शुक्रवार, 20 दिसंबर 2024

पारा मेडिकल परीक्षा में सफलता हासिल की छात्राओं को विधायक डॉ मंजू के हाथों किया गया सम्मानित

गिरिडीह(GIRIDIH)। जिले के जमुआ प्रखंड के हरला दुम्मा रोड में स्थित विद्याकुलम ट्यूटोरियल्स में शुक्रवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि जमुआ विधायक डॉ मंजू कुमारी शामिल हुई।

सम्मान समारोह कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ मंजू ने विद्याकुलम ट्यूटोरियल की दो छात्राओं जमुआ प्रखंड के दुम्मा और बाटी की निवासी क्रमशः ज्योति भारती और नीलम भारती को एप्रोन पहना और पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया गया। बता दें कि इन दोनों छात्राओं ने इंटर की पढ़ाई विद्याकुलम ट्यूटोरियल से किया। दोनों ही मध्यम वर्गीय परिवार से सम्बंध रखती है और अपनी मेहनत के दम पर दोनों ने पारा मेडिकल परीक्षा में सफलता हासिल की और अब दोनों का नामांकन पारा मेडिकल कॉलेज रिम्स में  हुआ है। मौके पर विधायक ने दोनों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं कार्यक्रम के दौरान कई शिक्षकों व छात्र छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।



मौके पर आयोजित सभा को सम्बोधित करते हुए जमुआ विधायक डॉ मंजू कुमारी ने कहा कि जमुआ में पहले इस तरह के संस्थान का घोर अभाव था। लेकिन अब इस तरह के संस्थान जमुआ में स्थापित होने से अब यहां के छात्र छात्राओं को कहीं बाहर जाकर उच्च शिक्षा ग्रहण नही करनी पड़ती है। उन्होंने संस्थान के संचालक को साधुवाद दी।

इस कार्यक्रम में निदेशक मंजूषा कुमारी समेत सभी शिक्षक शिक्षिकाएं व अध्ययनरत छात्र छात्राओं के अलावे जमुआ के वरिष्ठ पत्रकार सुधीर सिन्हा, शिक्षक दीपक कुमार, रामलखन यादव, शिवशंकर यादव, प्रदीप अकेला, बैजनाथ मण्डल आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

फिर विवादों में घिरी पचम्बा पुलिस, पचम्बा पुलिस पर लगा बर्बरता का आरोप

गिरिडीह(GIRIDIH)। पचम्बा थाना की पुलिस एक बार फिर विवादों में घिर गई है। इस बार पचम्बा पुलिस पर बर्बरता का आरोप लगा है। बता दें कि पचम्बा थाना की पुलिस ने चोरी की बाइक रखने के आरोप में थाना क्षेत्र के करहरबारी निवासी प्रेम कुमार पासवान नामक एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। लेकिन पुलिस कस्टडी में युवक की इस हद तक तबियत बिगड़ गयी और उसे इलाज हेतु सदर अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। लेकिन युवक की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ और अंततः सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने उस युवक को  बेहतर इलाज हेतु रांची रेफर कर दिया।


पुलिस कस्टडी में युवक तबियत बिगड़ने पर परिजनों का आरोप है कि थाने में उसके साथ बर्बरता पूर्वक मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर हालत में उसे गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।  हालांकि पचम्बा पुलिस ने युवक के साथ मारपीट के आरोप को पूरी तरह से गलत बता रही है।


पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने मारपीट के आरोप को पूरी तरह से खारिज करते हुए इसेवबेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि प्रेम को हिरासत में लेने के बाद उसकी बहन के समक्ष ही उससे पूछताछ हुई है। पूछताछ के दौरान ही प्रेम को मिर्गी का दौरा पड़ा, और उसे इलाज हेतु सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में भर्ती करवाने के बाद लगातार निगरानी रखी गई। 


थाना प्रभारी ने मारपीट के आरोप को झूठा बताते हुए उल्टा युवक के परिजनों पर पुलिस का वाहन घेरने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जब पुलिस प्रेम को पकड़ने गई तो उन लोगों ने ही पुलिस के वाहन को ही घेर लिया था। बहरहाल मामले की गम्भीरता को देखते हुए विभाग के वरीय अधिकारियों ने इसमे हस्तक्षेप करते हुए इलाजरत युवक के परिजनों को मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।

मजदूर नेता,शिक्षाविद व मानवाधिकार कार्यकर्ता स्वर्गीय रामचंद्र मिश्रा की मनायी गयी 13वीं पुण्यतिथि

