शुक्रवार, 27 जून 2025

एनएच 19 पर दो ट्रकों के बीच हुई आमने सामने की जोरदार टक्कर, एक ट्रक का चालक गम्भीर

गिरिडीह (Giridih)। राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के घाघरा मोड़ के समीप झरी पुल के पास शुक्रवार सुबह दो ट्रकों के बीच आमने सामने की टक्कर हो गयी। टक्कर इतना जबरदस्त था कि एक ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं घटना में उस ट्रक का चालक केबिन में फंस कर गंभीर रूप से घायल हो गया।



सुबह सुबह दो ट्रकों के बीच हुई जोरदार टक्कर की आवाज सुन काफी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गये। घटनास्थल पर पहुंचे लोगों ने जब ट्रक के चालक को केबिन में फंसा देखा तो उन्होंने तत्परता दिखाते हुए राहत व बचाव कार्य शुरू किया।


काफी मशक्कत के बाद लोगों ने घायल चालक को केबिन से बाहर निकाला, और उसे बगोदर सीएचसी भेजा। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज हेतु हायर सेंटर रेफर कर दिया है।


इधर, घटना की सूचना मिलते ही बगोदर थाने की पुलिस घटनास्थल पहुंची और पूरे मामले से अवगत हुई। पुलिस ने दोनों ट्रकों को अपनी अभिरक्षा में ले आगे की कार्रवाई में जुट गई है।



आज 27 जून ...क्या कहते हैं आपके सितारे...कैसा रहेगा आपका दिन...! जानिए अपना राशिफल

आज का राशिफल :: 27: 06 :: 2025, शुक्रवार

27 जून 2025 : आज आषाढ़ शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि और शुक्रवार दिन है। द्वितीया तिथि आज दोपहर पूर्व 11 बजकर 20 मिनट तक रहेगी।  आज का दिन धार्मिक दृष्टि से बेहद खास है। इस दिन पूरे भारत में विशेष धार्मिक आयोजन होंगे, वहीं ओडिशा के जगन्नाथ पुरी में भगवान जगन्नाथ, बलराम और देवी सुभद्रा की (रथोत्सव) रथयात्रा उत्सवपूर्वक निकाली जाएगी। जगन्नाथ रथ यात्रा के दिन सुबह सूर्योदय से पूर्व स्नान कर जगन्नाथ जी की पूजा करें और जरुरतमंदों को चावल से बनी खिचड़ी खिलाएं।मान्यता है इससे पुण्य मिलता है। आज पुष्य नक्षत्र का विशेष संयोग भी बन रहा है, जो धार्मिक कार्यों और नई शुरुआत के लिए शुभ माना जाता है। इस शुभ संयोग में रथयात्रा का आयोजन इसे और भी विशेष बना देता है। आज सुबह 07:21 AM तक पुनर्वसु नक्षत्र रहेगा उपरांत पूरा दिन पूरी रात पार कर के कल सुबह 6 बजकर 36 मिनट तक पुष्य नक्षत्र रहेगा।

जगन्नाथ रथ यात्रा का विशेष महत्व : जगन्नाथ रथ यात्रा हर साल आषाढ़ माह में निकाली जाती है। मान्यता है कि जो इस रथ यात्रा में शामिल होता है उसे मोक्ष प्राप्ति होती है। इसके रथ की रस्सी छूने मात्र से सौभाग्य प्राप्त होता है ऐसी मान्यता है।                              क्या करें : जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान घर में लड्‌डू गोपाल की पूजा कर सकते हैं। उन्हें पीतांबर, फूल, खिचड़ी का भोग अर्पित करें।                                    क्या न करें : इस दिन घर आए पशु, पक्षी, मेहमान को बिना भोजन कराएं न भेजें।



