गुरुवार, 6 फ़रवरी 2025

7 लाख रुपये मूल्य के अवैध बैरल पत्थर के साथ दो पत्थर माफिया गिरफ्तार

गिरिडीह (Giridih)। गुप्त सूचना पर डीएफओ मनीष तिवारी ने बुधवार को जिले के गांवा थाना क्षेत्र के चरही गांव में  छापेमारी कर 7 लाख रुपये का 9 किलो बैरल पत्थर जब्त किया है। वहीं इस मामले में दो पत्थर माफिया को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्करों में सरजू सिंह और जॉली पांडेय शामिल हैं।


बता दें जब्त पत्थर बेशकीमती है। इसका इस्तेमाल सोने और चांदी के महंगे जेवर बनाने के साथ साथ आर्टिफिशियल जेवर बनाने में भी होता है। डीएफओ ने बताया कि इस बेशकीमती पत्थर का अवैध तरीके से खनन कर पत्थर माफिया द्वारा अन्य राज्यों में बेचा जाता था। 


गौरतलब है कि गांवा के इलाके में बड़े पैमाने पर बैरल पत्थर पाया जाता है। इस इलाके में इस पत्थर एक बड़ा खदान है। जिस खदान से बड़े पैमाने पर पत्थर माफिया अवैध तरीके से खनन कर अन्य राज्यों में तस्करी कर मोटी रकम की उगाही करते हैं।

अवैध शराब भट्ठी में एक मजदूर पर कुल्हाड़ी से जान लेवा हमला, घण्टों तड़पता रहा मजदूर

गिरिडीह (Giridih)। जिले के गावां थाना क्षेत्र के गढ़ही सांख के जंगल में संचालित अवैध शराब भट्टी में एक मजदूर पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया गया। घायल मजदूर घण्टों तड़पता रहा। लेकिन उसकी किसी ने कोई सुध नहीं लिया। घायल मजदूर भादे भुला मूलतः  बिहार का निवासी बताया जाता है। वह बीते तीन वर्षों से गावां थाना क्षेत्र निवासी उपेंद्र साव के इस अवैध शराब भट्टी में बतौर मजदूरी काम कर रहा था।


हर दिन की तरह वह गुरुवार को भी शराब भट्ठे में काम कर रहा था इसी दौरान उस पर किसी ने कुल्हाड़ी से जान लेवा हमला कर दिया। जिससे वह गम्भीर रूप से घायल हो गया और घटना स्थल पर ही तड़पता रहा। मामले की सूचना कानोंकान गावां थाना की पुलिस को मिली। पुलिस सदलबल उक्त अवैध शराब भट्ठे पर पहुंची। इसके पूर्व शराब माफिया घायल भादे भुला को लेकर घटनास्थल से फरार हो गये। 


पुलिस ने आसपास के इलाके में उसकी काफी तलाश की लेकिन उसका पता नहीं चल पाया। हालांकि घटनास्थल पर पुलिस को काफी मात्रा में भादे भुला के शरीर से बहे खून देखने को मिला। वहीं पुलिस ने मौके पर शराब भट्ठी को ध्वस्त कर दिया और काफी मात्रा में अवैध शराब और जावा महुआ को नष्ट कर दिया। 


सुविज्ञ सूत्र बताते हैं कि इस शराब भट्ठे का संचालक उपेंद्र साव काफी लंबे समय से वन भूमि में जंगलों के बीच अवैध शराब का कारोबार करता आ रहा है। वह यहां निर्मित शराब को झारखंड और बिहार के सीमावर्ती इलाकों में सप्लाई करता है। सूत्र बताते हैं कि वन विभाग और स्थानीय पुलिस से अवैध शराब भट्ठी संचालक के साथ गांठ होने के कारण दोनों महकमा को इस अवैध शराब भट्ठी के सम्बन्ध में  जानकारी रहने के बाद भी कभी कोई कार्रवाई नहीं की जाती है।

