सोमवार, 15 दिसंबर 2025

सिकदारडीह अंजुमन कमिटी के पदाधिकारियों ने ली बैठक कर मदीना मस्जिद निर्माण करने का निर्णय

गिरिडीह ,(Giridih। सदर प्रखंड के सिकदारडीह में मदीना मस्जिद  निर्माण को लेकर अंजुमन कमिटी के पदाधिकारियों और सदस्यों की एक आवश्यक बैठक मस्जिद निर्माण स्थल में हुई। सोमवार को हुई इस बैठक में झामुमो जिला युवा सचिव फरदीन इम्तियाज अहमद मुख्य रूप से उपस्थित थे।


बैठक के दौरान सर्वसम्मति से सिकदारडीह गांव में लगभग 4 हजार स्क्वायर फीट का एक वृहत मदीना मस्जिद मस्जिद निर्णय करने का लिया गया। साथ ही  निर्माण स्थल की मापी कर, नक्शा बनवा वृहत मस्जिद का स्वरूप दिये जाने का भी निर्णय लिया। 


इस मस्जिद निर्माण में आने वाले खर्च की राशि के लिए बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने स्वैच्छिक अंशदान करने की सहमति जताई। अंजुमन कमिटी के पदाधिकारियों ने बताया कि अगले जनवरी माह से मस्जिद निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।


झारखंड विधानसभा की प्रत्यायुक्त समिति पहुंची गिरिडीह, पदाधिकारियों संग बैठक कर दिए कई निर्देश

गिरिडीह(Giridih)। झारखंड विधानसभा की प्रत्यायुक्त समिति विधायक सरयू राय के नेतृत्व में सोमवार को गिरिडीह पहुंची। समिति के गिरिडीह पहुंचने पर जिले के आलाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। समिति में जमशेदपुर के विधायक सरयू राय के साथ जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर भी शामिल थे।



जमशेदपुर के जनतादल (यू) विधायक सरयू राय के गिरिडीह आगमन पर गिरिडीह जदयू के पदाधिकारियों ने प्रदेश महासचिव रुद्रकांत लाल दास के नेतृत्व में शिष्टाचार भेंट करने परिषदन भवन पहुंचे। जद यू पदाधिकारियों ने विधायक सरयू राय एवं विधायक देवेंद्र कुंवर को पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया। विधायकों का स्वागत करने वालों में जदयू के सुधीर आनंद, लखेश्वर प्रसाद वर्मा, सरयू गोप, शिवाजी सिंह आदि शामिल थे। इस दौरान विधायक सरयू राय ने पार्टी के लोगों से संगठन की मजबूती समेत विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की और उन्हें कई टिप्स भी दिए।  



बाद में समिति ने विधायक सरयू राय की अध्यक्षता मर परिसदन भवन में जिले के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, सेवा गारंटी अधिनियम और सूचना का अधिकार (RTI) अधिनियम के तहत काम की समीक्षा की गई। इस दौरान समिति अध्यक्ष श्री राय ने अधिकारियों को योजनाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी कार्यालय परिसर में सेवा का गारंटी अधिनियम से संबंधित सूचना पट्ट अनिवार्य रूप से लगाने की बातें कही। कहा की सेवा का गारंटी अधिनियम के क्रियान्वयन में यदि किसी व्यक्ति को दोष सिद्ध किया गया है अथवा दोष मुक्त किया गया है तो उससे संबंधित कार्रवाई का विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उपलब्ध कराया जाए।



सूचना का अधिकार अधिनियम के संदर्भ में कहा कि सभी व्यक्ति को सही सूचना ससमय उपलब्ध कराया जाना चाहिए। बैठक में उन्होंने जिले में सूचना अधिकार अधिनियम के तहत प्राप्त आवेदनो और उसके निष्पादन की स्थिति तथा वैसे प्राप्त आवेदनों जिनका सूचना देना संभव नहीं है आदि का संपूर्ण विवरण तैयार करने का निर्देश दिया।


वहीं बैठक में आपूर्ति विभाग के तहत धान अधिप्राप्ति के कार्यों, निबंधित किसानों की संख्या, धान अधिप्राप्ति का लक्ष्य, पैक्स केंद्रों की स्थिति आदि की समीक्षा की गयी। परिवहन विभाग की समीक्षा करते हुए समिति ने निबंधित ड्राइविंग लाइसेंस के साथ वाहन परिचालन सड़क सुरक्षा, गुड सेमेरिटन पॉलिसी आदि के बारे में भी जानकारी लिया साथ ही कई आवश्यक दिशा निर्देश भी दिये। कृषि विभाग, श्रम नियोजन विभाग द्वारा संचालित आम जनता से जुड़े मुद्दे को समय पर निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।