गिरिडीह (GIRIDIH)। राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ (इंटक) के बैनर तले मजदूर नेता, शिक्षाविद, मानवाधिकार कार्यकर्ता स्वर्गीय रामचंद्र मिश्रा की 13वी पुण्यतिथि सीसीएल के ओपन कास्ट खदान के पास खेल मैदान में मनाई गई। कार्यक्रम का संचालन असंगठित इंटक के अध्यक्ष सह पंचायत समिति सदस्य मनोज दास ने एवं अध्यक्षता राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ के उपाध्यक्ष रमेश कुमार झा ने की। कार्यक्रम का शुभारम्भ स्वर्गीय रामचंद्र मिश्रा के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देकर किया गया।

मौके पर असंगठित इंटक के अध्यक्ष सह पंचायत समिति सदस्य मनोज दास ने स्वर्गीय मिश्र के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने श्रमिक राजनीति की शुरुआत राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ के संस्थापक पूर्व मुख्यमंत्री बिंदेश्वरी दुबे के संसर्ग में आकर किये थे। बाद में इंटक की माइका यूनियन को उन्होंने काफी आगे बढ़ाया था। वहीं रमेश झा उर्फ रामू झा ने बताया कि जब स्वर्गीय बिंदेश्वरी दुबे मुख्यमंत्री थे तब श्री मिश्र ने उनके सहयोग से चिलगा समेत सुदूरवर्ती इलाकों में स्कूल खुलवाया था। उन्होंने जेल के कैदियों के बीच भी शिक्षा का अलख जगाने का कार्य किया था। 

जबकि कांग्रेस पार्टी के प्रदेश सचिव सह युवा इंटक के प्रदेश अध्यक्ष ऋषिकेश मिश्रा ने कहा कि स्वर्गीय मिश्र ने पारा शिक्षक के साथ संकुल साधन सेवी एवं प्रखंड साधन सेवी की लड़ाई भी सर्व शिक्षा अभियान में लड़ी थी। उन्होंने बीआरपी, सीआरपी महासंघ का गठन किया था। कहा कि स्वर्गीय मिश्र ने पूर्व सांसद स्वर्गीय चप्पलेंदु भट्टाचार्य के संसर्ग में आकर युवा कांग्रेस की राजनीति में भाग लिया था। उन्होंने स्वर्गीय मिश्र की तरह इमानदारी की राह पर चलने और मजदूरों के लिए लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ के उपाध्यक्ष मोहम्मद अख्तर, राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ के  सुरेश राय, पवन ठाकुर, फिरोज अंसारी, फैयाज अंसारी, सुरेश तूरी, अशोक दास, मुकेश दास, धनराज दास, राहुल राय, दिलीप राणा, प्रकाश दास आदि लोग मौजूद थे।

डुमरी में खलिहान में सो रहे माँ बेटे की जलकर हुई दर्दनाक मौत

विधायक जयराम महतो ने प्रशासन से मृतक के परिजन को 4- 4 लाख की मुआवजा राशि और खलिहान में हुए नुकसान की क्षतिपूर्ती करने को कहा

गिरिडीह (GIRIDIH)। जिले के डुमरी प्रखंड क्षेत्र छछन्दो पंचायत अंतर्गत जोभी गांव के जिलिमटांड में हृदय विदारक घटना घटी है। घटना में मां और बेटे की एक साथ मौत हो गई है।


घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि गुरुवार की रात जिलिमटांड़ निवासी सोमरा मुर्मू की पत्नी नूनिया देवी अपने 12 वर्षीय पुत्र बाबूचंद मुर्मू के साथ खलिहान में बने कुंभे में सो रही थी। इसके पूर्व काफी ठंड होने के कारण उन्होंने खलिहान में लकड़ी का एक बूटा में आग लगा आग तापा और सो गये। देर रात गये लकड़ी में लगी आग धीरे धीरे सुलग गई और खलिहान में रखे पुआल में पकड़ ली। देखते ही देखते  पूरे खलिहान में आग की लपटे फैल गई और उस स्थान तक जा पहुंची जहां मां और बेटे सोए हुए थे। आग इतनी भयावह थी कि कुंभे में सोये दोनों माँ बेटे की जलकर मौत हो गयी।

मृतका नूनिया देवी के पति सोमरा मुर्मू ने बताया कि जब उन्हें घटना की जानकारी मिली तो उन्हें पहले गांव के लोगों को और फिर पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जन्ननाथ पाल सदल बल मौके पर पहुंचे और दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया।