सरिया में तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार दम्पत्ति को रौंदा, घटनास्थल पर दोनों की दर्दनाक मौत

गिरिडीह(Giridih)। जिले के सरिया थाना क्षेत्र में गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हुआ है। घटना बाइक सवार दम्पत्ति की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी है। घटना की सूचना मिलते ही सरिया थाना की पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और मृतकों के शव को कब्जे में लेकर बगोदर ट्रामा सेंटर भेज दिया है। मृतक दम्पत्ति बगोदरडीह के निवासी बताये जाते हैं।


जानकारी के अनुसार बाइक सवार दम्पत्ति मुमताज अंसारी और मुस्तकीम खातून सरिया से बगोदर की ओर जा रहे थे। वहीं बगोदर सरिया मुख्य पथ पर स्थित पेट्रोल पंप के समीप ज्योहिं उनकी बाइक पहुंची तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार सफेद रंग की बिजय नामक बस ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया और उन्हें रौंदते हुए वहां से निकल गयी। हादसे में बाइक सवार दम्पत्ति की मौके पर मौत हो गयी।

 घटना के बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बस का काफी दूर तक पीछा किया। लेकिन बस चालक बस समेत फरार होने में सफल रहा। बाद में बस चालक ने आगे डीएवी स्कूल के समीप बस को सड़क किनारे खड़ा कर बस छोड़ भाग निकला।


घटना के बाद घटनास्थल पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा ही गयी। सूचना पाकर सरिया पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं दोनों के शवों को बगोदर भेज आगे की कार्रवाई में जुटी है।

मुस्लिम हेडमास्टर ने नहीं होने दिया स्कूल में माँ सरस्वती की पूजा, ग्रामीणों में आक्रोश

[रिपोर्ट : अनुराग कुमार "विक्की"]
जमुई (Bihar)।
बिहार के जमुई जिले के सोनो प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय लालीलावर गंडा में नहीं हुआ सरस्वती पुजा। जिससे ग्रामीणों में इस बात को लेकर खासा नाराजगी दिखी। बाद में पुलिस और प्रशासनिक पदाधिकारी को इस मामले में हस्तक्षेप करना पड़ा। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद तीन दिनों बाद विसर्जन के दिन स्कूल में विद्या की देवी माँ सरस्वती की पूजा अर्चना हुई।


मिली जानकारी के अनुसार स्कूल के प्रभारी मुस्लिम हेडमास्टर ने स्कूल में पूजा करने हेतु लायी गयी माता सरस्वती की प्रतिमा को तीन दिनों तक स्कूल के कमरे में बंद कर रख दिया और स्कूल में सरस्वती पूजा नहीं होने दिया। ग्रामीण विद्यालय के हेडमास्टर अली हुसैन की इस मनमानी से काफी नाराज दिखे। 

बताया गया कि 1 फरवरी को स्कूल में मां सरस्वती की प्रतिमा लायी गयी थी। लेकिन उसे हेडमास्टर ने एक कमरे में बंद कर ताला लगा दिया था। पूजा नहीं होने की जानकारी ग्रामीणों को जब बुधवार को लगी तब वे आक्रोशित हो गए और इसकी जानकारी स्थानीय प्रशासन को दी। सूचना मिलने पर सोनो के अंचलाधिकारी और स्थानीय थाने की पुलिस स्कूल पहुंची और जिस कमरे में माता सरस्वती की मूर्ति बन्द थी उस कमरे का ताला खुलवाकर विद्या और ज्ञान की देवी मां सरस्वती की पूजा अर्चना कराया। इस बारे में जब स्कूल के प्रभारी हेडमास्टर अली हुसैन से पूछा गया तो वह मौके से भाग खड़े हुए।


