शनिवार, 16 नवंबर 2024

धनवार विधानसभा क्षेत्र के डोरंडा मैदान में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का चुनावी सभा आज

◆केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती आज करेंगे कई चुनावी सभा को सम्बोधित

रांची/गिरिडीह। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, असम के मुख्यमंत्री सह बीजेपी के झारखंड विधानसभा चुनाव सह प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा और लोकप्रिय सिने अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती शनिवार को झारखंड में कई चुनावी सभाएं करेंगे। इस दौरान ये झारखण्ड विधनसभा चुनाव के दूसरे चरण में चुनाव मैदान में खड़े सभी बीजेपी प्रत्याशियों के लिए वोट मांगेंगे।  


शनिवार को अमित शाह दुमका, मधुपुर और गिरिडीह जिले के धनवार विधानसाभा क्षेत्र में जनसभाओं को संबोधित करेंगे, जबकि हिमंता बिस्वा सरमा जामताड़ा, धनबाद और बोकारो में चुनावी सभाएं करेंगे। वहीं मिथुन चक्रवर्ती जामताड़ा और दुमका में आयोजित विजय संकल्प सभा को संबोधित करेंगे।


अमित शाह करेंगे दुमका, मधुपुर और धनवार में जनसभा 


केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शनिवार को दुमका, मधुपुर और धनवार में जनसभा करेंगे। 16 नवंबर को दुमका जिले के गांधी मैदान में सुबह 11:15 बजे से उनकी जनसभा है। दोपहर 01 बजे से देवघर जिले के मधुपुर के बुढ़ई मैदान में वे जनसभा को संबोधित करेंगे, और बीजेपी प्रत्याशी के पक्ष में वोट की अपील करेंगे। उसके बाद वो हवाई मार्ग से गिरिडीह जिले के धनवार विधानसभा क्षेत्र के डोरंडा मैदान में दोपहर 2:30 बजे से चुनावी सभा करेंगे। यहां केंद्रीय गृह मंत्री शाह सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबुलाल मरांडी के पक्ष में चुनावी सभा को सम्बोधित करेंगे।

हिमंता बिस्वा सरमा जामताड़ा, धनबाद और बोकारो में करेंगे चुनावी सभाएं 


असम के मुख्यमंत्री और बीजेपी के झारखंड विधानसभा चुनाव सह प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा आज शनिवार को (16 नवंबर) को जामताड़ा, धनबाद, बोकारो और बाघमारा में जनसभा करेंगे। वे बोकारो में रोड शो करेंगे। हिमंता बिस्वा सरमा सुबह 10:30 बजे से जामताड़ा के मोहनपुर मैदान में जनसभा करेंगे। दोपहर 12 बजे से धनबाद के कोयला नगर नेहरू कॉम्प्लेक्स मैदान में जनसभा करेंगे। दोपहर 1:30 बजे से बोकारो जिले के जैनामोड़ मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 2:30 बजे से बाघमारा के कतरास नदी किनारे मैदान में जनसभा करेंगे। शाम 05 बजे बोकारो विधानसभा क्षेत्र के चास चेक पोस्ट से जोधाडीह मोड़ तक रोड शो करेंगे।

मिथुन चक्रवर्ती जामताड़ा और दुमका में करेंगे चुनावी सभाएं


सिने अभिनेता सह बीजेपी नेता मिथुन चक्रवर्ती 16 नवंबर को नाला और रानेश्वर में जनसभा करेंगे। मिथुन चक्रवर्ती शनिवार को जामताड़ा जिले के नाला के नूतनडीह मैदान में सुबह 11 से जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 12:30 बजे से दुमका जिले के रानेश्वर स्थित रानेश्वर हाईस्कूल मैदान में चुनावी सभा करेंगे और बीजेपी प्रत्याशी के लिए वोट मांगेंगे।


शुक्रवार, 15 नवंबर 2024

मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से धनवार के गांधी चौक पर किया गया नुक्कड़ नाटक

गिरिडीह। मजबूत राष्ट्र निर्माण के लिये मतदान करना हर नागरिक का परम कर्तव्य है। इसलिये मतदान अवश्य करें। इस बात को आम लोगों को बताने का नाम नुक्कड़ नाटक के कलाकारों ने किया। जिले के धनवार प्रखण्ड मुख्यालय स्थित गांधी चौक पर शुक्रवार को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने आमजनों से आगामी 20 नवंबर को मतदान अवश्य करने की अपील की।
स्वीप कार्यक्रम के तहत आयोजित इस नुक्कड़ नाटक के दौरान कलाकारों ने आम जनता को बताया कि देश में लोकतंत्र को मजबूत व सशक्त बनाने के लिए शत प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें। और, एक स्वस्थ और मजबूत जनतंत्र का निर्माण करने में अपनी अहम भूमिका का निर्वहन करें। इस दौरान आम लोगों के बीच मतदाता मार्गदर्शिका का भी वितरण किया गया।

बिरसा जयंती पर माले नेता ने किया भगवान बिरसा की प्रतिमा पर माल्यार्पण

गिरिडीहभगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर भाकपा माले नेता राजेश सिन्हा अपने अन्य कार्यकर्ताओं के साथ बिरसा चौक पहुंचे। जहां उन्होंने भगवान बिरसा की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