आज का पंचांग: 27 जून 2025, दिन : शुक्रवार  युगाब्द      : 5127     विक्रम संवत : 2082       शक संवत : 1947     ऋतु :  ग्रीष्म  मास         :  आषाढ़    पक्ष  :  कृष्ण पक्ष         सूर्योदय : 05: 25 AM, सूर्यास्त : 07: 23 PM    तिथि : द्वितीया 11:20 AM तक उपरांत तृतीया   नक्षत्र : पुनर्वसु 07:21 AM तक उपरांत पुष्य राहुकाल : 10:40 AM से 12:24 PM तक       चन्द्रमा : कर्क राशि पर संचार करेगा                     व्रत/त्यौहार : शुक्रवार व्रत, जगन्नाथ रथ यात्रा



आज :: 27 :: 06 :: 2025 का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ) : आज का दिन आपके लिए लाभकारी सिद्ध होगा। सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने से आपका व्यक्तित्व निखरेगा और जनसंपर्क मजबूत होगा। किसी को प्रभावित करने के लिए कुछ नया सोचें। जीवनसाथी के साथ रिश्तेदारों से मिलने जा सकते हैं। आज आपका लकी रंग पीला है। आज आपका लकी नंबर 11 है। आज धन संबंधी काम प्रभावित हो सकते हैं। सट्टे का काम करने वालों को आज धन हानि के संकेत मिल रहे हैं, सावधान रहें। बिजनेस में प्रभावशाली लोगों से संपर्क बढ़ेगा। आज आपका बॉस आपकी ईमानदारी से प्रभावित होगा। कला के क्षेत्र में रुचि रखने वालों के लिए आज का दिन अच्छा रहेगा। आज विवाहित लोगों को अपने पार्टनर से संवाद बढ़ाने की कोशिश करनी चाहिए। अन्यथा दूरियों के कारण आप दोनों जल्द ही अलग हो जाएंगे। अविवाहित लोगों की जन्म कुंडली में विवाह की प्रबल संभावना है। आज दिन खत्म होने से पहले रिश्ता भी आ सकता है।


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो) : आज सितारों की स्थिति संकेत दे रही है कि आपके मन में कुछ उदासी रह सकती है। परिवार के लोग धन संबंधी कामों के लिए आप पर निर्भर रहेंगे। दांपत्य जीवन जीने वालों को आज खुशी मिलेगी और जीवनसाथी के साथ संबंधों में सुधार आएगा। आज आपका लकी नंबर 8 है।आज महत्वपूर्ण मीटिंग और काम के लिए शुभ दिन है। नकारात्मक प्रवृत्ति वाले मित्र के संपर्क में रहने से आर्थिक नुकसान हो सकता है, सावधान रहें। व्यापार में लाभ के अवसर सामने आएंगे। नौकरीपेशा लोगों को उनके अच्छे काम के लिए उनके वरिष्ठ (बॉस) द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा, अच्छा बोनस भी मिल सकता है। आज विवाहित लोगों के जीवन में पहले से ज्यादा उतार-चढ़ाव आएंगे। कोई बाहरी व्यक्ति आप दोनों के बीच झगड़ा कराने की कोशिश करेगा। इसलिए सावधान रहें। जो लोग सिंगल हैं उन्हें देवी लक्ष्मी को समर्पित आज अपना सच्चा प्यार मिल सकता है।


मिथुन👫(का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा) : आज उन लोगों से संपर्क करें, जिनसे आपने लंबे समय से बात नहीं की है। आपके स्वभाव में विनम्रता और विवेक जैसे गुण आपके व्यक्तित्व को और निखारेंगे। परिवार में विवाह योग्य कुंवारों के विवाह की चर्चा होगी। जीवनसाथी से आज कोई बहुत महत्वपूर्ण बातचीत होगी। अगर प्रेम संबंध का मामला है तो परिवार के सदस्यों से सलाह लेने में संकोच न करें। आज आपका शुभ अंक 3 है। आज आपको अचानक धन लाभ हो सकता है। व्यापार में कोई महत्वपूर्ण काम आसानी से पूरा हो जाएगा। कामकाजी महिलाओं के लिए ग्रह स्थिति अनुकूल बनी हुई है। किसी भी तरह के कानूनी मामलों से दूरी बनाए रखें अन्यथा आपको नुकसान हो सकता है। निजी नौकरी में विरोधियों की गतिविधियों के कारण आपको कोई नुकसान नहीं होगा। आज किसी और की गलती के कारण आपका जीवनसाथी आपसे झगड़ सकता है। इसलिए उनसे कुछ भी न छिपाएं और रिश्ते में गलतफहमियां न पैदा होने दें। चंद्र देव की कृपा से देवी लक्ष्मी को समर्पित आज के दिन सिंगल लोगों के जीवन में सच्चा प्यार आ सकता है।