 थाना प्रभारी ने बताया कि जानकारी मिली है कि मां और बेटा दोनो खलिहान में बने कुम्भे में सोने गए थे। खलिहान में उन्होंने एक लकड़ी के बोटा में आग लगाई थी। उसी लकड़ी के कारण पूरे खलिहान ने आग लगी और जलने से दोनों की मौत हुई है। कहा कि आगे जांच की जा रही है।


इधर घटना की सूचना मिलते ही डुमरी विधायक जयराम महतो गांव पहुंच मृतक के परिजनों से मुलाकात की और ढांढस बंधाया। विधायक जयराम ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों से मृतक के परिजनों को चार - चार लाख का मुआवजा राशि देने और खलिहान में हुए क्षतिपूर्ति की भी भरपाई करने को कहा।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष पर दर्ज केस के विरोध में प्रदर्शन

गिरिडीह (GIRIDIH)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिका अर्जुन खरगे तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर दर्ज मुकदमे के विरोध में शुक्रवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने शहर के जेपी  चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ता केंद्रीय गृह मंत्री के खिलाफ  'इस्तीफा दो- इस्तीफा दो' के नारे  लगाते रहे।  

इस दौरान भारत रत्न डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के बारे में गृहमंत्री द्वारा आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी के खिलाफ प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कांग्रेसी भाजपा के हर मुकाबले को तैयार है। केंद्र सरकार बौखलाहट में तानाशाही पर उतर आई है।  कहा कि संसद में भाजपा सांसदों द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़के और विपक्ष के नेता राहुल गांधी और अन्य सांसदों के साथ दुर्व्यवहार करके नीचता का परिचय दिया हैं। हताशा में उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज की है। भाजपा की यह कार्रवाई न केवल व्यक्तिगत नेताओं पर बल्कि देश के लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला है। कांग्रेस पार्टी लगातार विरोध प्रदर्शन करते रहेगी, जब तक गृह मंत्री माफी और इस्तीफा नहीं देंगे। कहा कि यह गृह मंत्री द्वारा भीमराव अंबेडकर के बारे में बेहद आपतजनिक टिप्पणी से ध्यान हटाने का भाजपा का प्रयास है।

कार्यक्रम मे कार्यकारी जिला अध्यक्ष सतीश केडिया, नरेश वर्मा, ऋषिकेश मिश्रा, अशोक विश्वकर्मा,  साबिर आलम,  वरुण कुमार सिंह, पोरेशनाथ मित्रा,मदन लाल विश्वकर्मा, योगेश्वर महत्ता, मंजूर अंसारी, दिनेश विश्वकर्मा, सीताराम पासवान, नरेश पाठक, मोतीलाल शास्त्री, सिकंदर, गुलाम, राजेश तुरी, इरफान, सुलेमान अख्तर, पंकज सागर सहित कई लोग मौजूद थे।

अंबेडकर के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के विरुद्घ झामुमो किया गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन

अंबेडकर पर अपमानजनक टिप्पणी भाजपा के सामंतवादी सोच का परिचायक : संजय सिंह


गिरिडीह (GIRIDIH(।  झारखंड मुक्ति मोर्चा ने शुक्रवार को बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के संदर्भ में गृह मंत्री अमित शाह द्वारा की गई अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में जेपी चौक पर पुतला दहन किया। इसके पूर्व पार्टी कार्यालय से जुलूस के शक्ल में निकले पार्टी कार्यकर्ताओं ने गृह मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी किया। इस दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा ने गृह मंत्री से इस्तीफा की मांग की 

वहीं गगनभेदी नारे के बीच जेपी चौक पर गृह मंत्री का पुतला दहन करने के बाद सभा को संबोधित करते हुए झामुमो जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि अंबेडकर पर गृहमंत्री द्वारा की गई अपमानजनक टिप्पणी भाजपा के सामंतवादी सोच का परिचायक है। गृह मंत्री की टिप्पणी ने बाबा साहेब अंबेडकर समर्थकों के दिलों को आहत किया है। इसकी जितनी भी निंदा की जाय कम होगी। उन्होंने देश के आम जनों से दलित व किसानों से नफरत करने वालों का बहिष्कार करने की अपील की।