मौके पर सिन्हा ने युवाओं को बिरसा मुंडा की जीवनी पढ़ने और देश व राज्य की रक्षा के लिए युवाओं को आगे आने की जरूरत पर बल दिया। 
उन्होंने कहा कि आज के दौर में पुनः बिरसा मुंडा की जरूरत है। तत्कालीन बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों को नाकों चने चबाए थे। आज के बिरसा मुंडा को गोरे अंग्रेजों से नहीं, बल्कि देश के अंदर की अंग्रेजियत से लड़ने की जरूरत है। 


माले नेता राजेश ने आज के युवाओं को इस बात की गंभीरता को समझनी चाहिए और आंदोलन मोड में आना चाहिए। माल्यार्पण के दौरान उनके साथ नौशाद आलम,चुन्नू के अलावा दर्जनों माले कार्यकर्ता मौजूद थे।

बोले सो निहाल..सत श्री अकाल....के जयघोष से गुंजा सरिया बाजार

सिक्खों के प्रथम गुरु श्री गुरुनानक देव जी प्रकाशोत्सव पर गुरुद्वारा से निकाली गयी भव्य शोभायात्रा


गिरिडीह। सिक्खों के प्रथम गुरु धन धन श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 555 वें प्रकाश पर्व पर सिक्ख परिवार द्वारा कार्तिक पूर्णिमा के दिन सरिया श्री गुरुद्वारा साहिब से भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। इस दौरान सिख श्रद्धालुओं ने बड़े ही धूमधाम से श्री गुरुनानक देव जी महाराज का जन्मोत्सव मनाया।


श्री गुरुद्वारा साहिब से निकली यह शोभा यात्रा सरिया नगर भ्रमण करते हुए सैकड़ों श्रद्धालुओं के साथ वापस श्री गुरुद्वारा साहिब पहुंची। इस दौरान सिख श्रद्धालुओं ने "बोले सो निहाल, सत श्री अकाल" के जयकारे लगाए,जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा। 

इस अवसर पर गुरुद्वारा में शबद कीर्तन का आयोजन किया गया जिसमें काफी संख्या में महिला पुरुष श्रद्धालु शामिल हुये। वहीं श्री गुरुद्वारा प्रबंधन कमिटी द्वारा इस अवसर पर लंगर का भी आयोजन किया गया। जिसमें सैकड़ों की संख्या में सिक्ख समाज के साथ विभिन्न समुदाय के श्रद्धालुओं ने लंगर का प्रसाद ग्रहण किया।

श्री गुरुद्वारा साहिब के ज्ञानी अमरजीत सिंह जी व प्रधान सरदार मनोहर सिंह बग्गा ने कहा कि बाबा नानक व्यक्तित्व में दार्शनिक, समाज सुधारक, योगी, गृहस्थ कई गुण समेटे हुए थे। वही गुरुद्वारा प्रबंधन कमिटी के सिमरन सिंह व विशाल गंभीर ने बताया कि गुरुद्वारा साहिब सरिया में प्रत्येक वर्ष हर्षोल्लास के साथ श्री गुरुनानक जी का जन्मोत्सव मनाया जाता है। जिसमे गुरुद्वारा में शबद कीर्तन और लंगर का भी आयोजन होता है।

मौके पर गुरुद्वारा साहिब प्रबंधन कमेटी के खजांची राजेंद्र मखिजा, विशाल गंभीर, विक्की चावला,राहुल गंभीर, शम्मी सोनी, सेंकी सोनी, बाबू सिंह,नवीन आजमानी, मनोज सलूजा, मोनू मखीजा, ऋतिक सोनी, विक्की सोनी आदि सैकडों लोग मौजूद थे।

राजनीतिक संरक्षण प्राप्त दबंग प्रवृति के तीन लोगों ने एक व्यक्ति पर किया जानलेवा हमला

अब दे रहा गम्भीर परिणाम भुगतने की धमकी

गिरिडीह। सदर प्रखंड के गादी श्रीरामपुर निवासी संदीप राम ने बताया कि बीते 12 नवम्बर को उसके साथ गांव के तीन युवकों ने मार पीट कर गम्भीर रूप से घायल कर दिया। इस बाबत उसने थाने में आवेदन दे कर पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। अब वो तीनो उसे आवेदन वापस ले लेने की धमकी दे रहा है। अन्यथा गम्भीर परिणाम भुगतने के लिये तैयार रहने की धमकी दे रहा है।


घटना के सम्बंध में सदर प्रखंड के गादी श्री रामपुर निवासी संदीप रवानी ने बताया कि बीते 12 नवम्बर की रात वह अपने घर से राशन का सामान लेने दुकान गया था। इसी दौरान पूर्व से घात लगाये बैठे गांव के ही बबलू रवानी, सुनील रवानी, अनिल रवानी ने उस पर लाठी डंडे व लोहे के रॉड से जान लेवा हमला कर दिया। इस दौरान उन तीनों से उसे जमीन पर पटक कर मारपीट किया, जिसमें उसका सिर फट गया और वह गम्भीर रूप से घायल हो गया।

खून से लथपथ जमीन पर बेहोश पड़े संदीप रवानी को घटना के स्थानीय ग्रामीणों ने गिरिडीह सदर अस्पताल इलाज के लिए भर्ती कराया। जहां संदीप का उपचार जारी है। घटना के बाद संदीप ने उपरोक्त तीनों को नामजद करते हुए मुफ्फसिल थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाया है। थाने को दिये आवेदन में संदीप ने यह आरोप लगाया है कि मारपीट करने वाला तीनो लोग दबंग प्रवृति है और राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है।