कर्क🦀(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)) : आज का दिन आपके लिए सकारात्मक परिणाम लेकर आएगा। परिवार में किसी युवा को नौकरी मिलने की संभावना है। जीवनसाथी से किसी तरह का विवाद न हो तो ही आपके लिए शुभ रहेगा। अपने साथी की सभी गलतियों को नजरअंदाज करें। आज आपका लकी नंबर 7 है। आज आपकी आमदनी संतोषजनक रहने की संभावना है। अगर कारोबारी कारोबार में बदलाव करने की सोच रहे हैं तो उन्हें कुछ समय इंतजार करने की जरूरत है। आपमें से कुछ लोगों को लंबित बकाया मिलने से आर्थिक मजबूती मिलेगी। इस राशि के छात्रों को आज पढ़ाई पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है। आज विवाहित लोगों को अपने पार्टनर को लेकर सतर्क रहना होगा। प्रेम संबंधों में पड़े लोग आज की रात अपने पार्टनर के साथ अच्छा समय बिताएंगे।


सिंह🦁(मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे) : आज आपके मन में नए विचार आएंगे। परिवार के युवा व्यक्ति को समझाने और समझने के लिए समय निकालें। आपका व्यवहार आपके साथी का दिल जीत सकता है। अपने प्रियतम तक अपनी बात पहुंचाने का यह अच्छा समय है। आज आपका लकी रंग लाल है। आज आपका लकी नंबर 8 है। आज आपको अपनी आमदनी बढ़ाने के कुछ अच्छे अवसर मिल सकते हैं। आपका रुका हुआ पैसा भी आपको मिल सकता है। अपनी व्यावसायिक योजना को गुप्त रखें। जिस भी काम में लगे हैं, उसमें आगे बढ़ने से पहले विशेषज्ञ की सलाह लें। नौकरी से जुड़े लोग कोई पार्ट टाइम काम करने की योजना बना सकते हैं। अगर सिंगल लोग किसी खास दोस्त से मिलने जा रहे हैं तो बात बनने की पूरी संभावना है। विवाहित और प्रेम संबंधों वाले जोड़ों के बीच विश्वास और संवाद की कमी के कारण समस्याएं उत्पन्न होंगी। यदि आपने सही समय पर कोई कदम नहीं उठाया, तो रिश्ता टूट भी सकता है।


कन्या👩(टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो): विद्यार्थियों के लिए आज का दिन बहुत बढ़िया रहेगा। परोपकारी स्वभाव के होने के कारण आप दूसरों की भलाई के लिए काम करेंगे। अपने साथी के प्रति अधिक प्रेमपूर्ण और स्नेही बनने का प्रयास करें। प्रेम संबंधों के लिए दिन रोमांचक रहेगा। आज आपका शुभ अंक 1 है। धन लाभ के मामले में आज का दिन बहुत बढ़िया रहेगा। बिजली से संबंधित व्यवसाय करने वालों को लाभ मिल सकता है। आस-पास के व्यवसायियों के साथ चल रही प्रतिस्पर्धा में आप जीत हासिल करेंगे। नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को आज किसी प्रियजन की मदद से कोई रोजगार मिल सकता है। अविवाहित लोग किसी खास व्यक्ति से मिलेंगे और खूब बातें करेंगे, जिससे दोनों को काफी अच्छा लगेगा। प्रेम संबंधों में लगे जोड़ों और विवाहित जोड़ों के प्रेम संबंधों में सुधार आएगा। आपसी विश्वास बढ़ेगा और बाहर घूमने जाने की योजना बनेगी।


