालिका व्रत कथा जरूर कहें या ​सुनें।

●हरतालिका तीज व्रत वाले दिन गेहूं का दान करने से इस व्रत का पुण्यफल और भी ज्यादा बढ़ जाता है।

●हरतालिका तीज के दिन खाली समय में भगवान शिव के मंत्रों का जाप करें।



हरतालिका तीज की पौराणिक कथा

हरतालिका दो शब्दों से मिलकर बना है- हरत और आलिका। हरत का मतलब है 'अपहरण' और आलिका यानी 'सहेली'।

पौराणिक कथा के अनुसार, देवी पार्वती के पिता हिमालय की इच्छा भगवान विष्णु से देवी पार्वती की  विवाह कराने की थी। जबकि देवी पार्वती भगवान शिव से विवाह करना चाहती थी। देवी पार्वती के सहेलियों ने उन्हें उनके पिता हिमालय की इच्छा के विरुद्ध भगवान शिव से विवाह के लिए मनाने के लिए उनका अपहरण किया था और उन्हें घने जंगल में ले जाकर छिपा दी थीं। ताकि उनके पिता भगवान विष्णु से मां पार्वती की  विवाह न करा पाएं।





आज 23 अगस्त ...क्या कहते हैं आपके सितारे...कैसा रहेगा आपका दिन...! जानिए अपना राशिफल

आज का राशिफल :: 23: 08 :: 2025, शनिवार

23 अगस्त 2025 : आज श्रावण कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि और शनिवार दिन है। इस तिथि पर मघा नक्षत्र और परिध योग का संयोग रहेगा। दिन के शुभ मुहूर्त की बात करें तो शनिवार को अभिजीत मुहूर्त 11:59-12:47 तक रहेगा। राहुकाल दोपहर 09:09-10:46 मिनट तक रहेगा।

आज का दिन धार्मिक दृष्टि से बेहद खास है। इस दिन शनि अमावस्या है। शनि अमावस्या के दिन पितरों को तर्पण करना जन्मों जन्मांतर के पाप से मुक्ति दिलाता है। साथ ही इस दिन शनि देव के निमित्त गरीबों को दान दें, शनि दोष दूर होता है। शनि की ढैय्या व साढ़ेसाती से पीड़ित राशियों को शनि अमावस्या के दिन काले तिल, आटा व शक्कर को मिलाकर काली चींटियों को खिलाना चाहिए। आज अमावस्या तिथि 11:35 AM तक जारी रहेगी। इसके बाद शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि लग जाएगी। आज शनिवार के दिन सूर्य देव और चंद्रमा दोनों सिंह राशि में रहेंगे। आज पोला, वृषभोत्सव और भाद्रपद अमावस्या है। आज वार के हिसाब से आप शनिवार का व्रत रख सकते हैं, जो न्याय के देवता शनि देव को समर्पित होता है। शनिवार के दिन भगवान शनि और हनुमान की पूजा करने से जीवन में शनि के अशुभ प्रभावों से मुक्ति मिलती है और सुख-शांति की प्राप्ति होती है। इस दिन भगवान शनि को तेल, काले तिल और काले वस्त्र अर्पित करना शुभ माना जाता है। शनिवार के दिन हनुमान चालीसा का पाठ करना, शनि मंत्रों का जाप करना और भगवान शनि की आराधना करने से शनि ग्रह की स्थिति में सुधार होता है और जीवन में सकारात्मक परिणाम प्राप्त होते हैं। शनिवार के दिन विशेष रूप से काले वस्त्र, उड़द की दाल और तेल का दान करना लाभदायक होता है।                                                आज पिठोरी अमावस्या है। अमावस्या और प्रतिपदा का संगम पितृ शांति और आशीर्वाद प्राप्त करने का उत्तम अवसर प्रदान करता है। इस दिन विधिपूर्वक पितृ तर्पण, श्राद्ध, दान और दीपदान करने से परिवार में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहती है। पिठोरी अमावस्या पर पितरों के लिए तर्पण और श्राद्ध करने से पितृ दोष का निवारण होता है और पूर्वज प्रसन्न होकर आशीर्वाद देते हैं। इस दिन व्रत, स्नान, दान और दीपदान करने से जीवन में शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि आती है। यह दिन उन लोगों के लिए भी विशेष है जो अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए विधिपूर्वक कर्म करना चाहते हैं। प्रातः स्नान कर पवित्र वस्त्र धारण करें। पवित्र नदी या घर में गंगाजल से स्नान कर तर्पण करें। पितरों को तिल, जल, पुष्प और अन्न अर्पित करें। ब्राह्मण या जरूरतमंद को भोजन कराएं और दान दें। संध्या समय दीपदान करें और पितरों का स्मरण करें।

