मंगलवार, 6 मई 2025

सड़क दुर्घटना में घायलों के लिए केंद्र सरकार की पहल, अब घायलों को मिलेगा 1.5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज

कैशलेस ट्रीटमेंट ऑफ रोड एक्सीडेंट विक्टिम्स स्कीम के तहत मिलेगा सड़क हादसे में घायलों को यह सुविधा

रांची (Ranchi)। केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई कैशलेस इलाज स्कीम सड़क दुर्घटना में घायल लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है। 5 मई 2025 से लागू की गई इस योजना के तहत, सड़क हादसे में घायल हुए लोगों को 1.5 लाख रुपये तक का इलाज मुफ्त मिलेगा, जो उनके लिए एक राहत की बात है। यह योजना विशेष रूप से तब कारगर होगी जब व्यक्ति इमरजेंसी में अस्पताल पहुंचे, शुरुआती 7 दिनों तक का इलाज पूरी तरह से मुफ्त होगा।


स्कीम का नाम:  2025 कैशलेस ट्रीटमेंट ऑफ रोड एक्सीडेंट विक्टिम्स स्कीम

 कैशलेस इलाज: सड़क हादसे के बाद घायल को इलाज के लिए कोई भुगतान नहीं करना होगा। सरकार और अस्पताल आपस में भुगतान का निपटारा करेंगे।

 इलाज की सीमा:  हर हादसे में घायल को 1.5 लाख रुपये तक का इलाज मिलेगा, लेकिन यह सुविधा केवल 7 दिनों तक उपलब्ध होगी।


 अस्पताल:  इलाज केवल सरकार द्वारा निर्धारित अस्पतालों में किया जाएगा। अन्य अस्पतालों में केवल स्थिरीकरण (stabilization) तक ही इलाज संभव होगा, और वह भी कुछ गाइडलाइनों के अनुसार।


पात्रता: यह योजना सिर्फ मोटर वाहन दुर्घटनाओं के लिए लागू होगी। अगर हादसा किसी अन्य कारण से हुआ हो, तो इसका लाभ नहीं मिलेगा।

 लाभ:  इस स्कीम के तहत घायल व्यक्तियों को इलाज के लिए पैसों की चिंता नहीं करनी पड़ेगी, और यह सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध होगा। हालांकि, 7 दिन से ज्यादा इलाज की स्थिति में खर्च करना होगा।


यह स्कीम निश्चित रूप से सड़क दुर्घटनाओं में घायलों के लिए एक राहत प्रदान करेगी, खासकर ऐसे समय में जब हर मिनट कीमती होता है।

10 हजार रुपए घुस लेते लातेहार अंचल कार्यालय के राजस्व कर्मचारी सुशील कुमार गिरफ्तार

लातेहार (Jharkhand)। भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की है. लातेहार जिले के राजस्व कर्मचारी सुशील कुमार को पलामू एसीबी की टीम ने 10 हजार रुपए घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है.भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम गिरफ्तारी के बाद राजस्व कर्मचारी सुशील कुमार को लातेहार से पलामू ले गयी.


जमीन के म्यूटेशन के एवज में मांगी थी रिश्वत 

जमीन का म्यूटेशन कराने के एवज में राजस्व कर्मचारी सुशील कुमार ने रिश्वत में बड़ी रकम मांगी थी, लेकिन पीड़ित रिश्वत नहीं देना चाहते थे. उन्होंने राजस्व कर्मचारी द्वारा काम के एवज में पैसे मांगने की शिकायत एसीबी में की. एसीबी में शिकायत के बाद मामले की जांच करायी गयी. जांच में मामला सही पाए जाने पर गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया गया. इसके बाद एसीबी की टीम ने राजस्व कर्मचारी सुशील कुमार को घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया. इस कार्रवाई के बाद अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया.

कर्मचारी महासंघ की पीरटांड़ एवं डुमरी प्रखण्ड शाखा का चुनाव सम्पन्न, सर्वसम्मति से चुने गए पदाधिकारी

गिरिडीह (Giridih)। झारखण्ड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के पीरटांड़ एवं डुमरी प्रखण्ड कमिटी के चुनाव मंगलवार को सम्पन्न हुआ। इस निमित्त दोनों ही प्रखंडों के कर्मचारियों की बैठक हुई। जिसमें महासंघ के प्रदेश महामंत्री अशोक कुमार सिंह नयन, जिला अध्यक्ष अमर किशोर प्रसाद सिन्हा एवं महासंघ के संरक्षक रूपलाल महतो मुख्य रूप से उपस्थित हुए। 


पीरटांड़ प्रखण्ड में आहूत बैठक की अध्यक्षता प्रदीप गोस्वामी ने की। जिसमे सर्व सम्मति से प्रखण्ड कमिटी के चुनाव किया गया। जिसमें -
प्रखण्ड अध्यक्ष के पद पर  : प्रदीप गोस्वामी
कार्यकारी अध्यक्ष             : महेंद्र शर्मा
उपाध्यक्ष                        : दशरथ हेम्ब्रम, 
                                      सुनील आनंद,                                                        सोनू कुमार गुप्ता एवं
                                      गुड़िया कुमारी
प्रखण्ड मंत्री                   : अविनाश कुमार
संयुक्त मंत्री                    : गुलाब चौधरी एवं 
                                     रेशमी उपाध्याय
प्रखण्ड कोशाध्यक्ष          : मो कासिफ निर्वाचित हुए।