ग्रामीण नागेश्वर यादव ने बताया कि 1 फरवरी को स्कूल में मां सरस्वती की प्रतिमा लाया गया था। जिसे प्रभारी हेडमास्टर अली हुसैन ने एक कमरे में बंद कर ताला लगा दिया था। गांव में ब्रह्म बाबा की पूजा होने के कारण सभी लोग उसमे व्यस्त थे। बुधवार की सुबह जब ग्रामीणों की इसकी जानकारी मिली कि स्कूल में लाई गई मां सरस्वती की पूजा नहीं हुई, और प्रतिमा स्कूल के एक कमरे में हेडमास्टर ने बन्द कर रखा है। इसके बाद लोग आक्रोशित हो गए और इसकी सूचना स्थानीय थाना और प्रशासनिक अधिकारी को दी।

वहीं ग्रामीण रघुनाथ यादव ने बताया कि सभी जगह मां सरस्वती की पूजा 3 फरवरी को ही हो गई। लेकिन उनके गांव के स्कूल में लाई गई मां सरस्वती की प्रतिमा की पूजा मुस्लिम हेडमास्टर की मनमानी के कारण दो दिन बाद हुई। 5 फरवरी बुधवार को हुई। वह भी तब जब प्रशासन और पुलिस के अधिकारी यहां पहुंचे। बताया कि सोनो के सीओ और पुलिस की मौजूदगी में स्कूल के बन्द कमरे को खुलवा कर उसमे रखे मां सरस्वती के प्रतिमा की पूजा अर्चना कराई गई। ग्रामीणों का आरोप था कि प्रभारी हेडमास्टर चूंकि दूसरे धर्म से आते हैं इस कारण उन्होंने स्कूल में पूजा नहीं करवाया। गंडा गांव के ग्रामीणों ने हेडमास्टर अली हुसैन पर कार्रवाई की मांग किया हैं। 

मौके पर पहुंचे अंचलाधिकारी सुमित कुमार आशीष ने कहा कि स्कूल प्रबंधन द्वारा पूजा नहीं कराए जाने की सूचना पर वे लोग पहुंचे और पूजा अर्चना कराई गई। पहली प्राथमिकता के रूप में मां की प्रतिमा को पूजा की पूजा की गयी है। इस मामले को शिक्षा विभाग के पदाधिकारी और जिलाधिकारी के संज्ञान में दिया जाएगा और जो उचित कार्रवाई की जाएगी।

जवाहर नवोदय विद्यालय में पेड़ से झूलता मिला 11वीं कक्षा के छात्र का शव, जांच में जुटी पुलिस

गिरिडीह (Giridih)। जिले के गांडेय थाना क्षेत्र स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर में पेड़ से झूलता मिला एक छात्र का शव। मृतक छात्र की पहचान जिले के धनवार थाना क्षेत्र के भरोना गांव निवासी राम कुमार यादव के रूप में की गई। वह जवाहर नवोदय विद्यालय में 11वीं कक्षा का छात्र था। स्कूल परिसर में ही स्कूली छात्र का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

 
 बता दें कि गुरुवार की सुबह गांडेय के लोगों को खबर मिली कि 11वीं कक्षा का एक छात्र राम कुमार यादव का शव पेड़ से झूल रहा है। खबर सुन आसपास के लोग काफी संख्या ने स्कूल पहुंचे। वहीं स्कूल के प्रिंसिपल ने गांडेय थाना को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही गांडेय थाना की पुलिस स्कूल पहुंची और मृतक किशोर के शव को फंदे से निकाल अपनी अभिरक्षा में लेकर मामले की तफ्तीश में जुट गई। आशंका जाहिर की जा रही है कि छात्र ने खुदकुशी की है। हालांकि खुदकुशी के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। 


गौरतलब है कि जवाहर नवोदय विद्यालय में रैगिंग के कारण छात्रों के बीच अक्सर विवाद होता रहा है। हाल के दिनों में छात्रों के बीच मारपीट की घटनाएं भी हुई है। वहीं इस घटना को लेकर चर्चा आम है कि छात्र रामकुमार यादव की हत्या उसके स्कूली छात्रों ने ही की है।