भाद्रपद अमावस्या - भाद्रपद अमावस्या हिंदू धर्म में एक विशेष महत्व रखती है, क्योंकि इस दिन पितरों की आत्म शांति के लिए दान-पुण्य और काल-सर्प दोष निवारण के लिए विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। भगवान श्री कृष्ण की भक्ति का महीना होने के कारण इस अमावस्या का महत्व और भी बढ़ जाता है। इस दिन धार्मिक कार्यों के लिए कुशा एकत्रित की जाती है, जिसे पुण्य फलदायी माना जाता है। कुशा का उपयोग श्राद्ध कर्म और अन्य धार्मिक कार्यों में किया जाता है, और इसे इस दिन एकत्रित करने से विशेष पुण्य प्राप्त होता है। भाद्रपद अमावस्या के दिन कुछ विशेष उपाय करके आप अपने जीवन की समस्याओं का समाधान पा सकते हैं और पितरों की आत्म शांति के लिए पुण्य कमा सकते हैं। इस दिन पवित्र नदी में स्नान करके पितरों को तर्पण देना और दान-पुण्य करना लाभदायक होता है। इसके अलावा, इस दिन कुशा एकत्रित करके धार्मिक कार्यों में इसका उपयोग करना पुण्य फलदायी माना जाता है। आप इस दिन भगवान विष्णु या भगवान शिव की पूजा करके उनकी कृपा प्राप्त करने का प्रयास भी कर सकते हैं। इन उपायों को करने से आपको शांति और समृद्धि की प्राप्ति हो सकती है।

वृषभोत्सव - वृषभोत्सव हिंदू धर्म में एक महत्वपूर्ण त्योहार है, जो भगवान शिव के वाहन नंदी बैल को समर्पित है। यह त्योहार आमतौर पर अगस्त के अंत या सितंबर की शुरुआत में कृष्ण पक्ष के दौरान मनाया जाता है। इस दिन भक्त भगवान शिव और नंदी की विशेष पूजा करते हैं, जिससे उन्हें उनकी कृपा प्राप्त हो सके। इसके अलावा, भक्त उपवास रखते हैं और दान-पुण्य करके भगवान को प्रसन्न करने का प्रयास करते हैं। किसान विशेष रूप से इस दिन का महत्व समझते हैं और भगवान की कृपा से अच्छी फसल की कामना करते हैं।



आज का पंचांग: 23अगस्त 2025, दिन: शनिवार    युगाब्द      : 5127     विक्रम संवत : 2082              शक संवत : 1947      ऋतु :  वर्षा                          मास        :  भाद्रपद     पक्ष  :  कृष्ण पक्ष           सूर्योदय : 05: 55 AM, सूर्यास्त : 06: 52 PM      तिथि : अमावस्या 11:35 AM तक उपरांत प्रतिपदा      नक्षत्र : मघा 12:54 AM तक उपरांत पूर्व फाल्गुनी      राहुकाल :09:09 AM से 10: 46 AM तक          चन्द्रमा : सिंह राशि पर संचार करेगा                     व्रत/त्यौहार : शनिवार व्रत, पिठोरी अमावस्या, शनि अमावस्या व्रत, वृषभोत्सव