तुला⚖️(रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते) : आज आपके आस-पास सकारात्मक ऊर्जा रहेगी। पारिवारिक स्तर पर प्राप्त कोई अच्छी खबर आपकी मानसिक स्थिति को उत्साहित रखेगी। अपने साथी की जरूरतों और उसकी बातों का सम्मान करें। आप किसी के प्रति आकर्षित हो सकते हैं। आज आपका लकी रंग नारंगी है। आज आपका लकी नंबर 8 है। आज आर्थिक रूप से आप आखिरकार स्थिरता और सुरक्षा की स्थिति में हैं। आज आप बच्चे के लिए कुछ जरूरी सामान की खरीदारी पर भी कुछ पैसे खर्च करेंगे। आपको बिजनेस से जुड़ा कोई ईमेल प्राप्त होगा। आज आप अपने काम को पूरा करने के लिए हर तरीका अपना सकते हैं। किसी भी तरह का पेपर वर्क करते समय सावधानी बरतना जरूरी है। विवाहित लोगों का अपने साथी और परिवार के सदस्यों के साथ आज झगड़ा हो सकता है। यदि आप झगड़े के दौरान धैर्य और समझदारी से काम नहीं लेंगे, तो मामला और बिगड़ सकता है। सिंगल लोग अचानक किसी खास दोस्त के साथ बाहर घूमने जाने की योजना बना सकते हैं।


वृश्चिक🦂(तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू) : आज का दिन खुशियों से भरा रहेगा। परिवार में किसी ऐसे व्यक्ति में सकारात्मक बदलाव आएगा जिसके लिए आप चिंतित थे। विवाहित लोगों को अपने रिश्ते में नयापन देखने को मिलेगा। प्रेम संबंधों में निकटता आएगी। आज आपका लकी रंग नीला है। आज आपका लकी नंबर 4 है। आज आपको अपने अनावश्यक खर्चों पर लगाम लगानी चाहिए और अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत करना चाहिए। व्यापार में पब्लिक डीलिंग से जुड़े कार्यों में आपको सकारात्मक परिणाम मिलेंगे। ऑफिशियल कार्यों के लिए दिन सामान्य रहने वाला है। करियर से जुड़े मामले उम्मीद के मुताबिक आगे बढ़ने लगेंगे। आज चंद्रमा का गोचर प्रेम संबंधों में लगे जोड़ों के प्रेम जीवन पर मिलाजुला प्रभाव डालेगा। साथी के साथ समय बिताने की इच्छा पूरी नहीं होगी। विवाहित जोड़ों के प्रेम जीवन में परेशानियां बढ़ेंगी, जिससे स्वभाव चिड़चिड़ा हो जाएगा।


धनु🏹(ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा,भे) : आज आपको भावनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण निर्णय लेने पड़ सकते हैं। अगर परिवार में किसी का जन्मदिन है तो घर पर रहकर ही इसे मनाएं। किसी करीबी के प्रति अच्छी भावनाएं उत्पन्न होंगी। रोमांस के शौकीन लोग कहीं घूमने जाने की योजना बना सकते हैं। आज आपका शुभ अंक 9 है। आज खुद को छोटे-मोटे प्रलोभनों से दूर रखने की कोशिश करें। आवास से जुड़ा निवेश लाभदायक रहेगा। कारोबारी महिलाओं को खास तौर पर अपने व्यापार पर ध्यान देना चाहिए। व्यापार के मामले में आपको कुछ अनुभवी लोगों से जुड़ने का मौका मिलेगा। आज कार्य क्षेत्र में कुछ व्यवधान आने की संभावना है, सावधान रहें। जो लोग सिंगल हैं, वे आज किसी खास व्यक्ति के साथ डेट पर जा सकते हैं। विवाहित जोड़ों के बीच रोमांस और स्नेह बढ़ेगा, जिससे आप काफी अच्छा महसूस करेंगे। लेकिन कहीं बाहर जाने की योजना नहीं बनेगी।