 
हालांकि गांडेय थाना प्रभारी आनंद सिंह ने इस मामले में बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। जांच पड़ताल के दौरान पुलिस को मृतक छात्र राजकुमार यादव के शरीर में किसी प्रकार की कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच पड़ताल करने में जुटी है।  वहीं पुलिस ने मृतक किशोर के शव को पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है।

आज का राशिफल, कैसा रहेगा आज का दिन, क्या कहता है आपकी राशिफल, जानिए

आज का राशिफल ::06 :: 02 :: 2025 गुरुवार

06 फरवरी 2025 :  आज पवित्र माघ माह की शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि और दिन गुरुवार  है। आज ब्रह्मा योग और रवि योग का संयोग बन रहा है। वहीं आज चंद्रमा वृषभ राशि में ही मौजूद हैं। आज गुरुवार के दिन अभिजीत मुहूर्त दोपहर 12 बजकर 10 मिनट से लेकर दोपहर 12 बजकर 53 मिनट तक है।  आज आप गुरुवार का व्रत रख सकते हैं। यह व्रत भगवान विष्णु को समर्पित है।  श्री भगवान विष्णु जी की उपासना करें। चने की दाल का दान करें। आज का व्रत विष्णु जी व लक्ष्मी जी को समर्पित बहुत ही पुण्यदायी होता है। श्री विष्णुसहस्रनाम का पाठ करें। धार्मिक पुस्तकों, तिल व चावल का दान करें। माता गंगा की उपासना करें। पीपल के वृक्ष के तले बैठकर सुंदरकांड के पाठ से सभी मनोरथ पूर्ण होते हैं। भगवान कृष्ण जी के नाम का मानसिक जप करें। आज गंगा या किसी पवित्र नदी में स्नान व दान पुण्य करें। तिल के लड्डू व काले ऊनी वस्त्रों का दान बहुत ही पुण्यदायी होता है, इससे कष्ट समाप्त व धन आगमन तथा शुभता का आगमन होता है, पुण्य की प्राप्ति होती है। इस समय नित्य गंगा स्नान करने से मनोवांछित फल मिलते हैं तथा सभी पाप नष्ट होते हैं व आपका आध्यात्मिक मार्ग प्रशस्त होता है। नदी के तट पर ही पार्थिव का शिवलिंग बनाकर रूद्राभिषेक करें। मधु, तिल, बेल पत्र व गंगा जल शिवलिंग को अर्पित करें। आध्यात्मिक सतसंग का आनन्द लें। आज किसी शिव मंदिर परिसर में पीपल का पेड़ लगाएं। 




आज का पंचांग: 06 फरवरी 2025, गुरुवार, 
विक्रम सम्वत : 2081, शाका : 1946, मास : माघ, पक्ष : शुक्ल पक्ष, तिथि : नवमी तिथि 10:53 PM तक उपरांत दशमी, ऋतु : शिशिर, नक्षत्र : कृत्तिका 07:29 PM तक उपरांत रोहिणी, सूर्योदय : 07:08 AM प्रातः, सूर्यास्त : 06: 13 PM सायं, राहुकाल : 02:04 PM से 03:27 PM तक, चन्द्रमा : वृषभ राशि पर संचार करेगा। 
व्रत-त्यौहार : गुप्त नवरात्रि का नौवां दिन, महानन्दा नवमी