आज :: 23 :: 08 :: 2025 का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ) : आज का दिन आपके लिए बेहतर शुरुआत देने वाला है। अपने अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण रखें। किसी मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने का मौका मिल सकता है। विवाहितों के लिए आज का दिन विशेष है। प्रेम संबंधों में मर्यादा का ध्यान रखें। आज आपका शुभ अंक 4 है। आज धन निवेश करते समय सावधानी बरतें। व्यावसायिक कार्यों के लिए आज का दिन अच्छा है, लेकिन अपनी सीमाओं को समझें। कार्यक्षेत्र में दूसरों की सलाह सुनने के बजाय अपनी क्षमता पर भरोसा रखें, आपको अच्छे परिणाम मिलेंगे। आपको नई नौकरी मिल सकती है।


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो) : आज का दिन आपके लिए खुशियों भरा रहने वाला है। परिवार का कोई युवा अचानक ज़िम्मेदारी दिखाकर आपको आश्चर्यचकित कर सकता है। परिवार की वजह से अपने साथी को नज़रअंदाज़ न करें। आपका प्रेम जीवन शानदार चल रहा है और आगे भी जारी रहेगा। आज आपका शुभ रंग पीला है। आज आपका शुभ अंक 6 है। आज आपको कुछ महत्वपूर्ण आर्थिक निर्णय लेने की आवश्यकता है। यह आपके भविष्य को दर्शाएगा। आज आप पर काम का बोझ ज़्यादा हो सकता है, लेकिन घबराने की ज़रूरत नहीं है। नौकरीपेशा लोगों को किसी महिला मित्र की मदद से पदोन्नति मिल सकती है।


मिथुन👫(का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा) : आज का दिन आपके लिए बहुत अच्छा रहने वाला है। अपने प्रति अपनों का प्यार देखकर आप भावुक हो सकते हैं। दोस्तों के साथ अच्छा खाना खाएँ और अच्छी बातचीत का आनंद लें। प्यार और जंग में सब कुछ जायज़ है, लेकिन अपने आपसी मतभेदों को सुलझाने के लिए अपनी कूटनीतिक रणनीति का इस्तेमाल करें, चाहे वह आपके पार्टनर के साथ हो या किसी संभावित पार्टनर के साथ। आज आपका शुभ अंक 9 है। अगर आप व्यापार करते हैं, तो आज लाभ मिलने की प्रबल संभावना है। निर्माण कार्य कर रहे लोगों को आज कोई नया प्रोजेक्ट मिल सकता है। ऑफिस में ज़िम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी और लगन से निभाएँ। करियर में बड़ा बदलाव लाने के लिए आपको अपने कौशल को भी निखारने की ज़रूरत है।



कर्क🦀(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो) : आज का दिन आपके लिए थोड़ा मुश्किल भरा रहेगा। किसी काम में आपको अपने परिवार का पूरा सहयोग मिल सकता है। आज आपको सलाह दी जाती है कि किसी का बचा हुआ खाना न खाएं। आप कुछ ख़ास लोगों के करीब रहेंगे। प्रेम संबंधों में भावनाएँ प्रबल रहेंगी। विवाहित लोगों का गृहस्थ जीवन उतार-चढ़ाव से भरा रहेगा। आज आपका शुभ रंग पीला है। आज आपका शुभ अंक 2 है। आज अपने माता-पिता से आर्थिक सलाह लें। व्यापारी वर्ग कानूनी मामलों में सावधानी बरतें, कानूनी तौर पर खुद को मज़बूत बनाए रखें। आयात-निर्यात के कारोबार में तरक्की मिलने की संभावना है। इस राशि के लोगों को अपने सहकर्मियों से मदद मिलेगी।