मकर🐊(भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी) : आज आपको भाग्य का पूरा साथ मिलेगा। परिवार में किसी महत्वपूर्ण मामले पर आपकी सलाह को अधिक महत्व दिया जाएगा। जीवनसाथी के साथ अपनी शंकाओं को दूर करना आपके लिए फायदेमंद रहेगा। प्रेम में उदासी का अनुभव हो सकता है। आज आपका लकी नंबर 3 है। आज परिवार में आपकी कुछ आर्थिक जिम्मेदारियां बढ़ सकती हैं। रियल एस्टेट में निवेश करने से पहले अच्छी तरह सोच लें। पब्लिक डीलिंग से जुड़े बिजनेस में आपको लाभ मिलेगा। आप आज से ही भविष्य के किसी काम की तैयारी शुरू कर देंगे। अविवाहित लोग अचानक किसी खास दोस्त के साथ आज डेट पर जाने की योजना बनाएंगे, जिससे वे काफी खुश होंगे। मकर राशि के विवाहित लोग अपने साथी के साथ क्वालिटी टाइम बिताने का मौका न मिलने से परेशान रहेंगे।


कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा) : आज कोई अच्छी खबर मिलने के आसार हैं। घर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखें। कुछ लोग दोस्तों के साथ समय बिताने का आनंद लेंगे। जीवनसाथी से प्यार मिलेगा और परिवार का सहयोग और प्यार देखकर आप काफी खुश नजर आएंगे। आज आपके प्रेम जीवन में मधुरता बनी रहेगी। आज आपका लकी नंबर 5 है। आज धन संबंधी समस्याएं हल होंगी। आज पारिवारिक बिजनेस में आपको जीवनसाथी की सलाह की जरूरत पड़ेगी। नौकरीपेशा लोगों को आज कोई बहुत महत्वपूर्ण कॉल आ सकती है। सरकारी नौकरी से जुड़े लोगों को कोई अनैतिक काम करने से दूर रहना चाहिए। विवाहित लोग अपने साथी के साथ आज खुशी के पल साझा करेंगे, जिससे उन्हें खुशी मिलेगी और मानसिक शांति का एहसास होगा। जो लोग लंबे समय से किसी के साथ रिलेशनशिप में हैं, उनके प्रेम संबंधों में स्नेह और विश्वास की कमी के कारण बाधाएं आएंगी। अगर कहीं घूमने जाने की योजना है, तो वह भी टल सकती है।


मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची) : आज बृहस्पति देव को प्रसन्न करने के लिए केले के पेड़ की परिक्रमा करें। आज मुफ्त में कुछ पाने की उम्मीद करना बेकार है। महिलाओं को अपने ससुराल वालों से कुछ शिकायत हो सकती है। दाम्पत्य जीवन में खुशियों की बरसात हो सकती है। आपका लव पार्टनर आपको मनचाही खुशी दे सकता है। आज आपका लकी रंग सफेद है। आज आपका लकी नंबर 9 है। दुकानदारों के लिए आज का दिन लाभदायक साबित होगा। व्यापारियों को उनका बकाया मिलने की संभावना है। कुछ नया करके आप मानसिक रूप से रिचार्ज होते रहेंगे। आज आपका किसी सहकर्मी से विवाद हो सकता है, सावधान रहें। सरकारी कर्मचारियों को ट्रांसफर से संबंधित कोई अनुकूल समाचार मिलने से खुशी हो सकती है। चंद्रमा के गोचर के अशुभ प्रभाव के कारण आज प्रेम जीवन की खुशियों में ब्रेक लग सकता है। इस समय विवाहित मीन राशि के लोगों को अपने साथी के साथ संवाद करना बहुत जरूरी है।