कहा कि अमित शाह की टिप्पणी देश व समाज को बांटने का काम करेगी। कहा कि झारखंड के विधानसभा चुनाव में भी भाजपाइयों की सोच और बोल ने समाज को बांटने का प्रयास किया, पर यहां के मतदाताओं ने भाजपा को करारा जवाब दिया। सिंह ने कहा कि ऐसे लोगों का सामाजिक बहिष्कार होना चाहिए। 

इस पुतला दहन कार्यक्रम में कृष्ण मुरारी शर्मा, शाहनवाज अंसारी, दिलीप रजक, राकेश रंजन, राकेश सिंह रॉकी, सुमन सिन्हा, अभय सिंह सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद थे।

तिसरी के पाटलावती अल्ट्रासाउंड को सिविल सर्जन ने किया सील

डॉक्टर की अनुपस्थिति में किया जा रहा था अल्ट्रासाउंड

अल्ट्रासाउंड मशीन, लैपटॉप, मोबाइल, की-बोर्ड और व्हीलचेयर किया गया जब्त

गिरिडीह। सिविल सर्जन डॉ एसपी मिश्रा ने नियम विरुद्ध कार्य करने पर तिसरी के पाटलावती अल्ट्रासाउंड को शुक्रवार को सील कर दिया है। गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखण्ड के संत मेरिस विद्यालय के समीप संचालित पाटलावती अल्ट्रासाउंड एवं डायग्नोस्टिक सेंटर की जांच करने शुक्रवार को सिविल सर्जन एसपी मिश्रा पहुंचे थे। 

इस दौरान चिकित्सक की अनुपस्थिति में कलावती देवी नामक एक महिला का अल्ट्रासाउंड किया जा रहा था। सिविल सर्जन को देख अल्ट्रासाउंड करने वाला शख्स अपना मोबाइल फोन वहीं छोड़ फरार हो गया। जिसके बाद सिविल सर्जन के आदेश पर पाटलावती अल्ट्रासाउंड को सील किया गया। साथ ही अल्ट्रासाउंड मशीन, लैपटॉप, मोबाइल, की-बोर्ड और व्हीलचेयर को जब्त किया गया। जिसमें लैपटॉप और मोबाइल विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया।

इस संबंध में सिविल सर्जन एसपी मिश्रा ने बताया कि पाटलावती अल्ट्रासाउंड एवं डायग्नोस्टिक सेंटर का लाइसेंस है। जांच के क्रम में नियमों का उल्लंघन कर बगैर विशेष चिकित्सक के अल्ट्रासाउंड करने की बात सामने आई। साथ ही अल्ट्रासाउंड रूम में एसी भी नहीं लगाया गया है, जो रूल का वायलेशन भी है।

कार्रवाई के दौरान सिविल सर्जन के साथ तिसरी के प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी डॉ.देवव्रत, प्रवीण कुमार,एएसआई कोलेश्वर राम, प्रशांत कुमार, मनीष कुमार आदि शामिल थे।

गिरिडीह पुलिस ने एक बार फिर तीन शातिर साइबर अपराधियों को किया गिरफ्तार

बैंक अधिकारी बन एवं कोरोना का टीका लगवाने के एवज में सरकारी अनुदान दिलाने का झांसा दे करते थे ठगी

गिरिडीह। साइबर थाना की पुलिस ने बेगाबाद थाना क्षेत्र के खंडोली मोड़ पर कार्रवाई करते हुए तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों में गांडेय थाना क्षेत्र के पंदनाटाड़ निवासी साहिल अंसारी (19 वर्ष) एवं नजमुल अंसारी (23 वर्ष) के अलावे बेंगाबाद थाना क्षेत्र पुर्री निवासीप्रमोद यादव (30 वर्ष) शामिल हैं। इनके पास से पुलिस ने 7 मोबाइल फोन, चार सिम कार्ड एवं एक बाइक भी बरामद किया है। उक्त जानकारी शुक्रवार को साइबर डीएसपी आबिद खान ने अपने कार्यालय कक्ष में पत्रकार वार्ता कर दी।

उन्होंने बताया कि एसपी गिरिडीह को प्रतिबिम्ब पोर्टल के माध्यम से यह सूचना मिली कि खंडोली मोड़ के समीप कुछ साइबर अपराधी साइबर क्राइम की घटना को अंजाम दे रहे हैं। उक्त सूचना पर एसपी ने एक टीम गठित कर इस मामले में कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साइबर डीएसपी आबिद खान के नेतृत्व में गठित इस टीम में साइबर थाना प्रभारी अजय कुमार, पुअनि पुनीत कुमार गौतम, गुंजन कुमार, सअनि गजेंद्र कुमार आरक्षी कुमार समेत सशस्त्र बल के जवान छापेमारी कर तीनों को अपराध करते धर दबोचा।