बैठक में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, अपर समाहर्ता, जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी कार्यपालक अभियंता समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।



सर जेसी बोस सीएम एक्सीलेंस स्कूल में नगर विकास मंत्री ने किया जेसी बोस की प्रतिमा का अनावरण

गिरिडीह(Giridih)। जिलामुख्यालय स्थित सर जेसी बोस सीएम एक्सीलेंस स्कूल में आज झारखंड सरकार के नगर विकास एवं पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने जेसी बोस की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया। इसके पूर्व मंत्री के स्कूल आगमन पर स्कूली छात्राओं ने स्वागत गीत के माध्यम से मंत्री का भव्य स्वागत किया।


प्रतिमा के अनावरण करने के बाद मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि आज का दिन हमारे लिए और पूरे गिरिडीह वासियों के लिए काफी गौरव का दिन है, क्योंकि महान वैज्ञानिक सऱ जेसी बोस का लगाव गिरिडीह से रहा है। सर जेसी बोस सीएम एक्सीलेंस स्कूल भी उनकी धरोहर को आज भी संजोये रखने का काम किया है।


उन्होंने कहा कि गिरिडीह में एकमात्र यूनिवर्सिटी जिसका नाम भी सर जेसी बोस के से रखा गया है यह काफी गौरव की बात है।  हम सबों का फर्ज है की महान वैज्ञानिक सऱ जेसी बोस के धरोहर को संजोकर रखने का काम हम सभी मिलकर करें। मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी वसीम अहमद, प्रिंसिपल मुन्ना प्रसाद कुशवाहा समेत कई लोग मौजूद थे।


आज 15 दिसम्बर ! क्या कहते हैं सितारे..कैसा रहेगा दिन.! जानिए अपना राशिफल और आज का पञ्चाङ्ग

आज का राशिफल :: 15: 12 :: 2025, सोमवार

15 दिसम्बर 2025 : आज पौष माह, कृष्ण पक्ष की एकादशी तिथि और सोमवार दिन है। दिसंबर का महीना शांति, उत्सव और आध्यात्मिक उमंग से भरा हुआ माना जाता है। जैसे-जैसे वर्ष अपने अंतिम चरण में प्रवेश करता है, प्रकृति भी ठंडी हवाओं, मधुर धूप और शांत वातावरण के साथ एक नया संतुलन लेकर आती है। यह समय हेमंत ऋतु की स्थिरता और शीत ऋतु की शुरुआत का प्रतीक होता है। धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी दिसंबर अत्यंत विशेष महीना माना जाता है, क्योंकि इस दौरान उत्पन्न एकादशी, मोक्षदा एकादशी, धानुर्मास की शुरुआत, गीता जयंती और क्रिसमस जैसे महत्वपूर्ण पर्व मनाए जाते हैं। इस महीने भगवान विष्णु की आराधना, दान, तप और साधना का विशेष महत्व माना जाता है। साल के अंतिम महीने में लोग नए वर्ष की तैयारियों, आध्यात्मिक साधना और परिवार के साथ समय बिताने पर विशेष ध्यान देते हैं। समृद्धि, शांति और शुभ फल प्राप्त करने के लिए यह महीना बेहद मंगलकारी माना जाता है।

एकादशी आज रात्रि 09:19 PM तक जारी रहेगी। इसके बाद द्वादशी तिथि लग जाएगी। आज के दिन अभिजीत मुहूर्त 11:56 AM से 12:37 PM तक है। इस दिन राहुकाल 08:24 AM से 09:41 AM तक रहेगा। आज सोमवार के दिन सूर्य देव राशि वृश्चिक राशि से धनु राशि में गोचर करेंगे। वहीं चंद्रमा तुला राशि में रहेंगे। वार के हिसाब से आप सोमवार का व्रत रख सकते हैं, जो भगवान शिव को समर्पित होता है। सोमवार के दिन भगवान शिव की पूजा करने से कई लाभ मिल सकते हैं। इस दिन शिव मंदिर जाकर शिवलिंग पर जल, दूध और गंगाजल चढ़ाएं। साथ ही बेलपत्र, धतूरा अर्पित करें। महामृत्युंजय मंत्र का जाप करने से रोग और बाधाओं से मुक्ति मिलती है। शिव मंदिर में रुद्राक्ष दान करने से शुभ फलों की प्राप्ति होती है। इस दिन सफेद रंग के कपड़े पहनने और व्रत रखने से मन में शांति और सकारात्मक ऊर्जा रहती है। आर्थिक तंगी दूर करने के लिए सोमवार की रात शिव मंदिर में घी का दीपक जलाएं और नौकरी में सफलता पाने के लिए शिवलिंग पर शहद चढ़ाएं। इन उपायों से जीवन में सुख-समृद्धि और सफलता मिल सकती है। आज सफला एकादशी व्रत भी है।