आज :: 06:: 02 :: 2025 का राशिफल


मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
मेष राशि वालों के लिए आज का दिन आय के स्रोत बढ़ाने वाला रहेगा। दिखावे के चक्कर में न पड़ें। आपको नई नौकरी का ऑफर मिल सकता है। अगर आप अपने भाई से कोई मदद मांगेंगे तो वह आपकी मदद के लिए आगे आएंगे। अपनी जरूरत के हिसाब से काम को आगे बढ़ाएं। आपको अनावश्यक यात्राओं से बचना होगा। आपकी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बढ़ेंगी। आप परिवार में बड़ों की सेवा के लिए समय निकालेंगे। भाग्यशाली अंकः 9, भाग्यशाली रंगः पीला


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
वृष राशि वालों के लिए दिन सुखद रहने वाला है। आपके करियर में अच्छी उछाल देखने को मिलेगी। अगर आप अपने काम की योजना बनाएंगे तो आपके लिए बेहतर रहेगा। आप दोस्तों के साथ मौज-मस्ती में कुछ समय बिताएंगे। पिता की कोई बात आपको बुरी लग सकती है। संतान पक्ष से आपको कोई अच्छी खबर सुनने को मिल सकती है। आपके कुछ नए प्रयास फलीभूत होंगे। भाग्यशाली अंक: 4, भाग्यशाली रंगः केसरिया


मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
मिथुन राशि वालों के लिए दिन ऊर्जावान रहने वाला है। नौकरी में काम ज्यादा होने के कारण आप अपने जूनियर से मदद ले सकते हैं। आप अपनी जरूरतों की खरीदारी पर खूब पैसा खर्च करेंगे। पिता के स्वास्थ्य में गिरावट के कारण आपकी परेशानियां बढ़ेंगी। आपको बेवजह के विवादों में पड़ने से बचना होगा। कुछ नए लोगों से आपकी जान-पहचान बढ़ेगी। घूमते-फिरते आपको कोई महत्वपूर्ण जानकारी मिलेगी। भाग्यशाली अंक: 9,भाग्यशाली रंगः सफेद



कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
कर्क राशि वालों के लिए आज का दिन पदोन्नति का दिन रहेगा। आप अपने दोस्तों के साथ काम पर चर्चा कर सकते हैं। आप किसी धार्मिक आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। अगर आपका अपनी संतान से कोई विवाद चल रहा था, तो वह भी सुलझ जाएगा। छात्रों को छात्रवृत्ति मिलने की संभावना है। काम से आपको नई पहचान मिलेगी। भाग्यशाली अंक: 4, भाग्यशाली रंगः नीला


सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
सिंह राशि वालों के लिए आज का दिन जिम्मेदारियों से भरा रहने वाला है। युवाओं पर काम का बोझ ज्यादा रहेगा। मार्केटिंग से जुड़े लोगों को पहचान मिलेगी। आप अपने व्यापार में कुछ नए उपकरण शामिल करेंगे। आपकी पुरानी गलती सामने आ सकती है। आप बेवजह पैसों को लेकर परेशान रहेंगे। लंबे समय के बाद किसी पुराने दोस्त से मुलाकात होगी। आपको लापरवाही करने से बचना होगा। भाग्यशाली अंक: 3, भाग्यशाली रंगः काला 


कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
कन्या राशि वालों के लिए आज का दिन मिला-जुला रहने वाला है। आपके खर्चों में अचानक वृद्धि होने से आपकी परेशानियां बढ़ेंगी। आपको किसी बात की चिंता करने की जरूरत नहीं है। भाई-बहन के साथ रिश्तों में चल रही अनबन दूर होगी। सामाजिक कार्यक्रमों में आप बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। आपको अपनी मेहनत का पूरा फल मिलेगा। कोई नया काम करना आपके लिए अच्छा रहेगा। भाग्यशाली अंक: 2,भाग्यशाली रंगः हरा



तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
तुला राशि वालों के लिए आज का दिन मध्यम फलदायी रहने वाला है। अपना खाली समय इधर-उधर बैठकर न गवाएं। आपको अपने निजी रिश्तों पर पूरा ध्यान देना होगा। वाणी की सौम्यता बनाए रखें। काम के सिलसिले में आपको कहीं बाहर जाना पड़ सकता है, जिससे आपकी चिंताएं बढ़ेंगी और आप अपने ससुराल पक्ष से किसी की मदद के लिए आगे आएंगे। आपको अपने जीवनसाथी के साथ बेहतर संबंध बनाए रखने होंगे। भाग्यशाली अंक: 5, भाग्यशाली रंगः गुलाबी


वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
 वृश्चिक राशि वालों के लिए आज का दिन बेहतरीन रहने वाला है। आपकी कोई डील फाइनल होने वाली हो सकती है। आपको कुछ नए लोगों से मार्गदर्शन मिलेगा। आप परिवार के लोगों के साथ समय बिताएंगे, जिससे आपको उनके बीच चल रही समस्याओं को सुलझाने का मौका भी मिलेगा। आप नए घर में शिफ्ट हो सकते हैं। संतान के कहने पर आप नया वाहन ला सकते हैं। किसी की बात न मानें। भाग्यशाली अंकः 6, भाग्यशाली रंगः हरा
 


धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
धनु राशि वालों के लिए आज का दिन अनुकूल रहने वाला है। कामकाज को लेकर आप काफी भागदौड़ करेंगे। परिवार में बड़ों से आपको पूरा सम्मान मिलेगा। मौसम का आपके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। आप पर जिम्मेदारियां अधिक रहेंगी। मन में चल रही परेशानियों के बारे में आप अपने पिता से बात कर सकते हैं। भाग्यशाली अंक: 9,भाग्यशाली रंगः केसरिया



मकर🐊(भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
मकर राशि वालों के लिए आज का दिन अनुकूल रहने वाला है। नौकरीपेशा लोगों को कोई नया प्रस्ताव मिल सकता है। व्यापार में उतार-चढ़ाव के कारण आप परेशान रहेंगे। आपको अपने कीमती सामान की सुरक्षा करनी चाहिए। अगर आपको आंखों से संबंधित कोई समस्या है तो उसमें बिल्कुल भी ढील न दें, अन्यथा बाद में यह बढ़ सकती है। कुछ नए लोगों से मेलजोल बढ़ाने की कोशिश में आप सफल होंगे।
भाग्यशाली अंकः 1, भाग्यशाली रंगः सुनहरा



कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा) 
कुंभ राशि वालों का अगर कोई काम लंबे समय से रुका हुआ था तो वह पूरा हो सकता है। कार्यक्षेत्र में आपको अपने बॉस की किसी गलत बात को मानने से बचना होगा। संतान पक्ष से कोई शुभ समाचार सुनने को मिलेगा। आप अपने पारिवारिक समस्याओं को मिल बैठकर सुलझाने का प्रयास करेंगे। कुछ नया करने का आपका प्रयास रंग लाएगा। आपको अपनी ऊर्जा सही काम में लगानी चाहिए, तभी आप उसका लाभ उठा पाएंगे। भाग्यशाली अंक: 2, भाग्यशाली रंगः गुलाबी


मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
मीन राशि वालों के लिए आज का दिन सामान्य रहने वाला है। आपको अपनी मेहनत का पूरा फल मिलेगा। मन में प्रेम और सहयोग की भावना बनी रहेगी। आप किसी व्यापारिक काम से यात्रा पर जा सकते हैं। अगर आपने किसी से पैसा उधार लिया था तो उसे चुकाने के लिए भी आप भरपूर प्रयास करेंगे। भाई-बहनों से चल रहा विवाद बातचीत से सुलझ जाएगा। आपको एकजुट होकर पढ़ाई पर ध्यान देना होगा। भाग्यशाली अंक: 8,भाग्यशाली रंगः पीला


 
कृपया ध्यान दें👉 

      यद्यपि शुद्ध राशिफल की पूरी कोशिश रही है फिर भी इन राशिफलों में और आपकी कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर आपके जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।


        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