कृपया ध्यान दें👉

      यद्यपि शुद्ध राशिफल प्रसारण की पूरी कोशिश की गई है। प्रसारित राशिफलों में कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।

        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷


गुरुवार, 26 जून 2025

आदिवासी युवती को अपहरणकर्ता के चंगुल से पुलिस ने किया सकुशल बरामद, अपहरणकर्ता जुबेर गिरफ्तार

गिरिडीह (Giridih)। एक आदिवासी युवती को शादी का झांसा देकर अपहरण करने वाले अपहरणकर्ता को गिरिडीह पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं पुलिस ने अपहरणकर्ता के चंगुल से युवती को सकुशल बरामद कर उसे उनके घरवालों को सुपूर्द कर दिया है। मामला जिले के भेलवाघाटी थाना क्षेत्र की है।



इस सम्बंध में गिरिडीह एसपी कार्यालय द्वारा एक बयान जारी कर बताया गया कि बीते 25 जून को भेलवाघाटी थाना क्षेत्र निवासी सुनील हेम्ब्रोम, पेसर बड़कु हेम्ब्रोम ने भेलवाघाटी थाना में एक आवेदन देकर थाना क्षेत्र के ही लकड़मरवा निवासी जुबेर अंसारी उर्फ कारू अंसारी, पेसरा मुमताज अंसारी नामक युवक पर शादी का झांसा देकर उसकी बहन का अपहरण करने का आरोप लगाया था। आवेदक के आवेदन के आलोक में भेलवाघाटी पुलिस ने थाना काण्ड संख्या-10/25 में कांड दर्ज कर कार्रवाई में जुट गयी।


वहीं काण्ड का त्वरित उद्भेदन हेतु गिरिडीह एसपी डॉ बिमल कुमार ने एसडीपीओ खोरीमहुआ के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया। छापेमारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी अभियान चला अपहर्ता युवती को अपहरणकर्ता के चंगुल से सकुशल बरामद कर उसे उनके घरवालों को सुपूर्द कर दिया। वहीं पुलिस ने घटना के नामजद प्राथमिकी अभियुक्त जुबेर अंसारी उर्फ कारू अंसारी, को गिरफ्तार कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

दो गज जमीन को लेकर हुए विवाद में एक साल के मासूम समेत चार लोग घायल

गिरिडीह (Giridih)। दो गज जमीन को लेकर हुए विवाद में एक साल के मासूम समेत चार लोग घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों एवं सहयोगियों के सहयोग से सभी घायलों को इलाज हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना जिले के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के पर्वतपुर गांव की है।


घटना के सम्बंध में पीड़ित पशुपति पांडेय ने बताया कि गांव में उनकी पुश्तैनी जमीन है। जिस पर वह निर्माण कार्य करवा रहे थे। गांव की ही जयंती देवी, सुबोध पांडेय, इंडियन पांडेय, सुग्गी कुमारी और बूटली कुमारी समेत आधा दर्जन लोग बुधवार की देर रात अचानक उनके घर में घुस गये, और परिवार के सभी सदस्यों के साथ बुरी तरह मार पीट करना शुरू कर दिया। मारपीट के दौरान उन सबों ने उनके घर में जमकर उत्पात मचाया, घर मे रखे सामानों की भी तोड़फोड़ की।

जमीन विवाद को लेकर हुई इस वारदात में पीड़ित परिवार के पशुपति पांडेय, उनकी पत्नी उर्मिला देवी, बेटी संतोषी कुमारी और उनका एक साल का बेटा कुणाल पांडेय गम्भीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने अहिल्यापुर थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।



गिरिडीह में हुआ मादक पदार्थ निषेध जागरूकता मिनी मैराथन का आयोजन

गिरिडीह (Giridih)। जिला प्रशासन एवं पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला खेल कार्यालय द्वारा "मादक पदार्थ निषेध जागरूकता मिनी मैराथन" का गुरुवार को आयोजन किया गया।