सफला एकादशी : वैदिक पंचांग के अनुसार हर साल पौष महीने के कृष्ण पक्ष में यह व्रत पड़ती है। इस साल सफला एकादशी 15 दिसंबर को मनाई जाएगी। सफला  एकादशी के दिन व्रत रखने और भगवान विष्णु की पूजा करने से व्यक्ति के सभी काम सफल होते हैं और उसे जीवन में सुख-सौभाग्य की प्राप्ति होती है। इस दिन व्रत रखने से मन को शांति मिलती है और नकारात्मक विचारों से मुक्ति मिलती है। साथ ही यह व्रत पापों के नाश में भी सहायक माना गया है। सफला एकादशी के दिन गंगा, यमुना, शिप्रा और नर्मदा जैसी पवित्र नदियों में स्नान करना शुभ माना जाता है।

सफला एकादशी की कथा : प्राचीन समय में चम्पावती नगरी में महिष्मान नामक एक राजा राज्य करता था। उसके चार पुत्र थे। जिसमें सबसे बड़े पुत्र का नाम लुम्पक था। वह बहुत ही दुष्ट और पापी था। वह हमेशा पर-स्त्री गमन में या फिर वेश्याओं के यहां जाकर अपने पिता का धन व्यय किया करता था। देवता, ब्राह्मण, वैष्णव आदि सुपात्रों की निंदा करके वह अति प्रसन्न्न होता था। सारी प्रजा उसके कुकर्मों से बहुत दुखी थी, परंतु युवराज होने के कारण सब चुपचाप उसके अत्याचारों को सहन करने को विवश थे और किसी में भी इतना साहस नहीं था कि कोई राजा से उसकी शिकायत करता, लेकिन एक दिन बुराई का अंत जरूर होता है। एक दिन किसी तरह से राजा महिष्मान को लुम्पक के कुकर्मों का पता चल गया। अपने पुत्र के बारे में ऐसी बातें सुनकर राजा अत्यधिक क्रोधित हुआ और उन्होंने लुम्पक को अपने राज्य से निकाल दिया। पिता द्वारा त्यागते ही लुम्पक को किसी ने सहारा नहीं दिया और सभी ने त्याग दिया। अब वह सोचने लगा कि मैं क्या करूं? कहां जाऊं? अंत में उसने रात्रि को पिता के राज्य में चोरी करने की ठानी। वह दिन में राज्य से बाहर रहने लगा और रात्रि को अपने पिता की नगरी में जाकर चोरी तथा अन्य बुरे कर्म करने लगा। रात में वह जाकर नगर के निवासियों को मारता और उन्हें खूब प्रताडि़त करता था। इसके साथ ही वह निर्दोष पशु-पक्षियों को मारकर उनका भक्षण किया करता था। किसी-किसी रात जब वह नगर में चोरी आदि करते पकड़ा भी जाता तो राजा के डर से पहरेदार उसे छोड़ देते थे। कहते हैं कि कभी-कभी अनजाने में भी प्राणी ईश्वर की कृपा का पात्र बन जाता है। ऐसा ही कुछ लुम्पक के साथ भी हुआ। जिस वन में वह रहता था, वह वन भगवान को भी बहुत प्रिय था। उस वन में एक प्राचीन पीपल का वृक्ष था तथा उस वन को सभी लोग देवताओं का क्रीड़ा-स्थल मानते थे। वन में उसी पीपल के वृक्ष के नीचे महापापी लुम्पक रहता था। कुछ दिन बाद पौष मास के कृष्ण पक्ष की दशमी के दिन वस्त्रहीन होने के कारण लुम्पक तेज ठंड से मूर्च्छित हो गया। ठंड के कारण वह रात को सो न सका और उसके हाथ-पैर अकड़ गए। वह रात बड़ी कठिनता से बीती किंतु सूर्य के उदय होने पर भी उसकी मूर्च्छा नहीं टूटी। वह ज्यों-का-त्यों पड़ा रहा। सफला एकादशी की दोपहर तक वह पापी मुर्च्छित ही पड़ा रहा। जब सूर्य के तपने से उसे कुछ गर्मी मिली, तब दोपहर में कहीं उसे होश आया और वह अपने स्थान से उठकर किसी प्रकार चलते हुए वन में भोजन की खोज में फिरने लगा। उस दिन वह शिकार करने में असमर्थ था, इसलिए पृथ्वी पर गिरे हुए फलों को लेकर पीपल के वृक्ष के नीचे गया। तब तक भगवान सूर्य अस्ताचल को प्रस्थान कर गए थे। भूखा होने के बाद भी वह उन फलों को न खा सका, क्योंकि कहां तो वह नित्य जीवों को मारकर उनका मांस खाता था और कहां फल। उसे फल खाना तनिक भी अच्छा नहीं लगा, अतः उसने उन फलों को पीपल की जड़ के पास रख दिया और दुःखी होकर बोला- ‘हे ईश्वर! यह फल आपको ही अर्पण हैं। इन फलों से आप ही तृप्त हों। ऐसा कहकर वह रोने लगा और रात को उसे नींद नहीं आई। वह सारी रात रोता रहा।इस प्रकार उस पापी से अनजाने में ही एकादशी का उपवास हो गया। उस महापापी के इस उपवास तथा रात्रि जागरण से भगवान श्रीहरि अत्यंत प्रसन्न हुए और उसके सभी पाप नष्ट हो गए। सुबह होते ही एक दिव्य रथ अनेक सुंदर वस्तुओं से सजा हुआ आया और उसके सामने खड़ा हो गया। उसी समय आकाशवाणी हुई- ‘हे युवराज! भगवान नारायण के प्रभाव से तेरे सभी पाप नष्ट हो गए हैं, अब तू अपने पिता के पास जाकर राज्य प्राप्त कर।’