वहीं डुमरी प्रखण्ड में चुनाव को लेकर आहूत बैठक की अध्यक्षता इंद्रजीत महतो ने की। जिसमे सर्व सम्मति से प्रखण्ड महासंघ के पदाधिकारियों का चुनाव किया गया। जिसमें - 
अध्यक्ष के पद पर : इंद्रजीत महतो
कार्यकारी अध्यक्ष : आनंद कुमार
उपाध्यक्ष             : मुकेश कुमार, सुदर्शन पांडेय, 
                            संजू देवी एवं शंकर ठाकुर
प्रखण्ड मंत्री         : आलोक प्रियदर्शी
संयुक्त मंत्री          : रामदेव राम एवं उर्मिला राणा
प्रखण्ड कोषाध्यक्ष : खुशबू कुमारी निर्वाचित हुई।

वहीं इस मौके पर डुमरी प्रखण्ड शाखा के कार्यकारिणी समिति सदस्य का भी चुनाव किया गया। जिसमें अमन नयन तेतरवे, बारिश अली, संजय ठाकुर, अमित कुमार सिन्हा, समशेर खान एवं दिनेश मोची निर्वाचित हुए।


स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 30 यूनिट रक्त संग्रह

गिरिडीह (Giridih)। भारतीय रेडक्रास सोसाइटी द्वारा जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के सौजन्य से मंगलवार को स्थानीय नगर भवन में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। चौकीदार नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के अवसर पर आयोजित इस रक्तदान शिविर में 30 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।


इस शिविर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में नियुक्ति पत्र प्राप्त करने पहुंचने वाले कई अभ्यर्थियों के अलावे कई प्रशासनिक पदाधिकारी भी स्वेच्छा से रक्तदान किया।


मौके पर रेड क्रॉस के चेयरमैन अरविंद कुमार ने कहा कि आज के इस सुनहरे अवसर पर इच्छुक लोग रक्तदान कर रहे हैं, जो बहुत खुशी की बात है। उन्होंने लोगों की इस पहल की सराहना की और कहा कि रक्तदान से कई जिंदगियों को बचाया जा सकता है। शिविर में रक्त अधिकोष के चिकित्सक डॉ सोहेल समेत सभी कर्मी व कई अधिकारी और लोग मौजूद थे। जिन्होंने रक्तदान करने वाले युवाओं का उत्साह वर्द्धन किया।

339 अभ्यर्थियों को दिया गया चौकीदार के पद पर नियुक्ति पत्र, जिनमे 42 महिला अभ्यर्थी हैं शामिल

गिरिडीह (Giridih)। गिरिडीह नगर भवन में मंगलवार को चौकीदार  पदों के लिए चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरण  किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के नगर विकास एवं आवास विभाग, उच्च तकनीकी एवं शिक्षा विभाग, पर्यटन तथा खेलकूद विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू उपस्थित थे। जबकि अथिति के रूप में बगोदर के विधायक नागेंद्र महतो, जमुआ विधायक डॉ. मंजू कुमारी, डुमरी विधायक जयराम महतो, जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी उपस्थित थीं।



कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा, एसपी डॉ बिमल कुमार समेत सभी आगत अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। 
इसके बाद नवनियुक्त चौकीदारों के बीच नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया। 



कार्यक्रम में नोडल पदाधिकारी ने बताया कि गिरिडीह जिला में चौकीदार का कुल 389 पद स्वीकृत है। जिस पर नियुक्ति हेतु प्रकाशित विज्ञापन के विरुद्ध 12,854 आवेदन प्राप्त हुए। जिनमे लिखित परीक्षा में 8126 अभ्यर्थी शामिल हुए जिनमे 1664 अभ्यर्थी सफल घोषित घोषित हुए। लिखित परीक्षा में सफल 1664 अभ्यर्थी शारीरिक व दौड़ परीक्षा में शामिल हुए। जिसमे 385 अभ्यर्थी सफल हुए। जिला स्तरीय नियुक्ति समिति द्वारा सभी मामलों के समीक्षोपरांत कुल 339 अभ्यर्थियों की नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया गया। जिनमे अनारक्षित कोटि में 210, अनुसूचित जनजाति में 59, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग कोटि में 29, अत्यन्त पिछड़ा वर्ग कोटि में 25 तथा पिछड़ा वर्ग कोटि में 16 अभ्यर्थी शामिल हैं।





कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मंत्री सुदिव्य सोनू ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई दी और, उन्हें अपने कर्तव्यों का ईमानदारी पूर्वक एवं सेवा भाव के साथ निर्वहन करने को कहा। कहा कि राज्य सरकार युवाओं को आगे बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं ला रही हैं। युवाओं के सपने को साकार करने के लिए सरकार प्रयत्नशील है। उन्होने अपील किया कि जो भी दायित्व आप सभी को आगे मिलेगा उसका कर्तव्यनिष्ठा से निर्वहन करें। 



मौके पर उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्रीकान्त यशवंत विस्पुते, अनुमंडल पदाधिकारी खोरीमहुआ मनोज कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती, प्रभारी पदाधिकारी, सामान्य शाखा समेत सामान्य शाखा के अधिकारी व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।