गिरिडीह स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त रामनिवास यादव ने मिनी मैराथन का फ्लैग ऑफ कर किया। मौके पर पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार, जिला सूचना एवं जन संपर्क पदाधिकारी अंजना भारती, वन प्रमंडल पदाधिकारी, गिरिडीह (पूर्वी), खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, गिरिडीह समेत कई अधिकारी उपस्थित मौजूद थे।


कार्यक्रम उपरांत उपयुक्त, पुलिस अधीक्षक एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी के हाथों विजेताओं को पुरस्कार स्वरूप मेडल, ट्रॉफी और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया। 


मौके पर उपायुक्त ने कहा कि यह मिनी मैराथन नशा मुक्त समाज की स्थापना की दिशा में एक प्रेरक प्रयास है। जिसमें युवाओं, खिलाड़ियों एवं नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी रही। उन्होंने खिलाड़ियों व नगर वासियों से अपने स्वास्थ्य को ठीक रखने के लिए नियमित व्यायाम, जॉगिंग, वॉकिंग करने की अपील करते हुए नशे से दूर रहने को कहा। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


पत्नी की हत्या कर भाग रहे पति को मृतका के मायके वालों ने पीट पीट कर मारा, जांच में जुटी पुलिस

गिरिडीह (Giridih)। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के लुकईया गांव में एक पति ने चाकू से गोदकर अपनी ही पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। पत्नी की हत्या कर हत्यारा पति भागने की फिराक में था, इसी बीच वह मृतका के मायके वाले के हत्थे चढ़ गया। आक्रोशित मायके वाले ने उसे भी पीट पीट कर मार डाला। घटना बुधवार देर रात की है।


घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, मुफ्फसिल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो सदलबल गांव पहुंचे और दोनों के शव को कब्जे में ले आगे की कार्रवाई में जुट गई है।


मिली जानकारी के अनुसार मुफ्फसिल थाना क्षेत्र निवासी छोटेलाल हांसदा की शादी 8 वर्ष पूर्व लुकईया गांव निवासी मीणा हांसदा के साथ हुई थी। मीणा इन दिनों मायके में थी। वहीं, छोटेलाल भी अपने ससुराल पहुंचा था बुधवार की रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गयी। बात इतनी बढ़ गयी कि छोटेलाल ने चाकू से हमलाकर मीणा की हत्या कर दी।



घटना को अंजाम देने के बाद छोटेलाल भागने लगा। इस बीच घटना की जानकारी मृतका के मायके वालों को लगी। मायके वालों ने भाग रहे छोटेलाल को पकड़ लिया, और उसकी पिटाई कर दी। मृतका के मायके वाले व स्थानीय ग्रामीणों ने छोटेलाल को इतना मारा कि उसकी भी मौत हो गयी।


घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने एसपी डॉ बिमल कुमार एवं एसडीपीओ जीतवाहन उरांव को मामले से अवगत करा सदलबल घटनास्थल पहुंचे। मुफ्फसिल पुलिस व एसडीपीओ घटनास्थल पहुंच घटना की पूरी जानकारी ली और दोनों के शव को कब्जे में लेते हुए आगे की कार्रवाई शुरू की।


घटना के सम्बंध में एसडीपीओ जितवाहन उरांव ने बताया कि प्रथम दृष्टया जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार पति पत्नी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। जिसके बाद पति छोटेलाल ने पत्नी मीणा पर चाकू से हमला किया, जिससे मीणा की मृत्यु हो गई। घटना को अंजाम दे कर छोटेलाल भागने लगा, तभी मीणा के मायके वालों ने छोटेलाल को पकड़ कर उसकी पिटाई कर दी, जिससे छोटेलाल की भी मौत हो गई। बताया कि दोनों के शव को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी गयी है।