सिंह🦁(मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे) : आज किसी से अपने दिल की बात कहने के लिए अच्छा दिन है। आलस्य और मौज-मस्ती में अपना समय बर्बाद न करें। रात में कीर्तन में जा सकते हैं, इस दौरान आपको मानसिक शांति का भी अनुभव होगा। आप अपनी रचनात्मकता से अपने गृहस्थ जीवन को खुशहाल बनाएंगे। प्रेम जीवन बिता रहे लोग अपने प्यार को लेकर काफ़ी सतर्क रहेंगे। आज आपका शुभ अंक 5 है।।ऑनलाइन व्यापार करने वाले व्यापारियों के लिए लाभ के बेहतर अवसर हैं। पुराना पैसा अच्छी ब्याज दर पर वापस मिलने की उम्मीद है। कार्यक्षेत्र में अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए आपने जिस तरह कड़ी मेहनत की है, आज आपको उसका जश्न मनाने का अवसर मिलेगा।


कन्या👩(टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो) : आज का दिन आपके लिए नई रोशनी लेकर आया है। आज आपको अपने विचारों को शुद्ध रखना होगा, यानी किसी के प्रति अपने मन में हीन भावना न आने दें। किसी पर जल्दी भरोसा करना आपको धोखा दे सकता है, सावधान रहें। आज आप अपने रिश्ते को लेकर हैरान हो सकते हैं। प्रेमी आज अपनी लड़ाई खत्म करके एक नई शुरुआत करेंगे। आज आपका शुभ अंक 3 है। आज का दिन आपको हर मामले में लाभ देने वाला है। इस राशि के जो लोग इलेक्ट्रॉनिक सामान का व्यापार करते हैं, आज उन्हें अच्छा धन लाभ होगा। आज आपको नौकरी में कोई ऐसा काम सौंपा जा सकता है।



तुला⚖️(रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते) : आज का दिन आपके लिए नई रोशनी लेकर आया है। आज आपको अपने विचारों को शुद्ध रखना होगा, यानी किसी के प्रति मन में हीन भावना न आने दें। आज आप अपने रिश्ते को लेकर हैरान हो सकते हैं। प्रेमी आज अपनी लड़ाई खत्म करके एक नई शुरुआत करेंगे। आज आपका शुभ अंक 4 है। आज आपको आर्थिक मामलों में सोच-समझकर फैसले लेने होंगे। आपको समय की कीमत पहचाननी होगी। अगर आप कोई व्यवसाय करते हैं, तो उसे बढ़ाने के लिए आपको थोड़ी और मेहनत करने की ज़रूरत है। अगर आपने ऑफिस का काम अपनी ज़िम्मेदारी पर लिया है, तो कोई भी गलती न छोड़ें।


वृश्चिक🦂(तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू) : आज का दिन आपके लिए निश्चित रूप से फलदायी रहेगा। परिवार के सदस्यों के सहयोग से आज आप घरेलू कामों को पूरा करने में सफल रहेंगे। आपका जीवनसाथी आपको एक आदर्श जीवनसाथी के रूप में आगे बढ़ने में मदद करेगा। अगर आप किसी से प्रेम करते हैं, तो आज आप काफी रोमांटिक नज़र आएंगे। आज आपका शुभ अंक 1 है। आज लाभ और हानि दोनों के योग हैं। महत्वपूर्ण योजनाओं पर सोच-समझकर चर्चा करें। आप विदेश से व्यापार करने के बारे में सोच सकते हैं। आप संपत्ति खरीदने के लिए ऋण लेने के बारे में सोच सकते हैं। दफ़्तर का काम सामान्य से बेहतर तरीके से होगा।