आज का पंचांग: 15 दिसम्बर 2025, दिन: सोमवार    युगाब्द      : 5127         विक्रम संवत : 2082         शक संवत : 1947         ऋतु:  हेमन्त                      मास     :  पौष                पक्ष  :  कृष्ण पक्ष        सूर्योदय : 07: 06 AM,    सूर्यास्त : 05:26 PM  तिथि : एकादशी 09:20 PM तक उपरांत द्वादशी    नक्षत्र : चित्रा 11:08 AM तक उपरांत स्वाति              राहुकाल : 09: 24 AM से 09: 41 AM तक              चन्द्रमा : तुला राशि पर संचार करेगा                     व्रत/त्यौहार : सोमवार व्रत, सफला एकादशी


आज :: 15 :: 12 :: 2025  का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ): आज, आप अपने शासक ग्रह के शुभ प्रभाव के कारण सफलता प्राप्त करेंगे। शाम परिवार के साथ पूजा और धार्मिक गतिविधियों में बीतेगी। अजनबियों के साथ अनावश्यक बहस से बचें। घरेलू जीवन सुखद रहेगा। प्रेमी आज अपने पार्टनर की यादों में खोए रह सकते हैं। आज आपका भाग्यशाली अंक 8 है। आज बेईमानी के तरीकों से पैसे कमाने की कोशिश न करें। किसी कार्यक्रम या इवेंट में फंडिंग करने से अच्छा रिटर्न मिल सकता है। अपने व्यवसाय में वर्तमान गतिविधियों पर ध्यान दें। आपको किसी पुराने सहकर्मी से कुछ सलाह मिल सकती है, और ध्यान से सुनें क्योंकि यह निकट भविष्य में बहुत उपयोगी होगी। अतिरिक्त प्रयास से काम पर अपने लक्ष्यों को प्राप्त करना निश्चित रूप से संभव है।


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो): आज सूर्य देव की पूजा करें और प्रार्थना करें। करीबी लोगों के साथ एक विशेष बैठक के दौरान महत्वपूर्ण निर्णय लेने के संकेत हैं। यदि आप अविवाहित हैं, तो आज आपके लिए थोड़ा भ्रमित करने वाला दिन होगा। विवाहित जोड़ों का दिन शानदार रहेगा। आज आपका भाग्यशाली अंक 6 है।आज अचानक लाभ और हानि हो सकती है, इसलिए आप जो भी करें उसमें सावधान रहें। रुके हुए व्यावसायिक प्रोजेक्ट गति पकड़ेंगे। आप अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए नए कदम उठाएंगे। यदि आप कार्यस्थल पर अपनी अच्छी जगह बनाना चाहते हैं, तो आपको अपने सीनियर्स का दिल जीतना होगा।