उन्होंने बताया कि गिरफ्तार साइबर अपराधी खुद को बैंक अधिकारी बताकर KYC अपडेट के नाम पर APK फाइल भेजते और बैंक खाते की जानकारी चुराकर ठगी करते थे। इसके अलावा कोरोना का टीका लगवाने के एवज में ₹10 हजार की सरकारी सहायता का झांसा देकर भी लोगों को ठगते थे। उनके विरुद्ध कांड संख्या 44/2024 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है।

रात होते ही लड़की बन दोनों दोस्त देते थे भयानक घटना को अंजाम

राजस्थान (RAJSTHAN)। जयपुर के करणी विहार थाना पुलिस ने ट्रक चालक से लूट मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अशोक उर्फ   अन्नू सैनी (24) और पूजा (25) शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई 40 हजार रुपये नकदी भी बरामद की है। 

किन्नर का वेश धारण कर दिया घटना को अंजाम 

अशोक हिजड़े का वेश धारण कर हाईवे और बाईपास पर खड़े ट्रकों पर जबरन पूजा-अर्चना करने के बहाने चढ़ जाता था और लूट पाट की घटना को अंजाम देता था। इतना ही नहीं दोनों रात में युवतियों का वेश धारण कर हाईवे पर ट्रक चालकों से लिफ्ट लेती थीं। जैसे ही ट्रक चालक ट्रक रोकता, वे ट्रक में घुस जाते, अपराध करते, मारपीट करते, लूटपाट करते और फिर भाग जाते।


मध्य प्रदेश में रहकर राजस्थान में करते थे लूटपाट 

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ट्रक चालक महेंद्र सोदिया ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि 16 दिसंबर 2024 की रात 200 फीट बाईपास पर दो किन्नर जबरन उसकी कार में घुस आए। उन्होंने ड्राइवर पर हमला किया और 41,600 रुपये नकद, उसका मोबाइल फोन, पर्स और पहचान पत्र छीन लिया। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायत दर्ज होने के बाद जयपुर पश्चिम पुलिस उपायुक्त अमित कुमार के निर्देशन में एक टीम गठित की गई। 

इस टीम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल, सहायक पुलिस आयुक्त आलोक गौतम और पुलिस क्षेत्राधिकारी गजेंद्र सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरधारीपुरा इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 40 हजार रुपए बरामद किए हैं। दोनों को धारा 307 व अन्य संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस उनसे अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है।

केमिकल टैंकर में भीषण ब्लास्ट, 5 लोग जिंदा जले, दर्जनाधिक झुलसे, 40 गाड़ियों में लगी आग

CNG से भरे ट्रक ने केमिकल भरे टैंकर को टक्कर मारने से हुआ हादसा

घटना पर मुख्यमंत्री भजनलाल ने जताया दुख

राजस्थान (RAJSTHAN)। जयपुर में आज सुबह करीब 5 बजे भीषण हादसा हुआ। एक CNG से भरे ट्रक ने केमिकल से भरे टैंकर में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों वाहनों में धमाका हो गया और आग भड़क गई। आस-पास की गाड़ियां भी आग की चपेट में आ गई, जिससे आग में जलकर 5 लोग मारे गए और 15 से ज्यादा लोग बुरी तरह झुलस गए। हादसे की चपेट में 20 से ज्यादा गाड़ियां आईं।इनमें एक बस भी शामिल थी, जिसकी सवारियों ने समय रहते उतरकर अपनी जान बचाई। एक फैक्ट्री ने भी आग पकड़ ली, जिसमें जलकर वह राख हो गई। हादसे के कारण अजमेर हाईवे से आवाजाही बंद कर दी गई है।फायर ब्रिगेड कर्मियों ने सिविल डिफेंस पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से हादसाग्रस्त गाड़ियों से लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। मुख्यमंत्री भजन लाल हादसाग्रस्त लोगों से मिलने अस्पताल पहुंचे।