धनु🏹(ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा,भे) : किसी भी महत्वपूर्ण काम की ज़िम्मेदारी किसी और को न दें। अपनों की बातों से आप दुखी हो सकते हैं। आज अपने साथी से अपने भविष्य के बारे में बात करें। प्रेम जीवन बिता रहे लोगों के लिए आज का दिन बहुत अच्छा है। आज आपका शुभ रंग सिल्वर है। आज आपका शुभ अंक 1 है। आज आप धन संबंधी मामलों पर ज़्यादा ध्यान देंगे। व्यापार में आपको काफ़ी मुनाफ़ा होता दिख रहा है। व्यावसायिक कार्यों के चलते आपको किसी नई जगह आने का अवसर मिलने वाला है। आपको अपने काम के प्रति सावधान रहना होगा। करियर से जुड़ा कोई सुनहरा अवसर आपको मिल सकता है।



मकर🐊(भो,जा,जी,खी,खू,खा, खो,गा,गी) : आज का दिन आपके लिए काफ़ी सुकून भरा रहेगा। आपको अपने पूर्वजों के प्रति सम्मान की भावना रखनी होगी, घर के सभी बुज़ुर्गों की सेवा करनी होगी। दाम्पत्य जीवन के लिए आज का दिन अच्छा रहेगा और आपके जीवनसाथी को कोई लाभ मिलेगा। प्रेम-प्रसंग में गुस्सा करना आपके लिए ठीक नहीं है। आज आपका शुभ अंक 5 है। आज आप कोई कीमती सामान खरीदने का प्लान बना सकते हैं। व्यापार में आप जोखिम उठाएँगे, जो आगे चलकर सही साबित हो सकता है। बेरोजगार लोगों को आज कोई बहुत महत्वपूर्ण कॉल आ सकती है। कार्यक्षेत्र में आज सब कुछ ठीक रहेगा। आपके वरिष्ठ आपके काम से खुश रहेंगे।


कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा) : आज का दिन आपके लिए आनंदमय रहेगा। घर में जल्द ही कोई शुभ कार्य होने की भी संभावना है। संतान के लिए अच्छे परिणाम आने की संभावना है। मनचाहे व्यक्ति के साथ समय बिताने का मौका मिलेगा। कुंभ राशि के लोग आज प्रेम जीवन के मामले में प्रभावशाली स्थिति में हैं। आज आपका शुभ अंक 2 है। आज आजीविका के क्षेत्र में अच्छी वृद्धि होगी। कुछ लोग अपना पुराना कर्ज़ चुकाने की कोशिश में लगे रहेंगे। कपड़ों का काम करने वालों को सतर्क रहना होगा, नुकसान हो सकता है। अपने बॉस और सहकर्मियों को दिखाएँ कि आप वाकई कितने मेहनती हैं। आलोचना को दिल पर न लें, बल्कि उससे सीखें।


मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची): आज का दिन आपके लिए उन्नति का दिन रहेगा। अपनों के आगमन से घर में खुशियाँ बनी रहेंगी। निजी मामलों में प्रगति देखने के लिए थोड़ा धैर्य रखने की कोशिश करें। अविवाहित लोगों के विवाह के योग बन रहे हैं। निजी जीवन की बात करें तो आज पारिवारिक जीवन सुखमय रहेगा। प्रेम जीवन में समस्याएँ आ सकती हैं, सतर्क रहें। आज आपका शुभ अंक 4 है। आज आपको कुछ नए स्रोतों से धन प्राप्त होने से प्रसन्नता होगी। आज नया काम और नए व्यावसायिक सौदे सामने आ सकते हैं। आज आपको अपनी बहन की आर्थिक मदद करनी पड़ सकती है। घर के लिए विलासिता की वस्तुओं की खरीदारी में खर्च होगा। आपके सितारे बता रहे हैं कि आज कार्यक्षेत्र में कुछ खास हो सकता है। जो लोग नौकरी की तलाश में हैं उन्हें ऑनलाइन साइट्स से लाभ होने वाला है।



कृपया ध्यान दें👉

      यद्यपि शुद्ध राशिफल प्रसारण की पूरी कोशिश की गई है। प्रसारित राशिफलों में कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।


        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