मिथुन👫(का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा): आज आपके लिए साहस में वृद्धि का दिन होगा। आपको किसी ऐसे व्यक्ति से दूरी बनाए रखनी होगी जो आपकी निजता में दखल दे रहा है। कुछ जानकार लोगों से आपकी जान-पहचान बढ़ेगी। वैवाहिक जीवन सुखमय रहेगा। आज आपको एहसास हो सकता है कि किसी के प्रति आपका बढ़ता आकर्षण केवल एकतरफा है। आज आपका भाग्यशाली अंक 9 है। पैसे की अचानक जरूरत के कारण आप चिंतित रहेंगे, लेकिन कोई मदद के लिए आगे आ सकता है। आप कुछ मामलों में फायदे की स्थिति में रहेंगे। फिलहाल अपनी व्यावसायिक योजनाओं पर चर्चा न करें। यह दिन इस राशि के उन लोगों के लिए बहुत अच्छा है जिन्हें गाना पसंद है। महिला सहकर्मियों के प्रति अच्छा व्यवहार बनाए रखें।



कर्क🦀(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो) : आज आप सकारात्मक ऊर्जा से घिरे रहेंगे। आप अपनी जिम्मेदारियों को पूरा कर पाएंगे। रिश्तेदार या दोस्त आज आपको कोई बड़ा सरप्राइज दे सकते हैं। आपको अपने जीवनसाथी पर भरोसा दिखाने की जरूरत होगी। आज आपके रिश्ते में रोमांस वापस आएगा। खर्च सामान्य रहेगा। आज आपका भाग्यशाली अंक 2 है। आज वाहन खरीदना फायदेमंद रहेगा। अगर आप बिजनेसमैन हैं, तो आज आपके बिजनेस में कुछ नए बदलाव आएंगे, जिनसे आपको फायदा होगा। कल भी बिजनेस में इन्वेस्ट करने के लिए बहुत अच्छा दिन है। नौकरीपेशा लोगों की जल्द ही जगह बदलने की संभावना है।


सिंह🦁(मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे): आज आपके आस-पास हलचल रहेगी। घर पर जिम्मेदारियां बांटने के बारे में खुलकर बात करें। आज अपने जीवनसाथी पर भरोसा बनाए रखें; इससे आपका रिश्ता मजबूत होगा। लव रिलेशनशिप में रहने वालों को छोटी-मोटी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। आज आपका लकी नंबर 1 है। अहंकार से दूर रहें, नहीं तो आज मिलने वाले फायदों पर असर पड़ सकता है। भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करने और उन्हें पूरा करने के लिए यह अनुकूल समय है। बिजनेस में अच्छे मुनाफे की संभावना है। किसी सहकर्मी के सामने अपने बॉस की आलोचना करना नुकसानदायक हो सकता है; सावधान रहें।


कन्या👩(टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो): आपका दिन सामान्य रहेगा। आपको किसी अच्छे इंसान से मिलने का मौका मिलेगा, जिससे आपकी सोच में सकारात्मक बदलाव आएगा। शादीशुदा लोगों का वैवाहिक जीवन आपसी समझ के आधार पर आगे बढ़ेगा। योग्य युवाओं के लिए अच्छे शादी के प्रस्ताव की संभावना है। आज आपका लकी नंबर 9 है। आज आपको कहीं से अप्रत्याशित वित्तीय लाभ या उपहार मिल सकते हैं। बिजनेसमैन को मुनाफे की चाह में सुरक्षा नियमों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। आपको उन कामों को पूरा करने का मौका मिलेगा जो पेंडिंग थे। अगर आप मैनेजरियल पोजीशन पर हैं, तो अपने कर्मचारियों के प्रति विनम्र व्यवहार बनाए रखना सबसे अच्छा है।



तुला⚖️(रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते): आज आपको अपनी कीमत का एहसास हो सकता है। आपके लिए सबसे अच्छा होगा कि आप किसी भी बात की ज़्यादा चिंता न करें। अपने परिवार में किसी टीनएजर से बात करने की कोशिश करें। आज आप अपनी लव लाइफ में बहुत रोमांटिक मूड में रहेंगे। अपने जीवनसाथी को कुछ समय दें और अपनी भावनाओं को खुलकर व्यक्त करें। आज आपका लकी नंबर 3 है। आज आपको अपने खर्चों पर सख्ती से कंट्रोल करना होगा। बिजनेस में ग्रोथ के कारण काम आपकी योजनाओं के अनुसार आगे बढ़ेगा। किसी बिजनेस डील के संबंध में आपकी किसी से फोन पर बात हो सकती है। अपने काम के अलावा दूसरी स्किल्स डेवलप करने पर ध्यान दें। किसी खास व्यक्ति की मदद से आपका रुका हुआ काम आगे बढ़ सकता है।