स्कूल के बाहर पेट्रोल पंप के सामने हुआ हादसा
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हादसा दिल्ली पब्लिक स्कूल के सामने बने पेट्रोल पंप के बाहर हुआ। टैंकर में ब्लास्ट के कारण उसमें भरा केमिकल सड़क पर बिखर गया, जिसमें लगी आग ने गाड़ियों को अपनी चपेट में लिया।टैंकर के पीछे-पीछे आ रही स्लीपर बस भी जल गई है। हाईवे किनारे बनी फैक्ट्री की पाइप ने भी आग पकड़ ली, जिससे फैक्ट्री जल गई। घायलों का उपचार जयपुर के सवाई मानसिंह हॉस्पिटल में चल रहा है।30 से ज्यादा एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और राज्यभर की पुलिस टीमें मौके पर मौजूद हैं। पुलिस विभाग के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। हादसास्थल पर केमिकल और CNG की दुर्गंध के कारण रेस्क्यू करने में परेशानी आई।

वहीं आग के कारण आसमान में काले धुएं का गुबार फैल गया है, जिस कारण आम लोगों को भी सांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन झेलनी पड़ी। गनीमत रही कि आग की चपेट में पेट्रोल पंप नहीं आया।


सीएम भजनलाल ने घटना पर जताया दुख
वहीं इस हादसे पर सीएम भजनलाल शर्मा ने दुख जताया है. उन्होंने X पर लिखा, “जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गैस टैंकर में आग लगने की घटना में नागरिकों के हताहत होने का दुःखद समाचार सुनकर मन अत्यंत व्यथित है. घटना की सूचना मिलते ही एसएमएस अस्पताल जाकर चिकित्सकों को तत्काल आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं घायलों की समुचित देखभाल हेतु निर्देशित किया. प्रशासन द्वारा बचाव कार्य निरंतर जारी है।
स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन सेवाएं पूरी तत्परता से कार्यरत हैं. प्रभु से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने परम धाम में स्थान, शोक संतप्त परिवारजनों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति व घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें.”

'सियासी युद्ध' में तब्दील हुआ केंद्र सरकार से झारखंड की 1.36 लाख करोड़ की दावेदारी

रांची। कोयले की रॉयल्टी और खदानों की जमीन के मुआवजे के रूप में केंद्र सरकार पर झारखंड की 1.36 लाख करोड़ की दावेदारी अब 'सियासी युद्ध' में तब्दील हो गई है. इसे लेकर पिछले चार दिनों से पक्ष-विपक्ष के बीच बयानों के तीर चल रहे हैं.राज्य के सीएम हेमंत सोरेन और झारखंड के पूर्व सीएम एवं बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी भी सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के आमने-सामने आ गए हैं.

इस विवाद ने तब जोर पकड़ा, जब 16 दिसंबर को बिहार के पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने केंद्र के पास झारखंड की बकाया राशि को लेकर सवाल उठाया. उन्होंने पूछा था कि केंद्र सरकार कोयले से अर्जित राजस्व में झारखंड की हिस्सेदारी 1 लाख 41 हजार करोड़ की राशि क्यों नहीं दे रही है? इस पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी का लिखित जवाब आया कि कोयले से अर्जित राजस्व के रूप में झारखंड का कोई बकाया नहीं है.सीएम हेमंत सोरेन ने 17 दिसंबर को इस मुद्दे को सोशल मीडिया पर उठाया. उन्होंने कहा कि झारखंड की मांग जायज है. राज्य के विकास के लिए यह राशि जरूरी है. उन्होंने झारखंड के बीजेपी सांसदों से झारखंड की इस मांग पर आवाज बुलंद करने की अपील की.


हेमंत सोरेन के इस वक्तव्य पर झारखंड बीजेपी के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, "झामुमो हवा-हवाई बातें कर केंद्र सरकार पर 1.36 लाख करोड़ का बकाया रखने का निराधार और भ्रामक आरोप लगा रहा है. अगर झामुमो के पास इस आंकड़े को लेकर कोई ठोस प्रमाण है, तो वे पूरे दस्तावेज़ और तथ्यों के साथ जनता के सामने रखें. झामुमो को स्पष्ट करना चाहिए कि राशि किस मद की है? कब से लंबित है और किन परिस्थितियों में यह दावा किया जा रहा है?"मरांडी ने हेमंत सोरेन को सीधे तौर पर चुनौती देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, "झूठे आरोपों और गलत आंकड़ों के सहारे केंद्र सरकार पर दोषारोपण करने की बजाय झारखंड की असल समस्याओं पर ध्यान दीजिए. बिना प्रमाण और आधारहीन आरोप लगाकर झारखंड की जनता को भ्रमित करने का यह खेल अब बंद होना चाहिए."