वृश्चिक🦂(तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू): आज आपको सलाह दी जाती है कि दूसरों के प्रभाव में आकर कोई गलत काम न करें। जीवनसाथी आपसी सहयोग से कुछ महत्वपूर्ण योजनाएँ बनाएँगे। लव लाइफ बहुत अच्छी रहेगी। प्यार में भावनाएँ हावी रहेंगी। आज आपका लकी नंबर 7 है। आज आप आर्थिक मामलों में किसी बड़े से सलाह लेंगे। इस राशि के बिजनेसमैन को अचानक किसी दूसरी कंपनी के साथ कोलैबोरेट करने का मौका मिल सकता है। घर या फ्लैट का मालिक बनने के संकेत हैं; आप इस दिशा में कदम उठा सकते हैं। आपको प्रोजेक्ट की शुरुआत में ही काम से जुड़े नियमों और विनियमों के बारे में जानकारी लेनी चाहिए, नहीं तो आप मुसीबत में पड़ सकते हैं।


धनु🏹(ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा,भे): आज आपका दिन बहुत अच्छा रहेगा। आपको दोस्तों के साथ किसी अच्छे मौके का जश्न मनाने और खूब मस्ती करने का मौका मिलेगा। परिवार में किसी युवा का व्यवहार आपको परेशान कर सकता है; समझदारी से काम लें। आप अपने जीवनसाथी के साथ कुछ निजी पल बिताएँगे। आज आपका लकी नंबर 1 है। आज आपका कुछ पैसा शुभ कामों पर खर्च हो सकता है। अपने पैसे के मामले में स्मार्ट रहें और किसी बड़ी चीज़ में निवेश न करें। कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों को आज अच्छा आर्थिक लाभ मिलेगा। यह कामकाजी प्रोफेशनल्स के लिए धैर्य और संयम का समय है।


मकर🐊(भो,जा,जी,खी,खू,खा, खो,गा,गी): आज आप कुछ नया करने के बारे में सोच सकते हैं। सकारात्मक सोच के साथ किसी काम को करने से आपके जीवन में बड़ा बदलाव आएगा। अगर आप अपने प्रियजन के साथ ज़्यादा समय नहीं बिता पाए हैं, तो कुछ समय निकालें और उनसे लंबी बातचीत करें। आप दोनों को इसकी ज़रूरत है। आज आपका लकी रंग सफेद है। आज आपका लकी नंबर 10 है। आर्थिक रूप से, आज आप बेहतर कर सकते हैं। दूसरों को दिया हुआ पैसा वापस मिल सकता है। जो बिजनेस मालिक आज कोई प्रोजेक्ट शुरू करते हैं, उन्हें काफी फायदा हो सकता है। नौकरीपेशा लोगों को पूरी ईमानदारी से काम करना चाहिए। आप कोई नई स्किल सीखने की भी कोशिश कर सकते हैं।


कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा): आज किस्मत पूरी तरह से आपके साथ रहेगी। दूसरों की मदद करने के मौकों को मना न करें। अगर आप नया वाहन खरीदने की सोच रहे हैं, तो राहु काल (अशुभ समय) देखकर ही खरीदें। आपकी लव लाइफ में एक रोमांचक नया दौर आने वाला है। आज शाम आपकी शादीशुदा ज़िंदगी में रोमांटिक हो सकती है। आज आपका लकी नंबर 5 है। आज आपको आर्थिक लाभ के कई मौके मिलेंगे। आप अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए नए कदम उठाएंगे। पार्टनरशिप बिजनेस में पुराने मतभेद सुलझ जाएंगे। अगर आप कार्यक्षेत्र में अपनी अच्छी जगह बनाना चाहते हैं, तो आपको अपने सीनियर्स का दिल जीतना होगा।


मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची): आज का दिन सावधानी से आगे बढ़ने का है। अपने बड़े बच्चों पर पाबंदियां न लगाएं। आपके जीवनसाथी को कोई अच्छी खबर मिल सकती है। जो लोग रोमांटिक रिलेशनशिप में हैं, उनके लिए दिन सामान्य रहेगा। आज आपका लकी नंबर 4 है। अगर आप आज अपने बिजनेस में कोई भी फाइनेंशियल लेन-देन करते हैं, तो वे सफल होंगे। किसी प्रोजेक्ट में निवेश करने के लिए आपको अपनी बचत तोड़नी पड़ सकती है। करियर से जुड़े मामलों के लिए मौजूदा समय बहुत अच्छा है।


कृपया ध्यान दें👉

           यद्यपि शुद्ध राशिफल प्रसारण की पूरी कोशिश की गई है। प्रसारित राशिफलों में कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।

           🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷


रविवार, 14 दिसंबर 2025

रोटरी गिरिडीह के अध्यक्ष बने अमित और सचिव मनीष

गिरिडीह(Giridih)। रोटरी गिरिडीह के नये सत्र 2026-27 के लिए अमित कुमार गुप्ता अध्यक्ष एवं मनीष बरनवाल सचिव चुने गये। नवनिर्वाचित अध्यक्ष अमित कुमार गुप्ता ने सभी का आभार जताते हुए रोटरी द्वारा चलाए जा रहे जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने और समाज के अंतिम पंक्ति तक पहुंचाने का प्रयास करेने की बातें कही।


उन्होंने कहा कि रोटरी गिरिडीह का अध्यक्ष चुना जाना उनके लिए केवल सम्मान नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि रोटरी के सदस्यों ने जिस विश्वास के साथ मुझे यह जिम्मेवारी सौंपी है। उसे निष्ठा पूर्वक निर्वाहन करने की कोशिश करूंगा।



रोटरी के दोनों नये पदाधिकारियों को निवर्तमान अध्यक्ष पीयूष मुसद्दी, सचिव रोहित जैन, पूर्व जिलापाल शिव प्रकाश बगड़िया, राजेंद्र बगड़िया, गुणवंत सिंह मोंगिया, डॉ० विनय गुप्ता, डॉ मो० आजाद, प्रकाश सहाय, प्रदीप डालमिया, देवेंद्र सिंह, राजन जैन, नवीन सेठी, नरेंद्र सिंह, डॉ तारकनाथ देव, विकास बगेड़ीया, गुरुप्रीत सिंह, मंजीत सिंह, रतन डोकानिया, मनीष तर्वे, आशीष तर्वे, रवि चूड़ीवाला, दिलीप जैन, संजय शर्मा सहित अन्य सदस्यों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी।


धूमधाम से मनाया गया स्कूल का 11वां वार्षिकोत्सव

गिरिडीह (Giridih)। सदर प्रखंड के सिरसिया में संचालित एक निजी स्कूल का 11वां वार्षिकोत्सव काफी धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव एवं विशिष्ट अतिथि मुफस्सिल थाना के थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो उपस्थित थे।


कार्यक्रम का शुभारंभ आगत अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जविल कर किया। मौके पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। मौके पर मुख्य अतिथि जीतवाहन उरांव ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों की सराहना करते हुये विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


कार्यक्रम में विद्यालय के प्रिंसिपल, शिक्षक, शिक्षिकाओं समेत अध्यनयनरत बच्चे एवं काफी संख्या में उनके अभिभावक उपस्थित थे।


29वें युवा महोत्सव 'झूमर' में भाग लेने गिरिडीह कॉलेज की टीम हजारीबाग रवाना

गिरिडीह(Giridih)। विनोबा भावे विश्वविद्यालय द्वारा हर वर्ष युवाओं में कला की भावना विकसित करने के उद्देश्य से युवा महोत्सव 'झूमर' का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष युवा महोत्सव के आयोजन का 29 वां वर्ष है।


विनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग द्वारा 29वें युवा महोत्सव "झूमर" आगामी 15 से 18 दिसंबर तक हजारीबाग में आयोजित है। उक्त युवा महोत्सव में भाग लेने रविवार को गिरिडीह कॉलेज के 35 विद्यार्थियों की टीम रवाना हुई। 


प्राचार्य डॉ अनुज कुमार ने हरी झंडी दिखा टीम को रवाना किया। मौके पर कॉलेज के विद्यार्थियों के अलावे कई शिक्षक व शिक्षकेत्तर कर्मचारी उपस्थित थे।


FSB मेटल ने तबर्रेज राइडर को पराजित कर जमाया बिशनपुर प्रीमियर लीग सीजन-10 के खिताब पर कब्जा

गिरिडीह(Giridih)। बिशनपुर प्रीमियर लीग (BPL) सीजन-10 का महा मुकाबला रविवार को मिशन ग्राउंड बिशनपुर में खेला गया। फाइनल मुकाबला तबर्रेज राइडर और FSB मेटल के बीच खेला गया। जिसमे FSB मेटल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब पर कब्जा जमाया।


बता दें कि टूर्नामेंट के दौरान दोनों ही टीमों के बीच काफी दिलचस्प मुकाबला हुआ। खिताब पर कब्जा जमाने को लेकर दोनों ही टीमों ने कड़ी मशक्कत की। इस रोमांचक मैच का बड़ी संख्या में मौजूद खेल प्रेमियों ने लुत्फ उठाया। मौके पर बतौर मुख्य अतिथि झामुमो युवा सचिव फ़रदीन अहमद उपस्थित थे। उनके साथ अन्य कई अतिथि भी शामिल होकर खिलाड़ियों का हौसला अफजाही किया। 


अतिथियों ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर एवं बल्ले से बॉल को मार कर टूर्नामेंट का शुभारंभ कराया। मौके पर अतिथियों ने कहा कि बिशनपुर प्रीमियर लीग जैसे आयोजन से क्षेत्र के युवाओं को खेल प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है और आपसी भाईचारा मजबूत होता है।



टूर्नामेंट में निर्धारित ओवरों में दोनों ही टीमों के बीच टाई हो गया। जिसके बाद आयोजकों ने परिणाम के लिए सुपर ओवर का सहारा लिया। जिसमे तबर्रेज राइडर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 रन बनाए। जिसके जवाब में FSB मेटल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 रन बनाकर मुकाबले को अपने नाम कर लिया और खिताब पर कब्जा जमाया। 

विजेता टीम को अतिथियों के हाथों ट्रॉफी और टूर्नामेंट की 25 हजार राशि का चेक प्रदान किया। आयोजकों ने टूर्नामेंट को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी सहयोगकर्ताओं, अतिथियों, खिलाड़ियों एवं दर्शकों के प्रति आभार जताया।


झारखण्ड राज्य महिला समाज की गिरिडीह जिला इकाई का हुआ गठन, रेखा दत्ता बनी जिला संयोजक

गिरिडीह (Giridih)। झारखण्ड राज्य महिला समाज की गिरिडीह जिला इकाई का गठन को लेकर रविवार को गिरिडीह सदर प्रखण्ड के सिरसिया में प्रखण्ड क्षेत्र के विभिन्न इलाकों की महिलाओं की एक बैठक हुई। महिला नेत्री रेखा दत्ता की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में झारखण्ड राज्य महिला समाज की प्रदेश अध्यक्षा सोनिया देवी मुख्य रूप से उपस्थित थीं।


बैठक पूर्व भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी समेत अन्य संगठनों से जुड़े दिवंगत नेताओं के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रख उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित किया गया।


बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्षा ने कहा कि महिला हितों की रक्षा के उद्देश्य से गठित यह संगठन अखिल भारतीय महिला फेडरेशन से संबंधता प्राप्त संगठन है। संगठन महिलाओं को जागरूक कर उन्हें सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्यरत है। संस्था महिलाओं को संगठित कर देश व राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के हितों में चलायी जा रही योजनाओं का शत प्रतिशत लाभ दिलाने की दिशा में कार्य करती है। साथ ही महिला हितों की रक्षा के लिये कटिबद्ध है।


वहीं बैठक में संगठन के गिरिडीह जिला समिति एवं गिरिडीह सदर प्रखण्ड कमिटी का गठन किया। जिसमे सर्वसम्मति से गिरिडीह की तेजतर्रार और महिलाओं की हितों के लिये लंबे समय से आंदोलनरत महिला नेत्री रेखा दत्ता को संगठन का जिला संयोजक तथा अनिता देवी की जिला कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया।


इस दौरान गिरिडीह सदर प्रखंड कमिटी के भी गठन हुआ। जिसमें करमी देवी को प्रखण्ड अध्यक्ष, रीता देवी को प्रखण्ड उपाध्यक्ष, रेखा दत्ता को प्रखण्ड सचिव एवं आरती देवी को प्रखण्ड कोषाध्यक्ष के पद पर चयनित किया गया। वहीं पुनम देवी, उषा देवी, मीना देवी, मुरती देवी, चमेली देवी, मालती देवी, निशु देवी, बिनती देवी, मुनीया देवी एवं जिरवा देवी को सर्वसम्मति प्रखण्ड कमिटी में कार्यकारिणी सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया।


दिहाड़ी मजदूर यूनियन का भी हुआ गठन

इस बैठक के दौरान एआईटीयूसी से सम्बंधता प्राप्त झारखण्ड राज्य दिहाड़ी मजदूर यूनियन का भी गठन किया गया। जिसमे सर्वसम्मति से कॉ मनोज दास को गिरिडीह जिला संयोजक एवं कॉ मनमोहन राय को जिला सह संयोजक मनोनीत किया गया। बैठक में कॉ देव शंकर मिश्रा, कॉ अभय कुमार सिन्हा, कॉ प्रदीप कुमार कॉ मनोज दास, कॉ मनमोहन राय समेत काफी संख्या में महिला एवं पुरुष साथी उपस्थित थे।