उन्होंने आगे लिखा, "केंद्र सरकार पर अनर्गल आरोप लगाकर आप अपनी विफलताओं को छिपा सकते हैं. जनता को गुमराह करने की राजनीति से झारखंड का भला नहीं होगा. पूरे तथ्य और प्रमाण के साथ शुचिता की राजनीति करना सीखिए."


हेमंत सोरेन ने इस पर बाबूलाल को जवाब दिया, "हम झारखंडियों की मांग हवा-हवाई नहीं है आदरणीय बाबूलाल जी. यह हमारे हक, हमारी मेहनत का पैसा है. झारखंडी हकों का आपका यह विरोध वाकई दुखद है. जब आपको अपने संगठन की पूरी ताकत लगाकर हमारे साथ खड़ा होना था, आप विरोध में खड़े हो गए. खैर, हम अपना हक अवश्य लेंगे, क्योंकि यह पैसा हर एक झारखंडी का हक है."मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक अन्य पोस्ट में लिखा, "झारखंडियों के हक में इस बकाया राशि का एक-एक रुपये का विस्तृत ब्रेकअप केंद्र सरकार को कई बार दिया जा चुका है, फिर भी बीजेपी सरकार द्वारा इसे लगातार नकारना हमारे अधिकारों पर किया जाने वाला एक कुंठित प्रयास है. हम इसे होने नहीं देंगे. झारखंड बीजेपी अगर इस मुद्दे पर हम झारखंडियों के साथ अपनी आवाज बुलंद नहीं करती है तो यह साफ माना जाएगा कि इस हकमारी में उनकी बराबर की सहभागिता है."

बाबूलाल मरांडी ने गुरुवार  को एक बार फिर इसे लेकर हेमंत सोरेन से कई सवाल पूछे. उन्होंने लिखा, "हेमंत सोरेन की सरकार से मेरा सीधा सवाल : यह बकाया किस-किस साल का है और किस योजना-परियोजना का है? 1.36 लाख करोड़ की राशि का आधार क्या है? यूपीए शासनकाल और शिबू सोरेन जी के कोयला मंत्री रहते हुए कितनी राशि वसूली गई थी? पारदर्शिता क्यों नहीं? झारखंड के भ्रष्टाचार से भरे इतिहास को देखते हुए, जनता सब कुछ जानना चाहती है. सही दस्तावेज और तथ्यों को पारदर्शिता के साथ सामने रखें, तब बात करें. जहां भी जरूरत होगी, हम आपके साथ खड़े होंगे. लेकिन, झूठे आंकड़े और फर्जी दावे बर्दाश्त नहीं होंगे."

आज का राशिफल, कैसा होगा आज का दिन, क्या कहता है आपकी राशिफल, जानिए

आज का राशिफल ::20 :: 12 :: 2024, शुक्रवार

आज का पंचांग:: 20 दिसम्बर 2024, शुक्रवार, विक्रमी सम्वत 2081, शाका 1946, पौष मास, कृष्ण पक्ष,, पौष मास की प्रविष्टा 6, दक्षिणायन, दक्षिणगोल, हेमन्त ऋतु, तिथि पंचमी सुबह 10:49 तक तदनन्तर षष्ठी, नक्षत्र मघा, सूर्योदय 7:26am, सूर्यास्त 5:25pm, राहुकाल प्रातः 10:30 से 12:00 तक, कल: गण्डमूल विचार रात्रि 3:47 तक


आज :: 20 :: 12 :: 2024 का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
आज दूसरों के भरोसे बैठकर काम न करें। मन में प्रतिस्पर्धा की भावना रहेगी। सन्तान की शिक्षा पर काफी ध्यान देंगे। सही रणनीति के साथ कार्य करने से आपको लाभ मिलेगा। खर्चों पर नियन्त्रण करने का प्रयास करेंगे। प्रेमीजन के साथ घनिष्ठता का आनन्द लेंगे।


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
जीवनसाथी आपसे कुछ गिफ्ट की अपेक्षा रख सकता है। धन सम्बन्धित मामलों को लेकर थोड़े परेशान हो सकते हैं। सम्पत्ति के मामले अटक सकते हैं। अपनी बातों को लेकर अड़ियल रवैया अपनाने से बचना चाहिये। शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े लोगों को सम्मान प्राप्त होगा। हल्की-फुल्की बीमारियाँ आपको परेशान कर सकती हैं।


मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
विदेश में व्यापार कर रहे लोगों को लाभ मिलेगा। प्रबल इच्छाशक्ति से नये कार्यों को शुरू कर सकते हैं। कार्यक्षेत्र मे अधिकारी आपका उत्साहवर्धन कर सकते हैं। वैवाहिक जीवन का तनाव दूर होगा। नये क्लाइंट्स के साथ आपके सम्बन्ध प्रगाढ़ होंगे। स्वास्थ्य को लेकर परेशानी दूर होगी।


कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
आज खाली समय में संगीत का आनन्द उठा सकते हैं। वरिष्ठ पदों पर बैठे लोग भी आपसे सलाह लेने को उत्सुक रहेंगे। नजदीकी सम्बन्धियों के सहयोग से अभिभूत होंगे। अपनी परेशानियों को दोस्तों के साथ शेयर करें, आपको बहुत अच्छा लगेगा। फाइनेंस से जुड़े लोगों के लिये दिन विशेष रूप से शुभ है।



सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
कार्यक्षेत्र में योग्यता और कुशलता का परिचय देंगे। परिवार में आपसी सहयोग और सौहार्द का माहौल रहेगा। फैशन और फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों को प्रसिद्धि मिलेगी। उच्च पदों पर आसीन लोगों के लिये दिन राहत भरा रहने वाला है। पूर्व में किये गये वादों पर खरे उतरेंगे। घरेलू खर्चों में कमी आयेगी।


कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
माता-पिता के स्वास्थ्य का ध्यान रखें। छात्र पढ़ाई को लेकर लापरवाह न रहें। बॉस आपके स्थानान्तरण को लेकर विचार कर सकते हैं। मन में वैचारिक उथल-पुथल चलती रहेगी। महिलाओं को सोशल मीडिया के उपयोग में सावधानी रखनी चाहिये।


तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
कार्यक्षेत्र में अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे। एसिडिटी जैसी समस्या हो सकती है। अविवाहित लोगों को विवाह के उत्तम प्रस्ताव मिल सकते हैं। व्यापार में आप विस्तार करने का विचार बना सकते हैं। आपके मनोबल में वृद्धि होगी। बड़े भाई-बहनों के साथ अच्छा समय बितायेंगे।


वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
कार्यक्षेत्र में नये तरीकों को अपना सकते हैं। छोटी कारोबारी यात्रा होने के योग बन रहे हैं। वैवाहिक जीवन काफी रोमान्टिक रहेगा। घर का वातावरण बहुत ही अच्छा रहने वाला है। भावनात्मक सम्बन्ध काफी गहरे होंगे। व्यावसायिक रिश्ते काफी मजबूत हो सकते हैं।


धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
आपकी दिनचर्या बेहद सन्तुलित रहेगी। विद्यार्थी अध्ययन के प्रति एकाग्र रहेंगे। पैतृक व्यवसाय में अच्छी सफलता मिलेगी। नये लक्ष्यों को निर्धारित करेंगे और उन्हें साधने की कोशिश करेंगे। घर का वातावरण बहुत ही शान्तिपूर्ण रहेगा।


मकर🐊(भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
आज आपके काम थोड़े मन्द गति से होंगे। शरीर में आलस्य और सुस्ती महसूस हो सकती है। परिवार वालों का पर्याप्त सहयोग नहीं मिलेगा। कोर्ट-कचहरी के मामलों में उलझ सकते हैं। बच्चों की सेहत को लेकर चिन्ता हो सकती है।


कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)
अपनी खुशियों को परिवार वालों के साथ बाँटेंगे। सम्पत्ति के विक्रय को लेकर आ रही बाधा दूर होगी। आपका स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। लोग आपकी सोच और कार्यप्रणाली से काफी सहमत रहेंगे। मन में विचारों की अधिकता रहेगी।


मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
रचनात्मक कार्यों में आपकी विशेष रुचि रहेगी। ज्यादा तले हुये भोजन का सेवन करने से बचें। विपरीत लिंगी जातकों के प्रति आपका व्यवहार काफी अच्छा रहेगा। घर के लिये नयी वस्तुयें खरीद सकते हैं। कारोबार के विस्तार को लेकर आपको बेहतरीन प्रपोज़ल मिल सकते हैं। समय का सार्थक उपयोग करेंगे।


कृपया ध्यान दें👉 

      यद्यपि शुद्ध राशिफल की पूरी कोशिश रही है फिर भी इन राशिफलों में और आपकी कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर आपके जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।

        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